You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

जम्मू कश्मीर और हरियाणा विधानसभा चुनाव परिणाम, किसे कितनी सीटें

जम्मू कश्मीर में हुए विधानसभा चुनाव का चुनाव परिणाम आ चुका है. हरियाणा में 90 सीटों में एक पर सिर्फ गिनती चल रही है.

सारांश

  • हरियाणा चुनाव परिणाम: नायब सिंह सैनी लाडवा से चुनाव जीते
  • जम्मू कश्मीर में नेशनल कॉन्फ़्रेंस और कांग्रेस गठबंधन को मिला बहुमत
  • आम आदमी पार्टी ने जम्मू-कश्मीर में खोला खाता, डोडा सीट पर जीते मेहराज मलिक
  • इल्तिजा मुफ़्ती श्रीगुफवारा-बिजबेहरा सीट से हारीं
  • विनेश फोगाट ने हरियाणा की जुलाना सीट से जीत दर्ज की

लाइव कवरेज

दीपक मंडल, अश्वनी पासवान

  1. हरियाणा में कांग्रेस को चुनाव आयोग से क्या है नाराज़गी?

    हरियाणा में वोटों की गिनती के बीच कांग्रेस ने कहा है कि चुनाव आयोग की वेबसाइट पर चुनाव नतीजों को धीमा अपडेट किया जा रहा है. इस मामले में कांग्रेस ने चुनाव आयोग को ज्ञापन भी सौंप दिया है.

    पार्टी महासचिव जयराम रमेश ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा,'' लोकसभा नतीजों की तरह हरियाणा में भी चुनावी रुझानों को जानबूझकर चुनाव आयोग की वेबसाइट पर धीम-धीमे शेयर किया जा रहा है. क्या भाजपा प्रशासन पर दबाव बनाने की चेष्टा कर रही है.''

    रमेश ने समाचार एजेंसी एएनआई से बातचीत में कहा, "हमें उम्मीद है चुनाव आयोग हमारी शिकायत का जवाब देगा. अभी तक दस-बारह राउंड की गिनती हो चुकी है लेकिन सिर्फ तीन-चार राउंड के नतीजे ही अपडेट किए गए हैं.''

    चुनाव आयोग को सौंपे ज्ञापन में जयराम रमेश ने कहा है कि नौ से ग्यारह बजे के बीच चुनाव आयोग की वेबसाइट पर आ रहे परिणामों अपडेट करने में देरी हो रही है. इससे ऐसे नैरेटिव फैलाने में मदद मिलेगी, जो पूरी प्रक्रिया को कमज़ोर करेंगे. हमें डर है कि इस नैरेटिव का इस्तेमाल कुछ असमाजिक तत्व मतगणना को प्रभावित करने में भी कर सकते हैं.

    कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने भी कहा कि चुनाव आयोग अपनी वेबसाइट पर चुनाव नतीजों को धीमी गति से दिखा रहा है.

    उन्होंने समाचार एजेंसी एएनआई से कहा,"ऐसा पहली बार हो रहा है कि चैनल अपने रिपोर्टर के आंकड़े नहीं बल्कि चुनाव आयोग के आंकड़े दिखा रहे हैं और चुनाव आयोग के आंकड़े 4 या 5वें राउंड के हैं जबकि हमारे कंट्रोल रूम से 11/12 राउंड के आंकड़े आ चुके हैं.''

    उन्होंने कहा,''चार राउंड के बाद विनेश फोगाट को पीछे दिखाया गया लेकिन 9 राउंड के बाद वो 5200 वोटों से आगे हैं. आंकड़ों में इस अंतर को लेकर हमारे महासचिव जयराम रमेश ने ट्वीट कर चुनाव आयोग से पूछा है कि स्थानीय प्रशासन पर दबाव बनाने की ये क्या कोशिश है? हम चुनाव आयोग से इस पर तुरंत कार्रवाई करने और रुझानों को अपडेट करने की मांग कर रहे हैं.''

    हरियाणा के ताज़ा रुझानों के मुताबिक़ बीजेपी 48 सीटों पर आगे चल रही है वहीं कांग्रेस 36 सीटों पर आगे है. अन्य पार्टियां छह सीटों पर आगे हैं.

  2. विनेश फोगाट जुलाना सीट पर अब चार हज़ार वोटों से आगे निकलीं

    हरियाणा विधानसभा चुनाव के शुरुआती रुझानों में पिछड़ने के बाद विनेश फोगाट अब करीब 4130 वोटों से आगे चल रही हैं.

    विनेश जुलाना विधानसभा सीट से कांग्रेस की उम्मीदवार हैं. फिलहाल विनेश फोगाट पहले और भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार योगेश कुमार दूसरे नंबर पर हैं.

    विधानसभा चुनाव से ठीक पहले विनेश फोगाट कांग्रेस में शामिल हुई थीं. उनके साथ बजरंग पुनिया भी कांग्रेस में शामिल हुए थे.

    पिछले चुनावों में जननायक जनता पार्टी (जेजेपी) के अमरजीत ढांढा यहां से जीते थे.

  3. LIVE: हरियाणा और जम्मू-कश्मीर विधानसभा चुनाव पर बीबीसी की ख़ास कवरेज

    हरियाणा और जम्मू कश्मीर विधानसभा चुनावों के नतीजे आने लगे हैं. शुरुआती रुझान किस तरफ हैं और किसकी सरकार बनती दिख रही है. इस पर देखिए बीबीसी की ये ख़ास कवरेज.

    ये कार्यक्रम फ़ेसबुक पर देखने के लिए यहां क्लिक करें और यूट्यूब पर देखने के लिए यहां देखें.

  4. जम्मू-कश्मीर: उमर अब्दुल्ला जिन दो सीटों से लड़े, वहां कौन आगे

    जम्मू-कश्मीर में नेशनल कॉन्फ्रेंस के उपाध्यक्ष उमर अब्दुल्लाह बडगाम और गांदरबल दोनों सीटों से आगे चल रहे हैं.

    चुनाव आयोग के वेबसाइट के मुताबिक़ बडगाम में उमर अब्दुल्ला 16 हजार वोटों के साथ आगे चल रहे हैं और वहीं पीडीपी के सैयद मुतंज़िर मोहम्मद 8700 से अधिक वोटों के साथ दूसरे नंबर पर है.

    2014 में उमर बडगाम सीट से सटी सीट बीरवाह सीट से लड़ कर विधानसभा में पहुंचे थे. गांदेरबल सीट का नेतृत्व उमर के दादा शेख़ अब्दुल्लाह और पिता फ़ारूक अब्दुल्लाह कर चुके हैं.

    गांदरबल में उमर अब्दुल्ला 10 हज़ार 700 वोटों के साथ आगे चल रहे हैं. वहीं पीडीपी के बशीर अहम पीर 6200 वोटों के साथ दूसरे नंबर पर हैं.

    भारत निर्वाचन आयोग की वेबसाइट के मुताबिक़ जम्मू-कश्मीर में मतगणना के ताज़ा रुझानों में नेशनल कॉन्फ्रेंस 40, बीजेपी 25, कांग्रेस 10, पीडीपी 5 सीटों पर पर आगे चल रही हैं. जम्मू-कश्मीर में 90 सीटों पर विधानसभा चुनाव हुए हैं.

  5. जुलाना सीट से LIVE: विनेश फोगाट जिस सीट से चुनाव लड़ीं, वहां क्या है माहौल?

    हरियाणा विधानसभा चुनाव में विनेश फोगाट ने जुलाना सीट से चुनाव लड़ा. देखिए वहां का माहौल लाइव.

    फेसबुक पर देखने के लिए यहां क्लिक करें.

    यूट्यूब पर देखने के लिए यहां क्लिक करें.

  6. विनेश फोगाट हरियाणा की जुलाना सीट पर पिछड़ीं

    हरियाणा की जुलाना सीट से मशहूर महिला रेसलर विनेश फोगाट दो हजार से अधिक वोटों से पीछे चल रही हैं. फिलहाल इस सीट से बीजेपी के योगेश कुमार आगे चल रहे हैं.

    विनेश फोगाट चुनाव से ठीक पहले कांग्रेस में शामिल हुई थीं. उनके साथ पहलवान बजरंग पूनिया भी कांग्रेस में शामिल हुए थे.

    कांग्रेस में शामिल होने के समय उन्होंने बीबीसी हिंदी से कहा था,'' कांग्रेस पार्टी ने बुरे समय में साथ दिया था हमारा. दीपेंद्र भाई साहब हर एक कदम पर साथ खड़े थे. पुलिस जब हमारे साथ हाथापाई कर रही थी. दीपेंद्र भाई रात को अकेले घर से उठकर आए थे. उन्हें डिटेन भी किया गया था.''

  7. हरियाणा: रुझानों में बीजेपी के आगे निकलने पर क्या बोले कांग्रेस नेता भूपिंदर सिंह हुड्डा

    हरियाणा विधानसभा चुनावों की मतगणना में भारतीय जनता पार्टी यानी बीजेपी कांग्रेस से आगे दिख रही है.

    इन रुझानों के बीच कांग्रेस नेता और राज्य के पूर्व सीएम भूपिंदर सिंह हुड्डा ने दावा किया है कि राज्य में उनकी ही पार्टी की सरकार बनेगी.

    इन रुझानों के बीच कांग्रेस नेता और राज्य के पूर्व सीएम भूपिंदर सिंह हुड्डा ने दावा किया है कि राज्य में उनकी ही पार्टी की सरकार बनेगी.

    रुझानों में बीजेपी 46 सीटों पर आग चल रही है और कांग्रेस को 37 सीटों पर बढ़त है.

    इन रुझानों के बारे में सवाल किए जाने पर भूपिंदर हुड्डा ने कहा, "नतीजे मुझे मालूम हैं. कांग्रेस की सरकार बनने जा रही है."

  8. दुष्यंत चौटाला उचान कलां सीट पर पिछड़े, कौन है आगे?

    जननायक जनता पार्टी (जेजेपी) के नेता और हरियाणा के पूर्व डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला वोटों की गिनती में पिछड़ते दिख रहे हैं.

    चुनाव आयोग की वेबसाइट के अनुसार अभी तक हुई मतगणना में उचाना कलां सीट पर कांग्रेस के उम्मीदवार बृजेंद्र सिंह आगे चल रहे हैं. वहीं दुष्यंत चौटाला पाँचवें नंबर पर हैं.

    2019 के विधानसभा चुनावों में जेजेपी के खाते में 10 सीटें आई थीं और बीजेपी ने उसके साथ सरकार बनाई थी. हालांकि, बीजेपी और जेजेपी का ये गठबंधन इसी साल टूट गया था.

  9. हरियाणा में बीजेपी के नेता अनिल विज ने मतगणना के बीच सीएम पद की दावेदारी पर क्या कहा?

    हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए मतगणना जारी है. इस बीच हरियाणा की बीजेपी सरकार में मंत्री और राज्य में पार्टी का बड़ा चेहरा माने जाने वाले अनिल विज ने कहा है कि वो मुख्यमंत्री बनने के लिए तैयार है.

    अनिल विज हरियाणा की अंबाला कैंट सीट से बीजेपी के उम्मीदवार हैं. राज्य में विधानसभा की 90 सीटें हैं और पिछले 10 सालों से यहां बीजेपी की सरकार है.

    अनिल विज से पूछा गया कि क्या इस बार चुनाव में पहलवानों की नाराज़गी का असर देखने को मिलेगा. इस पर उन्होंने कहा कि कुछ इलाकों में इसका असर हो सकता है लेकिन पूरे राज्य में नहीं.

    मतगणना के दौरान मीडिया से बातचीत में अनिल विज ने कहा, "हाई कमांड चाहेगी तो बिल्कुल बनेंगे."

  10. जम्मू-कश्मीर: श्री माता वैष्णो देवी सीट पर कौन आगे

    जम्मू-कश्मीर की श्री माता वैष्णो देवी सीट पर बीजेपी के बलदेव राज शर्मा आगे चल रहे हैं. वहीं कांग्रेस के भूपिंदर सिंह और पीडीपी के उम्मीदवार प्रताप कृष्ण शर्मा पीछे चल रहे हैं.

    जम्मू और कश्मीर पुनर्गठन अधिनियम, 2019 में विधानसभा सीटें बढ़ाने के बाद जम्मू कश्मीर में परिसीमन कराया गया.

    इस मामले पर बनी कमेटी ने नई सीटों की सिफारिश की थी.इसमें श्रीमाता वैष्णो देवी सीट भी शामिल है.

    जम्मू-कश्मीर की 90 सीटों पर कांग्रेस- नेशनल कॉन्फ्रेंस गठबंधन, पीडीपी और भारतीय जनता पार्टी के बीच मुख्य मुक़ाबला है. जम्मू-कश्मीर में तीन चरणों में मतदान हुए थे.

  11. हरियाणा में वोटों की गिनती जारी- तस्वीरों में देखें

  12. हरियाणा और जम्मू-कश्मीर में वोटों की गिनती शुरू, शुरुआती रुझान में कहां कौन आगे

    हरियाणा और जम्मू-कश्मीर की सभी सीटों के लिए मतगणना शुरू हो गई है. हरियाणा में 90 सीटों पर चुनाव हुए. जम्मू-कश्मीर में भी इतनी ही सीटों पर चुनाव हुए.

    हरियाणा में 5 अक्टूबर को एक चरण में वोटिंग हुई थी. वहीं जम्मू-कश्मीर में तीन चरणों में वोटिंग हुई थी. हरियाणा में बीजेपी, कांग्रेस, आम आदमी पार्टी, इंडियन नेशनल लोक दल और जननायक जनता पार्टी मुकाबले में थीं.

    वहीं जम्मू-कश्मीर में कांग्रेस-नेशनल कॉन्फ्रेंस, पीडीपी और बीजेपी के बीच मुख्य मुकाबला है.

  13. हरियाणा के सीएम नायब सिंह सैनी चुनाव नतीजों से पहले क्या बोले?

    हरियाणा चुनाव के नतीजों से पहले मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि बीजेपी यहां तीसरी बार सरकार बनाएगी.

    उन्होंने बीजेपी में मुख्यमंत्री पद की दावेदारी पर कहा कि बीजेपी में एक तय प्रक्रिया है. पार्टी का संसदीय बोर्ड यह तय करेगा कि मुख्यमंत्री कौन बनेगा.

    एक न्यूज़ चैनल से बात करते हुए उन्होंने कहा, ''बीजेपी ने हरियाणा में पूरी ईमानदारी से काम किया है. आज हरियाणा के युवाओं को रोज़गार मिल रहा है. अच्छी शिक्षा मिल रही है. हमें पूरा विश्वास है कि जनता इस बार भी बीजेपी के अच्छे काम को देखते हुए वोट दिया है.''

    हरियाणा विधानसभा की 90 सीटों के लिए 5 अक्टूबर को एक चरण में चुनाव हुआ था.

    वोटों की गिनती के दौरान सीएम नायब सिंह सैनी समेत बड़े उम्मीदवारों पर लोगों की नज़रें रहेंगी.

    नायब सिंह सैनी कुरुक्षेत्र की लाडवा सीट से चुनाव लड़ रहे हैं.

    निवर्तमान विधानसभा अध्यक्ष और बीजेपी नेता ज्ञान चंद गुप्ता पंचकूला से फिर से किस्मत आज़मा रहे हैं.

  14. भूपेंद्र सिंह हुड्डा के घर जमा हुए समर्थक, हरियाणा से रुझान आना शुरू, अभिनव गोयल, बीबीसी संवाददाता, रोहतक से

    हरियाणा में रोहतक स्थित भूपेंद्र सिंह हुड्डा के घर पर लोगों के आने का सिलसिला शुरू हो गया है.

    घर के बाहर हर तरफ कांग्रेस के पोस्टर लगे हैं, जिनमें पिता भूपेंद्र के साथ दीपेंद्र हुड्डा भी प्रमुखता से दिखाई दे रहे हैं.

    कुछ बुजुर्ग हुक्के पर मीडिया से बात कर रहे हैं. लोगों का दावा है कि इस बार राज्य में कांग्रेस की सरकार आ रही है और पार्टी को 60 से ज्यादा सीटें मिलने जा रही हैं.

    वहीं कुछ लोग दीपेंद्र हुड्डा को अपना नया मुख्यमंत्री देखना चाहते हैं.

    रोहतक में कांग्रेस समर्थकों की निगाहें चुनाव के नतीज़ों पर, देखिए तस्वीरें-

  15. नतीजों से पहले जम्मू-कश्मीर के बीजेपी अध्यक्ष रविंद्र रैना ने क्या कहा?

    जम्मू-कश्मीर भाजपा अध्यक्ष और नौशेरा विधानसभा से उम्मीदवार रविंदर रैना जम्मू-कश्मीर विधानसभा चुनाव की मतगणना से पहले पार्टी को शानदार जीत मिलने की उम्मीद जताई है.

    मंगलवार सुबह उन्होंने पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा, "मुझे विश्वास है कि बीजेपी, मित्र दलों और हमारे समर्थन से चुनाव लड़ रहे उम्मीदवारों की शानदार जीत होगी. जनता का समर्थन हमें ज़रूर प्राप्त होगा. जम्मू-कश्मीर की सरकार बीजेपी और उसके मित्र दलों की मिलकर बनेगी."

    नौशेरा विधानसभा क्षेत्र में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष रविंद्र रैना का मुकाबला नेशनल कांफ़्रेंस के सुरेंद्र चौधरी से है.

    जम्मू कश्मीर में चुनाव

    जम्मू कश्मीर विधानसभा चुनाव में एक मुद्दा पूर्ण राज्य का दर्जा भी था. कांग्रेस और नेशनल कांफ्रेंस ने दावा किया था कि चुनाव जीतने के बाद जम्मू कश्मीर को पूर्ण राज्य का दर्जा देंगे.

    जबकि बीजेपी का दावा था कि जम्मू कश्मीर को केवल बीजेपी ही पूर्ण राज्य का दर्जा दिलवा सकती है.

    इससे पहले जम्मू कश्मीर के चुनावी मुद्दों के मामले में विश्लेषक तारिक अली मीर ने एक रिपोर्ट में बीबीसी से कहा था कि इस चुनाव में जम्मू क्षेत्र में बीजेपी और कांग्रेस दोनों के लिए ''वजूद की लड़ाई है.''

    उन्होंने कहा था, "आज जम्मू में जो बीजेपी है, वो किसी ज़माने में कांग्रेस हुआ करती थी. कश्मीर को छोड़कर अगर कांग्रेस अपनी बुनियाद बना पाएगी तो सिर्फ जम्मू में."

    वहीं, बीजेपी को लेकर उन्होंने कहा, "बीजेपी की बुनियाद और निर्भरता भी जम्मू पर है. जम्मू क्षेत्र में ना एनसी है ना पीडीपी. दोनों पार्टियों के वजूद का मैदान जम्मू है."

    नेशनल कांफ्रेंस और पीडीपी का सियासी गढ़ कश्मीर है, जहां दोनों पार्टियों का अपने-अपने क्षेत्र में मज़बूत वोट शेयर है.

    विधानसभा चुनाव से पहले नेशनल कांफ्रेंस और कांग्रेस ने गठबंधन किया है. दोनों दल पांच सीटों पर "फ्रेंडली कांटेस्ट" कर रहे हैं.

    कश्मीर में कांग्रेस 7 सीटों पर जबकि जम्मू में 25 सीटों पर चुनाव लड़ रही है. वहीं, गठबंधन के तहत नेशनल कांफ्रेंस कुल 51 और कांग्रेस 32 सीटों पर चुनाव लड़ रही है.

  16. हरियाणा में सीएम पद पर दावेदारी के सवाल पर क्या बोले भूपेंद्र सिंह हुड्डा

    हरियाणा में चुनाव नतीजों के आने से पहले ही कांग्रेस में सीएम पद को लेकर दावेदारी शुरू हो चुकी है.

    हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा है कि न तो वो टायर्ड हैं और न रिटायर्ड. लेकिन उन्होंने ये भी कहा कि मुख्यमंत्री कौन बनेगा. इसका फ़ैसला पार्टी आलाकमान करेगा.

    उन्होंने एग्ज़िट पोल के नतीजों का हवाला देते हुए कहा, "हमारे आकलन के अनुसार मैं यह कहता रहा हूं कि हम पूर्ण बहुमत की सरकार बनाएंगे. मैं पहले ही कह चुका हूं कि लोगों ने कांग्रेस की सरकार बनाने का फैसला किया है.''

    जब उनसे पूछा गया कि कांग्रेस के जीतने के बाद कौन मुख्यमंत्री होगा तो उन्होंने कहा, ''पार्टी में एक निर्धारित प्रक्रिया है. लेकिन मैं इतना कह दूं कि मैं न तो टायर्ड हूं और न ही रिटायर्ड.''

    उनसे पूछा गया कि क्या कुमारी सैलजा और रणदीप सिंह सुरजेवाला भी मुख्यमंत्री पद के दावेदार हैं? तो इसके जवाब में हुड्डा ने कहा कि राजनीति ऐसी चीज़ है कि कोई भी आकांक्षा रख सकता है.

  17. हरियाणा चुनाव: बीजेपी को हैट्रिक की आस, कांग्रेस की निगाहें दस साल बाद वापसी पर

    हरियाणा विधानसभा चुनाव के बाद आज वोटों की गिनती शुरू होगी. सुबह आठ बजे वोटों की गिनती शुरू हो जाएगी.

    हरियाणा में बीजेपी को भरोसा है कि वो तीसरी बार सत्ता हासिल कर लेगी. मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा है कि राज्य में तीसरी बार कमल खिलेगा. वहीं कांग्रेस की निगाहें दस साल बाद वापसी पर है.

    लोकसभा चुनाव के बाद हरियाणा विधानसभा चुनाव में बीजेपी और कांग्रेस के बीच ये पहला बड़ा सीधा मुकाबला है.

    इस चुनाव में मुख्य पार्टियां बीजेपी, कांग्रेस, इंडियन नेशनल लोकदल, बहुजन समाज पार्टी, आम आदमी पार्टी और जननायक जनता पार्टी के बीच मुकाबला है.

  18. नमस्कार

    बीबीसी हिंदी के लाइव पन्ने पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता दीपक मंडल आज की ताज़ा ख़बरें लेकर हाज़िर हूं.

    बीबीसी हिंदी की वेबसाइट की ख़बरों को पढ़ने के लिए यहां क्लिक कर सकते हैं. कल के लाइव पन्ने के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं.

    बीबीसी हिंदी की वेबसाइट की कुछ अहम ख़बरें इन लिंक्स पर क्लिक कर पढ़ सकते हैं -

    - मालदीव: मोहम्मद मुइज़्ज़ू का भारत को लेकर वाक़ई 'हृदय परिवर्तन' हो गया है?

    - हरियाणा चुनाव: नतीजों से पहले हलचल, कांग्रेस के सामने हैं ये बड़े सवाल

    - हमास के हमले के वो छह घंटे: सात अक्टूबर को किस तरह हुआ था, इसराइल के सैनिक अड्डे पर क़ब्ज़ा

    - ओला इलेक्ट्रिक के सीईओ और कुणाल कामरा के बीच तीखी बहस, क़रीब 9% गिरे शेयर, लोग किसके साथ?