You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

ग़ज़ा में संघर्ष विराम को लेकर इसराइल की सरकार में मतभेद, अमेरिका ने कहा...

ग़ज़ा में संघर्ष विराम और बंधकों की रिहाई के लिए समझौते को लेकर इसराइली सरकार के मंत्रियों के बीच मतभेद सामने आ रहे हैं.

सारांश

  • अमेरिकी विश्वविद्यालयों में फ़लस्तीनियों के समर्थन में प्रदर्शन, सैकड़ों और गिरफ़्तार
  • कर्नाटक में जेडीएस सांसद के कथित अश्लील वीडियो मामले में जांच के लिए एसआईटी गठित
  • महादेव सट्टा ऐप मामले में मुंबई पुलिस ने फ़िल्म अभिनेता साहिल खान को गिरफ़्तार किया
  • अरविंदर सिंह लवली ने दिल्ली कांग्रेस के अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया है.
  • हमास ने नया वीडियो जारी करते हुए अगवा किए गए दो और इसराइली नागरिकों के जिंदा होने का सबूत दिया है.
  • आईपीएल 17 के 44वें मुकाबले में 197 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए राजस्थान रॉयल्स ने लखनऊ को सात विकेट से मात दी.
  • इराक़ की संसद में समलैंगिक संबंधों को अपराध घोषित करने वाला बिल पास हो गया है.

लाइव कवरेज

प्रवीण

  1. शाहीन शाह अफ़रीदी ने इतिहास रचते हुए कैसे पाकिस्तान को न्यूज़ीलैंड के ख़िलाफ़ करारी हार से बचाया

    तेज़ गेंदबाज़ शाहीन शाह अफ़रीदी की शानदार गेंदबाज़ी की बदौलत पाकिस्तान ने न्यूज़ीलैंड को पांच टी-20 मैचों की सिरीज़ के आखिरी मुकाबले में 9 रन से मात दी.

    शाहीन अफ़रीदी ने चार ओवर में 30 रन खर्च कर चार विकेट हासिल किए.

    इसके साथ ही शाहीन अफरीदी टी-20 क्रिकेट में पहले ओवर में 50 विकेट हासिल करने वाले पहले गेंदबाज़ बन गए.

    सिरीज़ के आखिरी मुकाबले में पाकिस्तान ने पहले बल्लेबाज़ी करते हुए 20 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर 178 रन बनाए.

    कप्तान बाबर आज़म ने 69 और फख़र जम़ां ने 43 रन की पारी खेली. इस लक्ष्य के जवाब में न्यूज़ीलैंड की पारी 19.2 ओवर में 169 रन पर ही सिमट गई.

    पांच मैचों की सिरीज़ का पहला मुकाबला बारिश के चलते रद्द हो गया था.

    पाकिस्तान को दूसरे मैच में जीत मिली थी. लेकिन न्यूज़ीलैंड ने तीसरा और चौथा मुकाबला जीतकर सिरीज में 2-1 से बढ़त बना ली थी.

    न्यूज़ीलैंड की टीम ने अधिकतर सीनियर खिलाड़ियों की गैर-मौजूदगी में पाकिस्तान का दौरा किया है.

    आखिरी मैच से पहले तक पाकिस्तान पर सिरीज़ गंवाने का खतरा मंडरा रहा था.

    हालांकि पाकिस्तान ने आखिरी मैच जीतकर सिरीज को 2-2 से बराबरी पर फिनिश किया.

  2. हमास ने जारी किया नया वीडियो, अग़वा किए गए दो और इसराइली नागरिकों के ज़िंदा होने का सबूत दिया

    हमास ने नया वीडियो जारी करते हुए अग़वा किए गए दो और इसराइली नागरिकों के ज़िंदा होने का सबूत दिया है.

    वीडियो में ओमरी मिरान ने बताया है कि उन्हें 202 दिन से बंदी बनाकर रखा गया है. वहीं कीथ सीगल ने पिछले हफ्ते की एक छुट्टी का ज़िक्र किया है.

    इससे पता चलता है कि इस वीडियो को हाल ही में रिकॉर्ड किया गया है.

    दोनों इसराइली नागरिकों को हमास ने 7 अक्टूबर को किए हमले के दौरान अग़वा किया था.

    वीडियो पर प्रतिक्रिया देते हुए ओमरी और कीथ के परिवारों का कहना है कि वे इनकी रिहाई तक लड़ाई जारी रखेंगे.

    इसके साथ ही ओमरी और कीथ के परिवारों ने इसराइल की सरकार से रिहाई के लिए डील करने की अपील भी की है.

    नया वीडियो उस वक्त में सामने आया है जब हमास ने कहा है कि वो संघर्ष विराम के लिए इसराइल के ताज़ा प्रस्ताव पर विचार कर रहा है.

    इसराइल के विदेश मंत्री ने शनिवार को कहा है कि बंधकों की रिहाई के लिए अगर समझौता होता है तो वो रफ़ाह पर प्लान किए गए हमले के फैसले को वापस ले सकते हैं.

  3. नमस्कार

    बीबीसी हिंदी के लाइव पन्ने पर आपका स्वागत है.

    27 अप्रैल की ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.