चम्पाई सोरेन को लेकर क्या बोले झारखंड के नेता प्रतिपक्ष

झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री चम्पाई सोरेन ने बीजेपी में शामिल होने की अटकलों के बीच सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म पर पोस्ट डालकर अपनी बात रखी है.

सारांश

  • देहरादून: बस में नाबालिग़ के साथ सामूहिक बलात्कार, 5 अभियुक्त गिरफ़्तार.
  • चम्पाई सोरेन ने कहा- प्रदेश में होने वाले विधानसभा चुनावों तक उनके राजनीतिक सफर में उनके लिए "सभी विकल्प खुले हुए हैं."
  • सेंसरशिप विवाद को लेकर सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म 'एक्स' ने ब्राज़ील में अपने कार्यालय को बंद कर दिया है.
  • बुलंदशहर के सलेमपुर-बदायूं मार्ग पर रविवार सवेरे बस और पिकअप गाड़ी की टक्कर 10 लोगों की मौत हो गई है.

लाइव कवरेज

सौरभ यादव

  1. चम्पाई सोरेन को लेकर क्या बोले झारखंड के नेता प्रतिपक्ष

    अमर कुमार बाऊरी

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, अमर कुमार बाऊरी (बीच में) - फ़ाइल फ़ोटो

    झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री चम्पाई सोरेन ने बीजेपी में शामिल होने की अटकलों के बीच सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म पर पोस्ट डालकर अपनी बात रखी है.

    चम्पाई सोरेन के पोस्ट को लेकर झारखंड में नेता प्रतिपक्ष (बीजेपी) अमर कुमार बाऊरी ने अपनी प्रतिक्रिया दी है.

    उन्होंने कहा, ''यह बहुत ही भावुक और संवेदनाओं से भरा पोस्ट है. यह वंशवादी और परिवारवादी पार्टियों की हकीकत को भी बयां करता है.

    बाऊरी ने कहा, '' चार पैराग्राफ का ये पोस्ट दिखलाता है एक वरिष्ठ नेता जो पूरे समर्पण के साथ ईमानदारी के साथ किसी पार्टी के साथ अपना चार दशक पूरा करता है. जो गुरु जी का हनुमान बनकर रहता है. हर फैसले और राजनीतिक उतार चढ़ाव में उनके साथ खड़ा रहता है. वो आज अपने आप को कितना बेबस और लाचार पाता है कि इस तरफ का पोस्ट करना पड़ रहा है.''

    उन्होंने कहा, ''चम्पाई सोरेन को जिस तरह से मुख्यमंत्री पद से हटाया गया. उनके साथ विधायक दल की बैठक में जो हुआ वो दिखाता है कि सत्ता के लोभ के यह परिवार (हेमंत सोरेन का परिवार) कुछ भी कर सकता है.

    बाऊरी ने कहा, '' ये वंशवादी और परिवारवादी पार्टियां भले ही अपने अंदर लोकतंत्र की दुहाई देती हों. संविधान से चलने का दावा करती हों लेकिन ये विशुद्ध रूप से वंशवादी की जननी ही नहीं इसकी पोषक भी हैं. ये पोस्ट आने वाले दिनों में झारखंड की राजनीति में बड़ा बदलाव लेकर आएगा. ''

    झ्रारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री चम्पाई सोरेन की दिल्ली यात्रा के बाद ये चर्चा गर्म है कि वो बीजेपी शामिल हो सकते हैं. हालांकि चम्पाई सोरेन ने अभी इसका एलान नहीं किया है. लेकिन ट्विटर पर लिखे अपने पोस्ट में कहा है कि प्रदेश में होने वाले आगामी विधानसभा चुनावों तक उनके राजनीतिक सफर में उनके लिए "सभी विकल्प खुले हुए हैं."

  2. कांग्रेस ने कर्नाटक में सोमवार को राज्यव्यापी प्रदर्शन का किया एलान, इमरान कुरैशी, बेंगलुरु से, बीबीसी हिंदी के लिए

    सिद्धारमैया

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, कर्नाटक के सीएम सिद्धारमैया (फाइल फोटो)

    कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया पर मुकदमा चलाए जाने को लेकर राज्यपाल की तरफ से मंजू़री मिलने के बाद कांग्रस ने सोमवार को राज्यस्तरीय प्रदर्शन की बात कही है.

    कर्नाटक कांग्रेस ने कहा है कि मैसूरु शहरी विकास प्राधिकरण (एमयूडीए) मामले में मुख्यमंत्री सिद्धारमैया के ख़िलाफ़ मुकदमा चलाने के लिए राज्यपाल थावरचंद गहलोत की ओर दी गई मंजूरी 'अवैध और राजनीति से प्रेरित' है. पार्टी ने इसके ख़िलाफ़ सोमवार को राज्यव्यापी विरोध प्रदर्शन की अपील की है.

    कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष डीके शिवकुमार ने सभी कार्यकर्ताओं से शांतिपूर्वक प्रदर्शन करने को कहा है. उन्होंने कार्यकर्ताओं से प्रदर्शन में शामिल होने वाले और हिंसा भड़काने वाले अराजक तत्वों से सावधान रहने को कहा है.

    एमयूडीए की ओर से सीएम की पत्नी पार्वती बीएम को 14 साइटों के कथित आउट-ऑफ-टर्न आवंटन के मामले को लेकर राज्यपाल ने मुख्यमंत्री के ख़िलाफ़ मुकदमा चलाने की मंजूरी दी है.

    केसारे गांव की ज़मीन के बदले सिद्धारमैया की पत्नी को मैसूर के विजयनगर लेआउट में 14 जगहें दी गई थीं. केसारे गांव में उनकी 3.16 एकड़ जमीन थी, जिस पर एमयूडीए ने अनाधिकृत रूप से कब्ज़ा कर लिया था.

    इस बीच सिद्धारमैया की ओर से कर्नाटक हाईकोर्ट में कांग्रेस नेता और वरिष्ठ अधिवक्ता अभिषेक मनु सिंघवी पैरवी करेंगे और राज्यपाल के आदेशों को रद्द करने की मांग करेंगे क्योंकि "ये अवैध, राजनीति से प्रेरित और राजभवन के अधिकारों का ग़लत इस्तेमाल है."

    सिद्धारमैया के क़रीबी एक व्यक्ति ने नाम न ज़ाहिर करने की शर्त पर बीबीसी को बताया, ''सिंघवी को सिद्धारमैया व्यक्तिगत तौर कोर्ट में पेश होने के लिए नियुक्त किया है.”

  3. बीआरएस ने तेलंगाना में फसल ऋण माफी को लेकर कांग्रेस को लिखा पत्र

    के टी रामा राव

    इमेज स्रोत, KTR/Facebook

    इमेज कैप्शन, के टी रामा राव (फाइल फोटो)

    भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) के कार्यकारी अध्यक्ष के टी रामा राव ने संसद में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और कांग्रेस के अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे को एक पत्र लिखा है.

    के टी रामा राव की ओर से लिखे गए पत्र में राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे से तेलंगाना में किसानों की फसल ऋण मांफी की मांग की गई है.

    बीआरस पार्टी ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स के हैंडल पर लिखे गए पत्र की प्रति को साझा किया है.

    बीआरएस के कार्यकारी अध्यक्ष के टी रामा राव ने पत्र में लिखा है, "मैं उन लाखों किसानों की तरफ से यह पत्र लिख रहा है हूं जिन्हें कांग्रेस की ओर से किए गए फसल ऋण मांफी के वादे को पूरा न कर पाने पर दुख हुआ है."

    उन्होंने लिखा है कि विधानसभा के चुनाव प्रचार के दौरान कांग्रेस के नेताओं और कांग्रेस के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने दो लाख रुपये तक ऋण को माफ़ करने का वादा किया था.

    फसल ऋण माफी कांग्रेस पार्टी की ओर से 2022 में जारी किए गए वारंगल रायतू डिक्लेरेशन का सबसे महत्वपूर्ण वादा था. हालांकि ज़मीनी हकीकत कुछ और ही कहानी बयां करती है.

    हालांकि कांग्रेस की ओर शुरू किए फसल ऋण माफी के कार्य में सभी मानदंडों को पूरा करने के बावजूद बहुत अधिक संख्या में किसानों को बाहर रखा गया है.

    उन्होंने लिखा है कि हमारे राज्य के किसानों के साथ धोखा किया गया है. बीआरएस पॉर्टी किसानों के साथ खड़ी है और उनके लिए लड़ती रहेगी और यह सुनिश्चित करेगी कि उनकी आवाजों को सुना जाए.

  4. बेलारूस ने यूक्रेन से लगती सीमा पर तैनात किए एक तिहाई सैनिक

    यूक्रेन बॉर्डर पर तैनात बेलारूस का सैनिक

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, यूक्रेन बॉर्डर पर तैनात बेलारूस का सैनिक (फाइल फोटो)

    यूक्रेनी सैनिकों की आक्रमकता को देखते हुए बेलारूस ने यूक्रेन से लगती सीमा पर अपने एक तिहाई सैनिकों को तैनात किया है.

    बेलारूस के राष्ट्रपति अलेक्जेंडर लुकाशेंको ने कहा कि यूक्रेन के साथ लग रही सीमा पर लगभग एक तिहाई सशस्त्र बलों को तैनात किया गया है.

    एक टेलीविज़न इंटरव्यू में लुकाशेंको ने कहा कि बेलारूस के कदम का मकसद यूक्रेनी सैनिकों द्वारा उत्पन्न किसी भी ख़तरे के ख़िलाफ़ देश की रक्षा करना है.

    बेलारूस के राष्ट्रपति ने कहा है कि बेलारूस और यूक्रेनी सीमा पर एक लाख से अधिक यूक्रेनी सैनिक हैं. यूक्रेन अपने सैनिकों हमारी सीमा के पास रख रहा है.

    उन्होंने कहा कि यूक्रेन के सैनिकों की आक्रमता को देखते हुए कुछ बिंदुओं पर बेलारूस के सैनिकों को तैनात किया गया है.

    लुकाशेंको ने कहा है कि युद्ध की स्थिति में हमारी सेना हमारी सीमाओं की रक्षा करेंगी.

    बेलारूस के राष्ट्रपति अलेक्जेंडर लुकाशेंको को रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन का करीबी माना जाता है.

  5. कोलकाता रेप मामले का सुप्रीम कोर्ट ने लिया स्वत: संज्ञान, मंगलवार को होगी सुनवाई

    सुप्रीम कोर्ट ऑफ इंडिया

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, सुप्रीम कोर्ट ऑफ इंडिया

    कोलकाता के आरजी कर मेडिकल मेडिकल कॉलेज में ट्रेनी डॉक्टर के साथ रेप के बाद हुई हत्या के मामले में सुप्रीम कोर्ट ने स्वत: संज्ञान लिया है.

    कोर्ट की वेबसाइट पर अपलोड किए गए दस्तावेज़ (कॉज़ लिस्ट) के मुताबिक़ 20 अगस्त यानी मंगलवार को मुख्य न्यायाधीश डी वाई चंद्रचूड़ और न्यायाधीश जेबी पारदीवाला और न्यायाधीश मनोज मिश्रा की बेंच इस मामले की सुनवाई करेगी.

    आरजी कर मेडिकल कॉलेज में पढ़ाई कर रही महिला डॉक्टर की लाश अस्पताल के सेमिनार हॉल में मिली थी. बताया जा रहा है कि डॉक्टर खाना खाने के बाद सेमिनार हॉल में ही सो गई थीं.

    घटना के बाद पुलिस ने अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया था और बाद में विरोध प्रदर्शन को देखते हुए सरकार ने मामले की जांच सीबीआई को सौंप दी थी.

    सुप्रीम कोर्ट की वेबसाइट पर लोड की गई कॉज़ लिस्ट का स्क्रीनशॉट
    इमेज कैप्शन, सुप्रीम कोर्ट की वेबसाइट पर लोड की गई कॉज़ लिस्ट का स्क्रीनशॉट

    आरजी कर मेडिकल कॉलेज और हॉस्पिटल के प्रिंसिपल डॉक्टर संदीप घोष ने घटना के बाद अपने पद से इस्तीफ़ा दे दिया था.

    15 अगस्त को भीड़ ने प्रदर्शन कर रहे डॉक्टरों पर हमला किया था और अस्पताल में तोड़फोड़ की थी.

    ऐसा कहा जा रहा था कि भीड़ ने उस स्थान को भी नुकसान पहुंचाने की कोशिश की थी जहां पर डॉक्टर की लाश मिली थी.

  6. कोलकाता रेप मामला: पीड़िता की मां ने घटना के दिन के बारे में क्या कहा

    प्रदर्शन करती छात्राएं

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, प्रदर्शन करती छात्राएं

    कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में ट्रेनी डॉक्टर के बलात्कार के बाद उसकी हत्या के मामले में मृत डॉक्टर की मां ने कहा मुझे लगता है पुलिस ने ठीक से अपना काम नहीं किया है.

    पीड़िता की मां ने कहा, "पहले हमें अस्पताल से फ़ोन आया कि आपकी बेटी बीमार है, फिर फ़ोन कट गया. उसके बाद जब मैंने फ़ोन करके उनसे और जानकारी मांगी तो उन्होंने मुझे अस्पताल आने को कहा. जब हमने दोबारा फ़ोन किया तो (फ़ोन करने वाले ने) खुद को असिस्टेंट सुपरिन्टेन्डेंट बताया और कहा कि आपकी बेटी ने आत्महत्या कर ली है."

    उन्होंने कहा कि वह गुरुवार को ड्यूटी पर गई थी और शुक्रवार को सुबह 10:53 पर उन्हें अस्पताल से फ़ोन आया था.

    उन्होंने बताया, "जब हम वहां पहुंचे तो हमें उसे देखने नहीं दिया गया. उन्होंने हमें बैठा कर रखा, 3 बजे जाकर उसे देखने दिया गया."

    पीड़िता की मां ने समाचार एजेंसी एएनआई से कहा, "उसकी पैंट खुली हुई थी उसके शरीर पर केवल एक कपड़ा था. उसका हाथ टूटा हुआ था उसकी आंखों और मुंह से खून निकल रहा था."

    उन्होंने कहा, "मैंने उनसे उसी वक्त कहा कि यह आत्महत्या नहीं हत्या है. हमने अपनी बेटी को डॉक्टर बनाने के लिए बहुत मेहनत की लेकिन उसकी हत्या कर दी गई."

    प्रदर्शन के दौरान ममता बनर्जी

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, प्रदर्शन के दौरान ममता बनर्जी

    पीड़िता की मां ने बताया कि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने उनसे फ़ोन पर बात की थी और अपराधियों को जल्द पकड़ने का आश्वासन दिया था.

    उन्होंने कहा, "सीएम ने कहा था कि अपराधी को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाएगा लेकिन अभी तक कुछ नहीं हुआ है."

    "एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है. मुझे यकीन है कि इस घटना में और भी कई लोग शामिल हैं. मुझे लगता है कि इस घटना के लिए पूरा विभाग ज़िम्मेदार है. पुलिस ने बिल्कुल भी अच्छा काम नहीं किया."

    उन्होंने कहा, "मुझे लगता है कि मुख्यमंत्री प्रदर्शन को रोकने की कोशिश कर रही हैं. आज उन्होंने यहां धारा 144 लगा दी है ताकि लोग प्रदर्शन न कर सकें."

    पीड़िता की मां ने कोलकाता पुलिस पर आरोप लगाते हुए कहा कि पुलिस का रवैया जल्द से जल्द पोस्टमॉर्टम कर शव का दाह संस्कार करने का था.

    उन्होंने कहा, "उन्होंने हमारे साथ बिल्कुल भी सहयोग नहीं किया, उन्होंने बस जल्द से जल्द मामले को दबाने की कोशिश की. उनकी कोशिश थी कि जल्द से जल्द पोस्टमार्टम करवाकर शव को हटाया जाए."

  7. जापानी सी-फूड पर बैन को लेकर हॉन्ग कॉन्ग ने क्या कहा?

    हांगकांग जारी रखेगा जापानी सी-फूड पर बैन

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, हांगकांग जारी रखेगा जापानी सी-फूड पर बैन

    हॉन्ग कॉन्ग ने कहा है कि क्षतिग्रस्त फुकुशिमा परमाणु संयंत्र से समुद्र में जल छोड़े जाने के बाद जापान से होने वाली समुद्री मछलियों के आयात पर लगाए गए आंशिक प्रतिबंध को वो बरकरार रखेगा.

    जापान के मत्स्यपालन मंत्री टेटसुशी सकामोटो की अपील के बावजूद हॉन्ग कॉन्ग ने बैन बरकार रखने का फ़ैसला लिया है.

    सकामोटो फिलहाल हॉन्ग कॉन्ग के दौरे पर हैं उन्होंने हॉन्ग कॉन्ग से प्रतिबंधों को हटाने की अपील करते हुए कहा था कि इनका कोई वैज्ञानिक आधार नहीं है.

    हॉन्ग कॉन्ग जापान के सी फूड के सबसे बड़े ग्राहकों में से एक रहा है.

    मेनलैंड चाइना ने भी फुकुशिमा परमाणु संयत्र से छोड़े जा रहे जल को लेकर चिंताओं के बीच जापानी मछली के आयात पर प्रतिबंध लगा दिया है. हालांकि संयुक्त राष्ट्र परमाणु निगरानी संस्था ने जापानी सी फूड को सुरक्षित बताया है.

    इन प्रतिबंधों ने जापानी समुद्री खाद्य पदार्थ क्षेत्र को काफ़ी नुक़सान पहुंचाया है जिसके कारण जापान को आपातकालीन सब्सिडी जारी करने पड़ी है.

  8. चम्पाई सोरेन के बीजेपी में जाने की अटकलों पर जेएमएम और बीजेपी ने क्या कहा?

    चम्पाई सोरेन

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री चम्पाई सोरेन (फाइल फोटो)

    झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री चम्पाई सोरेन के झारखंड मुक्ति मोर्चा छोड़कर बीजेपी के साथ जाने की चर्चाओं के बीच जेएमएम ने इसे बीजेपी का प्रोपागेंडा करार दिया है.

    चम्पाई सोरेन के घर से जेएमएम के झंडे हट गए हैं. उन्होंने अपने एक्स प्रोफ़ाइल से भी जेएमएम हटा दिया है, लेकिन बीजेपी के साथ जाने से जुड़े सवाल पर उन्होंने कहा है कि वो जहां हैं वहीं रहेंगे.

    रविवार को उन्होंने सोशल मीडिया पर एक लंबा पोस्ट लिखा और पार्टी से नाराज़गी की वजहें बताईं. साथ ही उन्होंने कहा कि इस सफर में उनके लिए "सभी विकल्प खुले हुए हैं."

    इस बीच उनकी दिल्ली यात्रा ने उनके बीजेपी के साथ आने की चर्चाओं को और हवा दे दी है.

    इस घटनाक्रम और चम्पाई सोरेन के बीजेपी के साथ जाने को लेकर बीबीसी संवाददाता दिलनवाज़ पाशा से बात करते हुए जेएमएम के प्रवक्ता सुप्रियो भट्टाचार्य ने कहा है कि इस तरह की ख़बरें बीजेपी का प्रोपागेंडा हैं.

    उन्होंने कहा, "चम्पाई कहीं नहीं जा रहे हैं और जेएमएम इस विषय पर इससे अधिक कुछ नहीं कहेगी."

    वहीं झारखंड में बीजेपी के नेता प्रतिपक्ष अमर कुमार बाऊरी ने बीबीसी संवाददाता दिलनवाज़ पाशा से कहा है कि पार्टी के पास चम्पाई के शामिल होने की कोई आधिकारिक जानकारी नहीं है. यह सब खबरें मीडिया के जरिए ही मिल रही हैं.

    चम्पाई सोरेन की क्या बीजेपी को ज़रूरत है इस सवाल पर उन्होंने कहा, "अभी उनके आने की कोई आधिकारिक ख़बर नहीं है ऐसे में इस प्रश्न का उत्तर नहीं दिया जा सकता है."

    कथित ज़मीन घोटाले में हेमंत सोरेन के जेल जाने के बाद चम्पाई सोरेन झारखंड के मुख्यमंत्री बने थें. हेमंत सोरेन के ज़मानत मिलने के बाद चम्पाई सोरेन ने सीएम पद से इस्तीफ़ा दे दिया था. हेमंत सोरेन ने फिर से मुख्यमंत्री पद संभाल लिया है.

    झारखंड में इसी साल विधानसभा चुनाव होने हैं. राज्य में इस समय राजनीतिक सरगर्मियां तेज़ हैं.

  9. ब्रेकिंग न्यूज़, चम्पाई सोरेन ने जारी किया बयान, जेएमएम छोड़ने को लेकर क्या कहा?

    झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री चम्पाई सोरेन

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री चम्पाई सोरेन (फाइल फोटो)

    झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री चम्पाई सोरेन ने बीजेपी में शामिल होने की अटकलों के बीच सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म पर पोस्ट डालकर अपनी बात रखी है.

    चम्पाई सोरेन ने लिखा है कि "आज समाचार देखने के बाद आप सभी के मन में कई सवाल उमड़ रहे होंगे. आख़िर ऐसा क्या हुआ जिसने कोल्हान के एक छोटे से गांव में रहने वाले एक गरीब किसान के बेटे को इस मोड़ पर लाकर खड़ा कर दिया."

    उन्होंने अपने पोस्ट में लिखा है कि 31 जनवरी को इंडिया गठबंधन ने उन्हें झारखंड के 12वें मुख्यमंत्री के तौर पर चुना था.

    चम्पाई सोरेन ने लिखा है कि "हूल दिवस के अगले दिन मुझे पता चला कि अगले दो दिनों के मेरे सभी कार्यक्रमों को पार्टी नेतृत्व द्वारा स्थगित करवा दिया गया है. क्या लोकतंत्र में इस से अपमानजनक कुछ हो सकता है कि एक मुख्यमंत्री के कार्यक्रमों को कोई अन्य व्यक्ति रद्द करवा दे?"

    कार्यक्रम में उन्हें शामिल होने से रोकने को उन्होंने अपना अपमान बताया है और लिखा, "अपमान का यह कड़वा घूंट पीने के बावजूद मैंने कहा कि नियुक्ति पत्र वितरण सुबह है जबकि दोपहर में विधायक दल की बैठक होगी, तो वहां से होते हुए मैं उसमें शामिल हो जाऊंगा. लेकिन उधर से साफ इंकार कर दिया गया."

    चम्पाई सोरेन
    इमेज कैप्शन, चम्पाई सोरेन का बयान

    चम्पाई सोरेन ने लिखा है कि "पिछले तीन दिनों से हो रहे अपमानजनक व्यवहार से भावुक होकर मैं आंसुओं को संभालने में लगा था. लेकिन उन्हें सिर्फ कुर्सी से मतलब था. मुझे ऐसा लगा मानो उस पार्टी में मेरा कोई वजूद ही नहीं है कोई अस्तित्व ही नहीं है. जिस पार्टी के लिए हमने अपना पूरा जीवन समर्पित कर दिया. इस बीच कई ऐसी अपमानजनक घटनाएं हुईं जिसका जिक्र फिलहाल नहीं करना चाहता. इतने अपमान एवं तिरस्कार के बाद मैं वैकल्पिक राह तलाशने हेतु मजबूर हो गया."

    उन्होंने अपने पोस्ट में इस बात की तरफ इशारा किया है कि हो सकता है कि वो जेएमएम छोड़ किसी और पार्टी में शामिल हो जाएं.

    उन्होंने लिखा कि प्रदेश में होने वाले आगामी विधानसभा चुनावों तक उनके राजनीतिक सफर में उनके लिए "सभी विकल्प खुले हुए हैं."

    उन्होंने लिखा, "मैंने भारी मन से विधायक दल की उसी बैठक में कहा कि- आज से मेरे जीवन का नया अध्याय शुरू होने जा रहा है. इसमें मेरे पास तीन विकल्प थे. पहला राजनीति से संन्यास लेना, दूसरा अपना अलग संगठन खड़ा करना और तीसरा इस राह में अगर कोई साथी मिले तो उसके साथ आगे का सफर तय करना."

  10. देहरादून: बस में नाबालिग़ के साथ सामूहिक बलात्कार, 5 अभियुक्त गिरफ़्तार, आसिफ़ अली, बीबीसी हिंदी के लिए

    देहरादून के एसएसपी अजय सिंह

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, देहरादून के एसएसपी अजय सिंह

    उत्तराखंड के देहरादून में सरकारी बस स्टैंड, आईएसबीटी में 12 और 13 अगस्त की मध्य रात्रि एक नाबालिग़ के साथ सामूहिक बलात्कार के मामले में पुलिस ने पांच अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है.

    बताया जा रहा है कि 12 और 13 अगस्त की रात नाबालिग़ लड़की के साथ दिल्ली से देहरादून आई बस में सामूहिक बलात्कार हुआ.

    रविवार को देहरादून के एसएसपी अजय सिंह ने बताया कि घटनास्थल पर लगे सीसीटीवी कैमरे खंगालने के बाद लड़की ने जिस बस का ज़क्र किया है उसे कब्जे़ में ले लिया है.

    पुलिस ने कहा है कि घटना में शामिल सभी 5 संदिग्धों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है. बस को भी कब्जे़ में ले लिया गया है, और फ़ोरेन्सिक टीम साक्ष्य एकत्र कर रही है.

    गिरफ्तार किए गए लोगों में 2 बस ड्राइवर, 1 कंडक्टर, 1 क्लीनर और 1 कैशियर शामिल हैं.

    ये मामला उस वक्त सामने आया जब 17 अगस्त को बाल कल्याण समिति की सदस्य प्रतिभा जोशी ने थाना पटेल नगर पर लिखित शिकायत दी थी.

    इसमें उन्होंने बताया था कि चाइल्ड लाइन की टीम ने पंजाब निवासी एक नाबालिग़ को रेस्क्यू कर बाल कल्याण समिति देहरादून के समक्ष पेश किया था.

    बालिका ने काउंसलिंग के दौरान बताया कि 12 अगस्त की रात में आईएसबीटी में बस के अंदर अज्ञात लोगों ने उसका बलात्कार किया है.

    बाल कल्याण समिति की शिकायत के आधार पर तत्काल थाना पटेल नगर में पॉक्सो अधिनियम के तहत अभियोग दर्ज किया गया था.

  11. कोलकाता के मेडिकल कॉलेज में हुई रेप की घटना को लेकर क्या बोले हरभजन सिंह

    हरभजन सिंह (फाइल फोटो)

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, हरभजन सिंह (फाइल फोटो)

    कोलकाता में आरजी कर मेडिकल कॉलेज में ट्रेनी डॉक्टर के साथ रेप के बाद हत्या के मामले को लेकर भारतीय क्रिकेट खिलाड़ी हरभजन सिंह ने प्रतिक्रिया दी है.

    हरभजन सिंह ने कहा है कि हाल फिलहाल में कोलकाता में हमारी देश की बेटी के साथ जो हुआ वह बहुत ग़लत हुआ और उसको इंसाफ दिलाने के लिए हम सब को एकजुट होकर सामने चाहिए.

    उन्होंने कहा कि इसे राजनीतिक मुद्दा नहीं बनाना चाहिए.

    उन्होंने कहा, "अधिकारियों से और सब लोगों से एक विनती है कि जल्द से जल्द इस बच्ची को इंसाफ़ मिले क्योंकि उसने तो अपनी जान दे दी हम नहीं चाहते हैं कि आने वाले समय में कोई भी ऐसा काम हो जिसके कारण हमारा सर शर्म से झुक जाए."

    हरभजन सिंह ने कहा है कि हम एक ऐसे देश के नागरिक हैं जहां हम मिलजुल के रहते हैं लेकिन ऐसी घिनौनी हरकत करने वालों को जरूर सज़ा मिलनी चाहिए.

    उन्होंने कहा है, "मैं ममता दीदी, गवर्नर साहब, बड़े पदाधिकारियों, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राष्ट्रपति जी और जितने भी देश के बड़े नेता हैं उन सब से यही कहना चाहता हूं कि यह वो समय है जब हम सब को एकत्र होकर एक ऐसा नियम बनाना चाहिए कि जहां पर आने वाले समय में ऐसी घिनौनी हरकत करने वाले के ज़हन में यह चीज रहे कि अगर ऐसा वह सोचते भी हैं तो उसका अंजाम क्या होगा."

  12. सेंसरशिप को लेकर 'एक्स' ने ब्राज़ील में अपना कारोबार किया निलंबित

    सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स ने ब्राजील में कारोबार किया निलंबित

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स ने ब्राजील में कारोबार किया निलंबित

    सेंसरशिप विवाद को लेकर सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म 'एक्स' ने ब्राज़ील में अपने कार्यालय को बंद कर दिया है.

    एक्स का कहना है कि ब्राज़ील के सुप्रीम कोर्ट के जज अलेक्जेंड्रे डी मोरेस ने उसके क़ानूनी प्रतिनिधि को 'सेंसरशिप आदेशों' को न मानने पर गिरफ्तार करने की धमकी दी है.

    ब्राज़ील के सुप्रीम कोर्ट ने इस बारे में कोई टिप्पणी नहीं की है.

    अरबपति एलन मस्क की इस कंपनी ने शनिवार को कहा है कि ब्राज़ील के लोग अभी भी एक्स का प्रयोग कर सकने में सक्षम हैं.

    ब्राज़ील सुप्रीम कोर्ट के जज मोरेस ने कई एक्स खातों पर दुष्प्रचार फैलाने का आरोप लगाया था. उन्होंने कहा था कि पूर्व दक्षिणपंथी राष्ट्रपति जायेर बोल्सोनारो के कई समर्थकों की जांच जारी है, इस दौरान उनके अकाउंट ब्लॉक कर दिया जाने चाहिए.

    एक्स के मालिक एलन मस्क के जज मोरेस की आलोचना करने के बाद जज ने एक्स के दोबारा शुरू किए जाने वाले किसी भी खाते पर प्रतिदिन 100,000 रेइस (ब्राज़ील की मुद्रा, लगभग 19,774 डॉलर) का जुर्माना लगाने का आदेश दिया था.

    जज मोरेस ने न्याय में बाधा डालने सहित अन्य आरोपों को लेकर एलन मस्क को जांज के दायरे में रखा है.

    सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स ने अपने बयान में कहा है कि कंटेट को ब्लॉक किया गया या नहीं इसमें ब्राज़ील में काम कर रहे कर्मचारियों का कोई नियंत्रण नहीं है, पर जज मोरेस ने क़ानून का सम्मान करने की बजाय कर्मचारियों को धमकी देना उचित समझा.

    एक्स ने कहा, "परिणामस्वरूप, अपने कर्मचारियों की सुरक्षा के लिए हमने ब्राजील में अपने कार्यों का परिचालन तुरंत बंद करने का निर्णय लिया है."

  13. ज़ेलेंस्की: रूसी क्षेत्र में कब्जे़ के बाद स्थिति को मज़बूत कर रहा यूक्रेन

    वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की (फाइल फोटो)

    यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की ने कहा है कि यूक्रेनी सैनिक रूस के अंदर कब्जे़ वाले क्षेत्र में अपनी स्थिति मज़बूत कर रहे हैं और आगे बढ़ रहे हैं.

    यूक्रेन के सैनिकों ने दो हफ्ते पहले रूसी क्षेत्र में घुसपैठ शुरू की थी. दो साल पहले रूस की ओर से किए गए आक्रमण के बाद से यह यूक्रेनी सैनिकों की सबसे बड़ी घुसपैठ है.

    सेना ने अपनी प्रतिदिन जारी की जाने वाली रिपोर्ट में कहा है कि यूक्रेन के सैनिक कुर्स्क क्षेत्र में और आगे बढ़ रहे हैं.

    रूस ने इस घुसपैठ को उकसावे वाला कदम बताया है और कहा है कि वह जवाबी कार्रवाई करेगा.

    टेलीग्राम पर जारी किए गए बयान में यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की ने कहा है, "मैं उन सभी सैनिकों और कमांडरों को धन्यवाद देता हूं जो रूस के बंदी बनाए गए सैनिकों को ले जा रहे हैं और रूस की ओर से पकड़े गए यूक्रेनी सैनिकों और नागरिकों की रिहाई को क़रीब ला रहे हैं."

    वहीं रूस ने कहा है कि उसके सैनिकों ने कुर्स्क क्षेत्र की तीन बस्तियों से यूक्रेनी सैनिकों को वापस भगा दिया है और रूस के भीतर घुसने की कोशिश कर रहे मोबाइल इनेमी ग्रुप्स की तलाश कर रहा है.

    यूक्रेन ने दावा किया है कि उनसे घुसपैठ से 80 से अधिक बस्तियों पर कब्ज़ा किया है.

  14. बुलंदशहर में हुए सड़क हादसे में 10 लोगों की हुई मौत

    सीपी सिंह

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, बुलंदशहर डीएम सीपी सिंह

    बुलंदशहर के सलेमपुर-बदायूं मार्ग पर रविवार सवेरे एक बस और मैक्स पिकअप गाड़ी में टक्कर हो गई है.

    बुलंदशहर के जिलाधिकारी सीपी सिंह ने हादसे के बारे में पूरी जानकारी दी है.

    सीपी सिंह ने कहा है कि आज एक पिकअप गाड़ी गाज़ियाबाद से संभल की तरफ जा रही थी और एक बस बुलंदशहर की तरफ आ रही थी. सलेमपुर थाने के पास दोनों वाहनों में टक्कर हो गई.

    उन्होंने समाचार एजेंसी एएनआई को बताया है कि दोनों वाहनों के बीच हुई टक्कर में कुल 37 लोग घायल हुए थे. जिसमें 10 लोगों की मौत हो चुकी है. 27 लोग घायल हुए हैं, जिनका इलाज चल रहा है.

    जिलाधिकारी ने कहा है कि यह घटना बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण है. गंभीर रूप से घायल हुए चार लोगों को मेरठ मेडिकल कॉलेज रेफ़र किया गया है.

    उन्होंने बताया है कि मृतक अलीगढ़ और संभल के रहने वाले हैं. 1 मृतक नरौरा का रहने वाला है और अभी एक की पहचान नहीं हो पाई है.

    जिलाधिकारी ने बताया है कि मुख्यमंत्री ने घटना का संज्ञान ले लिया है. एसएसपी साहब और मेडिकल टीम को अच्छे से अच्छा इलाज कराने के लिए मुख्यमंत्री जी ने तत्काल निर्देश दिया था.

  15. चम्पाई सोरेन दिल्ली पहुंचे, बीजेपी में शामिल होने के सवाल पर क्या बोले?

    चम्पाई सोरेन  (फ़ाइल फ़ोटो)

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, चम्पाई सोरेन (फ़ाइल फ़ोटो)

    झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री चम्पाई सोरेन राजधानी दिल्ली पहुंच गए हैं.

    बीजेपी में शामिल होने के सवाल पर उन्होंने कहा, “मैं यहां अपने निजी काम से आया हूं. मेरी बेटी यहां रहती है उससे मिलने आया हूं.”

    उन्होंने कहा, “अपने निजी काम से दिल्ली आना-जाना लगा रहता है. हम अभी जहां पर हैं वहीं पर हैं.”

    झारखंड के मौजूदा सीएम हेमंत सोरेन के जेल जाने के बाद चम्पाई सोरेन को झारखंड का मुख्यमंत्री बनाया गया था.

    31 जनवरी 2024 को हेमंत सोरेन की गिरफ़्तारी हुई थी. हालांकि हेमंत सोरेन के जेल से ज़मानत पर बाहर आते ही चम्पाई सोरेन ने अपने पद से इस्तीफ़ा दे दिया था.

  16. मशहूर फ़्रेंच अभिनेता एलेन डेलन का 88 साल की उम्र में हुआ निधन

    फ़्रेंच अभिनेता एलेन डेलन

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, फ़्रेंच अभिनेता एलेन डेलन

    फ़्रांस के मशहूर अभिनेता एलेन डेलन का 88 साल की उम्र में निधन हो गया. उनकी मृत्यु उन्हीं के घर पर हुई. जहां वे अपने परिवार और तीन बच्चों के साथ रहते थे.

    न्यूज़ एजेंसी एएफ़पी ने अभिनेता के बारे में लिखा कि वे एक ऐसे अभिनेता थे जो फ़्रेंच सिनेमा के सुनहरे दौर के ‘स्टार’ थे.

    पिछले कुछ सालों से एलेन डेलन की सेहत भी ख़राब चल रही थी. हाल ही में उनके परिवार के टूटने की ख़बरों ने भी ख़ासी सुर्ख़ियां बटोरी थीं.

    1960 के वक़्त एलेन डेलन को फ़्रेंच सिनेमा के सबसे ख़ूबसूरत अभिनेताओं में से एक माना जाता था.‘द लेपर्ड’ और ‘रोक्को एंड हिज़ ब्रदर्स’ उनकी हिट फ़िल्मों के तौर पर शुमार हैं.

    फ़्रांस के ले पेरिसियन अख़बार ने डेलन को सिनेमा जगत का लीजेंड बताया. इसी साल फ़रवरी में फ़्रांस पुलिस ने उनके घर से लगभग 72 बंदूकें और 300 से ज़्यादा गोला बारूद ज़ब्त किया था.

    एलेन डेलन ने अपने पूरे करियर के दौरान 90 से भी ज़्यादा फ़िल्मों में काम किया था.

  17. संजय सिंह बोले- भाजपा की 300 सीटें होतीं तो संविधान और आरक्षण दोनों ख़त्म हो जाता

    आम आदमी पार्टी के नेता संजय सिंह (फ़ाइल फ़ोटो)

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, आम आदमी पार्टी के नेता संजय सिंह (फ़ाइल फ़ोटो)

    संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) ने संयुक्त सचिव (ज्वाइंट सेक्रेटरी) और निदेशक (डायरेक्टर) के पदों के लिए लैटरल एंट्री स्कीम के तहत वैकेंसी निकाली है.

    इस वैकेंसी में सीधी भर्ती के तहत नियुक्ति की जाएगी. हालांकि इस फ़ैसले पर विपक्ष आरोप लगा रहा है कि इस भर्ती में आरक्षण के अधिकार का हनन होगा.

    इस मामले में अब आम आदमी पार्टी के नेता संजय सिंह ने भाजपा पर निशाना साधा है.

    उन्होंने कहा, “भारतीय जनता पार्टी आरक्षण विरोधी पार्टी है. यह पार्टी पूरे देश में पिछड़ों, वंचितों और दलितों का आदिवासियों का आरक्षण ख़त्म करना चाहती है.”

    संजय सिंह ने कहा, “इनको 240 सीटें ही मिलीं. अगर इनकी 300 सीटें भी आ जातीं तो ये ज्वाइंट सेशन बुलाकर संविधान ही बदल देते. ये आरक्षण ख़त्म कर देते.”

    संजय सिंह ने बयान दिया कि केंद्र सरकार में भाजपा की सहयोगी पार्टियां आरक्षण की वकालत करती रही हैं, लेकिन अब उनके सामने ही आरक्षण ख़त्म हो रहा है. लैटरल एंट्री एक नया फ़ॉर्मूला है जो आरक्षण ख़त्म कर रहा है.

  18. दक्षिण अमेरिकी देश वेनेजुएला में क्यों रहे हैं सरकार विरोधी प्रदर्शन

    वेनेजुएला में हो रहे सरकार विरोधी प्रदर्शन

    इमेज स्रोत, Reuters

    इमेज कैप्शन, वेनेजुएला में हो रहे सरकार विरोधी प्रदर्शन

    दक्षिण अमेरिकी देश वेनेजुएला में इन दिनों सरकार विरोधी प्रदर्शन हो रहे हैं.

    ये प्रदर्शन पिछले महीने हुए राष्ट्रपति चुनाव में निकोलस मादुरो की विवादित जीत के बाद शरू हुए हैं.

    मादुरो की जीत के विरोध में विपक्षी पार्टियों के नेता समेत हज़ारों नागरिक भी सड़कों पर हैं.

    विपक्षी दलों में से एक की नेता मारिया मचाडो भी वेनेजुएला की राजधानी में हो रहे विरोध प्रदर्शन में शामिल हुईं. उन्होंने कहा कि लोगों की आवाज़ से ऊपर कुछ भी नहीं होता और लोग यहां अपनी बात रख रहे हैं.

    सरकार विरोधी प्रदर्शनों की वजह से वेनेजुएला की राजधानी में भारी संख्या में सेना और पुलिस बल को भी तैनात किया गया है.

    यूरोपीय संघ, अमेरिका और कई लैटिन अमेरिकी देशों ने वेनेजुएला के राष्ट्रपति चुनाव के नतीजों को मानने से इंकार कर दिया है.

  19. पीएम मोदी ने थाईलैंड की नई पीएम पाएटोंगटार्न चिनावाट को दी बधाई

    नरेंद्र मोदी (फ़ाइल फ़ोटो)

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, नरेंद्र मोदी (फ़ाइल फ़ोटो)

    थाईलैंड की नई प्रधानमंत्री पाएटोंगटार्न चिनावाट को भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुभकामनाएं दी हैं.

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक्स पोस्ट में लिखा, “थाईलैंड के प्रधानमंत्री के रूप में आपके चुनाव पर बधाई. एक बहुत ही सफल कार्यकाल के लिए शुभकामनाएँ.”

    पीएम मोदी ने लिखा कि भारत और थाईलैंड के बीच द्विपक्षीय संबंधों को और मज़बूत करने के लिए आपके साथ काम करने की उम्मीद है, जो सभ्यता, संस्कृति और लोगों के बीच जुड़ाव की मज़बूत नींव पर आधारित है.

    37 वर्षीय चिनावाट थाईलैंड के इतिहास की सबसे कम उम्र की प्रधानमंत्री बनी हैं, साथ ही वे इस पद पर पहुंचने वाली देश की दूसरी महिला हैं.

    पूर्व प्रधानमंत्री श्रीथा टाविसिन को संवैधानिक कोर्ट से बर्ख़ास्त करने के ठीक दो दिन बाद चिनावाट को प्रधानमंत्री पद के लिए चुना गया था.

  20. यूपीएससी की लैटरल एंट्री की घोषणा पर विपक्ष ने सरकार को घेरा, कहा- आरक्षण अधिकार का हनन

    यूपीएससी

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, यूपीएससी

    संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) ने लैटरल एंट्री स्कीम के तहत संयुक्त सचिव (ज्वाइंट सेक्रेटरी) और निदेशक (डायरेक्टर) के पदों के लिए वैकेंसी की घोषणा की है.

    इस वैकेंसी में सीधी भर्ती के तहत नियुक्ति की जाएगी. हालांकि इस फ़ैसले पर विपक्ष आरोप लगा रहा है कि इस भर्ती में आरक्षण के अधिकार का हनन होगा.

    मुख्य विपक्षी पार्टी कांग्रेस ने एक एक्स पोस्ट में लिखा, “बीजेपी ने एक बार फिर से आरक्षण पर वार किया है. मोदी सरकार ने केंद्र में जॉइंट सेक्रेटरी, डायरेक्टर, डिप्टी सेक्रेटरी के क़रीब 45 पद भरने के लिए लैटरल एंट्री का विज्ञापन निकाला है.”

    कांग्रेस के मुताबिक़, “इसमें ओबीसी, एससी, एसटी और ईडब्ल्यूएस का आरक्षण नहीं है. ऐसा इसलिए है कि मोदी और बीजेपी सरकार जानबूझकर ऐसा कर रही है ताकि इन वर्गों को नौकरियों से दूर रखा जा सके.”

    कांग्रेस ने लिखा कि यह क़दम संविधन पर हमला है.

    वहीं तेजस्वी यादव ने लिखा, “केंद्र की मोदी सरकार बाबा साहेब के लिखे संविधान और आरक्षण के साथ कैसा घिनौना मज़ाक एवं खिलवाड़ कर रही है, यह विज्ञापन उसकी एक छोटी सी बानगी है.”

    यूपी की पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने भी इसका विरोध करते हुए लिखा, “केंद्र में संयुक्त सचिव, निदेशक एवं उप सचिव के 45 उच्च पदों पर सीधी भर्ती का निर्णय सही नहीं है, क्योंकि सीधी भर्ती के माध्यम से नीचे के पदों पर काम कर रहे कर्मचारियों को पदोन्नति के लाभ से वंचित रहना पड़ेगा."