ईरान युद्ध के बारे में अमेरिकी वित्त मंत्री के आरोपों पर चीन ने दिया ये जवाब
अमेरिकी वित्त मंत्री स्कॉट बेसेंट के आरोप पर चीनी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने प्रतिक्रिया दी है.
चीन के सरकारी अख़बार ग्लोबल टाइम्स के मुताबिक़ चीनी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता से पूछा गया कि ‘क्या ऐसी ( बेसेंट की) टिप्पणियों से अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप की प्रस्तावित चीन यात्रा पर असर पड़ सकता है?’
इस पर विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता गुओ जियाकुन ने कहा, “चीन ने ईरान के मुद्दे पर अपना रुख़ बार-बार स्पष्ट किया है और दोनों पक्ष राष्ट्रपति ट्र्प की चीन यात्रा के बारे में लगातार बातचीत कर रहे हैं.”
इससे पहले अमेरिकी वित्त मंत्री स्कॉट बेसेंट ने कहा था कि ईरान युद्ध के दौरान चीन भरोसे के लायक साझेदार नहीं था.
समाचार एजेंसी रॉयटर्स के मुताबिक़ अमेरिकी वित्त मंत्री स्कॉट बेसेंट ने कहा कि मध्य-पूर्व युद्ध के दौरान चीन एक अविश्वसनीय वैश्विक साझेदार साबित हुआ है.
उन्होंने कहा, ''उसने (चीन ने) तेल का भंडारण किया और कुछ वस्तुओं के निर्यात को सीमित कर दिया; यह ठीक वैसा ही है जैसा उसने कोविड-19 महामारी के दौरान चिकित्सा सामग्री के मामले में किया था.''