You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

अमेरिका-इसराइल से चल रही जंग के बीच ईरान के राष्ट्रपति ने अब क्या कहा?

अमेरिका-इसराइल से चल रही जंग के बीच ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेज़ेश्कियान ने कहा है कि 'जो लोग ईरान को ख़त्म करने का ख़्वाब देखते हैं, वे इतिहास नहीं जानते.'

सारांश

लाइव कवरेज

इफ़्तेख़ार अली, रौनक भैड़ा

  1. अब इस लाइव ब्लॉग को विराम देने का वक़्त आ गया है. बीबीसी संवाददाता रौनक भैड़ा को दीजिए इजाज़त. कल एक नए लाइव ब्लॉग के साथ फिर हाज़िर होंगे.

    आप बीबीसी हिन्दी पर मौजूद अहम ख़बरों को उनके साथ दिए गए लिंक्स पर क्लिक कर विस्तार से पढ़ सकते हैं.

  2. अमेरिका-इसराइल से चल रही जंग के बीच ईरान के राष्ट्रपति ने अब क्या कहा?

    अमेरिका-इसराइल से चल रही जंग के बीच ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेज़ेश्कियान ने कहा है कि 'जो लोग ईरान को ख़त्म करने का ख़्वाब देखते हैं, वे इतिहास नहीं जानते.'

    मसूद पेज़ेश्कियान ने एक्स पर लिखा, "ईरान कम से कम 6,000 साल पुरानी सभ्यता का वारिस है. इतिहास की कठिनाइयों में भी कोई ताक़त इस नाम को मिटा नहीं सकी."

    उन्होंने लिखा, "जो लोग ईरान को ख़त्म करने का सपना देखते हैं, वे इतिहास को नहीं जानते. हमलावर आते-जाते रहे हैं, लेकिन ईरान हमेशा बना रहा है."

    इससे पहले सुप्रीम नेशनल सिक्योरिटी काउंसिल के वरिष्ठ नेता अली लारिज़ानी ने भी कहा कि ईरान ट्रंप की धमकियों से नहीं डरता.

    उन्होंने एक्स पर लिखा, "ईरान ट्रंप की बेकार धमकियों से नहीं डरता. आपसे बड़े लोग भी ईरानी राष्ट्र को मिटा नहीं पाए."

    अली लारिज़ानी ने चेतावनी दी, "सावधान रहो, कहीं ख़ुद ही मिट ना जाओ."

    यह बयान तब आया है जब अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा, "स्ट्रेट ऑफ़ होर्मुज़ में तेल की आवाजाही को रोका गया तो ईरान पर बीस गुना ज़ोरदार हमला किया जाएगा."

  3. बालेन शाह ने पीएम मोदी को दिया धन्यवाद, भारत को टी-20 वर्ल्ड कप जीतने की दी बधाई

    नेपाल की राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी के नेता बालेन शाह ने मंगलवार को भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को शुभकामनाओं के लिए धन्यवाद दिया.

    बालेन शाह ने एक्स पोस्ट में लिखा, "आपकी शुभकामनाओं के लिए धन्यवाद. मुझे विश्वास है कि आने वाले दिनों में हम मिलकर नेपाल और भारत के बीच मौजूद ऐतिहासिक, क़रीबी और कई पहलुओं वाले रिश्तों को और मज़बूत बनाएंगे."

    उन्होंने आगे लिखा, "साथ ही, मैं भारत सरकार और भारत की जनता को लगातार दूसरी बार वर्ल्ड कप ख़िताब जीतने पर बधाई देता हूं."

    इससे पहले सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बताया था कि उन्होंने राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी के अध्यक्ष रवि लामिछाने और वरिष्ठ नेता बालेन शाह से फ़ोन पर बातचीत की.

    पीएम मोदी ने एक्स पोस्ट में बताया, "दोनों नेताओं को उनके चुनावी जीत और नेपाल चुनावों में राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी की बड़ी सफलता पर बधाई दी. भारत की यह प्रतिबद्धता जताई कि हम दोनों देशों की आपसी तरक़्क़ी, प्रगति और भलाई के लिए साथ मिलकर काम करेंगे."

    ग़ौरतलब है कि हाल ही में हुए नेपाल संसदीय चुनावों में बालेन शाही आरएसपी को भारी बहुमत हासिल हुआ है.

  4. टी-20 वर्ल्ड कप की ट्रॉफ़ी को लेकर दिए कीर्ति आज़ाद के बयान पर ईशान किशन ने क्या कहा?

    भारतीय क्रिकेट टीम के टी-20 वर्ल्ड कप जीतने के बाद पूर्व क्रिकेटर और तृणमूल कांग्रेस के सांसद कीर्ति आज़ाद का एक बयान खूब वायरल हुआ. इस पर क्रिकेटर ईशान किशन से भी सवाल किया गया.

    ईशान किशन पटना लौटे तो मीडिया ने उनसे कीर्ति आज़ाद के बयान पर सवाल किया.

    इसके जवाब में ईशान किशन ने कहा, "हमने कितना अच्छा वर्ल्ड कप जीता है, आप भी कुछ अच्छे सवाल पूछिए. कीर्ति आज़ाद ने क्या कहा है, अब इसमें मैं क्या बोलूं."

    दरअसल, इससे पहले कीर्ति आज़ाद ने एक्स पोस्ट में कहा था, "ट्रॉफ़ी किसी एक धर्म की नहीं होती, बल्कि पूरे देश की होती है."

    उन्होंने पूछा, "टीम में हर धर्म के खिलाड़ी हैं, फिर ट्रॉफ़ी को सिर्फ़ एक मंदिर क्यों ले जाया गया? इसे मस्जिद, चर्च या गुरुद्वारे में नहीं क्यों ले जाया गया?"

  5. पाकिस्तान के प्रधानमंत्री ने ईरान के नए सुप्रीम लीडर पर क्या कहा?

    पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ़ ने ईरान के नए सुप्रीम लीडर मोजतबा ख़ामेनेई की नियुक्ति पर प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने मोजतबा को नई 'ज़िम्मेदारी' मिलने पर बधाई दी है.

    शहबाज़ शरीफ़ ने एक्स पर लिखा, "मैं आयतुल्लाह मोजतबा ख़ामेनेई को ईरान के सर्वोच्च नेता की ज़िम्मेदारी संभालने पर बधाई देता हूं. मैं पाकिस्तान की जनता की ओर से उनके पिता आयतुल्लाह अली ख़ामेनेई और अन्य परिवारजनों की शहादत पर गहरी संवेदना और दुआएं पेश करता हूं."

    उन्होंने आगे लिखा, "मुझे पूरा भरोसा है कि नए सर्वोच्च नेता आने वाले समय में ईरान को शांति, स्थिरता और तरक़्क़ी की ओर ले जाएंगे."

    इससे पहले रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन भी मोजतबा ख़ामेनेई को बधाई दे चुके हैं. हालांकि, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा था कि वे मोजतबा की नियुक्ति से 'नाख़ुश' हैं.

  6. ईरान ने बताया अमेरिका-इसराइल से चल रही जंग में अब तक कितने लोग मारे गए?

    ईरान ने दावा किया है कि अमेरिका-इसराइल के साथ चल रहे युद्ध में अब तक ईरान में 1300 से ज़्यादा लोग मारे गए हैं.

    बीबीसी अरबी के मुताबिक़, संयुक्त राष्ट्र में ईरान के राजदूत ने कहा कि अमेरिका-इसराइल के हवाई और मिसाइल हमलों में कम से कम 1332 ईरानी नागरिक मारे गए हैं और हज़ारों लोग घायल हुए हैं.

    ईरानी सरकार की प्रवक्ता फ़तेमेह मोहाजरानी ने बताया, "मारे गए 1332 लोगों में 206 महिलाएं और बच्चे शामिल हैं. मरने वालों में 193 की उम्र 18 साल से कम थी."

    फ़तेमेह मोहाजरानी ने कहा, "मारे गए लोगों में सबसे छोटी बच्ची आठ महीने की थी, जबकि घायल होने वालों में सबसे छोटी बच्ची चार महीने की थी."

    प्रवक्ता का कहना है कि मंगलवार सुबह तक मिले आंकड़ों के अनुसार, युद्ध शुरू होने से अब तक 52 स्वास्थ्य केंद्रों को निशाना बनाया गया है.

  7. अमेरिकी रक्षा मंत्री ने कहा, 'आज ईरान पर बहुत जबरदस्त हमले होंगे'

    अमेरिका के रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने दावा किया है कि आज ईरान में बहुत जबरदस्त हमले होंगे. साथ ही ईरान के नए सुप्रीम लीडर को भी चेतावनी दी है.

    रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने पेंटागन से पत्रकारों से बात करते हुए कहा, "आज ईरान में बहुत जबरदस्त हमले होंगे. सबसे ज़्यादा लड़ाकू विमान, सबसे ज़्यादा बॉम्बर और सबसे ज़्यादा हमले. ख़ुफ़िया जानकारी पहले से ज़्यादा सटीक और बेहतर है."

    हेगसेथ ने कहा, "ईरानी सरकार तेज़ी से परमाणु बम बनाने की कोशिश कर रही है, लेकिन राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ऐसा होने नहीं देंगे."

    उन्होंने कहा कि ईरानी ताक़तें "जानबूझकर मासूमों को निशाना बना रही हैं, क्योंकि उन्हें पता है कि उनकी अपनी ताक़त धीरे-धीरे ख़त्म की जा रही हैं."

    हेगसेथ ने ईरान के नए सुप्रीम लीडर पर कहा, "मोजतबा ख़ामेनेई की समझदारी इसी में है कि वो डोनाल्ड ट्रंप का संदेश मानें और परमाणु हथियार बनाने की कोशिश न करें."

    गौरतलब है कि अमेरिका-इसराइल और ईरान के बीच चल रही जंग का आज 11वां दिन है. अमेरकी राष्ट्रपति ट्रंप का दावा है कि युद्ध 'जल्द ही ख़त्म हो जाएगा.'

  8. गैस की किल्लत की चर्चाओं के बीच क्या बोले भारत सरकार के पेट्रोलियम मंत्री?

    भारत में गैस सप्लाई की कमी को लेकर हो रही चर्चाओं के बीच पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने बयान जारी किया है. उन्होंने कहा है कि घरेलू उपभोक्ताओं के लिए गैस सप्लाई की कोई किल्लत नहीं है.

    हरदीप सिंह पुरी ने एक्स पोस्ट में लिखा, "आज मीडिया जगत के सदस्यों के साथ हुई अनौपचारिक बातचीत में चर्चा हुई कि भारत की ऊर्जा आयात अलग-अलग स्रोतों और रास्तों से जारी है. हमने युद्ध जैसी स्थिति के बावजूद क़दम उठाए हैं ताकि घरेलू उपभोक्ताओं को 100% सीएनजी और पीएनजी की सप्लाई मिले. बाक़ी उद्योगों को भी 70-80% तक सप्लाई मिलती रहे."

    उन्होंने लिखा, "हम घरेलू उपभोक्ताओं को सस्ती ऊर्जा बिना रुकावट देने के लिए प्रतिबद्ध हैं. घरेलू उपभोक्ताओं के लिए कोई कमी नहीं है और घबराने की कोई वजह नहीं है."

    गौरतलब है कि कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धरमैया ने इस विषय पर पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी को पत्र भी लिखा है.

    कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी और सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने भी यह मुद्दा उठाया है.

  9. कर्नाटक: सीएम सिद्धारमैया ने एलपीजी की कमी पर केंद्र सरकार को लिखा पत्र, इमरान कुरैशी, बीबीसी हिन्दी के लिए

    कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने केंद्र सरकार से कहा है कि होटलों और रेस्तरां के लिए पर्याप्त मात्रा में कमर्शियल एलपीजी (गैस) उपलब्ध कराई जाए.

    मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने बताया कि बड़ी संख्या में घर से दूर रहने वाले छात्र और नौकरीपेशा लोग इन जगहों पर खाना खाते हैं.

    पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी को लिखे पत्र में सिद्धारमैया ने मंत्रालय के उस आदेश की सराहना की है, जिसमें 'तेल कंपनियों को घरेलू एलपीजी की सप्लाई को प्राथमिकता' देने को कहा गया है. लेकिन उन्होंने कहा कि इस आदेश के लागू होने से बेंगलुरु में कमर्शियल एलपीजी की कमी हो गई है.

    मुख्यमंत्री ने बताया, "कई होटल और रेस्तरां एसोसिएशन ने शिकायत की है कि उन्हें कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर नहीं मिल पा रहे हैं. कई ने चिंता जताई है कि इससे उन्हें अपने होटल या रेस्टोरेंट अस्थायी रूप से बंद करना पड़ सकता है."

    सिद्धारमैया ने कहा, “इस सप्लाई में अचानक रुकावट से बेंगलुरु के होटल, कैटरिंग और अन्य कमर्शियल जगहों पर बुरा असर पड़ रहा है. अगर उनका कामकाज रुकता है तो शहर की रोज़मर्रा की ज़िंदगी पर सीधा असर पड़ेगा.”

    एचएसआर लेआउट में राजस्थानी खाना बेचने वाले छोटे रेस्तरां के मालिक अशोक ने बीबीसी हिन्दी से कहा, “हम हर दो दिन में दो सिलेंडर लेते हैं ताकि ज़रूरत पूरी हो सके. हमें नहीं पता कि कल सप्लाई मिलेगी या नहीं. यह हमें परेशान करता है.”

  10. रिजिजू बोले- वायनाड की सांसद होतीं बेहतर नेता विपक्ष, प्रियंका गांधी ने दिया ये जवाब

    बीजेपी नेता और संसदीय कार्यमंत्री किरेन रिजिजू ने लोकसभा में कहा कि प्रियंका गांधी नेता प्रतिपक्ष होतीं तो शायद परफ़ॉर्मेंस अच्छी रहती.

    किरेन रिजिजू ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा, "मैंने पहली बार ऐसा देखा जब वो (राहुल गांधी) वहां से दौड़कर आए और प्रधानमंत्री को गले लगाने के लिए झपट पड़े. फिर अपनी कुर्सी पर बैठकर अपने सांसद को देखकर आंख मारते हैं. ऐसा नेता प्रतिपक्ष हमने पहली बार देखा है."

    किरेन रिजिजू ने स्पीकर से मुख़ातिब होकर कहा, "सभापति महोदय आप वहां बैठे हैं और विपक्षी सदस्य चेयर को 'यार' बोलते हैं. राज्यसभा में उपसभापति को 'कलीग' बताते हैं. जबकि राज्यसभा और लोकसभा के सभापति सदन के कस्टोडियन होते हैं."

    उन्होंने आगे कहा, "प्रियंका गांधी पीछे बैठकर मुस्कुरा रही हैं, अगर इनको नेता प्रतिपक्ष बनाते तो शायद परफ़ॉर्मेंस थोड़ा अच्छा होता. वो कम से कम बैठती हैं, सुनती हैं और मुस्कुराती भी हैं. मैंने सार्वजनिक रूप से कहा है कि बतौर संसदीय कार्यमंत्री, किसी भी सांसद का व्यवहार अच्छा है तो मुझे सराहना करनी चाहिए."

    दूसरी तरफ़, कांग्रेस महासचिव और सांसद प्रियंका गांधी ने कहा, "एक ही व्यक्ति है इस देश में, जो 12 साल में इनके सामने झुका नहीं है. वो नेता विपक्ष राहुल गांधी हैं. वो इस सदन में खड़े होकर बेझिझक सच बोलते हैं और सच इनसे पचता नहीं है."

  11. कार्टून : बस इतना ही?

  12. भारतीय गेंदबाज़ अर्शदीप सिंह ने ऐसा क्या किया जो आईसीसी ने लगा दिया जुर्माना

    भारतीय टीम के तेज़ गेंदबाज़ अर्शदीप सिंह पर इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (आईसीसी) की आचार संहिता तोड़ने पर मैच फ़ीस पर 15 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया है.

    आईसीसी के मुताबिक़, अर्शदीप ने आचार संहिता के आर्टिकल 2.9 का उल्लंघन किया. यह आर्टिकल कहता है, "अंतरराष्ट्रीय मैच के दौरान गेंद या किसी अन्य क्रिकेट उपकरण को खिलाड़ी की तरफ़ या उसके पास ग़लत और ख़तरनाक तरीके से फेंकना नियम तोड़ना है."

    यह घटना टी-20 वर्ल्ड कप 2026 के फ़ाइनल में न्यूज़ीलैंड की पारी के 11वें ओवर में हुई. अर्शदीप ने गेंद को फ़ील्ड किया और ग़ुस्से में ग़लत तरीके से फेंक दिया, जो बल्लेबाज़ डैरिल मिशेल के पैड्स पर लगी.

    मैच फ़ीस पर 15 प्रतिशत जुर्माना लगाने के साथ-साथ अर्शदीप के अनुशासन रिकॉर्ड में एक डिमेरिट पॉइंट जोड़ा गया है.

    ग़ौरतलब है कि लेवल 1 उल्लंघन पर न्यूनतम सज़ा आधिकारिक चेतावनी होती है, जबकि अधिकतम सज़ा खिलाड़ी की मैच फ़ीस का 50 प्रतिशत जुर्माना और एक या दो डिमेरिट पॉइंट हो सकती है.

  13. नेतन्याहू ने कहा - 'टूट रही है ईरानी शासन की रीढ़, तानाशाही से छुटकारा दिलाना है मक़सद'

    इसराइल के प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू ने कहा कि वह ईरान के लोगों को 'तानाशाही से छुटकारा' दिलाना चाहते हैं.

    पीएम नेतन्याहू ने स्वास्थ्य मंत्री हैम कैट्ज़ के साथ नेशनल हेल्थ कमांड सेंटर का दौरा किया. उन्होंने कमांड सेंटर की कार्यप्रणाली देखी.

    इस नेतन्याहू ने कहा, "हमारी कोशिश है कि ईरान के लोग तानाशाही से छुटकारा पा सकें. आख़िर में यह उन्हीं पर निर्भर करता है. लेकिन इसमें कोई शक नहीं कि अब तक उठाए गए क़दमों से हम ईरानी शासन की रीढ़ तोड़ रहे हैं और अभी भी एक्टिव हैं."

    "अगर हम ईरान के लोगों के साथ मिलकर सफल होते हैं, तो हम एक स्थायी बदलाव लाएंगे. इस संघर्ष का बड़ा हिस्सा आक्रामक पक्ष पर है, लेकिन बहुत बड़ा हिस्सा रक्षात्मक पक्ष पर भी है. रक्षात्मक पक्ष सबसे पहले जनता की इच्छा और नागरिकों की ताक़त है."

    गौरतलब है कि अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा था कि ईरान में चल रहा युद्ध 'जल्द ख़त्म' हो सकता है. ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कोर ने कहा कि 'युद्ध कब ख़त्म होगा, यह ईरान तय करेगा.'

  14. अमेरिका से समझौता और स्ट्रेट ऑफ़ होर्मुज़ बंद करने के सवाल पर क्या बोले ईरानी विदेश मंत्री

    ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराग़ची ने अमेरिका से समझौते के सवाल पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि इस मामले में ईरान का 'कड़वा अनुभव' रहा है.

    अराग़ची से अमेरिकी चैनल पीबीएस न्यूज़ को दिए एक इंटरव्यू में पूछा गया- क्या ईरान ने युद्ध पर बातचीत के लिए अमेरिकी अधिकारियों से संपर्क किया है?

    इस पर अराग़ची ने कहा, "मुझे नहीं लगता कि अब बातचीत की मेज़ पर फ़ैसला होगा. ईरान का अमेरिकियों से बात करने का 'बहुत कड़वा अनुभव' रहा है."

    अराग़ची ने अमेरिका और इसराइल पर कहा, "मुझे नहीं लगता कि उनके दिमाग़ में कोई आख़िरी लक्ष्य है. अब तक वे अपने सारे मक़सद पूरे करने में नाकाम रहे हैं."

    अराग़ची ने मोजतबा ख़ामेनेई की नियुक्ति पर कहा, "आयतुल्लाह अली ख़ामेनेई के बेटे की नियुक्ति का मतलब है कि उनके पिता का शासन आगे बढ़ रहा है और इससे कुछ स्थिरता भी मिलती है."

    स्ट्रेट ऑफ़ होर्मुज़ बंद होने से बढ़ते तेल के दाम को लेकर पूछे गए सवाल पर अराग़ची ने कहा, "तेल की कीमतों में वृद्धि हमारी ग़लती नहीं है, इसके लिए इसराइल और अमेरिकी हमले और आक्रामकता ज़िम्मेदार हैं."

    वे आगे कहते हैं, "ईरान ने स्ट्रेट ऑफ़ होर्मुज़ को बंद नहीं किया है और हम आवागमन करने से नहीं रोक रहे हैं."

  15. ट्रंप के बयान के बाद वैश्विक बाज़ार में तेल की क़ीमतों में गिरावट

    डोनाल्ड ट्रंप के 'जल्द युद्ध ख़त्म होने' और स्ट्रेट ऑफ़ होर्मुज़ से तेल की आवाजाही के संबंध में दिए गए बयानों के बाद, तेल की क़ीमतें 88 डॉलर तक गिर गईं, जबकि एक दिन पहले ही कीमतें 117 डॉलर तक पहुंच गई थीं.

    ब्रेंट क्रूड ऑयल के एक बैरल की क़ीमत 93 डॉलर से अधिक है.

    डोनाल्ड ट्रंप ने चेतावनी दी है कि अगर ईरान स्ट्रेट ऑफ़ होर्मुज़ से तेल की आवाजाही को रोकने के लिए कोई भी कार्रवाई करता है तो उसे "बहुत कड़ी" कार्रवाई का सामना करना पड़ेगा.

    दुनिया के लगभग 20 प्रतिशत तेल का परिवहन यहीं से होकर होता है.

    ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया पर लिखा, "अगर ईरान स्ट्रेट ऑफ़ होर्मुज़ से तेल की आवाजाही को रोकने के लिए कोई कार्रवाई करता है, तो अमेरिका ईरान पर पहले से कहीं अधिक 20 गुना जोरदार हमला करेगा."

    उन्होंने लिखा, "इसके अलावा हम ऐसे लक्ष्यों को भी निशाना बनाएंगे जिन्हें आसानी से नष्ट किया जा सकता है. इससे ईरान के लिए फिर कभी एक राष्ट्र के रूप में दोबारा खड़ा होना लगभग असंभव हो जाएगा. उन पर मौत, आग और तबाही बरसेगी... लेकिन मुझे उम्मीद है और मैं दुआ करता हूं कि ऐसा न हो."

    "यह अमेरिका की ओर से चीन और उन सभी देशों के लिए एक तरह का उपहार है जो स्ट्रेट ऑफ़ होर्मुज़ का बहुत इस्तेमाल करते हैं. उम्मीद है कि इस कदम की सराहना की जाएगी.”

    ईरानी रिवोल्यूशनरी गॉर्ड्स ने धमकी दी है कि ईरान इस क्षेत्र से "एक लीटर तेल" भी निर्यात नहीं होने देगा.

  16. प्रश्न पत्र स्कैन में 'गाने का वीडियो' खुलने के आरोप पर सीबीएसई ने क्या कहा

    सेंट्रल बोर्ड ऑफ़ सेकेंडरी एजुकेशन यानी सीबीएसई ने कहा है कि कक्षा 12 की गणित बोर्ड परीक्षा के प्रश्नपत्र पूरी तरह असली हैं और उनकी सुरक्षा से कोई समझौता नहीं हुआ है.

    सीबीएसई की ओर से यह स्पष्टीकरण तब आया जब सोशल मीडिया पर यह दावा किया गया कि प्रश्नपत्र पर छपे एक क्यूआर कोड को स्कैन करने पर एक गाने का यूट्यूब वीडियो खुल रहा था.

    कक्षा 12 की गणित की परीक्षा 9 मार्च को हुई थी. परीक्षा ख़त्म होने के तुरंत बाद प्रश्नपत्र के स्क्रीनशॉट ऑनलाइन पर फैलने लगे. कुछ छात्रों ने दावा किया कि प्रश्नपत्र पर मौजूद क्यूआर कोड स्कैन करने पर उन्हें म्यूज़िक वीडियो दिखाई दिया.

    अपने बयान में सीबीएसई ने कहा कि बोर्ड परीक्षा के प्रश्नपत्रों में कई सुरक्षा फीचर होते हैं, जिनमें क्यूआर कोड भी शामिल हैं. इनका इस्तेमाल किसी संभावित गड़बड़ी की स्थिति में प्रश्नपत्र की प्रामाणिकता जांचने के लिए किया जाता है.

    बोर्ड ने माना कि कुछ प्रश्नपत्र सेट में एक क्यूआर कोड स्कैन करने पर यूट्यूब वीडियो खुलने की बात सामने आई है. हालांकि सीबीएसई ने स्पष्ट किया कि इससे प्रश्नपत्र की सत्यता या सुरक्षा पर कोई असर नहीं पड़ा है.

    बोर्ड ने कहा, "प्रश्नपत्र पूरी तरह असली हैं और उनकी सुरक्षा से कोई समझौता नहीं हुआ है."

  17. नमस्कार!

    अब तक बीबीसी संवाददाता इफ़्तेख़ार अली आप तक ख़बरें पहुंचा रहे थे.

    अब से रात 10 बजे तक बीबीसी संवाददाता रौनक भैड़ा आप तक अहम ख़बरें पहुंचाएंगे.

    बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के पन्ने पर लगी कुछ अहम ख़बरें पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.

  18. 'युद्ध कब ख़त्म होगा, यह ईरान तय करेगा': इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड

    ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कोर (आईआरजीसी) ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बयान पर प्रतिक्रिया दी है.

    ट्रंप ने कहा था कि ईरान में चल रहा युद्ध जल्द खत्म हो सकता है. हालांकि इसे लेकर उन्होंने कोई तारीख़ नहीं बताई थी.

    आईआरजीसी ने कहा है कि युद्ध कब ख़त्म होगा, यह ईरान तय करेगा.

    समाचार एजेंसी रॉटर्स के मुताबिक़, आईआरजीसी ने चेतावनी दी है कि अगर अमेरिका और इसराइल के हमले जारी रहे तो क्षेत्र से 'एक लीटर तेल भी निर्यात नहीं होने दिया जाएगा.'

    इस बीच होर्मुज़ स्टेट को लेकर बढ़ते तनाव के कारण तेल की क़ीमतों में बढ़ोत्तरी की आशंका है.

    दुनिया के कुल तेल का लगभग 20 फ़ीसदी हिस्सा इसी समुद्री रास्ते से गुज़रता है.

  19. ईरान के स्कूल पर हमले की ज़िम्मेदारी पर डोनाल्ड ट्रंप ने क्या कहा?

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से सोमवार को ईरान के मिनाब में एक स्कूल पर हुए हमले की ज़िम्मेदारी को लेकर सवाल पूछा गया. इस हमले में 168 लोगों की मौत हुई थी, जिनमें 110 बच्चे शामिल हैं.

    राष्ट्रपति ट्रंप ने जवाब में कहा कि टॉमहॉक मिसाइल अमेरिका में बनती है, लेकिन इसका इस्तेमाल कई देश करते हैं, जिनमें ईरान भी शामिल है.

    बाद में ट्रंप से कहा गया कि उनके प्रशासन में शायद वही अकेले हैं जो यह कह रहे हैं कि कोई दूसरा देश अमेरिकी मिसाइल हासिल कर स्कूल पर हमला कर सकता है.

    विशेषज्ञों ने पहले बीबीसी को बताया था कि न तो इसराइल और न ही ईरान के पास टॉमहॉक मिसाइल होने की जानकारी है.

    इस पर ट्रंप ने कहा कि मुझे इसके बारे में पूरी जानकारी नहीं है. हमले की जांच चल रही है.

    ट्रंप ने कहा, "जांच रिपोर्ट जो भी बताएगी, मैं उसे स्वीकार करने के लिए तैयार हूं."

  20. वर्ल्ड चैंपियन टीम इंडिया को बीसीसीआई देगा 131 करोड़ रुपये का नकद पुरस्कार

    भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड यानी बीसीसीआई ने टीम इंडिया को आईसीसी पुरुष टी20 वर्ल्ड कप 2026 जीतने पर 131 करोड़ रुपये के नकद इनाम की घोषणा की है.

    भारत ने न्यूज़ीलैंड को फ़ाइनल में हराकर यह ख़िताब जीता था. इसके अलावा, भारत तीन बार आईसीसी पुरुष टी20 वर्ल्ड कप जीतने वाली पहली टीम भी बन गई है.

    बीसीसीआई ने खिलाड़ियों, सहयोगी स्टाफ़ और चयनकर्ताओं को इस ऐतिहासिक उपलब्धि के लिए बधाई दी और भविष्य के लिए शुभकामनाएं भी दी हैं.