महागठबंधन के घोषणा पत्र पर सम्राट चौधरी ने सवाल किया है कि इन वादों को पूरा करने के लिए पैसे कहां से आएंगे
एचएएल और रूस की कंपनी के बीच यात्री विमान एसजे-100 के निर्माण को लेकर समझौता हुआ है, अब भारत में यात्री विमानों का निर्माण हो सकेगा
इंग्लैंड के लिए टेस्ट क्रिकेट में सबसे अधिक विकेट लेने वाले पूर्व तेज़ गेंदबाज़ जेम्स एंडरसन को नाइटहुड की उपाधि से सम्मानित किया गया है
लाइव कवरेज
इफ़्तेख़ार अली, सुमंत सिंह
कनाडा में 27 साल की पंजाबी लड़की की हत्या, पुलिस ने क्या बताया
इमेज स्रोत, Family Handout
इमेज कैप्शन, अमनप्रीत कौर का शव 21 अक्तूबर को लिंकन शहर के चार्ल्स डेली पार्क में मिला था
कनाडा के ओंटारियो में 27 वर्षीय पंजाबी लड़की की हत्या के मामले में पुलिस ने मनप्रीत सिंह नाम के एक संदिग्ध के ख़िलाफ़ वारंट जारी किया है.
नियाग्रा क्षेत्रीय पुलिस सेवा को पंजाब के संगरूर की निवासी अमनप्रीत कौर का शव 21 अक्तूबर को लिंकन शहर के चार्ल्स डेली पार्क में मिला था.
पुलिस के मुताबिक, अमनप्रीत के शरीर पर गंभीर चोटों के निशान थे. पुलिस ने नॉर्थ यॉर्क निवासी अमनप्रीत कौर की हत्या के मामले में मनप्रीत सिंह नाम के एक व्यक्ति पर हत्या का आरोप लगाया है.
कनाडाई पुलिस के अनुसार, मनप्रीत सिंह कनाडा से भाग गया था.
अमनप्रीत के परिवार के अनुसार, अमनप्रीत वर्ष 2021 में कनाडा गईं थीं और एक अस्पताल में काम करके अच्छी ज़िंदगी जी रहीं थीं.
चक्रवात 'मोंथा' को लेकर मौसम विभाग ने दी ये जानकारी, इन ज़िलों में रेड अलर्ट
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, भुवनेश्वर में मौसम विज्ञान विभाग की डायरेक्टर डॉक्टर मनोरमा मोहंती
मौसम विभाग ने बंगाल की खाड़ी में उठे चक्रवात 'मोंथा' को लेकर जानकारी दी है. विभाग का कहना है कि मंगलवार को यह तूफ़ान भीषण रूप ले सकता है.
भुवनेश्वर में मौसम विज्ञान विभाग की डायरेक्टर डॉक्टर मनोरमा मोहंती ने न्यूज़ एजेंसी एएनआई से बातचीत में कहा, "मोंथा इस समय पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर स्थित है और गोपालपुर से लगभग 550 किमी दक्षिण पश्चिम में है."
उनका कहना है कि यह उत्तर पश्चिम दिशा में आगे बढ़ रहा है और आज इसके एक भीषण चक्रवाती तूफान में बदलने की संभावना है.
डॉक्टर मनोरमा मोहंती ने कहा, "यह आगे भी उत्तर पश्चिम की ओर बढ़ेगा और आंध्र प्रदेश तट पर मछलीपट्टनम और कलिंगपट्टनम के बीच काकीनाडा के आसपास इसके आज शाम या रात में 90–100 किमी प्रति घंटा की रफ्तार के साथ टकराने की संभावना है."
उन्होंने कहा कि ओडिशा के गंजाम, गजपति, रायगडा, कोरापुट, मलकानगिरी, नबरंगपुर और कालाहांडी ज़िलों के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है, जहां तेज़ हवाओं के साथ भारी बारिश की संभावना है.
डॉ. मोहंती ने आम नागरिकों को बिना काम के घर बाहर न निकलने की सलाह दी है.
असम में बहुविवाह को लेकर बिल पेश करेंगे सीएम हिमंत, सात साल जेल का प्रावधान, दिलीप कुमार शर्मा, गुवाहाटी से बीबीसी हिन्दी के लिए
इमेज स्रोत, Himanta Biswa Sarma/X
इमेज कैप्शन, असम के सीएम हिमंत बिस्वा सरमा ने कहा है कि राज्य में बहुविवाह की अनुमति नहीं देंगे
असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने सोमवार को घोषणा की कि उनकी सरकार बहुविवाह को समाप्त करने के लिए एक विधेयक पेश करने जा रही है.
यह विधेयक 25 नवंबर को असम विधानसभा के शीतकालीन सत्र के पहले दिन पेश किया जाएगा.
सीएम ने बताया कि इस विधेयक में अवैध रूप से दूसरी शादी करने वालों के लिए सात साल की जेल की सज़ा का प्रावधान रखा गया है.
उन्होंने यह घोषणा राज्य में छात्राओं को सशक्त बनाने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री 'निजुत मोइना योजना' के दूसरे चरण के शुभारंभ के अवसर पर की.
सीएम हिमंत ने कहा, "हमने इस बार फै़सला किया है कि जो व्यक्ति एक से ज़्यादा महिला से शादी करेगा वो चाहे किसी भी धर्म का क्यों न हो, उसे सात साल जेल में रहना पड़ेगा. इसका और कोई विकल्प नहीं हो सकता."
"अगर कोई यह कहता है कि मेरा धर्म मुझे ज़्यादा शादी करने की अनुमति देता है, फिर भी हिमंत बिस्वा सरमा और बीजेपी की सरकार किसी को भी दूसरी और तीसरी शादी की अनुमति नहीं देगी. इस असम में हम लड़कियों और महिलाओं की मर्यादा की रक्षा अंत तक करेंगे."
असम में अगले साल विधानसभा चुनाव होने वाले हैं.
सीएम ने कई मौक़ों पर बहुविवाह जैसी प्रथाओं को 'लव-जिहाद' कहा है. उन्होंने यह भी कहा था कि 'लव जिहाद' मामलों में आरोपियों के माता-पिता को भी 'लव जिहाद' की जांच के लिए प्रस्तावित विधेयक के तहत गिरफ़्तारी का सामना करना पड़ेगा.
अगर यह विधेयक विधानसभा में पारित हो जाता है, तो असम भी बहुविवाह पर प्रतिबंध लगाने में उत्तराखंड के बाद दूसरा राज्य बन जाएगा. उत्तराखंड पिछले साल बहुविवाह पर प्रतिबंध लगाने वाला पहला राज्य बना था.
बंगाल की खाड़ी में उठे चक्रवात 'मोंथा' को लेकर मौसम विभाग ने क्या बताया
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, मौसम विभाग ने कहा है कि 'मोंथा' आज एक गंभीर चक्रवाती तूफान में बदल जाएगा
भारतीय मौसम विभाग ने कहा है कि चक्रवात 'मोंथा' मंगलवार को और अधिक शक्तिशाली होकर एक गंभीर चक्रवाती तूफ़ान में बदल जाएगा. 'मोंथा' वर्तमान में बंगाल की खाड़ी में सक्रिय है.
इससे तमिलनाडु के कुछ हिस्सों में भारी बारिश हो सकती है. चूंकि चक्रवात के आज आंध्र प्रदेश के तट को पार करने की उम्मीद है, इसलिए आंध्र प्रदेश, ओडिशा के कुछ हिस्सों के लिए चक्रवात की चेतावनी जारी की गई है.
भारतीय मौसम विभाग की ओर से जारी एक बयान में कहा गया है, "चक्रवाती तूफान शाम या रात में आंध्र प्रदेश में काकीनाडा के पास मछलीपट्टनम और कलिंगपट्टनम के बीच तट को पार कर सकता है."
बयान के मुताबिक़, उस समय हवा की गति 90-100 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है."
मौसम विभाग ने सोमवार को कहा कि चक्रवाती तूफान 'मोंथा' के प्रभाव से महाराष्ट्र के विदर्भ क्षेत्र में 28 से 30 अक्तूबर के बीच मध्यम से भारी बारिश होने की संभावना है.
चक्रवाती तूफान ‘मोंथा’ के संभावित प्रभाव को ध्यान में रखते हुए राज्य सरकारों ने अधिकारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं.
अमेरिका और जापान ने ट्रेड और रेयर अर्थ डील पर किए हस्ताक्षर, ट्रंप ने क्या कहा?
इमेज स्रोत, Andrew Harnik/Getty Images
इमेज कैप्शन, राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा कि किसी महिला का प्रधानमंत्री बनना जापान के लिए 'एक बड़ी उपलब्धि' है
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और जापान की प्रधानमंत्री सनेई तकाइची ने दो नए समझौतों पर हस्ताक्षर किए हैं.
एक अमेरिका-जापान संबंधों के नए 'गोल्डन एज' की शुरुआत को दर्शाता है, जबकि दूसरा समझौता महत्वपूर्ण खनिजों से संबंधित है.
दोनों नेताओं ने कुछ ही देर पहले इन समझौतों पर हस्ताक्षर किए और दस्तावेज़ों के साथ तस्वीरें खिंचवाईं.
पहला समझौता लंबे समय से सहयोगी रहे दोनों देशों के बीच साझेदारी को और मज़बूत करने पर केंद्रित है, जबकि दूसरा महत्वपूर्ण खनिजों का समझौता दुर्लभ खनिजों (रेयर अर्थ्स) की आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए एक ढांचा प्रदान करता है.
दस्तावेज़ों पर हस्ताक्षर करने के बाद राष्ट्रपति ट्रंप ने जापान की सराहना करते हुए उसे अमेरिका का मज़बूत सहयोगी बताया और देश की पहली महिला प्रधानमंत्री सनेई तकाइची की भी प्रशंसा की.
पाकिस्तान-कंबोडिया के बाद ट्रंप को नोबेल पुरस्कार देने की सिफ़ारिश कर सकता है ये देश
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, राष्ट्रपति ट्रंप जापान में हैं, जहां उन्होंने प्रधानमंत्री सनेई तकाइची से मुलाक़ात की
जापान की कई मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक़, जापान की पहली महिला प्रधानमंत्री सनेई तकाइची नोबेल शांति पुरस्कार के लिए अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के नाम की सिफ़ारिश की योजना बना रही हैं.
एनटीवी के अनुसार, तकाइची ट्रंप को अपने इरादे के बारे में बताने की तैयारी कर रही हैं.
पाकिस्तान और कंबोडिया पहले ही इस पुरस्कार के लिए ट्रंप के नाम की सिफ़ारिश कर चुके हैं.
हालांकि साल 2025 के लिए नोबेल शांति पुरस्कार की घोषणा पहले ही हो चुकी है.
यह पुरस्कार वेनेज़ुएला की राजनेता मरिया कोरीना मचादो को दिया गया है.
नोबेल शांति पुरस्कार उन व्यक्तियों या संगठनों को मिलता है जिन्होंने "राष्ट्रों के बीच भाईचारे को बढ़ावा देने, सेना की तैनाती कम करने या शांति सम्मेलनों के आयोजन और प्रचार में बेहतरीन काम किया हो."
बिहार चुनाव: आरजेडी ने 27 नेताओं को पार्टी से निष्कासित किया
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, आरजेडी ने निष्कासित किए गए नेताओं पर पार्टी की विचारधारा के ख़िलाफ़ काम करने का आरोप लगाया है
राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) ने सोमवार को बिहार विधानसभा चुनाव में पार्टी विरोधी गतिविधियों और संगठन की विचारधारा के ख़िलाफ़ काम करने के आरोप में 27 नेताओं को पार्टी से निष्कासित कर दिया है.
जिन नेताओं को निष्कासित किया है इनमें दो विधायक, चार पूर्व विधायक और एक विधान परिषद सदस्य (एमएलसी) शामिल हैं.
आरजेडी की ओर से जारी बयान में कहा गया कि आरजेडी ने अनुशासनात्मक कार्रवाई तब की जब यह पाया गया कि ये नेता आरजेडी या महागठबंधन के उम्मीदवारों के ख़िलाफ़ पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल थे.
इससे पहले जेडीयू ने भी एक मौजूदा विधायक और दो पूर्व मंत्रियों सहित 16 नेताओं को पार्टी से निष्कासित कर दिया था.
जेडीयू पार्टी ने निष्कासित नेताओं पर 'पार्टी विरोधी गतिविधियों' में शामिल होने और जेडीयू की विचारधारा के उल्लंघन का आरोप लगाया गया है.
पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ़ सऊदी अरब क्यों पहुंचे?
इमेज स्रोत, Pakistan PM House
इमेज कैप्शन, पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय के बयान के अनुसार, प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ़ 29 अक्तूबर, 2025 तक रियाद में रहेंगे
पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ़ फ़्यूचर इन्वेस्टमेंट इनिशिएटिव (एफ़आईआई) के नौवें सम्मेलन में भाग लेने के लिए एक प्रतिनिधिमंडल के साथ सऊदी अरब पहुंचे हैं.
रियाद के किंग ख़ालिद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पीएम शहबाज़ शरीफ़ और प्रतिनिधिमंडल का स्वागत उप-गवर्नर प्रिंस मोहम्मद बिन अब्दुलरहमान बिन अब्दुलअज़ीज़, पाकिस्तान में सऊदी अरब के राजदूत नवाफ़ बिन सईद अल-मलिकी और सऊदी अरब में पाकिस्तान के राजदूत अहमद फ़ारूक़ ने किया.
शहबाज़ शरीफ़ के ऑफ़िस की ओर से जारी बयान के मुताबिक़, शहबाज़ शरीफ़ के साथ एक उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल भी रियाद पहुंचा है, जिसमें पाकिस्तान के उप प्रधानमंत्री और विदेश मंत्री मोहम्मद इसहाक़ डार भी शामिल हैं.
बयान के अनुसार, प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ़ रियाद में फ़्यूचर इन्वेस्टमेंट इनिशिएटिव में पाकिस्तान का प्रतिनिधित्व करेंगे, जहां वह दुनियाभर के नेताओं से मुलाक़ात करेंगे.
प्रधानमंत्री आवास की ओर से जारी एक बयान के अनुसार, अपनी यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ़ सऊदी अरब के क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान के साथ द्विपक्षीय बैठक करेंगे और व्यापार, निवेश, ऊर्जा और ज़रूरी संसाधन के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने पर चर्चा करेंगे.
हाल ही में पाकिस्तान और सऊदी अरब ने सुरक्षा समझौते पर हस्ताक्षर किए हैं, जिसके तहत दोनों देशों में से किसी एक के ख़िलाफ़ कोई हमला होता है तो इसे दोनों के ख़िलाफ़ हमला माना जाएगा.
नमस्कार!
बीबीसी हिन्दी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता इफ़्तेख़ार अली अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.
कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.
हमारे पेज पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.