ट्रंप बोले- ईरान से बातचीत अभी संतोषजनक नहीं, लेकिन समझौता होगा

ट्रंप ने कहा है कि ईरान के साथ चल रही बातचीत अब तक उम्मीद के मुताबिक़ नहीं रही है, लेकिन उन्हें भरोसा है कि आख़िरकार समझौता हो जाएगा.

सारांश

लाइव कवरेज

संदीप राय, रौनक भैड़ा

  1. बायजूस के फ़ाउंडर रवींद्रन को सिंगापुर की अदालत ने 6 महीने जेल की सज़ा सुनाई

    बायजू रवींद्रन

    इमेज स्रोत, Dhiraj Singh/Bloomberg via Getty Images

    इमेज कैप्शन, इस मामले में कोर्ट ने रवींद्रन पर 90,000 सिंगापुर डॉलर का जुर्माना भी लगाया (फ़ाइल फ़ोटो)

    भारतीय एजुकेशन टेक कंपनी ‘बायजूस’ के मालिक बायजू रवींद्रन को सिंगापुर की एक अदालत ने 6 महीने जेल की सज़ा सुनाई है.

    ब्लूमबर्ग की एक रिपोर्ट के मुताबिक़, कोर्ट ने पाया कि रवींद्रन ने अपनी प्रॉपर्टी से जुड़े ज़रूरी काग़ज़ात छिपाए थे, उन्होंने अदालत के आदेशों को नहीं माना, जिसे 'कोर्ट की अवमानना' क़रार दिया गया है.

    इस मामले में कोर्ट ने रवींद्रन पर 90,000 सिंगापुर डॉलर यानी क़रीब 67 लाख रुपए का जुर्माना भी लगाया है. रवींद्रन को यह राशि लीगल कॉस्ट यानी क़ानूनी ख़र्च के तौर पर देनी होगी.

    बायजूस के वकील क्लेरेंस लुन ने कहा, “हम इस फ़ैसले के ख़िलाफ़ अपील करने और आदेश को रोकने के लिए आवेदन करने पर विचार कर रहे हैं.”

    बायजूस के मालिक रवींद्रन ने इस मामले पर अपना पक्ष रखते हुए कहा कि उनके पास अपील का विकल्प मौजूद है.

    उन्होंने एक एक्स पोस्ट में कहा, "आज का सिंगापुर कोर्ट का मामला सिर्फ़ एक प्रक्रिया से जुड़ा है. यह कोर्ट की अवमानना का आदेश है, जो सुनवाई में डॉक्यूमेंट्स शेयर करने के विवाद से जुड़ा है. यह किसी धोखाधड़ी या बेईमानी करने से जुड़ा फ़ैसला नहीं है. मुझे 15 जून को पेश होने का निर्देश दिया गया है और अपील का विकल्प मौजूद है."

    यह मामला क़ानूनी और वित्तीय विवादों से जुड़ा है. रवींद्रन के ख़िलाफ़ सिंगापुर की अदालत में मामला क़तर इन्वेस्टमेंट अथॉरिटी की एक सहायक कंपनी ने दर्ज कराया था.

    अथॉरिटी ने बायजूस के उस फ़ंडिंग राउंड में निवेश किया था, जब कंपनी संकट के दौर से गुज़र रही और कर्मचारियों की छँटनी कर रही थी.

  2. पीएम मोदी ने गर्मी के कारण देशवासियों से की ये अपील, कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे ने कसा तंज

    नरेंद्र मोदी

    इमेज स्रोत, Artur Widak/NurPhoto via Getty Images

    इमेज कैप्शन, पीएम मोदी ने देशवासियों से गर्मी में सावधानी बरतने की अपील की (फ़ाइल फ़ोटो)

    भारत के अलग-अलग हिस्सों में बढ़ते तापमान को देखते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नागरिकों से सावधानी बरतने की अपील की है.

    पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा, "देश के अलग-अलग हिस्सों में तापमान लगातार बढ़ रहा है और इसके साथ ही दैनिक जीवन में गर्मी से होने वाली कई कठिनाइयां भी बढ़ रही हैं. मैं सभी देशवासियों से आग्रह करता हूं कि जितनी अधिक सावधानी बरत सकें, अवश्य बरतें."

    पीएम मोदी ने लिखा, "ख़ुद को हाइड्रेटेड रखें, घर से बाहर निकलते समय पानी साथ रखें. ऐसे मौसम में आपकी संवेदनशीलता भी बहुत बड़ा सहारा बन जाती है. यदि संभव हो, तो किसी प्यासे व्यक्ति को एक गिलास पानी अवश्य दें. मैं ऐसे लोगों की सराहना भी करूंगा जो अपने घरों और दुकानों के बाहर मटके में जल रखते हैं ताकि कोई भी उनसे पानी पी सके."

    पीएम मोदी ने गर्मी से बीमार पड़े लोगों को ओआरएस देने की अपील की. साथ ही बच्चों, बुज़ुर्गों और बाहर काम करने वाले लोगों से विशेष ध्यान रखने के लिए कहा है.

    पीएम मोदी की इस अपील के बाद कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन ख़ड़गे ने तंज कसते हुए कहा कि गर्मी तो झेल लेंगे, लेकिन महंगाई से जनता के पसीने छूट रहे हैं.

    उन्होंने एक्स पोस्ट में लिखा, "गर्मी तो झेल लेंगे, पर भाजपा प्रायोजित महंगाई की आग से आम जनता के पसीने छूट रहे हैं. अपनी सरकार की लूट पर भी कभी कुछ बोलिए, मोदी जी?"

  3. सुप्रीम कोर्ट का बड़ा फ़ैसला, 'एसआईआर चुनाव आयोग का अधिकार'

    सुप्रीम कोर्ट

    इमेज स्रोत, Sanchit Khanna/Hindustan Times via Getty Images

    इमेज कैप्शन, कोर्ट ने माना कि एसआईआर प्रक्रिया का मक़सद निष्पक्ष और स्वतंत्र चुनाव कराना है (फ़ाइल फ़ोटो)

    सुप्रीम कोर्ट ने चुनाव आयोग की ओर से किए गए स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (एसआईआर) को क़ानूनी मान्यता दी है.

    सुप्रीम कोर्ट कोर्ट ने बुधवार को कहा कि चुनाव आयोग को संविधान के अनुच्छेद 324 और जन प्रतिनिधित्व अधिनियम, 1950 और उसके तहत बने नियमों के अनुसार एसआईआर करने का अधिकार है.

    मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत और न्यायमूर्ति जॉयमाल्य बागची की पीठ ने यह फ़ैसला उन याचिकाओं पर सुनाया, जिनमें पिछले साल जून में बिहार में एसआईआर कराने के लिए चुनाव आयोग की अधिसूचना को चुनौती दी गई थी.

    लाइव लॉ के मुताबिक़, कोर्ट ने माना कि एसआईआर प्रक्रिया का मक़सद निष्पक्ष और स्वतंत्र चुनाव कराना है.

    मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत ने फ़ैसला सुनाते हुए कहा, "क़ानून ख़ुद कहता है कि चुनाव आयोग किसी भी समय कारण दर्ज कर वोटर लिस्ट में बदलाव कर सकता है. इस कारण इसे ग़लत नहीं कहा जा सकता, वह भी सिर्फ़ इसलिए कि यह सामान्य संशोधन की प्रक्रिया से अलग है."

    उन्होंने आगे कहा, "हमारे हिसाब से एसआईआर जन प्रतिनिधित्व अधिनियम को ख़त्म नहीं करता, बल्कि संविधान के अनुच्छेद 324 को और मज़बूत करता है. इसलिए यह नहीं कहा जा सकता कि आयोग ने अपने अधिकार से बाहर जाकर काम किया है."

    गौरतलब है कि ज़्यादातर याचिकाएं पिछले साल जून में दायर हुई थीं, जब चुनाव आयोग ने बिहार में एसआईआर कराने का निर्णय लिया था.

    याचिकाकर्ताओं में एसोसिएशन ऑफ़ डेमोक्रेटिक रिफ़ॉर्म्स, स्वराज इंडिया के प्रमुख योगेंद्र यादव, टीएमसी सांसद महुआ मोइत्रा, आरजेडी मनोज झा, कांग्रेस सांसद केसी वेणुगोपाल, एनसीपी सांसद सुप्रिया सुले शामिल हैं.

  4. चीन ने ईरान-अमेरिका के बीच मध्यस्थता कर रहे पाकिस्तान को लेकर क्या कहा

    वांग यी

    इमेज स्रोत, Jessica Lee - Pool/Getty Images

    इमेज कैप्शन, चीन के विदेश मंत्री वांग यी ने कहा कि मौजूदा हालत में ईरान-अमेरिका की बातचीत सबसे अहम है (फ़ाइल फ़ोटो)

    चीन ने कहा है कि वह अमेरिका और ईरान के बीच चल रहे संघर्ष में पाकिस्तान और अन्य देशों की मध्यस्थता का समर्थन करता है.

    चीन के विदेश मंत्री वांग यी ने मंगलवार को संयुक्त राष्ट्र में पत्रकारों से कहा, "मौजूदा हालात में सबसे अहम बात अमेरिका और ईरान के बीच बातचीत है क्योंकि वही मुख्य पक्ष हैं.”

    वांग ने कहा, “हम पाकिस्तान और अन्य देशों की मध्यस्थता का समर्थन करते हैं. यहां आने से पहले मेरी मुलाक़ात पाकिस्तान के फ़ील्ड मार्शल असीम मुनीर से हुई. हम अमेरिका और ईरान के प्रयासों का भी समर्थन करते हैं.”

    चीन की यह टिप्पणी ऐसे समय में आई है जब अमेरिकी सीनेटर लिंडसे ग्राहम ने मध्यस्थ के तौर पर पाकिस्तान की भूमिका पर सवाल उठाये हैं.

    रिपब्लिकन पार्टी के सीनेटर लिंडसे ग्राहम ने मंगलवार को कहा कि अमेरिका और ईरान के बीच जंग में पाकिस्तान का "मध्यस्थ" बनना परेशानी भरा है.

  5. केरल के पूर्व सीएम विजयन के घर ईडी का छापा, सीपीआईएम ने क्या कहा?

    पिनाराई विजयन

    इमेज स्रोत, Ramesh Pathania/Mint via Getty Images

    इमेज कैप्शन, मनी लॉन्ड्रिंग मामले में पूर्व मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन के घर पर ईडी की छापेमारी

    केरल के पूर्व मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन के तिरुवनंतपुरम स्थित घर पर बुधवार सुबह प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने छापा मारा. यह कार्रवाई मनी लॉन्ड्रिंग मामले में की गई है.

    समाचार एजेंसी पीटीआई ने अधिकारियों के हवाले से बताया कि राज्य में कुल 10 जगहों पर छापेमारी की जा रही है.

    छापेमारी में पूर्व सीएम विजयन का किराये का घर, कन्नूर की एक जगह और निजी कंपनी कोचीन मिनरल्स एंड रुटाइल लिमिटेड (सीएमआरएलल) से जुड़े मुख्य लोगों के घर शामिल हैं.

    अधिकारियों ने बताया कि विजयन के घर की तलाशी इसलिए ली गई क्योंकि जांच में उनकी बेटी टी वीना का नाम शामिल है.

    सीपीआईएम के महासचिव और पूर्व राज्यसभा सांसद एमए बेबी ने सवाल किया है कि 'क्या इस छापेमारी के पीछे बीजेपी के अलावा यूडीएफ़ सरकार भी है?'

    एमए बेबी ने कहा, "सीपीआईएम कॉमरेड पिनाराई विजयन के घर पर ईडी की छापेमारी की निंदा करती है. बीजेपी सरकार ने जानबूझकर एक बड़े विपक्षी नेता पर हमला किया है. ऐसे क़दम पिनाराई विजयन या सीपीआईएम को डराने में सफल नहीं होंगे. क्या इस छापे में यूडीएफ़ सरकार भी शामिल है?"

  6. कांग्रेस ने सीबीएसई के मार्किंग पोर्टल पर उठाए सवाल, कहा- ये छात्रों के साथ धोखा है

    सीबीएसई

    इमेज स्रोत, Mayank Makhija/NurPhoto via Getty Images

    इमेज कैप्शन, कांग्रेस पार्टी ने सीबीएसई के मार्किंग पोर्टल पर सवाल उठाते हुए कहा कि ये छात्रों के साथ धोखा है (फ़ाइल फ़ोटो)

    कांग्रेस ने सेंट्रल बोर्ड ऑफ़ सेकंडरी एजुकेशन (सीबीएसई) के मार्किंग पोर्टल की विश्वसनीयता पर सवाल उठाए हैं.

    कांग्रेस पार्टी ने मंगलवार को एक्स हैंडल पर एक न्यूज़ चैनल का वीडियो शेयर करते हुए कहा कि हैकर ने एक टीवी चैनल सीबीएसई के मार्किंग पोर्टल को हैक किए जाने की बात कही.

    कांग्रेस ने एक्स पर लिखा," सीबीएसई के मार्किंग पोर्टल से जुड़ी जो बातें सामने आ रही हैं, वे बहुत ही चिंताजनक हैं. निसर्ग नाम के हैकर ने एक टीवी चैनल पर कहा कि उसने सीबीएसई का मार्किंग पोर्टल हैक कर लिया था."

    आगे लिखा, "हैकर के पास पोर्टल का मास्टर पासवर्ड था. वो टीचर्स को असाइन की गई कॉपी के नंबर तक बदल सकता था. सोचिए- जिस सिस्टम से छात्रों का भविष्य तय होता है, वो ही सुरक्षित नहीं है. ये छात्रों के साथ धोखा है."

    कांग्रेस पार्टी ने लिखा, "सच यही है कि मोदी सरकार और उनके भ्रष्ट सिस्टम ने देश की शिक्षा व्यवस्था का मज़ाक बना दिया है."

  7. ईरान युद्ध: ट्रंप की पार्टी के नेता ने पाकिस्तान की मध्यस्थता पर उठाए सवाल

    लिंडसे ग्राहम और डोनाल्ड ट्रंप

    इमेज स्रोत, Jim WATSON / AFP via Getty Images

    इमेज कैप्शन, अमेरिकी सीनेटर लिंडसे ग्राहम ने कहा कि पाकिस्तान का इसराइल के प्रति विरोध बहुत पुराना है (फ़ाइल फ़ोटो)

    अमेरिकी सीनेटर लिंडसे ग्राहम ने कहा कि अमेरिका और ईरान के बीच जंग में पाकिस्तान का "मध्यस्थ" बनना परेशानी भरा है.

    लिंडसे ग्राहम अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की रिपब्लिकन पार्टी से ही सीनेटर हैं.

    लिंडसे ग्राहम ने मंगलवार को सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा, "ये काफ़ी समय से साफ़ दिख रहा है कि पाकिस्तान का मध्यस्थ बनना मुश्किल और परेशानी भरा है. उनका इसराइल के प्रति विरोध बहुत पुराना है."

    उन्होंने लिखा, "यह बात भी साफ़ है कि ईरान के सैन्य जहाज़ पाकिस्तान के एयर बेस पर रखे जा रहे हैं और पाकिस्तान के बड़े नेताओं की इसराइल के ख़िलाफ़ पुरानी बयानबाज़ी परेशान करने वाली है."

    लिंडसे ग्राहम ने पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख़्वाजा आसिफ़ के एक पुराने वीडियो का ज़िक्र करते हुए लिखा, "रक्षा मंत्री ने अब्राहम समझौते पर कहा था कि पाकिस्तान कभी इसमें शामिल नहीं होगा, क्योंकि उन्हें इसराइल पर भरोसा नहीं है. यह वीडियो भले ही एक साल पुराना हो, लेकिन मुझे लगता है कि यही विचार अभी भी है."

    उन्होंने आगे लिखा, "इसी वजह से ज़रूरी है कि पाकिस्तान अब राष्ट्रपति ट्रंप की अपील पर जवाब दे कि वह अब्राहम समझौते में शामिल होगा या नहीं."

    गौरतलब है कि डोनाल्ड ट्रंप ने सोमवार को ही मध्य पूर्व में तनाव ख़त्म करने के लिए सऊदी अरब, क़तर, पाकिस्तान, तुर्की, मिस्र और जॉर्डन सहित कई देशों से अब्राहम समझौते पर हस्ताक्षर करने का आह्वान किया था.

  8. आईपीएल 2026: आरसीबी के फ़ाइनल में पहुंचने पर क्या बोले विजय माल्या?

    विजय माल्या

    इमेज स्रोत, Jack Taylor/Getty Images

    इमेज कैप्शन, आरसीबी को फ़ाइनल में पहुंचने पर टीम के पूर्व मालिक विजय माल्या ने बधाई दी (फ़ाइल फ़ोटो)

    इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 के क्वालीफ़ायर-1 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) गुजरात टाइटंस को हराकर फ़ाइनल में पहुंच गई है. इस जीत के बाद टीम के पूर्व मालिक विजय माल्या की प्रतिक्रिया भी आई है.

    विजय माल्या ने मंगलवार देर रात सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर पोस्ट किया, "आज रात धर्मशाला में शानदार जीत के लिए आरसीबी को बहुत-बहुत बधाई. आप बेंगलुरु के शेरों की तरह ज़ोर से दहाड़े और डिफेंडिंग चैंपियन के तौर पर आईपीएल के फ़ाइनल में पहुंच गए."

    मैच से पहले भी विजय माल्या ने टीम का हौसला बढ़ाते हुए एक पोस्ट लिखा था. उन्होंने लिखा, "बेस्ट ऑफ़ लक आरसीबी. यह हमारे बेंगलुरु के शेरों के लिए सीधे फ़ाइनल में जाने का बेहतरीन मौक़ा है. निडर होकर खेलो और ज़ोरदार दहाड़ मारो. भगवान आपका भला करे."

    धर्मशाला में मंगलवार को हुए मैच में डिफेंडिंग चैंपियन आरसीबी ने गुजरात टाइटंस को 255 रनों का लक्ष्य दिया था.

    गुजरात 19.3 ओवर में 162 रन बनाकर ऑलआउट हो गई. इस तरह आरसीबी ने 92 रनों से जीत दर्ज की और आईपीएल के फ़ाइनल में एंट्री ले ली.

  9. अमेरिका के हालिया हमलों के बाद समझौते पर क्या बोले ईरान के राष्ट्रपति?

    मसूद पेज़ेश्कियान

    इमेज स्रोत, Iranian Presidency/Anadolu via Getty Images

    इमेज कैप्शन, ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेज़ेश्कियान की क़तर के अमीर शेख़ तमीम बिन हमाद अल-थानी से टेलीफ़ोन पर बातचीत हुई (फ़ाइल फ़ोटो)

    ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेज़ेश्कियान ने कहा है कि वो लड़ाई ख़त्म करने के लिए एक सम्मानजनक रास्ता तलाशने को तैयार है.

    यह बात राष्ट्रपति पेज़ेश्कियान ने अमेरिका की ओर से हुए ताज़ा हमलों के बाद मंगलवार को कही है.

    ईरान की सरकारी समाचार एजेंसी आईआरएनए के मुताबिक़, मंगलवार को क़तर के अमीर शेख़ तमीम बिन हमाद अल-थानी से फ़ोन पर बातचीत के दौरान राष्ट्रपति पेज़ेश्कियान ने उन्हें समर्थन के लिए धन्यवाद किया.

    राष्ट्रपति पेज़ेश्कियान ने आगे कहा कि "ईरान हमेशा बातचीत और समझौते के उसूलों का पालन करता रहा है."

    उन्होंने कहा, "अब वक़्त आ गया है कि दूसरा पक्ष अपने वादे सिर्फ़ बोलकर ही नहीं, बल्कि पूरा करके भी दिखाए."

    ईरानी राष्ट्रपति ने आगे कहा, "इलाके में शांति और स्थिरता लाने के लिए साफ़ रास्ता बनाने की कोशिश हो रही है. इसके लिए ज़रूरी काग़ज़ात और समझौते तैयार किए जा रहे हैं और उन्हें पूरा करने का काम तेज़ी से चल रहा है."

    उल्लेखनीय है कि ईरानी मीडिया ने सोमवार को रिपोर्ट किया कि बंदर अब्बास और शहर के हवाई अड्डे के आस-पास एक विस्फोट की आवाज़ सुनी गई.

    अमेरिकी सेना ने बाद में पुष्टि की कि उसने सोमवार को दक्षिणी ईरान पर नए हमले किए, जिसमें ईरान के मिसाइल ठिकानों और उन बोट्स को निशाना बनाया गया जो 'माइन्स बिछाने की कोशिश कर रहीं थीं'.

    अमेरिकी सेंट्रल कमांड के एक बयान में कहा गया है कि ये हमले 'आत्मरक्षा' में किए गए.

  10. लेबनान का दावा- इसराइल के ताज़ा हमलों में 31 लोग मारे गए, इनमें बच्चे भी शामिल, सामंथा ग्रानविल और जॉन सुडवर्थ

    लेबनान

    इमेज स्रोत, Abbas Fakih / AFP via Getty Images

    इमेज कैप्शन, इसराइली सेना ने कहा कि उसने हिज़्बुल्लाह के 100 से ज़्यादा ठिकानों और उसके लड़ाकों को निशाना बनाया है

    इसराइल की ओर से दक्षिण और पूर्वी लेबनान में किए गए हमलों में दर्जनों लोग मारे गए हैं.

    यह हमला तब हुआ जब इसराइली प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू ने हिज़्बुल्लाह के ख़िलाफ़ सैन्य कार्रवाई तेज़ करने का एलान किया.

    लेबनान के स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि ताज़ा हमलों में कम से कम 31 लोग मारे गए हैं, जिनमें कई बच्चे भी शामिल हैं.

    इसराइली सेना ने कहा कि उसने हिज़्बुल्लाह के 100 से ज़्यादा ठिकानों और लड़ाकों को निशाना बनाया.

    इससे पहले, सोमवार को नेतन्याहू ने कहा था कि उन्होंने हिज़्बुल्लाह पर निशाना साधने "और ज़्यादा दबाव डालने" का आदेश दिया है.

    मंगलवार को सुरक्षा कैबिनेट की बैठक में उन्होंने कहा कि इसराइल लेबनान में अपना अभियान और तेज़ी से चला रहा है.

    उन्होंने कहा, "आईडीएफ (इसराइल डिफ़ेंस फ़ोर्सेज़) ज़मीन पर बड़ी ताक़तों के साथ काम कर रही है और अहम जगहों पर कब्ज़ा कर रही है. सिक्योरिटी ज़ोन को मज़बूत किया जा रहा ताकि उत्तरी इसराइल की बस्तियों को हिज़्बुल्लाह के हमलों से बचाया जा सके."

    गौरतलब है कि अमेरिका ने मध्यस्थता करते हुए इसराइल और लेबनान के बीच युद्धविराम करवाया था, लेकिन दोनों पक्षों ने इसे कई बार तोड़ा है.

  11. नमस्कार!

    बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता रौनक भैड़ा अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.

    कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    हमारे पेज पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.