राजस्थान: कॉपर खदान में लिफ़्ट टूटने से 14 लोग फंसे, बचाव अभियान जारी
राजस्थान के झुंझनू में कोलिहान खदान में एक लिफ़्ट के टूटने से कम से कम 14 लोगों के फंसे होने की आशंका है.
ये हादसा मंगलवार देर रात हिंदुस्तान कॉपर लिमिटेड (एचसीएल) की कॉपर खदान में हुआ. बचाव अभियान अभी भी जारी है.
समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार ये लिफ़्ट अधिकारियों को लाने-ले जाने के लिए थी.
नीम का थाना ज़िले के एसपी प्रवीण नायक ने पीटीआई से कहा है कि कुछ लोगों के घायल होने की आशंका है.
शुरुआती जानकारी के अनुसार एचसीएल की विजिलेंस टीम कुछ वरिष्ठ अधिकारियों के साथ निरीक्षण के लिए खदान के अंदर गई थी, लेकिन जब वे ऊपर आने लगे तो लिफ़्ट (शॉफ़्ट) की रस्सी टूट गई और अधिकारी वहीं फंस गए.
खेतड़ी से बीजेपी विधायक धर्मपाल गुर्जर ने समाचार एजेंसी एएनआई को बताया, "मुझे समाचार मिला तो मैं तुरंत यहां हाज़िर हुआ हूं. मैंने स्थिति का जायज़ा लिया है. मैंने एसडीएम से भी बात की है. रेस्क्यू टीम लगी हुई है. मेडिकल की 6-7 टीमें, एंबुलेंस यहां पर खड़ी हैं. सब दुआ कर रहे हैं और प्रयास कर रहे हैं कि फंसे हुए लोग सुरक्षित निकलें. पूरा प्रशासन अलर्ट है. किसी तरह के जान-माल के नुक़सान की सूचना अभी तक नहीं मिली है."