पीएम मोदी की यूक्रेन यात्रा पर ज़ेलेंस्की बोले- मोदी, पुतिन से ज़्यादा शांति पसंद करते हैं
पीएम नरेंद्र मोदी के साथ अपनी मुलाक़ात पर यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की ने बयान दिया है.
सारांश
- यूक्रेन के राष्ट्रपति ज़ेलेंस्की ने कहा पीएम मोदी, पुतिन से ज़्यादा शांति पसंद करते हैं
- यूक्रेन में पीएम मोदी ने कहा हम बुद्ध और गांधी की धरती से आते हैं और पहले दिन से ही शांति के पक्ष में हैं
- गुजरात विधानसभा में ड्रग्स के कारोबारियों और भ्रष्टाचार के ख़िलाफ़ नया क़ानून पारित
- नेपाल की नदी में गिरी महाराष्ट्र के यात्रियों से भरी बस, कम से कम 15 की मौत
- पीएम मोदी ने यूक्रेन में मारे गए बच्चों को दी श्रद्धांजलि, ज़ेलेंस्की को लगाया गले
- जम्मू कश्मीर विधानसभा चुनाव में कांग्रेस और नेशनल कॉन्फ्रेंस के बीच गठबंधन
लाइव कवरेज
चंदन कुमार जजवाड़े
कमला हैरिस ने राष्ट्रपति पद की उम्मीदवारी स्वीकार करते हुए माँ श्यामला को यूं याद किया

इमेज स्रोत, Reuters
इमेज कैप्शन, डेमोक्रेटिक पार्टी के कन्वेंशन के दौरान कमला हैरिस अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव की प्रक्रिया के तहत शिकागो में आयोजित हुए डेमोक्रेटिक पार्टी के कन्वेंशन प्रोग्राम में डेमोक्रेटिक पार्टी की राष्ट्रपति उम्मीदवार कमला हैरिस ने अपना अभी तक का सबसे लंबा भाषण दिया.
इसके साथ ही कमला हैरिस ने पार्टी की तरफ़ से राष्ट्रपति पद की उम्मीदवारी को भी स्वीकार किया.
अपने भाषण की शुरुआत उन्होंने बचपन की यादों के साथ की. उन्होंने बताया कि उनकी मां हमेशा हौसला बढ़ाती थीं. कमला हैरिस ने कहा, ''मेरे पिता मुझे सपनों के पीछे भागने के लिए प्रेरित करते थे.
हैरिस ने कहा कि उनकी मां श्यामला भारत से अमेरिका आई थीं. उन्होंने हमें सिखाया कि नाइंसाफ़ी के ख़िलाफ़ शिकायत मत करो बल्कि इसे दूर करने के लिए कुछ करो.
हैरिस ने कहा, “एक महान राष्ट्र के लिए मैं डेमोक्रेटिक पार्टी के नामांकन को स्वीकार करती हूं.”
इसके साथ ही हैरिस ने अमेरिका से अतीत की कड़वी यादों और निराशावाद से आगे निकलने की अपील भी की.
उन्होंने कहा कि देश को एक समुदाय, पार्टी या गुट की बजाय अमेरिका के तौर पर आगे बढ़ाने की ज़रूरत है.
यूक्रेन दौरे से पहले पीएम मोदी ने कहा- लड़ाई का मैदान किसी समस्या का हल नहीं

इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, यूक्रेन के पीएम के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी यूक्रेन दौरे पर रवाना होने से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पोलैंड के प्रधानमंत्री डोनाल्ड टस्क से बातचीत की.
इस बातचीत के बाद एक बयान में उन्होंने कहा, “हमारा विश्वास है कि किसी भी समस्या को लड़ाई के मैदान में नहीं सुलझाया जा सकता.”
पीएम मोदी ने कहा कि हम इस क्षेत्र में शांति स्थापित करने के लिए हर संभव सहयोग करने के लिए तैयार हैं.
उन्होंने कहा कि यूक्रेन और पश्चिम एशिया में चल रहा संघर्ष हम सभी के लिए गहरी चिंता का विषय है.
पीएम के मुताबिक़, "किसी भी संकट में, निर्दोष लोगों की जान जाना पूरी मानवता के लिए सबसे बड़ी चुनौती बन गई है."
उन्होंने यह भी कहा, “हम शांति और स्थिरता कायम करने के लिए बातचीत और कूटनीति का समर्थन करते हैं. इसके लिए भारत अपने मित्र देशों के साथ मिलकर हर संभव सहायता देने के लिए तैयार है.”
नरेंद्र मोदी पोलैंड से यूक्रेन ट्रेन के ज़रिए पहुंचेंगे. अपनी इस यात्रा में वे यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलिदिमीर ज़ेलेंस्की के साथ बातचीत करेंगे.
नीरज चोपड़ा ने तोड़ा अपना ओलंपिक रिकॉर्ड फिर भी टॉप आया कोई और

इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, लुसाने डायमंड लीग में नीरज चोपड़ा पेरिस ओलंपिक 2024 के जैवलिन थ्रो प्रतियोगिता में भारत के लिए सिल्वर मेडल जीतने वाले नीरज चोपड़ा ने अपना ही रिकॉर्ड को तोड़ दिया है.
लुसाने डायमंड लीग प्रतियोगिता में नीरज ने 89.49 मीटर जैवलिन थ्रो किया है. हालांकि इस प्रतियोगिता में नीरज दूसरे स्थान पर रहे.
वहीं पेरिस ओलंपिक में जैवलिन थ्रो के फ़ाइनल राउंड में नीरज ने 89.45 मीटर की दूरी तक भाला फेंका था.
इस प्रतियोगिता में भी नीरज दूसरे नंबर पर रहे थे और उनको सिल्वर मेडल मिला था.
वहीं पाकिस्तान के अरशद नदीम ने 92.97 मीटर तक भाला फेंकते हुए गोल्ड मेडल जीता था.
लुसाने डायमंड लीग में दो बार के विश्व चैंपियन और पेरिस ओलंपिक में कांस्य पदक जीतने वाले ग्रेनेडा के एंडरसन पीटर्स ने 90.61 मीटर थ्रो किया और पहले नंबर पर रहे.
रूस से जंग के बीच यूक्रेन पहुँच रहे हैं पीएम मोदी

इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, पोलैंड पहुंचने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपना पोलैंड दौरा ख़त्म करने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज यानी शुक्रवार को यूक्रन पहुंचेंगे. शुक्रवार को ही यूक्रेन का 'राष्ट्रीय ध्वज दिवस' भी मनाया जाता है.
रूस और यूक्रेन की लड़ाई शुरू होने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की यह पहली यूक्रेन यात्रा है. इस यात्रा से लगभग डेढ़ महीने पहले वह रूस की यात्रा पर भी गए थे.
यूक्रेन यात्रा के अपने पहले पड़ाव में पीएम मोदी पोलैंड पहुंचे थे. उन्होंने पोलैंड की राजधानी वर्सावा में भारतीयों को संबोधित करते हुए कहा था कि हम बुद्ध को मानने वाले लोग हैं, युद्ध में विश्वास नहीं करते.
उन्होंने कहा था कि भारत इस क्षेत्र में भी शांति का एक बड़ा पैरोकार है. हमारा मत साफ़ है कि ये युद्ध का युग नहीं है.
अपनी रूस की यात्रा में उन्होंने कहा था कि भारत युद्ध के शांतिपूर्ण समाधान का समर्थक रहा है और रहेगा. इसके साथ ही उन्होंने इस प्रयास में सहायता करने के लिए भी भारत को तैयार बताया था.
नमस्कार
बीबीसी के लाइव हिंदी पेज पर आप सभी का स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता अभिषेक पोद्दार आप सभी तक आज की बड़ी ख़बरें पहुंचाऊंगा.
- आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने पोलैंड दौरे के बाद यूक्रेन पहुंच रहे हैं. प्रधानमंत्री मोदी ने इस दौरे से लगभग डेढ़ महीने पहले रूस की यात्रा भी की थी. इस यात्रा से जुड़ा विश्लेषण आप यहां क्लिक करके पढ़ सकते हैं.
- पाकिस्तान को इन दिनों धीमी इंटरनेट स्पीड का सामना करना पड़ रहा है. जिस वजह दफ़्तरों में काम करने वाले तमाम लोगों के साथ आम लोगों को भी ख़ासी परेशानियां हो रही है. पूरी ख़बर पढ़ने के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं.
- लखनऊ अपने कबाब और बिरयानी के लिए भी मशहूर है. लेकिन लखनवी कबाब-बिरयानी के 'ज़ायके' पर अब ख़तरा मंडरा रहा है, यहां जानिए क्यों ऐसे हालात आ गए हैं.
इसके साथ ही कल यानी 22 अगस्त के लाइव पेज की खबरों को भी आप इस लिंक के ज़रिए पढ़ सकते हैं.
