कोलकाता नाइटराइडर्स ने राजस्थान रॉयल्स को 8 विकेट से हराया

केकेआर को जीत के लिए 20 ओवर में 152 रन का लक्ष्य मिला था.

सारांश

लाइव कवरेज

हिमांशु दुबे और कीर्ति रावत

  1. कॉमेडियन कुणाल कामरा को लेकर अब क्या बोले महाराष्ट्र सरकार के मंत्री?

    कॉमेडियन कुणाल कामरा

    इमेज स्रोत, Kunal Kamra/youtube

    इमेज कैप्शन, कुणाल कामरा ने अपने शो में एक पैरोडी सॉन्ग गाया था.

    कॉमेडियन कुणाल कामरा ने महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे पर एक कॉमेडी शो में बिना नाम लिए टिप्पणी की थी. इस पर विवाद हो गया. अब इस मामले में महाराष्ट्र सरकार के मंत्री योगेश कदम का बयान आया है.

    उन्होंने कहा, “कॉमेडी शो में सीनियर लीडर्स का अपमान करने को अगर वो कॉमेडी बोलते हैं, तो यह कॉमेडी महाराष्ट्र में नहीं चलेगी.”

    मंत्री ने कहा, “जिस तरह से एक गाना बनाने के बाद विवाद हुआ, और उसके बाद भी दूसरा गाना बनाकर सरकार और प्रशासन को निशाना बनाकर मज़ाक उड़ाने का प्रयास हो, जबकि आपके ऊपर एक केस दर्ज हो चुका है.”

    “आप कायदे से ऊपर नहीं हो, आप शासन से ऊपर नहीं हो. इसलिए, जो भी कायदा है, उसके अनुसार इस व्यक्ति के ऊपर कार्रवाई की जाएगी.”

    क्या है मामला?

    कॉमेडियन कुणाल कामरा ने अपने शो में फ़िल्म 'दिल तो पागल है' का एक पैरोडी सॉन्ग गाया था. इस गाने में शिवसेना में हुई टूट का हवाला दिया गया था.

    इस गाने में 'ग़द्दार' शब्द का इस्तेमाल किया गया था, जिसे एकनाथ शिंदे को 'गाली देने के तौर पर' देखा जा रहा है. हालांकि, कुणाल कामरा ने एकनाथ शिंदे का नाम नहीं लिया था.

    रविवार को वीडियो सामने आने के बाद शिवसेना (शिंदे गुट) के कार्यकर्ताओं ने तीखी प्रतिक्रिया दी. उन्होंने उस जगह पर तोड़फोड़ भी की, जहां कामरा का शो शूट किया गया था.

    शिवसेना (शिंदे गुट) विधायक मुरजी पटेल ने कुणाल कामरा के ख़िलाफ़ इस मामले में एफ़आईआर भी दर्ज कराई है.

  2. संभल हिंसा मामले में मिली नोटिस पर सपा सांसद बर्क़ क्या बोले

    समाजवादी पार्टी के सांसद ज़ियाउर रहमान बर्क़

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, उत्तर प्रदेश के संभल से समाजवादी पार्टी के सांसद ज़ियाउर रहमान बर्क़ को अदालत ने नोटिस भेजा है.

    यूपी एसआईटी की टीम मंगलवार रात समाजवादी पार्टी के सांसद ज़ियाउर रहमान बर्क़ के घर अदालत का एक नोटिस लेकर पहुंची थी. यह मामला संभल हिंसा से जुड़ा है.

    दरअसल, पिछले साल नवंबर में उत्तर प्रदेश के संभल में हिंसा हुई थी. इसी मामले में पूछताछ करने के लिए सांसद बर्क़ को नोटिस जारी किया गया है.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, सांसद बर्क़ ने अपने ऊपर लगे आरोपों को निराधार और ग़लत बताते हुए कहा, "जिस समय यह घटना घटी है, उस समय मैं ऑल इंडिया मुस्लिम पर्सनल लॉ की बैठक अटैंड करने के लिए बेंगलुरु में था.”

    “जब 19 नवंबर को पहला सर्वे हुआ था, उस समय मैं मौजूद था. मैं तो आपसे कहता हूं कि जिस दिन मैं मौजूद था, यदि मेरा मकसद झगड़ा कराना होता, तो उस दिन होना चाहिए था, जिस दिन मैं संभल में मौजूद था.”

    उन्होंने कहा, “अगर झगड़ा होता 22 तारीख को जुम्मे के दिन, जिस दिन हमारे लोगों को नमाज़ से रोका गया, उसके बावजूद भी हमने बर्दाश्त किया, कोई घटना नहीं हुई...”

    सांसद बर्क़ ने कहा, “पुलिस और प्रशासन के कुछ लोगों ने जल्दबाजी करके माहौल ख़राब करने की कोशिश की, इसलिए माहौल ख़राब हुआ. मेरे रहते हुए वो माहौल ख़राब नहीं होता, क्योंकि मैं दोनों तरफ़ से बात को सुनकर, समझकर बीच की वो कड़ी मैं बनता, जिससे हालात को बनाए रखता और माहौल कभी ख़राब नहीं होता.”

    उन्होंने कहा, “बीएनएस की धारा 35 (3) के तहत जो नोटिस दिया गया है, उसको मैंने रिसीव किया है. मैं इस देश का नागरिक भी हूं और सांसद भी हूं, तो इसलिए यह मेरी ज़िम्मेदारी है कि मैं माननीय हाईकोर्ट के आदेश का पालन करूंगा.”

    उन्होंने जांच में सहयोग करने की बात की और बताया कि उन्हें 8 अप्रैल को बुलाया गया है.

  3. छत्तीसगढ़ः पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के घर सीबीआई का छापा, आलोक पुतुल, रायपुर से बीबीसी हिंदी के लिए

    छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने इस छापामारी की कार्रवाई को लेकर एक्स पर पोस्ट भी किया है.

    छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस पार्टी के महासचिव भूपेश बघेल के रायपुर और दुर्ग के निवास पर बुधवार को सीबीआई ने छापामारी की कार्रवाई की है.

    भूपेश बघेल के अलावा भिलाई के कांग्रेस विधायक देवेंद्र यादव, मुख्यमंत्री रहते भूपेश बघेल के राजनीतिक सलाहकार रहे विनोद वर्मा और वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी आरिफ़ शेख़, वरिष्ठ आईपीएस अभिषेक पल्लव के घर भी सीबीआई की टीम जांच कर रही है.

    वरिष्ठ आईपीएस आनंद छाबड़ा और इन दिनों कोल घोटाले में जेल में बंद पूर्व आईएएस अनिल टूटेजा के घर भी छापा मारा गया है.

    हालांकि, अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि छापामारी की यह कार्रवाई किस सिलसिले में की गई है.

    भूपेश बघेल की सरकार पर कोयला घोटाला, शराब घोटाला और ऑनलाइन सट्टा के गंभीर आरोप हैं और इन आरोपों में भूपेश बघेल के कई करीबी नेता और अधिकारी लंबे समय से जेल में हैं.

    लेकिन, आरंभिक तौर पर इसे ऑनलाइन सट्टा से जोड़ कर देखा जा रहा है.

    इस मामले में भूपेश बघेल के एक्स अकाउंट पर पर एक बयान जारी किया गया है.

    इसमें कहा गया है कि 8-9 अप्रैल को गुजरात में होने वाली एआईसीसी की बैठक की गठित ड्राफ़्टिंग कमेटी की मीटिंग में शामिल होने के लिए दिल्ली जाने से पहले ही सीबीआई उनके आवास पर पहुंच गई.

    कांग्रेस नेता भूपेश बघेल

    इमेज स्रोत, @bhupeshbaghel

    इमेज कैप्शन, कांग्रेस नेता भूपेश बघेल

    इधर, पूर्व उपमुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता टीएस सिंहदेव ने इसे राजनीतिक प्रतिशोध कहा है.

    उन्होंने कहा, "ये न्यू इंडिया है, जहां राजनीतिक प्रतिशोध से कार्रवाई की जा रही है. हर राजनीतिक प्रतिद्वंद्वी को राजनीति से हटाने की कोशिश हो रही है."

    "पहले जब केंद्रीय एजेंसियां कार्रवाई करती थी, तो लोग मान कर चलते थे कि कोई तो कारण रहा होगा. अब केवल राजनीतिक बदले के लिए कार्रवाई हो रही है."

    गौरतलब है कि इसी महीने की 10 तारीख़ को प्रवर्तन निदेशालय ने भूपेश बघेल के घर छापा मारा था और 33 लाख रुपये जब्त किए थे.

    भूपेश बघेल ने कहा था कि उन्हें पंजाब चुनाव से दूर करने के लिए केंद्र और राज्य सरकारें मिल कर साज़िश रच रही हैं. भूपेश बघेल को कांग्रेस पार्टी ने पंजाब का प्रभारी बनाया है.

  4. बिहार के आरा रेलवे स्टेशन पर चली गोलियां, तीन लोगों की मौत

    आरपीएफ़ के सीनियर कमांडेंट प्रकाश पांडा

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, आरपीएफ़ के सीनियर कमांडेंट प्रकाश पांडा ने बताया कि मामला प्रेम प्रसंग का हो सकता है.

    बिहार के आरा रेलवे स्टेशन पर मंगलवार रात गोलियां चलीं. इसमें तीन लोगों की मौत हो गई. पुलिस मामले की जांच में जुटी है.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, रेलवे प्रोटेक्शन फ़ोर्स के सीनियर कमांडेंट प्रकाश पांडा ने बताया कि यह घटना प्लेटफ़ार्म नंबर दो पर हुई. तीन शव बरामद किए हैं. यह मामला प्रेम प्रसंग का होने की आशंका है.

    उन्होंने कहा, “तीन लोगों की मौत हुई है. अभियुक्त अमन कुमार की उम्र 24 साल है. वो भोजपुर का रहने वाला था.”

    “अभियुक्त अमन ने जिया कुमारी और उनके पिता अनिल सिन्हा की गोली मार कर जान ले ली. इसके बाद खुद को भी गोली मार ली.” उन्होंने बताया, “हम मामले की जांच कर रहे हैं.”

    आरपीएफ़ के सीनियर कमांडेंट प्रकाश पांडा ने कहा, “हम यहां सीसीटीवी कैमरा लगवाएंगे. हालांकि, रेलवे स्टेशन पर क़रीब 40 सीसीटीवी कैमरा लगे हुए हैं. हम फुटओवर ब्रिज पर भी सीसीटीवी कैमरा लगवाएंगे.”

    “हत्या में इस्तेमाल हुए हथियार को हमने ज़ब्त कर लिया है.”

  5. ग़ज़ा में हमास के विरोध में सड़कों पर उतरे फ़लस्तीनी, क्या है प्रदर्शनकारियों की मांग, रुश्दी अबॉउलौफ़ (ग़ज़ा संवाददाता), एलेक्स बॉयड (बीबीसी न्यूज़)

    ग़ज़ा में प्रदर्शन

    इमेज स्रोत, AFP

    इमेज कैप्शन, ग़ज़ा में हमास के ख़िलाफ़ लोग सड़कों पर उतर आए हैं.

    ग़ज़ा में हमास के ख़िलाफ़ मंगलवार को विरोध प्रदर्शन हुआ. इसमें उत्तरी ग़ज़ा के बैत लाहिया की सड़कों पर सैकड़ों लोगों ने हिस्सा लिया.

    इसराइल और ग़ज़ा के बीच शुरू हुए युद्ध के बाद यह पहला मौका है, जब लोग इतनी बड़ी तादाद में हमास के ख़िलाफ़ विरोध प्रदर्शन करने के लिए एकजुट होकर सड़कों पर उतरे हैं.

    प्रदर्शनकारियों ने मांग की है कि हमास अब सत्ता छोड़ दे.

    इस बीच, मास्क लगाए हमास के लड़ाकों ने विरोध प्रदर्शन कर रहे लोगों को बलपूर्वक तितर-बितर करने की कोशिश की.

    कुछ लड़ाकों के हाथों में हथियार भी थे. उन्होंने प्रदर्शनकारियों के साथ मारपीट भी की.

    वहीं, हमास के आलोचक माने जाने वाले सामाजिक कार्यकर्ताओं ने सोशल मीडिया पर कुछ वीडियोज़ वायरल किए.

    इनमें उत्तरी ग़ज़ा के बैत लाहिया की सड़कों पर कई युवा नज़र आए. वो नारे लगा रहे थे कि “बाहर...बाहर...बाहर...हमास बाहर जाओ...” हालांकि, हमास के समर्थक माने जाने वाले समूहों ने इस मामले में हमास का बचाव किया.

    हमास के समर्थकों ने इन प्रदर्शनों को कम महत्वपूर्ण बताया.

    उन्होंने आरोप लगाया कि इन प्रदर्शनों में हिस्सा लेने वाले 'गद्दार' हैं.

    इस मामले पर हमास की ओर से कोई बयान नहीं आया है.

  6. नमस्कार!

    बीबीसी हिंदी के लाइव पेज में आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता हिमांशु दुबे अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.

    फ़िलहाल, हमारे होम पेज पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को आप नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करके पढ़ सकते हैं.

    कल के लाइव पेज की ख़बरों को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    - अंतरिक्ष जाने वाली महिलाएं मासिक धर्म की चुनौती का कैसे सामना करती हैं?

    - तुर्की में राष्ट्रपति अर्दोआन के ख़िलाफ़ क्यों हो रहे हैं प्रदर्शन, वो कौन शख़्स है जिसके पीछे लामबंद हो रहे हैं लोग?

    - क्या डीएमके नेता स्टालिन राष्ट्रीय राजनीति में विपक्ष का चेहरा बनना चाहते हैं?