You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

असम सरकार ने करीमगंज ज़िले का नाम बदलकर श्रीभूमि किया

असम कैबिनेट की मंगलवार को हुई बैठक में करीमगंज ज़िले का नाम बदलकर श्रीभूमि रखने का फ़ैसला किया है.

सारांश

लाइव कवरेज

अश्वनी पासवान, कीर्ति रावत

  1. लॉरेंस बिश्नोई के भाई अनमोल बिश्नोई की गिरफ़्तारी की ख़बरों पर अमेरिका ने क्या कहा?

    लॉरेंस बिश्नोई के भाई और कई आपराधिक मामलों के अभियुक्त अनमोल बिश्नोई को अमेरिका में हिरासत में लेने की ख़बरों को लेकर अमेरिकी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता मैथ्यू मिलर ने प्रतिक्रिया दी है.

    मैथ्यू मिलर से सवाल किया गया कि मीडिया की ख़बरों के मुताबिक़ एफबीआई के अधिकारियों से भारतीय सुरक्षा अधिकारी अनमोल बिश्नोई के प्रत्यर्पण को लेकर चर्चा कर रहे हैं.

    मैथ्यू मिलर ने इस सवाल पर कोई टिप्पणी करने से मना कर दिया.

    उन्होंने कहा, "मैं केवल इतना कहूंगा हूं कि अगर ऐसा कुछ है तो इसपर विदेश विभाग नहीं, बल्कि आंतरिक सुरक्षा विभाग और एफ़बीआई का टिप्पणी करना उचित होगा. "

    ख़बरों के मुताबिक़ बाबा सिद्दीकी की हत्या और अभिनेता सलमान खान के घर के बाहर गोलीबारी करने सहित कई मामलों में अभियुक्त अनमोल बिश्नोई को अमेरिका के कैलिफोर्निया में इमिग्रेशन विभाग ने पिछले हफ्ते हिरासत में लिया है.

    हाल ही में मुंबई के बांद्रा ईस्ट में बाबा सिद्दीकी की हत्या कर दी गई थी.

    माना जाता है कि अनमोल बिश्नोई भी लॉरेंस बिश्नोई के गैंग के संचालन में शामिल हैं. पुलिस को मूसेवाला की हत्या के मामले में अनमोल बिश्नोई की तलाश है.

    पंजाब के मशहूर सिंगर सिद्धू मूसेवाला की 29 मई 2022 को पंजाब के मानसा में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी.

  2. चीन में प्राइमरी स्कूल के बाहर कार की चपेट में आने से कई बच्चे घायल

    चीन के हुनान प्रांत में स्थित एक प्राइमरी स्कूल के बाहर कार की चपेट में आने से कई बच्चे घायल हो गए. देश की सरकारी मीडिया ने ये जानकारी दी है.

    सरकारी मीडिया के अनुसार इस हादसे में किसी की मौत की सूचना नहीं आई है, लेकिन हादसे में कई स्कूली बच्चे और अन्य लोग घायल हुए हैं.

    इस हादसे के फ़ौरन बाद घायलों को अस्तपाल में भर्ती कराया गया है.

    हादसे में शामिल एसयूवी चलाने वाले शख्स को बच्चों के माता-पिता और सुरक्षा अधिकारियों ने पकड़कर पुलिस को सौंप दिया है. यह चीन में एक हफ्ते में इस तरह का तीसरा मामला है.

    दक्षिण चीन में 12 नवंबर को भी ऐसे ही मामले में 35 लोगों की मौत हुई थी.

  3. हांगकांग की अदालत ने लोकतंत्र समर्थक कार्यकर्ताओं को सुनाई सज़ा

    हांगकांग की एक अदालत ने लोकतंत्र समर्थक कार्यकर्ताओं को 10 साल तक की सज़ा सुनाई है.

    लोकतंत्र समर्थक ये कार्यकर्ता विवादित राष्ट्रीय सुरक्षा कानून के ख़िलाफ़ हैं.

    अदालत ने लोकतंत्र समर्थक कार्यकर्ता बेनी ताई को दस साल की और जोशुआ वोंग को 4 साल से ज्यादा की सज़ा सुनाई है.

    अदालत ने 47 कार्यकर्ताओं, विपक्षी सांसदों और आम लोगों में से अधिकतर को तोड़-फोड़ करने की साजिश रचने का दोषी पाया है.

    अमेरिका ने इसे राजनीति से प्रेरित बताया है. वहीं चीन और और हांगकांग ने कहा कि यह कानून और स्थिरता के लिए ज़रूरी है.

  4. दिल्ली में 'गंभीर' श्रेणी में बना हुआ है वायु प्रदूषण, कई इलाक़ों में एक्यूआई 500 के करीब

    दिल्ली में वायु प्रदूषण लगातार बढ़ रहा है. केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के अनुसार राष्ट्रीय राजधानी में मंगलवार की सुबह भी अधिकतर जगह वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 'गंभीर' श्रेणी में बना हुआ है.

    सीपीसीबी ने बताया कि मंगलवार की सुबह सात बजे आनंद विहार में एक्यूआई 500 दर्ज किया गया है. वहीं द्वारका में एक्यूआई 496 है. साथ ही पंजाबी बाग में एक्याई 498 है. इसके अलावा रोहिणी में भी एक्यूआई 500 है.

    दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी ने बढ़ते वायु प्रदूषण को लेकर सोमवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा था कि देशभर में पराली जलाई जा रही है.

    उन्होंने कहा था, "पंजाब, हरियाणा, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, राजस्थान हर जगह पराली जलाई जा रही है. केंद्र सरकार हाथ पर हाथ धरे बैठी हुई है."

    आतिशी ने कहा कि पराली जलाने के मामले सिर्फ पंजाब में कम हुए हैं.

    वहीं दूसरी तरफ दिल्ली में वायु की ख़राब हो रही गुणवत्ता की वजह से ग्रेडेड रेस्पांस एक्शन प्लान (जीआरएपी) का चौथा चरण लागू है.

    सुप्रीम कोर्ट ने सोमवार को कई सवाल उठाते हुए कहा कि ग्रेडेड रेस्पांस एक्शन प्लान (जीआरएपी) 3 और 4 को लागू करने में देरी की गई है.

  5. जी20 सम्मेलन के दौरान पीएम मोदी ने बाइडन, मैक्रों और मेलोनी समेत कई नेताओं से की मुलाक़ात

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ब्राज़ील में जी-20 शिखर सम्मेलन के दौरान अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडन से मुलाकात की.

    पीएम मोदी ने कहा कि बाइडन से मिलकर हमेशा खुशी होती है. हालांकि ये अभी तक नहीं पता चल पाया है कि दोनों नेताओं के बीच क्या बात हुई है.

    इसके अलावा भारतीय प्रधानमंत्री ने फ़्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों, इटली की प्रधानमंत्री जियोर्जिया मेलोनी और ब्रिटेन के पीएम किएर स्टार्मर से भी मुलाकात की. तस्वीरें सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर साझा की हैं.

    बाइडन से मुलाक़ात

    अमेरिका के राष्ट्रपति चुनाव के परिणाम के बाद पीएम मोदी और बाइडन के बीच पहली मुलाकात हुई है.

    अमेरिका में हाल में ख़त्म हुए राष्ट्रपति चुनावों में डोनाल्ड ट्रंप की जीत हुई है. वैसे बाइडन चुनावी रेस से बीच में बाहर हो गए थे, लेकिन मौजूदा उपराष्ट्रपति कमला हैरिस चुनावी मैदान में थीं और उन्हें ट्रंप ने हरा दिया.

    ट्रंप ने चुनाव जीतते ही अपने दूसरे कार्यकाल के लिए अहम नियुक्तियां शुरू कर दी हैं.

  6. नमस्कार!

    आज दोपहर के दो बजे तक बीबीसी संवाददाता अश्वनी पासवान आप सभी तक बड़ी ख़बरों को पहुंचाएंगे.

    बीबीसी हिंदी के होम पेज पर जाने के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं.

    कल के लाइव पन्ने की ख़बरों को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    इस वक़्त हमारे पेज पर मौजूद कुछ बड़ी ख़बरें-

    - सऊदी अरब ने तोड़ा मौत की सज़ा देने का अपना रिकॉर्ड, कितने भारतीयों को मिली ये सज़ा? इस ख़बर को पढ़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें.

    - शेख़ मुजीबुर्रहमान की तस्वीर बांग्लादेश में सरकारी इमारतों से हटाने पर विवाद क्यों हुआ? इस रिपोर्ट को विस्तार से पढ़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें.

    - भारतीय छात्र और ऑस्ट्रेलिया के विश्वविद्यालय वीज़ा सीमा से परेशान क्यों हैं? ये रिपोर्ट पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    - चैंपियंस ट्रॉफ़ी: 'भारत की चिंताओं' पर क्या बोला पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड? पूरा मामले जानने के लिए यहां क्लिक करें.