महिला टी20 वर्ल्ड कप: दक्षिण अफ्रीका को हराकर न्यूज़ीलैंड ने जीता ख़िताब

दुबई के अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में खेले जा रहे महिला टी20 विश्व कप के फ़ाइनल मुकाबले में न्यूज़ीलैंड ने दक्षिण अफ्रीका को हरा दिया है.

सारांश

  • जम्मू कश्मीर के गांदरबल में हुए चरमपंथी हमले में दो मज़दूरों की मौत, अन्य दो घायल
  • महिला टी20 विश्व कप: फ़ाइनल मुकाबले में न्यूज़ीलैंड ने दक्षिण अफ्रीका को हराया
  • न्यज़ीलैंड बनाम भारत: दूसरे और तीसरे टेस्ट के लिए वाशिंगटन सुंदर टीम में शामिल
  • नेतन्याहू के घर पर हमले के लिए इसराइली विदेश मंत्री ने ईरान को बताया ज़िम्मेदार
  • आपत्तिजनक टिप्पणी के बाद मुज़फ़्फ़रनगर में तनाव, 500-700 लोगों पर मामला दर्ज

लाइव कवरेज

अभिषेक पोद्दार और सौरभ यादव

  1. ब्रेकिंग न्यूज़, महिला टी20 वर्ल्ड कप: दक्षिण अफ्रीका को हराकर न्यूज़ीलैंड ने जीता ख़िताब

    न्यूज़ीलैंड ने दक्षिण अफ्रीका को हराया

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, न्यूज़ीलैंड ने दक्षिण अफ्रीका को हराया

    दुबई के अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में खेले जा रहे महिला टी20 विश्व कप के फ़ाइनल मुकाबले में न्यूज़ीलैंड ने दक्षिण अफ्रीका को हरा दिया है.

    न्यूज़ीलैंड टीम ने एमीलिया कर के 43 रन और ब्रूक हालीडे के 38 रन की मदद से दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पांच विकेट पर 158 रन बनाये. इसके जवाब में साउथ अफ्रीका नौ विकेट खोकर 126 रन ही बना सका.

    दक्षिण अफ्रीका की ओर से लॉरा वुल्‍फ़ार्ट ने 33 रन बनाये. इसके अलावा कोई भी खिलाड़ी 20 रन के आंकड़े को भी पार नहीं कर सका.

  2. नमस्कार

    अब इस लाइव पेज को विराम देने का समय आ गया है. मुझे यानी बीबीसी संवाददाता सौरभ यादव को अब दीजिए इज़ाज़त. कल फिर मिलेंगे कुछ नई और महत्वपूर्ण ख़बरों के साथ.

    लेकिन जाते-जाते आप आज की कुछ महत्वपूर्ण और रोचक ख़बरों को नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक कर पढ़ सकते हैं.

    शापुरजी सकलतवाला: टाटा परिवार के कम्युनिस्ट विचार वाले वो सदस्य जो ब्रिटेन के पहले एशियाई सांसद बने. सकलतवाला भारत के सबसे अमीर परिवार, टाटा के सदस्य थे. लेकिन वो कभी भी कारोबार को चलाने के लिए सामने नहीं आए. पूरी ख़बर पढ़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें.

    जो बाइडन के एक और बार राष्ट्रपति नहीं बनने से यूरोप क्यों चिंतित है? इस ख़बर को विस्तार से पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    भारत बनाम न्यूज़ीलैंड: रोहित शर्मा की टीम पर बेंगलुरु में हार के बाद अब साख बचाने की चुनौती. 36 साल में पहली बार न्यूज़ीलैंड की टीम ने भारत में टेस्ट मैच जीता है. कीवी टीम ने बेंगलुरु टेस्ट में आठ विकेट से जीत दर्जकर तीन मैचों की सिरीज़ में 1-0 से बढ़त बना ली है. इस खबर को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    पत्रकार गौरी लंकेश की हत्या मामले में अभियुक्त को शिवसेना शिंदे गुट ने विधानसभा क्षेत्र का प्रमुख बनाया. पत्रकार और सामाजिक कार्यकर्ता गौरी लंकेश की हत्या के एक अभियुक्त श्रीकांत पांगारकर शुक्रवार को शिवसेना (एकनाथ शिंदे गुट) में शामिल हो गए. पूरी ख़बर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

  3. जम्मू कश्मीर के गांदरबल में हुए चरमपंथी हमले में दो मज़दूरों की मौत, अन्य दो घायल

    जम्मू कश्मीर में चरमपंथी हमले में दो मज़दूरों की मौत

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, जम्मू कश्मीर में चरमपंथी हमले में दो मज़दूरों की मौत

    जम्मू कश्मीर के गांदरबल ज़िले में हुए चरमपंथी हमले में दो मज़दूरों की मौत हो गई है जबकि दो अन्य मज़दूर घायल बताए जा रहे हैं.

    समाचार एजेंसी पीटीआई ने अधिकारियों के हवाले से कहा है, "चरमपंथियों ने ज़िले के गुंड इलाके में सुरंग निर्माण में काम कर रही एक निजी कंपनी के मजदूरों के कैंप पर गोलीबारी की है."

    "हमले में दो मज़दूरों की मौके पर मौत हो गई है और अन्य दो मज़दूर घायल हुए हैं."

    जम्मू कश्मीर पुलिस ने एक सोशल मीडिया पोस्ट में कहा है, “गांदरबल के गगनगीर में आतंकी घटना हुई है. सुरक्षाबलों ने इलाके को घेर लिया है.”

    घटना को लेकर जम्मू कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्लाह ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दुख जताया है.

    बीबीसी

    उमर अब्दुल्लाह ने कहा है, “सोनमर्ग इल़ाके के गगनगीर में ग़ैर-स्थानीय मज़दूरों पर हुए कायरतापूर्ण हमले की ख़बर बेहद दुखद है.”

    उन्होंने कहा है, "यह लोग इलाके के बुनियादी ढांचे के लिए एक महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट पर काम कर रहे थे. इस हमले में दो लोगों की मौत हुई है और दो से तीन घायल हुए हैं."

    उमर अब्दुल्लाह ने कहा है, “मैं निहत्थे और निर्दोष लोगों पर हुए इस हमले की कड़ी निंदा करता हूं और उनके परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट करता हूं."

    जम्मू कश्मीर की पूर्व मुख्यमंत्री महबूबा मुफ़्ती ने भी सोशल मीडिया पोस्ट कर हमले की निंदा की है.

    उन्होंने कहा है, “गांदरबल में दो मज़दूरों के ख़िलाफ़ हुए इस हिंसा की मैं स्पष्ट रूप से निंदा करती हूं और उनके परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करती हूं.”

  4. एलन मस्क का एलान, हर रोज़ एक वोटर को देंगे 10 लाख डॉलर, रखी ये शर्त, टॉम बेनेट, बीबीसी न्यूज़ संवाददाता

    एलन मस्क

    इमेज स्रोत, Reuters

    इमेज कैप्शन, अमेरिकी अरबपति एलन मस्क

    टेस्ला और स्पेसएक्स कंपनी के मालिक एलन मस्क ने कहा है कि नवंबर में होने वाले अमेरिकी राष्ट्रपति चुनावों तक वो हर रोज़ पेन्सिल्वेनिया के एक रजिस्टर्ड वोटर को दस लाख अमेरिकी डॉलर देंगे.

    इसके लिए रैंडम तरीके से एक विजेता चुना जाएगा. ये विजेता मस्क के कैंपन ग्रुप अमेरिकापीएसी की संविधान समर्थक याचिका पर हस्ताक्षर करने वालों में से चुना जाएगा.

    इस याचिका में अभिव्यक्ति की आज़ादी और गन राइट्स के समर्थन की बात कही गई है.

    मस्क के वादे के अनुसार शनिवार रात टाउन हाल के एक कार्यक्रम में लॉटरी का पहला चेक दिया गया था.

    अमेरिका में पांच नवंबर के राष्ट्रपति चुनाव हैं और पेन्सिल्वेनिया को एक स्विंग स्टेट कहा जाता है.

    माना जा रहा है कि इस तरह के कैंपेन से मस्क राष्ट्रपति चुनाव से पहले लोगों को ट्रंप के कैंपेन में हिस्सा लेने के लिए उत्साहित कर सकते हैं.

    इससे पहले मस्क ने स्विंग स्टेट में उनकी याचिका पर हस्ताक्षर करने वाले रजिस्टर्ड वोटर को 47 अमेरिकी डॉलर देने की बात की थी.

    पिछले कुछ सालों में एलन मस्क रिपब्लिकन पार्टी के नेता और पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के प्रमुख समर्थक के रूप में सामने आए हैं. ट्रंप का समर्थन करने के इरादे से मस्क ने जुलाई में अमेरिकापीएसी नाम का कैंपन शुरु किया था.

    अमेरिकापीएसी की याचिका पर हस्ताक्षर करने वालों को अपने संपर्क के बारे में पूरी जानकारी देनी होती है ताकि कैंपन से जुड़े लोग चुनाव के बारे में उनसे संपर्क कर सकें.

    अमेरिका की बिजनेस पत्रिका फोर्ब्स के मुताबिक़ एलन मस्क अभी दुनिया के सबसे अमीर व्यक्ति हैं. उनकी कुल अनुमानित संपत्ति 248 बिलियन अमेरिकी डॉलर है.

  5. मॉल्डोवा के राष्ट्रपति चुनाव में यूरोपीय संघ और रूस कैसे बने अहम मुद्दे

    मॉल्डोवा में जारी हैं चुनाव

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, मॉल्डोवा में जारी हैं चुनाव

    यरोपीय देश मॉल्डोवा में रविवार को देश के भविष्य को लेकर अहम चुनाव हो रहे हैं.

    एक तरफ यहां देश के लिए नया राष्ट्रपति चुना जा रहा है तो दूसरी तरफ इस मुद्दे पर जमनत संग्रह कराया जा रहा है कि देश को यूरोपीय संघ में शामिल होना चाहिए या नहीं.

    मौजूदा राष्ट्रपति माया सांडू मॉलडोवा के यूरोपीय संघ में शामिल होने का समर्थन करती हैं. उन्हें उम्मीद है कि उन्हें दूसरा कार्यकाल मिलेगा.

    हालांकि उनका मुक़ाबला लगभग 10 प्रतिद्वंद्वियों से है जिसमें से कुछ रूस से रिश्ते बढ़ाने के पक्षधर हैं.

    इस बीच यूक्रेन के पड़ोसी मुल्क मॉलडोवा में हो रहे चुनावों में रूसी हस्तक्षेप के भी आरोप लगाए जा रहे हैं. हालांकि रूस ने इन आरोपों से इनकार किया है.

  6. महिला टी20 विश्व कप: फ़ाइनल मुकाबले में न्यूज़ीलैंड ने दक्षिण अफ्रीका को दिया 159 रनों का लक्ष्य

    एमीलिया कर

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, न्यूज़ीलैंड की बल्लेबाज़ एमीलिया कर

    दुबई के अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में खेले जा रहे महिला टी20 विश्व कप के फ़ाइनल मुकाबले में न्यूज़ीलैंड ने दक्षिण अफ्रीका को जीत के लिए 159 रनों का लक्ष्य दिया है.

    दक्षिण अफ्रीका ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाज़ी का फैसला किया था. टॉस हारने के बाद न्यूज़ीलैंड की कप्तान ने कहा था कि वह वैसे भी बल्लेबाज़ी करना चाहती थीं.

    पहले बल्लेबाज़ी करते हुए न्यूज़ीलैंड की सलामी बल्लेबाज़ सूजी बेट्स ने 32 रन बनाए हैं, ब्रूक हालीडे ने 38 और एमीलिया कर ने 43 बनाए हैं. टीम ने 20 ओवरों में पांच विकेट खोकर 158 रन बनाए हैं.

    दक्षिण अफ्रीका की गेंदबाज़ नोनकुलुलेको म्‍लाबा ने दो विकेट लिए हैं. अफ्रीका के अन्य गेंदबाज़ों ने एक-एक विकेट हासिल किया है.

    दोनों ही टीमों से जो भी टीम ये मैच जीतेगी वो पहली बार विश्व कप ट्रॉफी उठाएगी और दुनिया को एक नया विश्व विजेता मिलेगा.

  7. प्रबोवो सुबियांतो बने इंडोनेशिया के नए राष्ट्रपति, फ़लस्तीनियों को लेकर क्या बोले

    प्रबोतो सुबियांतो

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो

    इंडोनेशिया के राष्ट्रपति पद की शपथ लेने के बाद प्रबोवो सुबियांतो ने संसद के बाहर अपने पहले भाषण में देश के विकास और दुनिया के सामने मौजूद चुनौतियों की बात की है.

    प्रबोवो सुबियांतो ने कहा है, "अंतरराष्ट्रीय समुदाय के साथ मेलजोल बढ़ाने के मामले में इंडोनेशिया स्वतंत्र और सक्रिय है, हम गुटनिरपेक्ष हैं और हम किसी भी सैन्य समझौते में शामिल नहीं होंगे."

    उन्होंने कहा है, "हम हर एक देश के दोस्त हैं. इंडोनेशिया एक अच्छा पड़ोसी बनना चाहता है और हम एक प्राचीन कहावत को मानते हैं, हज़ार दोस्त भी कम हैं, एक दुश्मन भी बहुत अधिक है. इसलिए हम हर देश के साथ मित्रता चाहते हैं."

    सुबियांतो ने कहा है, "हम उपनिवेशवाद के ख़िलाफ़ हैं क्योंकि हमने उसका अनुभव किया है. जब हम उपनिवेशवाद के शिकार थे तब हमें कुत्ते से भी नीचे समझा जाता था."

    उन्होंने कहा है, "इसलिए हम फ़लस्तीनी लोगों की स्वतंत्रता का समर्थन करते हैं. आज, हमारे पास रफ़ाह और ग़ज़ा में स्वास्थ्यकर्मी मौजूद हैं. हम ग़ज़ा में और अधिक सहायता भेजने के लिए तैयार हैं. हम उन बच्चों को भी लेने के लिए तैयार हैं जो घायल हैं और सदमे में हैं."

  8. न्यज़ीलैंड बनाम भारत: दूसरे और तीसरे टेस्ट के लिए वाशिंगटन सुंदर टीम में शामिल

    वाशिंगटन सुंदर

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, वाशिंगटन सुंदर (फाइल फोटो)

    भारत और न्यूज़ीलैंड के बीच चल रही टेस्ट सिरीज़ में दूसरे और तीसरे टेस्ट मैच के लिए ऑलराउंडर वाशिंगटन सुंदर को भारतीय टीम में शामिल किया गया है.

    भारत और न्यूज़ीलैंड के बीच खेले गए पहले टेस्ट मैच में भारत को हार का सामना करना पड़ा है.

    पहले टेस्ट मैच की पहली पारी में भारतीय बल्लेबाज़ों ने निराशाजनक प्रदर्शन किया था. भारतीय टीम महज़ 46 रन के स्कोर पर ऑल आउट हो गई थी.

    भारत के पांच बल्लेबाज़ शून्य पर आउट हो गए थे. हालांकि भारतीय बल्लेबाज़ों ने दूसरी पारी में वापसी की. दूसरी पारी में सरफ़राज़ ख़ान ने शानदार शतक लगाया और ऋषभ पंत ने 99 रन बनाए थे.

    भारत और न्यूज़ीलैंड के बीच दूसरा टेस्ट मैच 24 से 28 अक्टूबर के बीच पुणे में खेला जाएगा जबकि तीसरा टेस्ट मैच एक नवंबर से चार नवंबर के बीच मुंबई में खेला जाएगा.

    दूसरे और तीसरे टेस्ट के लिए भारतीय टीम-

    रोहित शर्मा (कप्तान), जसप्रीत बुमराह (उपकप्तान), यशस्वी जायसवाल, शुभमन गिल, विराट कोहली, के एल राहुल, सरफ़राज़ ख़ान, ऋषभ पंत (विकटकीपर), ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), रविचंद्रन अश्विन, रवींद्र जडेजा, अक्षर पटेल, कुलदीप यादव, मोहम्मद सिराज, आकाश दीप, वाशिंगटन सुंदर

  9. महिला टी20 विश्व कप: फ़ाइनल में दक्षिण अफ़्रीका ने जीता टॉस, चुनी गेंदबाज़ी

    न्यूज़ीलैंड और दक्षिण अफ़्रीका के बीच खेला जा रहा महिला टी20 विश्व कप का फाइनल मुकाबला

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, न्यूज़ीलैंड और दक्षिण अफ़्रीका के बीच खेला जा रहा महिला टी20 विश्व कप का फाइनल मुकाबला

    महिला टी20 विश्व कप के फ़ाइनल मुक़ाबले में दक्षिण अफ़्रीका की टीम ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाज़ी का फै़सला किया है.

    न्यूज़ीलैंड और साउथ अफ़्रीका के बीच यह मुक़ाबला दुबई के अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में खेला जा रहा है.

    दोनों ही टीमों से जो भी टीम ये मैच जीतेगी वो पहली बार विश्व कप ट्रॉफी उठाएगी और दुनिया को एक नया विश्व विजेता मिलेगा.

    दक्षिण अफ्रीका की कप्तान वुल्फ़ार्ट ने कहा है, "हमने गेंदबाजी का फै़सला किया है. यह फै़सला हमारे लिए पूरे टूर्नामेंट में कारगर रहा है. नया वेन्यू है और हमारे सामने नई टीम है इसलिए हमें काफी मेहनत करनी होगी."

    वहीं न्यूज़ीलैंड की कप्तान सोफ़ी डिवाइन ने कहा है, "वैसे भी हम पहले बल्लेबाज़ा करने वाले थे इसलिए यह टॉस दोनों टीमों के पक्ष में गया है."

    न्यूज़ीलैंड प्लेइंग इलेवन-

    सूजी बेट्स, जॉर्जिया प्‍लिमर, एमीलिया कर, सोफ़ी डिवाइन (कप्तान), ब्रूक हालीडे, मैडी ग्रीन, इसाबेला गेज़ (विकटकीपर), रोज़मैरी मायर, ली ताहुहु, ईडन कार्सन, फ्रैन जोनस

    दक्षिण अफ़्रीका प्लेइंग इलेवन-

    लॉरा वुल्‍फ़ार्ट (कप्‍तान), तैज़मिन ब्रिट्स, अन्‍नेका बॉश, मारिज़ान काप, क्‍लोय ट्रयॉन, सुने लूस, नैडिन डी क्‍लर्क, एनेरी डर्कसन, सिनालो जाफ़्टा (विकेटकीपर), नोनकुलुलेको म्‍लाबा, अयाबोंगा ख़ाका.

  10. इसराइल का दावा, लेबनान में हिज़्बुल्लाह के ख़ुफ़िया मुख्यालय को बनाया निशाना

    बेरूत में इसराइल ने किए हमले

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, बेरूत में इसराइल ने किए हमले

    इसराइली सेना ने कहा है कि उसने लेबनान की राजधानी बेरूत में हिज़्बुल्लाह के ख़ुफ़िया मुख्यालय को निशाना बनाकर हमला किया है.

    इसराइल की सेना ने अपने बयान में कहा है, "रविवार सुबह इसराइल की एयर फोर्स ने ख़ुफ़िया जानकारी के आधार पर हिज़्बुल्लाह के ख़ुफ़िया मुख्यालय के एक कमांड सेंटर और हथियार बनाने की एक भूमिगत जगह पर हमला किया है."

    बयान में कहा गया है, “नागरिकों को मारे जाने से बचाने के लिए सेना ने कई कदम उठाए हैं”, जिसमें स्थानीय निवासियों के लिए पहले चेतावनी जारी करना भी शामिल है.

    सेना बताया है, "उसकी वायु सेना ने अल-हज अब्बास सलामा को मार दिया है, जिन्हें सेना ने हिज़्बुल्लाह के दक्षिणी मोर्चे का वरिष्ठ कमांडर बताया है."

    इसके अलावा सेना ने रादा अब्बास अवादा और अहमद अली हुसैन को मारने की बात कही है. सेना बयान में बताया है कि अवादा हिज़्बुल्लाह के वरिष्ठ संचार विशेषज्ञ थे और हुसैन हथियार निर्माण इकाई के प्रमुख थे.

    हिज़्बुल्लाह ने हमलों पर अभी तक कोई भी प्रतिक्रिया नहीं दी है.

    तस्वीरों में देखें: इसराइल ने बेरूत में किए हवाई हमले

    इसराइल के हमले के बाद बेरूत में ढही हुई इमारतें

    इमेज स्रोत, Reuters

    इमेज कैप्शन, रविवार को इसराइली सेना ने लेबनान में हिज़्बुल्लाह के ठिकानों में हमले किए हैं.
    इसराइल के हमले के बाद बेरूत में ढही हुई इमारतें

    इमेज स्रोत, Reuters

    इमेज कैप्शन, इसराइल के हमले के बाद बेरूत में ढही हुई इमारतें
    इसराइल के हमले के बाद बेरूत में ढही हुई इमारतें

    इमेज स्रोत, Reuters

    इमेज कैप्शन, इसराइली सेना का कहना है कि रविवार के हमलों में उसने हिज़्बुलालह से जुड़े तीन लोगों को मार दिया है.
    इसराइल के हमले के बाद बेरूत में ढही हुई इमारतें

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, इससे पहले शनिवार को भी इसराइल ने बेरूत पर हमले किए थे. इन हमलों में 30 लोगों की मौत हुई थी. सेना का कहना था कि उसने इन हमलों में हथियारों के गोदाम के अलावा मिसाइल लॉन्च करने की जगहों को तबाह किया है.
  11. इसराइल के हमलों में उत्तरी ग़ज़ा में कम से कम 87 लोगों की हुई मौत

    ग़ज़ा में जारी है इसराइल के हमले

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, ग़ज़ा में जारी है इसराइल के हमले

    ग़ज़ा में हमास संचालित स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा है कि उत्तरी ग़ज़ा के बेत लाहिया में हुए इसराइली हमलों में कम से कम 87 लोगों की मौत हुई है और 40 से अधिक लोग घायल हुए हैं.

    अपने ताजा अपडेट में मंत्रालय ने कहा है कि कई लोग अभी भी मलबे के नीचे और सड़कों पर हैं, जहां पर एंबुलेंस नहीं पहुंच पा रही है.

    हमास के अधिकारियों ने बीती रात कहा था कि इसराइली बमबारी में कम से कम 73 लोगों की मौत हुई है. इसराइल ने कहा था कि वह मारे जाने वालों की रिपोर्ट्स की जांच कर रहा पर उसे लगता है कि हमास के अधिकारी मौतों को बढ़ा कर बता रहे हैं.

    वहीं मध्य पूर्व शांति प्रक्रिया के लिए संयुक्त राष्ट्र विशेष संयोजक टॉर वेन्सलैंड ने कहा है कि "ग़ज़ा में कोई भी जगह सुरक्षित नहीं है. ग़ज़ा में स्थिति किसी बुरे सपने जैसी है, ये युद्ध अब रुकना चाहिए "

    हमास के स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक़ पिछले साल सात अक्तूबर के बाद से अब तक ग़ज़ा में इसराइल के हमलों से 42,603 लोगों की मौत हुई है और 99,795 लोग घायल हुए हैं.

  12. नेतन्याहू के घर पर हमले के लिए इसराइली विदेश मंत्री ने ईरान को बताया ज़िम्मेदार

    इसराइल के विदेश मंत्री इसराइल काट्ज़

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, इसराइल के विदेश मंत्री इसराइल काट्ज़

    इसराइल के विदेश मंत्री इसराइल काट्ज़ का कहना है कि ईरान ने इसराइली प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू के घर पर हुए हमले में हाथ होने से इनकार किया है, लेकिन इस हमले के लिए ईरान ही ज़िम्मेदार है.

    इसराइल के विदेश मंत्री ने इस बारे में सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर भी एक पोस्ट किया है.

    अपनी पोस्ट में उन्होंने लिखा, संयुक्त राष्ट्र में ईरानी दूतावास ने शनिवार को इसराइली प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू की हत्या की कोशिश की ज़िम्मेदारी लेने से इनकार कर दिया है.

    उन्होंने लिखा कि दूतावास ने इसके पीछे हिज़्बुल्लाह का हाथ होने का दावा किया है.

    इसराइल काट्ज़ ने ईरान पर आरोप लगाते हुए कहा, "हिज़्बुल्लाह तो केवल एक मोहरा है, जिसे ईरान ने बनाया, पैसे दिए, हथियार दिए, ट्रेनिंग दी और अपने काम करवाने के लिए उसका इस्तेमाल किया. अब ईरान उसे अचानक से एक स्वतंत्र इकाई बता रहा है. यह झूठ ईरान की मदद नहीं करेगा. हमले के लिए ईरान ही ज़िम्मेदार है."

    शनिवार को अपने आवास पर हुए हमले के बाद इसराइली प्रधानमंत्री नेतन्याहू ने कहा था कि कुछ भी उनको रोक नहीं सकता. जब तक इसराइल को जीत नहीं मिल जाती तब तक हमास के ख़िलाफ़ जंग जारी रहेगी.

    इसराइली सरकार के प्रवक्ता के मुताबिक़ शनिवार को लेबनान की तरफ़ से किए गए ड्रोन हमलों में बिन्यामिन नेतन्याहू के घर को निशाना बनाया गया था.

  13. दिल्ली: सीआरपीएफ़ स्कूल के बाहर धमाके के बाद सीएम आतिशी ने उठाए सवाल

    आतिशी

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी

    रविवार सवेरे दिल्ली में रोहिणी इलाक़े में सीआरपीएफ़ स्कूल के बाहर धमाके की ख़बर के बाद दिल्ली की मुख्यमंत्री ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर बीजेपी पर निशाना साधा है.

    सीआरपीएफ़ स्कूल के बाहर धमाके के मामले में दिल्ली पुलिस के जनसंपर्क अधिकारी संजय त्यागी ने जानकारी दी है.

    संजय त्यागी ने कहा है, "आज सुबह रोहिणी जिले के प्रशांत विहार पुलिस स्टेशन को सूचना मिली थी कि सीआरपीएफ़ स्कूल के पास धमाके की आवाज आई है."

    "तुरंत पुलिस की टीम मौके़ पर पहुंच गई थी, वहां पर कुछ दुर्गंध थी. स्कूल के परिसर और आस पास की कुछ दुकानों की शीशे टूटे हुए थे."

    संजय त्यागी ने बताया है कि किसी व्यक्ति को किसी प्रकार की कोई चोट नहीं आई है. पुलिस के आला अधिकारी घटनास्थल पर पहुंच गए थे. क्राइम टीम, फोरेंसिक साइंस एक्सपर्ट और स्पेशल सेल के सभी लोग भी मौके़ पर मौजूद हैं.

    उन्होंने बताया है कि इस बारे में फिलहाल जांच की जा रही है. धमाके के कारणों की जांच और यह कैसे हुआ इस विषय में जो भी अपडेट होगा उसकी जानकारी दी जाएगी.

    संजय त्यागी

    इमेज स्रोत, ANI/ScreenGrab

    इमेज कैप्शन, दिल्ली पुलिस के पीआरओ संजय त्यागी

    इस मामले में दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर अपनी प्रतिक्रिया दी है.

    आतिशी ने कहा है, “रोहिणी स्थित एक स्कूल के बाहर बम धमाके की घटना दिल्ली की चरमराती सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल रही है.”

    उन्होंने कहा है, “दिल्ली में लॉ एंड ऑर्डर की ज़िम्मेदारी भाजपा की केंद्र सरकार के पास है लेकिन भाजपा अपना ये काम छोड़कर सारा समय दिल्ली की चुनी हुई सरकार के कामों को रोकने में लगाती है.”

    आतिशी ने कहा, “यही कारण है कि आज दिल्ली में 1990 के दशक के मुंबई अंडरवर्ल्ड के दौर जैसा हाल हो गया है.”

    उन्होंने कहा, “भाजपा के पास ना काम करने की नीयत है ना क़ाबिलियत. अगर गलती से भी दिल्ली वालों ने इन्हें दिल्ली सरकार की ज़िम्मेदारी दे दी तो ये स्कूल, अस्पताल, बिजली, पानी का भी वही हाल कर देंगे जो आज दिल्ली की क़ानून व्यवस्था का है.”

  14. महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव: बीजेपी ने जारी की 99 प्रत्याशियों की पहली सूची

    महाराष्ट्र में बीजेपी ने जारी की 99 प्रत्याशियों की सूची

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, महाराष्ट्र में बीजेपी ने जारी की 99 प्रत्याशियों की सूची

    महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव को देखते हुए भारतीय जनता पार्टी ने 99 प्रत्याशियों की पहली सूची जारी कर दी है.

    बीजेपी ने महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम देवेंद्र फडनवीस को नागपुर दक्षिण पश्चिम से प्रत्याशी बनाया है और महाराष्ट्र बीजेपी के प्रमुख चंद्रशेखर कृष्णाराव बावनकुले को कमाठी से प्रत्याशी बनाया है.

    महाराष्ट्र में विधानसभा चुनाव की तारीखों का एलान हो चुका है. महाराष्ट्र में एक ही चरण में चुनाव होना है. 20 नवंबर को मतदान होगा और 23 नवंबर को परिणाम आएंगे.

    इससे पहले कल बीजेपी ने झारखंड विधानसभा चुनाव को लेकर भी 66 प्रत्याशियों की पहली लिस्ट जारी की थी.

    झारखंड में बीजेपी ने बीजेपी के प्रदेश प्रभारी और झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री बाबू लाल मरांडी को धनवार सीट से प्रत्याशी बनाया गया है. तो वहीं सीता सोरेन को जामताड़ा सीट से प्रत्याशी बनाया है.

    बीजेपी ने झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन को सरायकेला (अजजा) सीट से अपना प्रत्याशी बनाया है.

  15. आपत्तिजनक टिप्पणी के बाद मुज़फ़्फ़रनगर में तनाव, 500-700 लोगों पर मामला दर्ज, अमित सैनी, मुज़फ़्फ़रनगर से बीबीसी हिंदी के लिए

    हंगामा करते लोग

    इमेज स्रोत, AMIT Saini

    इमेज कैप्शन, हंगामा करते लोग

    उत्तर प्रदेश के मुज़फ़्फ़रनगर जिले के बुढ़ाना कस्बे में शनिवार रात फे़सबुक पर की गई आपत्तिजनक टिप्पणी के बाद इलाके़ में तनाव फैल गया था.

    इस मामले में अखिल त्यागी नाम के युवक की तरफ से सोशल मीडिया पर की गई आपत्तिजनक टिप्पणी के बाद यहां मुस्लिम समुदाय के लोग सड़कों पर उतर आए.

    हज़ारों की संख्या में सड़क पर उतर कर हंगामा कर रहे मुस्लिम समुदाय के लोगों की पुलिस के साथ धक्का-मुक्की होने के बाद भीड़ बेकाबू हो गई.

    हंगामे को देखते हुए मौके़ पर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया और आला अधिकारी भी मौके़ पर पहुंच गए.

    पुलिस ने अभियुक्त अखिल त्यागी को गिरफ्तार कर लिया. उग्र भीड़ ने त्यागी की दुकान और घर पर पथराव भी किया. पथराव करती भीड़ का वीडियो भी सामने आया है.

    इस मामले में जमीयत-उलेमा-ए-हिंद के नगर अध्यक्ष आस मोहम्मद की तरफ से मुक़दमा दर्ज़ कराया गया है.

    पुलिस ने हालात को किया काबू

    इमेज स्रोत, Amit saini

    इमेज कैप्शन, पुलिस ने हालात को किया काबू

    तीन मुक़दमे दर्ज़

    अभियुक्त अखिल त्यागी को छोड़ दिए जाने की अफवाह के बाद मुज़फ़्फ़रनगर माहौल बिगड़ गया था. पुलिस अधिकारियों ने मोबाइल में अभियुक्त की हवालात वाली फ़ोटो दिखाकर भीड़ का गुस्सा शांत किया.

    पूरे मामले में कुल तीन मुक़दमे दर्ज़ किए गए हैं.

    • पहला मुक़दमा आपत्तिजनक पोस्ट कर माहौल ख़राब करने वाले व्यक्ति के ख़िलाफ़ दर्ज़ हुआ है.
    • दूसरा मुक़दमा भीड़ की ओर से किए गए पथराव के मामले में 20-25 अज्ञात लोगों के ख़िलाफ़ दर्ज़ हुआ है.
    • तीसरा मुक़दमा 500 से 700 अज्ञात लोगों के ख़िलाफ़ भीड़ एकत्र करने, अफ़वाह फैलाने और नारेबाज़ी करने के आरोप में दर्ज़ हुआ है.

    पुलिस ने भीड़ के ख़िलाफ़ दर्ज़ किए मुक़दमे में उपद्रव, बलवा, पत्थरबाजी और रोड जाम करने का आरोप लगाया गया है.

    पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के माध्यम से लोगों की पहचान भी शुरू कर दी है. वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिषेक ने कहा है कि असामजिक तत्वों के ख़िलाफ़ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाएगी.

  16. दिल्ली में रविवार को भी ‘ख़राब’ स्थिति में हवा की गुणवत्ता, सीएम आतिशी ने क्या कहा?

    दिल्ली में बढ़ा वायु प्रदूषण (सांकेतिक तस्वीर)

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, दिल्ली में बढ़ा वायु प्रदूषण (सांकेतिक तस्वीर)

    सर्दियों के मौसम की शुरुआत के साथ ही एक बार फिर से दिल्ली में हवा में प्रदूषण भी बढ़ने लगा है.

    भारत सरकार के पृथ्वी विज्ञान विभाग के अनुसार, रविवार को भी दिल्ली का मौजूदा एयर क्वालिटी इंडेक्स 260-265 के बीच रहा जो कि ‘ख़राब’ की श्रेणी में आता है.

    वहीं रविवार को दिनभर दिल्ली का एयर क्वालिटी इंडेक्स 270 के आस पास रहने की आशंका जताई गई है.

    दिल्ली में हवा में प्रदूषण के बढ़ते स्तर के मुद्दे पर राजनीतिक पार्टियों के बीच आरोप-प्रत्यारोप भी शुरू हो गया है.

    भाजपा, कांग्रेस और आम आदमी पार्टी तीनों ही एक दूसरे पर प्रदूषण को लेकर आरोप लगा रहे हैं.

    रविवार की सुबह दिल्ली की सीएम आतिशी और पर्यावरण मंत्री गोपाल राय ने राज्य के सबसे प्रदूषित इलाक़ों में से एक आनंद विहार का दौरा किया.

    आतिशी

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी

    अपने दौरे के बाद आतिशी ने कहा, “जैसा कि हम सब जानते हैं कि दिल्ली में प्रदूषण बढ़ रहा है. यहां बहुत सख़्ती से प्रदूषण से निपटने के उपाय किए जा रहे हैं. हमने 99 टीमें बनाई हैं. जो धूल को नियंत्रित करने की कोशिशों की निगरानी कर रही है. दिल्ली में पीडब्ल्यूडी और एमसीडी दोनों ही प्रदूषण को रोकने की कोशिशें कर रही हैं.”

    कैसे मापा जाता है एयर क्वालिटी इंडेक्स?

    पीआईबी के मुताबिक़, 0 से 50 के बीच एयर क्वालिटी इंडेक्स रहने पर हवा की गुणवत्ता को अच्छा माना जाता है. 51 से 100 के बीच संतोषजनक, 101 से 200 के बीच थोड़ा प्रदूषित, 201 से 300 के बीच ख़राब, 301 से 400 के बीच बहुत ख़राब और 401 से 500 के बीच हवा की गुणवत्ता को गंभीर माना जाता है.

  17. नमस्कार

    अब तक बीबीसी संवाददाता अभिषेक पोद्दार इस लाइव पेज के ज़रिये आप तक दिन की अहम ख़बरें पहुंचा रहे थे. अब बीबीसी संवाददाता सौरभ यादव आप तक आगे की ख़बरें पहुंचाएंगे.-

    आप इस वक़्त हमारी वेबसाइट पर मौज़ूद कुछ अहम ख़बरों को नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक कर पढ़ सकते हैं.

    याह्या सिनवार के बाद हमास का अगला नेता कौन होगा?- पूरी ख़बर पढ़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें.

    भारत में कनाडा के उच्चायुक्त रहे कैमरन मैके का निज्जर और पन्नू मामले पर बड़ा दावा- पूरी ख़बर के लिए इस लिंक पर क्लिक करें.

    कभी क़रीबी रहे दाऊद इब्राहिम और छोटा राजन कैसे बने दुश्मन- पूरी ख़बर के लिए इस लिंक पर क्लिक करें.

    कनाडा और भारत का विवाद पूरी दुनिया के नज़रिए से किस तरफ़ जा रहा है?- पूरी ख़बर के लिए इस लिंक पर क्लिक करें.

  18. न्यूज़ीलैंड के ख़िलाफ़ पहले टेस्ट मैच में हार के बाद क्या बोले भारतीय कप्तान रोहित शर्मा

    रोहित शर्मा (फ़ाइल फ़ोटो)

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, रोहित शर्मा (फ़ाइल फ़ोटो)

    न्यूज़ीलैंड के ख़िलाफ़ बेंगलुरु में खेले गए पहले टेस्ट में मिली हार पर भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने अपनी प्रतिक्रिया ज़ाहिर की है.

    रोहित शर्मा ने कहा, “दूसरी पारी में हमने अच्छी बल्लेबाज़ी की. लेकिन पहली पारी में हम अच्छा नहीं खेले. जब आप 350 रन पीछे होते हैं तो ज़्यादा कुछ नहीं कर सकते. ऋषभ और सरफ़राज़ ने अच्छा खेल दिखाया. न्यूज़ीलैंड बेहतरीन खेला.”

    रोहित ने कहा, “हमें पता था कि आगे क्या होने वाला है, इसीलिए जितना संभव हो उतने रन बना लेने चाहिए. दूसरी पारी में हम 350 रन से भी कम स्कोर पर आउट हो सकते थे.”

    पहली पारी में 46 रन के स्कोर पर ऑल आउट होने पर रोहित शर्मा ने कहा, “मुझे नहीं लगा था कि हम 46 रन पर ऑल आउट हो जाएंगे. लेकिन इसका पूरा श्रेय न्यूज़ीलैंड को जाता है. अभी दो टेस्ट मैच बाकी हैं और उसमें हम अपना सर्वश्रेष्ट प्रदर्शन करेंगे.”

    पहले टेस्ट मैच में हार के बाद क्या बोले रोहित शर्मा
    इमेज कैप्शन, पहले टेस्ट मैच में हार के बाद क्या बोले रोहित शर्मा

    न्यूज़ीलैंड के कप्तान टॉम लाथम ने अपनी टीम की जीत पर कहा, “मैं भी पहले बल्लेबाज़ी ही करना चाहता था. लेकिन अच्छा हुआ कि हम टॉस हार गए. हमारे गेंदबाज़ों ने पहली पारी में अच्छी गेंदे डालीं और इसका उन्हें ईनाम भी मिला. हम सभी जानते हैं कि भारत कितनी बेहतरीन टीम है.”

    बेंगलुरु में भारत और न्यूज़ीलैंड के बीच खेले गए पहले टेस्ट मैच को न्यूज़ीलैंड ने आठ विकेट से जीत लिया है.

    न्यूज़ीलैंड भारत के दौरे पर है. मेहमान टीम को तीन टेस्ट मैचों की सिरीज़ के पहले टेस्ट मैच में जीत के लिए आखिरी दिन जीत के लिए सिर्फ़ 107 रन बनाने थे.

    इसी जीत के साथ न्यूज़ीलैंड की टीम ने इस सिरीज़ में 1-0 की बढ़त बना ली है. सिरीज़ का दूसरा टेस्ट मैच 24 अक्तूबर से पुणे में और तीसरा टेस्ट मैच एक नवंबर से मुंबई में खेला जाएगा.

  19. याह्या सिनवार की जहां हुई मौत, उस मकान मालिक ने अपना घर कैसे पहचाना

    हमास के पूर्व नेता याह्या सिनवार

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, हमास के पूर्व नेता याह्या सिनवार

    ग़ज़ा के एक विस्थापित फ़लस्तीनी व्यक्ति ने ऐसा दावा किया है कि उनके घर में ही याह्या सिनवार को मारा गया.

    विस्थापित फ़लस्तीनी व्यक्ति अशरफ़ अबो ताहा ने बीबीसी से बातचीत में कहा, "जिस घर में पूर्व हमास नेता की हत्या की गई, वह 15 साल तक उनका घर था, उसके बाद इसी साल मई में उन्हें अपने घर को छोड़ना पड़ा."

    हालांकि बीबीसी स्वतंत्र तौर पर इसकी पुष्टि नहीं करता है कि वह घर विस्थापित फ़लस्तीनी व्यक्ति अशरफ़ अबो ताहा का ही था.

    अशरफ़ बोले, "मैं इस पूरी घटना से हैरान हूं." उन्होंने इसराइली ड्रोन के फ़ुटेज को देख कर कहा कि यह उनका घर हुआ करता था.

    यह इमारत ग़ज़ा के दक्षिणी हिस्से में स्थित राफ़ा के इब्न सेना स्ट्रीट पर थी. इसी हफ़्ते एक इसराइली हमले में याह्या सिनवार की मौत हुई थी.

    17 अक्तूबर को इसराइली सेना ने उनके मौत की पुष्टि कर दी थी. वहीं 18 अक्तूबर को हमास ने भी अपने नेता के मारे जाने की पुष्टि कर दी थी.

    इसराइल याह्या सिनवार को बीते साल सात अक्तूबर को किए गए हमलों का ज़िम्मेदार मानता था.

    फ़लस्तीनी व्यक्ति अशरफ़ ने बीबीसी अरबी को बताया कि वे छह मई को ही राफ़ा स्थित अपना घर छोड़कर ख़ान यूनिस चले गए थे. मई में इसराइल ने इलाक़े को खाली करने का आदेश दिया था.

    अशरफ़ ने कहा, “मई में राफ़ा छोड़ने के बाद से ही मुझे अपने घर के बारे में कोई जानकारी नहीं मिली थी. मेरी बेटी ने सबसे पहले सोशल मीडिया पर हमले का वीडियो दिखाया.”

    अशरफ़ ने बीबीसी अरबी से कहा, “शुरू में मुझे विश्वास ही नहीं हुआ कि यह मेरा ही घर है. लेकिन फ़िर मेरे भाई ने इसकी पुष्टि की. मुझे नहीं पता कि याह्या सिनवार वहां कैसे पहुंचे और वह यहां क्या कर रहे थे.”

  20. भारत को पहले टेस्ट मैच में मिली हार, न्यूज़ीलैंड आठ विकेट से जीता

    शतक लगाने के बाद रचिन रविंद्र

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, शतक लगाने के बाद रचिन रविंद्र

    भारत और न्यूज़ीलैंड के बीच बेंगलुरु में खेले गए पहले टेस्ट मैच में न्यूज़ीलैंड ने जीत हासिल कर ली है.

    न्यूज़ीलैंड को इस टेस्ट मैच के आखिरी दिन जीत के लिए सिर्फ़ 107 रन बनाने थे.

    इसी जीत के साथ न्यूज़ीलैंड की टीम ने भारतीय ज़मीन पर खेली जा रही तीन टेस्ट मैचों की सिरीज़ में 1-0 की बढ़त बना ली है. न्यूज़ीलैंड की टीम भारतीय दौरे पर है.

    बेंगलुरु में खेले जा रहे इस टेस्ट मैच में भारतीय टीम पहली पारी में महज़ 46 रनों पर ही आउट हो गई थी.

    जिसके जवाब में न्यूज़ीलैंड ने अपनी पहली पारी में रचिन रवींद्र के शतक की बदौलत 402 रन बनाए थे.

    दूसरी पारी में बैटिंग करने उतरी भारतीय टीम ने वापसी करते हुए सरफ़राज़ ख़ान के शतक की बदौलत 462 रन बनाए और न्यूज़ीलैंड पर 107 रनों की बढ़त हासिल की.

    पांचवें दिन बैटिंग करने उतरी मेहमान टीम ने दो विकेट के नुकसान पर लंच से पहले ही जीत हासिल कर ली.

    बेंगलुरु में खेले गए इस पहले टेस्ट का पहला दिन बारिश की वजह से रद्द करना पड़ा था.

    इस टेस्ट मैच के चौथे दिन भी बारिश की वजह से खेल को कुछ देर के लिए रोकना पड़ा था.