You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

सऊदी अरब के साथ 142 अरब डॉलर के रक्षा समझौते के बाद ट्रंप क्या बोले?

सऊदी अरब पहुंचे अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रियाद में आयोजित सऊदी-अमेरिका इन्वेस्टमेंट फोरम को संबोधित किया.

सारांश

लाइव कवरेज

संदीप राय और सुरभि गुप्ता

  1. हमास ने रिहा किया आख़िरी अमेरिकी इसराइली बंधक, ट्रंप ने क्या कहा, योहाना चेज़म, बीबीसी न्यूज़

    अक्तूबर 2023 से ही ग़ज़ा में बंधक बने रहे अमेरिकी इसराइली एडन अलेक्ज़ेंडर अपने परिवार के बीच पहुंच गए हैं.

    अलेक्ज़ेंडर 19 महीने तक ग़ज़ा में बंधक रहे.

    सात अक्तूबर 2023 को जब हमास ने इसराइल में हमला बोला था, उस समय 21 वर्षीय अलेक्ज़ेंडर ग़ज़ा की सीमा पर एक विशेष सैन्य यूनिट में तैनात थे.

    एडन अलेक्ज़ेंडर का जन्म इसराइल के तेल अवीव में हुआ था, लेकिन उनकी परवरिश अमेरिका के न्यू जर्सी में हुई थी.

    सोमवार को इसराइल ने उनकी रिहाई के लिए ग़ज़ा में कुछ घंटों के लिए सैन्य अभियान को रोक दिया था.

    हमास के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बीबीसी को बताया कि यह रिहाई, मंगलवार को मध्य पूर्व में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के दौरे से पहले एक नए संभावित युद्ध विराम समझौते के प्रति सकारात्मक संदेश देने के लिए हुई है.

    माना जा रहा है कि अलेक्ज़ेंडर हमास के कब्ज़े में रहने वाले अंतिम ज़िंदा अमेरिकी नागरिक थे.

    राष्ट्रपति ट्रंप ने उनकी रिहाई पर उनके परिवार को शुभकामनाएं दी हैं.

    हमास ने इससे पहले कहा था कि अलेक्ज़ेंडर की रिहाई का मक़सद, ग़ज़ा पट्टी में मानवीय सहायता के प्रवेश का रास्ता निकालने के लिए था.

    इसराइल ने बीते 70 दिनों से ग़ज़ा में राशन, दवाएं और अन्य मानवीय सहायता पर रोक लगा रखी है.

    सहायता एजेंसियों का कहना है कि इसराइल का ये क़दम भुखमरी को हथियार बनाने के बराबर है और एक युद्ध अपराध जैसा है.

    इसराइल ने इसी साल मार्च के मध्य से ग़ज़ा पर फिर से बमबारी और सैन्य अभियान तेज़ कर दिया है.

  2. भारत और पाकिस्तान के डीजीएमओ के बीच किन मुद्दों पर हुई बात?

    भारत और पाकिस्तान के बीच संघर्ष रोकने पर सहमति के बाद सोमवार को शाम पांच बजे दोनों देशों के डायरेक्टर जनरल ऑफ़ मिलिट्री ऑपरेशंस (डीजीएमओ) के बीच बातचीत हुई.

    भारतीय सेना के सूत्रों ने बताया कि इस बातचीत में दोनों तरफ़ से एक भी गोली न चलाने या किसी तरह की आक्रामकता शुरू न करने समेत अन्य मुद्दों पर बात हुई.

    सूत्रों के मुताबिक़, इस बात पर सहमति बनी है कि दोनों पक्ष बॉर्डर इलाक़ों और अग्रिम मोर्चे से सैनिकों की संख्या घटाने को सुनिश्चित करने के लिए तत्काल क़दम उठाने पर विचार करेंगे.

    इससे पहले सोमवार को एक प्रेस कॉन्फ़्रेंस में डीजीएमओ लेफ़्टिनेंट जनरल राजीव घई ने कहा था कि कोई मौका नहीं था कि पाकिस्तान एयरफोर्स भारत के बहुस्तरीय डिफ़ेंस को पार करके भारतीय एयर फील्ड्स या लॉजिस्टिक इंस्टॉलेशंस को टारगेट कर पाए.

    इस बीच भारतीय सेना ने सोमवार देर रात कहा था कि जम्मू-कश्मीर के सांबा क्षेत्र में कुछ संदिग्ध ड्रोन देखे गए.

    दरअसल,पहलगाम में हुए हमले के बाद दोनों देशों के बीच चार दिनों तक सैन्य संघर्ष के बाद 10 मई को इसे रोकने को लेकर सहमति बनी थी.

  3. नमस्कार!

    बीबीसी हिंदी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता संदीप राय अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.

    कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें. कल की कुछ अहम ख़बरें पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.