You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

यूक्रेन के राष्ट्रपति ज़ेलेंस्की ने रूस को हराने का ‘विक्ट्री प्लान’ बताया, रूस ने दी ये प्रतिक्रिया

यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की ने देश की संसद के सामने रूस-यूक्रेन संघर्ष को ख़त्म करने के लिए ‘विक्ट्री प्लान’ पेश किया.

सारांश

  • यूक्रेन के राष्ट्रपति ज़ेलेंस्की ने रूस को हराने का ‘विक्ट्री प्लान’ बताया, रूस ने दी प्रतिक्रिया.
  • नाइजीरिया में तेल से भरा टैंकर पलटा, पेट्रोल लूटने गए 94 लोगों की आग लगने से मौत.
  • उमर अब्दुल्लाह ने जम्मू और कश्मीर के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली, सुरिंदर चौधरी बने डिप्टी सीएम.
  • नायब सिंह सैनी को चुना गया हरियाणा के विधायक दल का नेता.
  • बारिश की वजह से भारत-न्यूज़ीलैंड टेस्ट मैच के पहले दिन का खेल रद्द.

लाइव कवरेज

अभिषेक पोद्दार और सुमंत सिंह

  1. कनाडा के एयरपोर्ट से एयर इंडिया के यात्रियों को भेजा गया शिकागो, मिली थी बम से उड़ाने की धमकी

    कानाडा के इकालुएत एयरपोर्ट पर लैंड कराई गई एयर इंडिया की फ्लाइट AI 127 के यात्रियों को शिकागो के लिए रवाना कर दिया गया है.

    एयर इंडिया ने एक विज्ञप्ति के जरिए इस बात की जानकारी दी है. अपनी विज्ञप्ति में एयरलाइन ने लिखा है,''एयर इंडिया को यह बताते हुए प्रसन्नता हो रही है कि फ्लाइट AI 127 के यात्री, जिन्हें 15 अक्टूबर को कनाडा के इकालुएत में उतार दिया गया था, अब गतंव्य शिकागो की उड़ान भर चुके हैं.”

    एयर इंडिया की विज्ञप्ति के मुताबिक़,'' यात्रियों को कनाडा की वायु सेना के विमान में भेजा जा रहा है जो इकालुएत से 3:54 बजे अपनी उड़ान भर चुका है और इसके 7:48 बजे (यूटीसी) के आस-पास शिकागो में पहुंचने की उम्मीद है. हम कनाडा के प्रशासन/अधिकारियों और इकालुइट एयरपोर्ट के प्रशासन/अधिकारियों के सहयोग और इस बाधा के दौरान यात्रियों और एयर इंडिया को दी गई सहायता के लिए आभार व्यक्त करते हैं.”

    एयर इंडिया को 15 अक्टूबर को शिकागो की ओर जाने वाली फ्लाइट AI 127 को बम से उड़ाने की धमकी मिली थी. जिसके बाद सावधानी बरतते हुए फ्लाइट AI 127 के यात्रियों और स्टाफ को कनाडा के इकालुएत एयरपोर्ट में उतारा गया.

  2. महाराष्ट्र में चुनावों के एलान के बाद राज्य में बीजेपी अध्यक्ष ने कही ये बात

    महाराष्ट्र के विधानसभा चुनाव की तारीखों का एलान हो गया है. चुनाव आयोग ने महाराष्ट्र के साथ-साथ झारखंड विधानसभा चुनाव के तारीख़ों का भी एलान कर दिया है.

    मुख्य निर्वाचन आयुक्त राजीव कुमार ने मंगलवार को बताया कि महाराष्ट्र में एक चरण में 20 नवंबर को मतदान होगा.

    इसी बीच महाराष्ट्र के बीजेपी अध्यक्ष चंद्रशेखर बावनकुले ने सीट बंटवारे को लेकर पार्टी का पक्ष सामने रखा है.

    महाराष्ट्र में बीजेपी, शिवसेना (शिंदे गुट) और एनसीपी (अजित पवार गुट) महायुति गठबंधन का हिस्सा है.

    चंद्रशेखर बवांकुले ने कहा, “आज केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक है. पिछली बार हम चुनाव में जिन सीटों पर बहुत कम अंतर से हारे थे उनकी योजनाओं पर हम चर्चा करेंगे. केंद्रीय चुनाव समिति के पास जो सर्वे है उसके आधार पर कौन जीत सकता है कौन लड़ सकता है उस पर चर्चा करेंगे.”

    महाराष्ट्र बीजेपी अध्यक्ष ने कहा, “हमारी पार्टी मे कोई खींचतान नहीं है. विधायकों के टिकट कटेंगे या नहीं वह फ़ैसला केंद्रीय चुनाव समिति ही करेगी.”

    सीट बंटवारे पर उन्होंने कहा, “महायुति गठबंधन की सीट बंटवारे का फैसला जल्द होगा. हमारे पास हमारी सीट है, एकनाथ जी के पास उनकी है और अजित जी के पास उनकी सीटें हैं.”

    कांग्रेस पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि विकसित भारत और विकसित महाराष्ट्र के लिए अब जनता कांग्रेस के झूठे बहकावे और नौटंकी में नहीं फंसेगी.

  3. संयुक्त राष्ट्र संघ ने कहा- 'उत्तरी लेबनान पर इसराइली हमलों की जांच हो'

    संयुक्त राष्ट्र ने उत्तरी लेबनान में किए गए इसराइली हमले की जांच करने की मांग की है.

    उत्तरी लेबनान में किए गए इसराइली हवाई हमले में 23 लोगों की जान गई थी. संयुक्त राष्ट्र संघ के मानवीय मामलों के कार्यालय के प्रवक्ता जेरेमी लॉरेंस के मुताबिक़ ईसाई बहुल गांव एतो पर किए गए इसराइली हमले से मानवीय क़ानून को लेकर गंभीर चिंताएं पैदा हुई हैं.

    लॉरेंस ने कहा कि इसराइली बमबारी में मारे गए लोगों में 12 महिलाओं और दो बच्चे भी शामिल हैं. यहां तक कि बचावकर्मी मंगलावर को भी ऐतो गांव में मलबे से शवों को बाहर निकाल रहे थे.

    हालांकि इसराइली सेना (आईडीएफ़) ने अभी तक खुद पर लगे आरोपों या फ़िर इस हमले से जुड़ी कोई भी टिप्पणी नहीं की है.

    लेबनान के स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक़ पिछले हफ़्ते गुरुवार को बेरूत की एक इमारत पर इसराइली बमबारी में 22 लोग मारे गए थे.

    वहीं कुछ और रिपोर्ट्स में ऐसा कहा गया है कि ये हमले बिना चेतावनी के किए गए थे और इसमें ईरान समर्थित गुट हिज़्बुल्लाह के वरिष्ठ सदस्य वाकिफ़ सफ़ा को निशाना बनाया गया था. इस हमले में 117 लोग मारे गए थे.

  4. भारत बनाम न्यूज़ीलैंड: बेंगलुरू में आज से खेला जाएगा पहला टेस्ट मैच

    न्यूज़ीलैंड की टीम का भारतीय दौरा शुरू हो चुका है. इस दौरे का पहला टेस्ट मैच 16 अक्टूबर (बुधवार) को बेंगलुरू के चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेला जाना है.

    न्यूज़ीलैंड की टीम भारतीय दौरे पर तीन टेस्ट मैचों की सिरीज़ खेलेगी. इससे पहले बांग्लादेश की टीम ने भी भारत का दौरा किया था. जिसमें उसने दो टेस्ट मैच खेले थे.

    हालांकि भारतीय टीम ने दोनों ही टेस्ट मैच में जीत हासिल करते हुए सिरीज़ में क्लीन स्वीप किया था. वहीं भारतीय दौरे से पहले न्यूज़ीलैंड की टीम ने श्रीलंका का दौरा किया था.

    लेकिन इस टीम का श्रीलंकाई दौरा बेहद ही ख़राब रहा था. अपने इस दौरे में न्यूज़ीलैंड टीम ने दो टेस्ट मैचों की सिरीज़ खेली थी, जिसमें कि उसे हार का सामना करना पड़ा था.

    जहां पहले टेस्ट मैच में न्यूज़ीलैंड की टीम को 63 रन तो वहीं दूसरे टैस्ट मैच में इस टीम को पारी और 154 रनों की बुरी हार का सामना करना पड़ा था.

    ऐसे में इस दौरे में जहां भारतीय टीम घरेलू ज़मीन पर अपने विजयी अभियान को जारी रखना चाहेगी तो वहीं न्यूज़ीलैंड की टीम भी श्रीलंका की हार से उबरने के लिए भारतीय ज़मीन पर जीत का प्रयास करेगी.

    भारत के लिए लिहाज़ से भी यह सिरीज़ काफ़ी अहम है. क्योंकि इस सिरीज़ के बाद उसे दिसंबर में ऑस्ट्रेलियाई ज़मीन पर टेस्ट मैचों की सिरीज़ खेलनी है.

    साल 2024 में भारतीय टीम ने विदेशी धरती पर अभी तक कोई भी टेस्ट मैच नहीं खेला है. ऐसे में ऑस्ट्रेलिया के अपने अहम टूर से पहले भारतीय टीम टेस्ट मैचों में अपनी बेंच स्ट्रेंथ को और भी मज़बूती देना चाहेगी.

  5. महिला टी-20 विश्व कप: वेस्टइंडीज़ ने इंग्लैंड को हरा कर सेमीफ़ाइनल में बनाई जगह

    महिला टी-20 विश्व कप 2024 में ग्रुप बी से साउथ अफ़्रीका के बाद अब वेस्टइंडीज़ की टीम ने भी सेमीफ़ाइनल में अपनी जगह बना ली है.

    मंगलवार को दुबई के दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए मुक़ाबले में वेस्टइंडीज़ की टीम ने इंग्लैंड को छह विकेट से हरा कर सेमीफ़ाइनल में जगह बनाई .

    मैच में वेस्टइंडीज़ ने टॉस जीता और पहले बॉलिंग करने का फ़ैसला किया.पहले बैटिंग करते हुए इंग्लैंड की टीम ने 20 ओवरों में सात विकेट के नुक़सान पर 141 रनों का स्कोर खड़ा किया.

    वहीं लक्ष्य का पीछा करने उतरी वेस्टइंडीज़ की टीम ने 18 ओवरों में केवल चार विकेट खोकर आसानी से जीत दर्ज कर ली.

    वेस्टइंडीज़ की तरफ़ से ओपनर बैटर और कप्तान हैली मैथ्यूज़ और कियाना जोसेफ़ ने पहले विकेट के लिए 102 रनों की साझेदारी करते हुए जीत की नींव रखी.

    कप्तान हैली ने 50 और उनकी साझेदार कियाना ने 52 रन बनाए. साल 2018 के बाद से वेस्टइंडीज़ की टीम ने पहली बार महिला टी-20 विश्व कप के सेमीफ़ाइनल में प्रवेश किया है.

    इस टूर्नामेंट का पहला सेमीफ़ाइनल मैच ऑस्ट्रेलिया और साउथ अफ़्रीका के बीच 17 अक्तूबर को दुबई में होगा.

    वहीं दूसरा सेमीफ़ाइनल मैच 18 अक्तूबर को वेस्टइंडीज़ और न्यूज़ीलैंड के बीच शारजाह में खेला जाएगा. 20 अक्तूबर को दुबई में इस विश्व कप का फ़ाइनल मैच खेला जाना है.

  6. अमेरिका ने कहा 30 दिन में ग़ज़ा में मानवीय सहायता बढ़ाए इसराइल वरना सैन्य समर्थन में कटौती को रहे तैयार

    अमेरिका ने इसराइल को एक पत्र के ज़रिए ग़ज़ा में मानवीय सहायता की पहुंच बढ़ाने के लिए 30 दिनों का वक़्त दिया है.

    ऐसा ना होने पर अमेरिका ने अपनी मदद को रोकने की चेतावनी दी है. अमेरिका ने रविवार को ही इसराइल को यह पत्र भेजा है. यह अभी तक इसराइल के लिए अमेरिकी की सबसे सख़्त चेतावनी है.

    हाल ही में इसराइल ने ग़ज़ा के उत्तरी हिस्से में बड़े पैमाने पर हमले किये थे. कथित तौर पर इन इसराइली हमलों में बड़ी संख्या में लोग घायल हुए थे. जिसके बाद अमेरिका ने यह कदम उठाया है.

    अमेरिका की लिखी गई चिट्ठी में कहा गया है कि वह ग़ज़ा के इलाक़े में बिगड़ती मानवीय स्थिति को लेकर गंभीर रूप से चिंतित है. साथ ही पत्र में यह भी कहा गया है कि उस क्षेत्र में भेजी जा रही लगभग 90 फ़ीसदी मानवीय सहायता को इसराइल ने या तो रोका है या फिर बाधित किया है.

    वहीं एक इसराइली अधिकारी के मुताबिक़, इसराइल फिलहाल अमेरिका के पत्र की समीक्षा कर रहा है और वह इसे गंभीरता से ले रहा है.

    हालांकि इसराइल ने पहले कहा था कि वह ग़ज़ा में हमास के लड़ाकों को निशाना बना रहा है और वह मानवीय सहायता नहीं रोक रहा है.

  7. नमस्कार

    बीबीसी हिंदी के लाइव पन्ने पर आपका स्वागत है. मैं अभिषेक पोद्दार आप तक आज की ताज़ा ख़बरें पहुंचाऊंगा. बीबीसी हिंदी की वेबसाइट पर मौजूद ख़बरों को यहां पढ़ सकते हैं.

    कल के लाइव पन्ने की ख़बरों को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    हमारी वेबसाइट की कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए लिंक्स पर क्लिक कर सकते हैं.

    कनाडा और भारत के संबंध टूट की कगार पर, क्या कह रहे हैं विदेशी मामलों के एक्सपर्ट- पूरी ख़बर पढ़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें.

    दिल्ली और गुजरात: दो हफ़्ते में 13 हज़ार करोड़ की ड्रग्स ज़ब्त, कैसे चल रहा था पूरा नेटवर्क- पूरी ख़बर पढ़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें.

    महाराष्ट्र में विधानसभा चुनाव और मतगणना की तारीख़ का हुआ एलान- पूरी ख़बर पढ़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें.

    जयशंकर के पाकिस्तान जाने पर क्या कह रहे हैं वहाँ के एक्सपर्ट, हीना रब्बानी खर ने कहा- स्मार्ट मूव- पूरी ख़बर पढ़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें.