You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

ट्रंप ने हमास को दी डेडलाइन, कहा- इसके बाद कहर बरपेगा

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ग़ज़ा में जंग ख़त्म करने को लेकर अपने प्रस्ताव के लिए हमास को डेडलाइन दी है.

सारांश

लाइव कवरेज

सुमंत सिंह, सुरभि गुप्ता

  1. ट्रंप के बयान पर पुतिन बोले- 'अगर हम पेपर टाइगर हैं, तो नेटो क्या है?'

    रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के उस बयान पर प्रतिक्रिया दी है, जिसमें उन्होंने कहा था कि रूस 'पेपर टाइगर' यानी काग़ज़ी शेर है.

    पुतिन ने सुरक्षा एवं भू-राजनीतिक मामलों के विशेषज्ञों के बीच चर्चा के दौरान कहा, "क्या हम पेपर टाइगर हैं? अगर हम पेपर टाइगर हैं तो फिर नेटो क्या है?"

    पुतिन ने कहा, "हमारे लिए सबसे ज़रूरी चीज़ अपने कॉन्फ़िडेंस को बनाए रखना है और हम कॉन्फ़िडेंट हैं."

    बीते दिनों ट्रंप ने एक सोशल मीडिया पोस्ट कर रूस को 'पेपर टाइगर' कहा था.

    उन्होंने कहा था कि यूरोप और नेटो के समर्थन से और रूस की अर्थव्यवस्था पर बढ़ते दबाव की वजह से यूक्रेन "अपनी मूल सीमाएं वापस पा सकता है जहां से यह जंग शुरू हुई थी".

    ट्रंप ने कहा था कि "यूक्रेन और रूस की सैन्य और आर्थिक स्थिति को पूरी तरह से जानने और समझने के बाद" उनकी सोच बदल गई है.

    उन्होंने रूस को "पेपर टाइगर" बताते हुए कहा था, "पुतिन और रूस बड़ी आर्थिक समस्या में हैं और यह यूक्रेन के लिए कार्रवाई करने का समय है."

  2. मीराबाई चनू ने वर्ल्ड वेटलिफ़्टिंग चैंपियनशिप में जीता सिल्वर मेडल

    भारतीय स्टार वेटलिफ़्टर मीराबाई चनू ने वर्ल्ड वेटलिफ़्टिंग चैंपियनशिप 2025 में सिल्वर मेडल अपने नाम किया है. यह मेडल उन्होंने 48 किलोग्राम भार वर्ग में जीता है.

    इससे पहले मीराबाई ने साल 2017 के वर्ल्ड चैंपियनशिप में गोल्ड और 2022 में सिल्वर मेडल अपने नाम किया था.

    मीराबाई ने कुल 199 किलोग्राम वज़न उठाया. उन्होंने स्नैच में 84 किलोग्राम और क्लीन एंड जर्क में 115 किलोग्राम वज़न उठाकर सिल्वर मेडल जीता.

    इसी साल अगस्त महीने में अहमदाबाद में हुई कॉमनवेल्थ वेटलिफ़्टिंग चैंपियनशिप में मीराबाई चनू ने गोल्ड मेडल जीता था.

    मीराबाई चनू ने टोक्यो ओलंपिक में भी सिल्वर मेडल अपने नाम किया था. वह लगातार दो साल तक बीबीसी इंडियन स्पोर्ट्सवुमन ऑफ़ द ईयर की विजेता रही हैं. उन्होंने 2021 और 2022 में यह अवॉर्ड जीता था.

  3. ब्रिटेन में यहूदियों पर हमला करने वाले की पुलिस ने पहचान की, मार्क वाडिंगटन और जेम्स चाटर, बीबीसी न्यूज़

    ब्रिटेन के मैनचेस्टर में एक सिनेगॉग के पास हुए हमले में दो यहूदी लोगों की मौत हो गई है. पुलिस ने यह हमला करने वाले की पहचान कर ली है.

    पुलिस के मुताबिक़, हमलावर का नाम जिहाद अल-शामी है. 35 साल के अल-शामी सीरियाई मूल के ब्रिटिश नागरिक थे. उन्होंने गुरुवार को हीटन पार्क हिब्रू कांग्रिगेशन सिनेगॉग के बाहर मौजूद लोगों को कार से टक्कर मारी और फिर राहगीरों पर चाकू से हमला किया था.

    पुलिस ने मौक़े पर ही हमलावर को गोली मार दी थी.

    ग्रेटर मैनचेस्टर पुलिस (जीएमपी) ने इस हमले को 'आतंकवादी हमला' बताया है. पुलिस ने जानकारी दी कि जांच के दौरान तीन लोगों को गिरफ़्तार किया गया है.

    ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीएर स्टार्मर ने इस हमले की निंदा की है. उन्होंने कहा कि देशभर के सिनेगॉग्स में "अतिरिक्त पुलिस बल" तैनात किए जाएंगे.

    यह हमला योम किप्पुर के दिन हुआ, जो यहूदी कैलेंडर का सबसे पवित्र दिन माना जाता है.

    संबंधित कहानियां:

  4. ओवैसी बोले- देश में 'आई लव मोदी' तो बोल सकते हैं, लेकिन...

    हैदराबाद के सांसद और ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) के नेता असदुद्दीन ओवैसी ने कहा कि देश में 'आई लव मोदी' तो बोल सकते हैं, लेकिन 'आई लव मोहम्मद' नहीं बोल सकते.

    गुरुवार को हैदराबाद में एक जनसभा को संबोधित करते हुए ओवैसी ने यह बात कही.

    संभल मस्जिद मामले का ज़िक्र कर ओवैसी ने कहा, "अब तो हमारी मस्जिद को भी छीनना चाह रहे हैं. हद तो ये हो गई है कि इस देश में 'आई लव मोदी' बोल सकते हैं, लेकिन 'आई लव मोहम्मद' नहीं बोल सकते. कहां लेकर जाएंगे इस मुल्क को आप?"

    बीते दिनों उत्तर प्रदेश में 'आई लव मोहम्मद' के पोस्टर की वजह से विवाद हुआ. यह विवाद देश के दूसरे राज्यों में भी दिखा.

    इस बीच बरेली में जुमे की नमाज़ के बाद 'आई लव मोहम्मद' प्रदर्शन हिंसक झड़पों में बदल गया था.

    इस मामले में पुलिस ने इत्तेहाद-ए-मिल्लत काउंसिल के अध्यक्ष और चर्चित इस्लामी विद्वान अहमद रज़ा ख़ान के वंशज मौलाना तौक़ीर रज़ा ख़ान समेत 50 से अधिक लोगों को गिरफ़्तार किया है.

    संबंधित कहानियां:

  5. ब्रिटेन में यहूदियों पर हुए हमले के बाद पीएम स्टार्मर ने क्या कहा?

    ब्रिटेन के मैनचेस्टर में एक सिनेगॉग (यहूदी प्रार्थना स्थल) के पास कार से टक्कर और चाकू के हमले में दो लोगों की मौत हो गई है. प्रधानमंत्री किएर स्टार्मर ने इसे 'आतंकवादी हमला' बताया है.

    यह घटना योम किप्पुर के दिन हुई है जिसे यहूदी कैलेंडर में सबसे पवित्र दिन माना जाता है.

    पीएम स्टार्मर ने गुरुवार शाम को कहा, "यहूदियों पर हुआ यह एक घिनौना आतंकवादी हमला था. उन्हें इसलिए निशाना बनाया गया क्योंकि वे यहूदी हैं. यहूदी-विरोधी भावना नफ़रत की तरह है, जो एक बार फिर बढ़ रही है."

    उन्होंने कहा कि ब्रिटेन को एक बार फिर यहूदी-विरोधी भावना को हराना होगा.

    प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में यहूदी समुदाय से एक वादा भी किया. उन्होंने कहा, "मैं देश के सभी यहूदियों से वादा करता हूं कि मैं आप सभी को वह सुरक्षा देने की हर संभव कोशिश करूंगा, जिसके आप हक़दार हैं."

    प्रधानमंत्री स्टार्मर डेनमार्क की राजधानी कोपेनहेगन में नेताओं की एक समिट में थे, लेकिन इस घटना की वजह से वह समिट बीच में छोड़कर वापस ब्रिटेन लौट आए.

  6. नमस्कार!

    बीबीसी हिन्दी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता सुमंत सिंह अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.

    कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    हमारे पेज पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.