You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

'महिलाएं रसोई के औज़ारों के साथ तैयार रहें', ममता बनर्जी ने एसआईआर पर ऐसा क्यों कहा?

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने गुरुवार को नदिया ज़िले के कृष्णनगर में मतदाता सूची के स्पेशल इंटेंसिव रिवीज़न (एसआईआर) के मुद्दे पर बयान दिया है.

सारांश

लाइव कवरेज

संदीप राय और इफ़्तेख़ार अली

  1. राहुल गांधी ने क्यों कहा- अमित शाह संसद में घबराए हुए थे

    बुधवार को संसद में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के दिए गए भाषण पर लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने आज प्रतिक्रिया दी है.

    संसद से बाहर पत्रकारों से बात करते हुए राहुल गांधी ने कहा, "अमित शाह कल घबराए हुए थे, उन्होंने गलत भाषा का इस्तेमाल किया, उनके हाथ कांप रहे थे. वे मानसिक दबाव में है, यह कल संसद में दिखा. मैंने जो बातें बोली थी उस पर उन्होंने कोई बात नहीं की, कोई सबूत नहीं दिया. मैंने कल उन्हें चुनौती दी कि आ जाइए सदन में मेरी प्रेस कॉन्फ्रेंस पर चर्चा करते हैं पर कोई जवाब नहीं मिला."

    चुनाव सुधार पर संसद में चर्चा के दौरान राहुल गांधी ने मंगलवार को सरकार से तीन सवाल पूछे थे. केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बुधवार को लोकसभा में इन सवालों का जवाब दिया.

    गृह मंत्री के भाषण की आज भी काफ़ी चर्चा रही और बीजेपी सांसदों और नेताओं ने इसकी काफ़ी तारीफ़ की जबकि विपक्ष के नेताओं ने कहा कि किसी सवाल का जवाब नहीं मिला.

  2. अमेरिका की संसदीय कमेटी में दिखाई गई पीएम मोदी और राष्ट्रपति पुतिन की ये तस्वीर

    अमेरिका में विदेशी मामलों की एक संसदीय कमेटी में सुनवाई के दौरान, हाल ही में संपन्न हुई राष्ट्रपति पुतिन के भारत दौरे की एक तस्वीर दिखाई गई.

    इस तस्वीर में पीएम नरेंद्र मोदी और राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन एक ही कार में बैठे हैं.

    इस तस्वीर के बारे में चर्चा करते हुए अमेरिकी रिप्रेज़ेंटेटिव सिडनी कैमलागर-डोव ने कहा, “यह तस्वीर अपने आप में बहुत कुछ कहती है.”

    भारत को लेकर ट्रंप प्रशासन की नीति को उन्होंने आत्मघाती बताया और कहा, “अमेरिका के रणनीतिक साझेदारों को विरोधियों के खेमे में धकेलने के लिए आपको नोबल पीस प्राइज़ नहीं मिलेगा. हमें नुकसान की भरपाई के लिए तुरंत उपाय करना चाहिए और सहयोग का रास्ता अख़्तियार करना चाहिए, जो अमेरिकी संपन्नता, सुरक्षा और वैश्विक नेतृत्व के लिए बहुत ज़रूरी है.”

    कैमलागर-डोव विदेशी मामलों की दक्षिण और मध्य एशियाई उप समिति की सुनवाई के दौरान बोल रहीं थीं.

    अमेरिकी रिप्रेज़ेंटेटिव प्रमिला जयपाल ने भी चिंता व्यक्त की कि टैरिफ़ और इमिग्रेशन नीतियां भारत-अमेरिका के आर्थिक और लोगों के बीच संबंधों पर असर डाल रही हैं.

    यह सुनवाई ऐसे समय में हो रही है जब बीते मंगलवार को ही ट्रंप ने भारत के चावल निर्यात पर अतिरिक्त टैरिफ़ लगाने का संकेत दिया था.

  3. 'धुरंधर' पर ऋतिक रोशन के बयान को लेकर सोशल मीडिया पर छिड़ी चर्चा

    हाल ही में रिलीज़ हुई फ़िल्म 'धुरंधर' में अभिनय के लिए एक्टर अक्षय खन्ना की काफ़ी तारीफ़ हो रही है.

    अभिनेता ऋतिक रोशन ने भी फ़िल्म के क्राफ़्ट, अभिनय और अन्य कई पहलुओं की जमकर तारीफ़ की लेकिन सबसे अधिक चर्चा उनके एक बयान की हो रही है.

    ऋतिक रोशन ने कहा कि वो भले ही इस ‘फ़िल्म के राजनीतिक मैसेज से सहमत नहीं’ हैं, फिर भी इसकी मजबूत कहानी उन्हें पसंद आई.

    'धुरंधर' का पोस्टर साझा करते हुए ऋतिक ने अपने इंस्टाग्राम स्टोरी में लिखा, “कहानी कहने का तरीक़ा पसंद आया. मैं इसकी राजनीति से भले सहमत नहीं हो सकता और इस बात पर बहस कर सकता हूं कि दुनिया के नागरिक होने के नाते हम फ़िल्ममेकर्स को क्या ज़िम्मेदारियां उठानी चाहिए. फिर भी मैं इस बात से इनकार नहीं कर सकता कि सिनेमा के एक स्टूडेंट के नाते यह मुझे बहुत पसंद आई.”

    सोशल मीडिया पर कुछ लोगों ने इस बयान को लेकर उन्हें ट्रोल करना शुरू कर दिया.

    इसके बाद एक्स पर ऋतिक रोशन ने एक पोस्ट किया, जिसमें 'राजनीतिक संदेश' का कोई ज़िक्र नहीं किया.

    उन्होंने लिखा, "धुरंधर अभी भी मेरे दिमाग से नहीं निकल रही है, आदित्य धर आप कमाल के फ़िल्म निर्माता हैं. रणवीर- ख़ामोशी से उग्रता तक का सफ़र, क्या ग़ज़ब का सफ़र और कमाल की निरंतरता. अक्षय खन्ना हमेशा से मेरे पसंदीदा रहे हैं और यह फ़िल्म इसका सबूत है. एक्टर माधवन- कमाल का अभिनय, गरिमा, शक्ति और सम्मान."

    ऋतिक ने पार्ट-2 के बेसब्री से इंतज़ार की बात भी कही.

  4. ट्रंप ने 'गोल्ड कार्ड' इमिग्रेशन वीज़ा लॉन्च किया, देने होंगे इतने डॉलर, ऑसमंड चिया, बिज़नेस रिपोर्टर

    राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक योजना शुरू की है, जिसमें कम से कम 10 लाख डॉलर का भुगतान करने वाले संपन्न विदेशियों को अमेरिकी वीज़ा दिए जाएंगे.

    ट्रंप ने बुधवार को ट्रुथ सोशल पर लिखा, "यह कार्ड खरीदारों को सभी योग्य और सत्यापित लोगों के लिए नागरिकता का सीधा रास्ता देगा. बहुत रोमांचक. हमारी महान अमेरिकी कंपनियां अब अपने अनमोल टैलेंट को रख सकेंगी."

    ट्रंप गोल्ड कार्ड की घोषणा इसी साल की शुरुआत में की गई थी.

    आधिकारिक वेबसाइट के अनुसार, यह एक अमेरिकी वीज़ा है जो उन लोगों को दिया जाता है जो यह साबित कर सकें कि वे देश को 'महत्वपूर्ण लाभ' देंगे.

    यह ऐसे समय में आया है जब वॉशिंगटन अपनी इमिग्रेशन सख़्ती बढ़ा रहा है, जिसमें वर्क वीज़ा फ़ीस बढ़ाना और बिना दस्तावेज़ वाले प्रवासियों को निर्वासित करना शामिल है.

    गोल्ड कार्ड योजना 'रिकॉर्ड समय' में अमेरिकी नागरिकता देने का वादा करती है और इसके लिए 10 लाख डॉलर की फ़ीस देनी होगी.

    कर्मचारियों को स्पॉन्सर करने वाले बिज़नेस को 20 लाख डॉलर के साथ अतिरिक्त फ़ीस भी देनी होगी.

    वेबसाइट ने कहा कि कार्ड का एक 'प्लैटिनम' संस्करण भी है, जो विशेष टैक्स छूट देता है और यह जल्द ही 50 लाख डॉलर में उपलब्ध होगा.

    फ़रवरी में पहली बार घोषणा के बाद से ही गोल्ड कार्ड योजना की आलोचना होती रही है. कुछ डेमोक्रेट्स का कहना है कि यह अमीरों को अनुचित रूप से फ़ायदा पहुंचाएगी.

  5. अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि ने कहा- भारत ने अबतक का सबसे बेहतरीन प्रस्ताव दिया

    अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि जेमीसन ग्रीर ने कहा है कि अमेरिका को भारत की ओर से सबसे अच्छी ट्रेड डील का प्रस्ताव मिला है.

    जेमीसन ग्रीर बुधवार को अमेरिकी सीनेट की एक कमेटी के सामने पेश हुए थे और भारत के साथ व्यापार समझौते को लेकर पूछे गए एक सवाल के जवाब में उन्होंने ये बात कही.

    उन्होंने कहा, “मेरी टीम इस समय, जब हम बात कर रहे हैं, नई दिल्ली में है. भारत में कुछ रॉ-क्रॉप्स और अन्य उत्पादों को लेकर विरोध है. जैसा आपने कहा, उनसे ट्रेड डील करना वाकई मुश्किल काम है. मैं इससे 100 प्रतिशत सहमत हूँ, लेकिन वे काफ़ी आगे बढ़कर बात कर रहे हैं… जैसे प्रस्तावों पर वे हमसे बात कर रहे हैं, वे हमारे देश को अब तक मिले सबसे अच्छे प्रस्ताव हैं. मुझे लगता है कि (भारत) एक व्यवहारिक वैकल्पिक बाज़ार है.”

    भारत और अमेरिका के बीच व्यापार समझौते पर बातचीत के लिए अमेरिकी ट्रेड वार्ताकार बुधवार से दो दिन के दौरे पर दिल्ली में हैं.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़, वार्ता के पहले दिन भारत के वाणिज्य सचिव राजेश अग्रवाल ने अमेरिकी उप व्यापार प्रतिनिधि रिक स्विट्जर से मुलाकात की.

    वाणिज्य विभाग ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा, "दोनों पक्षों ने भारत-अमेरिका व्यापार और आर्थिक संबंधों से संबंधित मामलों पर विचार-विमर्श किया, जिसमें पारस्परिक लाभ के लिए द्विपक्षीय व्यापार समझौते पर चल रही बातचीत भी शामिल है."

    भारत और अमेरिका के बीच व्यापार को लेकर कई दौर की वार्ता हुई है और यह इसलिए भी बहुत अहम है क्योंकि ट्रंप प्रशासन ने अमेरिकी बाज़ारों में भारतीय सामानों पर 50 प्रतिशत का भारी शुल्क लगाया है.

  6. वेनेज़ुएला के साथ तनाव चरम पर, अमेरिका ने ज़ब्त किया तेल टैंकर

    दक्षिण अमेरिका में तनाव और बढ़ गया है. अमेरिका ने बुधवार को वेनेज़ुएला के तट के पास एक ऑयल टैंकर को ज़ब्त कर लिया है.

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने व्हाइट हाउस में पत्रकारों से कहा, "हमने अभी वेनेज़ुएला के तट पर एक टैंकर ज़ब्त किया है, यह बहुत बड़ा है, वास्तव में अब तक का सबसे बड़ा ज़ब्त किया गया टैंकर है."

    अमेरिकी अटॉर्नी जनरल पैम बॉन्डी ने कहा कि यह टैंकर कई सालों से प्रतिबंधित है क्योंकि इसका संबंध "विदेशी आतंकवादी संगठनों का समर्थन करने वाले अवैध तेल शिपिंग नेटवर्क में शामिल होने" से रहा है.

    उन्होंने सोशल मीडिया पर एक क्लिप पोस्ट की, जिसमें ऐसा दिखता है कि अमेरिकी सैनिक हेलिकॉप्टर के ज़रिए जहाज़ पर चढ़ रहे हैं.

    वेनेज़ुएला की सरकार ने इस पर कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए अमेरिका पर "चोरी" और "अंतरराष्ट्रीय समुद्री लूट" का आरोप लगाया है.

    वेनेज़ुएला की सरकार पहले भी आरोप लगाती रही है कि अमेरिका वास्तव में उसके राष्ट्रपति निकोलस मादुरो को हटाने की कोशिश कर रहा है.

    अमेरिका ने हाल के हफ्तों में इस क्षेत्र में अपनी सैन्य मौजूदगी बढ़ा दी है. इसे उसने नशीली दवाओं की तस्करी से लड़ने के ख़िलाफ़ अभियान बताया है.

  7. गोवा सरकार ने अभियुक्त लूथरा ब्रदर्स का पासपोर्ट रद्द करने का अनुरोध किया

    गोवा के एक नाइट क्लब हादसे के सिलसिले में गोवा सरकार ने विदेश मंत्रालय से अभियुक्त गौरव लूथरा और सौरभ लूथरा का पासपोर्ट रद्द किए जाने का अनुरोध किया है.

    विदेश मंत्रालय के सूत्रों के अनुसार, मंत्रालय पासपोर्ट अधिनियम के तहत पासपोर्ट रद्द करने पर विचार कर रहा है.

    गोवा के नाइट क्लब में छह दिसंबर की रात भीषण आग लग गई थी जिसमें 25 लोगों की मौत हो गई. इस क्लब के मालिकों में गौरव लूथरा और सौरभ लूथरा शामिल हैं.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार, सौरभ और गौरव लूथरा, उत्तरी गोवा में स्थित नाइट क्लब 'बर्च बाई रोमियो लेन' नाइट क्लब के सह मालिक हैं और आग की घटना के तुरंत बाद थाईलैंड के फ़ुकेट भाग गए.

    एजेंसी के मुताबिक़, उनके ख़िलाफ़ इंटरपोल का ब्लू कॉर्नर नोटिस जारी किया गया है.

    दिल्ली की एक अदालत ने बुधवार को इस दोनों को गिरफ़्तारी से किसी भी तरह की अंतरिम राहत देने से इनकार कर दिया, जबकि आग की घटना के सिलसिले में उनके पार्टनर को हिरासत में लिया गया है.

    हालांकि, अदालत में, लूथरा भाइयों के वकील ने यह आरोप ख़ारिज किया कि वे भाग गए थे. उन्होंने दावा किया कि यात्रा एक बिज़नेस मीटिंग के लिए थी और कहा कि दोनों भाई केवल लाइसेंस धारक हैं, न कि नाइट क्लब के असली मालिक.

  8. पीएम मोदी को आया नेतन्याहू का फ़ोन, बताया- क्या हुई बात

    भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और इसराइली प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू के बीच बुधवार को फ़ोन पर बातचीत हुई.

    पीएम मोदी ने एक्स पर लिखा, “मैंने अपने मित्र प्रधानमंत्री नेतन्याहू से बात की. भारत-इसराइल रणनीतिक साझेदारी में हुई प्रगति की समीक्षा की और अपने सहयोग को और मजबूत करने पर सहमति जताई. आतंकवाद के प्रति ज़ीरो टॉलेरेंस की हमारी साझा प्रतिबद्धता को भी दोहराया. क्षेत्र में टिकाऊ शांति हासिल करने के लिए किए जा रहे हर प्रयास का भारत समर्थन करता है.”

    पीआईबी ने एक बयान जारी कर बताया कि दोनों नेताओं में ग़ज़ा पीस प्लान को जल्द लागू किए जाने को लेकर भी बातचीत हुई.

    इसराइली प्रधानमंत्री कार्यालय ने एक्स पर लिखा कि दोनों नेताओं के बीच ‘गर्मजोशी के साथ बातचीत हुई और दोनों नेता जल्द मुलाक़ात करने पर सहमत हुए हैं.’

    समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार, इसराइल के भरोसेमंद सूत्रों ने हाल ही में आई उन रिपोर्टों को खारिज किया था कि नेतन्याहू ने दिल्ली धमाकों के बाद सुरक्षा चिंताओं के कारण अपनी भारत यात्रा टाल दी थी.

  9. बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता संदीप राय अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.

    कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    हमारे पेज पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.