स्वीडन में स्कूल कैंपस में गोलीबारी- कम से कम छह लोग घायल

सेंट्रल स्वीडन के ओरब्रो केएक स्कूल में हुई गोलीबारी में कम से कम छह लोग घायल हो गए हैं. यह गोलीबारी स्थानीय समय के मुताबिक़ दोपहर क़रीब साढ़े 12 बजे हुई है.

सारांश

  • इंग्लैंड के ख़िलाफ़ एक दिवसीय मैचों की सिरीज़ के लिए भारतीय टीम में वरुण चक्रवर्ती को जगह दी गई है. वरुण ने इंग्लैंड के ख़िलाफ़ हुई हालिया टी-20 सिरीज़ में शानदार प्रदर्शन किया था.
  • बांग्लादेश में चिन्मय कृष्ण दास की ज़मानत पर सुनवाई करते हुएबांग्लादेश में हाई कोर्ट ने सरकार से पूछा है कि चिन्मय कृष्ण दास को ज़मानत क्यों न दी जाए.
  • चीन ने कई अमेरिकी उत्पादों पर टैरिफ़ लगाने का एलान किया है. इससे पहले अमेरिका ने चीनी उत्पादों पर 10% टैरिफ़ लगाने की घोषणा की थी.
  • अमेरिका ने मेक्सिको के बाद अब कनाडा पर भी टैरिफ़ लगाने का फैसला टाला.

लाइव कवरेज

दीपक मंडल, चंदन कुमार जजवाड़े

  1. चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग से बात कर सकते हैं ट्रंप, टैरिफ़ पर होगी चर्चा?

    अमेरिका और चीन

    इमेज स्रोत, इमेज स्रोत,

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग से बात कर सकते हैं. ये बातचीत अगले 24 घंटे में हो सकती है.

    व्हाइट हाउस की प्रेस सेक्रेट्री केरोलाइन लेविट ने फॉक्स न्यूज़ पर इसकी जानकारी दी है.

    समझा जा रहा है कि ट्रंप चीन पर लगाए गए टैरिफ़ के संबंध में शी जिनपिंग से बात कर सकते हैं.

    ट्रंप ने चीनी सामानों के आयात पर दस फ़ीसदी का अतिरिक्त टैरिफ़ लगाने का एलान किया है. ये टैरिफ़ मंगलवार से शुरू हो रहा है.

    चीन ने कहा है कि वो अमेरिका के इस कदम के ख़िलाफ़ डब्ल्यूटीओ में मामला दर्ज करा सकता है.

    अमेरिका ने मेक्सिको और कनाडा पर 25-25 और चीन पर 10 फ़ीसदी टैरिफ़ का एलान किया था.

    लेकिन मेक्सिको और कनाडा पर टैरिफ़ लगाने के फै़सले को एक महीने के लिए टाल दिया है.

    ये भी पढ़ें :

  2. दिल्ली में बारिश की हल्की फुहार, तापमान और गिरने के आसार

    बारिश

    इमेज स्रोत, Getty Images

    दिल्ली में सोमवार रात से कुछ जगहों पर हल्की बारिश हुई है. इससे राजधानी के तापमान में थोड़ी गिरावट आ गई है.

    सोमवार को दिल्ली के आसमान में बादलों की आवाजाही रही. मंगलवार की सुबह भी आसमान में बादल छाए दिख रहे हैं. पूरे दिन बादल छाए रहने के आसार हैं.

    मौसम विभाग ने मंगलवार को दिल्ली में गरज के साथ हल्की बारिश के एक दो दौर होने का पूर्वानुमान दिया है.

    अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमश: 21 और 12 डिग्री सेल्सियस रह सकता है.

    वैसे अभी सप्ताह भर तक तापमान में अधिक बढ़ोतरी का अनुमान नहीं है.

  3. अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो अल सल्वाडोर में, अवैध प्रवासियों की वापसी पर बात

    मार्को रूबियो

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, मार्को रूबियो (फ़ाइल फ़ोटो)

    अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो अल सल्वाडोर पहुंचे हैं.

    रूबियो वहां उस समझौते पर बात कर सकते हैं कि जिसके तहत अमेरिका में अवैध रूप से रह रहे अल सल्वाडोर के हजारों नागरिकों की वतन वापसी हो सकती है.

    अल सल्वाडोर के राष्ट्रपति नईब बुकेले अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की नीतियों के मुखर समर्थक रहे हैं.

    बुकेले अगर अमेरिका में अवैध तौर पर रह रहे अल सल्वाडोर के नागरिकों को वापस लेने के लिए राजी हो जाते हैं तो ये ट्रंप की आप्रवासी विरोधी नीति की बड़ी जीत होगी.

    समाचार एजेंसी रॉयटर्स के मुताबिक अल सल्वाडोर ने अपने उन लोगों को भी वापस लेने में सहमति जताई है जो अमेरिका में अपराध की वजह से जेलों में है.

    अल सल्वाडोर के राष्ट्रपति नयिब बुकेले ने रूबियो के समक्ष से पेशकश रखी है.

    रुबियो ने इस बारे कहा, "किसी देश ने आजतक दोस्ती का ऐसी मिसाल नहीं रखी है. हम बहुत शुक्रगुज़ार हैं. मैंने राष्ट्रपति ट्रंप से भी इस बारे में बात की है."

    ग़ैरक़ानूनी तौर पर काम करने वाले

    मौजूदा नीति के मुताबिक़ प्रवासी और राजनीतिक शरण मांगने वाले लोग अपने आवेदन की प्रोसेसिंग पूरी होने तक अमेरिका में रह सकते हैं. इस प्रक्रिया में कई महीने लग जाते हैं.

    अमेरिकी सरकार का कहना है कि इस बीच वो लोग अमेरिका में गैरक़ानूनी तौर पर काम करने लगते हैं. वो ये भी नहीं देखते कि उनके आवेदन की प्रोसेसिंग की क्या स्थिति है.

    अगर दोनों देश में सहमति बन जाती है तो अल सल्वाडोर के हजारों नागरिकों को वापस लौटना पड़ सकता है.

    अल सल्वाडोर के राष्ट्रपति नईब बुकेले ने कहा है कि वो अपने देश के नागरिकों को वापस लेने के लिए तैयार हैं. इनमें वेनेजुएला के ट्रेन डी आरागुआ गैंग के ख़तरनाक अपराधी भी शामिल हैं.

  4. अमेरिका ने मेक्सिको के बाद अब कनाडा पर भी टैरिफ़ लगाने का फ़ैसला एक महीने के लिए रोका, बताई ये वजह

    ट्रूडो

    इमेज स्रोत, Getty Images

    अमेरिका ने मेक्सिको के बाद अब कनाडा पर भी 30 दिनों के लिए टैरिफ़ लगाने के फ़ैसले को रोकने का एलान किया है.

    अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इसकी पुष्टि की है.

    उन्होंने कहा है कि कनाडा के सीमा के ज़रिए अमेरिका में दाख़िल होने वाली फ़ेंटानिल जैसी अवैध ड्रग्स रोकने के लिए कदम उठाए जाने के बाद, टैरिफ़ को 30 दिनों तक रोकने का फ़ैसला किया गया है.

    ट्रंप ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रूथ पर लिखा, ''कनाडा ने सुनिश्चित किया है कि अमेरिका के साथ लगी इसकी उत्तरी सीमा सुरक्षित होगी."

    उन्होंने कनाडा के प्रधानमंत्री जस्टिस ट्रूडो की सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर उस पोस्ट का हवाला दिया है, जिसमें कहा गया कि उन्होंने बॉर्डर सिक्योरिटी के लिए 1.3 अरब कनाडाई डॉलर खर्च करने का वादा किया है.

    ट्रूडो ने कनाडा-अमेरिका सरहद पर निगरानी के लिए एक अधिकारी नियुक्त किया है जो ड्रग कार्टेल के ख़िलाफ़ कार्रवाई करेगा.

    डोनाल्ड ट्रंप ने दो दिन पहले मेक्सिको और कनाडा पर 25-25 फ़ीसदी और चीन पर 10 फ़ीसदी टैरिफ़ लगाने का एलान किया था.

  5. नमस्कार!

    बीबीसी हिंदी के लाइव पेज में आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता दीपक मंडल अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.

    कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं.

    इस समय बीबीसी हिंदी के पन्ने पर मौजूद कुछ बड़ी ख़बरें आप नीचे दिए लिंक्स पर क्लिक कर पढ़ सकते हैं.

    ट्रंप के शपथ ग्रहण से पहले जयशंकर की अमेरिका में मौजूदगी को लेकर राहुल का बयान, विदेश मंत्री बोले- झूठ बोल रहे हैं राहुल

    प्रयागराज कुंभ: खड़गे ने भगदड़ में मरने वालों की संख्या के बारे में ऐसा क्या कहा कि मच गया हंगामा,

    राजस्थान: मूंछ काटने के बदले 11 लाख रुपये का ज़ुर्माना, जानिए क्या है पंचायत के फै़सले का पूरा मामला

    उदित नारायण: महिला फ़ैन को होठों पर किस करने पर घिरे, पहले भी रह चुका है विवादों से नाता