ट्रंप ने कहा, 'मेरे पास चॉइस होती तो ईरान का तेल ले लेता और ख़ूब पैसे कमाता'

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को लेकर अपनी धमकी दोहराई है कि अगर वो सरेंडर नहीं करता है तो अमेरिका उसके इंफ्रास्ट्रक्चर पर हमला करता रहेगा.

सारांश

लाइव कवरेज

रौनक भैड़ा, चंदन कुमार जजवाड़े

  1. ईरान ने ट्रंप की धमकी पर संयुक्त राष्ट्र से कहा- 'अगर ज़मीर ज़िंदा होता तो...'

    अब्बास अरागची

    इमेज स्रोत, OZAN KOSE/AFP via Getty Images

    इमेज कैप्शन, ईरान ने अंतरराष्ट्रीय समुदाय और सभी देशों से वॉर क्राइम के ख़िलाफ़ कदम उठाने की अपील की

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को धमकी देते हुए कहा था कि वो मंगलवार को पावर प्लांट और ब्रिज पर हमला करेंगे. अब इस पर ईरान ने संयुक्त राष्ट्र से कहा है कि 'उसे इस पर चुप नहीं रहना चाहिए था.'

    संयुक्त राष्ट्र में ईरान के स्थायी मिशन ने आधिकारिक एक्स हैंडल पर लिखा, "अगर संयुक्त राष्ट्र का ज़मीर ज़िंदा होता, तो वह अमेरिका के युद्ध चाहने वाले राष्ट्रपति की इस खुली और बेशर्म धमकी पर चुप न रहता. ट्रंप इस पूरे इलाक़े को एक अंतहीन युद्ध में घसीटना चाहते हैं."

    "यह सीधे और खुले तौर पर आम लोगों को डराने की कोशिश है. वॉर क्राइम करने की साफ़ नीयत का सबूत है."

    ईरान ने अपील करते हुए कहा, "अंतरराष्ट्रीय समुदाय और सभी देशों की क़ानूनी ज़िम्मेदारी है कि ऐसे भयानक वॉर क्राइम को रोका जाए. उन्हें अभी क़दम उठाना होगा. कल बहुत देर हो जाएगी."

  2. इसराइली पीएम नेतन्याहू ने डोनाल्ड ट्रंप को दी बधाई, बोले- साहसी फ़ैसला लिया

    बिन्यामिन नेतन्याहू और डोनाल्ड ट्रंप

    इमेज स्रोत, ANDREW CABALLERO-REYNOLDS/AFP via Getty Images

    इसराइल के प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से बात की है.

    अमेरिकी सैन्य अफ़सर को बचाने के 'मिशन की सफलता' पर नेतन्याहू ने ट्रंप को बधाई भी दी है.

    बिन्यामिन नेतन्याहू ने एक्स पर लिखा, "मैंने राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से बात की. उन्हें उनके साहसी फ़ैसले और दुश्मन के इलाक़े में गिरे सैन्य अफ़सर को बचाने के लिए पूरी तरह सफल अमेरिकी मिशन पर व्यक्तिगत रूप से बधाई दी."

    "राष्ट्रपति ट्रंप ने इसराइल की मदद के लिए अपना आभार जताया. मुझे बहुत गर्व है कि मैदान और मैदान से बाहर हमारी साझेदारी अभूतपूर्व है."

    उन्होंने कहा, "इस बात पर भी गर्व है कि इसराइल एक बहादुर अमेरिकी सैनिक को बचाने में योगदान दे सका."

    अमेरिका ने रविवार को यूएस एफ़-15 लड़ाकू विमान के लापता क्रू मेंबर को बचाने की जानकारी दी थी.

    इस विमान को शुक्रवार को दक्षिणी ईरान के ऊपर मार गिराया गया था. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रविवार सुबह सोशल मीडिया पर इस रेस्क्यू ऑपरेशन की पुष्टि की.

  3. विदेश मंत्री जयशंकर ने ईरान के विदेश मंत्री अराग़ची से बात की

    एस जयशंकर

    इमेज स्रोत, Raj K Raj/Hindustan Times via Getty Images

    इमेज कैप्शन, विदेश मंत्री एस जयशंकर ने मध्य पूर्व के तीन देशों के विदेश मंत्रियों से बात की (फ़ाइल फ़ोटो)

    भारत के विदेश मंत्री एस जयशंकर ने जानकारी दी है कि उनकी ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराग़ची से फ़ोन पर बात हुई है.

    एस जयशंकर ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा, "ईरान के विदेश मंत्री अराग़ची का फ़ोन आया. मौजूदा हालात पर बात हुई."

    भारत स्थित ईरानी दूतावास ने एक्स पर बताया कि इस बातचीत में दोनों नेताओं ने आपसी रिश्तों के साथ-साथ क्षेत्रीय और अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर भी चर्चा की.

    इससे पहले जयशंकर ने संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के उप प्रधानमंत्री और विदेश मंत्री शेख अब्दुल्ला बिन ज़ायद अल नाहयान से बातचीत होने की जानकारी दी.

    क़तर के प्रधानमंत्री और विदेश मंत्री शेख़ मोहम्मद बिन अब्दुलरहमान अल थानी से भी उनकी बातचीत हुई.

    एस जयशंकर ने तीनों देशों के विदेश मंत्रियों से मध्य पूर्व के हालात पर चर्चा की.

  4. नमस्कार!

    बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता रौनक भैड़ा अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.

    कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    हमारे पेज पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.