सीधी उड़ान, सीमा विवाद और ट्रंप के टैरिफ़ पर चीन से क्या हुई बात? विदेश सचिव ने बताया

विदेश मंत्रालय ने प्रधानमंत्री मोदी के चीन दौरे पर विशेष प्रेस ब्रीफ़िंग की. विदेश सचिव विक्रम मिसरी ने कहा कि प्रधानमंत्री का सोमवार का कार्यक्रम कई अहम बैठकों से जुड़ा है.

सारांश

लाइव कवरेज

इफ़्तेख़ार अली और अभय कुमार सिंह

  1. अब इस लाइव पेज को विराम देने का वक़्त आ गया है. बीबीसी संवाददाता अभय कुमार सिंह को दीजिए इजाज़त.

    कल हम बीबीसी लाइव पेज के ज़रिए दिन भर की बड़ी ख़बरों को लेकर फिर हाज़िर होंगे.

    फ़िलहाल, हमारे होम पेज पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.

  2. एससीओ समिट: पीएम मोदी ने म्यांमार में चुनावों के एलान का स्वागत किया, इन मुद्दों पर हुई बातचीत

    नरेंद्र मोदी

    इमेज स्रोत, X/ @narendramodi

    इमेज कैप्शन, तियानजिन में पीएम मोदी ने म्यांमार के सीनियर जनरल समेत कई देशों के नेताओं से मुलाक़ात की है

    चीन के तियानजिन में हो रहे शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) समिट से इतर रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने म्यांमार के सीनियर जनरल मिन ऑन्ग ह्लाइंग से मुलाक़ात की.

    इसकी तस्वीर एक्स पर साझा करते हुए प्रधानमंत्री ने लिखा, “तियानजिन में म्यांमार के सीनियर जनरल मिन ऑन्ग ह्लाइंग से बातचीत की. म्यांमार भारत की ‘एक्ट ईस्ट’ और ‘नेबरहुड फ़र्स्ट’ नीतियों का अहम हिस्सा है. व्यापार, कनेक्टिविटी, ऊर्जा, खनन और सुरक्षा जैसे क्षेत्रों में रिश्तों को और मज़बूत किया जा सकता है.”

    विदेश मंत्रालय की ओर से हुई विशेष प्रेस ब्रीफ़िंग में विदेश सचिव विक्रम मिसरी ने बताया, “प्रधानमंत्री ने म्यांमार के स्टेट सिक्योरिटी एंड पीस कमीशन के चेयरमैन सीनियर जनरल मिन ऑन्ग ह्लाइंग के साथ द्विपक्षीय बैठक की. प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत अपनी ‘नेबरहुड फ़र्स्ट’ और ‘एक्ट ईस्ट’ नीतियों के तहत म्यांमार के साथ रिश्तों को बहुत अहम मानता है."

    "उन्होंने दोनों देशों के बीच विकास साझेदारी पर ज़ोर दिया और चल रहे कनेक्टिविटी प्रोजेक्ट्स के लिए सीनियर जनरल मिन ऑन्ग ह्लाइंग का समर्थन माँगा. बैठक में सुरक्षा और सीमा से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा हुई.”

    विक्रम मिसरी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने म्यांमार में चुनावों के एलान का स्वागत किया और साफ़ किया कि “म्यांमार में शांति और स्थिरता के लिए आगे बढ़ने का एकमात्र रास्ता बातचीत है.”

  3. सीधी उड़ान, सीमा विवाद और ट्रंप के टैरिफ़ पर चीन से क्या हुई बात? विदेश सचिव ने बताया

    विक्रम मिसरी

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, भारत के विदेश सचिव विक्रम मिसरी ने प्रेस ब्रीफ़िंग में पीएम मोदी और शी जिनपिंग के बीच हुई बातचीत का ब्योरा साझा किया है

    चीन के तियानजिन में हो रहे शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) समिट में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पहुंचे हैं.

    ऐसे में विदेश मंत्रालय ने इस दौरे पर विशेष प्रेस ब्रीफ़िंग की. विदेश सचिव विक्रम मिसरी ने कहा कि प्रधानमंत्री का सोमवार का कार्यक्रम कई अहम बैठकों से जुड़ा है.

    विक्रम मिसरी ने कहा, “कल प्रधानमंत्री समिट के प्लेनरी सेशन को संबोधित करेंगे, जहां वह एससीओ के तहत क्षेत्रीय सहयोग को बढ़ावा देने के लिए भारत का नज़रिया साझा करेंगे. इसके बाद उनकी रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से द्विपक्षीय बैठक होगी और फिर प्रधानमंत्री भारत लौटेंगे.”

    भारत और चीन के बीच सीधी उड़ान के सवाल पर उन्होंने कहा, “जल्द ही हमें भारत और चीन के बीच डायरेक्ट फ्लाइट्स दोबारा शुरू होती दिखेंगी.”

    मिसरी ने कहा, “पिछले कुछ हफ़्तों और महीनों में दोनों देशों ने इस मुद्दे पर गहन बातचीत की है. इस साल की शुरुआत में उच्च स्तर पर यह समझ बनी थी कि इस दिशा में आगे बढ़ना चाहिए. तब से कई तकनीकी स्तर की बैठकें हुई हैं. हाल ही में भारतीय सिविल एविएशन का एक प्रतिनिधिमंडल बीजिंग गया था. व्यापक स्तर पर एक सहमति बन चुकी है, अब सिर्फ़ कुछ ऑपरेशनल इश्यूज़ बाकी हैं जैसे एयर सर्विसेज़ एग्रीमेंट और शेड्यूलिंग. मेरी समझ है कि ये आने वाले कुछ हफ़्तों में सुलझ जाएंगे और फ्लाइट्स फिर से शुरू हो जाएँगी.”

    सीमा से जुड़ी बातचीत पर विदेश सचिव विक्रम मिसरी ने कहा, “इस बातचीत को आगे बढ़ाने के लिए डेडिकेटेड मैकेनिज़्म बनाए गए हैं. हमें उम्मीद है कि भारत और चीन के बीच सीमा क्षेत्रों में सहयोग और समन्वय के लिए जो मौजूदा मैकेनिज़्म है, उसकी बैठक आने वाले दिनों और हफ़्तों में होगी. दोनों पक्षों के नेता आपस में यह तय करेंगे कि सीमा-निर्धारण से जुड़ी बातचीत किस तरह आगे बढ़ाई जाए.”

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग की द्विपक्षीय बैठक में अमेरिका के टैरिफ़ पर चर्चा हुई या नहीं?

    इस सवाल पर विदेश सचिव ने कहा, “दोनों नेताओं ने अंतरराष्ट्रीय आर्थिक स्थिति पर बातचीत की. उन्होंने माना कि मौजूदा हालात से कई चुनौतियाँ सामने आई हैं. चर्चा का मुख्य केंद्र हालांकि द्विपक्षीय रिश्ते ही रहे. अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जो कुछ हो रहा है और उससे जो चुनौतियाँ पैदा हो रही हैं, उसे भी दोनों नेताओं ने स्वीकार किया, लेकिन उन्होंने कोशिश की कि इन हालात का इस्तेमाल आपसी समझ बढ़ाने और भारत-चीन के कारोबारी रिश्तों को आगे बढ़ाने के लिए कैसे किया जा सकता है.”

  4. हमास ने अपने सैन्य प्रमुख मोहम्मद सिनवार के मारे जाने की पुष्टि की

    हमास

    इमेज स्रोत, Reuters

    इमेज कैप्शन, इसराइली सेना के मुताबिक़, ये तस्वीर ग़ज़ा में हमास प्रमुख मोहम्मद सिनवार की है. यह तस्वीर 17 दिसंबर 2023 को जारी एक वीडियो से ली गई है.

    हमास ने ग़ज़ा में अपने सैन्य प्रमुख मोहम्मद सिनवार की मौत की पुष्टि कर दी है.

    कुछ महीने पहले इसराइल ने दावा किया था कि मई में एक हमले में उसने सिनवार को मार दिया था.

    न्यूज़ एजेंसी रॉयटर्स के मुताबिक़, हमास ने उनकी मौत की कोई जानकारी नहीं दी है, लेकिन संगठन ने सिनवार और अपने अन्य नेताओं की तस्वीरें जारी की हैं और उन्हें “शहीद” बताया है.

    रिपोर्ट के अनुसार, मोहम्मद सिनवार हमास के शीर्ष नेता याह्या सिनवार के छोटे भाई थे. इसराइल याह्या सिनवार को 7 अक्तूबर 2023 को हुए इसराइल पर हमास के हमले का मुख्य साज़िशकर्ता बताता रहा है.

    हमास के उस हमले में 1200 लोग मारे गए थे और 251 लोगों को अग़वा कर लिया गया था.

    इसके तुरंत बाद इसराइल ने ग़ज़ा में हमले शुरू कर दिए थे, जिसमें अब तक 60 हज़ार से ज़्यादा फ़लस्तीनियों की मौत हो चुकी है.

    भाई की मौत के बाद मोहम्मद सिनवार को संगठन में ऊँचे पद पर पहुँचाया गया था. अब मोहम्मद सिनवार की मौत की पुष्टि हमास ने कर दी है.

  5. शंघाई सहयोग संगठन समिट में पहुंचे पीएम मोदी ने दुनियाभर के नेताओं से की मुलाक़ात

    नरेंद्र मोदी

    इमेज स्रोत, X/@narendramodi

    इमेज कैप्शन, चीन के तियानजिन में प्रधानमंत्री मोदी ने नेपाल, मालदीव, बेलारूस समेत कई देशों के राष्ट्राध्यक्षों से मुलाक़ात की

    चीन के तियानजिन में हो रहे शंघाई कोऑपरेशन ऑर्गेनाइज़ेशन (एससीओ) सम्मेलन से इतर रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कई देशों के नेताओं से मुलाक़ात की.

    उन्होंने मुलाक़ातों की तस्वीरें और अपने अनुभव एक्स पोस्ट पर साझा किए. प्रधानमंत्री मोदी ने लिखा कि इन बैठकों में व्यापार, ऊर्जा, सुरक्षा और आपसी सहयोग जैसे कई अहम मुद्दों पर बात हुई.

    यहां जानिए कि प्रधानमंत्री मोदी ने इन नेताओं के साथ मुलाक़ात की तस्वीर साझा करते हुए क्या-क्या लिखा:

    नरेंद्र मोदी

    इमेज स्रोत, X/@narendramodi

    इमेज कैप्शन, “मालदीव के राष्ट्रपति मोहम्मद मुइज्जू से मुलाक़ात की. भारत और मालदीव के बीच विकास सहयोग से दोनों देशों के लोगों को बड़ा फ़ायदा हो रहा है.”
    नरेंद्र मोदी

    इमेज स्रोत, X/@narendramodi

    इमेज कैप्शन, “तियानजिन में नेपाल के प्रधानमंत्री केपी ओली से मुलाक़ात करके खुशी हुई. भारत और नेपाल के रिश्ते बेहद गहरे और खास हैं.”
    नरेंद्र मोदी

    इमेज स्रोत, X/@narendramodi

    इमेज कैप्शन, ''मिस्र के प्रधानमंत्री मुस्तफ़ा मैडबौली से मुलाक़ात हुई. कुछ साल पहले का मिस्र दौरा याद आया. भारत और मिस्र की दोस्ती लगातार नई ऊँचाइयाँ छू रही हैं.''
    नरेंद्र मोदी

    इमेज स्रोत, X/@narendramodi

    इमेज कैप्शन, “बेलारूस के राष्ट्रपति अलेक्जेंडर लुकाशेंको से मुलाक़ात हुई. दोनों देश आने वाले समय में नए अवसरों को लेकर बहुत आशावादी हैं.”
    नरेंद्र मोदी

    इमेज स्रोत, X/@narendramodi

    इमेज कैप्शन, “ताजिकिस्तान के राष्ट्रपति इमोमाली रहमोन से मिलना हमेशा सुखद होता है. भारत और ताजिकिस्तान के व्यापार और सांस्कृतिक रिश्ते लगातार मज़बूत हो रहे हैं.”
    नरेंद्र मोदी

    इमेज स्रोत, X/@narendramodi

    इमेज कैप्शन, “कज़ाख़स्तान के राष्ट्रपति तोकायेव से अच्छी बातचीत हुई. हमारे देश ऊर्जा, सुरक्षा, स्वास्थ्य और दवा जैसे कई अहम क्षेत्रों में मिलकर काम कर रहे हैं.”
    नरेंद्र मोदी

    इमेज स्रोत, X/@narendramodi

    इमेज कैप्शन, “तियानजिन में म्यांमार के सीनियर जनरल मिन ऑन्ग ह्लाइंग से बातचीत की. म्यांमार भारत की ‘एक्ट ईस्ट’ और ‘नेबरहुड फर्स्ट’ नीतियों का अहम हिस्सा है. व्यापार, कनेक्टिविटी, ऊर्जा, खनन और सुरक्षा जैसे क्षेत्रों में रिश्तों को और मज़बूत किया जा सकता है.”
    नरेंद्र मोदी

    इमेज स्रोत, X/@narendramodi

    इमेज कैप्शन, “चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग के साथ उपयोगी बैठक हुई. हमने पिछली मुलाक़ात के बाद भारत-चीन रिश्तों में आई सकारात्मक प्रगति की समीक्षा की. यह सहमति बनी कि सीमा क्षेत्रों में शांति और स्थिरता बनी रहनी चाहिए और रिश्ते आपसी सम्मान, साझा हित और संवेदनशीलता पर आधारित हों.”
  6. भारत के 'एजुकेट गर्ल्स' को मिला 2025 का रेमन मैग्सेसे अवॉर्ड, इस वजह से यह है और ख़ास

    एजुकेट गर्ल्स

    इमेज स्रोत, facebook.com/educategirls

    इमेज कैप्शन, रेमन मैग्सेसे फ़ाउंडेशन का कहना है कि एजुकेट गर्ल्स ने समुदाय और सरकार के संसाधनों को जोड़कर ग्रामीण और पिछड़े क्षेत्रों में शिक्षा के लिए बड़ा काम किया है

    भारत की ग़ैर लाभकारी संस्था 'फ़ाउंडेशन टू एजुकेट गर्ल्स ग्लोबली' को 2025 का रेमन मैग्सेसे अवॉर्ड दिया गया है.

    यह संस्था आमतौर पर 'एजुकेट गर्ल्स' के नाम से जानी जाती है. यह रेमन मैग्सेसे अवॉर्ड पाने वाली पहली भारतीय संस्था है.

    रेमन मैग्सेसे अवॉर्ड फ़ाउंडेशन ने रविवार को मनीला में विजेताओं की घोषणा की.

    फ़ाउंडेशन ने कहा कि एजुकेट गर्ल्स को यह सम्मान “लड़कियों और युवा महिलाओं की शिक्षा के ज़रिए सामाजिक बंदिशों और पुरानी सोच को तोड़ने, अशिक्षा से बाहर लाने और उन्हें कौशल, हिम्मत और आत्मनिर्भरता के साथ आगे बढ़ाने” की प्रतिबद्धता के लिए यह सम्मान दिया गया है.

    'एजुकेट गर्ल्स' एक ग़ैर-लाभकारी संस्था है, जो भारत के ग्रामीण और पिछड़े इलाक़ों में लड़कियों की शिक्षा के लिए काम करती है. संस्था की वेबसाइट के अनुसार, 2007 से अब तक यह राज्य सरकारों के साथ मिलकर 18 लाख से ज़्यादा बच्चियों को स्कूल में दाख़िला दिला चुकी है.

    इसका काम राजस्थान, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश और बिहार के 29 हज़ार से अधिक गाँवों तक फैला हुआ है. इस संस्था की स्थापना सफ़ीना हुसैन ने की थी. वह संस्था की बोर्ड सदस्य भी हैं.

    सफ़ीना हुसैन ने इस सम्मान को लेकर कहा, “रेमन मैग्सेसे अवॉर्ड पाने वाली पहली भारतीय नॉन-प्रॉफ़िट संस्था बनना एजुकेट गर्ल्स और पूरे देश के लिए ऐतिहासिक पल है. यह भारत के उस जन-आंदोलन को वैश्विक मंच पर सामने लाती है, जो एक दूरदराज़ गाँव की एक बच्ची से शुरू हुआ था और जिसने परंपराओं को चुनौती देकर पूरे समुदायों की सोच बदली.”

    हाल ही में सफ़ीना हुसैन को लंदन स्कूल ऑफ़ इकॉनॉमिक्स से मानद डॉक्टरेट की उपाधि दी गई थी.

    2025 के अन्य विजेताओं में मालदीव की शाहीना अली शामिल हैं, जिन्हें समुद्र और पर्यावरण की सुरक्षा के लिए सम्मानित किया गया है.

    वहीं फ़िलीपींस के फ्लावियानो एंटोनियो एल. विलनुएवा को ग़रीबों और ज़रूरतमंदों की सेवा के लिए चुना गया है.

  7. उत्तराखंड: पिथौरागढ़ में एनएचपीसी पावर हाउस की टनल का मुहाना भूस्खलन से बंद, 11 लोग फँसे, आसिफ़ अली, देहरादून से बीबीसी हिन्दी के लिए

    उत्तराखंड

    इमेज स्रोत, Uttrakhand information department

    इमेज कैप्शन, घटना के बाद से ही राहत और बचाव का काम जारी है, जो लोग फंसे हुए हैं उन्हें निकालने की कोशिश की जा रही है

    उत्तराखंड के पिथौरागढ़ ज़िले में शनिवार को एनएचपीसी के भूमिगत पावर हाउस की सुरंग पर बड़ा भूस्खलन हुआ.

    इस हादसे में सुरंग का रास्ता बंद हो गया और अंदर काम कर रहे 19 कर्मचारी और अधिकारी फँस गए.

    ज़िला प्रशासन के मुताबिक़, अब तक 8 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला जा चुका है, जबकि 11 लोग अब भी अंदर हैं. उन्हें बाहर निकालने का प्रयास लगातार जारी है.

    पिथौरागढ़ के डीएम विनोद गोस्वामी ने बताया कि भूस्खलन के बाद सुरंग के मुहाने और इमरजेंसी शाफ़्ट से मलबा हटाने का काम किया जा रहा है.

    उन्होंने कहा, “अंदर मौजूद 11 कर्मचारी सुरक्षित हैं और उनसे संपर्क बना हुआ है. बचाव दल लगातार काम कर रहे हैं.”

    बचाव अभियान में ज़िला प्रशासन, बीआरओ, एनएचपीसी, एनडीआरएफ़, सीआईएसएफ़ और अन्य एजेंसियाँ जुटी हुई हैं.

    उपज़िलाधिकारी धारचूला जितेन्द्र वर्मा ने बताया कि पावर हाउस को कोई बड़ा नुक़सान नहीं हुआ है. सुरंग के मुख्य द्वार पर लगातार आ रहे मलबे को बीआरओ की मदद से हटाया जा रहा है.

    मौके पर पर्याप्त मशीनरी और सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं. अधिकारियों ने बताया कि सुरंग के अंदर पहले से किचन और खाने-पीने की व्यवस्था मौजूद है.

  8. सितंबर में अधिक बारिश के आसार, आईएमडी ने बाढ़ और भूस्खलन को लेकर यह कहा

    बारिश

    इमेज स्रोत, Indranil Aditya/NurPhoto via Getty Images

    इमेज कैप्शन, मौसम विभाग ने चेताया है कि हालात को देखते हुए बचाव के इंतज़ाम मज़बूत करने की ज़रूरत है (प्रतीकात्मक तस्वीर)

    मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने अनुमान जताया है कि सितंबर 2025 में देश में औसत से अधिक वर्षा होगी.

    विभाग के मुताबिक़, इस महीने देशभर में दीर्घकालिक औसत से लगभग 109% ज़्यादा बारिश होने के आसार हैं. सितंबर का औसत 167.9 मि.मी. है.

    आईएमडी ने बताया कि देश के ज़्यादातर हिस्सों में सामान्य से ऊपर या सामान्य बारिश होगी. हालांकि, पूर्वोत्तर और पूर्वी भारत के कुछ हिस्सों, दक्षिणी प्रायद्वीपीय भारत के कई इलाक़ों और उत्तर-पश्चिम भारत के कुछ इलाक़ों में बारिश सामान्य से कम रह सकती है.

    विभाग ने कहा है कि बहुत ज़्यादा बारिश की वजह से अचानक बाढ़ और भूस्खलन जैसी घटनाएँ हो सकती हैं. इसका असर कृषि, जल संसाधन और स्वास्थ्य व्यवस्था समेत कई क्षेत्रों पर पड़ सकता है.

    आईएमडी ने चेतावनी दी है कि हालात को देखते हुए नज़र रखने और बचाव के इंतज़ाम मज़बूत करने की ज़रूरत है. साथ ही जोखिम वाले इलाक़ों में तेज़ और असरदार राहत व्यवस्था बनाने की सलाह दी गई है.

  9. अमित शाह पर आपत्तिजनक बयान को लेकर महुआ मोइत्रा के ख़िलाफ़ रायपुर में एफ़आईआर, आलोक पुतुल, रायपुर से बीबीसी हिंदी के लिए

    महुआ मोइत्रा

    इमेज स्रोत, GETTY IMAGES

    इमेज कैप्शन, महुआ मोइत्रा पश्चिम बंगाल की कृष्णानगर सीट से सांसद हैं

    तृणमूल कांग्रेस की सांसद महुआ मोइत्रा के ख़िलाफ़ केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी करने के मामले में छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में एफ़आईआर दर्ज की गई है.

    यह मामला माना थाने में दर्ज हुआ है. पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 196 और धारा 197 के तहत एफ़आईआर दर्ज की है.

    बीजेपी के स्थानीय प्रवक्ता गोपाल सामंतो की शिकायत पर यह कार्रवाई हुई है.

    उन्होंने महुआ मोइत्रा के कथित बयान पर आपत्ति जताते हुए कहा, "यह दुस्साहस है. इस देश के गणतंत्र और अखंडता को चोट पहुँचाने का कुत्सित प्रयास है. हम सब उस बंगाली समाज से आते हैं जिसे स्वतंत्रता संग्राम और कला के लिए जाना जाता है, लेकिन महुआ मोइत्रा लगातार उस समाज को बदनाम करने की कोशिश कर रही हैं."

    इससे पहले पश्चिम बंगाल के नदिया ज़िले में भी एक वकील की शिकायत पर महुआ मोइत्रा के ख़िलाफ़ एफ़आईआर दर्ज की गई थी.

    26 अगस्त को नदिया में एक कार्यक्रम के दौरान पत्रकारों से बातचीत में मोइत्रा ने गृह मंत्री अमित शाह के बारे में ऐसा बयान दिया था जिसे बीजेपी ने "बेहद आपत्तिजनक" बताया था और उनके ख़िलाफ़ कड़ी कार्रवाई की मांग की थी.

  10. पंजाब बाढ़: सीएम भगवंत मान ने पीएम मोदी को पत्र लिखकर 60 हज़ार करोड़ की माँग की

    भगवंत मान

    इमेज स्रोत, GETTY IMAGES

    इमेज कैप्शन, पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान का कहना है कि किसानों को इस बाढ़ से भारी नुक़सान हुआ है

    पंजाब में दशकों की सबसे भीषण बाढ़ से पैदा हुए हालात को लेकर मुख्यमंत्री भगवंत मान ने रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखा है.

    न्यूज़ एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़, मान ने केंद्र से 60,000 करोड़ रुपये जारी करने की माँग की है. उनका कहना है कि यह राज्य का पैसा है जो फ़िलहाल केंद्र के पास "अटका हुआ" है.

    मुख्यमंत्री ने स्टेट डिज़ास्टर रिस्पॉन्स फ़ंड (एसडीआरएफ़) के तहत मिलने वाली राशि के मानकों में बदलाव की भी माँग की. उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रभावित किसानों को कम से कम प्रति एकड़ 50,000 रुपये देना चाहती है.

    पंजाब इस समय भारी बाढ़ की चपेट में है. सतलुज, ब्यास और रावी नदियों के उफान और हिमाचल प्रदेश के साथ ही जम्मू-कश्मीर के कई इलाक़ों में हुई भारी बारिश की वजह से मौसमी नालों के साथ मिलकर हालात और बिगड़ गए हैं.

    मुख्यमंत्री ने पत्र में लिखा है कि "इस समय लगभग तीन लाख एकड़ कृषि भूमि, जिनमें ज़्यादातर धान के खेत शामिल हैं, बाढ़ के पानी में डूबी हुई है. इससे फसलों को भारी नुक़सान हुआ है."

    "इसके अलावा, पशुधन का भी भारी नुक़सान हुआ है, जिससे ग्रामीण परिवार बुरी तरह प्रभावित हैं, क्योंकि उनकी आजीविका का बड़ा हिस्सा डेयरी और पशुपालन पर निर्भर है."

  11. एससीओ समिट: मोदी, पुतिन और जिनपिंग एक साथ, इस मंच का यह है इतिहास

    शी जिनपिंग

    इमेज स्रोत, Russian Ministry of Foreign Affairs/Anadolu via Getty Images

    इमेज कैप्शन, शंघाई सहयोग संगठन के संस्थापक देशों में से एक है चीन

    भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग से मुलाक़ात की. यह बैठक चीन के तियानजिन में हुई, जहां शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) का 25वां शिखर सम्मेलन चल रहा है.

    इस बैठक में प्रधानमंत्री मोदी, रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन, पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ़ समेत एससीओ सदस्य देशों के प्रतिनिधि हिस्सा ले रहे हैं.

    एससीओ की स्थापना वर्ष 2001 में चीन, रूस और सोवियत संघ का हिस्सा रहे चार मध्य एशियाई देशों कज़ाख़स्तान, किर्गिस्तान, ताजिकिस्तान और उज़्बेकिस्तान ने मिलकर की थी.

    इसका उदय रूस, चीन और इन मध्य एशियाई देशों के बीच वर्ष 1996 में सीमा को लेकर हुए एक समझौते के साथ हुआ था. इसे ‘शंघाई फ़ाइव’ समझौता कहा गया.

    1996 में जब इसकी शुरुआत हुई थी तब सिर्फ़ ये ही उद्देश्य था कि मध्य एशिया के नए आज़ाद हुए देशों के साथ लगती रूस और चीन की सीमाओं पर कैसे तनाव रोका जाए और धीरे-धीरे किस तरह से उन सीमाओं को सुधारा जाए और उनका निर्धारण किया जाए.

    ये मक़सद सिर्फ़ तीन साल में ही हासिल कर लिया गया. इसकी वजह से ही इसे काफ़ी प्रभावी संगठन माना जाता है. अपने उद्देश्य पूरे करने के बाद उज़्बेकिस्तान को संगठन में जोड़ा गया और 2001 से एक नए संस्थान की तरह से शंघाई सहयोग संगठन का गठन हुआ.

    भारत और पाकिस्तान 2017 में इस संगठन में शामिल हुए. ईरान 2023 में सदस्य बना और 2024 में बेलारूस के जुड़ने के बाद सदस्य देशों की संख्या बढ़कर 10 हो गई.

    इसके अलावा अफ़ग़ानिस्तान और मंगोलिया एससीओ के पर्यवेक्षक राज्य हैं, जबकि 14 देश डायलॉग पार्टनर की भूमिका में हैं. तियानजिन में हो रहे शिखर सम्मेलन में इन 10 सदस्य देशों के नेता मौजूद रहेंगे.

    इनके अलावा पर्यवेक्षक के तौर पर मंगोलिया और संगठन के 14 डायलॉग पार्टनर्स में से 8 - अज़रबैजान, आर्मीनिया, कंबोडिया, मालदीव, नेपाल, तुर्की, मिस्र और म्यांमार भी इसमें शामिल होंगे.

    अनुमान के मुताबिक़, एससीओ देशों में दुनिया की लगभग 40 फ़ीसदी आबादी रहती है. पूरी दुनिया की जीडीपी में इनकी हिस्सेदारी क़रीब 20 फ़ीसदी है. दुनिया भर के तेल भंडार का लगभग 20 फ़ीसदी हिस्सा भी इन्हीं देशों में है.

  12. रामानंद सागर के बेटे और प्रोड्यूसर-डायरेक्टर प्रेम सागर का 81 वर्ष की आयु में निधन, रवि जैन, मुंबई से बीबीसी हिन्दी के लिए

    प्रेम सागर

    इमेज स्रोत, Instagram/shivsagarchopra

    इमेज कैप्शन, अपने बेटे शिव सागर के साथ प्रेम सागर (दाएं)

    प्रोड्यूसर, डायरेक्टर और सिनेमाटोग्राफ़र प्रेम सागर का रविवार सुबह मुंबई के जुहू स्थित घर में निधन हो गया.

    उनकी उम्र 81 साल थी. लंबे समय से वह उम्र संबंधी बीमारियों से जूझ रहे थे.

    रामानंद सागर के बेटे प्रेम सागर के एक क़रीबी सहयोगी ने बीबीसी हिंदी को बताया कि उनकी तबीयत काफ़ी समय से ख़राब थी और वह पिछले एक महीने से दक्षिण मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती थे.

    हाल ही में उनकी पेट की सर्जरी हुई थी और शनिवार को ही अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद उन्हें घर लाया गया था.

    साल 1968 में एफ़टीआईआई से पास होने के बाद प्रेम सागर ने 1970 में अपने पिता की फ़िल्म ललकार से सिनेमाटोग्राफ़र के रूप में करियर की शुरुआत की. बाद में उन्होंने पारिवारिक बैनर सागर आर्ट्स के तहत कई फ़िल्मों और टीवी धारावाहिकों में अपनी भूमिका निभाई.

    इनमें 1987 का मशहूर धारावाहिक रामायण भी शामिल है. उन्होंने अलिफ़ लैला, काकभुशुंडी रामायण, जय जय शिव शंकर, आरज़ू है तू और जय गंगा मैया जैसे धारावाहिकों का प्रोडक्शन किया.

    80 के दशक में दूरदर्शन पर प्रसारित लोकप्रिय धारावाहिक 'विक्रम और बेताल' के प्रोडक्शन और डायरेक्शन का श्रेय भी उन्हें जाता है.

    सिनेमाटोग्राफ़ी और फ़िल्मों के साथ-साथ वह एक बेहतरीन स्टिल फ़ोटोग्राफ़र भी रहे और उन्हें रॉयल फ़ोटोग्राफ़िक सोसायटी ऑफ़ ग्रेट ब्रिटेन से सम्मानित किया गया था.

  13. अभी तक बीबीसी संवाददाता इफ़्तेख़ार अली आप तक ख़बरें पहुंचा रहे थे.

    अब से रात 10 बजे तक बीबीसी संवाददाता अभय कुमार सिंह आप तक अहम ख़बरें पहुंचाएंगे.

    बीबीसी हिंदी के पन्ने पर लगी कुछ अहम ख़बरें पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.

  14. उत्तर प्रदेश: लखनऊ में एक घर से चल रही पटाखा फैक्ट्री में विस्फोट, कम से कम दो की मौत

    फैक्ट्री विस्फोट

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, पटाखा फैक्ट्री में हुए विस्फोट में कम से कम दो लोगों की मौत हो गई, जबकि कुछ अन्य लोग घायल हुए हैं

    उत्तर प्रदेश के लखनऊ में रविवार को गुडंबा इलाके़ में एक घर से चल रही पटाखा फैक्ट्री में विस्फोट हो गया.

    बीबीसी संवाददाता सैयद मोज़िज़ इमाम के अनुसार, इस हादसे में कम से कम दो लोगों की मौत हो गई और कुछ लोग घायल हुए हैं.

    पीटीआई के मुताबिक़, एसीपी अनिंद्य विक्रम सिंह ने बताया, “विस्फोट उस घर में हुआ जहां पटाखा फैक्ट्री चल रही थी. इसमें दो लोगों की मौत हुई है और कुछ घायल हैं.”

    हादसे पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शोक जताया है.

    यूपी मुख्यमंत्री कार्यालय ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा, "सीएम योगी ने लखनऊ में पटाखा फैक्ट्री में हुए हादसे का संज्ञान लिया है. उन्होंने मृतक के शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है."

    "मुख्यमंत्री ने ज़िला प्रशासन के अधिकारियों को मौके़ पर पहुंचकर राहत कार्य में तेज़ी लाने और घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाकर उनके समुचित उपचार के निर्देश दिए हैं."

  15. सीरियल 'पवित्र रिश्ता' फ़ेम अभिनेत्री प्रिया मराठे की कैंसर से मौत, रवि जैन, बीबीसी हिन्दी के लिए

    अभिनेत्री प्रिया मराठे

    इमेज स्रोत, Priya Marathe/Instagram

    इमेज कैप्शन, अभिनेत्री प्रिया मराठे ‘साथ निभाना साथिया’ सहित कई लोकप्रिय हिंदी टीवी शो में नज़र आ चुकी हैं

    हिन्दी और मराठी सीरियल की लोकप्रिय अभिनेत्री प्रिया मराठे का 38 साल की उम्र में रविवार तड़के निधन हो गया है.

    प्रिया मराठे मुंबई से सटे मीरा रोड इलाके़ में रहती थीं और पिछले कुछ सालों से कैंसर से पीड़ित थीं.

    जाने-माने अभिनेता सुबोध भावे रिश्ते में प्रिया के कज़िन लगते हैं और उन्होंने बीबीसी हिन्दी से प्रिया की कैंसर से मौत की पुष्टि की है.

    सुबोध भावे और प्रिया मराठे ने कुछ सीरियल्स और मराठी फ़िल्मों में भी साथ में काम किया है.

    प्रिया मराठे और सुबोध भावे

    इमेज स्रोत, Ravi Jain

    इमेज कैप्शन, प्रिया मराठे और सुबोध भावे

    प्रिया मराठे ने ज़ी टीवी के लोकप्रिय सीरियल 'पवित्र रिश्ता' में एक अहम भूमिका निभाई थी, जिसमें वो अंकिता लोखंडे की बहन के किरदार में थीं.

    इसके अलावा प्रिया सराठे 'उतरन', 'कसम से', 'बड़े अच्छे लगते हैं', 'साथ निभाना साथिया' जैसे हिन्दी टीवी शो में भी नज़र आईं थीं.

    अगर मराठी सीरियल की बात करें, तो प्रिया मराठे ने 'चार दिवस सासूचे', 'या सुखानो या', 'तू तिथे मी', ऑलमोस्ट सुफल संपूर्ण', 'शतदा प्रेम करावे', तुझेच मी गीत गात आहे' और 'असी कशी कशी मी नांदायला' जैसे में भी अलग-अलग किरदार निभाए थे.

    प्रिया मराठे के पति शांतनु मोघे भी एक अभिनेता हैं, दोनों ने साल 2012 में शादी की थी.

  16. पीएम मोदी और शी जिनपिंग की मुलाक़ात पर कांग्रेस ने साधा निशाना

    कांग्रेस नेता जयराम रमेश

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, कांग्रेस ने पीएम मोदी और शी जिनपिंग की मुलाक़ात की आलोचना की है

    चीन में रविवार को पीएम मोदी और राष्ट्रपति शी जिनपिंग की द्विपक्षीय बैठक पर कांग्रेस ने निशाना साधा है और सवाल खड़े किए हैं.

    कांग्रेस का कहना है, ''जून 2020 में गलवान घाटी में चीनी आक्रामकता के चलते हमारे 20 सबसे बहादुर जवानों ने अपनी जान की क़ुर्बानी दी. इसके बावजूद, 19 जून 2020 को प्रधानमंत्री मोदी ने चीन को क्लीन चिट दे दी'.

    कांग्रेस के वरिष्ठ नेता जयराम रमेश ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा, "क्या 'न्यू नॉर्मल' चीनी आक्रामकता और हमारी सरकार की कायरता से परिभाषित किया जाना चाहिए?"

    पूर्वी लद्दाख की गलवान घाटी में 15 जून 2020 को हुए संघर्ष को भारत-चीन सीमा पर पिछले चार दशकों में सबसे गंभीर संघर्ष बताया गया.

    इस संघर्ष में भारत के 20 सैनिकों की मौत हो गई थी. चीन के भी कई सैनिक मारे गए थे.

    कांग्रेस के आधिकारिक एक्स अकाउंट से लिखा गया, "ऑपरेशन सिंदूर के वक़्त चीन खुलकर पाकिस्तान का साथ दे रहा था."

    चीन के तियानजिन में 31 अगस्त से एक सितंबर तक शंघाई कोऑपरेशन ऑर्गेनाइजेशन (एससीओ) की बैठक हो रही है.

    इस शिखर सम्मेलन में पीएम मोदी और राष्ट्रपति शी जिनपिंग के अलावा रूस के राष्ट्रपति पुतिन भी हिस्सा ले रहे हैं.

    भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने भी पीएम मोदी और राष्ट्रपति शी जिनपिंग की मुलाक़ात का वीडियो अपने आधिकारिक एक्स अकाउंट पर शेयर किया है.

    बैठक के दौरान पीएम मोदी ने कहा, "हमारे (भारत और चीन) संबंधों को एक सकारात्मक दिशा मिली है. सीमा पर शांति और स्थिरता का माहौल बना है. कैलाश मानसरोवर यात्रा फिर से शुरू हुई है."

    पीएम ने कहा, "दोनों देशों के बीच सीधी उड़ानें भी फिर से शुरू की जा रही हैं. हमारे देशों के बीच सहयोग से 2.8 अरब लोगों के हित जुड़े हुए हैं. हम अपने संबंधों को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध हैं."

  17. चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने पीएम मोदी से कहा- 'ड्रैगन और हाथी का साथ आना बहुत ज़रूरी'

    राष्ट्रपति शी जिनपिंग

    इमेज स्रोत, Narendra Modi/YT

    इमेज कैप्शन, राष्ट्रपति शी जिनपिंग का कहना है कि भारत और चीन का 'अच्छे पड़ोसी' बने रहना बेहद ज़रूरी है

    चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने रविवार को पीएम मोदी के साथ द्विपक्षीय बैठक में कहा कि ड्रैगन और हाथी का साथ आना बहुत ज़रूरी है.

    शी जिनपिंग ने कहा, "दुनिया बदलाव की ओर बढ़ रही है. चीन और भारत दुनिया की दो सबसे प्राचीन सभ्यताएं हैं. हम दोनों दुनिया के सबसे ज़्यादा आबादी वाले देश हैं और ग्लोबल साउथ का हिस्सा हैं."

    चीनी राष्ट्रपति ने कहा कि 'दोनों का दोस्त बने रहना, अच्छे पड़ोसी होना और ड्रैगन और हाथी का साथ आना बहुत ज़रूरी है.'

    इससे पहले पीएम मोदी ने इसी बैठक में कहा कि भारत और चीन के संबंधों को एक सकारात्मक दिशा मिली है.

    चीन के तियानजिन में 31 अगस्त से एक सितंबर तक शंघाई कोऑपरेशन ऑर्गेनाइजेशन (एससीओ) की बैठक हो रही है. इसमें मोदी और शी जिनपिंग के अलावा रूस के राष्ट्रपति पुतिन भी हिस्सा ले रहे हैं.

  18. चीन में शी जिनपिंग से वार्ता के दौरान पीएम मोदी ने कही कई बातें

    पीएम मोदी

    इमेज स्रोत, Narendra Modi/YT

    इमेज कैप्शन, पीएम मोदी और शी जिनपिंग की मुलाक़ात रविवार को हुई है

    चीन के तियानजिन पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को राष्ट्रपति शी जिनपिंग के साथ द्विपक्षीय बैठक की.

    इस दौरान पीएम मोदी ने कहा, "गर्मजोशी से भरे स्वागत के लिए मैं हृदय से आपका आभार व्यक्त करता हूँ."

    पीएम मोदी ने बताया कि पिछले साल रूस के कज़ान में हमारी बहुत ही सार्थक चर्चा हुई थी.

    उन्होंने बैठक में कहा, "हमारे संबंधों को एक सकारात्मक दिशा मिली है. सीमा पर शांति और स्थिरता का माहौल बना है. कैलाश मानसरोवर यात्रा फिर से शुरू हुई है."

    पीएम मोदी ने कहा, "दोनों देशों के बीच सीधी उड़ानें भी फिर से शुरू की जा रही हैं. हमारे देशों के बीच सहयोग से 2.8 अरब लोगों के हित जुड़े हुए हैं. हम अपने संबंधों को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध हैं."

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार (30 अगस्त 2025) को तियानजिन पहुंचे. 2018 के बाद पीएम मोदी का यह पहला चीन दौरा है.

  19. पीएम मोदी और राष्ट्रपति शी जिनपिंग के बीच चीन में वार्ता शुरू

    पीएम मोदी और शी जिंगपिंग

    इमेज स्रोत, Narendra Modi/YT

    इमेज कैप्शन, चीन, भारत का दूसरा सबसे बड़ा ट्रेड पार्टनर है

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग के बीच चीन के तियानजिन में द्विपक्षीय बैठक शुरू हो गई है.

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार (30 अगस्त 2025) को तियानजिन पहुंचे. 2018 के बाद पीएम मोदी का यह पहला चीन दौरा है.

    दोनों नेताओं के बीच यह मुलाक़ात ऐसे समय में हो रही है, जब अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की टैरिफ़ नीति के कारण भारत के सामने बड़ी चुनौती है. चीनी से संबंधों में सुधार को अमेरिका से भारत के ख़राब हो रहे रिश्ते से भी जोड़ा जा रहा है.

    विदेश मंत्रालय की ओर से जारी प्रेस रिलीज़ के मुताबिक़, प्रधानमंत्री समिट के दौरान कई देशों के नेताओं से द्विपक्षीय मुलाकात करेंगे.

    पीएम मोदी और चीनी राष्ट्रपति की पिछली मुलाक़ात पिछले साल अक्तूबर में रूस में हुई थी.

    पिछले साल चीन के साथ भारत का द्विपक्षीय व्यापार क़रीब 127.7 अरब डॉलर का था.

  20. चीन के चार दिवसीय दौरे पर पहुँचे रूसी राष्ट्रपति पुतिन

    शी जिंगपिंग और व्लादिमीर पुतिन

    इमेज स्रोत, Reuters

    इमेज कैप्शन, रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन चीन में आयोजित एससीओ समिट में भी शामिल होंगे

    रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन चीन के चार दिवसीय दौरे पर तियानजिन पहुंच गए हैं. वह शंघाई कोऑपरेशन ऑर्गेनाइजेशन (एससीओ) के शिखर सम्मेलन में भी हिस्सा लेंगे.

    रूस की सरकारी समाचार एजेंसी तास के मुताबिक़, चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग के निमंत्रण पर पुतिन चीन पहुंचे हैं और वह तियानजिन के बाद बीजिंग जाएंगे.

    तास ने बताया कि तियानजिन बिनहाई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर राष्ट्रपति पुतिन को 'गार्ड ऑफ ऑनर' दिया गया.

    व्लादिमीर पुतिन, चीन में होने वाली 'विजय दिवस' परेड में भी शामिल होंगे, जो जापान के साथ हुए युद्ध की 80वीं सालगिरह के मौक़े पर होगी.

    वहीं शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने के भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ़ भी तियानजिन पहुंचे हैं.

    चीन के तियानजिन में 31 अगस्त से 1 सितंबर तक होने वाले शंघाई सहयोग संगठन के शिखर सम्मेलन में कई देशों के नेता पहुंचे हैं.