You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

महाराष्ट्र, झारखंड चुनाव: पीएम मोदी ने फिर दोहराया 'एक हैं तो सेफ़ हैं' का नारा

पीएम मोदी ने महाराष्ट्र और झारखंड के चुनावी नतीजों के बाद दिल्ली के बीजेपी हेडक्वार्टर में पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित किया.

सारांश

  • पीएम मोदी ने महाराष्ट्र और झारखंड विधानसभा चुनाव के नतीजों पर प्रतिक्रिया दी है.
  • महाराष्ट्र के मौजूदा उपमुख्यमंत्री और बीजेपी नेता देवेंद्र फडणवीस ने सीएम पद के सवाल पर जवाब दिया है.
  • चुनावी नतीजों और रुझानों पर राज्य के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने जनता का धन्यवाद किया.
  • तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासिचव अभिषेक बनर्जी ने पश्चिम बंगाल उपचुनाव में जीत दर्ज करने वाले पार्टी के सभी छह उम्मीदवारों को बधाई दी है.
  • प्रियंका गांधी ने वायनाड लोकसभा उपचुनाव में चार लाख से भी ज़्यादा वोटों से जीत दर्ज की है.
  • एकनाथ शिंदे ने महाराष्ट्र की जनता को शुक्रिया कहा, सीएम को लेकर कही ये बात.

लाइव कवरेज

शिल्पा ठाकुर और अभिषेक पोद्दार

  1. महाराष्ट्र में नए सीएम के सवाल पर बोले एकनाथ शिंदे

    महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में महायुति गठबंधन 220 सीट पर आगे चल रहा है.

    अभी तक के रुझान देखें, तो महाराष्ट्र में महायुति की सरकार बनती दिख रही है. इस पर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री और शिवसेना नेता एकनाथ शिंदे ने राज्य के लोगों को धन्यवाद दिया.

    उन्होंने कहा, "आज मैं महाराष्ट्र के तमाम मतदाताओं को धन्यवाद देता हूं क्योंकि ये जीत ऐतिहासिक है. मैंने कहा था कि महायुति को भारी बहुमत मिलेगा. मैं अपनी लाडली बहनों, लाडले किसानों और सभी वर्गों को धन्यवाद देता हूं."

    उन्होंने आगे कहा, "महायुति ने जो काम किया है, जनता ने उस पर वोट दिया है, इसलिए महायुति को इतनी बड़ी जीत हासिल हुई."

    मुख्यमंत्री कौन बनेगा, इस सवाल के जवाब में एकनाथ शिंदे ने कहा, "पहले अंतिम आंकड़े आने दीजिए. उसके बाद तीनों पार्टियों के प्रमुख लोग बैठेंगे. जैसे हमने साथ में चुनाव लड़ा, वैसे ही साथ बैठकर ये फैसला भी करेंगे."

    यह भी पढ़ें:

  2. महाराष्ट्र में कौन बन सकता है मुख्यमंत्री?

    महाराष्ट्र में 288 सीटों पर हुए विधानसभा चुनाव में बीजेपी के नेतृत्व वाला महायुति गठबंधन 217 सीटों पर आगे चल रहा है. वहीं, कांग्रेस की अगुवाई वाले महा विकास अघाड़ी को अभी तक 51 सीटों पर बढ़त है.

    अगर ये रुझानों नतीजों में बदलते हैं तो ये महायुति की बड़ी जीत होगी. इसी को देखते हुए बीजेपी, शिवसेना और अजित पवार के गुट वाली एनसीपी के कार्यकर्ताओं और नेताओं ने जश्न मनाना भी शुरू कर दिया है.

    हालांकि, अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि महायुति की सरकार में सीएम कौन होगा.

    महाराष्ट्र की राजनीति पर पैनी नज़र रखने वाले वरिष्ठ पत्रकार जीतेंद्र दीक्षित ने बीबीसी हिंदी को बताया कि महायुति गठबंधन में बीजेपी सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभर रही है. इसलिए बीजेपी का कोई नेता ही मुख्यमंत्री बन सकता है. सबसे पहला नाम देवेंद्र फडणवीस का ज़हन में आता है. अगर वो नहीं बनते हैं, तो कोई और नया नाम सामने आ सकता है.

    उन्होंने कहा कि पिछले चुनाव में मध्य प्रदेश, राजस्थान और छत्तीसगढ़ में जो पैटर्न दिखा, अचानक किसी लो प्रोफाइल चेहरे को मुख्यमंत्री बना दिया गया. अगर बीजेपी वैसा ही पैटर्न यहां भी इस्तेमाल करती है तो फडणवीस के अलावा किसी और को मुख्यमंत्री बनाया जा सकता है.

    जीतेंद्र दीक्षित ने कहा कि सुधीर मुनगंटीवार एक बड़ा नाम है. जो ओबीसी चेहरा हैं, विदर्भ इलाके से आते हैं. इनके अलावा विनोद तावडे़ या पंकजा मुंडे भी बडे़ नाम हैं.

  3. झारखंड: हेमंत-कल्पना सोरेन से लेकर बाबूलाल मरांडी तक, कौन आगे और कौन पीछे?

    झारखंड विधानसभा चुनाव की मतगणना जारी है और अब तक के रुझानों में जेएमएम और कांग्रेस के गठबंधन को एकतरफ़ा बढ़त है.

    चुनाव आयोग की वेबसाइट पर मौजूद आंकड़ों के अनुसार जेएमएम 30, कांग्रेस 14, आरजेडी पाँच सीटों पर आगे हैं. वहीं बीजेपी 24, आजसू 2, एलजेपी(रामविलास) एक और तीन सीटों पर अन्य दल के साथ ही निर्दलीय आगे हैं.

    सीएम हेमंत सोरेन बरहेट सीट पर करीब 4 हज़ार 900 वोटों से आगे हैं. वहीं गांडेय सीट से उनकी पत्नी कल्पना सोरेन फिलहाल भारतीय जनता पार्टी की मुनिया देवी से साढ़े चार हज़ार वोटों से पीछे चल रही हैं.

    झारखंड बीजेपी अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी धनवार सीट पर 10 हज़ार से अधिक वोटों से आगे चल रहे हैं.

    झारखंड में बीजेपी और जेएमएम नेतृत्व के बीच मुकाबला है. बीजेपी ज़्यादातर सीटों पर खुद चुनाव लड़ रही है.

    पार्टी ने अपने गठबंधन सहयोगी ऑल झारखंड स्टूडेंट्स यूनियन को 10 सीटें दी हैं. वहीं इंडिया गठबंधन की तरफ़ से जेएमएम और कांग्रेस मुख्य दावेदार हैं.

    2019 के चुनाव में जेएमएम राज्य की सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरी थी. उसने कांग्रेस और राष्ट्रीय जनता दल के साथ मिलकर सरकार बनाई थी.

  4. उत्तर प्रदेश विधानसभा उपचुनाव: बीजेपी और समाजवादी पार्टी में कौन कितनी सीटों पर आगे?

    उत्तर प्रदेश की 9 विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव में बीजेपी गठबंधन 6 सीटों पर आगे है. जबकि समाजवादी पार्टी 3 सीटों पर आगे है.

    प्रदेश की नौ सीट मैनपुरी की करहल, अंबेडकर नगर की कटेहरी, मुज़फ्फरनगर की मीरापुर, अलीगढ़ की खैर, इलाहाबाद की फूलपुर, कानपुर की सीसामऊ, मिर्ज़ापुर की मंझवां, मुरादाबाद की कुंदरकी और गाज़ियाबाद की सीट पर उपचुनाव हुए हैं.

    सभी सीटों का क्या हाल-

    • करहल- समाजवादी पार्टी के तेज प्रताप सिंह आगे
    • सीसामऊ- समाजवादी पार्टी के नसीम सोलंकी आगे
    • फूलपुर- भारतीय जनता पार्टी के दीपक पटेल आगे
    • कटेहरी- समाजवादी पार्टी की शोभावती वर्मा आगे
    • मंझवां- भारतीय जनता पार्टी की शुचिस्मिता मौर्य आगे
    • ग़ाज़ियाबाद- भारतीय जनता पार्टी के संजीव शर्मा आगे
    • कुंदर्की- भारतीय जनता पार्टी के रामवीर सिंह आगे
    • मीरापुर- राष्ट्रीय लोक दल के मिथिलेश पाल आगे
    • खैर- भारतीय जनता पार्टी के सुरेंद्र दिलेर आगे

    देश में 14 राज्यों की 48 विधानसभा सीटों और दो लोकसभा सीटों पर उपचुनाव के साथ ही महाराष्ट्र और झारखंड विधानसभा चुनाव के नतीजे भी आज आएंगे.

    अन्य अहम ख़बरें पढ़ें:

  5. वायनाड सीट पर प्रियंका गांधी सवा दो लाख से अधिक वोटों से आगे

    केरल की वायनाड लोकसभा सीट पर हुए उपचुनाव में कांग्रेस उम्मीदवार प्रियंका गांधी 2 लाख से ज़्यादा वोटों के अंतर से आगे चल रही हैं.

    चुनाव आयोग की वेबसाइट के अनुसार, सीपीआई उम्मीदवार सत्यन मोकेरी करीब एक लाख वोट के साथ दूसरे स्थान पर और बीजेपी उम्मीदवार नव्या हरिदास 2.57 लाख वोट के साथ तीसरे स्थान पर हैं.

    महाराष्ट्र और झारखंड विधानसभा चुनाव के साथ ही 14 राज्यों की 48 विधानसभा और दो राज्यों की लोकसभा सीट पर हुए उपचुनाव के नतीजे भी आज आ रहे हैं.

    राहुल गांधी के वायनाड सीट छोड़ने के बाद प्रियंका गांधी यहां से उपचुनाव लड़ रही हैं.

    वायनाड सीट पर इसी साल जून महीने में हुए चुनाव में राहुल गांधी 3 लाख 64 हज़ार से अधिक वोटों के अंतर से जीते थे. उन्हें 6 लाख 47 हज़ार से अधिक वोट मिले थे.

    वहीं वायनाड के अलावा महाराष्ट्र की नांदेड़ लोकसभा सीट पर भी उपचुनाव हुआ है. इस सीट पर बीजेपी उम्मीदवार संतूकराव हंबार्डे करीब 2600 वोट के अंतर से पहले स्थान पर हैं. यहां दूसरे स्थान पर कांग्रेस के रवींद्र चव्हाण वसंतराव हैं.

    अन्य अहम ख़बरें पढ़ें:

  6. महाराष्ट्र चुनाव: अणुशक्ति नगर सीट पर कौन आगे, जहां से चुनाव लड़ रहे फ़हाद अहमद

    मुंबई की अणुशक्ति नगर विधानसभा सीट पर एनसीपी (शरद पवार) के नेता और बॉलीवुड अभिनेत्री स्वरा भास्कर के पति फ़हाद अहमद करीब 6 हज़ार वोट से आगे चल रहे हैं.

    दूसरे स्थान पर एनसीपी नेता नवाब मलिक की बेटी सना मलिक हैं. वो एनसीपी (अजित पवार) के टिकट पर चुनाव लड़ रही हैं.

    तीसरे स्थान पर महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना के उम्मीदवार आचार्य नवीन विद्याधर हैं और चौथे स्थान पर वंचित बहुजन अघाड़ी के उम्मीदवार सतीष वामन राजगुरू हैं.

    फहाद अहमद ने जुलाई 2022 में समाजवादी पार्टी का दामन थामा और पार्टी की यूथ विंग के अध्यक्ष के तौर पर ज़िम्मेदारी भी संभाली.

    फिर इसी साल अक्टूबर महीने में फहाद ने समाजवादी पार्टी से इस्तीफ़ा दिया और शरद पवार की एनसीपी में शामिल हुए.

    महाराष्ट्र में विधानसभा की 288 सीटों पर चुनाव हुआ था. बहुमत का आंकड़ा 145 है. ताज़ा रुझान बताते हैं कि महायुति गठबंधन 218 सीट पर आगे है. जबकि एमवीए गठबंधन 55 सीटों पर आगे चल रहा है.

  7. LIVE: झारखंड विधानसभा चुनाव में किसकी बन रही है सरकार?

    फ़ेसबुक पर देखने के लिए यहां क्लिक करें.

  8. महाराष्ट्र चुनाव के रुझानों पर बोले संजय राउत- ये जनता का फैसला नहीं हो सकता

    महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के रुझानों में बीजेपी के नेतृत्व वाला महायुति गठबंधन 216 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है. जबकि कांग्रेस के नेतृत्व वाला महाविकास अघाड़ी गठबंधन महज़ 57 सीटों पर आगे है.

    इन रुझानों पर शिवसेना (उद्धव बालासाहब ठाकरे) नेता संजय राउत का बयान आया है. उनका कहना है कि यह (महायुति गठबंधन का आगे चलना) महाराष्ट्र के लोगों का फैसला नहीं हो सकता.

    उन्होंने कहा, "ये महाराष्ट्र की जनता का फैसला नहीं हो सकता. हमें पता है कि महाराष्ट्र की जनता क्या चाहती है."

    संजय राउत ने कहा, "जो नतीजे सामने आए हैं, मैं उन पर विश्वास करने को तैयार नहीं हूं. हमें पता था कि महाराष्ट्र की जनता का मत किस दिशा में जा रहा है. लेकिन दो दिन पहले गौतम अदानी पर भ्रष्टाचार के आरोप लगे. उसमें बीजेपी की पोल खुली. उस पर से ध्यान हटाने के लिए ऐसा किया गया है. इसकी तैयारी पहले से चल रही थी."

    उन्होंने कहा, "हमने ये जो महाराष्ट्र, मुंबई गौतम अदानी की जेब में जा रहा है, उसका विरोध किया कि अदानी राष्ट्र नहीं होने देंगे. इसलिए इस प्रकार के नतीजे महाराष्ट्र पर लाद दिए गए. ये जनता का फैसला नहीं हो सकता."

  9. महाराष्ट्र चुनाव: आदित्य ठाकरे या मिलिंद देवरा, वर्ली सीट पर किसे बढ़त?

    महाराष्ट्र विधानसभा की वर्ली सीट पर शिवसेना (उद्धव बालासाहब ठाकरे) प्रमुख उद्धव ठाकरे के बेटे आदित्य ठाकरे करीब 400 वोटों के साथ सबसे आगे चल रहे हैं.

    शिवसेना (शिंदे गुट) की तरफ से राज्यसभा सांसद मिलिंद देवरा इस सीट पर चुनाव लड़ रहे हैं. वो दूसरे स्थान पर बने हुए हैं. देवरा ने इसी साल जनवरी में कांग्रेस पार्टी से इस्तीफ़ा दिया था.

    मुंबई शहर में आने वाली इस सीट से आदित्य ठाकरे ने 2019 का विधानसभा चुनाव जीता था. साल 2019 में उद्धव ठाकरे की अगुवाई वाली सरकार में आदित्य को पर्यावरण और पर्यटन मंत्रालय की ज़िम्मेदारी मिली थी.

    वहीं पूरे राज्य की बात करें, तो रुझानों में महाराष्ट्र में कांग्रेस की अगुवाई वाला एमवीए गठबंधन 60 और बीजेपी के अगुवाई वाला महायुति गठबंधन 213 सीट पर बढ़त बनाए हुए है. वहीं अन्य दल 15 सीटों पर आगे हैं.

  10. महाराष्ट्र और झारखंड चुनाव: अब तक के रुझानों में कौन आगे-कौन पीछे?

    महाराष्ट्र की 288 और झारखंड की 81 सीटों पर हुए विधानसभा चुनाव के लिए वोटों की गिनती जारी है. दोनों ही राज्यों से रुझान आने लगे हैं.

    दो घंटे की मतगणना हो चुकी है और अब तक के रुझान बताते हैं कि महाराष्ट्र में महायुति गठबंधन 184 सीटों पर आगे चल रहा है. जबकि एमवीए गठबंधन 84 सीटों पर आगे है. इसके अलावा अन्य दल 20 सीटों पर बढ़त बनाए हुए हैं.

    वहीं झारखंड में बीजेपी और उसके सहयोगी दल 34 सीटों पर आगे हैं. जेएमएम और उसके सहयोगी दल 45 सीटों पर आगे हैं. जबकि अन्य दल 2 सीटों पर बढ़त बनाए हुए हैं.

  11. महाराष्ट्र: बाबा सिद्दीक़ी के बेटे ज़ीशान की बांद्रा पूर्व सीट पर क्या है अब तक का हाल?

    महाराष्ट्र विधानसभा की बांद्रा पूर्व सीट पर बाबा सिद्दीक़ी के बेटे ज़ीशान सिद्दीक़ी दूसरी बार चुनाव लड़ रहे हैं.

    हाल ही में बाबा सिद्दीक़ी की हत्या कर दी गई थी. वह कांग्रेस छोड़कर एनसीपी में शामिल हो चुके थे और इस विधानसभा चुनाव में उनके बेटे ज़ीशान सिद्दीक़ी भी कांग्रेस छोड़कर एनसीपी के अजित पवार वाले गुट से मैदान में हैं.

    इस सीट पर ज़ीशान सिद्दीक़ी और शिवसेना (उद्धव बाला साहब ठाकरे) उम्मीदवार वरुण सरदेसाई के बीच अब तक करीबी टक्कर है. फिलहाल ज़ीशान 600 वोटों से पीछे चल रहे हैं लेकिन शुरुआती रुझान में वह आगे भी रहे.

    वरुण सरदेसाई आदित्य ठाकरे के मौसेरे भाई भी हैं.

    वहीं तीसरे स्थान पर महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (एमवीए) उम्मीदवार तिरुपति बाला सावंत हैं.

    साल 2019 में ज़ीशान सिद्दीकी ने कांग्रेस की टिकट पर इस सीट से चुनाव जीता था. उनके पिता लंबे समय तक कांग्रेस में रहे, लेकिन इस साल फ़रवरी में उन्होंने अजित गुट वाली एनसीपी का हाथ थाम लिया था.

    वहीं ज़ीशान सिद्दीक़ी भी अपने पिता की हत्या के बाद अजित गुट की एनसीपी में शामिल हो गए.

  12. महाराष्ट्र: देवेंद्र फडणवीस की सीट पर कौन आगे और कौन चल रहा पीछे?

    महाराष्ट्र के मौजूदा डिप्टी सीएम और बीजेपी नेता देवेंद्र फडणवीस नागपुर साउथ वेस्ट सीट पर फिलहाल चार हज़ार से अधिक वोटों से आगे चल रहे हैं.

    इस सीट पर कांग्रेस उम्मीदवार प्रफ़ुल्ल गुडाधे दूसरे नंबर पर हैं.

    इस सीट से कुल 12 उम्मीदवार चुनावी मैदान में हैं. लेकिन बड़े नामों में बीजेपी और कांग्रेस के अलावा बहुजन समाज पार्टी के सुरेंद्र श्रवण डोंगरे भी शामिल हैं.

    साल 2019 के चुनाव में देवेंद्र फडणवीस ने यहां पर कांग्रेस के डॉक्टर आशीष देशमुख को 49 हज़ार 344 मतों के अंतर से हराया था.

    पूरे राज्य में बीजेपी फिलहाल 88, शिवसेना शिंदे गुट 45, एनसीपी (अजित पवार) 30, शिवसेना (यूबीटी) 18, कांग्रेस 16, एनसीपीएसपी 15 और अन्य तथा निर्दलीय उम्मीदवार 18 पर आगे चल रहे हैं.

    महाराष्ट्र की 288 सीटों पर 20 नवंबर को मतदान हुए थे.

  13. मुंबई से LIVE: महाराष्ट्र में महायुति और महा अघाड़ी के बीच मुक़ाबला, कौन आगे- कौन पीछे?

    लाइव देखने के लिए यहां क्लिक करें.

  14. वायनाड उपचुनाव: अब तक कौन आगे?

    केरल की वायनाड लोकसभा सीट पर हुए उपचुनाव में कांग्रेस उम्मीदवार प्रियंका गांधी करीब 25 हज़ार वोट से आगे चल रही हैं.

    चुनाव आयोग की वेबसाइट के अनुसार, सीपीआई उम्मीदवार सत्यन मोकेरी दूसरे स्थान पर और बीजेपी उम्मीदवार नव्या हरिदास तीसरे स्थान पर हैं.

    महाराष्ट्र और झारखंड विधानसभा चुनाव के साथ ही 14 राज्यों की 48 विधानसभा और दो राज्यों की लोकसभा सीट पर हुए उपचुनाव के नतीजे भी आज ही आएंगे.

    वायनाड के अलावा महाराष्ट्र की नांदेड़ लोकसभा सीट पर भी उपचुनाव हुआ है.

    राहुल गांधी के वायनाड सीट छोड़ने के बाद प्रियंका गांधी यहां से उपचुनाव लड़ रही हैं.

  15. महाराष्ट्र-झारखंड विधानसभा चुनाव: जानिए शुरुआती रुझान में कौन आगे, कौन पीछे

    महाराष्ट्र की 288 और झारखंड की 81 विधानसभा सीटों पर मतगणना के शुरुआती रुझान आने लगे हैं.

    झारखंड में कांटे की टक्कर दिख रही है और महाराष्ट्र में बीजेपी के नेतृत्व वाले महायुति गठबंधन को शुरुआती बढ़त मिली है.

    महाराष्ट्र में एमवीए गठबंधन 49 और महायुति गठबंधन 91 सीटों पर आगे है. जबकि 9 सीटों अन्य दल आगे हैं. यहां जीत के लिए 145 सीटें जीतना ज़रूरी है.

    झारखंड में जेएमएम और सहयोगी दल 15, बीजेपी और उसके सहयोगी दल 32 सीटों पर आगे हैं. यहां बहुमत के लिए 41 सीटों की ज़रूरत होगी.

    वहीं झारखंड में बीजेपी और कांग्रेस अपनी-अपनी जीत का दावा कर रहे हैं.

    झारखंड बीजेपी प्रवक्ता प्रतुल शाह देव ने कहा कि एनडीए झारखंड के इतिहास में सबसे अधिक सीटें हासिल कर सरकार बनाएगी.

    उन्होंने कहा, "आज की सुबह झारखंड के लिए कई मायनों में महत्वपूर्ण है. लोगों में बहुत उत्साह है. पांच वर्षों से जो भ्रष्टाचार, महिला उत्पीड़न और लूट की काली रात थी, उसका अंत निकट आ गया है. जो गवर्नेंस पर पांच साल से धुंध छाई हुई थी, वो भी अब छंटती हुई दिख रही है."

    बीजेपी प्रवक्ता ने कहा, "आज की सुबह झारखंड के लिए कई मायनों में महत्वपूर्ण है. देर शाम तक जब सूर्यास्त होगा, सोरेन डायनेस्टी का भी राजनीतिक रूप से सूर्यास्त हो चुका होगा. एनडीए झारखंड के इतिहास में सबसे ज़्यादा सीटें लेकर सरकार बनाएगी."

    वहीं बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष बाबू लाल मरांडी ने कहा कि ज़मीनी स्तर पर कार्यकर्ताओं से लिए गए फीडबैक के आधार पर झारखंड में इस बार 51 से ज़्यादा सीटें बीजेपी और एनडीए गठबंधन को मिलेंगी.

    झारखंड कांग्रेस के पूर्व प्रमुख राजेश ठाकुर ने भी दावा किया कि राज्य में बहुमत के साथ इंडिया गठबंधन की सरकार बनेगी.

    उन्होंने कहा, "थोड़ी देर में रुझान आने शुरू हो जाएंगे. हमने जो काम किया उसका परिणाम सामने आने वाला है."

    उन्होंने कहा, "आज का दिन झारखंड का भविष्य तय करने वाला है. हमारी सरकार पहले से ज़्यादा मज़बूत बनेगी और एक बार फिर अपनी योजनाओं को अगले पांच साल तक अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का काम करेंगे. इंडिया गठबंधन की सरकार बनेगी और हम बहुमत के साथ सत्ता में वापस आ रहे हैं.

  16. महाराष्ट्र चुनाव के नतीजों में स्पष्ट बहुमत नहीं मिला तो कहां जाएगा तीसरा गठबंधन?

    महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के नतीजे आज जारी होंगे. राज्य की 288 सीटों पर तीन गठबंधन मैदान में हैं जबकि कई निर्दलीय और बाग़ी भी अपनी किस्मत आज़मा रहे हैं.

    राज्य में सत्तारूढ़ महायुति और महाविकास अघाड़ी के बीच प्रमुख मुक़ाबला है. हालांकि तीसरा गठबंधन वंचित बहुजन अघाड़ी भी मज़बूत लड़ाई का दावा कर रहा है.

    किसकी सरकार बनेगी ये तो परिणाम आने के बाद ही साफ़ होगा हालांकि त्रिशंकू चुनावी नतीजे को लेकर भी कयास लगाए जा रहे हैं.

    ऐसे में वंचित बहुजन अघाड़ी (वीबीए) ने घोषणा कर दी है कि वो उस दल या गठबंधन का समर्थन करेगा जिसके पास संख्या बल होगा.

    तीसरे गठबंधन के प्रमुख प्रकाश आंबेडकर ने सोशल मीडिया वेबसाइट एक्स पर पोस्ट करके कहा है कि अगर वीबीए को सीटें मिलती हैं तो वो उसी पार्टी या गठबंधन का समर्थन करेगा जो सरकार बना पाएगा.

    उन्होंने लिखा कि ‘हम सत्ता में रहना चुनेंगे.’

    महाराष्ट्र में सरकार बनाने के लिए 145 सीटों के आंकड़े तक पहुंचना बेहद ज़रूरी है.

  17. महाराष्ट्र और झारखंड विधानसभा चुनाव: कुछ ही देर में मतगणना शुरू, किसका पलड़ा रहेगा भारी?

    महाराष्ट्र विधानसभा की 288 और झारखंड विधानसभा की 81 सीटों पर पर मतगणना अब से कुछ देर में शुरू होगी.

    महाराष्ट्र में जीत के लिए बहुमत का आंकड़ा 145 और झारखंड में 41 है.

    झारखंड में पिछले पाँच सालों से हेमंत सोरेन के नेतृत्व में इंडिया गठबंधन की सरकार थी और महाराष्ट्र में पिछले क़रीब तीन सालों से एकनाथ शिंदे के नेतृत्व में एनडीए की सरकार थी.

    महाराष्ट्र में मुक़ाबला कई पार्टियों के बीच है. यहां छह पार्टियों वाले दो अलग-अलग गठबंधनों (महाविकास अघाड़ी और महायुति) के बीच मुख्य मुकाबला है. वहीं एक तीसरा गठबंधन बहुजन वंचित अघाड़ी है.

    इसके अलावा यहां कई निर्दलीय-बाग़ी उम्मीदवार भी मैदान में उतरे हैं. महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में एक ही चरण में 20 नवंबर को मतदान हुआ था.

    वहीं झारखंड में चुनाव दो चरणों में 13 और 20 नवंबर को हुआ था.

    झारखंड में इंडिया गठबंधन और एनडीए के बीच कड़ा मुकाबला है. महागठबंधन में झारखंड मुक्ति मोर्चा के अलावा कांग्रेस, राजद और वाम दल हैं. बीजेपी के नेतृत्व वाले एनडीए में आजसू, जेडीयू और एलजेपी शामिल हैं.

    इन दो राज्यों के विधानसभा चुनाव के नतीजों के साथ ही केरल की वायनाड और महाराष्ट्र की नांदेड़ लोकसभा सीट पर हुए उपचुनाव के नतीजे भी आएंगे.

    साथ ही 14 राज्यों की 48 विधानसभा सीटों पर उपचुनाव के नतीजे भी आज ही आएंगे.

  18. नमस्कार

    आज दोपहर दो बजे तक मैं बीबीसी संवाददाता शिल्पा ठाकुर आप तक सभी बड़ी ख़बरें पहुंचाऊंगी.

    बीबीसी हिंदी के होम पेज पर जाने के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं.

    कल के लाइव पन्ने की ख़बरों को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    इस वक़्त हमारे पेज पर मौजूद कुछ बड़ी ख़बरें-

    - यूपी उपचुनाव के दौरान मुस्लिम महिलाओं को मतदान से रोकने का आरोप, क्या है पूरा मामला- ग्राउंड रिपोर्ट पढ़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें.

    - सागर अदानी कौन हैं जिनके ख़िलाफ़ अमेरिका में दर्ज हुआ मामला, गौतम अदानी से क्या है नाता? इसे विस्तार से पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करें.

    - पुतिन के परमाणु हथियारों के इस्तेमाल की कितनी संभावना? यहां क्लिक कर पूरी ख़बर पढ़ें.