You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

रूस ने कहा, यूक्रेन के हालिया हमलों का वो कड़ा जवाब देगा

रूस ने हालिया यूक्रेनी हमलों का कड़ा जवाब देने की प्रतिबद्धता ज़ाहिर की है.

सारांश

  • राहुल गांधी ने हिंडनबर्ग और माधबी पुरी बुच मामले में वीडियो पोस्ट करते हुए तीन गंभीर सवाल पूछे.
  • हिंडनबर्ग के आरोपों को लेकर माधबी पुरी बुच और उनके पति का एक और नया बयान सामने आया है.
  • ईरान के नए राष्ट्रपति मसूद पेज़ेश्कियान ने विदेश मंत्री के लिए अब्बास अरागची को नामित किया है.
  • इसराइल ने दक्षिणी ग़ज़ा में ख़ान यूनिस के और इलाक़ों को खाली करने के नए आदेश जारी किए हैं.
  • बांग्लादेश की सुप्रीम कोर्ट के नए मुख्य न्यायाधीश और उनके दो सलाहकारों ने रविवार को शपथ ले ली है.

लाइव कवरेज

अभिषेक पोद्दार

  1. रूस ने कहा, यूक्रेन के हालिया हमलों का वो कड़ा जवाब देगा

    रूस ने हालिया यूक्रेनी हमलों का कड़ा जवाब देने की प्रतिबद्धता ज़ाहिर की है.

    रूसी विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता मारिया ज़खारोवा मे एक बयान में कहा, "यूक्रेन रूस की शांतिपूर्ण आबादी को डराने के मकसद से अपनी आतंकी गतिविधियों को बढ़ा रहा है."

    उन्होंने कहा, "यूक्रेन को यह अच्छी तरह से पता है कि उसका हालिया हमला किसी भी तरह से सैन्य अभियान नहीं है."

    यूक्रेनी हमलों के बारे में बताते हुए विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता ने कहा कि क्षेत्रीय राजधानी कुर्क्स पर रात भर हमले किए गए.

    इससे पहले, कुर्स्क के स्थानीय गवर्नर ने कहा था कि शहर में बहुमंजिला इमारत पर यूक्रेनी मिसाइल का मलबा गिरने से 13 लोग घायल हो गए थे.

    वहीं यूक्रेन की सीमा से लगे रूस के पश्चिमी बेलगोरोद क्षेत्र के गवर्नर ने कहा है कि तीन बस्तियों पर हुए हालिया यूक्रेनी हमले में एक नागरिक घायल हुआ है.

    बेलगोरोद क्षेत्र के गवर्नर व्याचेस्लाव ग्लैदकोव ने कहा, "शुरुआती जानकारी से पता चलता है कि शेबेकिनो शहर में रहने वाले व्यक्ति के पैर और बांह पर घाव थे, और अब उसे इलाज के लिए क्षेत्रीय राजधानी बेलगोरोद ले जाया जा रहा है."

    हालांकि उन्होंने यह नहीं बताया कि हमला किस हथियार से किया गया था. उन्होंने बताया कि कुछ गावों में मिसाइलों के हमलों से इमारतों को नुक़सान हुआ है.

  2. सेबी ने हिंडनबर्ग और अदानी पर क्या कहा?

    सेबी ने 10 अगस्त, 2024 को हिंडनबर्ग रिसर्च की रिपोर्ट पर अपनी प्रतिक्रिया ज़ाहिर की है.

    सेबी ने कहा है कि निवेशकों को शांति बनाए रखनी चाहिए और ऐसी रिपोर्टों पर प्रतिक्रिया देने से पहले उस जानकारी का सही से आकलन कर लेना चाहिए.

    सेबी के मुताबिक़, “निवेशकों को पता होना चाहिए कि हिंडनबर्ग रिसर्च रिपोर्ट में एक डिस्क्लेमर शामिल है, जिसमें कहा गया है कि कंपनी जिन बॉन्ड्स की चर्चा कर रही है, उनमें शॉर्ट पोज़िशन रख सकती है.”

    सेबी ने कहा है कि अदानी समूह के मामले में सेबी ने 24 में से 23 जाचों को पूरा कर लिया है और आखिरी जांच भी लगभग पूरी होने वाली है.

    सेबी के अनुसार उसने अदानी समूह को 100 से ज़्यादा समन्स लगभग 1,100 पत्र और ईमेल जारी किए हैं. इसके अलावा सेबी ने घरेलू और विदेशी नियामकों से 300 से ज़्यादा बार बातचीत की गई है. साथ ही 12,000 पन्नों के दस्तावेज़ों की समीक्षा भी की गई है.

  3. कोलकाता बलात्कार मामला: पुलिस कमीश्नर ने कहा छात्रों के पास कोई इनपुट है तो हमसे साझा करें

    कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल में ट्रेनी डॉक्टर के साथ कथित बलात्कार के बाद हत्या के मामले में कोलकाता पुलिस कमिश्नर विनीत कुमार गोयल का बयान सामने आया है.

    उनका कहना है, “ज्वाइंट सीपी ने आज मृतका के परिवार से मुलाक़ात की है. सुप्रीम कोर्ट की गाइडलाइन के मुताबिक़ पोस्टमार्टम रिपोर्ट परिवार को सौंप दी गई है.”

    उन्होंने बयान दिया कि छात्रों के सवाल सुने गए हैं और उनके जवाब भी दिए गए हैं. छात्र किसी भी समय किसी भी समस्या को लेकर हमसे संपर्क कर सकते हैं. किसी भी कॉलेज के छात्र किसी भी समस्या को लेकर हमसे मिल सकते हैं.

    उन्होंने कहा, “छात्रों से अपील है कि अगर आपके पास कोई इनपुट है तो हमसे साझा करें. उनकी (छात्रों की) मांग थी कि घटना की रात ड्यूटी पर तैनात सहायक पुलिस आयुक्त (चंदन गुहा) को पद से हटाया जाए, इसलिए हमने उन्हें हटा दिया है.

    पुलिस कमीश्नर के मुताबिक़, “छात्र अपना विरोध कब खत्म करेंगे यह उन पर निर्भर है, लेकिन पुलिस-प्रशासन का पूरा समर्थन है. वे बिना किसी झिझक के हमसे किसी भी समस्या को लेकर संपर्क कर सकते हैं.”

  4. हिंडनबर्ग-माधबी पुरी मामला: राहुल गांधी ने खड़े किये ये तीन सवाल

    हिंडनबर्ग और सेबी चीफ़ माधबी पुरी बुच मामले पर कांग्रेस सांसद और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने भी प्रतिक्रिया दी है.

    उन्होंने 2 मिनट 19 सेकंड का एक वीडियो सोशल मीडिया पर जारी किया और कहा कि हाल के वक्त में अधिक से अधिक लोग भारतीय शेयर मार्केट में अपनी कमाई लगा रहे हैं, और विपक्ष के नेता के तौर पर मेरी ये ज़िम्मेदारी है कि मैं उनके इसमें निवेश करने के जोखिम के बारे में बताऊं.

    उन्होंने कहा, "ऐसा इसलिए क्योंकि स्टॉक मार्केट का नियमन करने वाली भारत की संस्था सेबी पर आरोप लग रहे हैं."

    उन्होंने कहा "लाखों लोगों की जमापूंजी ख़तरे में है इसलिए इस मामले की जांच की जानी चाहिए."

    राहुल के मुताबिक़ "इससे तीन बड़े सवाल उठते हैं. पहला ये कि आरोप लगने के बाद भी माधबी पुरी ने इस्तीफ़ा क्यों नहीं दिया."

    "दूसरा, ईश्वर न करे अग़र बाज़ार में कुछ गड़बड़ हुई और निवेशकों को अपना पैसा खोना पड़े तो इसकी ज़िम्मेदारी कौन लेगा, सेबी चीफ़, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी या फिर अदानी."

    "तीसरा, ये मामला पहले ही सुप्रीम कोर्ट में है, अब गंभीर आरोप लगने के बाद क्या सुप्रीम कोर्ट इस मामले में भी स्वत: संज्ञान लेगी."

    उन्होंने कहा, "अब से साफ़ हो रहा है कि पीएम मोदी इस पूरे मामले की जांच संयुक्त संसदीय समिति से कराने को लेकर क्यों डर रहे हैं."

  5. बीजेपी नेता सुब्रमण्यम स्वामी ने कहा, किसी ईमानदार को बनाया जाए सेबी चीफ़

    बीजेपी नेता सुब्रमण्यम स्वामी ने सेबी प्रमुख माधबी पुरी बुच को हटाने की मांग की है.

    उन्होंने हिंडनबर्ग की ताज़ा रिपोर्ट और सेबी चीफ़ माधबी पुरी बुच पर लगाए गए आरोपों के पूरे मामले पर अपनी प्रतिक्रिया ज़ाहिर की है.

    सोशल मीडिया एक्स पर किए एक पोस्ट के ज़रिए भाजपा नेता ने कहा, "सेबी अध्यक्ष के ख़िलाफ़ हितों के टकराव का मामला दूसरी बार उठा है. वैश्विक निवेशकों के बीच भारत की छवि बचाने के लिए उनकी जगह किसी ईमानदार व्यक्ति को लाया जाना चाहिए."

    "मेरी एक जनहित याचिका सोमवार को दिल्ली हाई कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश की प्रथम पीठ में सूचीबद्ध है. मैंने पहले ही हितों के टकराव को लेकर हलफ़नामा दायर कर दिया है."

    अमेरिकी संस्था हिंडनबर्ग रिसर्च ने अपनी एक रिपोर्ट में दावा किया है कि सेबी की चेयरपर्सन और उनके पति की 'अदानी मनी साइफ़निंग घोटाले' में उपयोग किए गए ऑफ़शोर फ़ंड्स में हिस्सेदारी रही है.

  6. कोलकाता बलात्कार केस: केंद्रीय मंत्री सुकांत मजूमदार ने की सीबीआई जांच की मांग

    कोलकाता केआरजी कर मेडिकल कॉलेज की ट्रेनी डॉक्टर के साथ कथित बलात्कार के बाद उसकी हत्या के मामले में केंद्रीय मंत्री सुकांत मजूमदार की प्रतिक्रिया सामने आई है.

    उन्होंने कहा, “यह बहुत ही शर्मनाक घटना है. इसकी सही से इन्क्वायरी होनी चाहिए. हमारी मांग है कि सीबीआई से इसकी जांच कराई जाए क्योंकि पुलिस ने पहले कहा कि यह आत्महत्या है. बाद में पुलिस ने कहा कि यह हत्या है.”

    केंद्रीय मंत्री ने बयान दिया कि जिसे इस मामले में गिरफ़्तार किया गया वे भी पुलिस प्रशासन से ही जुड़े हुए हैं.

    उन्होंने कहा, “अगर पोस्ट ग्रेजुएट करने वाले इंटर्न्स और डॉक्टर अपने कॉलेज में ही सुरक्षित नहीं रहेंगे तो पूरे देश में डॉक्टरों के प्रदर्शन होंगे ही.”

  7. हिंडनबर्ग के दावों पर माधबी पुरी और उनके पति ने क्या नया बयान दिया

    अमेरिकी संस्था हिंडनबर्ग रिसर्च ने अपनी एक रिपोर्ट में दावा किया कि सेबी की चेयरपर्सन और उनके पति की 'अदानी मनी साइफ़निंग घोटाले' में उपयोग किए गए ऑफ़शोर फ़ंड्स में हिस्सेदारी रही है.

    उनके इस दावे पर सेबी प्रमुख माधबी पुरी बुच और उनके पति धवल बुच ने एक और बयान जारी किया है.

    बयान के मुताबिक़, “हिंडनबर्ग रिपोर्ट में जिस फंड का ज़िक्र किया गया है, उसमें निवेश 2015 में किया गया था, माधबी और धवल सिंगापुर में रह रहे थे. यह निवेश माधबी के सेबी का सदस्य बनने से दो साल पहले का है.”

    बयान के मुताबिक़, “इस फंड में निवेश करने का फै़सला इसलिए किया गया क्योंकि फंड के चीफ़ इनवेस्टमेंट ऑफ़िसर अनिल आहूजा, धवल के बचपन के दोस्त हैं और वे दोनों एक दूसरे को स्कूल और आईआईटी दिल्ली के समय से जानते हैं. जब आहूजा ने 2018 में उस फंड हाउस को छोड़ दिया तो हमने भी अपने निवेश को भुना लिया.”

    बयान में बताया गया है कि आहूजा ने पुष्टि की थी कि किसी भी समय फंड हाउस ने किसी भी अदानी समूह की कंपनी के किसी भी बॉन्ड, इक्विटी या डेरिवेटिव में निवेश नहीं किया था.

  8. ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेज़ेश्कियान ने विदेश मंत्री के पद के लिए किसे चुना?

    ईरान के नए राष्ट्रपति मसूद पेज़ेश्कियान ने विदेश मंत्री के लिए अब्बास अरागची को नामित किया है. इसके अलावा उन्होंने फरज़ानेह सादेग को कैबिनेट मंत्री के तौर पर नियुक्त किया है.

    अब्बास अरागची को पश्चिमी देशों के मित्र के तौर पर जाना जाता है. वहीं फरज़ानेह सादेग सड़क और शहरी विकास मंत्रालय का काम संभालेंगी. वे 1970 की इस्लामी क्रांति के बाद मंत्री पद संभालने वाली ईरान की दूसरी महिला भी बन गई हैं.

    वे उन्नीस प्रस्तावित कैबिनेट सदस्यों में शामिल हैं जिन्हें रविवार को संसद में मंजूरी के लिए पेश किया जा रहा है.

    अब्बास अरागची पश्चिम देशों के लिए अपने खुलेपन के लिए जाने जाने वाले भावी विदेश मंत्री अब्बास अरागची ने ईरान और पश्चिमी देशों के बीच हुए परमाणु समझौतों में अहम भूमिका निभाई थी.

  9. इसराइल ने ग़ज़ा के ख़ान यूनिस के और इलाकों को खाली करने के लिए जारी किया नया आदेश

    राइल ने दक्षिणी ग़ज़ा में ख़ान यूनिस के और इलाक़ों को खाली करने के नए आदेश जारी किए हैं.

    इसराइल और हमास के बीच चल रही लड़ाई के दौरान, जारी किए गए इस नए आदेश की वजह से हज़ारों फ़लस्तीनियों को पलायन करना पड़ेगा.

    ये फ़लस्तीनी ग़ज़ा शहर के मध्य, पूर्वी और पश्चिमी हिस्से में रह रहे हैं. आदेश में इन निवासियों से कहा गया है कि इन ये इलाके युद्ध के लिहाज़ से ख़तरनाक साबित हो सकते हैं.

    वहीं संयुक्त राष्ट्र का यह कहना है कि ग़ज़ा के 20 लाख से भी ज़्यादा लोगों में से अधिकतर लोग विस्थापित हो चुके हैं.

    इन में कई सारे लोगों को बार-बार विस्थापित होने के लिए मजबूर होना पड़ा है.

    शनिवार को ग़ज़ा के एक स्कूल पर किए गए इसराइली हमले में भी कई फ़लस्तीनियों को अपनी जान गंवानी पड़ी. ये फ़लस्तीनी हमले वाले स्कूलों में आश्रय लिए हुए थे.

  10. कोलकाता: मेडिकल कॉलेज की छात्रा के साथ 'बलात्कार' की घटना पर क्या बोले सौरव गांगुली

    कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज की ट्रेनी डॉक्टर के साथ कथित बलात्कार के बाद उसकी हत्या के मामले में अब भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान सौरव गांगुली की प्रतिक्रिया सामने आई है.

    भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान सौरव गांगुली ने कहा, "यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है. इसके ख़िलाफ़ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए. हर जगह सब कुछ हो सकता है, इसलिए सीसीटीवी कैमरा और सिक्योरिटी सिस्टम तैयार रखा जाना चाहिए."

    उन्होंने कहा, "इस तरह की घटना कहीं भी हो सकती है, ये अस्पताल में हुई ये दुर्भाग्य की बात है. ये बिल्कुल ग़लत है. धरती पर हर जगह इस तरह के हादसे होते हैं, लेकिन कड़ी कार्रवाई होनी ज़रूरी है."

    सौरव के मुताबिक़, "भारत शानदार देश है, वहीं कोलकाता भी खूबसूरत जगह है. एक घटना से किसी शहर को लेकर राय नहीं बनाई जानी चाहिए."

    वहीं विनेश फोगाट के मामले पर उन्होंने कहा, "मुझे सटीक नियम नहीं पता, लेकिन मुझे यकीन है कि जब वह फ़ाइनल में पहुंची होगी, तो उसने सही तरीके से क्वालिफ़ाई किया होगा."

    पूर्व भारतीय कप्तान ने कहा, "जब आप फाइनल में जाते हैं, तो यह या तो स्वर्ण या रजत पदक होता है. उसे ग़लत तरीके से अयोग्य ठहराया गया था या नहीं, मुझे नहीं पता, लेकिन वह कम से कम रजत पदक की हक़दार थी."

  11. यूक्रेन की सेना ने बताया, रात भर में गिराए गए 53 रूसी ड्रोन

    यूक्रेन की सेना ने कहा है कि उन्होंने रात भर में 57 में से 53 रूसी हमलावर ड्रोन को नष्ट कर दिया है.

    रूसी सेना के टेलीग्राम अकाउंट पर की गई एक पोस्ट के मुताबिक़ ओडेसा, कीएव, सुमी और चर्कासी जैसे इलाक़ों में ड्रोन गिराए गए हैं.

    यूक्रेन की सेना ने यह भी दावा किया है कि रूसी हमलों में चार उत्तर कोरियाई मिसाइलों का इस्तेमाल भी किया गया था. हालांकि बीबीसी इस जानकारी की पुष्टि नहीं करता है.

    यूक्रेनी सेना ने यह भी नहीं बताया कि हमले में इस्तेमाल की गई चारों मिसाइलों का क्या किया गया?

    इससे पहले, यूक्रेन के राष्ट्रपति ज़ेलेंस्की ने कहा कि कीएव के पूर्वी हिस्से में हुए रात के हमलों के दौरान दो लोगों की मौत हो गई थी.

  12. जम्मू कश्मीर में विधानसभा चुनाव पर क्या बोले उपराज्यपाल मनोज सिन्हा

    जम्मू कश्मीर में विधानसभा चुनाव को लेकर राज्य के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा का बयान सामने आया है.

    उन्होंने कहा, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जब 20 जून को श्रीनगर आए थे, तो उन्होंने घोषणा की थी कि जल्द ही चुनाव होंगे. चुनाव आयोग की एक टीम ने यहां का दौरा किया है और सभी पक्षों से मुलाक़ात की है.”

    उन्होंने कहा, “चुनाव आयोग ही विधानसभा चुनाव के तारीख़ का ऐलान करेगा. जैसा कि केंद्रीय गृह मंत्री ने 5 अगस्त को संसद में कहा था, पहले परिसीमन, फिर विधानसभा चुनाव, फिर उचित समय पर राज्य का दर्जा. सभी चीजें उसी क्रम में चल रही हैं.”

    उपराज्यपाल ने उम्मीद जताई की जल्द ही राज्य में विधानसभा के चुनाव होंगे.

  13. कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने की मांग, हिंडनबर्ग मामले की जांच के लिए बने संसदीय समिति

    हिंडनबर्ग की ताज़ा रिपोर्ट के बाद कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने मामले की की पूरी जांच के लिए संयुक्त संसदीय समिति की मांग की है.

    शनिवार देर शाम हिंडनबर्ग ने एक रिपोर्ट जारी कर सेबी चीफ़ माधबी पुरी बुच और उनके पति पर आरोप लगाए थे जिसके बाद पवन खेड़ा ने कहा कि 'दूध का दूध पानी का पानी अपने आप हो गया.'

    पवन खेड़ा ने कहा, "हिंडनबर्ग ने ही एक और रिपोर्ट निकाली जिसमें सेबी चीफ़ माधबी बुच और उनके पति धवल बुच के सारे कारनामे सबके सामने आ गए. ऑफ़शोर कंपनी में उनकी इनवेस्टमेंट सबके सामने आ गई."

    उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा, "ये वो कंपनी है जिसमें गौतम अदानी के भाई विनोद अदानी का निवेश भी है. तो जब सब कुछ सामने है तो सवाल उठता है कि जब माधबी बुच को सेबी का प्रमुख बनाया गया था तब भारत सरकार को ये जानकारी नहीं थी?

    इस पूरे मामले में सीधे प्रधानमंत्री मोदी पर निशाना साधते हुए पवन खेड़ा ने कहा, "अगर सरकार को मामले की जानकारी नहीं थी तो यह बहुत बड़ी विफलता और भूल है. अगर जानकारी थी तो इस षडयंत्र का हिस्सा प्रधानमंत्री खुद हैं. तभी तो राहुल गांधी ने उस वक़्त जो कहा था चौकीदार... वो साबित हो गया."

    कांग्रेस नेता ने इस पूरे मामले की जांच के लिए संयुक्त संसदीय समिति बनाने की मांग की है.

  14. बांग्लादेश: कोमिला विश्वविद्यालय के कुलपति ने दिया इस्तीफ़ा

    बांग्लादेश में छात्रों के देशव्यापी विरोध प्रदर्शनों और नई अंतरिम सरकार के सत्ता संभालने के बाद अलग-अलग विश्वविद्यालयों के कुलपति अपना इस्तीफ़ा दे रहे हैं.

    अब कोमिला विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफ़ेसर डॉ एएफ़एम अब्दुल मोइन ने भी रविवार को इस्तीफ़ा दे दिया.

    प्रोफ़ेसर डॉ एएफ़एम अब्दुल मोइन ने व्यक्तिगत कारणों का हवाला देते हुए रविवार को अपना इस्तीफ़ा सौंप दिया.

    विश्वविद्यालय के अध्यक्ष और चांसलर शाहबुद्दीन को भेजे गए अपने इस्तीफे़ में उन्होंने लिखा, “मैंने अपने व्यक्तिगत कारणों से इस पत्र के माध्यम से आज दोपहर कुलपति के पद से अपना इस्तीफ़ा आपको सौंप दिया.”

    उन्होंने लिखा, "मैं कामना करता हूं कि कोमिला विश्वविद्यालय के छात्रों, शिक्षकों, अधिकारियों और कर्मचारियों सहित विश्वविद्यालय का समग्र विकास जारी रहे."

    इससे पहले, बांग्लादेश के विश्वविद्यालय अनुदान आयोग के अध्यक्ष प्रोफे़सर काजी शाहिदुल्लाह ने रविवार को इस्तीफ़ा दे दिया था.

    वहीं ढाका विश्वविद्यालय और शाहजलाल विज्ञान और प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय सहित सात विश्वविद्यालयों के कुलपतियों ने शनिवार को इस्तीफ़ा दे दिया था.

  15. बांग्लादेश के नए मुख्य न्यायाधीश कौन हैं, जिन्होंने ली है आज शपथ

    बांग्लादेश की सुप्रीम कोर्ट के नए चीफ़ जस्टिस यानी देश के नए मुख्य न्यायाधीश और उनके दो सलाहकारों ने रविवार को शपथ ले ली है.

    रविवार दोपहर क़रीब 12:30 बजे बंगभवन दरबार हॉल में राष्ट्रपति मोहम्मद शाहबुद्दीन ने नए मुख्य न्यायाधीश सैयद रेफ़त अहमद को पद की शपथ दिलाई. इसके बाद दो सलाहकार सुप्रदीप चकमा और डॉ. बिधान रंजन रॉय ने भी शपथ ली.

    सैयद रेफ़त अहमद सुप्रीम कोर्ट की हाई कोर्ट डिविज़न में सबसे वरिष्ठ न्यायाधीश हैं.

    शनिवार की दोपहर बांग्लादेश के मुख्य न्यायाधीश ओबैदुल हसन ने इस्तीफ़ा दे दिया था, जिसके बाद उसी दिन रात को सैयद रेफत अहमद को मुख्य न्यायाधीश नियुक्त कर दिया गया था.

    इसी हफ़्ते गुरुवार को अंतरिम सरकार के 14 सलाहकारों ने भी शपथ ली थी. जबकि तीन सलाहकार ढाका से बाहर होने के चलते शपथ नहीं ले पाए थे.

  16. हिंडनबर्ग की नई रिपोर्ट को लेकर बीजेपी ने विपक्ष पर क्या कहा

    अमेरिकी संस्था हिंडनबर्ग रिसर्च ने अपनी एक रिपोर्ट जारी कर भारत में पूंजी बाज़ार नियामक सेबी की चेयरपर्सन माधबी पुरी बुच को घेरा है.

    हिंडनबर्ग की रिपोर्ट आने के बाद भारत में राजनीतिक बयानबाज़ियों का दौर शुरू हो गया है.

    हिंडनबर्ग की रिपोर्ट को लेकर भाजपा के प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने कहा है कि 'भारत की जांच एजेंसियों की जांच के दायरे में आई हुई हिंडनबर्ग की ओर से एक रिपोर्ट आना और सात समुंदर पार से उठे इस सुर को लेकर विपक्ष का ताल लगाना और उससे ज़्यादा गंभीर बात है कि उसका संसद सत्र के साथ संबंध बनाना.'

    "यह षड्यंत्र बहुत साफ दिखाई पड़ता है कि भारत के अंदर वो अराजकता और अस्थिरता और विशेष कर आर्थिक अस्थिरता उत्पन्न करना चाहते हैं."

    उन्होंने कहा है कि यह इस बार की बात नहीं है, पिछले कई वर्षों से संसद सत्र से ठीक पहले या सत्र के दौरान ही विदेश से कोई चीज़ क्यों छप के आती है.

    हिंडनबर्ग की पिछली रिपोर्ट 2023 में बजट सत्र से ठीक पहले आई थी.

    उन्होंने कहा है कि 'मैं सीधे आरोप लगाता हूं कि कांग्रेस और विपक्ष के नेताओं को पता था कि सत्र के दौरान रिपोर्ट आने वाली है.'

    उन्होंने कहा कि सत्र के बाद रिपोर्ट आने से कांग्रेस के मन में छटपटाहट आ गई कि यह रिपोर्ट तो सत्र के दौरान आने वाली थी.

    उन्होंने कहा है कि भारत के अंदर विपक्ष अराजकता और अस्थिरता पैदा करना चाहता है विशेष तौर पर आर्थिक क्षेत्र में.

  17. तुंगभद्रा बांध के गेट की चेन टूटी, तीन राज्यों के किसानों को अलर्ट जारी, इमरान कुरैशी, बीबीसी हिंदी के लिए

    तुंगभद्रा बांध के गेट नंबर 19 की चेन टूटने के कारण कर्नाटक, तेलंगाना और आंध्र प्रदेश के किसानों के लिए चेतावनी जारी की गई है.

    शनिवार रात तुंगभद्रा बांध के गेट की चेन टूटने से 1 लाख क्यूसेक पानी बांध से बह गया है.

    गेट की चेन टूटने के बाद बांध से छूटे पानी की मात्रा तीन गुनी हो गई है. दक्षिण-पश्चिम मानसून के थोड़ा पीछे हटने के बाद अधिकारी प्रतिदिन लगभग 28,000 क्यूसेक पानी छोड़ रहे थे. मानसून के बाद बांध में 105 टीएमसीएफटी पानी का भंडारण था.

    तुंगभद्रा बांध का निर्माण 1953 में किया गया था. गेट संख्या एक से 15 तक का रखरखाव केंद्रीय जल आयोग की ओर से किया जाता है, जबकि गेट संख्या 16 से 32 तक का रखरखाव कर्नाटक सरकार की ओर से किया जाता है.

    विशेष तौर पर यह बात पूछे जाने के बाद कि क्या चेन के टूटने से कोई ख़तरा है. इस पर कर्नाटक के डिप्टी सीएम डीके शिवकुमार ने पत्रकारों से कहा है कि यह एक गंभीर विषय है इस पर हम विशेषज्ञों की राय का पालन करेंगे.

    उन्होंने कहा कि इस विषय का हल निकालने के लिए सभी राज्यों के एक्सपर्ट्स से चर्चा की जा रही है.

    रिपोर्टरों से बात करने के बाद डीके शिवकुमार बेल्लारी के लिए रवाना हो गए जहां वो तुंगभद्रा बांध के बोर्ड के अधिकारियों और सदस्यों से बात करेंगे.

    उन्होंने कहा कि वह किसी स्थानीय विधायकों और राजनेताओं की राय पर नहीं चलेंगे. उन्होंने कहा कि दबाव कम करने के लिए बांध के सभी गेट खोल दिए गए हैं.

    तेलंगाना में प्रवेश करने से पहले तुंगभद्रा बांध का पानी कर्नाटक के दावनगेरे, बेल्लारी, कोप्पल और रायचूर ज़िलों में बहता है और बंगाल की खाड़ी में गिरने से पहले कृष्णा नदी में मिलता है.

    डिप्टी सीएम ने कहा है कि एक राय यह है कि बांध की मरम्मत के लिए उसे खाली करने की आवश्यकता है. विशेषज्ञ इस प्रस्ताव की जांच कर रहे हैं लेकिन इस विषय पर हम विशेषज्ञों की राय का ही पालन करेंगे.

  18. हिंडनबर्ग की नई रिपोर्ट पर अदानी ग्रुप ने क्या कहा

    अमेरिकी रिसर्च फर्म हिंडनबर्ग ने अपनी एक रिपोर्ट में सेबी की चेयरपर्सन माधबी पुरी बुच पर वित्तीय अनिमयितता के आरोप लगाए हैं. रिपोर्ट में बुच और उनके पति धवल बुच की कारोबारी गतिविधियों पर सवाल उठाए गए हैं.

    हिंडनबर्ग की इस रिपोर्ट पर अदानी समूह ने बयान जारी किया है.

    बयान में कहा गया है कि हिंडनबर्ग की ओर से लगाए गए ताजा आरोप में दुर्भावना और शरारत पूर्ण तरीके से सार्वजनिक रूप से उपलब्ध जानकारी का चयन किया गया है. ताकि निजी लाभ के लिए पहले से तय निष्कर्ष पर पहुंचा जा सके. यह तथ्यों और कानूनों का पूरी तरह उल्लंघन है.

    बयान में कहा गया है, '' हम अदानी समूह पर लगाए गए आरापों को पूर्ण रूप से खारिज करते हैं. यह आरोप उन बेबुनियाद दावों की री-साइकलिंग है जिनकी पूरी तरह से जांच की जा चुकी है. इन आरोपों को जनवरी 2024 में सुप्रीम कोर्ट की ओर से पहले ही खारिज़ किया जा चुका है.''

    इससे पहले कांग्रेस ने एक बयान जारी कर अदानी मामले में उच्च अधिकारियों की कथित मिलीभगत उजागर करने के लिए जेपीसी गठित करने की मांग की थी.

  19. जेंडर विवादों में रहीं एक और महिला मुक्केबाज़ ने ओलंपिक में जीता गोल्ड मेडल

    अल्जीरिया की मुक्केबाज़ ईमान ख़लीफ़ के गोल्ड मेडल जीतने के बाद 24 घंटे के अंदर ही जेंडर विवादों में रहीं एक और मुक्केबाज़ ने ओलंपिक में गोल्ड मेडल जीत लिया है.

    ताइवान की मुक्केबाज़ लिन यू-तिंग ने पोलैंड की 20 वर्षीय मुक्केबाज़ जूलिया ज़ेरेमेटा को हराकर गोल्ड मेडल अपने नाम किया है.

    पिछले साल वर्ल्ड बॉक्सिंग चैंपियनशिप के दौरान ईमान ख़लीफ़ और लिन यू-तिंग को जेंडर एलिजिबिलिटी टेस्ट में फेल होने के कारण अयोग्य करार दे दिया गया था. हालांकि उन्हें पेरिस ओलंपिक में भाग लेने की अनुमति दी गई थी.

    इस प्रतियोगिता में यह उनकी सर्वसम्मत निर्णय से चौथी जीत थी, ताइवान की 28 वर्षीय खिलाड़ी ने एक बार फिर अपना दबदबा कायम रखा.

    लिन की जीत ने इस ओलंपिक की सबसे विवादास्पद कहानियों में से एक के अंत का संकेत दिया, लेकिन इस पर बहस जारी रहने की संभावना है और इसका असर इस बात पर भी पड़ सकता है कि लॉस एंजिल्स में होने वाले अगले ओलंपिक में मुक्केबाज़ी हिस्सा होगी या नहीं.

  20. अमेरिका की उपराष्ट्रपति कमला हैरिस ने ग़ज़ा में मारे गए लोगों पर क्या कहा

    अमेरिका की उपराष्ट्रपति कमला हैरिस ने शनिवार को ग़ज़ा में एक स्कूल पर इसराइल के हवाई हमले में हुई आम नागरिकों की मौत की निंदा की है.

    एक अस्पताल के निदेशक ने बीबीसी को बताया है कि विस्थापित फ़लस्तीनियों को आश्रय देने वाले अस्पताल पर हुए हमले में कम से कम 70 लोगों की मौत हुई है.

    कमला हैरिस ने कहा है कि "एक बार फिर से" "कई नागरिकों की मौत" हुई है. उन्होंने बंधकों की रिहाई और युद्ध विराम की मांग को दोहराया है.

    इसराइली सेना के एक प्रवक्ता ने कहा है कि अल-तबाईन स्कूल हमास और इस्लामिक जिहाद मिलिट्री का सक्रिय केंद्र था. हमास ने इस बात से इनकार किया है.

    फिनिक्स एरिज़ोना में एक कार्यक्रम में बोलते हुए कमला हैरिस ने कहा कि इसराइल को हमास पर हमला करने का हक़ है पर आम नागरिकों की जान न जाए यह सुनिश्चित करना भी उसकी एक महत्वपूर्ण ज़िम्मेदारी है.

    डेमोक्रैटिक पार्टी की ओर से राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार कमला हैरिस ने युद्ध विराम और बंधकों के रिहाई की बात दोहराई है.