केंद्रीय मंत्रिमंडल ने बुधवार को दिल्ली मेट्रो के फेज़ 5ए को मंज़ूरी दे दी है. केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बताया कि इस परियोजना की लागत 12,015 करोड़ रुपये होगी
थाईलैंड-कंबोडिया सीमा विवाद के बीच हिंदू देवी की मूर्ति तोड़े जाने की ख़बरों पर भारत का बयान
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, भारतीय विदेश मंत्रालय ने थाईलैंड-कंबोडिया से शांति बहाल करने की अपील की है
भारत सरकार ने थाईलैंड-कंबोडिया सीमा विवाद से प्रभावित इलाके़ में हिंदू देवी की मूर्ति तोड़े जाने की ख़बरों पर चिंता जताई है.
विदेश मंत्रालय के आधिकारिक प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने मीडिया के सवालों पर यह प्रतिक्रिया दी.
विदेश मंत्रालय ने कहा, "हाल में निर्मित हिंदू देवी की एक मूर्ति को गिराए जाने की रिपोर्ट सामने आई है. यह मूर्ति उस इलाके़ में स्थित थी, जो थाईलैंड और कंबोडिया के बीच जारी सीमा विवाद से प्रभावित है."
विदेश मंत्रालय ने अपने बयान में कहा, "क्षेत्रीय दावों के बावजूद ऐसे अपमानजनक कृत्य दुनिया भर में श्रद्धालुओं की भावनाओं को चोट पहुंचाते हैं और ऐसा नहीं होना चाहिए."
भारत ने दोनों पक्षों से एक बार फिर बातचीत करने और कूटनीति का रास्ता अपनाने की अपील की है.
विदेश मंत्रालय ने कहा कि शांति बहाल करने, जान-माल के नुक़सान से बचने और विरासत की रक्षा के लिए बातचीत ज़रूरी है.
त्रिपुरा में भारत-बांग्लादेश अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास विरोध प्रदर्शन, आयात-निर्यात अनिश्चित समय के लिए बंद, दिलीप कुमार शर्मा, गुवाहाटी से बीबीसी हिन्दी के लिए
इमेज स्रोत, Raju Deb
इमेज कैप्शन, हिंदू संगठन के नेताओं ने विरोध प्रदर्शन के दौरान मोहम्मद यूनुस के ख़िलाफ़ जमकर नारेबाज़ी की
त्रिपुरा के कैलाशहर में स्थित भारत-बांग्लादेश अंतरराष्ट्रीय सीमा की कंटीली तार के ठीक नज़दीक बुधवार को हिंदू एकता मंच के कार्यकर्ताओं ने ज़ोरदार विरोध प्रदर्शन किया.
इस दौरान बॉर्डर पर चल रहे आयात-निर्यात के काम को अनिश्चित समय के लिए बंद कर दिया गया है.
कैलाशहर के इस बॉर्डर से रोज़ाना लाखों रुपयों का सामान दोनों देशों में आता-जाता है.
यह विरोध प्रदर्शन बांग्लादेश में अल्पसंख्यक हिंदुओं पर हाल ही में हुए हमलों और एक युवक की सार्वजनिक रूप से की गई हत्या के ख़िलाफ़ किया गया था.
हालांकि अंतरराष्ट्रीय सीमा पर जमा हुए सैकड़ों प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए बीएसएफ़ ने सीमा तक जाने वाले सभी रास्तों पर बैरिकेड्स लगा दिए थे.
उनाकोटी ज़िले की पुलिस अधीक्षक सुधाम्बिका आर ने इस विरोध प्रदर्शन के बारे में बीबीसी न्यूज़ हिन्दी को बताया, "कैलाशहर में आज कुछ लोगों ने रैली निकाली थी लेकिन सब कुछ शांतिपूर्वक और नियंत्रण में था. इस दौरान क़ानून-व्यवस्था की कोई समस्या नहीं हुई."
इस विरोध प्रदर्शन को लेकर हिंदू एकता मंच के नेता संदीप देबरॉय ने बांग्लादेश की मौजूदा सरकार की कड़ी आलोचना करते हुए कहा, "बांग्लादेश में अल्पसंख्यक हिंदुओं पर लगातार हमले हो रहे हैं लेकिन मोहम्मद यूनुस के नेतृत्व वाली सरकार कोई कार्रवाई नहीं कर रही है."
बीते अगस्त में बांग्लादेश में शेख हसीना की सरकार गिरने के बाद से यहां के बॉर्डर पर बसे भारतीय गांवों में तनाव का माहौल है.
बांग्लादेश के साथ पूर्वोत्तर भारत के असम, मेघालय, मिज़ोरम और त्रिपुरा की अंतरराष्ट्रीय सीमाएं है. इन चार राज्यों में त्रिपुरा के साथ 856 किलोमीटर का सबसे बड़ा बॉर्डर है.
बांग्लादेश: ढाका में चर्च के पास बम धमाका, एक की मौत
इमेज स्रोत, Riaz Raihan
बांग्लादेश की राजधानी ढाका में एक बम धमाका हुआ है. बीबीसी बांग्ला के मुताबिक़, पुलिस ने पुष्टि की है कि ढाका के मगबाजार इलाके़ में देसी बम में एक व्यक्ति की जान गई.
पुलिस का अनुमान है कि बम को मगबाजार फ्लाईओवर के ऊपर से फेंका गया था. घटनास्थल के पास ही एक चर्च मौजूद है.
ढाका मेट्रोपॉलिटन पुलिस की रमना डिवीजन के उप-पुलिस आयुक्त मसूद आलम ने बताया कि घटना से जुड़े लोगों की पहचान के लिए इलाके़ के सीसीटीवी फुटेज जुटाकर उनका विश्लेषण किया जा रहा है.
उन्होंने पत्रकारों से कहा कि इससे पहले भी अलग-अलग समय पर फ्लाईओवर के ऊपर से देसी बम फेंकने की घटनाएं हो चुकी हैं. ऐसा डर फैलाने के लिए किया जाता है.
पुलिस का मानना है कि इसका क्रिसमस से कोई संबंध नहीं है.
राहुल और सोनिया गांधी से मुलाक़ात के बाद क्या बोलीं उन्नाव रेप सर्वाइवर?
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, उन्नाव रेप सर्वाइवर ने राहुल गांधी से मुलाक़ात की है
कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने बुधवार को उन्नाव रेप सर्वाइवर से मुलाक़ात की.
राहुल गांधी ने यह मुलाक़ात अपनी मां सोनिया गांधी के 10, जनपथ स्थित आवास पर की.
सर्वाइवर ने मुलाक़ात के बाद पत्रकारों से कहा, "मैंने प्रधानमंत्री, राष्ट्रपति से मिलने की गुहार लगाई, लेकिन हमसे कोई भी नहीं मिला."
उन्होंने कहा, "राहुल भैया का फ़ोन आया और उन्होंने हमें बुलाया. उन्होंने मुझे न्याय का आश्वासन दिया."
सर्वाइवर ने दिल्ली हाई कोर्ट की ओर से मामले के दोषी कुलदीप सिंह सेंगर को ज़मानत दिए जाने के ख़िलाफ़ दिल्ली में विरोध प्रदर्शन किया था.
मुलाक़ात से पहले राहुल गांधी ने कहा था, "पीड़िता को सम्मान, सुरक्षा और न्याय मिलना चाहिए- न कि बेबसी, भय और अन्याय."
अरावली पर छिड़ी बहस के बीच केंद्र सरकार ने किया ये एलान
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव
अरावली पहाड़ियों की 'नई परिभाषा' पर हो रहे विरोध के बीच पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय ने एक बयान जारी किया है.
बयान के मुताबिक़, केंद्र सरकार ने राज्यों को निर्देश जारी कर अरावली क्षेत्र में किसी भी नई माइनिंग लीज़ को देने पर पूरी तरह रोक लगा दी है. यह प्रतिबंध पूरी अरावली पर समान रूप से लागू होगा.
केंद्र सरकार ने कहा है कि इसके पीछे मक़सद अनियंत्रित खनन गतिविधियों को रोकना है.
बयान के मुताबिक़, मंत्रालय ने भारतीय वानिकी अनुसंधान और शिक्षा परिषद (आईसीएफ़आरई) को निर्देश दिया है कि वह पूरे अरावली क्षेत्र में ऐसे अतिरिक्त इलाक़ों और ज़ोन की पहचान करे, जहां पहले से प्रतिबंधित क्षेत्रों के अलावा भी खनन पर रोक लगाई जानी चाहिए.
सरकार ने कहा है कि वह अरावली की लंबे समय तक सुरक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है.
क्यों छिड़ी है बहस?
केंद्र सरकार की सिफ़ारिशों के बाद सुप्रीम कोर्ट ने अरावली की जिस परिभाषा को स्वीकार किया है, उसके अनुसार आसपास की ज़मीन से कम से कम 100 मीटर (328 फीट) ऊँचे ज़मीन के हिस्से को ही अरावली पहाड़ी माना जाएगा.
दो या उससे ज़्यादा ऐसी पहाड़ियाँ, जो 500 मीटर के दायरे के अंदर हों और उनके बीच ज़मीन भी मौजूद हो, तब उन्हें अरावली शृंखला का हिस्सा माना जाएगा.
पर्यावरणविदों का कहना है कि सिर्फ़ ऊँचाई के आधार पर अरावली को परिभाषित करने से कई ऐसी पहाड़ियों पर खनन और निर्माण के लिए दरवाज़ा खुल जाने का ख़तरा पैदा हो जाएगा, जो 100 मीटर से छोटी हैं, झाड़ियों से ढँकी हुईं और पर्यावरण के लिए ज़रूरी हैं.
इस लेख में Google YouTube से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले Google YouTube cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.
चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है. YouTube सामग्री में विज्ञापन हो सकते हैं.
पोस्ट YouTube समाप्त
बांग्लादेश में युवक की हत्या के विरोध में भाजपा ने किया हावड़ा ब्रिज की नाकेबंदी का प्रयास, प्रभाकर मणि तिवारी, कोलकाता से बीबीसी हिंदी के लिए
इमेज स्रोत, SANJAY DAS
बांग्लादेश के मैमनसिंह में दीपू चंद्र दास नामक एक युवक की पीट-पीटकर हत्या के बाद उसके शव को जलाने की घटना के विरोध में कोलकाता समेत पश्चिम बंगाल के कई इलाक़ों में विरोध प्रदर्शन का सिलसिला लगातार तेज़ हो रहा है.
इसी कड़ी में बुधवार को भाजपा ने हावड़ा ब्रिज पर वाहनों की आवाजाही ठप करने का प्रयास किया. लेकिन पुलिस ने पार्टी के जुलूस को वहां तक पहुंचने से पहले ही रोक दिया.
इसके बाद जुलूस में शामिल लोग पुलिस कर्मियों से भिड़ गए. कई लोग बैरिकेड पार कर आगे बढ़ने की कोशिश करने लगे. इस धक्का-मुक्की के कारण हावड़ा ब्रिज पर ट्रैफ़िक ठप हो गया और ब्रिज के दोनों तरफ़ लंबे समय तक जाम लगा रहा.
मंगलवार को भी हुए थे प्रदर्शन
इससे पहले मंगलवार को संघ से जुड़े कई हिंदूवादी संगठनों ने यहां बांग्लादेश के उप उच्चायुक्त के दफ़्तर के सामने प्रदर्शन की कोशिश की थी. लेकिन पुलिस के रोकने पर वो पुलिस कर्मियों के साथ ही भिड़ गए थे. इससे पार्क सर्कस इलाके़ में काफ़ी देर तक तनाव की स्थिति बनी रही.
बाद में भाजपा के कुछ नेता भी मौके़ पर पहुंचे थे. उसी समय उन्होंने बुधवार को हावड़ा ब्रिज की नाकेबंदी का एलान किया था.
इसी दौरान भाजपा के नेता और कार्यकर्ता जुलूस की शक्ल में हावड़ा ब्रिज की ओर जा रहे थे. लेकिन ब्रिज से कुछ दूर पहले ही पुलिस ने उन्हें रोक दिया.
उसके बाद पार्टी के कार्यकर्ता सड़क पर बैठकर नारे लगाने लगे. हालात बेकाबू होने की आशंका से मौके़ पर भारी तादाद में पुलिस वालों को तैनात किया गया था और सड़को पर बैरिकेड लगाए गए थे.
सड़क से प्रदर्शनकारियों को हटाने में पुलिस को काफ़ी मशक्कत करनी पड़ी. इस दौरान कई कार्यकर्ता पुलिसवालों से भिड़ गए. बाद में उनको वहां से हटा दिया गया.
भाजपा के एक नेता ने दावा किया कि पुलिस ने शांतिपूर्ण तरीके़ से प्रदर्शन कर रहे कार्यकर्ताओं पर लाठीचार्ज किया. पार्टी ने कम से कम 12 कार्यकर्ताओं की गिरफ़्तारी का भी दावा किया है.
दिल्ली मेट्रो को लेकर मोदी कैबिनेट ने लिया ये फ़ैसला
इमेज स्रोत, Getty Images
केंद्रीय मंत्रिमंडल ने बुधवार को दिल्ली मेट्रो के फेज़ 5ए को मंज़ूरी दे दी है.
केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बताया कि इस परियोजना की लागत 12,015 करोड़ रुपये होगी.
प्रस्तावित विस्तार के तहत मेट्रो नेटवर्क में 16 किलोमीटर की नई लाइन जोड़ी जाएगी, जिसमें कुल 13 स्टेशन होंगे. इनमें 10 स्टेशन अंडरग्राउंड और तीन एलिवेटेड होंगे.
कैबिनेट के फ़ैसलों की जानकारी देते हुए अश्विनी वैष्णव ने कहा कि इस विस्तार परियोजना को तीन साल में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है.
दिल्ली मेट्रो के फेज़ 5-ए में तीन लाइनें होंगी
इनमें रामकृष्ण आश्रम मार्ग से इंद्रप्रस्थ, एयरोसिटी से एयरपोर्ट टर्मिनल-1 और तुगलकाबाद से कालिंदी कुंज तक की लाइनें शामिल हैं.
'जैसे रूस और यूक्रेन साथ आ गए हों', उद्धव और राज ठाकरे के गठबंधन पर बोले सीएम फडणवीस
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने शिवसेना (यूबीटी) और महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) पर तंज कसा है (फ़ाइल फ़ोटो)
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने बुधवार को शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) और महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) के गठबंधन पर प्रतिक्रिया दी है.
पत्रकारों से बात करते हुए फडणवीस ने कहा, "वे ऐसा माहौल बना रहे हैं जैसे रूस और यूक्रेन साथ में आ गए हों और जे़लेंस्की और पुतिन बात कर रहे हैं."
दरअसल बुधवार को राज ठाकरे और उद्धव ठाकरे ने सियासी गठबंधन की घोषणा की. इसी पर सीएम फडणवीस ने तंज कसा है.
मुख्यमंत्री ने कहा कि तुष्टिकरण की राजनीति के कारण दोनों दल खुद को कमज़ोर कर चुके हैं और उन्होंने अपना वोट बैंक खो दिया है.
उन्होंने कहा कि दोनों पार्टियां अपना अस्तित्व बचाने के लिए साथ में आईं हैं और इससे कोई फ़र्क नहीं पड़ने वाला है.
इस गठबंधन के बाद राज ठाकरे की महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना और उद्धव ठाकरे की शिवसेना (यूबीटी) एक साथ मिलकर नगर निगम चुनाव लड़ेंगी.
अरविंद केजरीवाल को दिल्ली के एलजी की चिट्ठी पर आज का कार्टून
उन्नाव रेप केस: कुलदीप सिंह सेंगर की सज़ा को निलंबित करने के फ़ैसले पर राहुल गांधी बोले
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, राहुल गांधी ने उन्नाव रेप मामले पर प्रतिक्रिया दी है
उन्नाव रेप केस में दोषी ठहराए गए पूर्व बीजेपी नेता कुलदीप सिंह सेंगर की सज़ा को निलंबित करने के फ़ैसले को कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने 'निराशाजनक' और 'शर्मनाक' बताया है.
उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा, "क्या एक गैंगरेप पीड़िता के साथ ऐसा व्यवहार उचित है?"
दरअसल समाचार एजेंसी एएनआई ने एक वीडियो एक्स पर पोस्ट किया है जिसमें दिख रहा है कि दिल्ली पुलिस ने इस फ़ैसले का विरोध कर रहे प्रदर्शनकारियों को जबरन हटा दिया, जिसका कई लोगों ने विरोध किया है.
इसी पर राहुल गांधी ने कहा, "क्या उसकी 'ग़लती' ये है कि वो न्याय के लिए अपनी आवाज़ उठाने की हिम्मत कर रही है?"
उन्होंने कहा, "उसके अपराधी (पूर्व बीजेपी विधायक) को ज़मानत मिलना बेहद निराशाजनक और शर्मनाक है- ख़ासकर तब, जब पीड़िता को बार-बार प्रताड़ित किया जा रहा हो, और वो डर के साए में जी रही हो."
कांग्रेस सांसद ने कहा, "बलात्कारियों को ज़मानत, और पीड़िताओं के साथ अपराधियों सा व्यवहार- ये कैसा न्याय है?"
उन्होंने कहा, "पीड़िता को सम्मान, सुरक्षा और न्याय मिलना चाहिए- न कि बेबसी, भय और अन्याय."
कोहली और रोहित ने इस टूर्नामेंट में की ज़बरदस्त बल्लेबाज़ी, टीम को दिलाई जीत
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, विजय हज़ारे ट्रॉफ़ी में रोहित शर्मा मुंबई और विराट कोहली दिल्ली के लिए खेल रहे हैं (फ़ाइल फ़ोटो)
विजय हज़ारे ट्रॉफ़ी में विराट कोहली और रोहित शर्मा ने शतक जमाए हैं और अपनी-अपनी टीमों को जीत दिलाई है.
ग्रुप सी मुक़ाबले में रोहित शर्मा की शानदार शतकीय पारी की बदौलत मुंबई ने सिक्किम को आठ विकेट से हरा दिया.
सिक्किम ने पहले बल्लेबाज़ी करते हुए 7 विकेट पर 236 रन बनाए थे, जिसमें सिक्किम टीम के आशीष थापा की 79 रन की पारी अहम रही.
लक्ष्य का पीछा करते हुए रोहित शर्मा ने ज़बरदस्त बल्लेबाज़ी करते हुए 155 रनों की पारी खेली और मुंबई ने 30.3 ओवर में ही मैच अपने नाम कर लिया.
इधर, बेंगलुरु में खेले जा रहे एक अन्य मुक़ाबले में विराट कोहली का शानदार प्रदर्शन देखने को मिला.
आंध्र प्रदेश की ओर से दिए गए 299 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए दिल्ली की ओर से विराट कोहली ने बेहतरीन शतक लगाया.
कोहली ने 101 गेंदों पर 131 रन बनाए, जिसमें 14 चौके और तीन छक्के शामिल हैं.
इस पारी की मदद से दिल्ली ने आंध्र प्रदेश के ख़िलाफ़ आसान जीत दर्ज की.
बांग्लादेश के वित्त सलाहकार ने भारत के साथ संबंधों पर ये कहा
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, मोहम्मद यूनुस के वित्त सलाहकार ने भारत के साथ संबंधों पर प्रतिक्रिया दी है
बांग्लादेश की अंतरिम सरकार के वित्त सलाहकार सालेहुद्दीन अहमद ने भारत के साथ संबंधों पर प्रतिक्रिया दी और कहा कि देश की अंतरिम सरकार भारत के साथ संबंधों को ख़राब नहीं करना चाहती है.
भारत और बांग्लादेश के बीच बढ़ते तनाव के बीच उन्होंने कहा कि अंतरिम सरकार के प्रमुख मोहम्मद यूनुस भारत के साथ संबंध सुधारने पर काम कर रहे हैं.
उन्होंने दावा किया कि मोहम्मद यूनुस ने भारत के साथ तनावपूर्ण संबंधों को सुधारने के लिए क़दम उठाए हैं.
भारत और बांग्लादेश के बीच द्विपक्षीय संबंध पिछले अगस्त से तनावपूर्ण रहे हैं, और माना जाता है कि हाल की घटनाओं के कारण ये संबंध और ख़राब हुए हैं.
राहुल गांधी ने वैश्य समुदाय के साथ बातचीत के बाद, सरकार पर लगाया ये आरोप
इमेज स्रोत, @INCIndia/X
इमेज कैप्शन, कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने वैश्य समुदाय के लोगों से मुलाक़ात की
कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने केंद्र सरकार पर आरोप लगाया है कि जिस समाज ने देश की अर्थव्यवस्था में ऐतिहासिक योगदान दिया, आज वही हताश है और ये ख़तरे की घंटी है.
उन्होंने कहा, "सरकार ने मनमानेपन को खुली छूट दे दी है, और छोटे-मध्यम व्यापारियों को नौकरशाही और ग़लत जीएसटी जैसी ख़राब नीतियों की जंजीरों में बांध दिया है."
राहुल गांधी ने आरोप लगाया है कि ये सिर्फ़ नीति की ग़लती नहीं है बल्कि ये उत्पादन, रोज़गार और भारत के भविष्य पर सीधा हमला है.
विराट कोहली को खेलते हुए नहीं देख पाएंगे बेंगलुरु के दर्शक, इमरान क़ुरैशी, बेंगलुरु से बीबीसी हिन्दी के लिए
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, विराट कोहली को जिस स्टेडियम में खेलना था उसमें कुछ ज़रूरी बदलाव करने को कहा गया था
बेंगलुरु के चिन्नास्वामी स्टेडियम में बुधवार को विराट कोहली को खेलते हुए देखने की चाहत रखने वाले क्रिकेट प्रेमियों की उम्मीदें टूट गई हैं.
यहाँ एक हाई-पावर्ड कमेटी ने भगदड़ वाले स्टेडियम में विजय हज़ारे ग्रुप डी मैच की इजाज़त देने से इनकार कर दिया है.
ग्रेटर बेंगलुरु अथॉरिटी, पब्लिक वर्क्स डिपार्टमेंट और पुलिस के शीर्ष अधिकारियों की इस कमेटी ने 4 जून को हुई भगदड़ के बाद ज़रूरी बदलावों का जायज़ा लेने के लिए स्टेडियम का दौरा किया.
कमेटी ने देखा कि भगदड़ के कारणों की जांच करने वाले जस्टिस जॉन माइकल कुन्हा जांच आयोग की सिफ़ारिशों के अनुसार कोई बदलाव नहीं किया गया था.
इस भगदड़ में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के 11 फै़ंस की जान चली गई थी. यह भगदड़ उस दिन हुई थी जब 18 साल बाद आरसीबी के इंडियन प्रीमियर लीग चैंपियनशिप ट्रॉफ़ी जीतने का जश्न मनाने के लिए स्टेडियम के चारों ओर भारी भीड़ जमा हो गई थी.
कमेटी के एक सीनियर अधिकारी और सदस्य ने नाम न छापने की शर्त पर बीबीसी न्यूज़ हिन्दी को बताया, "हमने पाया कि कोई भी सिफ़ारिश लागू नहीं की गई थी. कर्नाटक राज्य क्रिकेट एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने राज्य के गृह मंत्री जी परमेश्वर की अध्यक्षता में हुई बैठक में बताया कि उन्होंने सिर्फ़ 10 दिन पहले ही पद संभाला है. पिछली कमेटी ने कुछ नहीं किया क्योंकि भगदड़ के बाद उनमें से ज़्यादातर ने इस्तीफ़ा दे दिया था."
अधिकारी ने कहा, "पुलिस कमिश्नर (सीमांत कुमार सिंह) ने केएससीए अधिकारियों से साफ़-साफ़ कहा कि यह फै़ंस की ज़िंदगी का सवाल है. अगर कुछ अनहोनी हो गई तो क्या होगा?"
कमेटी के एक अन्य सदस्य ने कहा, "स्टेडियम की स्थिति में कोई बदलाव नहीं हुआ है. एंट्री और एग्ज़िट गेट चौड़े नहीं किए गए हैं, एम्बुलेंस पार्क करने की कोई जगह नहीं है, जस्टिस कुन्हा आयोग का सुझाया गया कोई होल्डिंग एरिया नहीं है."
इससे बीसीसीआई के पास कोई और विकल्प नहीं बचा और उसे आज के दिल्ली बनाम आंध्र प्रदेश और 26 दिसंबर को होने वाले मैचों का वेन्यू शहर के बाहरी इलाके़ में अपने सेंटर ऑफ़ एक्सीलेंस में शिफ्ट करना पड़ा.
सेंटर ऑफ़ एक्सीलेंस में दर्शकों के लिए विराट कोहली को खेलते हुए देखने की कोई सुविधा नहीं है.
नमस्कार!
अब बीबीसी संवाददाता चंदन कुमार जजवाड़े को दीजिए इजाज़त.
अब से रात 10 बजे तक इस लाइव पेज के ज़रिए बीबीसी संवाददाता इफ़्तेख़ार अली आप तक अहम ख़बरें पहुंचाएंगे.
बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के पन्ने पर लगी कुछ अहम ख़बरें पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.
रूस की राजधानी मॉस्को में धमाका, दो पुलिस अधिकारियों की मौत, गैब्रिला पॉमेरॉय
इमेज स्रोत, Reuters
इमेज कैप्शन, घटनास्थल पर मौजूद रूसी सुरक्षाकर्मी
रूसी अधिकारियों ने बताया है कि मॉस्को में एक धमाके में तीन लोग मारे गए हैं, जिनमें दो पुलिस अधिकारी शामिल हैं.
रूस की जांच कमेटी ने बताया है कि दो ट्रैफ़िक पुलिस अधिकारियों ने शहर की येलेट्सकाया स्ट्रीट पर एक पुलिस कार के पास एक 'संदिग्ध व्यक्ति' को देखा, और जब वे उसे पकड़ने के लिए गए तो एक विस्फोटक डिवाइस में धमाका हो गया.
दोनों पुलिस अधिकारियों की मौत गंभीर चोटों की वजह से हुई, साथ ही इस धमाके में पास खड़े एक अन्य व्यक्ति की भी मौत हो गई.
इससे पहले सोमवार को भी राजधानी मॉस्को में एक कार बम धमाके में एक वरिष्ठ रूसी जनरल की मौत हुई थी.
महाराष्ट्र: उद्धव और राज ठाकरे ने किया गठबंधन का एलान
इमेज कैप्शन, नगर निगम चुनावों को देखते हुए उद्धव और राज ठाकरे एक साथ आए हैं
महाराष्ट्र में नगर निगम चुनावों को लेकर सियासी माहौल गरम होता जा रहा है. इस बीच राज ठाकरे और उद्धव ठाकरे ने सियासी गठबंधन की घोषणा की है.
बीबीसी मराठी के मुताबिक़ राज ठाकरे ने इस गठबंधन के बाद कहा, “मुंबई का मेयर मराठी होगा और वह हमारा होगा.”
इस गठबंधन के बाद राज ठाकरे की महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना और उद्धव ठाकरे की शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) एक साथ मिलकर नगर निगम चुनाव लड़ेंगी.
ठाकरे बंधुओं के लिए मुंबई नगर निगम चुनाव बेहद अहम है और इसे एक तरह से दोनों के लिए प्रतिष्ठा की लड़ाई माना जा रहा है.
इससे पहले जुलाई महीने में पहली बार राज ठाकरे और उद्धव ठाकरे मराठी भाषा के मुद्दे पर एक मंच पर साथ आए थे.
वैभव सूर्यवंशी ने खेली धुआंधार पारी, 84 बॉल पर बनाए 190 रन
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, वैभव सूर्यवंशी (फ़ाइल फ़ोटो)
क्रिकेटर वैभव सूर्यवंशी ने विजय हज़ारे ट्राफ़ी में बिहार की तरफ से खेलते हुए धुआंधार शतक जड़ा है.
वैभव ने अपनी पारी में 16 चौके और 15 छक्के लगाए और 84 बॉल पर 190 रन बनाए.
उनकी इस पारी की बदौलत बिहार की टीम अरुणाचल प्रदेश के ख़िलाफ़ इस मैच में मज़बूत स्थिति में पहुंच गई है.
राँची में खेले जा रहे इस मैच में बिहार ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाज़ी करने का फ़ैसला किया.