You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

भारत ने पहले रोमांचक वनडे मुक़ाबले में दक्षिण अफ़्रीका को 17 रनों से हराया

पहले बल्लेबाज़ी करते हुए भारतीय टीम ने 50 ओवर में 8 विकेट खोकर 349 रन बनाए. इसमें विराट कोहली की शतकीय पारी शामिल रही.

सारांश

लाइव कवरेज

मानसी दाश, इफ़्तेख़ार अली

  1. विमेंस प्रीमियर लीग का शेड्यूल जारी, इन दोनों टीम के बीच होगा पहला मुक़ाबला

    वीमेंस प्रीमियर लीग 2026 का चौथा सीज़न 9 जनवरी से 5 फ़रवरी तक खेला जाएगा.

    लीग की शुरुआत 9 जनवरी को होगी, जिसमें मुंबई इंडियंस और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु आमने-सामने होंगे.

    इसके अगले दिन पहला डबल-हेडर होगा यानी एक ही दिन दो मुक़ाबले. शुरुआती 11 मुक़ाबले नवी मुंबई में होंगे. दूसरा डबल-हेडर 17 जनवरी को होगा, जो नवी मुंबई चरण का आख़िरी दिन भी है.

    एक दिन के ब्रेक के बाद लीग गुजरात के वडोदरा में फिर शुरू होगी. यहां बाक़ी के 11 मैच खेले जाएंगे, जिनमें 3 फ़रवरी को एलीमिनेटर और 5 फ़रवरी को फ़ाइनल शामिल है.

    वीमेंस प्रीमियर लीग में अब तक मुंबई इंडियंस ने दो ख़िताब जीते हैं और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने एक बार ख़िताब जीता है.

  2. पाकिस्तान ने क्यों कही ग़ज़ा में सेना भेजने की बात?

    पाकिस्तान के उप प्रधानमंत्री और विदेश मंत्री मोहम्मद इसहाक़ डार का कहना है कि पाकिस्तान ग़ज़ा में शांति स्थापित करने के लिए प्रस्तावित इंटरनेशनल स्टेबलाइजेशन फ़ोर्स (आईएसएफ़) में भाग लेने के लिए तैयार है.

    बीबीसी उर्दू के मुताबिक़, उनका कहना है कि पाकिस्तान अपने सैनिकों को भेजने के लिए तैयार है, लेकिन हमास को निरस्त्र करने के काम में शामिल नहीं होगा.

    एसोसिएटेड प्रेस ऑफ़ पाकिस्तान (एपीपी) के मुताबिक़, शनिवार को इस्लामाबाद में एक संवाददाता सम्मेलन में इसहाक़ डार ने कहा कि पाकिस्तान ने स्पष्ट कर दिया है कि ग़ज़ा में शांति सैनिकों को तैनात करने की योजना को संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की मंजू़री लेनी होगी.

    ग़ज़ा में हमास को निरस्त्र करने में आईएसएफ़ की भूमिका के बारे में उन्होंने स्पष्ट किया कि अन्य प्रमुख देशों की तरह पाकिस्तान भी इसके लिए तैयार नहीं है.

    विदेश मंत्री का कहना है कि पाकिस्तान ग़ज़ा शांति सेना में अपना योगदान देने के लिए तैयार है, लेकिन इससे पहले उसके नियम और शर्तें, जनादेश और भूमिका का स्पष्ट रूप से निर्णय होना चाहिए.

    उन्होंने कहा कि जब तक ये कारक तय नहीं हो जाते, पाकिस्तान इस संबंध में कोई आख़िरी निर्णय नहीं ले सकता.

  3. अभिषेक शर्मा का 12 गेंद में अर्धशतक, युवराज के रिकॉर्ड की बराबरी

    सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफ़ी के टी 20 मुक़ाबले में बंगाल टीम के ख़िलाफ़ पंजाब के अभिषेक शर्मा ने इतिहास रच दिया है.

    रविवार सुबह हैदराबाद के जिमखाना ग्राउंड में बंगाल के अनुभवी गेंदबाज़ों के ख़िलाफ़ उन्होंने आतिशी बल्लेबाज़ी की.

    बंगाल के ख़िलाफ़ टॉस जीतकर ओपनिंग करने उतरे कप्तान अभिषेक पहले ही गेंद से आक्रामक मूड में दिखे.

    उन्होंने सिर्फ़ 12 गेंदों में अर्धशतक बना डाला. इस दौरान उन्होंने आईपीएल में सनराइजर्स हैदराबाद के अपने साथी खिलाड़ी मोहम्मद शमी के एक ही ओवर में 23 रन बना दिए.

    12 गेंदों में अर्धशतक बनाकर अभिषेक ने अपने मेंटर युवराज सिंह के टी20 रिकॉर्ड की बराबरी की.

    यही नहीं, अभिषेक ने 32 गेंदों पर सेंचुरी भी पूरी की जिसमें 16 छक्के शामिल हैं.

  4. इमरान ख़ान से जुड़ी अफ़वाहों पर उनकी पार्टी के सांसद ने क्या बताया?

    पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान ख़ान को लेकर चल रही अफ़वाहों के बीच उनकी पार्टी के एक सांसद ने दावा किया है कि ख़ान ज़िंदा हैं और अदियाला जेल में ही हैं.

    पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ़ (पीटीआई) के सीनेटर (सांसद) खुर्रम ज़ीशान ने ये बात तब कही है जब पिछले कुछ दिनों से इमरान ख़ान से जुड़ी अफ़वाहें सोशल मीडिया पर फैल रही हैं.

    खुर्रम ज़ीशान से पहले इमरान ख़ान के बेटे कासिम ख़ान ने अपने पिता को लेकर 'प्रूफ़ ऑफ़ लाइफ़' यानी इमरान ख़ान के जीवित होने का सबूत मांगा था.

    न्यूज़ एजेंसी एएनआई से बातचीत में ज़ीशान ने पूर्व प्रधानमंत्री की मौत से जुड़ी अफ़वाहों का खंडन किया और कहा कि वे अब भी पाकिस्तान की अदियाला जेल में ही बंद हैं.

    उनका कहना था कि पूर्व प्रधानमंत्री को अकेले रखकर उन पर पाकिस्तान छोड़ने का दबाव बनाया जा रहा है.

    उन्होंने एएनआई से कहा, "यह बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है. उन्हें पूरी तरह अकेले रखे हुए लगभग एक महीने होने को हैं."

    ज़ीशान ने कहा, "उनके परिवार, वकीलों और यहां तक कि पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ़ के नेतृत्व को भी उनसे मिलने की इजाज़त नहीं दी जा रही है. यह मानवाधिकारों का पूरी तरह उल्लंघन है. शायद उन्हें किसी बात के लिए मजबूर करने की कोशिश की जा रही है."

    दरअसल पाकिस्तान के सोशल मीडिया पर बुधवार से पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ़ (पीटीआई) के नेता और देश के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान ख़ान के बारे में तरह-तरह की खबरें चल रही हैं.

    ये भी पढ़ें:

  5. यूक्रेन ने रूस के तेल टैंकरों पर किया हमला, इस तकनीक का किया इस्तेमाल

    यूक्रेन के अधिकारियों ने कहा है कि यूक्रेन के नौसैनिक ड्रोन ने काला सागर से होकर गुज़र रहे रूस के तथाकथित 'शैडो फ़्लीट' से जुड़े दो तेल टैंकरों को निशाना बनाया है.

    बीबीसी की ओर से सत्यापित वीडियो में दिखता है कि पानी में चलने वाले ड्रोन लहरों को चीरते हुए जहाज़ों की तरफ बढ़ते हैं और फिर टकराकर धमाके के साथ आग का गोला बन जाते हैं.

    तुर्की के अधिकारियों के अनुसार जिन टैंकरों को निशाना बनाया गया, उनके नाम काइरोस और विराट हैं. दोनों पर गाम्बिया का झंडा लगा है. दोनों टैंकरों पर शुक्रवार को तुर्की के तट के पास हमला किया गया.

    रिपोर्ट के मुताबिक़, विराट को शनिवार को दोबारा भी निशाना बनाया गया. हालांकि इस हमले में किसी के हताहत होने की जानकारी नहीं है.

    इस हमले से पता चलता है कि यूक्रेन अब रूस की तेल आमदनी पर चोट करने की कोशिश कर रहा है. यही आमदनी यूक्रेन में चल रहे युद्ध को जारी रखने के लिए अहम मानी जाती है.

    ख़बरों के मुताबिक़, ये दोनों जहाज़ रूस की 'शैडो फ़्लीट' का हिस्सा हैं. यह शब्द उन सैकड़ों टैंकरों के लिए इस्तेमाल किया जाता है, जिनका इस्तेमाल रूस पश्चिमी प्रतिबंधों को दरकिनार करने के लिए करता है.

    रूस पर ये प्रतिबंध 2022 में लगा था, जब उसने यूक्रेन पर बड़े पैमाने पर हमला किया था.

    शैडो फ़्लीट में ज़्यादातर पुराने टैंकर शामिल हैं. इनमें से कई जहाज़ों की मालिकाना जानकारी या फिर उनका बीमा स्पष्ट नहीं होता.

  6. डु प्लेसी इस बार नहीं खेलेंगे आईपीएल, पाकिस्तान के इस टूर्नामेंट में दिखेंगे

    दक्षिण अफ़्रीकी बल्लेबाज़ फाफ डु प्लेसी ने आगामी इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) नीलामी में अपना नाम नहीं भेजने का फ़ैसला किया है.

    उन्होंने शनिवार को सोशल मीडिया पर घोषणा की कि वे 14 साल में पहली बार आईपीएल नहीं खेलेंगे. इसके बजाय वह पाकिस्तान सुपर लीग यानी पीएसएल के 2026 के सीज़न में एक नए सफ़र की शुरुआत करेंगे.

    डु प्लेसी ने 2012 में चेन्नई सुपर किंग्स की तरफ से आईपीएल डेब्यू किया था और अपने पहले ही सीज़न में 398 रन बनाए थे.

    अपनी पोस्ट में डु प्लेसी ने लिखा, "14 सीज़न के बाद मैंने इस साल नीलामी में हिस्सा नहीं लेने का फ़ैसला किया है. यह बड़ा निर्णय है, और आभार से भरा हुआ है. यह लीग मेरी क्रिकेट यात्रा का अहम हिस्सा रही है. मुझे विश्वस्तरीय खिलाड़ियों के साथ खेलने का, शानदार फ्रेंचाइज़ी के लिए खेलने का, और अविश्वसनीय जुनून वाले फ़ैंस के सामने खेलने का सौभाग्य मिला."

    उन्होंने लिखा, "चौदह साल लंबा समय होता है और मुझे इस सफ़र पर गर्व है. भारत मेरे दिल में एक खास जगह रखता है, और यह अलविदा नहीं है - आप मुझे फिर देखेंगे."

    उन्होंने पुष्टि की है कि वह पीएसएल के अगले सीज़न में हिस्सा लेंगे. उन्होंने लिखा, "इस साल मैंने एक नई चुनौती चुनने का फै़सला किया है और मैं आने वाले पीएसएल सीज़न में खेलूंगा."

  7. ग़ज़ा में इसराइल के हमलों से अब तक 70 हज़ार से ज़्यादा लोगों की मौत: हमास

    ग़ज़ा में इसराइल के सैन्य कार्रवाई में अब तक 70 हज़ार से ज़्यादा फ़लस्तीनी मारे गए हैं. यह जानकारी हमास संचालित स्वास्थ्य मंत्रालय ने दी है.

    इसराइल और हमास के बीच 10 अक्तूबर से लागू युद्धविराम के बावजूद मरने वालों का आंकड़ा बढ़ता ही जा रहा है.

    इसराइल का कहना है कि युद्धविराम के उल्लंघन की वजह से उसने कई हवाई हमले किए हैं. कई शव अब भी मलबे से निकाले जा रहे हैं.

    शनिवार को इसराइली ड्रोन हमले में मारे गए लोगों में दो युवा भाई, फदी और जुमा अबू अस्सी भी शामिल थे, जिनके परिवार ने बताया कि जब वे मारे गए तब वो लकड़ी इकट्ठा कर रहे थे.

    इसराइली डिफ़ेंस फ़ोर्सेज़ (आईडीएफ़) ने बीबीसी को बताया कि उन्होंने उन दो संदिग्धों को निशाना बनाया था, जो तथाकथित 'येलो लाइन' पार कर गए थे.

    यह लाइन उस जगह को दिखाती है, जहां तक इसराइली सेना ने वापस जाने पर सहमति दी थी. यह युद्धविराम अमेरिका की मध्यस्थता से सात हफ़्ते से ज़्यादा समय पहले हुआ था.

    ग़ज़ा के स्वास्थ्य मंत्रालय का कहना है कि फ़लस्तीनियों की कुल मौतों का आंकड़ा अब 70,100 हो गया है.

    मंत्रालय के मुताबिक़ इनमें से 350 से ज़्यादा मौतें 10 अक्तूबर के युद्धविराम के बाद हुई हैं.

    इसराइल के दक्षिण इलाक़े में हमास ने 7 अक्तूबर 2023 को हमला किया था. उस हमले में क़रीब 1,200 लोगों की मौत हुई थी और 251 लोगों को बंधक बना लिया गया था. इसके जवाब में इसराइली सेना ने ग़ज़ा में अपनी कार्रवाई शुरू की थी.

  8. इसहाक़ डार ने कहा- 'पाकिस्तान अफ़ग़ानिस्तान के अंदर कार्रवाई करना चाहता था लेकिन...'

    पाकिस्तान के उप प्रधानमंत्री और विदेश मंत्री मोहम्मद इसहाक़ डार ने एक प्रेस कॉन्फ़्रेंस के दौरान दावा किया कि पाकिस्तान अफ़ग़ानिस्तान के अंदर कार्रवाई करना चाहता था, लेकिन क़तर ने उसे रोक दिया और मध्यस्थता की पेशकश की.

    बीबीसी उर्दू के अनुसार, इस्लामाबाद में इसहाक़ डार ने कहा, "अफ़ग़ान तालिबान को अपनी नीति पर दोबारा विचार करना होगा क्योंकि वह सरकार में हैं. हम उनसे कुछ नहीं चाहते, हम सब कुछ करने को तैयार हैं, लेकिन जब से उनकी सरकार सत्ता में आई है, हमारे चार हज़ार अधिकारियों और सैनिकों के शव मिले हैं, 20 हज़ार से ज़्यादा घायल हुए हैं, तो मैं कैसे कह सकता हूं कि हमें अपनी आंखें बंद रखनी चाहिए?"

    विदेश मंत्री इसहाक़ डार के मुताबिक़, "क़तर के विदेश मंत्रालय को पता चल गया था कि हम (अफ़ग़ानिस्तान के ख़िलाफ़) कार्रवाई करने की ओर बढ़ रहे हैं, तब क़तर ने इस मुद्दे के समाधान और मध्यस्थता का अनुरोध किया, जिसके बाद उस रात होने वाला ऑपरेशन रोक दिया गया."

    उन्होंने कहा, "अल्लाह ने पाकिस्तान को ताक़त दी है. हम इस पर कार्रवाई कर सकते हैं और चीज़ों को सही कर सकते हैं, लेकिन यह भी सही नहीं है कि हम अपने भाई के घर जाएं और उसे मार दें."

    इसहाक़ डार ने कहा, "क़तर एक ऐसा देश है जिसका विदेश मंत्रालय हर घंटे हमसे संपर्क में था और उन्हें पता था कि हम कार्रवाई की ओर बढ़ रहे हैं. फिर क़तर से एक संदेश आया, जिसके बाद उस रात होने वाला ऑपरेशन रोक दिया गया, लेकिन फिर इस मध्यस्थता से कुछ नहीं निकला."

    अफ़ग़ानिस्तान और पाकिस्तान के रिश्तों में आजकल तनाव दिख रहा है. पिछले दिनों कई ऐसी घटनाएं हुई हैं, जिसे लेकर पाकिस्तान का रुख़ कड़ा रहा है.

    कुछ दिन पहले भी इस्लामाबाद में आत्मघाती हमला हुआ था, जिसने देश की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं.

  9. नमस्कार!

    बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता इफ़्तेख़ार अली अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.

    कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए क्लिक करें.

    हमारे पेज पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.

    असम के विधायक अमीनुल इस्लाम को सात महीने जेल में क्यों गुज़ारने पड़े?

    पुतिन की भारत यात्रा क्यों है अहम और विदेशी मीडिया इस पर क्या लिख रहा है