इसराइल में मिसाइल हमला, कई लोग घायल

इमेज स्रोत, Reuters
शुक्रवार तड़के उत्तरी इसराइल के एक गांव पर मिसाइल गिरने से कई लोग घायल हो गए हैं. यह जानकारी इसराइल की आपातकालीन सेवाओं ने दी है.
एम्बुलेंस सेवा मैगन डेविड अडोम (एमडीए) ने बताया कि पैरामेडिक्स ने 58 लोगों का इलाज किया और उन्हें नाज़रेथ के पास जरज़िर गांव में हुए हमले के बाद आसपास के अस्पतालों में पहुंचाया.
इसराइली मीडिया के अनुसार, छर्रे लगने से घायल हुई एक महिला की हालत गंभीर है वहीं अन्य 57 लोगों को मामूली चोटें आई हैं.
इसराइली सेना ने कहा कि होम फ्रंट कमांड के सदस्य घटनास्थल पर भेजे गए हैं.
सेना ने एक बयान में कहा, "बल आपातकालीन और बचाव एजेंसियों के साथ मिलकर घटनास्थल की स्थिति का आकलन कर रहे हैं, ताकि इलाके को सुरक्षित किया जा सके."
बयान में यह भी कहा गया, "घटना की परिस्थितियों की समीक्षा की जा रही है."








