आईफ़ोन-16 सिरीज़ लॉन्च, ये हैं ख़ास बातें

एप्पल ने आईफ़ोन के लिए नई सिरीज़ को लॉन्च कर दी है. अमेरिका के क्यूपर्टिनो में स्थित एपल पार्क के स्टीव जॉब्स थिएटर में इस साल एप्पल इवेंट आयोजित हुआ.

सारांश

  • एमपॉक्स वायरस का पहले मामले की केंद्र सरकार ने की पुष्टि
  • नाइजीरिया में तेल से भरे टैंकर में विस्फोट होने से 50 से ज़्यादा लोगों की मौत
  • विनेश फोगाट और बजरंग पुनिया के इस्तीफ़े को रेलवे ने किया मंजूर
  • सुल्तानपुर एनकाउंटर घटना पर मायावती ने सपा और बीजेपी दोनों को घेरा है
  • वेस्ट बैंक और जॉर्डन की सीमा के पास हमले में तीन इसराइली नागरिकों की हुई मौत

लाइव कवरेज

अभिषेक पोद्दार और अश्वनी पासवान

  1. आईफ़ोन-16 सिरीज़ लॉन्च, ये हैं ख़ास बातें

    आईफ़ोन-16 सिरीज़ लॉन्च

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, आईफ़ोन-16 सिरीज़ लॉन्च

    एप्पल ने आईफ़ोन के लिए नई सिरीज़ लॉन्च कर दी है.

    अमेरिका के क्यूपर्टिनो में स्थित एप्पल पार्क के स्टीव जॉब्स थिएटर में इस साल एप्पल इवेंट आयोजित हुआ.

    इस इवेंट को 'इट्स ग्लोटाइम' नाम दिया गया. इवेंट में एप्पल वॉच सिरीज़-10, एप्पल वॉच अल्ट्रा 2, एयरपॉड-4, एयरपॉड मैक्स के बाद आईफ़ोन-16, आईफ़ोन 16 प्लस, आईफ़ोन-16 प्रो और आईफ़ोन-16 प्रो मैक्स को लॉन्च किया गया.

    आईफ़ोन-16 सिरीज़ की ख़ास बातें:

    • आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस की कई ख़ूबियों के साथ इस बार एप्पल इंटेलीजेंस का इस्तेमाल नई सिरीज़ में किया गया है. टिम कुक ने इसे नए दौर की शुरुआत बताया है. हालांकि, एप्पल इंटेलीजेंस बीटा वर्जन में कुछ ही देशों में उपलब्ध होगा.
    • आईफ़ोन-16 का स्क्रीन साइज 6.1 इंच है, जबकि आईफ़ोन-16 प्लस का स्क्रीन साइज 6.7 इंच है.
    • आईफ़ोन-16 प्रो का स्क्रीन साइज़ 6.3 इंच है और प्रो मैक्स का साइज़ 6.9 इंच है. आईफ़ोन 16 प्रो मैक्स अब तक का सबसे बड़ा डिस्प्ले वाला आईफ़ोन होगा.
    • कैमरा कंट्रोल फ़ीचर के साथ एक नया एक्शन बटन जोड़ा गया है.
    • चिपसेट की बात करें तो एप्पल ने दो जेनेरेशन आगे बढ़कर नई सिरीज़ में A18 चिपसेट दिया है. आईफ़ोन-15 में A16 चिपसेट था.
  2. भारतीय समयानुसार रात के दस बज रहे हैं. अब इस लाइव पेज को यहीं विराम देने का वक़्त आ गया है, मुझे यानी अश्वनी पासवान को अनुमति दीजिए.

    लेकिन जाते-जाते आपको आज की बड़ी ख़बरों से रूबरू करा देते हैं. आप इन ख़बरों को नीचे दिए लिंक्स पर क्लिक करके पढ़ सकते हैं.

    टॉप फ़ंड मैनेजर्स ने बीबीसी से कहा है कि भारत का शेयर बाज़ार नियामक अपने चीफ़ के ख़िलाफ़ बड़े पैमाने पर आरोपों के बाद अपनी विश्वसनीयता के ख़तरे का सामना कर रहा है. सिक्योरिटी एंड एक्सचेंज़ बोर्ड ऑफ़ इंडिया (सेबी) की चेयरपर्सन माधबी पुरी बुच के ख़िलाफ़ कॉन्फ़्लिक्ट ऑफ़ इंटरेस्ट (जब किसी शख़्स का फ़ैसला उसकी व्यक्तिगत रुचि से प्रभावित हो) के इर्द-गिर्द कई आरोप लगाए गए हैं. पूरी ख़बर पढ़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें.

    हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने पूर्व जेलर सुनील सांगवान को चरखी दादरी से टिकट दिया है.सुनील सांगवान सुर्ख़ियों में हैं क्योंकि उनके जेल अधीक्षक के कार्यकाल के दौरान गुरमीत राम रहीम को 6 बार पैरोल या फरलो मिली थी. रिपोर्ट पढ़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें.

    गुजरात में सूरत के सैयदपुरा में रविवार देर रात एक गणेश पंडाल पर पथराव के मामले में पुलिस ने 28 लोगों को गिरफ़्तार किया है. पूरा मामले जानने के लिए यहां क्लिक करें.

    कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज में डॉक्टर के रेप और हत्या मामले में सुप्रीम कोर्ट में नौ सितंबर को सुनवाई हुई. एक महीना पूरा, जानिए कब क्या हुआ? ये जानने के लिए यहां क्लिक करें.

  3. प्रिंसेस ऑफ़ वेल्स ने वीडियो संदेश में बताया उनका कीमोथेरपी ट्रीटमेंट पूरा हुआ

    प्रिंसेस ऑफ़ वेल्स

    इमेज स्रोत, Kensington Palace

    इमेज कैप्शन, प्रिंसेस ऑफ़ वेल्स

    केंसिंग्टन पैलेस ने एक वीडियो जारी किया है जिसमें प्रिंसेस ऑफ़ वेल्स बता रही हैं कि वो कीमोथेरपी का अपना कोर्स पूरा करने के बाद राहत महसूस कर रही हैं.

    कैथरीन ने मार्च में सार्वजनिक किया था कि वो कैंसर का इलाज करा रही हैं और इस साल सार्वजनिक तौर पर नज़र नहीं आएंगी.

    इस साल वह कुछ कार्यक्रमों में भाग लेंगी, जिनमें नंवबर में रिमेंबरेंस कार्यक्रम और उनका साला क्रिसमस कैरोल कॉन्सर्ट हो सकता है.

    लेकिन अपने भावनात्मक वीडियो संदेश में उन्होंने कहा है कि यह साल ‘अविश्वसनीय रूप से कठिन’ रहा है और ‘जैसा कि आप जानते हैं कि जीवन एक पल में बदल सकता है.’

    प्रिंसेस ऑफ़ वेल्स का कीमोथेरपी का अपना कोर्स पूरा करना सकारात्मक है, लेकिन अभी भी लंबा रास्ता तय करना है. केंसिंग्टन पैलेस ने संकेत दिया कि अभी ये कहना संभव नहीं है कि कैथरीन कैंसर मुक्त हुई हैं.

    कैथरीन जुलाई में विंबलडन के फ़ाइनल में दिखी थीं. इस दौरान दर्शकों ने उनके लिए खड़े होकर तालियां बजाई थीं.

  4. सूरत: गणेश पंडाल पर पथराव मामले में पुलिस ने 28 लोगों को गिरफ़्तार किया, अभियुक्तों में 6 नाबालिग़ भी शामिल

    सूरत के सैयदपुरा में भारी पुलिस बल तैनात है

    इमेज स्रोत, रूपेश सोनवणे

    इमेज कैप्शन, सूरत के सैयदपुरा में भारी पुलिस बल तैनात है

    गुजरात के सूरत में गणेश पंडाल पर पथराव की घटना के बाद तनावपूर्ण माहौल है. पूरे इलाके़ में भारी पुलिस बल तैनात है.

    सूरत पुलिस ने रविवार देर रात पूरे सैयदपुरा इलाके़ में तलाशी शुरू की जो सोमवार सुबह तक जारी रही.

    बीबीसी गुजराती के मुताबिक़, सूरत नगर निगम ने सोमवार को सैयदपुरा पुलिस स्टेशन के पास कथित अवैध अतिक्रमण हटाया. इस दौरान बड़ी संख्या में पुलिस टीमों के साथ नगर निगम की टीमों ने बुलडोज़र चलाया.

    सोमवार को सूरत पुलिस कमिश्नर अनुपम सिंह गहलोत ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, "इस पूरी घटना में तीन मामले दर्ज किए गए हैं, जिनमें दंगा करने और धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने का अपराध भी शामिल है."

    उन्होंने कहा, "पथराव करने वाले 6 बच्चों और रिक्शा चालक समेत 28 लोगों के ख़िलाफ़ क़ानूनी कार्रवाई की गई है. इन बच्चों की उम्र 12 से 13 साल है और सभी एक किलोमीटर दूर से आए थे."

    इससे पहले इस घटना के संबंध में राज्य के गृह मंत्री हर्ष सांघवी ने समाचार एजेंसी एएनआई को बताया, "सूरत पुलिस ने पथराव करने वाले सभी 6 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है. इन 6 लोगों को बहकाने वाले सभी लोगों को भी गिरफ्तार किया गया है."

    उन्होंने कहा, "सूरत पुलिस घटना की जांच कर रही है. शांति भंग करने का प्रयास करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी."

  5. एमपॉक्स वायरस का आया पहला मामला, केंद्र सरकार ने की पुष्टि

    एमपॉक्स

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, भारत में आया एमपॉक्स का पहला मामला

    केंद्र सरकार ने सोमवार को कहा कि एमपॉक्स वायरस से प्रभावित देश की यात्रा करके आये एक व्यक्ति में संक्रमण की पुष्टि हुई है.

    केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने सोमवार को कहा, "टेस्ट में मरीज में पश्चिम अफ्रीकी क्लेड-2 के एमपॉक्स वायरस की मौजूदगी की पुष्टि हुई है."

    मंत्रालय ने कहा, ‘‘एक युवा है जो हाल ही में एमपॉक्स संक्रमण से प्रभावित देश से यात्रा करके आया है."

    हाल ही में मध्य और पूर्वी अफ़्रीका में एमपॉक्स के मामले आने के बाद इसे विश्व स्वास्थ्य संगठन ने पब्लिक हेल्थ इमरजेंसी घोषित कर दिया था.

    विश्व स्वास्थ्य संगठन के महानिदेशक टेड्रॉस एडोनम गेब्रीयेसुस ने कहा था, "एमपॉक्स के एक नए क्लेड का उभरना, कांगो गणतंत्र में इसका तेज़ी से फैलना और कई पड़ोसी देशों में इसके मामलों की जानकारी मिलना बहुत चिंताजनक है."

    एमपॉक्स के लक्षण क्या हैं?

    एमपॉक्स के शुरुआती लक्षण बुखार, सिरदर्द, सूजन, पीठ दर्द और मांसपेशियों में दर्द है. बुखार उतरने पर शरीर पर चकत्ते आ जाते हैं, जो कि अक्सर चेहरे से शुरू होते हैं और शरीर के अन्य हिस्सों तक फैल जाते हैं.

  6. एशियन चैंपियंस ट्रॉफी हॉकी 2024: भारत ने जापान को हराया, अंकतालिका में पहले नंबर पर पहुंचा

    भारतीय हॉकी टीम ने जापान को हराया

    इमेज स्रोत, @TheHockeyIndia

    इमेज कैप्शन, भारतीय टीम ने 5-1 से मात दी है

    एशियन चैंपियंस ट्रॉफ़ी हॉकी 2024 में सोमवार को भारत ने अपने दूसरे मैच में जापान को 5-1 से हरा दिया. इसी के साथ अंकतालिका में टीम पहले नंबर पर पहुंच गई है.

    भारत की ओर से सुखजीत सिंह, अभिषेक, संजय और उत्तम सिंह ने गोल किया. वहीं, जापान के लिए मात्सुमोतो काजुमासा ने गोल किया.

    जापान के साथ मुकाबले में भारत का दबदबा रहा और टीम ने एकतरफा जीत दर्ज की. इससे पहले भारत ने चीन को 3-0 से हराया था.

    अगला मैच भारत का मलेशिया से बुधवार को होगा.

  7. इसराइल ने सीरिया पर किया हवाई हमला, 16 की मौत और 30 से अधिक घायल

    इसराइल ने सीरिया पर किया हमला

    इमेज स्रोत, Al-Ikhbariya al-Suriyah TV

    इमेज कैप्शन, इसराइल ने सीरिया पर किया हवाई हमला

    इसराइल ने सीरिया के कई सैन्य ठिकानों पर हवाई हमले किए हैं.

    सीरिया की सरकारी न्यूज़ एजेंसी सना के अनुसार इसमें 16 लोगों की जान गई है.

    सीरिया की सरकारी न्यूज़ एजेंसी सना ने स्वास्थ्य अधिकारी का हवाला देते हुए रिपोर्ट में बताया कि 36 लोग घायल हुए हैं. इसमें से छह गंभीर रूप से घायल हुए हैं.

    वहीं इसराइली सेना ने कहा है कि वो विदेशी मीडिया की रिपोर्ट पर कोई टिप्पणी नहीं करेगी.

    सीरिया के विदेश मंत्रालय ने हमले की निंदा की है.

    ईरान ने क्या कहा?

    ईरान के विदेश मंत्रालय ने इसे आपराधिक हमला करार दिया है. इसराइल पिछले कुछ सालों में सीरिया पर हमला करने की बात कई बार मान चुका है.

  8. कोलकाता रेप-मर्डर केस: सुप्रीम कोर्ट ने प्रदर्शनकारी डॉक्टरों को कल शाम 5 बजे तक का दिया वक़्त, उमंग पोद्दार, बीबीसी संवाददाता

    सुप्रीम कोर्ट

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, सुप्रीम कोर्ट ने प्रदर्शनकारी डॉक्टरों को कल शाम 5 बजे तक काम पर लौटने का दिया आदेश

    कोलकाता के आरजी कर अस्पताल में ट्रेनी डॉक्टर के रेप के बाद मर्डर केस की सुनवाई आज सुप्रीम कोर्ट में हुई.

    मुख्य न्यायाधीश जस्टिस डीवाई चंद्रचूड़, जस्टिस जेबी पर्दीवाला और जस्टिस मनोज मिश्रा की बेंच ने विरोध प्रदर्शन कर रहे डॉक्टरों को कल शाम 5 बजे तक काम पर वापस जाने का आदेश दिया है.

    जस्टिस चंद्रचूड़ ने अपने आदेश में कहा, "सुनवाई के दौरान पश्चिम बंगाल सरकार ने बताया है कि लगातार 28 दिन से रेज़िडेंट डॉक्टरों की अनुपस्थिति का राज्य की स्वास्थ्य व्यवस्था पर बहुत बुरा असर पड़ रहा है. पश्चिम बंगाल सरकार को भी डॉक्टर्स की सुरक्षा को लेकर ज़रूरी क़दम उठाने होंगे."

    "राज्य के सभी ज़िला कलेक्टर और पुलिस अधीक्षकों की ये ज़िम्मेदारी है कि वो डॉक्टर्स की सुरक्षा के लिए इंतज़ाम सुनिश्चित करें. इसमें महिला और पुरुष डॉक्टर्स के लिए अलग-अलग ड्यूटी रूम, टॉयलेट और सीसीटीवी कैमरों को लगाया जाना शामिल है.”

    उन्होंने कहा कि अगर रेज़ीडेंट डॉक्टर्स 10 सितम्बर की शाम पांच बजे से पहले तक वापस काम पर लौट जाते हैं तो राज्य सरकार उन पर कोई दंडात्मक कार्रवाई नहीं करेगी.

    पश्चिम बंगाल सरकार की ओर से पेश वकील कपिल सिब्बल ने कहा, "अभी तक अस्पतालों में 23 लोगों की मौत इसलिए हो चुकी है क्योंकि डॉक्टर काम पर नहीं लौट रहे हैं. इसका ख़ामियाज़ा आम जनता को भुगतना पड़ रहा है."

    सीबीआई की तरफ से सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने कहा की फ़ॉरेंसिक जांच में कई गंभीर चूक हुई हैं.

    एफ़आईआर को लेकर सीजेआई ने कहा कि एफ़आईआर दायर करने में कम से कम 14 घंटों की देरी हुई है.

    सुप्रीम कोर्ट ने सीबीआई को 17 सितम्बर तक नई जांच रिपोर्ट जमा करने के निर्देश दिए हैं.

  9. वियतनाम तूफ़ान यागी ने मचाई तबाही, पुल समेत 10 कारें बह गईं

    वियतनाम में आया तूफान यागी

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, वियतनाम में आया तूफ़ान यागी

    वियतनाम के उप प्रधानमंत्री ने सोमवार को तूफ़ान यागी के कारण रेड नदी पर बना पुल गिर गया. दस कारें और दो स्कूटर बह गए.

    डिप्टी प्रधानमंत्री ने बताया कि 13 लोगों को खोजा जा रहा है. वहीं तीन लोगों को बचाया गया है.

    तूफ़ान यागी से शनिवार से अभी तक 59 की मौत हुई है.

    वियतनाम के तटीय शहरों से क़रीब 50 हज़ार लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है. देश में 10 लाख से अधिक लोगों को बिना बिजली के रहना पड़ रहा है. उत्तरी वियतनाम के कई शहरों में स्कूल बंद कर दिए गए हैं.

    तूफ़ान यागी दक्षिण चीन और फिलीपींस में 20 से ज़्यादा लोगों की जान ले चुका है.

  10. हरियाणा विधानसभा चुनाव: कांग्रेस से गठबंधन की चर्चा के बीच आम आदमी पार्टी ने जारी की पहली लिस्ट

    अरविंद केजरीवाल

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, आम आदमी पार्टी ने हरियाणा विधानसभा चुनावों के लिए उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की

    आम आदमी पार्टी ने सोमवार को हरियाणा विधानसभा चुनावों के लिए उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी है.

    इसके पहले अभी तक राजनीतिक गलियारों में कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के बीच गठबंधन की चर्चा चल रही थी.

    इस लिस्ट में 20 प्रत्याशियों के नाम हैं. इसमें कलायत सीट से अनुराग ढांढा, मेहम से विकास नेहरा और रोहतक से बिजेंद्र हुड्डा के नाम शामिल हैं. आप के हरियाणा प्रदेश अध्यक्ष सुशील गुप्ता ने एक्स पर ट्वीट कर आप के सभी प्रत्याशियों को शुभकामनाएं दी हैं.

    आज सुबह ही सुशील गुप्ता ने समाचार एजेंसी एएनआई से बातचीत में कहा था कि वो सारी 90 विधानसभा सीटों की तैयारी में जुटे हुए हैं. उन्होंने कहा, "आम आदमी पार्टी हरियाणा का प्रदेश अध्यक्ष होने के नाते मैं 90 सीटों की तैयारी कर रहा हूँ. आला कमान की तरफ़ से किसी भी प्रकार के गठबंधन की कोई ख़बर हमारे पास अभी तक नहीं आई है."

    सुशील गुप्ता ने कहा कि 'आज शाम तक ऐसी कोई ख़बर नहीं आती है, तो हम आज अपनी 90 विधानसभा सीटों की लिस्ट जारी करेंगे. आज ये तय हो जाएगा कि हम 90 सीटों पर लड़ रहे हैं या नहीं.'

    इसके पहले ये चर्चा काफ़ी ज़ोरों पर थी कि आगामी हरियाणा विधानसभा चुनावों के लिए कांग्रेस और आप गठबंधन कर सकते हैं. हालांकि दोनों ही पार्टियों ने ये बात सार्वजनिक तौर पर स्वीकार नहीं की थी.

    हरियाणा विधानसभा चुनाव में 90 सीटों के लिए पाँच अक्तूबर को एक चरण में मतदान होगा. वोटों की गिनती आठ अक्तूबर को होगी.

  11. प्रियंका गांधी ने मणिुपर पर कहा- पीएम मोदी ने अब तक कोई प्रयास नहीं किया

    प्रियंका गांधी

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, प्रियंका गांधी ने मणिपुर का किया ज़िक्र (फाइल फोटो)

    कांग्रेस की महासचिव प्रियंका गांधी ने सोमवार को मणिपुर की मौजूदा स्थिति को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर सवाल उठाए हैं. उन्होंने कहा है कि पीएम मोदी कुछ नहीं कर रहे हैं.

    प्रियंका गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर पोस्ट कर लिखा, "मणिपुर लगभग डेढ़ साल से जल रहा है. रोज़ हिंसा, हत्याएं, दंगे, विस्थापन, घर जल रहे हैं और परिवार उजड़ रहे हैं."

    उन्होंने कहा, "ज़िंदगियां तबाह हो रही हैं, हज़ारों परिवार राहत कैंपों में दिन काटने को मजबूर हैं. प्रधानमंत्री ने इसे रोकने का अब तक कोई प्रयास भी नहीं किया."

    प्रियंका गांधी ने बताया, "ऐसा कभी नहीं हुआ कि देश के एक राज्य को महीनों तक इस तरह जलता हुआ छोड़ दिया जाए और उस पर बात तक न की जाए. देश की आंतरिक सुरक्षा किसी की इच्छा पर निर्भर नहीं होती, यह अनिवार्य दायित्व है. प्रधानमंत्री की उदासीनता अक्षम्य है."

  12. नाइजीरिया में तेल से भरे टैंकर में विस्फोट, 50 से ज़्यादा लोगों की मौत

    नाइजीरिया

    इमेज स्रोत, Reuters

    इमेज कैप्शन, नाइजीरिया में तेल टैंकर में हुआ ब्लास्ट

    नाइजीरिया में तेल से भरे टैंकर के लोगों से भरे ट्रक से टकराने से 50 लोगों की मौत हुई है.

    स्थानीय आपातकालीन मैनेजमेंट एजेंसी ने कहा कि स्थानीय समयानुसार दुर्घटना रविवार को 12.30 बजे हुई है. तेल से भरे टैंकर के ट्रक से टकराने के बाद विस्फोट हो गया. इसमें लोगों के साथ पशु भी थे.

    इसका वीडियो भी सामने आया है और इसमें दिख रहा है कि दोनों वाहनों में इसके तुरंत बाद आग लग गई. बगल में पशुओं के शव बिखरे हुए हैं.

    आपातकालीन एजेंसी के प्रवक्ता हुसैन इब्राहिम ने बीबीसी से बात करते हुए कहा कि पिछले कुछ सालों में सबसे खराब एक्सीडेंट है.

    नाइजीरिया में सड़क खराब होने के कारण ऐसा आए दिन होता है.

  13. नमस्कार!

    अब तक बीबीसी संवाददाता अभिषेक पोद्दार इस लाइव पेज के ज़रिए आप तक दिन की अहम ख़बरें पहुंचा रहे थे.

    लेकिन अब से इस पेज के ज़रिए मैं यानी बीबीसी संवाददाता अश्वनी पासवान आपसे जुड़ा रहूंगा. आप हमारी वेबसाइट की कुछ अहम ख़बरों को यहां क्लिक कर पढ़ सकते हैं.

    राहुल गांधी अमेरिका दौरे पर हैं. जहां उन्होंने एक कार्यक्रम में शिरकत करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और आरएसएस को घेरा. राहुल गांधी ने क्या कुछ कहा जानने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें.

    ईरान समर्थित हिज़्बुल्लाह की दक्षिणी लेबनान में मज़बूत पैठ है. हिज़्बुल्लाह के दो धड़े हैं- सैनिक और राजनीतिक. यह संगठन भी इसराइल को अपना दुश्मन मानता है. इस हफ़्ते दुनिया जहान में इस लिंक पर क्लिक करके पढ़िये हिज़्बुल्लाह के बारे में.

    हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने पूर्व जेलर सुनील सांगवान को चरखी दादरी से टिकट दिया है. इनके जेलर रहते राम रहीम को कुल छह बार पेरोल मिली थी. पूरी ख़बर के लिए यहां क्लिक करें.

  14. विनेश फोगाट और बजरंग पुनिया के इस्तीफ़े को रेलवे ने किया मंजूर

    कांग्रेस महासचिव के साथ बजरंग पुनिया और विनेश फोगाट

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, कांग्रेस महासचिव के साथ बजरंग पुनिया और विनेश फोगाट

    रेलवे ने विनेश फोगाट और बजरंग पुनिया का इस्तीफ़ा स्वीकार कर लिया है. रेल मंत्रालय के प्रवक्ता और कार्यकारी निदेशक (आईपी) ने बीबीसी से इस ख़बर की पुष्टि की है. दोनों ही रेल विभाग में कार्यरत थे.

    विनेश फोगाट और बजरंग पुनिया ने हाल ही में कांग्रेस की सदस्यता ली थी. जिसके बाद दोनों ही खिलाड़ियों ने रेलवे की अपनी नौकरी से इस्तीफ़ा दे दिया था.

    विनेश फोगाट को कांग्रेस ने हरियाणा के जुलाना से विधानसभा का टिकट दिया है. वहीं बजरंग पुनिया को पार्टी ने ऑल इंडिया किसान कांग्रेस का चेयरमैन पद सौंपा है.

    दोनों ही खिलाड़ियों के कांग्रेस में शामिल होने पर राजनीतिक बयानबाज़ी भी हो रही है. बीजेपी के पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने विनेश फोगाट पर बेईमानी से ओलंपिक में जाने का आरोप लगाया था.

    बृजभूषण के इस आरोप के जवाब में विनेश ने कहा था कि मेरे लिए उनका कोई अस्तित्व नहीं हैं.

    विनेश फोगाट, बजरंग पुनिया और साक्षी मलिक समेत कई सारे पहलवान राजधानी दिल्ली में बृजभूषण शरण सिंह के ख़िलाफ़ धरने पर बैठे थे.

    पिछले साल भारतीय कुश्ती महासंघ के अध्यक्ष रहे बृजभूषण शरण सिंह के ख़िलाफ़ प्रदर्शनों में विनेश फोगाट एक चेहरा बनकर सामने आई थीं.

    बृजभूषण शरण सिंह पर यौन उत्पीड़न के आरोप लगे थे. हालांकि, बृजभूषण इन आरोपों से इनकार करते हैं.

    साल 2023 में पूरे साल बृजभूषण सिंह के ख़िलाफ़ विरोध प्रदर्शन चलता रहा. इस दौरान ऐसे दृश्य भी देखने को मिले जो खेल के इतिहास में पहले कभी नहीं देखे गए थे.

    पहलवान बजरंग पुनिया और विनेश फोगाट ने अपने सरकारी सम्मान 'खेल रत्न' और 'अर्जुन पुरस्कार' दिल्ली में फुटपाथ पर छोड़ दिए थे. दोनों पहलवानों ने पुलिस से इसे प्रधानमंत्री को सौंपने का अनुरोध किया था.

  15. कांग्रेस प्रवक्ता पवन खेड़ा ने कहा, राहुल गांधी ने आरएसएस चीफ़ की बात को ही दोहराया

    पवन खेड़ा

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, पवन खेड़ा

    राहुल गांधी के अमेरिका में आरएसएस पर दिए गए बयान को लेकर बीजेपी उनपर हमलावर है. अब इस मुद्दे पर कांग्रेस प्रवक्ता पवन खेड़ा ने भी प्रतिक्रया दी है और राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ को लेकर बयान दिया है.

    पवन खेड़ा ने न्यूज़ एजेंसी पीटीआई से कहा,“राहुल गांधी ने केवल मोहन भागवत की कही गई बात को ही तो दोहराया है. मोहन भागवत ने अक्सर भारत की महिलाओं को रसोई तक, घर की दीवारों तक ख़ुद को सीमित रखने और बाहर ना निकलने की सलाह दी है.”

    कांग्रेस प्रवक्ता पवन खेड़ा ने कहा, “तो मोहन भागवत की ही कही गई बात को कह देने में ऐसा क्या ग़लत है? क्या भारतीय जनता पार्टी इन दिनों मोहन भागवत के इतने ख़िलाफ़ है कि वो ये नहीं चाहते कि हम उनकी बात का ज़िक्र तक करें ?”

    पवन खेड़ा ने कहा है कि आरएसएस को भारत की कोई समझ नहीं है. उन्होंने भारत के संविधान का भी आख़िर तक विरोध किया था, जब वो संभव नहीं हो पाया तब जाकर उन्होंने संविधान को स्वीकारा. उन्होंने 52 साल तक तिरंगे का भी विरोध किया था. क्या ये बात किसी से छुपी है?

    राहुल गांधी ने आरएसएस को लेकर क्या कहा?

    राहुल गांधी इस वक़्त अमेरिका के दौरे पर हैं. इस दौरान एक कार्यक्रम में शिरकत करते हुए राहुल गांधी ने आरएसएस को निशाने पर लिया.

    राहुल गांधी ने कहा, ''आरएसएस मानता है कि भारत ‘एक विचार’ है, जबकि हम मानते हैं कि भारत ‘कई विचारों’ से बना है. हम अमेरिका की तरह मानते हैं कि हर किसी को सपने देखने का अधिकार है, सबको भागीदारी का मौक़ा मिलना चाहिए और यही लड़ाई है.''

  16. महबूबा मुफ़्ती ने इंजीनियर रशीद पर साधा निशाना, बोलीं- जेल में हैं तो...

    महबूबा मुफ़्ती (फ़ाइल फ़ोटो)

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, महबूबा मुफ़्ती (फ़ाइल फ़ोटो)

    जम्मू कश्मीर में विधानसभा चुनाव की तारीख़ जैसे-जैसे नज़दीक आती जा रही है, वैसे-वैसे नेताओं की प्रतिक्रियाएं भी आ रही हैं.

    अब जम्मू कश्मीर की पूर्व मुख्यमंत्री और पीडीपी प्रमुख महबूबा मुफ़्ती ने नेशनल कॉन्फ़्रेंस-कांग्रेस के गठबंधन और इंजीनियर रशीद पर हमला किया है.

    इंजीनियर रशीद पर निशाना साधते हुए महबूबा मुफ़्ती ने समाचार एजेंसी पीटीआई से कहा- इनके नेता जेल में हैं. हज़ारों की तादाद में इनके पास गाड़ियां है. लोगों को सोचना चाहिए कि इनके पास इतना पैसा कहां से आ गया.

    पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा, “पीडीपी को तोड़ कर कई पार्टियां बनाई गईं और जब वे सब नाक़ाम रहीं तब इंजीनियर रशीद की पार्टी को आगे किया जा रहा है. मैं लोगों को आग़ाह करना चाहती हूं कि आपके बेशक यहां पीडीपी, नेशनल कॉन्फ़्रेंस और कांग्रेस पार्टी है. लेकिन जो दूसरी पार्टियां हैं वे जम्मू कश्मीर के लोगों को नुकसान पहुंचाना चाहती हैं.”

    समाचार एजेंसी एएनआई के साथ बातचीत में उन्होंने कहा- नेशनल कॉन्फ़्रेंस और कांग्रेस का गठबंधन उसूलों के आधार पर नहीं बना है. अगर ऐसा होता तो साल 1987 के चुनाव में ही ये जम्मू कश्मीर को ख़ून के दरिया में नहीं धकेलते.

    वो बोलीं, ''पिछले इतने सालों से जम्मू कश्मीर में जो ख़ून बह रहा है उसकी वजह नेशनल कॉन्फ़्रेंस ही है. आज भी ये सरकार बनाने के लिए किसी भी हद तक जा सकते हैं.''

  17. पेरिस पैरालंपिक का समापन, मेडल जीतने वालों पर नीरज चोपड़ा ने क्या कहा

    नीरज चोपड़ा (फ़ाइल फ़ोटो)

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, नीरज चोपड़ा (फ़ाइल फ़ोटो)

    ओलंपिक मेडलिस्ट नीरज चोपड़ा ने अपने एक्स अकाउंट पर ट्वीट कर भारतीय खिलाड़ियों को पैरालंपिक में बेहतरीन प्रदर्शन की बधाई दी है.

    उन्होंने कहा, “टीम इंडिया ने पैरालंपिक 2024 में क्या शानदार प्रदर्शन किया है. मैं हर खिलाड़ी और पूरे स्टाफ को अपना सर्वश्रेष्ठ देने की, 29 मेडल जीतकर भारत लौटने की बधाई देता हूँ. भारत को आप पर गर्व है.”

    नीरज ने पेरिस ओलंपिक 2024 में जैवलिन थ्रो में भारत के लिए रजत पदक जीता है. 89.45 मीटर के थ्रो के साथ वो ये पदक जीतने में सफल रहे थे.

    पेरिस पैरालंपिक में भारत का प्रदर्शन ऐतिहासिक रहा है. जहाँ टोक्यो पैरालंपिक में भारत ने 19 पदक जीते थे, वहीं पेरिस पैरालंपिक में भारत ने कुल 29 पदक जीते. सात स्वर्ण, नौ रजत और 13 कांस्य पदक के साथ भारत पदक तालिका में 18वें स्थान पर रहा.

    रविवार की रात पेरिस में पैरालंपिक 2024 का समापन समारोह हुआ. गोल्ड मेडल जीतने वाले तीरंदाज़ हरविंदर सिंह और धावक प्रीति पाल इसमें भारत के ध्वजवाहक रहे.

    भारतीय पैरालंपिक खिलाड़ियों को पीएम मोदी ने भी ट्वीट कर बधाई दी.

  18. सूरत में गणेश पंडाल पर पथराव की घटना, गुजरात के गृह मंत्री ने क्या कहा

    गुजरात के गृह मंत्री हर्ष सांघवी

    इमेज स्रोत, @ANI

    इमेज कैप्शन, गुजरात के गृह मंत्री हर्ष सांघवी

    गुजरात के सूरत शहर में गणेश पंडाल पर पथराव की घटना पर राज्य के गृह मंत्री हर्ष सांघवी ने प्रतिक्रिया दी है.

    गुजरात के गृह मंत्री हर्ष सांघवी ने कहा, “सूरत शहर के सैय्यदपुरा इलाके में छह लोगों ने गणपति पंडाल पर पत्थर मारे. पुलिस ने इन सभी छह लोगों को गिरफ़्तार कर लिया है. इनको बहकाने वाले सभी 27 लोगों को भी पुलिस ने गिरफ़्तार किया है.”

    यह घटना रविवार रात की बताई जा रही है.

    सूरत के पुलिस कमिश्नर अनुपम सिंह गहलोत ने कहा, “रात को हुई घटना में गणेश पंडाल में कुछ छोटी उम्र के लड़कों ने पत्थर मारा था. पुलिस ने तुरंत उनको वहां से हटाया."

    पुलिस कमिश्नर ने कहा, ''उसी दौरान लोगों की भीड़ जमा हुई और मामला बिगड़ना शुरू हुआ. आमने-समाने से पत्थरबाज़ी हुई. इस दौरान पुलिस वालों को भी चोट लगी. स्थिति को संभालने के लिए पुलिस ने आंसू गैस भी छोड़ी और लाठी चार्ज भी किया.”

    सूरत पुलिस कमिश्नर ने कहा- इस स्थान पर पुलिस बल को तैनात कर दिया गया है. हमने इस घटना में कई सारे लोगों को पकड़ा है. हमारे पास सीसीटीवी फुटेज़ भी मौजूद है. साथ ही अलग-अलग सोर्स से हमारे पास वीडियो सुबूत हैं जिनके आधार पर पुलिस असली अभियुक्तों को पकड़ेगी और उन पर सख्त कार्रवाई करेगी.

  19. अमेरिका में राहुल गांधी ने आरएसएस को घेरा, गिरिराज सिंह ने दिया ये जवाब

    अमेरिका में राहुल गांधी

    इमेज स्रोत, @RahulGandhi

    इमेज कैप्शन, राहुल गांधी

    बीजेपी सांसद गिरिराज सिंह ने अमेरिका में राहुल गांधी के आरएसएस को लेकर दिए बयान पर अपनी प्रतिक्रिया दी है.

    गिरिराज सिंह ने कहा, ''अगर संभव हो तो ये अपनी दादी से जाकर पूछ लें कि सन 1971 में पाकिस्तान के साथ लड़ाई में आरएसएस की क्या भूमिका रही थी?''

    गिरिराज सिंह ने कहा, "आरएसएस को जानने के लिए राहुल गांधी को कई जन्म लेने पड़ेंगे. कोई देशद्रोही आरएसएस को नहीं जान सकता. जो विदेशों में जाकर देश की निंदा करे वो आरएसएस को नहीं जान सकता. लगता है कि राहुल गांधी भारत को बदनाम करने के लिए ही विदेश जानते हैं."

    उन्होंने कहा, "मैं बार-बार कह रहा हूं कि राहुल गांधी इस जन्म में आरएसएस को नहीं समझ पाएंगे, क्योंकि यह संगठन भारतीय संस्कार और संस्कृति से पैदा हुआ है."

    अमेरिका में राहुल गांधी ने क्या कहा

    राहुल गांधी इस वक़्त अमेरिका के दौरे पर हैं. नेता प्रतिपक्ष बनने के बाद राहुल गांधी का ये पहला अमेरिकी दौरा है.

    राहुल गांधी ने टेक्सास में भारतीय समयानुसार नौ सितंबर की सुबह दो कार्यक्रमों में शिरकत की. राहुल ने भारतीय समुदाय के लोगों से भी मुलाक़ात की और यूनिवर्सिटी ऑफ टेक्सास के एक कार्यक्रम में अपनी बातें रखीं.

    आरएसएस पर राहुल गांधी ने कहा, ''आरएसएस मानता है कि भारत ‘एक विचार’ है, जबकि हम मानते हैं कि भारत ‘कई विचारों’ से बना है. हम अमेरिका की तरह मानते हैं कि हर किसी को सपने देखने का अधिकार है, सबको भागीदारी का मौक़ा मिलना चाहिए और यही लड़ाई है.''

  20. बजरंग पुनिया को मिली धमकी, क्या बोले हरियाणा के सीएम नायब सिंह सैनी

    विनेश फोगाट और बजरंग पुनिया

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, विनेश फोगाट और बजरंग पुनिया

    हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कांग्रेस नेता और पहलवान बजरंग पुनिया को मिली धमकी पर अपनी प्रतिक्रिया ज़ाहिर की है.

    उन्होंने कहा, “अगर इस तरह की कोई धमकी मिली है तो उसकी जांच कराएंगे और जो दोषी होगा उस पर कार्रवाई करेंगे. किसी को बख्शा नहीं जाएगा.”

    इससे पहले रविवार को ही बजरंग पुनिया ने खुद को धमकी दिए जाने के मामले को लेकर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी.

    बजरंग की शिकायत के मुताबिक़, उनको किसी विदेशी नंबर से धमकी मिली है, जिसमें उनको कांग्रेस छोड़ने के लिए कहा गया है.

    हाल ही में बजरंग पुनिया और विनेश फोगाट दोनों कांग्रेस में शामिल हुए हैं. विनेश को हरियाणा के जुलाना से विधायकी का टिकट मिला है तो वहीं बजरंग को ऑल इंडिया किसान कांग्रेस का चेयरमैन पद सौंपा गया है.