You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.
यूक्रेन से बातचीत के सवाल पर पुतिन ने लिया भारत का भी नाम, क्या हैं इसके मायने
व्लादिवोस्तोक में ईस्टर्न इकोनोमिक फोरम में उन्होंने कहा कि यूक्रेन के साथ चल रही जंग थम सकती है और युद्धविराम के लिए चीन, ब्राज़ील और भारत मध्यस्थता कर सकते हैं
सारांश
- यूक्रेन से बातचीत पर बोले पुतिन - भारत, ब्राज़ील और चीन संघर्ष रोकने के लिए गंभीर
- जर्मनी: म्यूनिख में इसराइली वाणिज्य दूतावास के पास संदिग्ध व्यक्ति की पुलिस फ़ायरिंग में मौत
- हरियाणा में बीजेपी मंत्री रणजीत सिंह चौटाला का इस्तीफ़ा
- पीएम मोदी के सिंगापुर दौरे में सेमीकंडक्टर समेत चार एमओयू पर हुए हस्ताक्षर
- कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने घोषणा की है कि वो जम्मू-कश्मीर को राज्य का दर्जा दिलाकर रहेंगे
- उत्तर प्रदेश में भेड़ियों के बढ़ते हमलों को देखते हुए सरकार ने गोली मारने का आदेश जारी किया है
लाइव कवरेज
संदीप राय और दीपक मंडल
अमेरिका ने रूस पर 2024 के राष्ट्रपति चुनावों में दख़लंदाज़ी के लगाए आरोप, ताज़ा प्रतिबंधों की घोषणा, सैम कैब्राल, बीबीसी न्यूज़, वॉशिंगटन
अमेरिका ने रूस पर 2024 के राष्ट्रपति चुनावों में दख़लंदाज़ी के आरोप लगाए हैं और रूस के सरकारी मीडिया के अधिकारियों पर प्रतिबंध लगाए हैं.
अमेरिका ने राष्ट्रपति चुनावों में दख़ल देने के लिए बड़े पैमाने पर अभियान चलाने का रूस पर आरोप लगाया.
अटॉर्नी जनरल मेरिक गारलैंड ने रूस की सरकारी मीडिया आरटी (पूर्व में रशियन टुडे) पर आरोप लगाया कि वो अमेरिकी दर्शकों तक छिपे हुए “रूसी संदेशों को बनाने और पहुंचाने के लिए टेनेसी की एक फ़र्म को एक करोड़ डॉलर दिए हैं.”
जिन 10 लोगों पर प्रतिबंध लगाए गए हैं, उनमें आरटी की प्रमुख मार्गरीटा सिमोन्यान का भी नाम प्रमुख है. अमेरिका ने कहा है, “हमारे संस्थानों पर जनता के भरोसे को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की जा रही है.”
आरटी ने अपनी संलिप्तता के आरोपों से इनकार किया है.
गारलैंड ने कहा है कि डोनाल्ड ट्रंप और कमला हैरिस के बीच चुनाव में मॉस्को “अपने अनुसार नतीजे” चाहता है.
व्हाइट हाउस के राष्ट्रीय सुरक्षा प्रवक्ता जॉन कीर्बी ने कहा कि रूस की परियोजना “यूक्रेन के लिए अंतरराष्ट्रीय समर्थन को कम करने, रूस समर्थक नीतियों और हितों को आगे बढ़ाने और अमेरिका में मतदाताओं को प्रभावित करने की थी.”
अमेरिका अधिकारियों ने कहा कि आरटी और रूस की अन्य सरकारी मीडिया ने अपनी ग़लत गतिविधियों के समर्थन में अमेरिकी इन्फ़्लूएंसर्स को छिपे तौर पर भर्ती करने का अभियान चला रखा है.
बाइडन प्रशासन ने प्रतिबंध समेत की ये घोषणाएं-
- आरटी के दो मैनेजरों पर अमेरिका की धरती पर रूसी समर्थक प्रोपेगैंडा फैलाने के लिए वित्तीय मदद मुहैया कराने का आरोप.
- दो संस्थाओं और 10 लोगों पर प्रतिबंध लगाया गया है जिनमें आरटी की एडिटर इन चीफ़ सिमोन्यान भी शामिल हैं.
- रूस की सरकारी मीडिया से जुड़े कर्मचारियों के वीज़ा पर पाबंदी.
- एआई जेनरेटेड झूठे नैरेटिव फैलाने के लिए 32 इंटरनेट डोमेन को ज़ब्त किया गया है, जो सोशल मीडिया पर अमेरिकी जनता के बीच प्रोपेगैंडा फ़ैलाते हैं.
- रोसिया सेगोद्न्या और इससे जुड़े पांच प्लेटफ़ॉर्म आरआईए नोवोस्ती, आरटी, टीवी-नोवोस्ती, रप्टली और स्पुतनिक को विदेशी मिशन का दर्ज़ा दिया गया है और इनसे जुड़े कर्मचारियों की जानकारी अमेरिकी सरकार को देनी होगी.
- रूसी ग्रुप, रशियन एंग्री हैकर्स डिड इट (RaHDit) से जुड़े हैकरों की जानकारी देने के लिए एक करोड़ डॉलर के इनाम की घोषणा.
2020 के अमेरिका राष्ट्रपति चुनावों में भी रूस पर दख़लदाज़ी के आरोप लगे थे.
पेरिस पैरालंपिक में धरमबीर और हरविंदर सिंह ने गोल्ड जीत कर रचा इतिहास
पेरिस पैरालंपिक में बुधवार को दो भारतीय खिलाड़ियों ने गोल्ड जीत कर इतिहास रच दिया है.
तीरंदाज़ हरविंदर सिंह ने मेंस सिंगल्स रीकर्व ओपेन आर्चरी में गोल्ड जीत कर इतिहास रचा है.
पैरा गेम्स में स्वर्ण पदक जीतने वाले पहले भारतीय तीरंदाज़ हैं.
उनकी जीत पर राष्ट्रपति द्रौपदी मूर्मू और पीएम नरेंद्र मोदी ने बधाई दी है.
बुधवार को ही क्लब थ्रो में धरमबीर ने भी रिकॉर्ड बनाते हुए गोल्ड मेडल जीता.
इसके अलावा वर्ल्ड चैंपियन शॉट पुटर सचिन सारजेराव खिलाड़ी और एक अन्य क्लब थ्रोवर प्रणव सूरमा ने सिल्वर मेडल जीता.
धरमबीर ने एफ़51 इवेंट में 34.92 के थ्रो का शानदार प्रदर्शन किया. इस खेल में गोल्ड जीतने वाले वो पहले भारतीय खिलाड़ी बन गए हैं.
भारतीय खिलाड़ियों ने बेहतरीन प्रदर्शन किया और पांच गोल्ड के साथ भारत को अबतक कुल 24 पदक हासिल हुए हैं. इनमें 9 सिल्वर और 10 ब्रॉन्ज मेडल हैं.
इसके साथ ही भारत पेरिस पैरालंपिक की पदक तालिका में 13वें स्थान पर पहुंच गया है.
पैरालंपिक में यह भारत का अबतक का सबसे शानदार प्रदर्शन है और खेल के तीन दिन और बचे हैं तो पदक संख्या बढ़ने की उम्मीद की जा रही है.
अमेरिका के स्कूल में गोलीबारी में चार लोगों की मौत, 9 घायल, नाबालिग़ हमलावर गिरफ़्तार
अमेरिका के जॉर्जिया में एक हाई स्कूल में हुई गोलीबारी में चार लोग मारे गए जबकि 9 लोग घायल हुए हैं.
पुलिस ने क़त्ल के आरोप में 14 साल के एक लड़के को गिरफ़्तार किया है, जो वहीं का छात्र है.
जॉर्जिया की जांच एजेंसी ने कहा है कि बुधवार को हुई इस घटना में मरने वालों में दो स्टूडेंट और दो शिक्षक हैं.
गोलीबारी की ख़बर के बाद जब पुलिस पहुंची तो हमलावर ने आत्मसमर्पण कर दिया और ज़मीन पर लेट गया.
गिरफ़्तार हमलावर की पहचान कोल्ट ग्रे के रूप में की गई है, जो उसी स्कूल में पढ़ता था. अब उस पर एक वयस्क की तरह मुक़दमाचलेगा.
कोल्ट ग्रे की गतिविधियों पर पहले भी एफ़बीआई को शक था और पिछले साल मई में एफ़बीआई ने परिजनों से पूछताछ की थी.
उस समय स्कूल शूटिंग को लेकर सोशल मीडिया पर धमकी दी थी, लेकिन उसे तब गिरफ़्तार नहीं किया गया था.
पिता ने अधिकारियों को बताया था कि उनके पास शिकारी बंदूकें हैं और उन पर उनकी कड़ी निगरानी रहती है.
इस स्कूल में क़रीब 1900 स्टूडेंट पढ़ते हैं.
नमस्कार
बीबीसी हिंदी के लाइव पेज में आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता संदीप राय आप सभी तक आज की बड़ी ख़बरें पहुंचाऊंगा.
आप बीबीसी हिंदी के पेज पर मौजूद बड़ी ख़बरों को इस लिंक पर क्लिककर पढ़ सकते हैं.
हरियाणा विधानसभा चुनाव में कांग्रेस और आम आदमी पार्टी गठबंधन के लिए बातचीत कर रही है. कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व ने कथित तौर पर इस गठबंधन के लिए सहमति दे दी है, लेकिन इस रास्ते में कई मुश्किलें भी हैं. दोनों ही दल विपक्ष के 'इंडिया गठबंधन' का हिस्सा भी हैं. पूरी ख़बर पढ़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें.
तुर्की ब्रिक्स समूह में शामिल होना चाहता है. समाचार एजेंसी एपी से तुर्की के एक अधिकारी ने इसकी पुष्टि की है. हालांकि तुर्की ने इस बारे में औपचारिक एलान नहीं किया है. पूरी रिपोर्ट पढ़ने के लिएयहां क्लिक करें.
उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव और वर्तमान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुलडोज़र और एक-दूसरे पर कई बार बयान दिए हैं, जिसकी चर्चाएं हैं. दोनों नेताओं ने क्या कहा? ये जानने के लिएयहां क्लिक करें.
लैटरल एंट्री को लेकर पिछले दिनों काफ़ी विवाद रहा और मोदी सरकार ने 45 पदों पर होने वाली नियुक्ति रोक दी. इसकी शुरुआत देश के पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू ने ही कर दी थी. पूरी ख़बर पढ़ने के लिए इसलिंक पर क्लिक करें.
सोमवार को सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई के दौरान जस्टिस बीआर गवई और जस्टिस केवी विश्वनाथ की पीठ ने राज्य सरकारों के ‘बुलडोज़र एक्शन’ पर सवाल खड़े किए थे. उत्तर प्रदेश में कई ऐसी संपत्तियों पर बुलडोज़र चलाया गया है, जब संपत्ति के मालिक का नाम किसी विवाद या किसी आपराधिक मामले से जुड़ा था. पूरी ख़बर पढ़ने के लिएयहां क्लिक करें.
बुधवार यानी कल के लाइव पेज पर मौजूद ख़बरों को पढ़ने के लिएइस लिंक पर क्लिककरें.