पाकिस्तान और अफ़ग़ानिस्तान के बीच हुए संघर्ष पर अब चीन ने दी ये सलाह

चीन ने सोमवार को पाकिस्तान और अफ़ग़ानिस्तान से संयम बरतने के साथ बातचीत के ज़रिए आपसी मसलों को सुलझाने की अपील की.

सारांश

लाइव कवरेज

सुमंत सिंह और सुरभि गुप्ता

  1. ब्रेकिंग न्यूज़, हमास ने सात इसराइली बंधकों को रेड क्रॉस को सौंपा

    इसराइली सेना का हेलिकॉप्टर

    इमेज स्रोत, Reuters

    इमेज कैप्शन, इसराइली वायुसेना के मुताबिक़, बंधकों को वापस लाने के लिए दो हेलिकॉप्टर तैनात हैं

    इसराइली मीडिया के मुताबिक़, हमास ने सात इसराइली बंधकों को ग़ज़ा में रेड क्रॉस के अधिकारियों को सौंप दिया है.

    इसराइली सेना ने इसकी पुष्टि करते हुए कहा है, "रेड क्रॉस को सात इसराइली बंधक सौंप दिए गए हैं. रेड क्रॉस उन्हें लेकर आ रहा है."

    हमास ने समाचार एजेंसी रॉयटर्स को बताया कि उसने सात इसराइली बंधक रेड क्रॉस को सौंप दिए हैं.

    इससे पहले जानकारी आई थी कि बंधकों को वापस लाने के लिए रेड क्रॉस के अधिकारी गए हुए हैं.

    उत्तरी ग़ज़ा पट्टी से बंधकों को इसराइल लाने का काम रेड क्रॉस के अधिकारियों को सौंपा गया है.

    यहां इन बंधकों को इसराइल की ओर से एक किट दी जाएगी, जिसमें इसराइली प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू और उनकी पत्नी सारा नेतन्याहू का लिखा पत्र और लैपटॉप, मोबाइल फ़ोन, टैबलेट और कपड़े होंगे.

    संबंधित कहानियां:

  2. ब्रेकिंग न्यूज़, इसराइली बंधकों को वापस लाने के लिए रेड क्रॉस के अधिकारी रवाना हुए

    इसराइली इमरजेंसी सर्विस

    इमेज स्रोत, X/Magen David Adom

    इमेज कैप्शन, इसराइल की इमरजेंसी सर्विस ने कहा है कि वह बंधकों को मेडिकल सपोर्ट देने के लिए तैयार है

    इसराइली सेना ने कहा है कि हमास उत्तरी ग़ज़ा पट्टी में इसराइली बंधकों को रेड क्रॉस को सौंपेगा. बंधकों को वापस लाने के लिए रेड क्रॉस के अधिकारी गए हुए हैं.

    इसराइल की वायुसेना के मुताबिक़, बंधकों को लाने के लिए दो हेलिकॉप्टर तैनात किए गए हैं.

    इन बंधकों के वापस आने पर उन्हें इसराइल की ओर से एक किट दी जाएगी. इस किट में इसराइली प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू और उनकी पत्नी सारा नेतन्याहू का लिखा पत्र भी होगा.

    इस पत्र में लिखा है, "इसराइल के सभी लोगों की तरफ़ से आपका स्वागत है! हम आपका इंतज़ार कर रहे थे."

    इस किट में लैपटॉप, मोबाइल फ़ोन, टैबलेट और कपड़े भी होंगे.

    नेतन्याहू का पत्र

    इमेज स्रोत, Israeli Prime Minister's Spokesperson's Office

  3. ब्रेकिंग न्यूज़, ग़ज़ा: हमास ने रिहा होने वाले इसराइली बंधकों की सूची जारी की

    इसराइली बंधक

    फ़लस्तीनी न्यूज़ एजेंसी शेहाब के मुताबिक़ हमास ने इसराइल के उन 20 बंधकों की सूची जारी की है, जिन्हें वह रिहा करने वाला है.

    सूची में दिए गए नाम स्पष्ट तौर पर उन 20 बंधकों की सूची से मेल खाते हैं जिनके बारे में माना जाता है कि वे अभी ज़िंदा हैं.

    उधर, इसराइल ने भी रिहा होने वाले फ़लस्तीनी क़ैदियों के नामों पर मंज़ूरी दे दी है.

    इसराइली मीडिया के मुताबिक़, इसराइली सरकार के मंत्रियों ने रविवार रात रिहा होने वाले फ़लस्तीनी क़ैदियों की सूची को मंज़ूरी दी. हारेत्ज़ के मुताबिक़, कुल 1718 फ़लस्तीनी क़ैदियों और ग़ज़ा के बंधकों को रिहा किया जाना है.

    सोमवार सुबह से ही बड़ी तादाद में इसराइल के लोग बंधकों की रिहाई के लिए तेल अवीव में इकट्ठा हुए हैं.

    संबंधित कहानियां:

  4. पाकिस्तान: अरशद नदीम के कोच पर लगा आजीवन प्रतिबंध, ये है वजह, बीबीसी उर्दू

    अरशद नदीम और सलमान बट

    इमेज स्रोत, Getty Images

    पाकिस्तान एथलेटिक्स महासंघ (एएफ़पी) ने 'नियमों का उल्लंघन' के आरोप में पंजाब एथलेटिक्स एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष और ओलंपिक स्वर्ण पदक विजेता अरशद नदीम के कोच सलमान बट पर आजीवन प्रतिबंध लगा दिया है.

    एएफ़पी के मुताबिक़, सलमान बट अब राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय समेत किसी भी एथलेटिक्स गतिविधि में भाग लेने के लिए अयोग्य हैं.

    एएफ़पी की ओर से जारी अधिसूचना के मुताबिक़, सलमान बट की अध्यक्षता वाले महासंघ के चुनावों में नियमों का उल्लंघन पाया गया, जिसके बाद कार्यकारी समिति ने उन पर आजीवन प्रतिबंध लगाने का फ़ैसला किया.

    समिति ने 31 अगस्त, 2025 को हुए पंजाब एथलेटिक्स एसोसिएशन के चुनावों को अवैध और असंवैधानिक घोषित कर दिया है.

    सलमान बट पर प्रतिबंध लगाने की ख़बर जैसे ही आई, सोशल मीडिया पर सवाल उठने लगे कि क्या सलमान बट के ख़िलाफ़ यह कार्रवाई अरशद नदीम के हालिया प्रदर्शन में आई गिरावट के कारण हुई.

    जेवलिन थ्रोअर अरशद नदीम ने पिछले महीने टोक्यो में हुई वर्ल्ड एथलेटिक्स चैंपियनशिप के फ़ाइनल में 10वां स्थान हासिल किया था.

    एएफ़पी के अध्यक्ष वजाहत हुसैन ने बीबीसी से कहा कि सलमान बट पर आजीवन प्रतिबंध लगाने का निर्णय महासंघ के संविधान का उल्लंघन करने के कारण लिया गया है.

    अरशद नदीम ने पेरिस ओलंपिक में गोल्ड मेडल जीता था. भारत के नीरज चोपड़ा ने सिल्वर मेडल अपने नाम किया था.

  5. ग़ज़ा में हमास लड़ाकों और सशस्त्र कबीले के सदस्यों के बीच झड़पें, 27 की मौत, रुश्दी अबुअलूफ़, ग़ज़ा संवाददाता, इस्तांबुल से

    हमास के लड़ाके

    इमेज स्रोत, AFP via Getty Images

    इमेज कैप्शन, शनिवार से शुरू हुई झड़पों में दग़मश कबीले के 19 सदस्य और हमास के आठ लड़ाके मारे गए हैं

    ग़ज़ा सिटी में हमास और दग़मश कबीले के लड़ाकों के बीच हुई भीषण झड़पों में कम से कम 27 लोगों की मौत हुई है. ये झड़पें इसराइली सैन्य अभियानों के ख़त्म होने के बाद हुई हैं.

    प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक़, हमास के नक़ाबपोश बंदूकधारियों और दग़मश के लड़ाकों के बीच ग़ज़ा सिटी के जॉर्डन अस्पताल के पास गोलीबारी हुई.

    हमास संचालित गृह मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि सुरक्षा बलों ने दग़मश के लड़ाकों को घेर लिया और उन्हें पकड़ने के लिए मुठभेड़ हुई. गृह मंत्रालय ने कहा कि "एक सशस्त्र मिलिशिया के हमले" में हमास के आठ सदस्य मारे गए.

    सूत्रों के मुताबिक़, शनिवार से शुरू हुई झड़पों में दग़मश कबीले के 19 सदस्य और हमास के आठ लड़ाके मारे गए हैं.

    प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि ये झड़पें दक्षिण ग़ज़ा सिटी के तेल अल-हवा इलाक़े में तब शुरू हुईं जब 300 से अधिक हमास लड़ाकों की एक टुकड़ी उस इमारत में दाख़िल होने पहुंची, जहां दग़मश बंदूकधारी छिपे हुए थे.

    संबंधित कहानियां:

  6. अखिलेश यादव ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को 'घुसपैठिया' क्यों बताया

    अखिलेश यादव

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, अखिलेश यादव ने कहा कि बीजेपी में विचारधारा से भी 'घुसपैठिए' हैं (फ़ाइल फ़ोटो)

    समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को 'घुसपैठिया' कहा है.

    लखनऊ में रविवार को एक क्रार्यक्रम के दौरान अखिलेश यादव से केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के 'मुस्लिम आबादी और घुसपैठ' से जुड़े बयान को लेकर सवाल किया गया था.

    इस पर उन्होंने कहा, "भारतीय जनता पार्टी के पास सब फ़र्जी आंकड़े हैं. अगर इनके आंकड़े मानोगे तो आप डूब जाओगे."

    अखिलेश यादव ने कहा, "हमारे यहां यूपी में भी घुसपैठिए हैं. मुख्यमंत्री जी उत्तराखंड के हैं. हम तो चाहते हैं इन्हें उत्तराखंड भेज दिया जाए."

    इसके आगे वह कहते हैं, "केवल यही घुसपैठिए नहीं हैं, विचारधारा से भी घुसपैठिए हैं. ये बीजेपी के सदस्य नहीं, दूसरे के सदस्य थे. तो आप ही बताओ, भारतीय जनता पार्टी में घुसपैठिए हुए कि नहीं हुए?"

    दरअसल, 10 अक्तूबर को अमित शाह ने दो समुदायों की जनसंख्या के आंकड़ों का ज़िक्र करते हुए कहा था कि आबादी वृद्धि में अंतर मुख्य रूप से घुसपैठ के कारण है.

    उन्होंने कहा कि मुस्लिम आबादी 24.6 प्रतिशत की दर से बढ़ी है, जबकि हिंदू आबादी 4.5 प्रतिशत घट गई.

    उनके इस बयान पर रविवार को कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने कहा कि यह "हिंदू-मुस्लिम में आग भड़काने" का काम है. पवन खेड़ा ने सवाल किया, "अगर मुस्लिम आबादी 'घुसपैठ' के कारण बढ़ी है, तो गृह मंत्री पिछले 11 सालों में वास्तव में क्या कर रहे थे?"

    अखिलेश यादव से इसी से जुड़ा सवाल किया गया था, जिसके जवाब में उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को 'घुसपैठिया' बताया.

  7. ऑस्ट्रेलिया से हार के बाद गेंदबाज़ी के छठे विकल्प पर क्या बोले भारतीय कोच

    अमोल मजूमदार

    इमेज स्रोत, Pankaj Nangia/Getty Images

    इमेज कैप्शन, भारतीय कोच ने ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज़ी की तारीफ़ की है (फ़ाइल फ़ोटो)

    आईसीसी वीमेंस क्रिकेट वर्ल्ड कप के लीग मुक़ाबले में ऑस्ट्रेलिया ने भारत को तीन विकेट से हरा दिया है. इस मैच में भारत ने 330 रनों का बड़ा स्कोर बनाया था, लेकिन ऑस्ट्रेलियाई टीम ने एक ओवर शेष रहते मैच जीत लिया.

    इस मुक़ाबले में भारतीय टीम की बल्लेबाज़ी की तारीफ़ हो रही है. वहीं, बड़ा स्कोर डिफ़ेंड नहीं कर पाने की वजह से गेंदबाज़ों की आलोचना हो रही है.

    मैच के बाद प्रेस कॉन्फ़्रेंस में भारतीय टीम के कोच अमोल मजूमदार से पांच मुख्य गेंदबाज़ों के अलावा छठे विकल्प को लेकर सवाल किया गया.

    इस पर अमोल मजूमदार ने कहा, "इस गेम के बाद हम इस पर बात करेंगे. टीम मैनेजमेंट के साथ चर्चा होगी, इसके बाद हम सही निर्णय लेंगे."

    उन्होंने ऑस्ट्रेलियाई टीम की बल्लेबाज़ी और उनके अप्रोच की तारीफ़ की.

    भारतीय कोच ने कहा, "मुझे लगता है कि ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों ने बेहतरीन बल्लेबाज़ी की. जिस तरह से उन्होंने शुरुआत की और अंत में एक ओवर शेष रहते 330 के स्कोर को पार किया, यह एक बेहतरीन प्रयास था. हमने उन पर दबाव बनाने की कोशिश की, लेकिन वे सब अनुभवी खिलाड़ी हैं."

    इस वर्ल्ड कप में भारत की यह लगातार दूसरी हार है. इससे पहले दक्षिण अफ़्रीका ने भारत को हराया था. चार मैचों में दो मैच जीतकर भारतीय टीम प्वाइंट्स टेबल में तीसरे स्थान पर है.

    संबंधित कहानियां:

  8. राष्ट्रपति ट्रंप इसराइल के लिए रवाना, बोले- 'ग़ज़ा में जंग ख़त्म हो गई है'

    डोनाल्ड ट्रंप

    इमेज स्रोत, Reuters

    इमेज कैप्शन, ट्रंप ने मिस्र में होने वाली बैठक के लिए कहा है कि वह 'सभी को ख़ुश रखेंगे'

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ग़ज़ा से बंधकों की रिहाई के लिए इसराइल रवाना हो गए हैं. उन्होंने कहा है कि ग़ज़ा में 'जंग ख़त्म हो गई है'.

    'एयरफ़ोर्स वन' में पत्रकारों से उन्होंने कहा कि युद्धविराम जारी रहेगा और ग़ज़ा के लिए जल्द ही एक 'शांति बोर्ड' की स्थापना की जाएगी.

    'एयरफ़ोर्स वन' अमेरिकी राष्ट्रपति का आधिकारिक विमान है. इसी विमान से वह यात्रा करते हैं.

    हमास के पास इसराइली बंधकों की रिहाई के लिए सोमवार दोपहर 12 बजे (स्थानीय समयानुसार) तक का समय है.

    राष्ट्रपति ट्रंप इसराइल पहुंचने के बाद सोमवार को मिस्र जाएंगे, जहां वह ग़ज़ा को लेकर विभिन्न देशों के नेताओं से चर्चा करेंगे.

    इस बैठक को लेकर ट्रंप ने कहा, "हम सभी को ख़ुश रखेंगे... चाहे वे यहूदी हों या मुस्लिम या अरब देश... हम इसराइल के बाद मिस्र जा रहे हैं. वहां हम बहुत ताक़तवर, बडे़ और अमीर देशों के नेताओं से मिलेंगे."

    ब्रिटेन के प्रधानमंत्री किएर स्टार्मर मिस्र पहुंच चुके हैं. वह भी इस बैठक में हिस्सा लेंगे.

    संबंधित कहानियां:

  9. नमस्कार!

    बीबीसी हिन्दी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता सुमंत सिंह अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.

    कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    हमारे पेज पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.