प्रयागराजः कुंभ में माघ पूर्णिमा स्नान को आए श्रद्धालु रस्सी बांध कर क्यों चल रहे, बीबीसी को बताया, दिलनवाज़ पाशा, बीबीसी संवाददाता, प्रयागराज से
उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में जारी कुंभ मेले में 12 फ़रवरी को माघ पूर्णिमा के स्नान की शुरुआत हो गई.
इस मौके पर बीबीसी हिंदी ने त्रिवेणी संगम पर पवित्र स्नान के लिए पहुंचे श्रद्धालुओं से बात की. कुंभ मेले में उत्तर बंगाल से आए कुछ श्रद्धालु रस्सी बांधकर चल रहे थे.
इसकी वजह पूछने पर उन्होंने बताया, “स्नान करने के बाद हमारा एक साथी शिव कुमार देवनाथ हम लोगों से बिछड़ गया. हमको सबक मिला कि रस्सी बांधकर चलेंगे, तो नहीं बिछड़ेंगे. इसलिए ऐसा किया है.“
उन्होंने कहा, “हमको मदद चाहिए. उसका (शिव कुमार) फ़ोन और बाकी सामान हमारे पास है.”
ऐसे ही श्रद्धालुओं के एक समूह ने बताया, “शासन की व्यवस्था बहुत अच्छी है. ऐसी व्यवस्था शुरू से होनी चाहिए थी ताकि लोग एक तरफ़ से आएं और दूसरी तरफ़ से जाएं.“
उन्होंने कहा, “अमावस्या के दिन ऐसा नहीं था. उस दिन पब्लिक ने भी गड़बड़ कर दिया. धैर्य बना कर रहना था. आज व्यवस्था ठीक है.”
पिछले महीने 29 जनवरी को कुंभ में कुछ जगहों पर भगदड़ की स्थिति बन गई थी, जिसमें कई लोगों की मौत हुई थी. अब प्रशासन ने ऐसी स्थिति से बचने के लिए अपनी चौकसी को बढ़ा दिया है.