अमृतसर गोल्डन टेम्पल के भीतर कुछ लोगों में हुआ झगड़ा, एक की हालत गंभीर

अमृतसर गोल्डन टेम्पल के अंदर बनी गुरु रामदास सराय में कुछ लोगों के बीच झगड़ा हुआ है, जिसमें कई लोग ज़ख्मी बताए जा रहे हैं.

सारांश

लाइव कवरेज

हिमांशु दुबे, इफ़्तेख़ार अली

  1. जाफ़र एक्सप्रेस हाईजैक मामलाः पाकिस्तान के आरोपों पर भारतीय विदेश मंत्रालय ने क्या कहा?

    जाफ़र एक्सप्रेस

    इमेज स्रोत, Reuters

    इमेज कैप्शन, पाकिस्तान में हाईजैक की गई ट्रेन जाफ़र एक्सप्रेस में पाकिस्तानी सेना ने अपना ऑपरेशन ख़त्म कर दिया है

    पाकिस्तान में जाफ़र एक्सप्रेस के हाईजैक मामले पर पाकिस्तान के आरोपों पर भारत ने जवाब दिया है.

    पाकिस्तान का कहना था कि उसका यह मानना है कि पाकिस्तान में होने वाले आतंकी हमलों में भारत का हाथ होता है.

    इस मामले पर भारतीय विदेश मंत्रालय के हवाले से कहा गया है कि वो पाकिस्तान की ओर से लगाए गए आधारहीन आरोपों को मज़बूत तरीके़ से ख़ारिज करता है.

    मंगलवार को जाफ़र एक्सप्रेस को बलूच लिबरेशन आर्मी ने हाईजैक कर लिया था.

    गुरुवार को एक प्रेस ब्रीफ़िंग के दौरान पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता शफ़क़त अली ख़ान ने ट्रेन हाईजैक मामले में अफ़ग़ानिस्तान से किए गए फ़ोन कॉल्स के सबूत पेश किए थे.

    इस दौरान, जब उनसे यह पूछा गया कि क्या आतंकी हमलों के मामले में पाकिस्तान का रुख़ भारत से अफ़ग़ानिस्तान की ओर से शिफ़्ट हो गया है? तो इसके जवाब में उन्होंने कहा था कि ऐसा कुछ नहीं है.

    उन्होंने कहा था कि पाकिस्तान यह मानता है कि पाकिस्तान में होने वाले आतंकी हमलों में भारत का हाथ है.

    इन आरोपों पर भारतीय विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने जवाब दिया है.

    विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, रणधीर जायसवाल ने कहा कि पाकिस्तान अपनी असफलता का दोष दूसरों पर न मढ़े.

    उन्होंने भारतीय विदेश मंत्रालय के हवाले से लिखा, “हम पाकिस्तान की ओर से लगाए गए आधारहीन आरोपों को मज़बूत तरीके़ से ख़ारिज करते हैं.”

    “पूरी दुनिया जानती है कि वैश्विक आतंकवाद का केंद्र कहां है.”

    जायसवाल ने कहा, “पाकिस्तान को उसकी आंतरिक समस्याओं और असफलताओं को लेकर दूसरों पर उंगली उठाने और दोष मढ़ने के बजाए अपने अंदर झांकना चाहिए.”

  2. शहबाज़ शरीफ़ ने होली पर पाकिस्तान के हिंदू समुदाय से क्या कहा?

    पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ़

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ़ ने होली की शुभकामनाएं दी हैं

    पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ़ ने एक्स पर एक पोस्ट किया है. इसमें उन्होंने देश के हिंदू समुदाय को होली की शुभकामनाएं दीं.

    उन्होंने एक्स पर लिखा, “मैं पाकिस्तान में रहने वाले हमारे हिंदू समुदाय को होली के पावन पर्व पर हार्दिक शुभकामनाएं देता हूं.”

    “इस उत्सव के आसपास मौजूद ऊर्जा वसंत के आगमन और प्रेम का प्रतीक है. यह बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक है.”

    उन्होंने लिखा, “यह पल नई शुरुआत और रिश्तों को और मज़बूत बनाने का जश्न है. यह वो मौका है, जो विभिन्नता के महत्व और एक संगठित राष्ट्र बनाने में समावेशिता के महत्व पर प्रकाश डालता है.”

    “रंगों का यह त्यौहार आपके जीवन को ख़ुशियों, स्वास्थ्य, सफलता और समृद्धि से भर दे.”

    “हैप्पी होली.”

  3. होली और जुमे की नमाज़ को लेकर क्या बोले संभल के एसपी?

    संभल एसपी केके बिश्नोई

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, संभल एसपी केके बिश्नोई ने कहा कि पुलिस जवान हर जगह मौजूद हैं.

    उत्तर प्रदेश के संभल में होली के जश्न और जुमे की नमाज़ को लेकर पुलिस प्रशासन ने क्या-क्या तैयारियां की हैं, इस मामले में एसपी केके बिश्नोई का बयान सामने आया है.

    समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक, उन्होंने कहा, “होली के विभिन्न जुलूस निकाले जाएंगे. दोपहर ढाई बजे से पहले होली खेली जाएगी. शहर में तमाम जगहों पर होली खेली जा रही है. पुलिस के जवान हर जगह मौजूद हैं. सभी को होली की शुभकामनाएं.”

    उन्होंने कहा, “ढाई बजे के बाद सभी लोग जुमे की नमाज़ अदा करेंगे. उनको भी मेरी ओर से होली की शुभकामनाएं.”

    संभल में होली सेलिब्रेशन के साथ-साथ जुमे की नमाज़ भी अदा होगी. इसके मद्देनज़र पैरा मिलिट्री फ़ोर्स के जवानों ने इलाक़े में फ्लैग मार्च किया.

    इससे पहले, होली और रमज़ान का दूसरा जुमा एक साथ पड़ने पर संभल के सर्किल अफसर अनुज चौधरी का बयान सुर्खियों में था.

    उन्होंने शांति समिति की बैठक में कहा था, "होली का रंग लग जाने से जिसका धर्म भ्रष्ट हो रहा है, वो उस दिन घर से ना निकले."

    इसके बाद राजनीति गरमा गई थी. विपक्षी दलों के नेताओं ने सीओ चौधरी के बयान की आलोचना की थी.

    उत्तर प्रदेश के संभल में 24 नवंबर 2024 को हुई हिंसा में चार लोगों की मौत हो गई थी.

    यह हिंसा उस वक़्त भड़की थी, जब अदालती आदेश के बाद एडवोकेट कमिश्नर की टीम हिंदू पक्ष के साथ सर्वे के लिए संभल की जामा मस्जिद गई थी.

    पैरामिलिट्री फ़ोर्स

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, जवानों ने इलाक़े में फ्लैग मार्च किया.
  4. ग्रीनलैंड पर क़ब्ज़ा करने की बात पर अब क्या बोले राष्ट्रपति ट्रंप?

    राष्ट्रपति ट्रंप

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, राष्ट्रपति ट्रंप ने ग्रीनलैंड पर क़ब्ज़ा करने की बात दोहराई है.

    अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से एक प्रेस कॉन्फ़्रेंस में ग्रीनलैंड पर क़ब्ज़ा करने के बारे में सवाल किया गया, तो उन्होंने कहा कि 'मुझे लगता है कि ऐसा होगा.'

    समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक, उन्होंने कहा, “मैं सिर्फ़ ऐसा सोच रहा हूं. मैंने इस विषय में ज़्यादा सोचा नहीं है. मगर, मैं जिस व्यक्ति के साथ बैठा हूं, वो इस मामले में बेहद प्रभावी भूमिका निभा सकते हैं.”

    राष्ट्रपति ट्रंप नैटो के जनरल सेक्रेटरी मार्क रुटे के साथ बैठे थे.

    ट्रंप ने कहा, “मार्क आप जानते हैं कि हमें अंतरराष्ट्रीय सुरक्षा के मद्देनज़र ऐसा करने की ज़रूरत है. हमारे कई सहयोगी हैं, जो तट के आसपास मंडरा रहे हैं. हमें सावधान रहना होगा. हम आपसे इस बारे में बात करेंगे.”

    दरअसल, उत्तरी अमेरिका से यूरोप जाने के सबसे छोटे रूट पर ग्रीनलैंड दुनिया का सबसे बड़ा द्वीप है.

    ये अमेरिका की बड़े स्पेस सुविधा का केंद्र भी है. अमेरिका काफ़ी लंबे समय से ग्रीनलैंड को रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण मानता है.

    इसके साथ ही दुनिया के कई दुर्लभ खनिजों के बड़े भंडार भी यहां मौजूद हैं, जो बैटरी और हाई-टेक डिवाइस बनाने में इस्तेमाल होते हैं.

  5. लद्दाख़ के करगिल में भूकंप, 5.2 तीव्रता के झटके महसूस किए गए

    भूकंप

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, भूकंप के झटके जम्मू और कश्मीर में भी महसूस किए गए हैं. सांकेतिक तस्वीर

    लद्दाख़ के करगिल में शुक्रवार की सुबह भूकंप के तेज़ झटके महसूस किए गए. राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र के मुताबिक़, भूकंप की तीव्रता 5.2 मांपी गई है.

    भूकंप के झटके जम्मू और कश्मीर में भी महसूस किए गए हैं. इस भूकंप का केंद्र 2:50 बजे 15 किलोमीटर की गहराई में था.

    पिछले सप्ताह तिब्बत में लगातार दो भूकंप आए. यह जानकारी नेशनल सेंटर फ़ॉर सीस्मोलॉजी ने एक बयान में दी.

    इसमें बताया गया कि रविवार को तिब्बत में 4.0 तीव्रता का भूकंप आया था. इस भूकंप का केंद्र दस किलोमीटर की गहराई में था.

    वैज्ञानिकों ने भारत में पहले के समय में आ चुके भूकंप, भूकंपीय गतिविधियों और उस इलाक़े की टेक्टोनिक संरचना के आधार पर भूकंप संभावित क्षेत्रों की पहचान की है.

    ब्यूरो ऑफ़ इंडियन स्टैंडर्ड्स ने भारत को चार ज़ोन में बांटा है. पांचवा, चौथा, तीसरा और दूसरा. पांचवें ज़ोन में भूकंप आने की आशंका सबसे ज़्यादा है, जबकि दूसरे ज़ोन में सबसे कम है.

    भूकंप संभावित क्षेत्र
    इमेज कैप्शन, भूकंप संभावित क्षेत्र
  6. राष्ट्रपति पुतिन ने युद्ध विराम के लिए यूक्रेन के सामने क्या शर्तें रखीं?, जेम्स लैंडेल/गैब्रिएला पॉमरॉय, बीबीसी न्यूज़

    राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने युद्ध विराम के लिए कुछ शर्तें रखी हैं.

    रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने कहा है कि यूक्रेन में सीज़फ़ायर के लिए वो तैयार हैं. लेकिन, कुछ सवाल अभी भी बने हुए हैं, जैसे- कुछ दिनों के लिए होने वाली यह संधि कैसी होगी?

    पुतिन ने इसके लिए कुछ कठिन शर्तें सामने रखी हैं.

    राष्ट्रपति पुतिन ने कहा कि विवाद का एक इलाक़ा कुर्स्क है, जहां पिछले साल यूक्रेन ने सैन्य घुसपैठ की थी. इस दौरान यूक्रेन ने कुछ हिस्से पर क़ब्ज़ा कर लिया था.

    पुतिन ने कहा कि रूस ने कुर्स्क पर पूरी तरह से नियंत्रण कर लिया है और यूक्रेन के सैनिकों को अलग-थलग कर दिया है.

    पुतिन ने कहा, “कुर्स्क में यूक्रेन के पास दो विकल्प हैं. या तो सरेंडर करें या फिर मरे.”

    इससे पहले, यूक्रेन ने अमेरिका से हुई बातचीत के दौरान 30 दिनों के लिए युद्ध विराम किए जाने की योजना पर सहमति जताई थी.

    राष्ट्रपति पुतिन ने युद्ध विराम के समझौते से जुड़ी बातें यूक्रेन के जवाब के संदर्भ में कही हैं.

    यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की ने राष्ट्रपति पुतिन की योजना को ‘षड्यंत्रकारी’ बताया. यूक्रेनी राष्ट्रपति ने रूस पर ज़्यादा प्रतिबंध लगाए जाने की मांग की.

    इस बीच, अमेरिका ने रूस पर तेल, गैस और बैंकिंग सेक्टर को लेकर और प्रतिबंध लगा दिए हैं.

    मॉस्को में गुरुवार को एक प्रेस कॉन्फ़्रेंस में राष्ट्रपति पुतिन ने युद्ध विराम की घोषणा को लेकर कहा, “आइडिया तो सही है. हम इसका समर्थन करते हैं. मगर, कुछ सवाल हैं, जिन पर हमें चर्चा करने की ज़रूरत है.”

    पुतिन ने कहा, “इस युद्ध विराम से शांति स्थापित होना चाहिए और इस संकट के मूल कारण दूर होने चाहिए.”

    उन्होंने कहा, “हमें हमारे अमेरिकी सहयोगियों के साथ बात करने की ज़रूरत है. हो सकता है कि मैं डोनाल्ड ट्रंप से बात करूं.”

    पुतिन ने कहा, “30 दिनों के लिए युद्ध विराम यूक्रेन के लिए यह अच्छा रहेगा.”

  7. नमस्कार!

    बीबीसी हिंदी के लाइव पेज में आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता हिमांशु दुबे अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.

    फ़िलहाल, हमारे होम पेज पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को आप नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करके पढ़ सकते हैं.