खो खो वर्ल्ड कप 2025: पुरुषों की टीम ने भी रचा इतिहास, बनी चैंपियन
दिल्ली के इंदिरा गांधी स्टेडियम में रविवार को खेले गए खो खो विश्व कप 2025 के फ़ाइनल मुक़ाबले में महिलाओं बाद अब भारतीय पुरुष टीम भी फ़ाइनल मुक़ाबला जीतकर इतिहास रच दिया है.
सारांश
खो खो वर्ल्ड कप 2025: नेपाल को हराकर पुरुषों की टीम ने भी रचा इतिहास, बनी चैंपियन
सैफ़ अली ख़ान पर हमला मामला: अभियुक्त को 5 दिन की पुलिस कस्टडी में भेजा गया, पुलिस का कहना है कि अभियुक्त के बांग्लादेशी होने का शक है
लाइव कवरेज
अश्वनी पासवान, इफ़्तेख़ार अली
अब इस लाइव पेज को विराम देने का वक़्त आ गया है. बीबीसी संवाददाता इफ़्तेख़ार अली को दीजिए इजाज़त.
कल हम बीबीसी लाइव पेज के ज़रिए दिन भर की बड़ी ख़बरों को लेकर फिर हाज़िर होंगे.
फ़िलहाल, हमारे पेज पर मौजूद कुछ बड़ी ख़बरें आप नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करके पढ़ सकते हैं.
-इसराइल-हमास युद्धविराम: हमास ने कहा हर बंधक के बदले 30 फ़लस्तीनी होंगे आज़ाद - यहां पढ़ें पूरी स्टोरी
- दहग्राम में बीएसएफ़ की किस कार्रवाई से डर में हैं बांग्लादेशी नागरिक, जानिए उनका क्या कहना है- यहां पढ़ें पूरी स्टोरी
- अमेरिका में टिकटॉक प्रतिबंध से पहले हुआ बंद, क्या भारत में पाबंदी के पीछे भी यही वजह थी- यहां पढ़ें पूरी स्टोरी
- डोनाल्ड ट्रंप ने राष्ट्रपति बनने से पहले क्रिप्टोकरेंसी मार्केट में ली एंट्री- यहां पढ़ें पूरी स्टोरी
धन्यवाद.
खो खो वर्ल्ड कप 2025: पुरुषों की टीम ने भी रचा इतिहास, बनी चैंपियन
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, खो खो विश्व कप 2025 के फ़ाइनल मुक़ाबले में भारतीय पुरुष टीम ने नेपाल को 54-36 से हरा दिया है
दिल्ली के इंदिरा गांधी स्टेडियम में रविवार को खेले गए खो खो विश्व कप 2025 के फ़ाइनल मुक़ाबले में महिलाओं बाद अब भारतीय पुरुष टीम भी फ़ाइनल मुक़ाबला जीतकर इतिहास रच दिया है.
फ़ाइनल मुक़ाबले में भारतीय पुरुष टीम ने नेपाल को 54-36 से हराकर जीत दर्ज की है.
महिला टीम या पुरुष टीम की बात करें तो, दोनों ही टीम पूरे टूर्नामेंट में एक भी मैच नहीं हारी हैं.
इससे पहले भारतीय महिला टीम ने नेपाल को 78-40 से हराकर पहला खो-खो विश्व कप जीता है.
वहीं खो खो विश्व कप 2025 में जीत के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारतीय महिला टीम को बधाई दी है.
एक्स पर एक पोस्ट में उन्होंने लिखा, “पहली बार खो खो विश्व कप जीतने पर भारतीय महिला टीम को बधाई.”
उन्होंने आगे लिखा, “इस जीत ने भारत के सबसे पुराने पारंपरिक खेलों में से एक को और अधिक सुर्खियों में ला दिया है, जिससे पूरे देश में अनगिनत युवा एथलीटों को प्रेरणा मिली है.”
“मेरी कामना है कि यह उपलब्धि आने वाले समय में और ज़्यादा युवाओं के लिए इस खेल को अपनाने की प्रेरणा दे.”
नीरज चोपड़ा ने रचाई शादी, बोले- 'आशीर्वाद के लिए आभारी हूं'
इमेज स्रोत, X/Neeraj_chopra1
इमेज कैप्शन, नीरज चोपड़ा ने शादी की तस्वीरें सोशल मीडिया पर शेयर की हैं
ओलंपिक मेडलिस्ट नीरज चोपड़ा ने शादी कर ली है. इसकी
जानकारी नीरज चोपड़ा ने सोशल मीडिया के ज़रिए दी.
रविवार को उन्होंने एक पोस्ट कर बताया कि उन्होंने हिमानी से शादी रचाई है.
नीरज चोपड़ा ने एक्स पर पोस्ट किया, "जीवन के नए अध्याय की शुरुआत अपने परिवार के
साथ की. हर उस आशीर्वाद के लिए आभारी हूं जो हमें इस पल तक साथ लाया."
नीरज चोपड़ा ने पिछले साल हुए पेरिस ओलंपिक में भारत के
लिए सिल्वर मेडल जीता था. इससे पहले उन्होंने टोक्यो ओलंपिक में गोल्ड मेडल जीता
था.
हमास ने इसराइल के तीन बंधकों को रिहा किया, इसराइली सेना ने की पुष्टि
इमेज स्रोत, Family handouts
इमेज कैप्शन, रिहा किए गए बंधकों में 24 साल की रोमी गोनेन, 28 साल की एमिली डमारी और 31 साल की डोरोन स्टीनब्रेचर शामिल हैं
हमास ने तीन इसराइली बंधकों को रेड क्रॉस के अधिकारियों के ज़रिए इसराइली सेना (आईडीएफ़) को सौंप दिया है, जहां से उन्हें इसराइल लेकर जाया जा रहा है.
इसराइली सेना ने कहा है, "तीनों वापस लौटे लोगों को एक विशेष आईडीएफ़ इकाई और शिन बेट सुरक्षा बल वापस इसराइल लेकर जा रहे हैं, जहां उनका शुरुआती तौर पर चिकित्सा मूल्यांकन किया जाएगा."
"आईडीएफ़ कमांडर और सैनिक इसराइल लौट रहे लोगों को सलामी देते हैं और गले लगाते हैं."
समाचार एजेंसी एएफ़पी से हमास के एक अधिकारी ने कहा, "तीनों महिला बंधकों को आधिकारिक तौर पर
पश्चिमी ग़ज़ा शहर के अल-रिमल पड़ोस में अल-सरया स्क्वायर में रेड क्रॉस को सौंप
दिया गया है."
"यह तब हुआ जब रेड क्रॉस टीम के एक सदस्य ने उनसे
मुलाकात की और उनकी भलाई सुनिश्चित की."
युद्धविराम समझौते के तहत बताया गया था कि इसराइल के तीन महिला बंधकों
को रिहा किया जाएगा. इनमें 24 साल की रोमी गोनेन, 28 साल की एमिली
डमारी और 31 साल की डोरोन स्टीनब्रेचर शामिल हैं.
इन तीन बंधकों के बदले इसराइल
90 फ़लस्तीनी क़ैदियों को रिहा करेगा.
चैंपियंस ट्रॉफ़ी 2025 को लेकर रोहित शर्मा बोले- हम पूरी कोशिश करेंगे
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, भारतीय टीम दो बार चैंपियंस ट्रॉफ़ी जीत चुकी है. हालांकि साल 2017 में चैंपियंस ट्रॉफ़ी के फ़ाइनल में पाकिस्तान ने भारत को हराया था.
वानखेड़े स्टेडियम की 50वीं वर्षगांठ पर भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान रोहित शर्मा ने आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफ़ी 2025 को लेकर प्रतिक्रिया दी है.
रोहित शर्मा ने कहा, “हम अपनी पूरी कोशिश करेंगे. किसी भी आईसीसी ट्रॉफ़ी में भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व करना हमेशा एक सपना होता है.”
उन्होंने कहा, “हम एक और सपने की शुरुआत करेंगे. मुझे यक़ीन है कि जब हम दुबई पहुंचेंगे, तो 140 करोड़ लोगों का भरोसा हमारे पीछे होगा.”
उन्होंने आगे कहा, “हम वानखेड़े में फिर से ट्रॉफ़ी लाने के लिए हरसंभव कोशिश करेंगे.”
साल 2025 में खेले जाने वाली चैंपियंस ट्रॉफ़ी में भारतीय टीम 20 फ़रवरी को अपना पहला मैच बांग्लादेश के ख़िलाफ़ खेलेगी.
चैंपियंस ट्रॉफ़ी के लिए भारतीय टीम के एलान के बाद क्या बोले सुरेश रैना?
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, भारत के पूर्व क्रिकेटर सुरेश रैना
चैंपियंस ट्रॉफ़ी के लिए भारतीय टीम के एलान के बाद भारत के पूर्व क्रिकेटर सुरेश रैना ने भारतीय क्रिकेट टीम की प्रदर्शन पर चिंता ज़ाहिर की है.
रैना ने कहा, "यह चिंता की बात है क्योंकि हम न्यूज़ीलैंड के ख़िलाफ़ हार गए और फिर श्रीलंका में भी वनडे हार गए. इसके अलावा, टीम के शीर्ष तीन बल्लेबाज़ फॉर्म में नहीं हैं."
सुरेश रैना ने कहा, "आप पांच टी-20 और तीन वनडे खेल रहे हो, इसलिए यह सिरीज़ बहुत अहम होगी. हालांकि, मैं पाकिस्तान को ज्यादा भारी नहीं मानूंगा क्योंकि हमारी टीम में कई मैच विनर हैं."
रैना ने भारतीय टीम में गेंदबाजों के चयन पर भी अपनी राय देते हुए कहा, "आप टीम में एक लेफ्ट स्पिनर या फिर रवि बिश्वनोई को शामिल कर सकते थे. चैंपियंस ट्रॉफी के किसी भी मैच में आप देखेंगे कि टीम में एक लेग स्पिनर ज़रूर मिलेगा."
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने शनिवार को चैंपियंस ट्रॉफी के लिए भारतीय क्रिकेट टीम का एलान कर दिया है.
भारतीय टीम
रोहित शर्मा (कप्तान), शुभमन गिल, यशस्वी जायसवाल, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, केएल राहुल, ऋषभ पंत, रवींद्र जडेजा, हार्दिक पांड्या, अक्षर पटेल, वॉशिंगटन सुंदर, कुलदीप यादव, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद शमी, अर्शदीप सिंह
साल 2025 में खेले जाने वाली चैंपियंस ट्रॉफ़ी का आयोजक देश पाकिस्तान है. लेकिन भारतीय टीम के सभी मैच दुबई में होंगे.
भारतीय टीम 20 फ़रवरी को अपना पहला मैच बांग्लादेश के ख़िलाफ़ खेलेगी.
भारतीय टीम का दूसरा मैच पाकिस्तान के ख़िलाफ़ है, जो 23 फ़रवरी को है.
दो मार्च को भारतीय टीम न्यूज़ीलैंड के ख़िलाफ़ अपना तीसरा मैच खेलेगी.
भारतीय टीम दो बार चैंपियंस ट्रॉफ़ी जीत चुकी है. हालांकि साल 2017 में चैंपियंस ट्रॉफ़ी के फ़ाइनल में पाकिस्तान ने भारत को हराया था.
ब्रेकिंग न्यूज़, खो खो वर्ल्ड कप 2025: नेपाल को हराकर चैंपियन बनी भारतीय महिला टीम
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, खो खो वर्ल्ड कप 2025 के फ़ाइनल मुक़ाबले में नेपाल को 78-40 से हराकर भारतीय महिला टीम चैंपियन बनीं
दिल्ली के इंदिरा गांधी स्टेडियम में रविवार को खेले गए खो खो विश्व कप 2025 के फ़ाइनल मुक़ाबले में भारतीय महिला टीम ने जीत हासिल कर इतिहास रच दिया है.
फ़ाइनल मुक़ाबले में नेपाल को भारतीय महिला टीम ने 78-40 से हराकर पहला खो-खो विश्व कप जीत लिया है.
भारतीय महिला टीम ने नेपाल को 38 पॉइंट्स के बड़े अंतर से हरा दिया है.
वहीं इस पूरे टूर्नामेंट में भारतीय महिला टीम एक भी मुक़ाबला नहीं हारी है.
इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.
चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है.
पोस्ट X समाप्त
इसराइल-हमास युद्धविराम लागू: सात अहम बातें जो अब तक मालूम हैं
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, इसराइल और हमास के बीच युद्धविराम कराने में क़तर, मिस्र और अमेरिका ने अहम भूमिका निभाई है
इसराइल और हमास के बीच युद्ध शुरू होने के क़रीब 15 महीनों बाद रविवार को आख़िरकार ग़ज़ा में युद्धविराम की शुरुआत हो गई है.
इसका मतलब है कि इसराइल और हमास के बीच जंग रुक जाएगी. इसराइली जेलों में बंद फ़लस्तीनी कैदियों के बदले में हमास के बंधक बनाए गए इसराइली नागरिकों को चरणबद्ध तरीके से आज़ाद किया जाएगा.
युद्धविराम के बारे में सात अहम बातें जो जानना ज़रूरी है-
युद्धविराम स्थानीय समयानुसार 11 बजकर 15 मिनट पर (09:15 जीएमटी) शुरू हुआ. ये तय वक्त से तीन घंटे की देरी से शुरू हुआ.
युद्धविराम शुरू होने से ठीक पहले इसराइल ने कहा कि वह तब तक आगे नहीं बढ़ सकता जब तक कि हमास उन बंधकों के नामों की सूची नहीं दे देता जिन्हें वो सबसे पहले आज़ाद करेगा.
हमास ने देरी के लिए "तकनीकी कारणों" को ज़िम्मेदार ठहराया. बाद में उसने तीन लोगों के नाम जारी किए जिनके बारे में उसका कहना था कि उन्हें सबसे पहले आज़ाद किया जाएगा.
युद्धविराम में हो रही देरी के दौरान ग़ज़ा में इसराइली हवाई हमले जारी रहे. हमास संचालित सिविल डिफ़ेंस एजेंसी के आंकड़ों के मुताबिक़ इन हमलों में कम से कम 19 लोग मारे गए.
फिलहाल इस बात की जानकारी नहीं है कि रविवार सुबह की देरी से इसराइली बंधकों और फ़लस्तीनी कैदियों की पहली अदला-बदली के समय पर क्या प्रभाव पड़ेगा. ये अदला-बदली स्थानीय समयानुसार शाम चार बजे (14:00 जीएमटी) होना था.
राहत सामग्री से लदे हज़ारों ट्रक ग़ज़ा में प्रवेश करने की प्रतीक्षा कर रहे हैं. युद्धविराम समझौते की शर्त के अनुसार ग़ज़ा में ज़रूरी मदद पहुंचाना मानवीय राहत के काम में लगी एजेंसियों की एक मुख्य मांग है.
इस बीच युद्धविराम पर नाराज़गी जताते हुए इसराइली सरकार में रक्षा मंत्री और धुर दक्षिणपंथी पार्टी के प्रमुख इतेमार बेन ग्वीर ने इस्तीफा दे दिया है. उनका कहना है कि ये युद्धविराम "आतंकवाद की जीत" है.
अमेरिका: डोनाल्ड ट्रंप के शपथ लेने से पहले उनके ख़िलाफ़ क्यों हो रहे प्रदर्शन?, राशेल लूकर, बीबीसी संवाददाता
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, वॉशिंगटन डीसी की सड़कों पर डोनाल्ड ट्रंप के ख़िलाफ़ प्रदर्शन कर रहे लोग
अमेरिका के नवनिर्वाचित राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप 20 जनवरी को देश के 47वें राष्ट्रपति के रूप में शपथ लेंगे. लेकिन उनके शपथ ग्रहण से ठीक एक दिन पहले अमेरिका की राजधानी वॉशिंगटन डीसी की सड़कों पर उनके ख़िलाफ़ प्रदर्शन हो रहे हैं.
प्रदर्शन कर रहे हज़ारों प्रदर्शनकारियों में ज़्यादातर तादाद महिलाओं की है.
इस विरोध प्रदर्शन को पीपुल्स मार्च कहा जा रहा है, जिसे पहले 'महिला मार्च' के नाम से भी जाना जाता था. यह प्रदर्शन 2017 के बाद से हर साल किया जाता है.
पीपुल्स मार्च की वेबसाइट के मुताबिक़, कई समूहों के एक गठबंधन ने इस मार्च का आयोजन किया है. इसका उद्देश्य "ट्रंपवाद" का सामना करना है.
इमेज स्रोत, Getty Images
पीपुल्स मार्च का आयोजन करने वाले समूहों ने अपनी वेबसाइट पर जो जानकारी दी है उसके अनुसार वो अलग-अलग पहचान रखने वाले समूह हैं और "विभिन्न मुद्दों पर रुचि" रखते हैं, जैसे जलवायु परिवर्तन, प्रवासन और महिला अधिकार.
पीपुल्स मार्च में शामिल होने के लिए वॉशिंगटन में इकट्ठा हुईं महिलाओं ने बीबीसी को बताया कि वो कई मुद्दों का समर्थन करते हैं और इसलिए प्रदर्शन में हिस्सा ले रही हैं.
ब्रुक नाम की एक प्रदर्शनकारी ने कहा कि वह गर्भपात का समर्थन करती है और इस मुद्दे पर अपना समर्थन जताना चाहती हैं.
इमेज स्रोत, Getty Images
ब्रेकिंग न्यूज़, प्रयागराज: कुंभ मेले के सेक्टर 19 में लगी आग, अधिकारियों ने कहा- स्थिति क़ाबू में
इमेज कैप्शन, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी घटनास्थल पर पहुंच गए हैं
प्रयागराज के कुंभ क्षेत्र में रविवार को आग लगने का मामला सामने आया है.
प्रयागराज के जिला मजिस्ट्रेट (डीएम) रवींद्र कुमार के मुताबिक़ ये आग सेक्टर 19 स्थित गीता प्रेस के टेंट में शाम साढ़े चार बजे लगी है.
आग लगने के कारणों के बारे में अभी कोई स्पष्ट जानकारी नहीं है, हालांकि डीएम रवींद्र कुमार का कहना है कि आग पर क़ाबू पा लिया गया है.
उनका कहना है कि घटना में किसी तरह की कोई भी जनहानि नहीं हुई है.
मुख्यमंत्री के दफ्तर ने कहा है कि "मुख्यमंत्री ने घटना का लिया संज्ञान है और उनके निर्देश पर वरिष्ठ अधिकारी मौके़ पर मौजूद हैं."
प्रयागराज ज़ोन के पुलिस असिस्टेंट डायरेक्टर जनरल (एडीजी) भानु भास्कर ने घटना के बारे में और जानकारी देते हुए कहा, "दो, तीन सिलेंडर फटने की सूचना मिली, उस सूचना के आधार पर फ़ायर सर्विस के लोग तत्काल पहुंचे. तब तक कुछ झोपड़ियों में आग लग चुकी थी. अभी तक किसी हताहत की सूचना नहीं मिली है."
इस मामले में उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने भी प्रतिक्रिया दी है.
उन्होंने कहा, "प्रयागराज में आयोजित कुम्भ-2025 स्थित सेक्टर 19 (तुलसी मार्ग) में हुए अग्निकांड के संबंध में उत्तर प्रदेश सरकार और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों का दल घटनास्थल पर मौजूद है और वहां आने वाले साधु-संतों एवं श्रद्धालुओं की हर संभव मदद की जा रही है."
उन्होंने कहा, "सरकार की ओर से पूरे प्रकरण पर गंभीर नज़र भी रखी जा रही है. स्थिति पूरी तरह से नियंत्रण में है."
ग़ज़ा में युद्धविराम के बाद घरों को लौट रहे विस्थापित फ़लस्तीनी, देखिए तस्वीरें
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, रविवार सवेरे से युद्धविराम लागू करने में हुई परेशानियों के बाद इसराइली प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू के दफ्तर ने कहा कि ग़ज़ा में युद्धविराम स्थानीय समानुसार 11 बजकर 15 मिनट पर शुरू हो जाएगा.
इसराइल और हमास के बीच ग़ज़ा में युद्धविराम समझौता लागू होने के बाद आंतरिक रूप से विस्थापित ग़ज़ा के हजारों लोग अपने घरों की ओर लौट रहे हैं.
ग़ज़ा से सामने आ रही तस्वीरों में लोग अपना सामान लेकर लंबी क़तारों में चलते हुए दिखाई दे रहे हैं.
एक तस्वीर में एक क़ाफ़िला दिखाई दे रहा है, जिसमें कुछ कारें हैं और उनमें लोग फ़लस्तीनी ध्वज थामे हुए हैं.
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, हमास संचालित स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार युद्ध शुरू होने के बाद से अब तक ग़ज़ा में 46,788 लोगों की मौत हो चुकी है.
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, पिछले 24 घंटों में, जिस दौरान युद्धविराम की घोषणा की गई थी, कम से कम 81 लोगों की मौत हुई है.
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, इसराइल और हमासके बीच युद्धविराम कराने में क़तर, मिस्र और अमेरिका ने अहम भूमिका निभाई.
इमेज स्रोत, Ali Moustafa/Getty Images
इमेज कैप्शन, रफ़ा सीमा के पास राहत सामग्री से भरे ट्रक ग़ज़ा में जाने का इंतज़ार कर रहे हैं. संयुक्त राष्ट्र का कहना है कि खाना और आटे से लदी सैकड़ों गाड़ियां सीमा पर हैं.
सैफ़ अली ख़ान पर हमला मामला: अभियुक्त को 5 दिन की पुलिस कस्टडी में भेजा गया
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, इसस पहले मुंबई पुलिस ने कहा है कि गिरफ़्तार किया गया अभियुक्त बांग्लादेशी नागरिक हो सकता है
अभिनेता सैफ़ अली ख़ान पर चाकू से हुए हमले के मामले में अभियुक्त मोहम्मद शरीफ़ुल इस्लाम शहज़ाद को 24 जनवरी तक मुंबई पुलिस की कस्टडी में भेज दिया गया है.
अभियुक्त मोहम्मद शरीफु़ल इस्लाम शहज़ाद के वकील संदीप शेखाने ने न्यूज़ एजेंसी एएनआई से बात करते हुए कहा, "पांच दिन के लिए पुलिस कस्टडी दी गई है और इन पांच दिनों में रिपोर्ट उन्हें देने के लिए कहा गया है."
अभियुक्त इस्लाम शहज़ाद के वकील के मुताबिक़, "कोई ऐसा सबूत नहीं है कि वह बांग्लादेशी हैं और वह छह महीने पहले भारत आए हैं, यह ग़लत बयान है."
उन्होंने कहा, "सात साल के ऊपर से वह यहीं पर रह रहे थे. परिवार के लोग दबाव के वजह से यहां नहीं आ पाए हैं, ज़मानत के वक़्त वह आ जाएंगे."
उन्होंने कहा, "यह 43ए का साफ़ उल्लंघन है. कोई उचित जांच नहीं की गई है."
उनका मानना है कि, "सैफ़ अली ख़ान ने कभी भी ऐसा कोई बयान नहीं दिया है या उन्हें किसी से कोई शिकायत नहीं है जिससे उनके लिए किसी राज्य, बांग्लादेश या किसी देश से खतरा पैदा हो."
सैफ़ अली ख़ान पर गुरुवार तड़के उनके बांद्रा स्थित घर में कई बार चाकू से हमला किया गया था. इसके बाद उन्हें घायल अवस्था में लीलावती अस्पताल में भर्ती कराया गया था.
इसराइल-हमास युद्धविराम शुरू, विरोध में इसराइली रक्षा मंत्री ने दिया इस्तीफ़ा
इमेज स्रोत, Kobi Wolf/Bloomberg via Getty Images
इमेज कैप्शन, इतेमार बेन ग्वीर युद्धविराम के समझौते का विरोध करते रहे हैं.
एक तरफ ग़ज़ा में इसराइल और हमास के बीच युद्धविराम लागू हो गया है, तो दूसरी तरफ इसराइली सरकार मुश्किलों में घिर गई है.
रविवार को हमास के इसराइली बंधकों की सूची इसराइल को सौंपने के बाद ग़ज़ा में युद्धविराम शुरू हो गया है. इस बीच इसराइली सरकार से तीन मंत्रियों ने युद्धविराम पर नाराज़गी जताते हुए अपना इस्तीफ़ा दे दिया है.
इसराइल की धुर दक्षिणपंथी ज्यूइश पावर पार्टी ने कहा है कि वो युद्धविराम के इस समझौते का विरोध करती है और सरकार से समर्थन वापिस ले रही है. इसके बाद अब प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू के पास संसद में बहुत कम संख्या में बहुमत बचा है.
इसराइल के राष्ट्रीय रक्षा मंत्री और ज्यूइश पावर पार्टी के प्रमुख इतेमार बेन ग्वीर के साथ-साथ यित्ज़ाक वासेरलॉफ़ और इमीहाई इलियाहू ने रविवार सवेरे अपना इस्तीफ़ा दे दिया है.
हालांकि आनादोलू न्यूज़ एजेंसी की एक रिपोर्ट के मुताबिक़ बेन-ग्वीर की पार्टी के समर्थन वापिस लेने से सत्ताधारी गठबंधन को संसद में केवल छह सीटों का नुक़सान होगा और इससे सरकार को किसी तरह का ख़तरा नहीं होगा.
इतेमार बेन ग्वीर पहले भी युद्धविराम के समझौते का विरोध करते रहे हैं. वो ग़ज़ा में हमास के ख़िलाफ़ इसराइल की सैन्य कार्रवाई का समर्थन करते हैं.
पीएम नेतन्याहू को दिए अपने इस्तीफ़े में इतेमार बेन ग्वीर ने लिखा कि वो सरकार गिराने का काम नहीं करेगे लेकिन वो युद्धविराम के समझौते से नाराज़ हैं.
उन्होंने इस समझौते को "आतंकवाद की जीत कहा."
हमास इन 33 बंधकों को करेगा आज़ाद, इसराइल ने जारी की लिस्ट
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, इसराइल ने उन 33 बंधकों के नामों की लिस्ट जारी की हैं, जिन्हें हमास युद्धविराम के दौरान आज़ाद करेगा
इसराइल ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल पर उन 33 बंधकों के नामों की एक लिस्ट जारी की है जिन्हें हमास युद्धविराम के पहले चरण के दौरान आज़ाद करेगा.
इसराइल ने अपने आधिकारिक एक्स अकाउंट पर एक तस्वीर पोस्ट की है, जिसमें इन 33 बंधकों के नाम और तस्वीरें हैं.
इस लिस्ट के मुताबिक़, इन बंधकों में महिलाएं, कम उम्र के बच्चे और बुज़ुर्ग शामिल हैं.
15 महीने पहले, सात अक्तूबर 2023 को इसराइल पर हुए हमले के दौरान हमास के लड़ाके इन लोगों को अपने साथ बंधक बनाकर ले गए थे.
कफ़िर बिबस को जब पहली बार बंधक बनाया गया था, तब वह नौ महीने के थे और अब वह बंधक में रहते हुए दो जन्मदिन मना चुके हैं.
हमास की दी इस लिस्ट में 86 साल के श्लोमो मंत्ज़ुर सबसे बुजुर्ग बंधक हैं और उम्मीद है कि आज़ाद होने वाले बंधकों की पहली कतार में वे भी शामिल होंगे.
इससे पहले रविवार को हमास ने उन तीन महिला बंधकों के नाम जारी किए हैं जिन्हें सबसे पहले छोड़ा जाना है.
रविवार सवेरे से युद्धविराम लागू करने में हुई परेशानियों के बाद अब इसराइली प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू के दफ्तर ने कहा है कि ग़ज़ा में युद्धविराम स्थानीय समानुसार 11 बजकर 15 मिनट पर शुरू हो जाएगा.
इमेज कैप्शन, इसराइल ने आज़ाद किए जाने वाले बंधकों की लिस्ट सार्वजनिक की है
ग़ज़ा में युद्धविराम: हमास ने तीन इसराइली बंधकों के नाम जारी किए
इमेज स्रोत, Family Handout
इमेज कैप्शन, एमिली डमारी (हमास की ओर से रिहा किए जाने वालों में से एक)
इसराइल और हमास के बीच ग़ज़ा में युद्धविराम समझौते और बंधकों की रिहाई पर सहमति बनने के बाद रविवार को हमास ने उन तीन महिला बंधकों के नाम जारी किए हैं जिन्हें सबसे पहले छोड़ा जाना है.
टेलीग्राम पर किए एक पोस्ट में हमास ने तीन महिला बंधकों के नाम जारी किए हैं, जिनके बारे में उन्होंने कहा है कि इसराइल के साथ युद्धविराम के तहत इन तीनों को सबसे पहले रिहा किया जाएगा.
रिहा किए जाने वालों में 24 साल की रोमी गोनेन, 28 साल की एमिली डमारी और 31 साल की डोरोन स्टीनब्रेचर शामिल है.
इनमें से एक एमिली के पास इसराइल और ब्रिटेन की दोहरी नागरिकता है.
इमेज स्रोत, डोरोन स्टीनब्रेचर
इमेज कैप्शन, डोरोन स्टीनब्रेचर एक वेटेरिनरी नर्स हैं
इससे पहले इसराइल के प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू ने कहा था कि ग़ज़ा में युद्धविराम में तब तक देरी होगी जब तक हमास रिहा होने वाले बंधकों के नाम नहीं देता.
युद्धविराम समझौते के मुताबिक़, अदला-बदली से कम से कम 24 घंटे पहले जिन्हें छोड़ा जाना है उनके नाम बताना ज़रूरी है.
नमस्कार!
अभी तक बीबीसी संवाददाता अश्वनी आप तक ख़बरें पहुंचा रहे थे. अब से रात 10 बजे तक बीबीसी संवाददाता इफ़्तेख़ार अली आप तक अहम ख़बरें पहुंचाएंगे.
फिलहाल, बीबीसी हिंदी के पन्ने पर लगी कुछ अहम ख़बरें नीचे दिए लिंक्स पर क्लिक कर आप पढ़ सकते हैं.
चिराग पासवान का बीपीएससी विरोध प्रदर्शन का समर्थन करने पर प्रशांत किशोर क्या बोले
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, छात्रों ने बीपीएससी की परीक्षा में अनियमितताओं का आरोप लगाया था
केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान के समर्थन करने पर जनसुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर ने कहा कि इसका स्वागत किया जाना चाहिए.
प्रशांत किशोर ने न्यूज़ एजेंसी एएनआई से कहा, "चिराग पासवान ने मेरा समर्थन किया ये महत्वपूर्ण नहीं है, लेकिन चिराग पासवान का बिहार के बच्चों का समर्थन करने के लिए स्वागत करना चाहिए."
"मैं हमेशा कहता हूं वे सुलझे हुए व्यक्ति और नेता हैं."
प्रशांत किशोर ने कहा, "अब आपको एनडीए के घटक दलों से सवाल करना है कि अभी तक विपक्ष बोल रहा था, लेकिन अब भारत सरकार में मंत्री और आपके सहयोगी दल के नेता बोल रहे हैं कि बीपीएससी की परीक्षा में धांधली हुई है और फिर से परीक्षा होनी चाहिए. अब बीजेपी और जेडीयू के नेता इसका जवाब दें."
बीजेपी के नेतृत्व वाले एनडीए गठबंधन में शामिल लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के अध्यक्ष चिराग पासवान ने प्रशांत किशोर के आमरण अनशन करने और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के स्वास्थ्य पर सवाल उठाने पर कहा था, "देखिए हर किसी का अपनी-अपनी बात रखने का तरीका होता है. प्रशांत किशोर ने क्या किया और क्या कह रहे हैं, इस पर टिप्पणी किए बिना मैं कहना चाहता हूँ कि प्रशांत किशोर के अनशन करने के मुद्दे से ज़रूर सहमति रखता हूँ."
चिराग पासवान ने कहा कि परीक्षा में धांधली हुई है और नहीं हुई होती तो फिर से परीक्षा क्यों होती.
छात्रों ने बिहार पब्लिक सर्विस कमिशन (बीपीएससी) की परीक्षा में अनियमितताओं, प्रश्न पत्र के स्तरहीन होने और कोचिंग संस्थानों के मॉडल पेपर से सवालों के मेल खाने का आरोप लगाया है.
सैफ़ अली ख़ान पर हमला: अभियुक्त के बांग्लादेशी होने के संदेह पर बीजेपी नेता ये बोले
इमेज स्रोत, X/Amit Malviya
इमेज कैप्शन, अमित मालवीय ने अभियुक्त को बांग्लादेशी बता दिया है, हालांकि पुलिस ने इसकी पुष्टि नहीं की है
अभिनेता सैफ़ अली ख़ान पर हुए हमले के मामले में मुंबई पुलिस ने अभियुक्त के बांग्लादेशी होने का शक जताया है जिस पर बीजेपी नेता ने प्रतिक्रिया दी है.
बीजेपी आईटी सेल के प्रमुख अमित मालवीय ने कहा कि मुंबई पुलिस ने पुष्टि की है कि सैफ़ अली ख़ान पर हमला करने वाला मोहम्मद शरीफ़ुल इस्लाम बांग्लादेश का है और एक अवैध निवासी है. उसने अपनी पहचान हिंदू बताई.
अमित मालवीय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर लिखा, "कांग्रेस, टीएमसी और गठबंधन 'इंडिया' में शामिल अन्य राजनीतिक दल वोट बैंक के रूप में अवैध तौर पर रहे लोगों का इस्तेमाल करते हैं."
उन्होंने कहा कि हिंदुओं को बदनाम करने और इस घटना को सांप्रदायिक रंग देने की कोशिश करने वालों को माफी मांगनी चाहिए.
इमेज स्रोत, @amitmalviya
इमेज कैप्शन, अमित मालवीय ने एक्स पर पोस्ट किया है
हालांकि अभिनेता सैफ़ अली ख़ान पर चाकू से हुए हमले के मामले में मुंबई पुलिस ने साफ़ कहा है कि गिरफ़्तार किया गया अभियुक्त बांग्लादेशी नागरिक हो सकता है.
ज़ोन-9 के डीसीपी दीक्षित गेडाम ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा, "अभियुक्त के बांग्लादेशी होने का शक है और उसके पास भारतीय डॉक्यूमेंट नहीं हैं."
प्रवेश वर्मा का दावा- केजरीवाल के इशारे पर लड़कों पर चढ़ाई गई गाड़ी
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, प्रवेश वर्मा ने कहा है कि उन्होंने चुनाव आयोग को शिकायत भेजी है
नई दिल्ली सीट से बीजेपी उम्मीदवार और पूर्व सांसद प्रवेश वर्मा ने पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल पर आरोप लगाया है कि उनके इशारें पर तीन युवाओं को गाड़ी से टक्कर मारी गई.
प्रवेश वर्मा ने कहा कि उन्होंने चुनाव आयोग को मामले में शिकायत भेज दी है और लड़के भी पुलिस में शिकायत करेंगे.
उन्होंने दावा किया, "अरविंद केजरीवाल जिस गाड़ी में बैठे थे, उसी गाड़ी ने तीनों लड़कों को टक्कर मारी. तीनों लड़कों ने कहा कि ड्राइवर ने देखा कि हम उनकी गाड़ी के आगे हैं तो उन्होंने ब्रेक मार दिया था, लेकिन केजरीवाल ने इशारा किया कि गाड़ी चढ़ा दो. इशारे के बाद ड्राइवर ने गाड़ी को आगे चढ़ाया और तीनों के पैर में चोट लगी."
दरअसल, आम आदमी पार्टी (आप) ने आरोप लगाया कि चुनाव प्रचार के दौरान अरविंद केजरीवाल की कार पर बीजेपी के लोगों ने पत्थर फेंके हैं.
वहीं, वर्मा ने केजरीवाल पर अपने वाहन से तीन लोगों को टक्कर मारने का आरोप लगाया.
प्रवेश वर्मा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा, "जो व्यक्ति (अरविंद केजरीवाल) 11 साल तक दिल्ली का मुख्यमंत्री रहा है, उन्हें केवल 1 लाख नौ हज़ार वोट की विधानसभा में डोर-टू-डोर कैंपेन करना पड़ रहा है."
"अरविंद केजरीवाल को जो प्रतिक्रिया मिल रही है, उससे वो बौखला हो गए हैं. अपनी पार्टी का नाम आम आदमी रखने से आप आदमी नहीं होते. जब आपसे सड़कों पर नौजवान रोज़गार की बात कर रहे हैं तो आपने अपनी गाड़ी उन पर चढ़ा दी."
केजरीवाल ने कहा कि एक पूर्व मुख्यमंत्री पर कातिलाना हमला करने की कोशिश की गई.
ब्रेकिंग न्यूज़, नेतन्याहू ने आईडीएफ़ से कहा- वो अभी ग़ज़ा में युद्धविराम शुरू न करे
इमेज स्रोत, Israel Government Press Office / Amos Ben-Gershom
इमेज कैप्शन, प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू के कार्यालय के अनुसार, इसराइल अभी भी रिहा होने वाले तीन बंधकों के नाम का इंतज़ार कर रहा है.
इसराइल के प्रधानमंत्री
बिन्यामिन नेतन्याहू ने कहा है कि ग़ज़ा में युद्धविराम में तब तक देरी होगी जब तक
हमास रिहा होने वाले बंधकों के नाम नहीं देता.
उनके कार्यालय ने एक
बयान जारी किया है, जिसमें कहा गया है कि उन्होंने इसराइली डिफ़ेंस फ़ोर्सेज़
(आईडीएफ़) को युद्धविराम शुरू न करने को कहा है. युद्धविराम स्थानीय समयानुसार सुबह 8.30
बजे से शुरू होने जा रहा था.
हमास ने कहा है कि ये
देरी ‘ज़मीन पर
तकनीकी कारणों’ की वजह से हो
रही है.
इसराइली नेता ने बीती रात ही चेताया था कि ग़ज़ा में युद्धविराम समझौते का
पहला चरण ‘एक अस्थायी
युद्धविराम’ है, अगर समझौता
टूटता है तो इसराइल के पास युद्ध जारी रखने का अधिकार है और उसे अमेरिका का समर्थन
हासिल है.
युद्धविराम को शुरू
होने में अब कुछ ही देर का समय बचा है. उससे पहले प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू के
कार्यालय के अनुसार, इसराइल अभी भी रिहा होने वाले तीन बंधकों के नाम का इंतज़ार
कर रहा है.
युद्धविराम समझौते के
मुताबिक़, अदला-बदली से कम से कम 24 घंटों पहले नाम बताए जाने ज़रूरी हैं.