टी-20 महिला वर्ल्ड कप: ऑस्ट्रेलिया से हारी टीम इंडिया, सेमीफाइनल की राह मुश्किल

आईसीसी महिला टी-20 वर्ल्ड कप के अहम मुक़ाबले में ऑस्ट्रेलिया ने भारत को 9 रनों से हरा दिया है. इस रोमांचक मुकाबले में भारत की कप्तान हरमनप्रीत कौर ने 54 रन बनाए, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सकीं.

सारांश

  • हरियाणा में विधायक दल का नेता चुनने के लिए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव को पर्यवेक्षक नियुक्त किया गया है.
  • मुंबई इंडियंस ने श्रीलंका के पूर्व खिलाड़ी महेला जयवर्धने को बनाया हेड कोच.
  • दिल्ली यूनिवर्सिटी के पूर्व प्रोफेसर रहे जीएन साईबाबा का शनिवार शाम को हैदराबाद के निम्स अस्पताल में निधन हो गया.
  • भारत बनाम ऑस्ट्रेलिया मैच: ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाज़ी का किया फैसला

लाइव कवरेज

अभिषेक पोद्दार और सौरभ यादव

  1. कमला हैरिस ने अपने मेडिकल रिकॉर्ड जारी करते हुए ट्रंप को क्या चुनौती दे डाली?

    कमला हैरिस (फ़ाइल फ़ोटो)

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, कमला हैरिस (फ़ाइल फ़ोटो)

    अमेरिकी राष्ट्रपति चुनावों की प्रक्रिया में डेमोक्रेटिक उम्मीदवार कमला हैरिस ने अपने मेडिकल रिकॉर्ड जारी कर दिए हैं.

    इन रिकॉर्ड्स के मुताबिक़ डेमोक्रेटिक उम्मीदवार कमला हैरिस का स्वास्थ्य ‘बहुत अच्छा’ की श्रेणी में है और वे राष्ट्रपति पद के लिए पूरी तरह से फिट हैं.

    कमला हैरिस के अपने मेडिकल रिकॉर्ड जारी करने के बाद डेमोक्रेटिक पार्टी ने ने डोनाल्ड ट्रंप पर अपने स्वास्थ्य रिकॉर्ड जारी न करने को लेकर पारदर्शिता की कमी का आरोप लगाया है.

    पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप रिपब्लिकन पार्टी की तरफ़ से अमेरिकी राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार हैं.

    मेडिकल रिकॉर्ड को लेकर कमला हैरिस ने ट्रंप पर तंज़ भी कसा. उन्होंने कहा कि ट्रंप नहीं चाहते कि अमेरिकी लोगों को यह पता चले कि वे राष्ट्रपति पद के लिए फिट हैं भी या नहीं.

    ट्रंप के मेडिकल रिकॉर्ड का खुलासा किए बिना ही उनकी टीम ने उनके डॉक्टर के हवाले से जवाब दिया था कि वे "बिल्कुल सही और बेहतरीन स्वास्थ्य" में हैं.

    इससे पहले रिपब्लिकन पार्टी भी मौजूदा राष्ट्रपति जो बाइडन के स्वास्थ्य को लेकर उन पर हमलावार रही थी.

    यहां तक कि डेमोक्रेटिक पार्टी के भीतर भी बाइडन के स्वास्थ्य को लेकर विरोध के स्वर सुनाई दिए थे.

    बाइडन की मौजूदा उम्र 81 साल और ट्रंप की उम्र 78 साल है. बीते जून में ट्रंप और बाइडन की पहली सार्वजनिक बहस के बाद अमेरिकी चुनावों में मानसिक स्वास्थ्य का मुद्दा काफ़ी गर्मा गया था.

    यहां तक कि जो बाइडन से कॉग्नीटिव टेस्ट (दिमाग़ के काम करने की क्षमता) कराने की मांग भी की जा रही थी.

    लेकिन अमेरिकी राष्ट्रपति ने इससे इनकार करते हुए कहा था कि वे रोज़ ही इस टेस्ट से गुज़रते हैं और डॉक्टरों ने कहा है कि उनको इसकी कोई भी ज़रूरत नहीं है.

  2. इसराइल के प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू ने रतन टाटा के निधन पर जताया शोक

    इसराइल के प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू (फ़ाइल फ़ोटो)

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, इसराइल के प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू (फ़ाइल फ़ोटो)

    भारत के सबसे बड़े उद्योगपतियों में से एक रतन टाटा की मृत्यु पर अब इसराइल के प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू ने भी संवेदना प्रकट की है.

    उन्होंने एक ‘एक्स’ पोस्ट के ज़रिए अपनी संवेदनाओं को व्यक्त किया है. अपनी पोस्ट में इसराइल के प्रधानमंत्री ने लिखा, “मेरे प्रिय मित्र प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी. मैं और इसराइल में बहुत से लोग रतन नवल टाटा के निधन पर शोक व्यक्त करते हैं.”

    बिन्यामिन नेतन्याहू ने लिखा, “रतन टाटा भारत के गौरवशाली पुत्र और हमारे दोनों देशों के बीच मित्रता के हिमायती थे. उनके परिवार के प्रति मेरी संवेदनाएं हैं.”

    उद्योगपति रतन टाटा का बीते बुधवार यानी 9 अक्तूबर को 86 साल की उम्र में निधन हो गया था.

    टाटा संस के चेयरमैन एन. चंद्रशेखरन ने टाटा समूह की ओर से बयान जारी कर रतन टाटा के निधन की पुष्टि की थी.

    राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री समेत देश के कई दिग्गजों ने उनके निधन पर दुख जताया था.

  3. बाबा सिद्दीकी की हत्या पर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने क्या कहा

    बाबा सिद्दीकी (फ़ाइल फ़ोटो)

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, बाबा सिद्दीकी (फ़ाइल फ़ोटो)

    कांग्रेस के अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने एनसीपी (अजित पवार गुट) के नेता और महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री बाबा सिद्दीकी की हत्या पर दुख जताया है.

    उन्होंने एक ‘एक्स’ पोस्ट के ज़रिए उनकी हत्या पर अपनी प्रतिक्रिया दी है और अपराधियों को जल्द से जल्द कड़ी सज़ा देने की मांग की है.

    मल्लिकार्जुन खड़गे ने लिखा, “महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री श्री बाबा सिद्दीकी का दुखद निधन शब्दों से परे और सदमा पहुँचाने वाला है. दुख की इस घड़ी में मैं उनके परिवार, मित्रों और समर्थकों के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएँ व्यक्त करता हूँ.”

    खड़गे ने मांग करते हुए लिखा, “इस मामले में न्याय सुनिश्चित किया जाना चाहिए और वर्तमान महाराष्ट्र सरकार को गहन और पारदर्शी जांच का आदेश देना चाहिए. दोषियों को जल्द से जल्द सज़ा मिलनी चाहिए.”

    शनिवार की देर रात मुंबई के बांद्रा इलाक़े में बाबा सिद्दीकी पर कई राउंड फायरिंग की गई. इसके बाद उन्हें गंभीर हालत में लीलावती अस्पताल में भर्ती कराया गया था.

    एनसीपी नेता पर जिस वक़्त हमला हुआ उस वक़्त वे अपने बेटे जीशान सिद्दीकी के दफ़्तर जा रहे थे. महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के मुताबिक़, इस मामले में पुलिस ने दो लोगों को गिरफ़्तार किया है. उनसे पूछताछ की जा रही है.

    बाबा सिद्दीकी ने इसी साल फरवरी में कांग्रेस छोड़कर एनसीपी (अजीत पवार गुट) से हाथ मिलाया था. वो पिछले 48 साल से कांग्रेस में थे.

  4. नमस्कार

    बीबीसी हिंदी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता अभिषेक पोद्दार, आप सभी तक आज की बड़ी ख़बरें पहुंचाऊंगा.

    आप बीबीसी हिंदी के पेज पर मौजूद बड़ी ख़बरों को इस लिंक पर क्लिक करके पढ़ सकते हैं. साथ ही शनिवार यानी कल के लाइव पेज पर जाने के लिए आप इस लिंक पर क्लिक कर सकते हैं.

    - बाबा सिद्दीकी की गोली मारकर हत्या: जानिए उनके बारे में- पूरी ख़बर के लिए इस लिंक पर क्लिक करें.

    - बांग्लादेश में पीएम मोदी का भेंट किया मुकुट चोरी होने पर क्या बोला भारत और यूनुस कौन-से मंदिर पहुंचे?- पूरी ख़बर के लिए इस लिंक पर क्लिक करें.

    - विजयादशमी पर मोहन भागवत के भाषण की तीन बातें और उनके राजनीतिक मायने- पूरी ख़बर के लिए इस लिंक पर क्लिक करें.

    - जम्मू कश्मीर चुनाव में हार के बाद क्या होगा पीडीपी और इंजीनियर रशीद का सियासी भविष्य? पूरी ख़बर के लिए इस लिंक पर क्लिक करें.