You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

महिला टी20 वर्ल्ड कप: दक्षिण अफ्रीका को हराकर न्यूज़ीलैंड ने जीता ख़िताब

दुबई के अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में खेले जा रहे महिला टी20 विश्व कप के फ़ाइनल मुकाबले में न्यूज़ीलैंड ने दक्षिण अफ्रीका को हरा दिया है.

सारांश

  • जम्मू कश्मीर के गांदरबल में हुए चरमपंथी हमले में दो मज़दूरों की मौत, अन्य दो घायल
  • महिला टी20 विश्व कप: फ़ाइनल मुकाबले में न्यूज़ीलैंड ने दक्षिण अफ्रीका को हराया
  • न्यज़ीलैंड बनाम भारत: दूसरे और तीसरे टेस्ट के लिए वाशिंगटन सुंदर टीम में शामिल
  • नेतन्याहू के घर पर हमले के लिए इसराइली विदेश मंत्री ने ईरान को बताया ज़िम्मेदार
  • आपत्तिजनक टिप्पणी के बाद मुज़फ़्फ़रनगर में तनाव, 500-700 लोगों पर मामला दर्ज

लाइव कवरेज

अभिषेक पोद्दार और सौरभ यादव

  1. दिल्ली के रोहिणी में सीआरपीएफ़ स्कूल के बाहर हुआ धमाका, चश्मदीद ने क्या बताया

    दिल्ली के रोहिणी में प्रशांत विहार इलाक़े में स्थित सीआरपीएफ़ स्कूल के बाहर धमाके की घटना समाने आई है.

    समाचार एजेंसी एएनआई और पीटीआई दोनों ने ही इस ख़बर की पुष्टि भी कर दी है. घटना के एक चश्मदीद ने एएनआई से पूरे मामले के बारे में बताया है.

    घटनास्थल पर एनएसजी कामांडो के एक दल को भी तैनात किया गया है.

    घटनास्थल पर मौजूद एक शख़्स ने एएनआई से कहा, "ये घटना रविवार सुबह पौने सात बजे हुई. हमें लगा कि जैसे कोई बिल्डिंग गिरी हो या सिलेंडर फटा हो. जब हमने देखा तो धुंए का गुबार था. आस पास दुकानों के शीशे भी टूटे हुए थे. कोई सोच भी नहीं सकता था कि यहां कुछ ऐसा हो सकता है."

    फ़िलहाल पुलिस इस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है और अभी तक किसी के हताहत होने की कोई भी सूचना सामने नहीं आई है.

  2. डोनाल्ड ट्रंप ने क्यों कहा, 'शी जिनपिंग जानते हैं, मैं क्रेज़ी हूं'

    अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का कहना है कि अगर वे अमेरिका के दोबारा राष्ट्रपति बनते हैं तो चीन अमेरिका को उसकाने की हिम्मत नहीं दिखाएगा.

    ट्रंप का कहना है, “चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग जानते हैं कि रिपब्लिकन जुनूनी हैं.”

    वॉल स्ट्रीट जर्नल के एडिटोरियल बोर्ड से बात करते हुए, ट्रंप ने कहा, “अगर मैं नवंबर में राष्ट्रपति बनता हूं और उसके बाद चीन ताइवान को घेरने की कोशिश करता है तो मैं चीन पर भारी टैक्स लगाउंगा. ”

    ट्रंप ने कहा कि वे उस पर 150 से 200 फ़ीसदी तक टैक्स लगाएंगे.

    अपने अभियान के दौरान ट्रंप ने कहा, "मेरे नए कार्यकाल के दौरान अमेरिका का कोई भी विरोधी अमेरिकी हितों के ख़िलाफ़ नहीं जाएगा. क्योंकि मज़बूत और अप्रत्याशित प्रतिक्रिया का डर होगा."

    उन्होंने कहा, "ताइवान की नाकाबंदी को रोकने के लिए सैन्य ताकतों का इस्तेमाल नहीं करना पड़ेगा. क्योंकि शी जिनपिंग मेरा सम्मान करते हैं और वे जानते हैं कि मैं क्रेज़ी हूं."

    ट्रंप ने रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ अपने अच्छे संबंध होने की भी बात कही.

    पुतिन की तारीफ़ करने के लिए पहले भी ट्रंप की आलोचना हुई है.

    हालांकि ट्रंप ने कहा कि यूक्रेन पर हमले को लेकर उन्होंने पुतिन को धमकी दी थी.

    ट्रंप ने कहा कि उन्होंने पुतिन से कहा था, "मैं ठीक मॉस्को के केंद्र पर हमला करूंगा. मैंने कहा कि हम दोस्त हैं. मैं ऐसा नहीं करना चाहता लेकिन मेरे पास कोई विकल्प नहीं है. उन्होंने कहा, 'ऐसा नहीं हो सकता.' मैंने कहा, बिल्कुल ऐसा ही होगा."

    "मैंने कहा, आप पर तगड़ा हमला होगा और मैं अपके सिर के ठीक ऊपर गुंबदों को उड़ा दूंगा. क्योंकि आप जानते हैं, वो गुंबदों वाली इमारतों में रहते हैं."

  3. बिहार: मुज़फ़्फ़रपुर के एक स्कूल में छात्रों के बीच लड़ाई में एक छात्र की हुई मौत

    बिहार के मुज़फ़्फ़रपुर ज़िले में एक हाई स्कूल में दो छात्र के गुटों के बीच लड़ाई के बाद एक छात्र की मौत का मामला सामने आया है.

    घटना के बारे में जानकारी देते हुए मुज़फ़्फ़रपुर ग्रामीण के पुलिस अधीक्षक विद्यासगर ने समाचार एजेंसी पीटीआई से कहा, “यह तुरकी हाईस्कूल का मामला है. यहां क्लास 11 में पढ़ने वाले दो लड़कों के बीच मार-पीट हो रही थी.”

    ज़िले के एसपी ने बताया, “यह लड़ाई क्लास के अंदर ही हो रही थी. एक पक्ष में मृतक सौरभ कुमार और उनके साथी थे.”

    पुलिस अधिकारी विद्यासागर ने कहा, “लड़ाई के दूसरे पक्ष में उनके साथी प्रह्लाद कुमार थे. मारपीट में ओमप्रकाश कुमार ने सौरभ कुमार को बांस से मारा. जिससे उसके सिर में चोट लगी और बाद में उसकी मौत हो गई है.”

    मामले के बारे में ज़्यादा जानकारी देते हुए पुलिस अधीक्षक ने कहा कि हालांकि दोनों के बीच मामूली बात पर विवाद हुआ था. दोनों ही पक्षों ने मारपीट के मामले में एफ़आईआर दर्ज कराई थी.

  4. महिला टी20 विश्व कप: साउथ अफ़्रीका और न्यूज़ीलैंड के बीच दुबई में होगा फ़ाइनल मैच

    महिला टी20 विश्व कप का फ़ाइनल मुक़ाबला रविवार की शाम दुबई में साउथ अफ़्रीका और न्यूज़ीलैंड के बीच खेला जाएगा.

    यह मैच शाम साढ़े सात बजे से शुरू होगा. महिला टी-20 विश्व कप के इतिहास में ऐसा पहली बार होगा जब दुनिया को एक नई चैंपियन टीम मिलेगी.

    साउथ अफ़्रीका और न्यूज़ीलैंड दोनों में से किसी भी टीम ने अभी तक वर्ल्ड कप की ट्रॉफ़ी को नहीं जीता है.

    अगर न्यूज़ीलैंड की टीम यह मैच जीतती है तो यह उनका पहला महिला टी20 वर्ल्ड कप ख़िताब होगा.

    वहीं अगर साउथ अफ़्रीका इस मैच को जीतती है तो यह उस देश का पहला क्रिकेटिंग वर्ल्ड कप ख़िताब होगा.

    साउथ अफ़्रीका के लिए महिला या पुरुष कोई भी टीम क्रिकेट के किसी भी फ़ॉर्मैट में विश्व कप नहीं जीत सकी है.

    हालांकि न्यूज़ीलैंड की पुरुष टीम एक बार टेस्ट चैंपियनशिप की ट्रॉफ़ी को जीत चुकी है. न्यूज़ीलैंड की टीम ने इसे भारत को हराते हुए जीता था.

    जबकि साउथ अफ़्रीका की अगर बात करें तो साल 2023 में महिला टीम ने टी20 विश्व कप के फ़ाइनल में अपनी जगह बनाई थी.

    लेकिन ख़िताबी मुक़ाबले में उसे ऑस्ट्रेलिया के हाथों हार मिली थी. हालांकि 2024 के महिला विश्व कप के पहले सेमीफ़ाइनल मुक़ाबले में साउथ अफ़्रीका ने ऑस्ट्रेलिया को हराते हुए ही फ़ाइनल में प्रवेश किया है.

    इसके अलावा साउथ अफ़्रीका की पुरुष टीम भी 2024 के टी20 वर्ल्ड कप फ़ाइनल में पहुंची थी. लेकिन उसे भारत के हाथों हार का सामना करना पड़ा.

    अब एक बार फिर 2024 में महिला टीम ने विश्व कप के फ़ाइनल तक का सफ़र तय किया है.

    वहीं न्यूज़ीलैंड की टीम दूसरे सेमीफ़ाइनल में वेस्टइंडीज़ को हराते हुए फ़ाइनल तक पहुंची है.

    इससे पहले भी न्यूज़ीलैंड की टीम टी20 में फ़ाइनल तक का सफर तय कर चुकी है, लेकिन दोनों ही बार उसे हार का सामना करना पड़ा है.

    ग्रुप स्टेज में भी इस टीम ने भारतीय टीम को हराया था. महिला टी20 विश्व कप 2024 में भारतीय टीम का सफ़र ग्रुप स्टेज में ही ख़त्म हो गया था.

  5. राजस्थान: बस-ऑटो की टक्कर में आठ बच्चों समेत 12 की मौत, दो घायल, मोहर सिंह मीणा, जयपुर से बीबीसी हिंदी के लिए

    राजस्थान के धौलपुर ज़िले के बाड़ी इलाक़े में नेशनल हाइवे 11-बी पर शनिवार देर रात हुए एक सड़क हादसे में बारह लोगों की मौत हो गई है. मरने वालों में आठ बच्चे भी शामिल हैं.

    मृतकों के शव बाड़ी के सरकारी अस्पताल की मोर्चरी में रखे हुए हैं. दो घायलों का इलाज जारी है.

    बाड़ी के डिप्टी एसपी महेंद्र सिंह ने बीबीसी से फ़ोन पर कहा, "शनिवार देर रात क़रीब सवा ग्यारह बजे की घटना है. जयपुर जा रही बस और एक ऑटो में टक्कर हो गई. जिसमें 12 लोगों की मौत हो गई है."

    डिप्टी एसपी महेंद्र सिंह ने बताया कि, "सभी मृतक बाड़ी के रहने वाले थे और सरमथुरा इलाक़े के बरौली गांव में एक शादी समारोह में शामिल होकर ऑटो से लौट रहे थे. उसी दौरान हादसा हुआ."

    उन्होंने कहा, "घायल बस ड्राइवर का धौलपुर ज़िला अस्पताल में इलाज जारी है. जबकि ऑटो सवार एक अन्य घायल बाड़ी अस्पताल में हैं."

  6. पहले टेस्ट में भारत पर हार के बादल, न्यूज़ीलैंड को जीत के लिए चाहिए सिर्फ़ 107 रन

    भारत और न्यूज़ीलैंड के बीच बेंगलुरु में खेले जा रहे पहले टेस्ट मैच में भारतीय टीम पर हार के बादल मंडरा रहे हैं.

    रविवार को पहले टेस्ट मैच का पांचवां दिन है और न्यूज़ीलैंड को इस मैच में जीतने के लिए केवल 107 रन ही बनाने हैं. हालांकि चौथे दिन का खेल ख़त्म होने पर भारतीय टीम ने पहली पारी के मुक़ाबले बेहतर प्रदर्शन करते हुए 462 रन बनाए थे.

    दूसरी पारी में बैटिंग करने उतरी भारतीय टीम के लिए सरफ़राज़ ख़ान ने अपने करियर का पहला शतक लगाया. सरफ़राज़ ख़ान ने 150 रनों की पारी खेली.

    मध्यक्रम में ऋषभ पंत ने भी सरफ़राज़ का अच्छा साथ दिया. हालांकि ऋषभ पंत अपना शतक पूरा करने से केवल एक रन दूर रह गए और 99 रन पर आउट हुए. इसके अलावा कप्तान रोहित शर्मा और विराट कोहली ने भी अर्धशतकीय पारी खेली.

    इन प्रयासों की बदौलत भारत दूसरी पारी में 462 रन बनाने में सफल रहा. हालांकि भारतीय टीम न्यूज़ीलैंड पर बड़ी बढ़त हासिल नहीं कर सकी है. ऐसे में अब मेहमान टीम को जीत के लिए केवल 107 रन ही बनाने हैं.

    भारत अपनी पहली पारी में केवल 46 रन पर ही ऑलआउट हो गया था, जो कि टेस्ट क्रिकेट में तीसरा न्यूनतम स्कोर भी है. वहीं न्यूज़ीलैंड ने अपनी पहली पारी में रचिन रवींद्र के शतक की बदौलत 402 रन बनाए थे.

    इस टैस्ट मैच का पहला दिन बारिश की वजह से रद्द करना पड़ा था.

  7. डोनाल्ड ट्रंप बोले- हैरिस से 'मुक्त' होने के लिए तैयार है अमेरिकी जनता

    डेमोक्रेटिक उम्मीदवार कमला हैरिस के मिशिगन में समर्थकों को संबोधित करने के बाद, रिपब्लिकन उम्मीदवार डोनाल्ड ट्रंप ने भी एक रैली की है.

    पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शनिवार को पेन्सिल्वेनिया में अपने समर्थकों को संबोधित करते हुए कहा- अमेरिकी जनता कमला हैरिस से 'मुक्त' होने के लिए तैयार है.

    ट्रंप ने अपने समर्थकों से पूछा कि क्या वे चार साल बाद बेहतर स्थिति में हैं?

    अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव प्रचार अब अपने आख़िरी चरण तक पहुंच चुका है. इससे पहले डेमोक्रेटिक उम्मीदवार और मौजूदा उपराष्ट्रपति कमला हैरिस ने ट्रंप की सेहत पर सवाल खड़े किए थे.

    कमला हैरिस ने मिशिगन में एक रैली को संबोधित करते हुए कहा था- ट्रंप मीडिया के सामने आने से बचते हैं क्योंकि वे चुनाव प्रचार करने में थक जा रहे हैं.

    कमला हैरिस ने कहा, "ट्रंप के पास अमेरिका के लिए कोई भी योजना नहीं है. वे केवल खुद पर ध्यान दे रहे हैं. वे बहस से बच रहे हैं और अपने इंटरव्यू को रद्द कर रहे हैं."

    हैरिस ने ट्रंप पर निशाना साधते हुए कहा कि अगर आप प्रचार में ही थक जा रहे हैं तो इससे यह सवाल खड़ा होता है कि क्या आप दुनिया के इस सबसे कठिन काम (अमेरिका का राष्ट्रपति बनना) के योग्य भी हैं या नहीं?

  8. हमास के अधिकारियों ने बताया- उत्तरी ग़ज़ा में इसराइली हमले में मारे गए 73 लोग

    उत्तरी ग़ज़ा के बेत लाहिया इलाक़े में इसराइली हमले में 73 लोग मारे गए हैं. हमास के अधिकारियों ने इस हमले में मरने वाले लोगों की संख्या की जानकारी दी है.

    हमास अधिकारियों का कहना है कि बेत लाहिया इलाके में महिलाओं और बच्चों की भी जानें गई हैं.

    अधिकारियों के मुताबिक़- यह हमला के शनिवार को देर रात बम विस्फोट के ज़रिए किया गया जिसमें कई सारे लोग घायल भी हो गए. यहां तक कि कई सारे लोग अभी भी मलबे में फंसे हुए हैं.

    वहीं इस हमले को लेकर इसराइल का कहना है कि वह इससे जुड़ी रिपोर्ट की जांच कर रहा है. इसराइली सेना का यह भी कहना है कि हताहतों को लेकर हमास ने बढ़ा-चढ़ाकर जानकारी दी है और वह हमारी जानकारी से मेल नहीं खाती है.

    वहीं ग़ज़ा के स्वास्थ्य अधिकारियों का कहना है कि बेत लाहिया क्षेत्र में इंटरनेट और संचार सेवाओं के पूरी तरह से कट जाने की वजह से बचाव प्रयास भी बाधित हो रहे हैं.

    हमास के नियंत्रण वाली सरकारी मीडिया का कहना है कि इसराइल ने अपने इस ताज़ा हमले में भीड़भाड़ वाली जगह को निशाना बनाया था.

    फ़लस्तीना समाचार एजेंसी वफ़ा के अनुसार इसराइली हमलों में एक पूरा आवासीय परिसर ही नष्ट हो गया.

  9. नमस्कार

    बीबीसी हिंदी के लाइव पन्ने पर आपका स्वागत है. मैं अभिषेक पोद्दार आप तक आज की ताज़ा ख़बरें पहुंचाऊंगा. बीबीसी हिंदी की वेबसाइट पर मौजूद ख़बरों को यहां पढ़ सकते हैं.

    कल के लाइव पन्ने की ख़बरों को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    हमारी वेबसाइट की कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए लिंक्स पर क्लिक कर सकते हैं.

    - इसराइली पीएम नेतन्याहू बोले, हिज़्बुल्लाह ने हत्या की कोशिश कर की 'बड़ी ग़लती'- पूरी ख़बर के लिए इस लिंक पर क्लिक करें.

    - कर्नाटक में क्या खेला जा रहा 'बदले की राजनीति' का खेल?- पूरी ख़बर के लिए इस लिंक पर क्लिक करें.

    - ड्रोन, धमकियां और विस्फोट: उत्तर और दक्षिण कोरिया के बीच क्यों बढ़ रहा है तनाव?- पूरी ख़बर के लिए इस लिंक पर क्लिक करें.

    - अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव: कमला हैरिस ने फ़ॉक्स न्यूज़ को दिया पहला इंटरव्यू, बाइडन पर किए सवाल का क्या दिया जवाब?- पूरी ख़बर के लिए इस लिंक पर क्लिक करें.