You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

भारत ने न्यूज़ीलैंड को आख़िरी टी-20 मैच में 46 रन से हराकर 4-1 से जीती सिरीज़

तिरुवनंतपुरम में खेले गए पांचवें और अंतिम टी-20 मैच में भारत ने न्यूज़ीलैंड को 46 रन से हराकर पांच मैचों की टी-20 सिरीज़ 4-1 से जीत ली है.

सारांश

लाइव कवरेज

सुरभि गुप्ता और सौरभ यादव

  1. पटना में नीट छात्रा की मौत के मामले में बिहार के राज्यपाल ने दी सीबीआई जांच की मंज़ूरी

    पटना में नीट छात्रा की मौत के मामले में सीबीआई जांच के लिए बिहार के राज्यपाल आरिफ़ मोहम्मद ख़ान की ओर से मंज़ूरी दे दी गई है. बिहार सरकार ने इसकी अधिसूचना जारी की है.

    बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भारत सरकार से इस मामले में सीबीआई जांच कराने की सिफ़ारिश की थी. ये जानकारी शनिवार को बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने दी.

    बिहार सरकार में मंत्री और बीजेपी नेता दिलीप जायसवाल ने बताया है कि इस मामले में छात्रा के माता-पिता की मांग पर सीबीआई जांच की सिफ़ारिश की गई.

    उन्होंने कहा, "मामले में एसआईटी का गठन करके और सीआईडी के साथ गहन जांच की जा रही है. हम पारदर्शिता के साथ अपना काम कर रहे हैं. अपराधी को सजा मिले, बिहार सरकार इस बात की चिंता कर रही है."

  2. एनसीपी की प्रवक्ता रुपाली पाटिल ने कहा- उपमुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगी सुनेत्रा पवार

    दिवंगत एनसीपी नेता अजित पवार की जगह महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री को लेकर पार्टी शनिवार की दोपहर 2 बजे बैठक करने वाली है.

    ऐसी चर्चा है कि अजित पवार की जगह उनकी पत्नी और राज्यसभा सांसद सुनेत्रा पवार को उपमुख्यमंत्री बनाया जाएगा.

    एनसीपी विधायक सना मलिक ने कहा, "आज सभी विधायकों को विधान भवन बुलाया गया है. हमें इसका कारण नहीं बताया गया है, लेकिन हमें जो पता चला है कि बैठक का मकसद विधानमंडल दल के नेता के लिए सुनेत्रा पवार का नाम आगे बढ़ाना है."

    "पिछले दो दिनों से कार्यकर्ता और नेता यही मांग कर रहे थे कि उन्हें (सुनेत्रा पवार को) दादा (अजित पवार) की जगह लाया जाए और उपमुख्यमंत्री बनाया जाए..."

    एनसीपी की प्रवक्ता रुपाली पाटिल ने कहा, "अजित दादा की मौत बहुत चौंकाने वाली थी...वह अब हमारे साथ नहीं हैं. हम कार्यकर्ताओं ने सुनेत्रा पवार से गुज़ारिश की है कि वह हमें हिम्मत दें और अजित दादा के सपनों और काम करने के तरीके को अपनाएं."

    रुपाली पाटिल ने कहा कि सुनेत्रा पवार शनिवार को उपमुख्यमंत्री पद की शपथ लेने वाली हैं.

  3. ट्रंप बोले- एक-दूसरे से नफ़रत करते हैं ज़ेलेंस्की और पुतिन

    अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की और रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के आपसी नफ़रत के कारण रूस-यूक्रेन युद्ध को ख़त्म करना मुश्किल हो रहा है.

    शुक्रवार को एक प्रेस वार्ता में ट्रंप से रूस-यूक्रेन के बीच समझौते से जुड़ा सवाल किया गया था.

    इस पर ट्रंप ने जवाब दिया, "हम कोशिश कर रहे हैं. मैंने आठ युद्ध खत्म कराए हैं, मुझे लगता था कि वे सभी (युद्ध) शायद इस युद्ध (रूस-यूक्रेन) से ज़्यादा मुश्किल होंगे."

    "लेकिन ज़ेलेंस्की और पुतिन एक-दूसरे से नफ़रत करते हैं और इससे यह (रूस-यूक्रेन युद्ध ख़त्म कराना) बहुत मुश्किल हो जाता है, लेकिन मुझे लगता है कि हम समझौते के बहुत करीब पहुंच रहे हैं."

  4. पटना में नीट छात्रा की मौत के मामले में नीतीश कुमार ने की सीबीआई जांच की सिफ़ारिश, सीटू तिवारी, पटना से, बीबीसी संवाददाता

    पटना में नीट छात्रा की मौत के मामले में बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भारत सरकार से सीबीआई जांच कराने की सिफ़ारिश की है.

    ये जानकारी बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने दी है.

    सम्राट चौधरी ने एक्स पर पोस्ट किया, "बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भारत सरकार से पटना में हुए नीट छात्रा की हत्या के मामले (केस संख्या- 14/26) को सीबीआई से जांच का आग्रह किया है."

    उन्होंने लिखा कि इस घटना पारदर्शी और न्यायपूर्ण तरीके से जांच निश्चित की जाए.

    शुक्रवार को बिहार के डीजीपी विनय कुमार ने छात्रा के परिवार को मुलाक़ात के लिए अपने आवास पर बुलाया था.

    मुलाक़ात के बाद छात्रा की मां ने पत्रकारों को बताया कि डीजीपी ने कहा है कि उनकी बेटी ने 'सुसाइड किया, उसका रेप नहीं हुआ था.'

    (आत्महत्या एक गंभीर मनोवैज्ञानिक और सामाजिक समस्या है. अगर आप भी तनाव से गुजर रहे हैं तो भारत सरकार की जीवनसाथी हेल्पलाइन 18002333330 से मदद ले सकते हैं. आपको अपने दोस्तों और रिश्तेदारों से भी बात करनी चाहिए.)

  5. महाराष्ट्र के नए उपमुख्यमंत्री के लिए आज होगी एनसीपी की बैठक

    राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) के प्रमुख अजित पवार के निधन के बाद अब उनकी पत्नी सुनेत्रा पवार को अजित पवार की जगह उपमुख्यमंत्री चुने जाने की चर्चा चल रही है.

    बीबीसी न्यूज़ मराठी के मुताबिक़ इसी पृष्ठभूमि में, एनसीपी के विधायक शनिवार, 31 जनवरी की दोपहर 2 बजे बैठक करेंगे. ऐसी उम्मीद है कि इस बैठक के तुरंत बाद शपथ ग्रहण समारोह होगा.

    अजित पवार की पत्नी और राज्यसभा सदस्य सुनेत्रा पवार मुंबई पहुंच गई हैं. न्यूज़ एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़ वह अपने बेटे पार्थ के साथ शनिवार तड़के दक्षिण मुंबई स्थित अजित पवार के आधिकारिक आवास देवगिरि पहुंचीं.

    सुनेत्रा पवार को उपमुख्यमंत्री बनाने को लेकर चल रही चर्चाओं के बारे में पूछे जाने पर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस कह चुके हैं कि जो भी निर्णय लेने की ज़रूरत होगी, वह एनसीपी लेगी.

    फडणवीस ने शुक्रवार को कहा, "सरकार और बीजेपी, दोनों ही एनसीपी के हर फ़ैसले का हम पूरी तरह से समर्थन करेंगे. फिलहाल मैं यही कह सकता हूं कि चाहे अजित का परिवार हो या एनसीपी, हम उनके साथ हैं. वे जो भी फ़ैसला लेंगे, हम उन्हें पूरा सहयोग देंगे."

  6. अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा- ईरान समझौता करना चाहता है, माया डेविस, बीबीसी न्यूज़

    अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि ईरान अमेरिकी सैन्य कार्रवाई का सामना करने की बजाए समझौता करना चाहता है.

    शुक्रवार को व्हाइट हाउस में पत्रकारों ने ट्रंप से खाड़ी में अमेरिकी मिलिट्री फ़ोर्स की तैनाती के बारे में पूछा.

    इस पर ट्रंप ने बिना कोई डिटेल दिए कहा, "मैं यह कह सकता हूं, वे समझौता करना चाहते हैं."

    जब उनसे ये पूछा गया कि क्या समझौते के लिए उन्होंने ईरान को कोई डेडलाइन दी है, तो ट्रंप बोले, "यह पक्के तौर पर सिर्फ़ उन्हें (ईरान को) ही पता है."

    ट्रंप ने कहा, "उम्मीद है हम एक समझौता करेंगे. अगर हम समझौता करते हैं, तो यह अच्छा होगा. अगर हम समझौता नहीं करते हैं, तो देखेंगे कि क्या होता है."

    ईरानी विदेश मंत्री अब्बास अराग़ची कह चुके हैं कि ईरान के मिसाइल और डिफ़ेंस सिस्टम पर "कभी" बातचीत नहीं होगी.

    अब्बास अराग़ची ने शुक्रवार को तुर्की के राष्ट्रपति रेचेप तैय्यप अर्दोआन और विदेश मंत्री हकान फ़िदान से मुलाक़ात की.

    तुर्की के विदेश मंत्री के साथ एक प्रेस कॉन्फ़्रेंस में उन्होंने कहा कि ईरान को समझौता करने में कोई हर्ज नहीं हैं, लेकिन समझौते धमकियों के दम पर नहीं होते हैं.

    उन्होंने ये भी कहा कि ईरान निष्पक्ष और न्यायसंगत बातचीत के लिए तैयार है.

  7. एपस्टीन से जुड़ी लाखों नई फाइलें जारी, ट्रंप और बिल गेट्स के भी नाम, साक्षी वेंकटरमन और क्वासी ग्याम्फ़ी असीदु, बीबीसी न्यूज़

    अमेरिका के जस्टिस डिपार्टमेंट ने शुक्रवार को दोषी यौन अपराधी जेफ़री एपस्टीन से जुड़ी लाखों नई फ़ाइलें जारी की हैं.

    शुक्रवार को 30 लाख पन्ने, एक लाख 80 हज़ार तस्वीरें और दो हज़ार वीडियो सार्वजनिक रूप से पोस्ट किए गए. इससे पहले बीते साल दिसंबर में हजारों पन्नों के दस्तावेज़ जारी किए गए थे.

    जेफ़री एपस्टीन की मौत हो चुकी है. नए डॉक्यूमेंट्स में जेफ़री एपस्टीन के जेल में बिताए समय के बारे में विवरण हैं. साथ ही, एपस्टीन की सहयोगी गिलेन मैक्सवेल पर जांच के रिकॉर्ड भी हैं. मैक्सवेल को नाबालिग़ लड़कियों की ट्रैफ़िकिंग में मदद करने का दोषी ठहराया गया था.

    इनमें एपस्टीन और हाई-प्रोफ़ाइल हस्तियों के बीच ईमेल भी शामिल हैं.

    जारी किए गए नए डॉक्यूमेंट्स में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का ज़िक्र सैकड़ों बार किया गया है. हालांकि, ट्रंप ने एपस्टीन के यौन अपराधों के बारे में जानकारी होने से लगातार इनकार किया है.

    एपस्टीन के सर्वाइवरों ने भी ट्रंप पर किसी भी अपराध का आरोप नहीं लगाया है.

    नए डॉक्यूमेंट्स में ट्रंप पर लगे आरोपों के बारे में पूछे जाने पर जस्टिस डिपार्टमेंट ने कहा, "कुछ दस्तावेज़ों में राष्ट्रपति ट्रंप के ख़िलाफ़ झूठे और सनसनीखेज दावे हैं जो 2020 के चुनाव से ठीक पहले एफ़बीआई को सौंपे गए थे."

    "साफ़ तौर पर, ये दावे बेबुनियाद और झूठे हैं, और अगर इनमें थोड़ी भी सच्चाई होती, तो निश्चित रूप से इनका इस्तेमाल राष्ट्रपति ट्रंप के ख़िलाफ़ पहले ही किया जा चुका होता."

    नई फ़ाइलों में माइक्रोसॉफ़्ट के को-फ़ाउंडर बिल गेट्स पर भी सनसनीखेज आरोप लगे हैं. बिल गेट्स के एक प्रवक्ता ने इन आरोपों को "पूरी तरह से बेतुका और सरासर झूठा" बताया है.

  8. बांग्लादेश चुनाव: अमेरिका ने अपने नागरिकों के लिए जारी किया सुरक्षा अलर्ट

    बांग्लादेश में चुनाव को लेकर अमेरिका ने अपने नागरिकों के लिए सुरक्षा अलर्ट जारी किया है, जिसमें उनसे सतर्क रहने और भीड़ से बचने को कहा गया है.

    बांग्लादेश स्थित अमेरिकी दूतावास ने शुक्रवार, 30 जनवरी को अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर एक सुरक्षा अलर्ट जारी किया.

    इसमें कहा गया है, "बांग्लादेश में 12 फरवरी, 2026 को एक साथ संसदीय चुनाव और राष्ट्रीय जनमत संग्रह होंगे. चुनाव के दौरान, राजनीतिक हिंसा या चरमपंथी हमले हो सकते हैं, जिनमें रैलियों, पोलिंग स्टेशनों और धार्मिक स्थलों को निशाना बनाया जा सकता है."

    "अमेरिकी नागरिकों को सतर्क रहना चाहिए, प्रदर्शनों से बचना चाहिए और किसी भी बड़ी भीड़ वाली जगह के आसपास सावधानी बरतनी चाहिए."

  9. नमस्कार!

    बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता सुरभि गुप्ता अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगी.

    कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    हमारे पेज पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.