You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

बिन्यामिन नेतन्याहू ने कहा, ‘अगर हमने समय पर कार्रवाई नहीं की होती तो ईरान के पास परमाणु हथियार होता’

इसराइली प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू ने एक वीडियो संदेश जारी किया है. उन्होंने अपना वीडियो सोशल मीडिया एक्स पर शेयर किया है.

सारांश

लाइव कवरेज

सुमंत सिंह,चंदन कुमार जजवाड़े

  1. इस्लामाबाद वार्ता असफल रही लेकिन पाकिस्तान ने सीज़फ़ायर के बारे में क्या कहा

    अमेरिका और ईरान के बीच इस्लामाबाद में हुई बातचीत असफल रही है. वार्ता समाप्त होने के बाद पाकिस्तानी विदेश मंत्री इसहाक़ डार का एक बयान जारी किया गया है.

    इसमें इसहाक़ डार ने अमेरिका और ईरान से अपील करते हुए कहा है कि "यह अनिवार्य है कि दोनों पक्ष युद्धविराम के प्रति अपनी प्रतिबद्धता बनाए रखें."

    पाकिस्तानी विदेश मंत्रालय के एक्स हैंडल से किए गए पोस्ट में कहा गया, "हमें उम्मीद है कि दोनों पक्ष सकारात्मक भावना के साथ आगे बढ़ेंगे, जिससे कि पूरे क्षेत्र और उससे आगे स्थायी शांति और समृद्धि हासिल की जा सके."

    पोस्ट के अंत में पाकिस्तान ने कहा कि वह आने वाले दिनों में भी अमेरिका और ईरान के बीच बातचीत को आगे बढ़ाने में अपनी भूमिका निभाता रहेगा.

  2. अमेरिका-ईरान वार्ता में पाकिस्तान मध्यस्थ की भूमिका निभाता रहेगा: पाकिस्तानी विदेश मंत्री

    अमेरिका और ईरान के बीच समझौते पर बातचीत असफल होने के बाद पाकिस्तान के उप प्रधानमंत्री और विदेश मंत्री इसहाक़ डार ने एक प्रेस कॉन्फ़्रेंस की.

    बीबीसी उर्दू सेवा के मुताबिक़, ''प्रेस कॉन्फ़्रेंस में इसहाक़ डार ने बताया कि इस बातचीत में उन्होंने और पाकिस्तान के फ़ील्ड मार्शल आसिम मुनीर ने "दोनों पक्षों के बीच कई दौर की कठिन और सार्थक बातचीत में मध्यस्थता करने की कोशिश की" और यह बातचीत रविवार सुबह तक जारी रही.''

    पाकिस्तानी विदेश मंत्री ने उम्मीद जताई कि अमेरिका और ईरान "सकारात्मक भावना" से बात करना जारी रखेंगे, जिससे कि क्षेत्र और उससे परे स्थायी शांति और समृद्धि हासिल की जा सके.

    उन्होंने आगे यह भी कहा कि अमेरिका और ईरान के बीच वार्ता में पाकिस्तान मध्यस्थ की भूमिका निभाता रहेगा.

  3. जेडी वेंस ने बताया, इस्लामाबाद में अमेरिका-ईरान वार्ता के दौरान ट्रंप से कितनी बार हुई बात

    अमेरिका उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने ईरान से बातचीत के बाद एक प्रेस कॉन्फ़्रेंस में बताया कि दोनों देश समझौते की स्थिति तक नहीं पहुँच सके हैं.

    उन्होंने यह भी बताया कि ईरान से वार्ता के दौरान वह अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से लगातार संपर्क में रहे.

    उन्होंने कहा कि ट्रंप ईरान से बातचीत में शामिल थे और उन्होंने इस दौरान राष्ट्रपति से "आधे दर्जन" से लेकर "एक दर्जन" बार बात की.

    जेडी वेंस ने कहा कि अमेरिका ने एक बहुत ही आसान प्रस्ताव दिया है और यही "अंतिम और बेस्ट ऑफ़र है".

    उन्होंने कहा, "हम देखेंगे कि ईरानी इसे स्वीकार करते हैं या नहीं."

  4. इस्लामाबाद में ईरान से समझौते पर बात नहीं बनने के बाद जेडी वेंस पाकिस्तान से रवाना हुए

    अमेरिका के उपराष्ट्रपति जेडी वेंस और उनकी टीम ईरान से समझौते पर सहमति नहीं बन पाने के बाद पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद से रवाना हो गए हैं.

    वह अपने 'एयर फोर्स टू' विमान से रवाना हुए और अमेरिका वापस लौट रहे हैं.

    बीबीसी उर्दू के संवाददाता शहजाद मलिक से पाकिस्तानी गृह मंत्रालय के एक अधिकारी ने अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल के रवाना होने की पुष्टि की है.

    इस्लामाबाद से उड़ान भरने से पहले जेडी वेंस ने एक प्रेस कॉन्फ़्रेंस में कहा कि क़रीब 21 घंटे चली बातचीत के बावजूद अमेरिका और ईरान किसी समझौते पर नहीं पहुंच सके.

    ईरान की ओर से भी इस वार्ता को लेकर बयान आया है. ईरानी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बक़ाई ने कहा कि अमेरिका को अपनी 'अत्यधिक मांगों' से बचना चाहिए.

  5. ईरान ने अमेरिका से शांति वार्ता पर जारी किया बयान, 'अत्यधिक मांगों' से बचने की अपील की

    ईरान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बक़ाई ने अमेरिका के साथ शांति वार्ता की स्थिति पर एक बयान जारी किया है.

    सोशल मीडिया पर किए गए एक पोस्ट में बक़ाई ने बातचीत को "गहन" बताया, लेकिन कहा कि जारी वार्ताओं की सफलता "विरोधी पक्ष की गंभीरता और अच्छी मंशा पर निर्भर करती है".

    बक़ाई ने अमेरिका से "अत्यधिक मांगों और ग़ैरक़ानूनी अनुरोधों" से बचने और ईरान के "वैध अधिकारों और हितों" को स्वीकार करने की अपील भी की.

    उन्होंने वार्ता के दौरान होर्मुज़ स्ट्रेट, ईरान के परमाणु कार्यक्रम और "ईरान में युद्ध का पूरी तरह अंत" जैसे मुद्दों पर चर्चा का ज़िक्र किया.

    ईरान के इस बयान के बाद अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने प्रेस कॉन्फ़्रेंस में बताया कि दोनों देशों के बीच समझौता नहीं हो पाया है.

  6. इस्लामाबाद वार्ता: जेडी वेंस ने ईरान से समझौते के बिना ही पाकिस्तान छोड़ने की कही बात

    अमेरिका के उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने ईरान के साथ चल रही ऐतिहासिक शांति वार्ता को लेकर एक प्रेस कॉन्फ़्रेंस की है.

    उन्होंने कहा कि अमेरिका ने अपनी बातें स्पष्ट तौर पर रख दी हैं, लेकिन ईरान "हमारी शर्तों पर सहमत नहीं हुआ".

    उन्होंने कहा, "हम ऐसी स्थिति तक नहीं पहुंच सके, जहां ईरानी हमारी शर्तों को स्वीकार करते."

    अमेरिकी उपराष्ट्रपति ने कहा कि अमेरिका और ईरान के बीच 21 घंटे से बातचीत चल रही है, लेकिन "बुरी ख़बर यह है कि हम किसी समझौते पर नहीं पहुंच पाए हैं."

    इसके अलावा उन्होंने पाकिस्तानी प्रधानमंत्री और फ़ील्ड मार्शल आसिम मुनीर के प्रति आभार जताते हुए कहा, "अगर बातचीत में कोई कमी रही, तो वह पाकिस्तानियों की वजह से नहीं थी. उन्होंने बेहतरीन काम किया."

    उन्होंने यह भी कहा कि अमेरिका बातचीत के लिए लचीलेपन और "अच्छी मंशा" के साथ आया था, लेकिन यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि दोनों पक्ष किसी समझौते पर नहीं पहुंच सके.

    उन्होंने कहा, "हम यहां से एक बहुत सामान्य प्रस्ताव के साथ जा रहे हैं, यह समझ के साथ कि यही हमारा अंतिम और सबसे बेहतर प्रस्ताव है. अब देखना होगा कि ईरान इसे स्वीकार करता है या नहीं."

  7. इस्लामाबाद में अमेरिका और ईरान की बातचीत अब भी जारी, दोनों पक्षों ने इन मुद्दों पर की चर्चा

    पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में अमेरिका और ईरान के बीच हो रही बातचीत अब भी जारी है. ईरानी मीडिया का कहना है कि यह बातचीत रविवार को भी जारी रहेगी.

    ईरान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बक़ाई ने इसकी पुष्टि करते हुए एक्स पर लिखा, "शनिवार की सुबह से पाकिस्तान के उदार प्रयासों और मध्यस्थता के साथ शुरू हुई गहन बातचीत बिना किसी रुकावट के अब तक जारी है."

    उन्होंने कहा, "दोनों पक्षों के बीच कई संदेशों का आदान-प्रदान हुआ."

    इस्माइल बक़ाई ने बताया कि पिछले 24 घंटों में दोनों पक्षों के बीच विभिन्न पहलुओं पर चर्चा हुई, जिनमें "होर्मुज़ स्ट्रेट, परमाणु मुद्दा, युद्ध मुआवज़ा, प्रतिबंधों को हटाना और ईरान और क्षेत्र में युद्ध का पूरी तरह अंत शामिल है."

    इससे पहले ईरानी मीडिया की रिपोर्ट्स में कहा गया कि अमेरिका और ईरान के बीच बातचीत रविवार को भी जारी रहेगी.

    ईरान की सरकारी न्यूज़ एजेंसी तसनीम के मुताबिक़, अमेरिका और ईरान के बीच वार्ता रविवार को भी कुछ घंटों तक जारी रहेगी.

    रिपोर्ट में कहा गया कि दोनों पक्ष पाकिस्तान के प्रस्ताव पर सहमत हुए हैं और रविवार को वार्ता का एक और दौर आयोजित करने का निर्णय लिया गया है.

  8. नमस्कार!

    बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता सुमंत सिंह अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.

    कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    हमारे पेज पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.