भारत ने पांचवें टी20 मैच में श्रीलंका को हराकर 5-0 से जीती सिरीज़, दीप्ति ने बनाया यह रिकॉर्ड

भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने पांचवें और आख़िरी टी20 मुक़ाबले में श्रीलंका को 15 रनों से हरा दिया है. इसी के साथ भारत ने यह सिरीज़ 5-0 से अपने नाम कर ली है.

सारांश

लाइव कवरेज

इफ़्तेख़ार अली, अरशद मिसाल

  1. ख़ालिदा ज़िया के निधन पर शहबाज़ शरीफ़ ने कहा- 'बेगम ज़िया पाकिस्तान की एक प्रतिबद्ध दोस्त थीं'

    शहबाज़ शरीफ़

    इमेज स्रोत, Getty Images

    पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ़ ने बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री ख़ालिदा ज़िया के निधन पर दुख जताया है और कहा कि उनके योगदान को याद रखा जाएगा.

    सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर पाकिस्तान के पीएम ने कहा, "बीएनपी की अध्यक्ष और बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री बेगम ख़ालिदा ज़िया के निधन से मुझे गहरा दुख हुआ है."

    उन्होंने कहा, "बांग्लादेश की सेवा और उसके विकास के लिए उनका आजीवन योगदान एक स्थायी विरासत के रूप में याद रखा जाएगा."

    शहबाज़ शरीफ़ ने कहा, "बेगम ज़िया पाकिस्तान की एक प्रतिबद्ध दोस्त थीं. इस दुख की घड़ी में पाकिस्तान सरकार और यहां के लोग बांग्लादेश के लोगों के साथ खड़े हैं."

    उन्होंने कहा, "हमारी संवेदनाएं उनके परिवार, दोस्तों और बांग्लादेश के लोगों के साथ हैं. इस कठिन समय में हमारी दुआएं उनके साथ हैं."

    ये भी पढ़ें:

  2. मुंबई: बीईएसटी बस हादसे में चार लोगों की मौत, सीएम फडणवीस ने किया मुआवज़े का एलान

    सीएम फडणवीस

    इमेज स्रोत, Getty Images

    मुंबई में बीईएसटी की एक बस ने रविर्स के दौरान पैदल चलने वालों को कुचल दिया, जिसमें चार लोगों की मौत हो गई, जबकि नौ लोग घायल हो गए हैं.

    पुलिस के मुताबिक़, यह घटना सोमवार रात क़रीब 10 बजे उपनगर भांडुप पश्चिम के स्टेशन रोड पर हुई.

    घायलों को इलाज के लिए नज़दीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है.

    इस हादसे पर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने दुख जताया है और मुआवज़े का एलान किया है.

    सीएम की ओर से किए गए पोस्ट के मुताबिक़, मृतकों के परिजनों को 5 लाख रुपये की सहायता राशि दी जाएगी.

  3. शेख़ हसीना ने ख़ालिदा ज़िया के निधन पर जारी किया ये बयान

    शेख़ हसीना

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, बीते साल हुए आंदोलन के बाद शेख़ हसीना बांग्लादेश छोड़कर भारत चली आई थीं

    बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख़ हसीना ने बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) की अध्यक्ष और पूर्व प्रधानमंत्री बेगम ख़ालिदा ज़िया के निधन पर शोक जताया है.

    शेख़ हसीना ने कहा, "बांग्लादेश की पहली महिला प्रधानमंत्री के तौर पर और देश में लोकतंत्र की स्थापना के संघर्ष में उनकी भूमिका अहम रही है. देश के लिए उनका योगदान महत्वपूर्ण था और उसे याद किया जाएगा."

    उन्होंने कहा कि ख़ालिदा ज़िया का निधन बांग्लादेश के राजनीति और बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी के नेतृत्व के लिए एक बड़ी क्षति है.

    शेख़ हसीना ने ख़ालिदा ज़िया के बेटे तारिक़ रहमान और उनके परिवार के प्रति संवेदना जताई.

    बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री ख़ालिदा ज़िया का 80 साल की उम्र में मंगलवार को निधन हो गया है.

    ये भी पढ़ें:

  4. ख़ालिदा ज़िया के निधन पर पीएम मोदी ने दुख जताते हुए कही कई बातें

    पीएम मोदी और ख़ालिदा ज़िया

    इमेज स्रोत, Narendra Modi/X

    इमेज कैप्शन, पीएम मोदी ने ख़ालिदा ज़िया के साथ मुलाक़ात की पुरानी तस्वीर शेयर की है

    बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री ख़ालिदा ज़िया के निधन पर भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दुख जताया है और उनके साथ हुई एक मुलाक़ात को याद किया.

    पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा, "बीएनपी प्रमुख बेगम ख़ालिदा ज़िया के निधन की ख़बर से गहरा दुख हुआ है."

    उन्होंने कहा, "उनके परिवार और बांग्लादेश के सभी लोगों के प्रति हमारी गहरी संवेदनाएं हैं. ईश्वर उनके परिवार को इस अपूरणीय क्षति को सहने की शक्ति दे."

    प्रधानमंत्री ने कहा कि बांग्लादेश की पहली महिला प्रधानमंत्री के रूप में 'देश के विकास' और 'भारत-बांग्लादेश संबंधों को मज़बूत' करने में उनके अहम योगदान को हमेशा याद किया जाएगा.

    उन्होंने कहा, "मुझे 2015 में ढाका में उनसे हुई अपनी मुलाक़ात याद है. हमें उम्मीद है कि उनका दृष्टिकोण और विरासत हमारे आपसी साझे संबंधों को आगे भी दिशा देती रहेगी."

    बांग्लादेश की पूर्व और पहली महिला प्रधानमंत्री ख़ालिदा ज़िया का 80 साल की उम्र में मंगलवार सुबह छह बजे निधन हो गया.

  5. ख़ालिदा ज़िया के निधन पर मोहम्मद यूनुस ने क्या कहा?

    मोहम्मद यूनुस

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, मोहम्मद यूनुस ने कहा है कि वह ख़ालिदा ज़िया के निधन से 'बेहद दुखी' हैं (फ़ाइल फ़ोटो)

    बांग्लादेश की अंतरिम सरकार के मुख्य सलाहकार मोहम्मद यूनुस ने मंगलवार को पूर्व प्रधानमंत्री ख़ालिदा ज़िया के निधन पर 'गहरा शोक' जताया है.

    यूनुस ने कहा कि बेगम ख़ालिदा ज़िया के निधन से देश ने एक महान संरक्षक को खो दिया है. उन्होंने कहा, "उनके निधन से मैं बेहद दुखी और मर्माहत हूं."

    सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर ख़ालिदा ज़िया के बारे में बात करते हुए यूनुस ने कहा कि वह 'सिर्फ़ किसी राजनीतिक दल की नेता नहीं' थीं, बल्कि उन्होंने बांग्लादेश के इतिहास में 'एक अहम अध्याय' का प्रतिनिधित्व किया.

    मोहम्मद यूनुस ने बताया कि इसी महीने की शुरुआत में सरकार ने ख़ालिदा ज़िया के योगदान, लंबे संघर्ष और जनता की गहरी भावनाओं को देखते हुए उन्हें देश की 'वेरी इम्पॉर्टेंट पर्सन' घोषित किया था.

    मुख्य सलाहकार ने कहा कि बांग्लादेश में लोकतंत्र की स्थापना, बहुदलीय राजनीतिक संस्कृति और लोगों के अधिकारों के लिए उनके संघर्ष को हमेशा याद रखा जाएगा.

    बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री ख़ालिदा ज़िया का 80 साल की उम्र में मंगलवार को निधन हो गया है.

    बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी के मीडिया सेल ने सबसे पहले फ़ेसबुक पर उनके निधन की सूचना दी.

  6. पुतिन के आवास पर कथित ड्रोन हमले के बाद पाकिस्तान ने ये कहा

    प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ़

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ़ ने रूस के साथ एकजुटता जताई है

    पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ़ ने रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के एक आवास पर कथित ड्रोन हमले की निंदा की है.

    दरअसल, रूस ने आरोप लगाया है कि यूक्रेन ने राष्ट्रपति पुतिन के एक आवास पर ड्रोन हमला किया है. हालांकि यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की ने इस आरोप को ख़ारिज कर दिया है.

    पाकिस्तान के पीएम ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा, "पाकिस्तान, रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के आवास को निशाना बनाए जाने की ख़बरों की निंदा करता है."

    उन्होंने कहा, "इस तरह की घटना शांति, सुरक्षा और स्थिरता के लिए गंभीर ख़तरा है, ख़ासकर ऐसे समय में जब शांति के प्रयास चल रहे हैं."

    शहबाज़ शरीफ़ ने राष्ट्रपति पुतिन के साथ-साथ रूस की सरकार और जनता के प्रति एकजुटता जताई है.

    पाकिस्तानी पीएम ने कहा है कि वह हर तरह की हिंसा और ऐसे कृत्यों का विरोध करता है, जो 'सुरक्षा को नुक़सान' पहुंचाते हैं और 'शांति को ख़तरे' में डालते हैं.

  7. 'पुतिन के आवास पर 91 ड्रोन से हमला', यूक्रेन ने आरोप पर क्या कहा?

    राष्ट्रपति ज़ेलेंस्की

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, रूस की ओर से लगाए गए आरोपों पर राष्ट्रपति ज़ेलेंस्की ने प्रतिक्रिया दी है

    यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की ने रूस के उस आरोप को ख़ारिज कर दिया है, जिसमें कहा गया था कि यूक्रेन ने राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के एक आवास पर ड्रोन हमला किया है.

    ज़ेलेंस्की ने आरोप लगाया कि रूस शांति को लेकर चल रही बातचीत को ख़राब करने की कोशिश कर रहा है.

    रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव ने दावा किया कि यूक्रेन ने रात के दौरान 91 लंबी दूरी के मानवरहित हवाई वाहनों (यूएवी) का इस्तेमाल करते हुए रूस के नोवगोराद इलाक़े में स्थित पुतिन के सरकारी आवास पर हमला किया.

    रूस ने कहा है कि अब वह शांति वार्ताओं में अपनी स्थिति की समीक्षा करेगा. हालांकि अभी यह साफ़ नहीं है कि कथित हमले के समय राष्ट्रपति पुतिन वहां मौजूद थे या नहीं.

    ज़ेलेंस्की ने इस दावे को 'रूस का जाना-पहचाना झूठ' बताया और कहा कि इसका मक़सद क्रेमलिन को यूक्रेन पर हमले जारी रखने का बहाना देना है.

  8. नेतन्याहू से मुलाक़ात में ट्रंप ने ईरान और हमास को दी चेतावनी

    ट्रंप और नेतन्याहू

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, राष्ट्रपति ट्रंप ने ग़ज़ा के पुनर्निर्माण पर भी प्रतिक्रिया दी है

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोमवार को फ़्लोरिडा में इसराइल के प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू से मुलाक़ात की.

    राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा है कि वह ग़ज़ा पीस प्लान के दूसरे चरण तक 'बहुत जल्दी' पहुँचने की उम्मीद कर रहे हैं. साथ ही उन्होंने चेतावनी दी कि अगर हमास ने जल्द हथियार नहीं डाले, तो उसे 'गंभीर नतीजे' भुगतने होंगे.

    20 सूत्रीय पीस प्लान में हमास के निरस्त्रीकरण की शर्त शामिल है.

    बैठक के बाद नेतन्याहू के साथ प्रेस कॉन्फ़ेंस में ट्रंप ने कहा कि इसराइल ने योजना का '100 फ़ीसदी पालन' किया है.

    लेकिन ट्रंप के इस दावे के बावजूद ग़ज़ा में इसराइली सेना के हमले जारी हैं.

    अमेरिकी राष्ट्रपति ने यह भी कहा कि अगर ईरान अपने बैलिस्टिक मिसाइल या परमाणु हथियार कार्यक्रम को फिर से आगे बढ़ाता है, तो अमेरिका उसके ख़िलाफ़ एक और बड़े हमले का समर्थन कर सकता है.

    उन्होंने यह भी कहा कि ग़ज़ा में पुनर्निर्माण का काम 'बहुत जल्दी' शुरू हो सकता है.

    ग़ज़ा पीस प्लान अक्तूबर में लागू हुई थी. इसके दूसरे चरण के तहत ग़ज़ा में एक टेक्नोक्रेटिक सरकार बनाई जाएगी, हमास हथियार डालेगा और इसराइली सैनिक इलाक़े से पीछे हटेंगे.

    इसके बाद ग़ज़ा के पुनर्निर्माण की प्रक्रिया शुरू होगी.

    हमास की ओर से संचालित स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, सीज़फ़ायर लागू होने के बाद से ग़ज़ा में इसराइली सेना की ओर से कम से कम 414 फ़लस्तीनियों को मार दिया गया है.

  9. नमस्कार!

    बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता इफ़्तेख़ार अली अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.

    कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    हमारे पेज पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.