लेबनान में इसराइल का हवाई हमला, मरने वाले नौ लोगों में एक हिज़्बुल्लाह का टॉप कमांडर भी शामिल

इसराइली सेना ने लेबनान में अपने टार्गेटेड हमलों में हिज़्बुल्लाह के कमांडर इब्राहिम अक़ील के मारे जाने की पुष्टि की है.

सारांश

  • इसराइली सेना ने लेबनान में अपने टार्गेटेड हमलों में हिज़्बुल्लाह के कमांडर इब्राहिम अक़ील के मारे जाने की पुष्टि की है
  • लेबनान के स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा- बेरूत में हुए इसराइली हमलों में नौ लोगों की मौत हुई है और 59 लोग घायल हुए हैं
  • ग़ज़ा में इसराइल के ताजा हमलों में 14 फ़लस्तीनियों की हुई मौत
  • हिज़्बुल्लाह ने इसराइल पर दागे 140 रॉकेट, इसराइली वायु सेना ने बेरूत पर की हवाई बमबारी
  • एसबीआई रिसर्च की रिपोर्ट के मुताबिक भारतीय रिज़र्व बैंक फरवरी 2025 तक ब्याज दरों में कटौती की घोषणा कर सकता है

लाइव कवरेज

सौरभ यादव

  1. तिरुपति के प्रसाद में जानवरों की चर्बी होने के दावे पर पवन कल्याण बोले

    पवन कल्याण

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, आंध्र प्रदेश के उपमुख्यमंत्री पवन कल्याण ने राष्ट्रीय स्तर पर सनातन धर्म रक्षण बोर्ड बनाने की मांग की है

    तिरुपति मंदिर के प्रसाद में जानवरों की चर्बी मिलाने के दावे पर आंध्र प्रदेश के उपमुख्यमंत्री पवन कल्याण ने भी प्रतिक्रिया दी है.

    उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा है, “तिरुपति बालाजी प्रसाद में एनिमल फ़ैट (मछली का तेल, पोर्क और बीफ़ फ़ैट) के मिलावट होने की पुष्टि से हम सभी परेशान हैं. तत्कालीन जगन मोहन रेड्डी सरकार की ओर से गठित टीटीडी बोर्ड को कई सवालों के जवाब देने होंगे.”

    उन्होंने कहा, “हमारी सरकार कड़ी कार्रवाई के लिए प्रतिबद्ध है. लेकिन, यह मंदिर की पवित्रता भंग करने, इसकी भूमि से जुड़े विवादों और अन्य धार्मिक कर्मकांडों से जुड़े कई मुद्दों पर भी रोशनी डालती है. ”

    उन्होंने कहा, “पूरे भारत में मंदिरों से जुड़े मसलों को देखने के लिए राष्ट्रीय स्तर पर एक सनातन धर्म रक्षण बोर्ड बनाने का समय आ गया है.

    पवन कल्याण आंध्र की गठबंधन सरकार में शामिल जन सेना पार्टी (जेएसपी) के नेता हैं.

    आंध्र प्रदेश की सरकार ने तिरुमला लड्डुओं के लैब परीक्षण की रिपोर्ट को सार्वजनिक किया, जिसके बाद मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने पिछली जगन मोहन सरकार पर निशाना साधा.

    नायडू ने कहा, “इस मामले में जांच चल रही है और दोषियों को सज़ा दी जाएगी.”

  2. भारत बनाम बांग्लादेश टेस्ट मैच में भारत ने पहली पारी में बनाए 376 रन

    टेस्ट मैच

    इमेज स्रोत, Getty Images

    बांग्लादेश के ख़िलाफ़ भारत ने चेन्नई में पहले टेस्ट मैच की पहली पारी में दूसरे दिन भारतीय टीम 37 रन और जोड़ पाई.

    भारतीय टीम 91.2 ओवरों में 376 रनों के स्कोर पर ऑल आउट हो गई.

    टेस्ट मैच में पहले दिन का खेल खत्म होने तक भारत ने छह विकेट के नुकसान पर 339 रन बनाए थे.

    गुरुवार सुबह बांग्लादेश ने टॉस जीतकर भारत को बल्लेबाज़ी के लिए बुलाया लेकिन भारत के शुरुआती बल्लेबाज़ कुछ ख़ास नहीं कर पाए.

    टेस्ट मैच

    भारत ने महज 34 रन पर पर तीन विकेट गंवा दिए थे. भारत का चौथा विकेट 96 रन के स्कोर पर गिरा. 42 ओवरों तक भारत का स्कोर 144 रन पर छह विकेट था.

    उसके बाद बैटिंग करने आए भारतीय ऑलराउंडर रविचंद्रन अश्विन ने रविंद्र जडेजा के साथ मिलकर टीम की लड़खड़ाती पारी को संभाला.

    अश्विन ने बांग्लादेश के ख़िलाफ चेन्नई टेस्ट में 108 गेंदों में सेंचुरी लगाई है. टेस्ट मैचों में ये उनका छठा शतक है.

    अश्विन ने दोनों दिन मिलाकर कुल 133 गेंदें खेलीं और 113 रन बनाए.

  3. अजित पवार की वापसी के सवाल पर शरद पवार नहीं छुपा पाए अपना दर्द, दिया ये जवाब

  4. सिंधु जल समझौते की समीक्षा के भारत के नोटिस पर पाकिस्तान ने क्या कहा

    पाकिस्तान विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता मुमताज़ ज़ाहरा बलोच

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, पाकिस्तानी विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता मुमताज़ ज़ाहरा बलोच ने कहा कि सिंधु जल संधि पाकिस्तान के लिए अहम है

    सिंधु जल समझौते की समीक्षा किए जाने के लिए भारत की ओर से भेजे गए नोटिस पर पाकिस्तान ने जवाब दिया है.

    पाकिस्तान ने कहा कि वो इस समझौते को बहुत अहम मानता है और उम्मीद करता है कि 64 साल पहले हुए इस द्विपक्षीय समझौते के प्रावधानों को भारत भी मानेगा.

    भारत ने ये कहते हुए 30 अगस्त को पाकिस्तान को नोटिस देते हुए कहा था कि हालात में कुछ ‘बुनियादी और अप्रत्याशित’ बदलाव आए हैं.

    भारत और पाकिस्तान के बीच सिंधु जल संधि 19 सितंबर 1960 को हुई थी.

    पाकिस्तान विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता मुमताज़ ज़ाहरा बलोच ने पत्रकारों से कहा, “पाकिस्तान सिंधु जल संधि को अहम मानता है और उम्मीद करता है कि इसके प्रावधानों को भारत पालन करेगा.”

    बलोच ने कहा कि दोनों देशों के बीच इंडस कमिश्नर्स का एक तंत्र है और इस संधि से जुड़े सभी मुद्दों पर बात की जा सकती है.

    संधि के अनुसार, पाकिस्तान का तीन नदियों के जल पर अधिकार है- चेनाब, झेलम और सिंधु जबकि भारत का सतलुज, ब्यास और रावी नदियों के जल पर पूरा अधिकार है.

    पिछले डेढ़ सालों में यह दूसरी बार है, जब भारत ने जल संधि की समीक्षा के लिए पाकिस्तान को नोटिस दिया है.

  5. सरफ़राज़ अहमद के तंज़ का जवाब बाबार आज़म ने कैसे दिया

    बाबर आज़म

    इमेज स्रोत, Getty Images

    पिछले कुछ दिनों से अपने प्रदर्शन को लेकर आलोचकों के निशाने पर रहने वाले पाकिस्तानी क्रिकेटर बाबर आज़म के रवैये ने प्रशंसकों का दिल जीत लिया है.

    पाकिस्तान के फ़ैसलाबाद में एक घरेलू मैच के दौरान बाबर आज़म क्रीज़ पर थे और विपक्षी टीम के विकेट कीपर सरफ़राज़ अहमद उन पर फ़ब्तियां कस रहे थे.

    डॉलफिंस की तरफ़ से विकेटकीपिंग कर रहे सरफ़राज़ ने बाबर पर दबाव बनाने की कोशिश में कई तंज कसे. पर बाबर ने अपना आपा नहीं खोया और शतक से इसका जवाब दिया.

    यह मैच फ़ैसलाबाद में स्टालियंस और डॉलफिंस के बीच हो रहा था.

    जब स्टालियंस के लिए बाबर तीसरे नंबर पर बैटिंग करने आए तो सरफ़राज़ ने तंज कसे.

    स्टंप माइक्रोफोन में सरफ़राज़ कहते सुनाई दिए, “जल्दी नहीं है, जल्दी नहीं है. बस इन लोगों को बोलो बाबर बाबर करते रहें. बाबर को 40 ओवर खिला देंगे और बाकी सारे आउट हो जाएंगे.”

    बाबर ने इस मैच में 100 बॉल पर 104 रन बनाए, जिसमें 7 चौके और 3 छक्के शामिल हैं. स्टालियंस ने 50 ओवर में 271 रन का स्कोर बनाया.

    वहीं डॉल्फिंस की पूरी टीम 25 ओवर में 97 रनों पर ही सिमट गई जबकि सरफ़राज़ इस मैच में महज़ पांच रन बना सके.

    पाकिस्तान की क्रिकेट टीम काफी समय से अच्छा प्रदर्शन करने से चूक रही है और इसकी एक प्रमुख वजह टीम की अंदरूनी कलह बताई जा रही है.

    तीन सितंबर को बांग्लादेश से अपने घरेलू मैदान पर टेस्ट सिरीज़ हारने के बाद क्रिकेट प्रेमी और एक्सपर्ट्स पाकिस्तान क्रिकेट टीम की इस स्थिति को ‘डार्क डेज़’ बता रहे हैं.

    दरअसल कुछ समय से बाबर आज़म अपने फॉर्म में नहीं दिख रहे हैं और इसे लेकर वो आलोचकों के निशाने पर भी रहे हैं. लेकिन माना जा रहा है कि इस मैच में प्रदर्शन उनके फ़ार्म में आने का संकेत है.

  6. तिरुपति मंदिर के प्रसाद में जानवरों की चर्बी के इस्तेमाल के विवाद पर चंद्रबाबू नायडू ने क्या कहा?

    चंद्रबाबू नायडू

    इमेज स्रोत, ANI

    आंध्र प्रदेश के तिरुपति मंदिर के प्रसाद में कथित रूप से जानवरों की चर्बी के इस्तेमाल को लेकर विवाद बढ़ता जा रहा है.

    आंध्र प्रदेश की सत्ताधारी तेलुगू देशम पार्टी के महासचिव नारा लोकेश ने दावा किया है, ''पिछली सरकार में प्रसाद के लड्डू के घी में जानवरों की चर्बी और मछली के तेल का इस्तेमाल हुआ है. प्रसाद के नमूनों के परीक्षण में पाया गया है कि इन लड्डुओं में मछली का तेल और बीफ़ चर्बी का इस्तेमाल हुआ है.''

    आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने प्रदेश की पूर्ववर्ती जगन मोहन रेड्डी सरकार पर निशाना साधा है.

    नायडू ने कहा, “कोई ये सोच भी नहीं सकता कि तिरुमला लड्डू को इस तरह अपवित्र किया जाएगा. पिछले पाँच सालों में उन्होंने तिरुमला की पवित्रता को भंग किया है.”

    उन्होंने कहा, “इस बात की पुष्टि हो गई है कि तिरुमला लड्डू के घी में जानवर की चर्बी का इस्तेमाल किया गया है. इस मामले में जांच चल रही है. इसके लिए जो भी दोषी होंगे उन्हें सज़ा दी जाएगी.”

  7. मोहम्मद अल फ़याद: हैरड्स के मालिक पर कई महिलाओं के रेप के आरोप का पूरा मामला क्या है?

  8. मालदीव की अपील पर आगे आया भारत, वहाँ के विपक्ष ने की तारीफ़

    पीएम मोदी और मालदीव के राष्ट्रपति मोइज़्ज़ू

    इमेज स्रोत, ANI

    भारत ने मालदीव सरकार की अपील पर एक और साल के लिए पांच करोड़ डॉलर की आर्थिक मदद दी है.

    मालदीव में भारतीय भारतीय उच्चायोग के बयान के अनुसार, मालदीव सरकार के अनुरोध पर स्टेट बैंक ऑफ़ इंडिया ने मालदीव के वित्त मंत्रालय की ओर से जारी पाँच करोड़ डॉलर के गवर्नमेंट ट्रेज़री बिल्स (टी-बिल्स) को सब्सक्राइब किया है.

    बयान के मुताबिक, ‘इससे पहले मई 2024 में भी एसबीआई ने इसी तरह से 5 करोड़ डॉलर के टी बिल्स लिए थे. भारत के सार्वजनिक बैंक की ओर से किए गए ये सब्सक्रिप्शन मालदीव को इमरजेंसी वित्तीय मदद के लिए किए गए हैं.’

    प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है कि मालदीव भारत का प्रमुख पड़ोसी है और भारत के नेबरहुड फ़र्स्ट नीति के तहत आने वाला प्रमुख साझीदार है.

    मालदीव के पूर्व विदेश मंत्री अब्दुल्ला शाहिद ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर भारत की ओर से की गई इस इमरजेंसी वित्तीय मदद की तारीफ़ करते हुए लिखा, “अर्थव्यवस्था को संभालने में इस सरकार की नाकामी और इसकी ख़राब विदेश नीति के बावजूद, भारत ने साबित किया है कि वो एक आजमाया हुआ दोस्त और भरोसेमंद साझीदार है.”

    मालदीव में राष्ट्रपति मोहम्मद मुइज़्ज़ू के सत्ता में आने के बाद भारत के साथ रिश्ते में तनाव आ गया था. जनवरी में सरकार के तीन मंत्रियों की ओर से पीएम मोदी को लेकर की गई टिप्पणी से कूटनीतिक तनाव और बढ़ गया था.

    लेकिन उसके बाद से मुइज़्ज़ू सरकार की ओर रिश्तों को सुधारने की कई कोशिशें की गई हैं.

  9. नमस्कार

    बीबीसी हिंदी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. बीबीसी संवाददाता संदीप राय और अदिति शर्मा आप सभी तक आज की बड़ी ख़बरें पहुंचाएंगे.

    आप बीबीसी हिंदी के पेज पर मौजूद बड़ी ख़बरों को इस लिंक पर क्लिक करके पढ़ सकते हैं.

    भारत, चीन और रूस वाले आर्थिक गठबंधन में क्यों शामिल होना चाहता है तुर्की? ब्रिक्स 22-24 अक्तूबर के बीच रूस के शहर कज़ान में होने वाली बैठक के दौरान नए सदस्यों को शामिल करने के बारे में निर्णय करेगा. पूरी ख़बर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    केंद्रीय कैबिनेट ने बुधवार को 'एक देश, एक चुनाव' पर बनाई उच्च स्तरीय कमेटी की सिफ़ारिशों को मंज़ूर कर लिया है. 'वन नेशन-वन इलेक्शन' को लागू करने में सरकार के सामने क्या मुश्किलें आ सकती हैं? इस ख़बर को विस्तार से पढ़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें.

    अमेरिकी नागरिक इस साल नवंबर में अपने अगले राष्ट्रपति को चुनने के लिए मतदान करेंगे.अमेरिका में राष्ट्रपति चुनाव से जुड़े सात सवाल और उनके जवाब. सवालों और जवाबों को जानने के लिए यहां क्लिक करें.

    बुधवार को संयुक्त राष्ट्र महासभा में इसराइल के ख़िलाफ़ लाए गए प्रस्ताव पर हुई वोटिंग से भारत दूर रहा. संयुक्त राष्ट्र महासभा में इसराइल के ख़िलाफ़ वोटिंग से भारत की दूरी का कारण क्या है? इस ख़बर को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    गुरुवार के लाइव पेज पर जाने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें.