आईफ़ोन-16 सिरीज़ लॉन्च, ये हैं ख़ास बातें

एप्पल ने आईफ़ोन के लिए नई सिरीज़ को लॉन्च कर दी है. अमेरिका के क्यूपर्टिनो में स्थित एपल पार्क के स्टीव जॉब्स थिएटर में इस साल एप्पल इवेंट आयोजित हुआ.

सारांश

  • एमपॉक्स वायरस का पहले मामले की केंद्र सरकार ने की पुष्टि
  • नाइजीरिया में तेल से भरे टैंकर में विस्फोट होने से 50 से ज़्यादा लोगों की मौत
  • विनेश फोगाट और बजरंग पुनिया के इस्तीफ़े को रेलवे ने किया मंजूर
  • सुल्तानपुर एनकाउंटर घटना पर मायावती ने सपा और बीजेपी दोनों को घेरा है
  • वेस्ट बैंक और जॉर्डन की सीमा के पास हमले में तीन इसराइली नागरिकों की हुई मौत

लाइव कवरेज

अभिषेक पोद्दार और अश्वनी पासवान

  1. सुल्तानपुर एनकाउंटर घटना पर मायावती ने सपा और बीजेपी दोनों को घेरा

    मायावती (फ़ाइल फ़ोटो)

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री मायावती (फ़ाइल फ़ोटो)

    उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर ज़िले में डकैती के बाद एनकाउंटर की घटना पर राजनीतिक बयानबाज़ी जारी है.

    पहले जहां समाजवादी पार्टी और अखिलेश यादव ने यूपी की बीजेपी सरकार को एनकाउंटर के मुद्दे पर निशाने पर लिया था, वहीं अब प्रदेश की पूर्व सीएम मायावती ने भी इस पर प्रतिक्रिया दी है.

    मायावती ने ट्वीट किया है , “यूपी के सुल्तानपुर ज़िले में एनकाउंटर की घटना के बाद से बीजेपी और समाजवादी पार्टी में कानून-व्यवस्था को लेकर आरोप-प्रत्यारोप लगाये जा रहे हैं और अपराध, अपराधी और जाति के नाम पर जबरदस्ती की राजनीति की जा रही है, जबकि इस मामले में ये दोनों चोर-चोर मौसेरे भाई जैसे हैं.”

    मायावती ने आरोप लगाया है कि बीजेपी की तरह सपा सरकार में क़ानून व्यवस्था की हालत ज़्यादा ख़राब था.

    मायावती ने भी दावा किया है कि यूपी में वास्तव में बसपा के शासन काल में ही क़ानून और व्यवस्था का राज था.

    अखिलेश यादव ने क्या कहा था

    अखिलेश यादव ने एनकाउंटर की घटना पर कहा था, “लगता है सुल्तानपुर की डकैती में शामिल लोगों से सत्ता पक्ष का गहरा संपर्क था, इसीलिए तो नक़ली एनकाउंटर से पहले ‘मुख्य आरोपी’ से संपर्क साधकर सरेंडर करा दिया गया और अन्य सपक्षीय लोगों के पैरों पर सिर्फ़ दिखावटी गोली मारी गई और ‘जात’ देखकर जान ली गई.”

    उन्होंने कहा था, “नकली एनकाउंटर रक्षक को भक्षक बना देते हैं. समाधान नकली एनकाउंटर नहीं, असली क़ानून-व्यवस्था है. बीजेपी राज अपराधियों का अमृतकाल है.”

    सीएम योगी ने किया था पलटवार

    अखिलेश यादव के इन आरोपों पर पलटवार करते हुए यूपी के सीएम आदित्यनाथ ने कहा था, “किसी एक माफिया शागिर्द को, किसी डकैत को पुलिस मुठभेड़ में मारा जाता है तो इनकी दुखती हुई नस पर जैसे पुलिस ने उंगली रख दी हो.. तब ये चिल्लाने लगते हैं.”

  2. भारत दौरे पर आए अबु धाबी के क्राउन प्रिंस, पीएम मोदी से मुलाकात करेंगे

    अबु धाबी के क्राउन प्रिंस (बीच में)

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, अबु धाबी के क्राउन प्रिंस (बीच में)

    अबु धाबी के क्राउन प्रिंस शेख़ ख़ालिद बिन मोहम्मद बिन ज़ाएद अल नाहयान दो दिनों के भारत दौरे पर हैं.

    अपनी भारत यात्रा के क्रम में क्राउन प्रिंस सोमवार सुबह ही दिल्ली पहुंचे, जहां उनका स्वागत किया गया. यह अबु धाबी के क्राउन प्रिंस का पहला भारतीय दौरा है.

    भारतीय विदेश मंत्रालय की तरफ़ से दी गई जानकारी के मुताबिक़- शेख़ ख़ालिद के साथ दूसरे कई मंत्री और व्यापारी भी भारत दौरे पर आए हैं.

    क्राउन प्रिंस के कार्यक्रम की जानकारी साझा करते हुए विदेश मंत्रालय ने बताया कि शेख़ ख़ालिद 9 सितंबर यानी सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात करेंगे.

    इसके अलावा वे भारत की राष्ट्रपति से भी मुलाकात करेंगे. साथ ही उनके कार्यक्रम में राजघाट पर महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि देना भी शामिल है.

  3. वेनेजुएला के राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार रहे एडमंडो गोंज़ालेज़ ने देश छोड़ने के बाद क्या कहा

    एडमंडो गोंज़ालेज़ (फ़ाइल फ़ोटो)

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, एडमंडो गोंज़ालेज़ (फ़ाइल फ़ोटो)

    वेनेजुएला के राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार रहे विपक्षी नेता एडमंडो गोंज़ालेज़ ने लोकतंत्र के लिए लड़ते रहने की बात कही है.

    गोंज़ालेज़ ने रविवार को वेनेजुएला को छोड़ दिया था और उन्होंने स्पेन में राजनीतिक शरण ली है.

    वेनेजुएला से निकलने से पहले गोंज़ालेज़ कई हफ़्तों तक काराकास स्थित स्पेन के ही दूतावास में छिपे हुए थे.

    वेनेजुएला में 28 जुलाई को राष्ट्रपति चुनाव के नतीजे के बाद से ही राजनीतिक उथल-पुथल मची हुई है. इस चुनावी नतीजे में निकोलस मादुरो को विजेता घोषित किया गया था.

    वेनेजुएला में गोंज़ालेज़ की प्रेस टीम की तरफ़ से उनका एक ऑडियो मैसेज भी जनता के बीच प्रसारित किया जा रहा है. इस मैसेज में वे कह रहे हैं कि हम आज़ादी के लिए अपनी लड़ाई को जारी रखेंगे और वेनेजुएला में जल्द ही लोकतंत्र को दोबारा स्थापित करेंगे.

    गोंज़ालेज़ के स्पेन निकलने से पहले उनकी गिरफ़्तारी का वारंट भी जारी कर दिया गया था. उन पर सरकार के ख़िलाफ़ साजिश रचने और दूसरे गंभीर इल्ज़ाम लगाए गए थे.

    स्पेन पहुंचने पर अपने समर्थकों का शुक्रिया अदा करते हुए गोंज़ालेज़ ने कहा, “दबावों और धमकियों की वजह से मुझे वेनेजुएला छोड़ना पड़ा.”

    वहीं वेनेजुएला की विपक्षी नेता मारिया कोरिना ने सोशल मीडिया पर लिखा कि गोंज़ालेज़ को इसलिए देश छोड़ना पड़ा क्योंकि उनकी जान ख़तरे में थी.

  4. तस्वीरें: पेरिस पैरालंपिक का समापन, भारत ने जीते कुल कितने मेडल?

    पेरिस पैरालंपिक के समापन समारोह में भारत के ध्वजवाहक रहे हरविंदर सिंह

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, पेरिस पैरालंपिक के समापन समारोह में भारत के ध्वजवाहक रहे हरविंदर सिंह

    पेरिस में आयोजित हुए पैरालंपिक का समापन हो चुका है. रविवार की देर रात पेरिस में समापन समारोह हुआ.

    इस दौरान दुनिया भर के कई सारे कलाकारों ने दर्शकों और खिलाड़ियों के लिए अपनी प्रस्तुति भी दी.

    पेरिस पैरालंपिक समापन समारोह

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, पेरिस पैरालंपिक

    अगर भारत की बात करें तो पेरिस पैरालंपिक में इस बार भारत का सफ़र शानदार रहा.

    गोल्ड मेडल जीतने वाले तीरंदाज़ हरविंदर सिंह और धावक प्रीति पाल समापन समारोह में भारत के ध्वजवाहक रहे.

    वहीं इस पैरालंपिक खेल समारोह में भारत ने टोक्यो पैरालंपिक में हासिल किए अपने पदकों की संख्या को भी पार कर लिया.

    भारत के लिए गोल्ड मेडल जीतने वाले हरविंदर सिंह

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, भारत के लिए गोल्ड मेडल जीतने वाले हरविंदर सिंह

    जहां टोक्यो पैरालंपिक में भारत को कुल 19 मेडल मिले थे, वहीं पेरिस पैरालंपिक में भारत ने कुल 29 पदक जीते हैं.

    साथ ही पदक तालिका में भी भारत 18वें नंबर पर रहा. पेरिस पैरालंपिक की पदक तालिका में पहला स्थान चीन को मिला, जिसके खाते में कुल 219 पदक आए.

    गोल्ड मेडल जीतने वालीं अवनि लेखरा

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, गोल्ड मेडल जीतने वालीं अवनि लेखरा

    भारत ने सात स्वर्ण, नौ रजत और 13 कांस्य पदक जीते हैं.

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी अपने एक्स अकाउंट से एक ट्वीट करते हुए खिलाड़ियों को बधाई दी.

    उन्होंने लिखा,"पेरिस पैरालंपिक ख़ास और एतिहासिक रहा. भारत में खुशी की लहर है और हमारे पैरा-एथलीटों 29 मेडल लेकर घर आ रहे हैं जो कि इस खेल समारोह में अभी तक सबसे शानदार प्रदर्शन भी है."

    पीएम मोदी ने भी दी बधाई

    इमेज स्रोत, @narendramodi/SAI

    इमेज कैप्शन, पीएम मोदी ने भी दी बधाई

    प्रधानमंत्री ने लिखा कि यह उपलब्धि हमारे खिलाड़ियों के समर्पण और अदम्य साहस को दिखाती है. उनके प्रदर्शन ने हमें कई यादगार लम्हे दिए हैं जो कि आने वाले खिलाड़ियों को प्रेरणा देते रहेंगे.

    भारत के लिए अवनि लेखरा, नितेश कुमार, सुमित अंतिल, हरविंदर सिंह, धरमबीर नैन, प्रवीण कुमार और नवदीप सिंह ने गोल्ड मेडल हासिल किया.

  5. नमस्कार

    बीबीसी हिंदी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता अभिषेक पोद्दार आप सभी तक आज की बड़ी ख़बरें लेकर आऊंगा.

    आप बीबीसी हिंदी के पेज पर मौजूद बड़ी ख़बरों को इस लिंक पर क्लिक करके पढ़ सकते हैं.

    उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग ज़िले में कुछ ऐसे बोर्ड लगाए गए हैं जिन पर रोहिंग्या मुसलमानों और ग़ैर हिन्दुओं के गांव में प्रतिबंध की बात लिखी है. पूरी ख़बर के लिए इस लिंक पर क्लिक करें.

    पाकिस्तान में मुस्लिमों के अहमदिया समुदाय के ख़िलाफ़ नफ़रत का सिलसिला लगभग 50 सालों से चला आ रहा है. यहां तक कि उनको मुसलमान भी नहीं माना जाता. बीते 50 सालों के दौरान पाकिस्तान में कैसे रहे हैं अहमदिया मुसलमानों के हालात, जानने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें.

    राज्यसभा में तृणमूल कांग्रेस के सांसद जवाहर सरकार ने ममता बनर्जी को एक पत्र लिखकर अपने इस्तीफ़े की पेशकश की है. लेकिन इसके पीछे क्या वजह है. जानने के लिए यहां क्लिक करें.

    रविवार के लाइव पेज पर जाने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें.