You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

राजकोट गेम ज़ोन हादसा: तीन अभियुक्तों को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा गया

राजकोट टीआरपी गेम ज़ोन अग्निकांड के मामले में सोमवार को तीन अभियुक्तों को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया.

सारांश

  • राजकोट टीआरपी गेम ज़ोन अग्निकांड के मामले में सोमवार को तीन अभियुक्तों को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है.
  • प्रज्वल रेवन्ना ने सोमवार को एक वीडियो जारी कर 31 मई को सुबह 10 बजे एसआईटी के सामने पेश होने की बात कही है.
  • पापुआ न्यू गिनी में शुक्रवार को हुए भूस्खलन से 2,000 से ज्यादा लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका है.
  • हमास के हमले के बाद इसराइली सेना ने रफाह में किया हवाई हमला. कम से कम 45 लोगों की मौत का दावा
  • कोलकाता नाइटराइडर्स (केकेआर) ने सनराइज़र्स हैदराबाद को 8 विकेट से हराकर तीसरी बार आईपीएल का ख़िताब अपना नाम किया है.

लाइव कवरेज

अभिनव गोयल

  1. राजकोट गेम ज़ोन हादसा: तीन अभियुक्तों को 14 दिन की पुलिस कस्टडी में भेजा गया

    राजकोट टीआरपी गेम ज़ोन अग्निकांड के मामले में सोमवार को तीन अभियुक्तों युवराज सिंह सोलंकी, नितिन जैन और राहुल राठौड़ को 14 दिन की पुलिस कस्टडी में भेज दिया गया.

    समाचार एजेंसी एएनआई के अनुसार, पुलिस ने कहा कि तीनों जांच में सहयोग नहीं कर रहे थे. इस आधार पर कोर्ट ने उन्हें पुलिस हिरासत में भेजने का आदेश दिया.

    विशेष सरकार वकील तुषार गोकनी ने बताया, “अभियुक्तों को कोर्ट में पेश किया गया और पुलिस ने 14 दिन की पुलिस कस्टडी की मांग की. एफ़आईआर में नामजद छह अभियुक्तों में से तीन को गिरफ़्तार किया गया है.”

    उन्होंने कहा कि “अदालत की सहानुभूति पाने के लिए अभियुक्त कोर्ट रूम में रोये थे.”

    शनिवार शाम को राजकोट के गेमिंग ज़ोन में आगजनी का हादसा हुआ है. इस हादसे में 27 लोगों की मौत हुई है.

    माना जा रहा है कि मारे गए लोगों में बड़ी संख्या में बच्चे शामिल हैं.

  2. अचानक स्पेन पहुंचे ज़ेलेंस्की, पश्चिमी देशों से रूस पर दबाव बनाने की अपील की

    यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की ने पश्चिमी देशों के नेताओं से अपील की है कि वो रूस पर शांति कायम करने के लिए दबाव डालें.

    स्पेन पहुंचे ज़ेलेंस्की ने कहा कि ‘रूस का इरादा यूक्रेन को बर्बाद करने का है और उसे रोकने के लिए दबाव बनाने की ज़रूरत है.’

    हालांकि यूक्रेनी राष्ट्रपति बहुत पहले ही कह चुके हैं किवो रूस के साथ तब तक सीधे तौर पर समझौता नहीं करेंगे जब तक रूसी सेना यूक्रेन की धरती से चली नहीं जाती है.

    रूस यूक्रेन में शांति कायम करने के लिए अगले महीने स्विट्ज़रलैंड में एक शिखर सम्मेलन होने वाला है, जिसमें 90 देशों के प्रतिनिधियों के शामिल होने की संभावना है.

    ज़ेलेंस्की ने इस सम्मेलन में रूस को आमंत्रित करने का विरोध किया.

    रूस ने हाल ही में सार्वजनिक रूप से कहा था कि वो शांति वार्ता के लिए तैयार है लेकिन उसके नियंत्रण में यूक्रेनी ज़मीन पर उसी का कब्ज़ा रहेगा.

    यूक्रेन इस वक्त पश्चिमी देशों से हथियारों की सप्लाई की कमी से जूझ रहा है. रूस ने यूक्रेन के ख़िलाफ़ जंग में बढ़त भी बनाई हुई है.

    रूस ने कहा है कि वो हर महीने यूक्रेन पर करीब 3200 बम गिरा रहा है.

    स्पेन में ज़ेलेंस्की ने कहा, “आप इसके साथ कैसे लड़ाई लड़ेंगे.” ज़ेलेंस्की स्पेन के प्रधानमंत्री पेद्रो सांचेज से मुलाकात करने पहुंचे हैं.

    रूस और यूक्रेन के बीच ढाई साल से जंग चल रही है.

    अमेरिका ने हाल ही में यूक्रेन की मदद करने के लिए 61 अरब डॉलर की सैन्य मदद करने का एलान भी किया था और उसके तहत हथियारों की आपूर्ति की जा रही है.

  3. मध्यप्रदेश: आदिवासी लड़कियों के साथ कथित रेप के मामले में मुख्य अभियुक्त के घर पर चला बुलडोजर, शुरैह नियाजी, भोपाल से, बीबीसी हिंदी के लिये

    मध्यप्रदेश के सीधी जिले में हुई सात आदिवासी लड़कियों के साथ कथित रेप के मामले में प्रशासन ने सोमवार को मुख्य अभियुक्त के घर पर बुलडोजर चलाया है.

    इसके अलावा तीन अन्य अभियुक्तों के घर पर भी बुलडोजर चलाया गया है.

    इस मामलें में 9 सदस्यीय एसआईटी का गठन किया गया है जिसे 7 दिनों के अंदर अपनी रिपोर्ट देनी है.

    पता चला है कि आरोपी मैजिक वॉयस के ज़रिये अपनी आवाज़ महिला जैसी करके शाम के समय लड़कियों को सुनसान जगह बुलाकर उनके साथ कथित तौर पर बलात्कार करता था.

    कथित तौर पर बलात्कार के बाद इन लड़कियों के पास मौजूद पैसे और मोबाइल लूट लिया जाता था.

    अभियुक्त ऐप के ज़रिये महिला टीचर की आवाज़ बना लेते थे.

    इन अभियुक्तों ने सात से ज्यादा कॉलेज छात्राओं को टीचर बनकर स्कॉलरशिप के लिए दस्तावेज मंगवाने के लिये सुनसान जगह बुलाया.

    इन लड़कियों को बताया जाता था कि उन्हें लेने के लिये एक लड़का मोटर साइकिल से आएगा जो उन्हें टीचर तक पहुंचा देगा.

    इस मामले में पीड़िता एसटी वर्ग से आती हैं. निशाना भी उन्हें ही बनाया गया जिन्हें स्कॉलरशिप मिलनी थी.

    घटना के सामने आने के बाद मुख्यमंत्री मोहन यादव ने इस पर कड़ी कारवाई की बात कही है.

    पूरा मामला एक पीड़िता की शिकायत के बाद सामने आया है. जिसके बाद मुख्य आरोपी को पकड़ा गया.

    इसके बाद अन्य लोगों के शामिल होने की जानकारी भी सामने आई. अभी तक 4 छात्राओं ने ही शिकायत दर्ज कराई है. लेकिन पीड़िताओं की संख्या उससे भी अधिक हो सकती है. इसे लेकर पुलिस जांच कर रही है.

    यह मामला सामने आने के बाद राज्य सरकार की साइबर पुलिस ने एडवाइजरी जारी की है.

    साइबर पुलिस ने एडवाइज़री में कहा है कि ''बदमाश इन दिनों महिला, बुजुर्ग, बच्चों व कम्प्यूटर की आवाज में बात कर किसी भी तरह की वारदात को अंजाम दे रहे हैं. ऐसे में अनजान कॉल को इग्नोर किया जाना चाहिए.''

  4. बीएस येदियुरप्पा के ख़िलाफ़ नाबालिग बेटी के साथ कथित यौन उत्पीड़न के आरोप लगाने वाली महिला की मौत, इमरान क़ुरैशी बीबीसी हिंदी के लिए, बेंगलुरु से

    बीजेपी नेता और कर्नाटक के पूर्व सीएम बीएस येदियुरप्पा के ख़िलाफ़ नाबालिग बेटी के साथ कथित यौन उत्पीड़न के आरोप लगाने वाली महिला की बेंगलुरु के निजी अस्पताल में मौत हो गई है.

    54 साल की ममता सिंह को सांस लेने में तकलीफ़ की वजह से अस्पताल में भर्ती करवाया गया था.

    14 मार्च को ममता सिंह ने आरोप लगाया कि वो कर्नाटक के पूर्व सीएम येदियुरप्पा के पास मदद मांगने गई थीं और उन्होंने उनकी (ममता सिंह की) नाबालिग बेटी का कथित यौन उत्पीड़न किया.

    आरोप के बाद येदियुरप्पा ने महिला से मिलने की पुष्टि की थी.

    लेकिन उन्होंने कहा था, ''वो (ममता सिंह) सामने खड़ी थीं और वो रो रही थीं. मैंने उन्हें पहले भी देखा है, लेकिन मेरी मुलाकात नहीं हुई. मैंने उन्हें मिलने के लिए बुलाया और बात की. मैंने पुलिस कमिश्नर को भी कॉल किया. लेकिन अचानक से उन्होंने (ममता सिंह) ने मेरे ख़िलाफ़ आरोप लगाने शुरू कर दिए.''

    ''मैंने उम्मीद नहीं की थी कि किसी मदद करने के बदले आपको ऊपर आरोप लगाए जाएंगे. मैंने उन्हें कुछ पैसे भी दिए थे.''

    कैंसर से जूझ रही थीं

    नेनो अस्पताल के डॉक्टर जीआर मोहन ने कहा, ''हमने ऑक्सीजन मुहैया करवाने की सामान्य प्रक्रिया का पालन किया. लेकिन भर्ती होने के करीब़ एक घंटे बाद उनकी मौत हो गई.''

    डॉक्टर मोहन ने कहा है कि अस्पताल ने परिवार से पूछा है कि क्या वो एमएलसी फाइल करना चाहते हैं. लेकिन परिवार ने इससे इंकार किया. ममता सिंह किडनी और फेफड़ों के कैंसर से जूझ रही थीं.

    ममता सिंह ने आरोप लगाया था कि उन्होंने जब दो फरवरी, 2024 को बीएस येदियुरप्पा से मुलाक़ात की, तब उन्होंने उनकी नाबालिग बेटी का यौन उत्पीड़न किया था.

    बीएस येदियुरप्पा पर पॉक्सो की धारा 8 और आईपीसी की धारा 354 के तहत मुक़दमा दर्ज किया गया है.

    ममता सिंह ने वकील एस बालन से आज शाम को मुलाकात करने के लिए वक्त लिया था.

    एस बालन ने बीबीसी हिंदी को बताया, “उन्होंने (ममता सिंह) ने शनिवार को मिलने का वक्त लिया था. उनका कहना था कि उनके वकील ठीक से केस हैंडल नहीं कर रहे हैं. मैंने उन्हें आज आने के लिए कहा था. लेकिन अभी मालूम चला कि रविवार रात उनका निधन हो गया.”

  5. पंजाब सरकार गिरने के अमित शाह के दावे पर केजरीवाल ने क्या कहा

    आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने केंद्रीय गृह मंत्री के 'पंजाब सरकार के गिरने' के दावे पर प्रतिक्रिया दी है.

    अरविंद केजरीवाल ने कहा है कि “पंजाब के लोग यह पूछना चाहते हैं कि आखिर अमित शाह की योजना क्या है.”

    अमित शाह ने लुधियाना में एक रैली के दौरान दावा किया कि ‘लोकसभा चुनाव में बीजेपी की जीत के बाद भगवंत मान की सरकार ज्यादा दिन तक नहीं टिकने वाली है.’

    अरविंद केजरीवाल ने कहा, “लोग पूछना चाहते हैं अमित शाह से कि आम आदमी पार्टी के 117 में से 92 विधायक हैं. बीजेपी के पास केवल तीन विधायक हैं. सरकार कैसे गिराओगे.”

    “पंजाब के लोगों को ईडी भेजकर डराओगे. सीबीआई भेजकर डराओगे या पंजाब के लोगों को खरीदोगे. कितना पैसा है तुम्हारे पास. कितना दाम लगाओगे पंजाब के लोगों को.”

    अरविंद केजरीवाल ने कहा, “पंजाब के लोगों को इस तरह से धमकी देना बंद करो. इनका मकसद पंजाब के लोगों को मिल रही फ्री बिजली को बंद करना है. इस तरह की धमकी दिल्ली में भी दी जाती है.”

    लुधियाना में एक रैली के दौरान अमित शाह ने कहा, “इन चुनावों में जीत के लिए अपने कुछ साथियों (बीजेपी उम्मीदवारों) को भेजिए, मैं आपको बताता हूं कि बीजेपी की जीत के बाद भगवंत मान की यह सरकार ज्यादा समय तक चलने वाली नहीं है.”

    पंजाब में सभी 13 लोकसभा सीटों पर आखिरी सातवें चरण में एक जून को मतदान होना है. लोकसभा चुनाव के नतीजे चार जून को घोषित होंगे.

  6. राजकोट गेम ज़ोन हादसा: शवों की पहचान में क्यों हो रही देरी, गुजरात के गृह मंत्री ने बताया

    राजकोट गेम ज़ोन हादसे में शवों की पहचान में हो रही देरी पर गुजरात के गृह मंत्री हर्ष सांघवी ने प्रतिक्रिया दी है.

    हर्ष सांघवी ने समाचार एजेंसी एएनआई से कहा, ''राजकोट की घटना में शवों से ब्लड नहीं मिला. उनके बोन्स के जरिए डीएनए टेस्ट किए जा रहे हैं.''

    उन्होंने कहा, ''परिजनों के भी बोन्स से सैंपल लिए गए हैं. सैंपल एयर एंबुलेंस के माध्यम से गांधीनगर भेजे गए हैं. आज तीसरी रिपोर्ट आएगी और जिनकी भी रिपोर्ट आएगी उनके परिजनों को इसकी जानकारी दी जाएगी. 26 से ज्यादा सैंपल हमारे पास हैं.''

    हर्ष सांघवी ने कहा, ''एसआईटी ने घटना के दिन ही जांच शुरू कर दी थी. एसआईटी ने कई डिपार्टमेंट्स से फाइल हासिल की हैं.''

    ''जो रिपोर्ट्स मिली हैं उसके आधार पर सात अधिकारियों को सस्पेंड किया गया है. दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी. कुछ लोगों को हिरासत में लिया गया है. कुछ लोगों को पकड़ने के लिए 17 टीमें बनाई गई हैं.''

    इससे पहले राजकोट सिटी की एसपी राधिका भराई ने बताया कि डीएनए सैंपल से चार शवों की पहचान हुई है और इस बात की जानकारी परिजनों को दे दी गई है.

    शनिवार शाम को राजकोट के गेमिंग ज़ोन में आगजनी का हादसा हुआ है. इस हादसे में 27 लोगों की मौत हुई है.

    माना जा रहा है कि मारे गए लोगों में बड़ी संख्या में बच्चे शामिल हैं.

  7. प्रज्वल रेवन्ना ने वीडियो बयान जारी किया, बताया कब होंगे एसआईटी के सामने पेश, इमरान क़ुरैशी. बीबीसी हिंदी के लिए, बेंगलुरू से

    बीते दिनों कर्नाटक के हासन से जेडीएस सांसद प्रज्वल रेवन्ना के कई महिलाओं के साथ कथित यौन उत्पीड़न का वीडियो सामने आया और ये वीडियो पूरे कर्नाटक में वायरल हो गए. इससे कई महिलाओं की पहचान भी उजागर हुई है.

    कई दिनों तक ग़ायब रहने के बाद प्रज्वल रेवन्ना ने सोमवार को एक वीडियो जारी कर 31 मई को सुबह 10 बजे एसआईटी के सामने पेश होने की बात कही है.

    रेवन्ना ने अपने ऊपर लगे आरोपों को 'झूठा' बताया, “मैंने अब तक इसलिए जवाब नहीं दिया क्योंकि मैं डिप्रेस था. मैंने सबसे खुद को अलग कर लिया था. मेरे ख़िलाफ़ महिला यौन उत्पीड़न के आरोप राजनीतिक साजिश की वजह से लगाए गए हैं.”

    कथित यौन उत्पीड़न के वीडियो हासन लोकसभा सीट पर मतदान से पांच पहले 21 अप्रैल को पेन ड्राइव के जरिए सामने आए. प्रज्वल रेवन्ना इस सीट पर बीजेपी-जेडीएस गठबंधन के उम्मीदवार हैं.

    रेवन्ना ने कहा, ''वोटिंग 26 अप्रैल को हुई, तब तक मेरे ख़िलाफ़ कोई केस नहीं था. मेरी विदेश यात्रा पहले से तय थी. तीन-चार दिन बाद मैं यूट्यूब चैनल देख रहा था और मुझे इन आरोपों के बारे में पता चला. मैंने एसआईटी को भेजे गए नोटिस का जवाब दिया है. पेश होने से पहले मैंने वकील के ज़रिए सात दिन का वक्त भी मांगा.''

    “अगले ही दिन से कांग्रेस के नेता राहुल गांधी और बाकी नेताओं ने इस बात को मुद्दा बनाया और मेरे ख़िलाफ़ राजनीतिक साजिश रचने की कोशिश की. ये सब देखने के बाद मैं डिप्रेशन में चला गया था. हासन के कुछ राजनीतिक शक्तियां मुझे रोकना चाहती हैं. इसलिए मेरे ख़िलाफ़ साज़िश हो रही है.”

    रेवन्ना ने कहा, “ये सब देखने के बाद मैं खुद को सब से दूर रखने का फैसला किया. मैं शुक्रवार 31 मई को एसआईटी के सामने पेश हो रहा हूं और जांच में मैं पूरा सहयोग दूंगा. मुझे न्यायिक व्यवस्था में पूरा विश्वास है और मुझे पूरी उम्मीद है कि मैं इस केस से बाहर निकलने में कामयाब रहूंगा.”

    रेवन्ना के चाचा और कर्नाटक के पूर्व सीएम एचडी कुमारस्वामी ने रेवन्ना के सामने आने पर खुशी ज़ाहिर की है.

    पूर्व पीएम एचडी देवगौड़ा ने कुछ दिन पहले रेवन्ना से देश में वापस लौटने और जांच में सहयोग करने की अपील की थी.

  8. दिल्ली: विवेक विहार के अस्पताल में लगी आग के बारे में स्वास्थ्य मंत्री सौरभ भारद्वाज ने क्या बताया

    दिल्ली के विवेक विहार के अस्पताल में आग लगने की घटना को लेकर स्वास्थ्य मंत्री सौरभ भारद्वाज ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की है.

    सौरव भारद्वाज ने कहा, ''इस अस्पताल के जो मालिक हैं वो इस तरह का एक अस्पताल पश्चिम पुरी में भी चलाते हैं. इनके ऊपर दो बार केस दर्ज हुए हैं.''

    ''वो केस कड़कड़डूमा कोर्ट और तीस हजारी कोर्ट में चल रहे हैं. एक बार ये बिना रजिस्ट्रेशन के अस्पताल चलाते हुए पाए गए थे तो इन पर केस दर्ज हुआ था.''

    सौरव भारद्वाज ने कहा, ''ऐसी जानकारी मिली है कि अस्पताल के बेसमेंट में ऑक्सीजन सिलेंडर की रिफिलिंग हो रही थी. जांच की जा रही है कि इनके पास इसका लाइसेंस था या नहीं. ऐसे ही ऑक्सीजन सिलेंडर की रिफिलिंग नहीं की जा सकती.''

    ''जो अस्पताल 9 मीटर से कम ऊंचाईं के होते हैं उन्हें फ़ायर एनओसी की ज़रूरत नहीं होती. इसी कारण इनके पास एनओसी नहीं था. लेकिन अब हमने आदेश दिया है कि सभी अस्पतालों में फ़ायर एग्जिट सिस्टम होना चाहिए.''

    25 मई को शनिवार की रात विवेक विहार के एक बेबी केयर अस्पताल में आग लगी थी.

    इस हादसे में सात नवजात बच्चों की मौत हुई थी. हादसे के वक्त अस्पताल में 12 बच्चे भर्ती थे.

    उपराज्यपाल वीके सक्सेना और स्वास्थ्य मंत्री ने इस मामले में जांच के आदेश दिए हैं. शाहदरा के डीसीपी सुरेंद्र चौधरी के मुताबिक, अस्पताल को 5 बेड तक की अनुमति थी लेकिन उन्होंने 10 से ज्यादा बेड लगाए हुए थे.

    पुलिस ने इस मामले में अस्पताल के निदेशक डॉ. नवीन किची को गिरफ्तार किया है.

  9. पापुआ न्यू गिनी भूस्खलनः 2,000 से अधिक लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका

    पापुआ न्यू गिनी में शुक्रवार को हुए भूस्खलन से हज़ारों लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका है. सरकार की एक एजेंसी ने इस बात की जानकारी दी है.

    राष्ट्रीय आपदा केंद्र के कार्यकारी डायरेक्टर ने अपने पत्र में कहा है कि शुक्रवार को हुए भूस्खलन में दो हज़ार से ज़्यादा लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका है.

    रविवार को संयुक्त राष्ट्र ने 670 लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका व्यक्त की थी.

    राष्ट्रीय आपदा केंद्र के कार्यकारी डायरेक्टर का कहना है कि राहत और बचाव टीमें लगातार अपना काम कर रही हैं.

    प्रभावित इलाक़े के स्थानीय लोग हालांकि अभी तक बड़ा राहत और बचाव अभियान चलाए जाने का इंतजार कर रहे हैं.

    एक स्थानीय निवासी ने आशंका जताई है कि उसके परिवार के कई सदस्य मलबे में दबे हो सकते हैं.

    उन्होंने कहा, ''मेरे परिवार के 18 सदस्य मलबे में दबे हुए हैं. गांव के कई परिवारों के सदस्य मलबे में दबे हो सकते हैं. मैं इनकी गिनती भी नहीं कर सकता हूं.''

    पापुआ न्यु गिनी के जिस इलाक़े में भूस्खलन हुआ है, वहां करीब 3800 लोग रहते थे.

    यह इलाक़ा पापुआ न्यु गिनी की राजधानी मोरेस्बी से 600 किलोमीटर दूर उत्तर-पश्चिम में है.

  10. राजकोट गेम ज़ोन हादसे में चार शवों की पहचान, सीसीटीवी फ़ुटेज से पता चला कैसे लगी आग

    राजकोट गेम ज़ोन हादसे में अभी तक चार शवों की पहचान हो पाई है. राजकोट सिटी की एसपी राधिका भराई ने यह जानकारी दी.

    राधिका भराई ने समाचार एजेंसी एएनआई से कहा, ''डीएनए सैंपल के जरिए चार शवों की पहचान हुई है. इन शवों को परिजनों को सौंप दिया गया है.''

    ''हम परिजनों से संपर्क में हैं. जैसे जैसे शवों की पहचान होती जाएगी, हम परिजनों को शव सौंप देंगे.''

    राधिका भराई ने कहा, ''हमारे पास सभी परिवारवालों के कान्टैक्ट नंबर्स हैं. एफ़एसएल से जैसे ही हमारे पास रिपोर्ट आती जाएंगी, हम उनसे संपर्क करेंगे.''

    शनिवार शाम को राजकोट के गेमिंग ज़ोन में आगजनी का हादसा हुआ है. इस हादसे में 27 लोगों की मौत हुई है. माना जा रहा है कि मारे गए लोगों में बड़ी संख्या में बच्चे शामिल हैं.

    सीसीटीवी फुटेज से क्या पता चला?

    गेमिंग ज़ोन के सीसीटीवी फुटेज से पता चला है कि वेल्डिंग की चिंगरी से फ़ोम शीट में आग लगी थी.

    पुलिस ने इस मामले में गेम ज़ोन के मालिक के ख़िलाफ़ मामला दर्ज कर उसे हिरासत में ले लिया है. वहीं गुजरात हाई कोर्ट ने स्वत: संज्ञान लेते हुए राज्य सरकार से रिपोर्ट मांगी है.

    मामले की जांच के लिए राज्य सरकार ने नौ सदस्यीय एसआईटी टीम का भी गठन किया है.

  11. बिहार में बोले राहुल गांधी- 'नरेंद्र मोदी ने परमात्मा वाली कहानी इसलिए निकाली है...'

    कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने बिहार के बख्तियारपुर में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए पीएम मोदी पर निशाना साधा.

    उन्होंने कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी ने परमात्मा वाली कहानी इसलिए निकाली है क्योंकि ‘चुनाव के बाद जब वो ही ईडी के लोग नरेंद्र मोदी से अदानी जी के बारे में पूछेंगे. तो नरेंद्र मोदी कहेंगे मैं नहीं जानता, परमात्मा ने कहा था.’

    हाल ही में एनडीटीवी को दिए इंटरव्यू में पीएम मोदी ने एक सवाल के जवाब में कहा था, “मैं इतना जरूर मानता हूं कि कोई मुझे मूर्ख कह सकता है, कोई मुझे पागल कह सकता है. मैं मानता हूं कि परमात्मा ने मुझे किसी उद्देश्य से भेजा है. वो उद्देश्य पूरा होगा, तो परमात्मा मेरा काम भी पूरा कर देगा. इसलिए मैं पूर्णत परमात्मा को समर्पित है.”

    इससे पहले भी कई इंटरव्यू और अपने भाषणों में पीएम मोदी इसी तरह की बात कह चुके हैं, जिसे राहुल गांधी चुनावी मुद्दा बना रहे हैं.

  12. राजकोट हादसे के बाद जयपुर में छह गेमिंग ज़ोन सीज़, मोहर सिंह मीणा, बीबीसी हिंदी के लिए, जयपुर से

    गुजरात के राजकोट में हुए गेमिंग ज़ोन हादसे के बाद राजस्थान में भी गेमिंग ज़ोन पर निगरानी के निर्देश दिए गए हैं.

    जयपुर में रविवार को नगर निगम ग्रेटर और अग्निशमन के अधिकारियों ने छह गेमिंग ज़ोन सीज किए हैं.

    इन गेमिंग ज़ोन में सुरक्षा की दृष्टि से खामियां मिलने के बाद यह कार्रवाई की गई है.

    फायर उपायुक्त सरिता चौधरी और चीफ फायर ऑफ़िसर गौतम लाल ने टीम के साथ जयपुर के कई मॉल में गेमिंग ज़ोन चेक किए.

    इनमें भूत बंगला, हॉरर हाउस, गेमर ज़ोन सहित छह गेमिंग ज़ोन में फायर सेफ्टी में खामियां मिलने पर इन्हें सीज कर दिया गया है.

    सरिता चौधरी ने बीबीसी हिंदी से कहा है, "राजकोट जैसा हादसा नहीं हो इसलिए हम लगातार कार्रवाई कर रहे हैं. छह गेमिंग ज़ोन सीज किए हैं. अन्य जगह भी जांच की जा रही है."

    उन्होंने बताया, "यह गेमिंग ज़ोन लकड़ी, थर्माकोल, प्लास्टिक, कपड़ा, रबर जैसे अत्यंत ज्वलनशील पदार्थों का उपयोग कर बनाए गए हैं."

    राजकोट हादसा नहीं होता तो क्या यह यह कार्रवाई होती? और क्या इनके पास फायर एनओसी थी? जब इतनी खामियां थी तो कैसे चल रहे थे यह गेमिंग ज़ोन?

    बीबीसी के इन सवालों पर सरिता चौधरी कहती हैं, "हम कार्रवाई करते हैं. स्पेसिफिक इन गेमिंग ज़ोन के पास एनओसी नहीं थी पूरे मॉल के पास एनओसी तो है. हम यह कार्रवाई जारी रखेंगे."

    चीफ फायर ऑफिसर गौतम लाल कहते हैं, "जयपुर में करीब बीस से ज़्यादा गेमिंग ज़ोन बनाए हुए हैं, हम इनका सर्वे करवा रहे हैं."

    जयपुर के नगर निगम ग्रेटर कमिश्नर रुकमणि रियार ने सोमवार को अधिकारियों की एक बैठक बुलाई है. गेमिंग ज़ोन पर करवाई को लेकर निर्देश दिये जाएंगे.

    इधर, स्वायत्त शासन विभाग ने प्रदेश भर में सभी गेमिंग ज़ोन में सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण करने के आदेश जारी किए हैं.

    प्रदेश के सभी नगर निकायों के कमिश्नर निरीक्षण करने के लिए समितियां गठित करेंगे, इस पूरी करवाई की निगरानी कमिश्नर करेंगे.

  13. रेमल तूफ़ान में एक व्यक्ति की मौत, एनडीआरएफ के डीआईजी ने और क्या बताया

    रेमल तूफान का असर अब कम होता दिख रहा है.

    समाचार एजेंसी एएनआई से नेशनल डिजास्टर रिस्पांस फोर्स (एनडीआरएफ) के डीआईजी मोहसिन शाहिदी ने कहा कि अब रेमल तूफान गंभीर श्रेणी से बाहर आ गया है.

    उन्होंने कहा, “हवा की गति जो पहले करीब 110 से 120 किमी प्रति घंटा थी, वह अब घटकर 60 से 70 किमी प्रति घंटा हो गई है, यह एक बड़ी राहत है. उम्मीद है कि आज शाम तक इसका प्रभाव और कम हो जाएगा.”

    शाहिदी ने बताया कि रेमल तूफान के चलते कोलकाता में दीवार ढहने के कारण एक व्यक्ति की मौत का मामला सामने आया है.

    उन्होंने बताया कि पश्चिम बंगाल के प्रमुख इलाकों में एनडीआरएफ की 14 टीमें तैनात की हैं और उनकी सहायता के लिए एसडीआरएफ की छह टीमें भी लगी हुई हैं.

    शाहिदी ने बताया कि पश्चिम बंगाल के अलावा एहतियात के तौर पर एक टीम को त्रिपुरा में भी लगाया गया है.

    रेमल तूफान रविवार की रात बांग्लादेश और पश्चिम बंगाल के तटीय इलाकों से टकराया था. भारतीय मौसम विभाग ने पश्चिम बंगाल और पूर्वोत्तर के राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी दी है.

  14. पुणे पोर्श कार हादसा: पुलिस का दावा- डॉक्टरों ने नाबालिग अभियुक्त का ब्लड सैंपल डस्टबिन में फेंका

    पुणे पोर्श कार हादसे में पुलिस ने सोमवार को कई नई जानकारियां मीडिया के सामने रखी हैं.

    19 मई को हुई इस घटना में नाबालिग अभियुक्त ने अपनी पोर्श कार से दो बाइक सवार लोगों को टक्कर मारी थी, जिसमें दोनों की मौत हो गई थी.

    पुणे पुलिस आयुक्त अमितेश कुमार ने दावा किया कि ससून जनरल अस्पताल में डॉक्टरों ने नाबालिग अभियुक्त के ब्लड सैंपल को बदल दिया था.

    उन्होंने कहा, “कल शाम को हमें फॉरेंसिक रिपोर्ट मिली है. उससे यह पता चला कि ससून अस्पताल में डॉक्टर ने जिस सैंपल को सील कर फॉरेंसिक को भेजा था, असल में वह सैंपल नाबालिग अभियुक्त का नहीं था.”

    अमितेश ने दावा किया कि शाम को भी अभियुक्त का एक सैंपल लिया गया था, जो उनके पिता से भी मैच कर रहा है. यही सैंपल असली है.

    उन्होंने कहा, “जिन डॉक्टरों ने यह सैंपल सील करके फॉरेंसिक को भेजा था. उनको हमने कल हिरासत में लिया था. उनसे पूछताछ में यह बात सामने आई की उन्होंने नाबालिग अभियुक्त का सैंपल लिया था, लेकिन उसे डस्टबिन में फेंक दिया था और उन्होंने किसी दूसरे व्यक्ति का सैंपल से उसे बदल दिया था और उसे फॉरेंसिक लैब को भेजा था.”

    पुलिस ने इस मामले में ससून अस्पताल के दो डॉक्टरों को गिरफ्तार किया है.

    उनका कहना है कि इस मामले में आईपीसी की कई अन्य धाराएं भी जोड़ी गई हैं, जिसमें 120 बी, 467, 201, 213,214 शामिल है.

    इस मामले में 304 का गुनाह दाखिल किया गया था. उस केस में आज सुबह आईपीसी की धारा 120बी (क्रिमिनल कॉन्सपिरेसी), 467 (फोरजरी), 201, 213,214 सबूतों को मिटाने के सेक्शन बढ़ाए गए हैं.

    पुलिस ने बताया कि नाबालिग अभियुक्त ऑब्जरवेशन होम में है.

    पुणे पुलिस आयुक्त अमितेश कुमार का कहना है कि इस मामले में तीन अपराध दाखिल हुए हैं.

    पहला क्रिमिनल कॉन्सपिरेसी का है, जिसमें नाबालिग अभियुक्त के पिता को भी अभियुक्त बनाया गया है. उनका भी प्रोडक्शन वारंट लेकर कार्रवाई की जाएगी. दूसरा अपराध जुवेनाइल एक्ट के अंदर जो नाबालिग अभियुक्त के पिता और पब संचालकों पर दाखिल हुआ था. उसमें सभी आरोपी न्यायिक हिरासत में हैं.”

    “तीसरा अपराध किडनैपिंग का दाखिल हुआ था. उसमें नाबालिग अभियुक्त के दादा फिलहाल पुलिस कस्टडी में हैं. उसमें नाबालिग अभियुक्त के पिता को प्रोडक्शन पर लेने के लिए एप्लीकेशन लगाई गई है.”

    उन्होंने कहा कि इस मामले में युद्ध स्तर पर जांच की जा रही है. जो कोई भी दोषी पाया जाएगा, उस पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी.

  15. आरएसएस के स्वयंसेवकों के घर की महिलाएँ हिंदुत्व पर क्या सोचती हैं?

  16. राजकोट गेम ज़ोन हादसा: सीसीटीवी फुटेज आई सामने, कैसे लगी आग

    राजकोट के टीआरपी गेम जोन में आग लगने के कारण हुए हादसे के चार सीसीटीवी फुटेज बीबीसी ने देखे हैं, जिनसे पता चलता है कि यह आग कैसे लगी?

    शनिवार को हुए इस हादसे में 27 लोगों की मौत हुई है. माना जा रहा है कि मारे गए लोगों में बड़ी संख्या में बच्चे शामिल हैं.

    सबसे पहली फुटेज शाम 5:33:30 बजे की है. इसमें दिखाई देता है कि गेम जोन के अंदर वेल्डिंग का काम चल रहा था. जहां यह वेल्डिंग की जा रही थी, ठीक उसके नीचे फोम शीट का एक बड़ा पैड रखा गया था. सबसे पहले वेल्डिंग से चिंगारी निकलकर इसी फोम शीट को अपनी चपेट में लेती है.

    5:34:06 बजे इस फोन की चादर से हल्का धुआं निकलने लगता है. इसके तुरंत बाद चार से पांच लोग भागते हुए नजर आते हैं. ये लोग आग बुझाने की कोशिश करते हुए भी नजर आ रहे हैं.

    5:34:55 तक वहां रखी हुई फोम की शीट जलने लगती हैं. जल्द ही वहां कई लोग जमा हो जाते हैं. कुछ लोग बची हुई फोम शीट को वहां से हटाने की कोशिश भी करते हैं, लेकिन उन्हें इसमें कामयाबी नहीं मिलती. देखते ही देखते आग बहुत तेजी से फैलने लगती है.

    एक अन्य फुटेज में एक व्यक्ति फायर एक्सटिंग्विशर से आग बुझाते हुए दिखाई देता है, लेकिन इससे भी कोई फायदा नहीं मिलता.

    कुछ ही मिनटों में लोग इधर-उधर भागते हुए दिखाई देते हैं. एक बार फिर से फायर एक्सटिंग्विशर लाया जाता है, लेकिन आग बुझाने में लोग सफल नहीं हो पाते और एक मिनट के भीतर ही आग तेजी से फैलने लगती है.

    पुलिस ने इस मामले में गेम जोन के मालिक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे हिरासत में लिया है. वहीं गुजरात हाई कोर्ट ने स्वत: संज्ञान लेते हुए राज्य सरकार से रिपोर्ट मांगी है.

    वहीं मामले की जांच के लिए राज्य सरकार ने एक एसआईटी का भी गठन किया है.

  17. विवेक विहार अस्पताल अग्निकांड: स्वास्थ्य मंत्री सौरभ भारद्वाज ने बुलाई बैठक

    दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सौरभ भारद्वाज ने विवेक विहार के अस्पताल में आग लगने की घटना को लेकर सचिवालय में बैठक बुलाई है.

    बैठक में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी मौजूद रहेंगे. साथ ही साथ दिल्ली में बढ़ती गर्मी को लेकर भी बैठक में चर्चा होगी.

    शनिवार की रात(25 मई) विवेक विहार के एक बेबी केयर अस्पताल में आग लगी थी. इस हादसे में सात नवजात बच्चों की मौत हुई थी. हादसे के वक्त अस्पताल में 12 बच्चे भर्ती थे.

    उपराज्यपाल वीके सक्सेना और स्वास्थ्य मंत्री ने इस मामले में जांच के आदेश दिए हैं.

    शाहदरा के डीसीपी सुरेंद्र चौधरी के मुताबिक अस्पताल को 5 बेड तक की अनुमति थी लेकिन उन्होंने 10 से ज्यादा बेड लगाए हुए थे.

    पुलिस के मुताबिक अस्पताल की एनओसी और फायर एग्जिट सिस्टम भी नहीं था. पुलिस ने इस मामले में अस्पताल के निदेशक डॉ. नवीन किची को गिरफ्तार किया है.

  18. अरविंद केजरीवाल ने ज़मानत बढ़ाने के लिए दायर की याचिका, मेडिकल जांच का दिया हवाला

    दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने अपनी अंतरिम ज़मानत का समय 7 दिन बढ़ाने के लिए सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर की है.

    समाचार एजेंसी एएनआई से बात करते हुए आप नेता आतिशी ने इसकी पुष्टि की.

    उन्होंने कहा, “जब वे (अरविंद केजरीवाल) ईडी की हिरासत में थे तो उनका सात किलो वजन कम हो गया था. अचानक वजन कम होना डॉक्टरों के लिए चिंता का विषय है. ज़मानत मिलने और डॉक्टरों की निगरानी में रहने के बावजूद वे दोबारा अपना वजन नहीं बढ़ा पाए हैं. शुरुआती जांच से यह संकेत मिला है कि उनके कीटोन का स्तर बहुत ज्यादा है.”

    आतिशी ने कहा कि हाई कीटोन लेवल के साथ-साथ अचानक वजन कम होने से कैंसर और किडनी जैसी गंभीर बीमारी होने का खतरा हो सकता है.

    उन्होंने कहा कि यही वजह है कि डॉक्टरों ने अरविंद केजरीवाल को पूरे शरीर का पीईटी स्कैन समेत कई अन्य जांच करवाने के लिए कहा है.

    दिल्ली के कथित शराब घोटाले में ईडी ने अरविंद केजरीवाल को गिरफ्तार किया था. उन्हे सुप्रीम कोर्ट ने 2 जून तक जमानत दी थी.

  19. रेमल तूफान से कोलकाता पस्त, कई ट्रेनें रद्द, प्रभाकर मणि तिवारी, बीबीसी हिंदी के लिए, कोलकाता से

    रविवार देर रात आए चक्रवाती तूफान के कारण पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता और आसपास के कई इलाकों का चेहरा बदल गया है.

    तूफान के साथ लगातार भारी बारिश के कारण सैकड़ों पेड़ और बिजली के खंभे उखड़ गए हैं.

    महानगर के कई इलाको में घुटने तक पानी भर गया है. रेलवे की पटरी पर पेड़ गिरने के कारण सियालदह दक्षिण शाखा में लोकल ट्रेनों की आवाजाही ठप हो गई है.

    तूफान का असर मेट्रो सेवाओं पर भी पड़ा है. इससे दफ्तर जाने वालों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.

    तूफान के असर के कारण महानगर समेत राज्य के दक्षिणी इलाको में भारी बारिश हो रही है.

    मौसम विभाग ने कहा है कि सोमवार दोपहर तक भारी बारिश जारी रहने की संभावना है.

    कई जिलों में रेड अलर्ट जारी किया गया है. दूसरी ओर, कोलकाता नगर निगम ने कहा है कि परिस्थिति को सुधारने के लिए निगम के कर्मचारी युद्धस्तर पर काम कर रहे हैं. मेयर फिरहाद हकीम रविवार पूरी रात निगम मुख्यालय में जमे रहे.

    बिजली मंत्री अरूप विश्वास ने बताया, "कुछ इलाकों में बिजली के खंभे उखड़ जाने के रण वहां सप्लाई ठप है. उनकी मरम्मत का काम शुरू हो गया है."

    कोलकाता के इंटाली इलाके में तूफान के दौरान चारदीवारी ढहने से दब कर एक व्यक्ति की मौत हो गई.

    राज्य सरकार के अधिकारियों ने बताया कि रेमल का सबसे ज्यादा असर दक्षिण 24 परगना जिले के सुंदरबन और गंगासागर इलाकों पर पड़ा है. वहां भी आपदा प्रबंधन विभाग की कई टीमें पहुंच गई हैं.

    यहां अलीपुर स्थित मौसम विभाग ने कहा है कि रेमल के असर से कोलकाता समेत कई जिलों में दोपहर तक भारी बारिश हो सकती है.

    रेलवे के सूत्रों ने बताया कि पूर्व और दक्षिण पूर्व रेलवे की विभिन्न शाखाओं में पटरियों पर पेड़ गिरने के कारण रेल सेवाओं पर काफी असर पड़ा है. वैसे, रेलवे ने रविवार ही कई लोकल और दूरगामी ट्रेनें रद्द करने का एलान कर दिया था. तटवर्ती शहर दीघा जाने वाली तमाम ट्रेनें भी पहले ही रद्द कर दी गई थी.

    कामकाजी लोगों को ध्यान में रखते हुए सुबह कुछ लोकल ट्रेनें चलाई जानी थी. लेकिन फिलहाल वह भी बंद हैं. रेलवे के मुताबिक, सोमवार को सियालदह दक्षिण शाखा में 10 ट्रेनें रद्द रहेंगी.

  20. गौतम गंभीर: आईपीएल में कोलकाता को 'मति और गति' से चैंपियन बनाने की कहानी