इसराइल ने जारी की चेतावनी, दक्षिणी लेबनान के 60 गांवों के विस्थापितों को लौटने से रोका
इसराइली सेना ने लेबनान के विस्थापित नागरिकों के लिए एक चेतावनी जारी की है.
सारांश
भारतीय विदेश मंत्रालय ने कहा है कि भारतीय क्रिकेट टीम के चैंपियंस ट्रॉफ़ी में हिस्सा लेने के लिए पाकिस्तान जाने की संभावना नहीं है.
भारतीय विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता की प्रेस वार्ता के ठीक बाद बांग्लादेश के विदेश मंत्रालय ने भी एक बयान जारी किया है
ऑस्ट्रेलिया ने भारत के ख़िलाफ़ एडिलेड में होने वाले दूसरे टेस्ट मैच के लिए अपनी टीम का एलान कर दिया है
ढाका के हाई कोर्ट ने इस्कॉन की गतिविधियों पर प्रतिबंध लगाने से संबंधित याचिका को ख़ारिज कर दिया.
लाइव कवरेज
सुमंत सिंह और अभिषेक पोद्दार
नमस्कार!
शुक्रवार के इस लाइव पेज को अब विराम देने का समय आ गया है. इसी के साथ मुझे यानी बीबीसी संवाददाता अभिषेक पोद्दार को दीजिए इजाज़त.
शनिवार की सुबह बीबीसी के लाइव पेज के ज़रिए आप दिन भर की बड़ी ख़बरों को पढ़ सकेंगे.
फ़िलहाल के लिए हमारे पेज पर मौजूद कुछ बड़ी ख़बरें हैं, जिन्हें आपको पढ़ना चाहिए...
- अजमेर शरीफ़ दरगाह: सूफ़ीवाद, सियासत और संत परंपरा के रहस्यवाद का अनूठा गुलिस्तान- पढ़ने के लिए क्लिक करें.
- बांग्लादेश और भारत में बढ़ा तनाव, ढाका के मीडिया में संभल हिंसा पर सवाल- पढ़ने के लिए क्लिक करें.
- संभल में जामा मस्जिद पर सुप्रीम कोर्ट ने जो कहा, उसके बाद अब क्या होगा- पढ़ने के लिए क्लिक करें.
- चिन्मय कृष्ण दास का बांग्लादेश इस्कॉन और सनातनी जागरण से क्या है रिश्ता? पढ़ने के लिए क्लिक करें.
इसराइल ने जारी की चेतावनी, दक्षिणी लेबनान के 60 गांवों के विस्थापितों को लौटने से रोका
इमेज स्रोत, Reuters
इमेज कैप्शन, इसराइल और हिज़्बुल्लाह की जंग में विस्थापित लोग दोनों के बीच युद्धविराम के बाद अपने घरों को लौट रहे हैं
इसराइली सेना ने लेबनान के विस्थापित नागरिकों के लिए
एक चेतावनी जारी की है.
इसराइली सेना ने
लेबनान के दक्षिणी इलाक़े में स्थित 60 गांवों में लोगों को वापस न लौटने को कहा है.
इसराइल और हिज़्बुल्लाह के बीच 27 नवंबर को युद्ध
विराम हुआ था. जिसके बाद हज़ारों-लाखों की तादाद में लेबनान के विस्थापित लोग अपने घरों को लौटने लगे थे.
इसराइल और हिज़्बुल्लाह के बीच चल रहे युद्ध में
लेबनान की वजह से ये लोग विस्थापित हुए हैं.
विस्थापित नागरिकों में अधिकतर लेबनान के दक्षिणी
हिस्से के निवासी थे.
इसराइली सेना ने एक चेतावनी देते हुए लेबनान के दक्षिणी
हिस्से का एक नक्शा प्रकाशित करते हुए कहा, “किसी भी निवासी को यहां
नहीं लौटना चाहिए. अगर कोई ऐसा करेगा तो वो खुद को ख़तरे में डालेगा.”
इसराइल और हिज़्बुल्लाह दोनों ने ही एक दूसरे पर
युद्ध विराम समझौते के उल्लंघन का आरोप लगाया है.
इसराइली सेना ने गुरुवार को एक बयान में कहा था कि
उन्होंने दक्षिणी लेबनान के हिस्सों में हवाई हमले किए हैं.
जयराम रमेश ने ईवीएम को लेकर चुनाव आयोग को घेरा
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने चुनाव की निष्पक्षता पर सवाल खड़े किए हैं
शुक्रवार को हुई कांग्रेस वर्किंग कमिटी की बैठक के बाद पार्टी के संचार विभाग
के महासचिव जयराम रमेश ने ईवीएम और चुनावी प्रक्रिया पर सवाल खड़े किए.
ग़ौरतलब है कि पिछले कई चुनावों में हार पर कांग्रेस ने ईवीएम मशीनों से छेड़छाड़ का आरोप लगाया है.
हरियाणा और महाराष्ट्र विधानसभा चुनावों में भी कांग्रेस ने ईवीएम पर सवाल उठाए थे.
कांग्रेस वर्किंग कमिटी की बैठक के बाद पत्रकारों को संबोधित करते हुए जयराम रमेश ने कहा, “आज जो बात हुई है, सिर्फ़ ईवीएम को लेकर नहीं है बल्कि चुनावी प्रक्रिया पर है
कि किस तरह अलग-अलग राज्यों में मतदाताओं को रोका जाता है.”
कांग्रेस नेता ने कहा, "हरियाणा में हमने 20 सीटों को लेकर शिकायत
की थी, इलेक्शन कमिशन ने हमें सुना पर
हमारी शिकायतों को नज़रअंदाज़ कर दिया. आज सुबह हमारे तीन वरिष्ठ नेता नाना पटोले, रमेश चनितरा और मुकल
वासनिक ने महाराष्ट्र चुनाव को लेकर इलेक्शन कमिशन को एक लंबा खत लिखा है.”
जयराम रमेश ने कहा, “हम अपना धर्म निभा रहे
हैं. लेकिन चुनाव आयोग को भी निष्पक्ष चुनाव के अपने धर्म को निभाना चाहिए. आज की
मीटिंग में भी कहा गया कि चुनावी प्रक्रिया पारदर्शी तरीके से नहीं चल रही है.”
बांग्लादेश में अल्पसंख्यकों को लेकर कंगना रनौत ने क्या कहा?
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, बीजेपी सांसद कंगना रनौत
बांग्लादेश में इस्कॉन से जुड़े रहे चिन्मय कृष्ण दास
की गिरफ़्तारी के बाद से ही भारत के साथ उसके रिश्तों में तनाव देखा जा रहा है.
चिन्मय कृष्ण दास की गिरफ़्तारी पर भारत ने एक बार फिर शुक्रवार को चिंता जताई.
हिमाचल प्रदेश के मंडी से बीजेपी सांसद कंगना रनौत ने भी बांग्लादेश के साथ जारी
विवाद पर बयान दिया है.
बीजेपी सांसद ने कहा, “बांग्लादेश में साधु-संतों की जिस
तरह की दुर्दशा हो रही है, वह हमारे लिए बहुत ही चिंताजनक है. लेकिन सबसे बड़ी बात
ये है कि इसे लेकर भारत में कोई आंदोलन नहीं हो रहा है. सोशल मीडिया पर ‘ऑल आई ऑन बांग्लादेश’ जैसा कोई भी आंदोलन नहीं हो रहा है. यह स्थिति भी चिंताजनक है.”
कंगना रनौत ने बांग्लादेश की अंतरिम सरकार का नेतृत्व
कर रहे मोहम्मद यूनुस पर भी बयान दिया.
उन्होंने कहा, “जब से वे सत्ता में आए हैं, कितनी अशांति फैली हुई है. हम यही कह सकते हैं कि इस मुश्किल के समय में
बांग्लादेशियों और हिंदुओं के साथ हम खड़े हैं.”
शुक्रवार को भारतीय विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर
जायसवाल ने भी प्रेस वार्ता में बांग्लादेश की अंतरिम सरकार से वहां के हिंदुओं के
सुरक्षा की ज़िम्मेदारी लेने को कहा था.
भारतीय विदेश मंत्रालय की इस प्रेस वार्ता के ठीक बाद
बांग्लादेश के विदेश मंत्रालय ने भी एक प्रेस रिलीज जारी की.
अपनी प्रेस रिलीज में बांग्लादेश ने कहा कि कोलकाता
में उनके उप-उच्चायोग के बाहर बांग्लादेश का राष्ट्रीय ध्वज जलाया गया.
बीसीसीआई उपाध्यक्ष ने चैंपियंस ट्रॉफ़ी के सवाल पर कहा- 'पाकिस्तान से चल रही है बात'
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, भारतीय विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा था ऐसा नहीं लगता कि भारतीय टीम पाकिस्तान जाएगी
भारतीय टीम साल 2025 में होने वाली चैंपियंस ट्रॉफ़ी
में हिस्सा लेगी या नहीं इस बात पर आशंका बरकरार है. भारतीय टीम साल 2008 से ही
पाकिस्तान नहीं गई है.
अब भारत के पाकिस्तान जाने के सवाल पर बीसीसीआई
उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला का बयान सामने आया है.
राजीव शुक्ला का कहना है, "पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के साथ बात चल रही है. आईसीसी भी अपनी कोशिशें कर रही
है. हमारी स्थिति साफ़ है कि जो भी हमें सरकार कहेगी वो हम करेंगे."
शुक्रवार की शाम को ही विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने
प्रेस वार्ता में कहा था कि ऐसा नहीं लगता कि भारतीय टीम पाकिस्तान जाएगी.
प्रेस वार्ता में विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर
जायसवाल से भारतीय टीम के पाकिस्तान जाने पर सवाल पूछा गया था.
जवाब में रणधीर जायसवाल ने कहा था, ''बीसीसीआई इस बारे में
बयान जारी कर चुकी है. बीसीसीआई ने कहा है
कि वहां पर (पाकिस्तान में) उनको सुरक्षा संबंधी चिंताएं हैं. इसीलिए ऐसा नहीं
लगता है कि टीम वहां जाएगी.''
चैंपियंस ट्रॉफ़ी 2025 का आयोजन पाकिस्तान में होना है. कई सारी ख़बरों में ऐसा कहा गया है कि बीसीसीआई ने
लिखित में आईसीसी को पाकिस्तान ना जाने की सूचना दे दी है.
भारत के ख़िलाफ़ दूसरे टेस्ट मैच के लिए ऑस्ट्रेलिया ने किया टीम का एलान
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, ऑस्ट्रेलिया के ख़िलाफ़ भारत ने पहला टेस्ट मैच 295 रनों से जीता था
ऑस्ट्रेलिया ने भारत के ख़िलाफ़ एडिलेड में होने वाले दूसरे टेस्ट मैच के लिए
अपनी टीम का एलान कर दिया है.
ऐडिलेड में खेला जाने वाला दूसरा टेस्ट मैच गुलाबी गेंद से खेला जाएगा. यह मैच
छह दिसंबर से शुरू होगा. दूसरे टेस्ट मैच से पहले भारतीय कप्तान रोहित शर्मा भी टीम के साथ जुड़ गए हैं.
साल 2020 में ऑस्ट्रेलिया के
ख़िलाफ एडिलेड में ही गुलाबी गेंद से खेले गए टेस्ट मैच में भारतीय टीम महज़ 36 रन पर ही सिमट गई थी.
यह भारतीय टीम का टेस्ट मैच में बनाया गया सबसे कम स्कोर भी है.
ऑस्ट्रेलिया के साथ मौजूदा पांच टेस्ट मैचों की सिरीज़ में भारत पहले ही 1-0
से आगे है.
भारत ने पर्थ में खेले गए पहले टेस्ट मैच में ऑस्ट्रेलिया को 295 रन से हराया था.
भारत के बयान के ठीक बाद बांग्लादेश ने कोलकाता की घटना पर जताई चिंता
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, कोलकाता में हिंदू जागरण मंच ने चिन्मय कृष्ण दास की गिरफ़्तारी के विरोध में प्रदर्शन किया था
बांग्लादेश और भारत के बीच चिन्मय कृष्ण दास की
गिरफ़्तारी के बाद हुए विवाद पर वार-पलटवार जारी है.
शुक्रवार को भारतीय विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता की
प्रेस वार्ता के ठीक बाद बांग्लादेश के विदेश मंत्रालय ने भी एक बयान जारी किया है.
भारतीय विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने अपनी प्रेस वार्ता में बांग्लादेश की अंतरिम सरकार से कहा था कि उनको देश के सभी अल्पसंख्यकों के सुरक्षा की ज़िम्मेदारी निभानी चाहिए.
वहीं बांग्लादेश ने कहा कि कोलकाता में उसके उप-उच्चायोग के बाहर हुए विरोध प्रदर्शन में राष्ट्रीय ध्वज को जलाया गया.
बांग्लादेश ने कहा कि कोलकाता में बांग्लादेश का राष्ट्रध्वज जलाना चिंताजनक है.
बांग्लादेश में इस्कॉन से जुड़े हुए चिन्मय कृष्ण दास
की गिरफ़्तारी के विरोध में कोलकाता में बांग्लादेश उप-उच्चायोग के बाहर विरोध
प्रदर्शन हुए थे.
बांग्लादेश के विदेश मंत्रालय ने कहा, “गुरुवार
दोपहर कोलकाता में बांग्लादेश के उप-उच्चायोग के बाहर हो रहा प्रदर्शन हिंसक हो गया.
प्रदर्शनकारियों ने पुलिस बैरिकेडिंग को तोड़ दिया और उच्चायोग तक पहुंच गए.”
बांग्लादेश के विदेश मंत्रालय के मुताबिक़, फ़िलहाल
स्थिति नियंत्रण में आ गई है. लेकिन उच्चायोग के अधिकारी डरे हुए हैं.
बांग्लादेश सरकार ने बयान में अपने राष्ट्रीय ध्वज
जलाने के घटना की निंदा की है. साथ ही भारत सरकार से ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए
ज़रूरी और सख़्त क़दम उठाने का आग्रह भी किया है.
भारतीय विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने अपनी
प्रेस वार्ता में क्या कहा था
भारतीय विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता
रणधीर जायसवाल ने कहा था “बांग्लादेश की अंतरिं सरकार को हिंदुओं और सभी अल्पसंख्यकों की सुरक्षा की ज़िम्मेदारी
निभानी चाहिए.”
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने यह भी कहा कि हिंसा और
बहकावे की बढ़ती घटनाओं को केवल मीडिया की ख़बर बताकर ख़ारिज नहीं किया जा सकता.
बांग्लागदेश की सरकार अल्पसंख्यकों की सुरक्षा के लिए कदम उठाए.
बांग्लादेश में अल्पसंख्यकों को लेकर भारत ने फिर क्या कहा?
इमेज स्रोत, MEA Official Youtube
इमेज कैप्शन, भारत के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल
भारतीय विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने शुक्रवार
को एक प्रेस वार्ता में बांग्लादेश से एक बार फिर अल्पसंख्यकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की बात कही है.
जायसवाल ने कहा, “बांग्लादेश की अंतरिम सरकार को सभी अल्पसंख्यकों की सुरक्षा की ज़िम्मेदारी निभानी चाहिए. हम बढ़ती अतिवादी गतिविधियों से भी चिंतित हैं. हिंसा
और बहकावे की बढ़ती घटनाओं को केवल मीडिया की ख़बर बताकर ख़ारिज नहीं किया जा
सकता. हम बांग्लादेश की सरकार से कहना चाहेंगे कि वे अल्पसंख्यकों की सुरक्षा के
लिए कदम उठाएं.”
बांग्लादेश में इस्कॉन मंदिर से जुड़े रहे चिन्मय
कृष्ण दास को जेल भेजे जाने के बाद भारत ने इससे पहले भी चिंता जताई थी.
26 नवंबर को चिन्मय कृष्ण दास को चटगांव के कोतवाली
थाने में दर्ज देशद्रोह के मामले में कोर्ट में पेश किया गया था.
बाद में कोर्ट ने चिन्मय कृष्ण दास की जमानत याचिका
को ख़ारिज करते हुए उन्हें जेल भेज दिया था.
चिन्मय कृष्ण दास को जेल भेजे जाने के विरोध में उनके
समर्थकों और पुलिस के बीच हुई झड़प में एक वकील की मौत भी हो गई थी.
चैंपियंस ट्रॉफी के लिए टीम इंडिया पाकिस्तान जाएगी या नहीं विदेश मंत्रालय ने बताया
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, भारतीय टीम साल 2008 से ही पाकिस्तान में कोई मैच नहीं खेली है
भारतीय विदेश मंत्रालय ने कहा है कि भारतीय क्रिकेट टीम
के चैंपियंस ट्रॉफ़ी में हिस्सा लेने के लिए पाकिस्तान जाने की संभावना नहीं है.
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल से मीडिया
ब्रीफ़िग के दौरान पूछा गया था कि क्या भारत 2025 में चैंपियंस ट्रॉफ़ी के लिए
पाकिस्तान में टीम भेजेगा?
इस पर रणधीर जायसवाल ने कहा, "बीसीसीआई इसे लेकर एक
बयान जारी कर चुका है. जिसमें उन्होंने कहा है कि वहां पर (पाकिस्तान में) उनको
सुरक्षा संबंधी चिंताएं हैं. इसीलिए ऐसा नहीं लगता है कि टीम वहां जाएगी."
ग़ौरतलब है कि चैंपियंस ट्रॉफ़ी 2025 का आयोजन पाकिस्तान में हो रहा है. कई
सारी मीडिया ख़बरों में ऐसा कहा गया है कि बीसीसीआई ने आईसीसी को लिखित में सूचित
कर दिया है कि भारतीय टीम पाकिस्तान नहीं जाएगी.
भारतीय टीम ने साल 2008 के बाद से ही पाकिस्तान की
ज़मीन पर कोई भी मैच नहीं खेला है.
संभल जामा मस्जिद: सुप्रीम कोर्ट के निर्देश पर यूपी सरकार ने क्या कहा?
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, सुप्रीम कोर्ट ने याचिकाकर्ताओं को हाई कोर्ट जाने के लिए कहा है
शुक्रवार को सुप्रीम कोर्ट ने उत्तर प्रदेश में संभल
की शाही जामा मस्जिद में सर्वे पर रोक लगा दी है.
सर्वोच्च अदालत ने निचली अदालत में आगे की सुनवाई पर भी रोक लगा दी है. साथ ही सुप्रीम कोर्ट ने
याचिकाकर्ताओं से हाई कोर्ट जाने के लिए कहा है.
सुप्रीम कोर्ट के इस फ़ैसले पर संभल के सांसद ज़िया
उर-रहमान बर्क़ ने कहा, “हम सुप्रीम कोर्ट इसी उम्मीद से गए
थे कि वहां से हमें फ़ैसला मिलेगा. सुप्रीम कोर्ट ने जो फ़ैसला दिया है, वह
क़ाबिले तारीफ़ है. कोर्ट ने प्रशासन को हिदायत दी है कि वे निष्पक्ष रहें.”
ज़िया उर रहमान ने कहा, “शुरू से ही हमारी समाजवादी पार्टी जांच कमिटी की मांग कर रही है. लेकिन जो
जांच कमिटी का गठन होना चाहिए वो मौजूदा सुप्रीम कोर्ट के जज के नेतृत्व में होना
चाहिए तभी इसमें इंसाफ़ होगा.”
उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने
भी सुप्रीम कोर्ट के फ़ैसले पर अपनी प्रतिक्रिया दी है.
उन्होंने कहा, “कोर्ट के आदेश का सरकार हमेशा पालन करती है. समाजवादी
पार्टी लगातार कोर्ट के आदेश का उल्लंघन करती है. मैं कोर्ट के आदेश का स्वागत
करता हूं. समाजवादी पार्टी को मैं आगाह करता हूं कि वे माहौल ख़राब करने का काम ना
करें.”
राज्य के दूसरे उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा, "कोर्ट के फ़ैसले का हम स्वागत करते हैं. हम आदेश का सम्मान करेंगे और उसी हिसाब से
काम करेंगे. किसी भी व्यक्ति को क़ानून हाथ में नहीं लेने देंगे. लॉ एंड ऑर्डर
बनाए रखेंगे. निष्पक्ष जांच कराएंगे."
चीन ने जासूसी के आरोप में पत्रकार को सुनाई जेल की सज़ा, कोह इव, बीबीसी न्यूज़
इमेज स्रोत, Reuters
इमेज कैप्शन, 62 साल के दोंग युयु को साल 2022 में ही हिरासत में लिया गया था
चीन ने एक पत्रकार को जासूसी के आरोप में सात साल जेल की सज़ा सुनाई है. ये पत्रकार चीन की सरकारी मीडिया में काम कर चुके थे. पत्रकार के परिवार ने बीबीसी से इसकी पुष्टि की है.
62 साल के दोंग युयु को साल 2022 में ही हिरासत में लिया गया था. अमेरिका और जापान के पत्रकारों के साथ उनका अक्सर मिलना-जुलना था और कई बार वह विदेशी राजनयिकों से भी मिलते थे.
जिस समय उन्हें हिरासत में लिया गया था उस समय वह 'गुआंगमिंग डेली' में वरिष्ठ पत्रकार के तौर पर काम कर रहे थे.
यह अख़बार चीन की कम्युनिस्ट पार्टी से जुड़े पांच प्रमुख अख़बारों में शामिल है.
फ़रवरी 2022 में विंटर ओलंपिक ख़त्म होने के अगले दिन उन्हें जिस रेस्तरां से हिरासत में लिया गया था,वहां वह अक्सर अपने विदेशी मित्रों से मिला करते थे.
पुलिस ने जिस समय उन्हें हिरासत में लिया था उस समय वह बीजिंग में एक जापानी राजनयिक के साथ लंच कर रहे थे.
सुप्रीम कोर्ट ने टीएमसी के निलंबित सांसद कुंतल घोष को ज़मानत दी, शिक्षक भर्ती में भ्रष्टाचार से जुड़ा है मामला
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, कुंतल घोष (फ़ाइल फोटो)
सुप्रीम कोर्ट ने पश्चिम बंगाल शिक्षक भर्ती के दौरान कथित भ्रष्टाचार मामले में तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के निलंबित सांसद कुंतल घोष को ज़मानत दे दी है.
कुंतल घोष के ख़िलाफ़ पश्चिम बंगाल शिक्षक भर्ती में भ्रष्टाचार से जुड़ा यह मामला सीबीआई ने दर्ज किया था.
जस्टिस सूर्यकांत और जस्टिस उज्जल भुयन की बेंच ने इस बात को ध्यान में रखते हुए कुंतल घोष को राहत दी कि इस मामले की सुनवाई जल्द पूरी होने की संभावना नहीं है.
लाइव लॉ के अनुसार, सीबीआई ने घोष के ख़िलाफ़ चार्जशीट इसी साल जनवरी में दायर की थी. हालांकि विशेष अदालत ने इस पर संज्ञान नहीं लिया था, क्योंकि इसमें कोई दस्तावेज़ शामिल नहीं थे. सीबीआई ने सप्लीमेंट्री चार्जशीट दायर करने की मांग की है.
सुप्रीम कोर्ट ने ये भी कहा है कि ज़मानत की शर्तें ट्रायल कोर्ट तय करेगा. साथ ही सुप्रीम कोर्ट ने कहा है कि घोष को अपना पासपोर्ट जांच एजेंसी के पास जमा कराना होगा और वो जांच एजेंसी या ट्रायल कोर्ट की अनुमति के बिना पश्चिम बंगाल से बाहर नहीं जा सकते.
कुंतल घोष को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने 21 जनवरी 2023 को मनी लॉन्ड्रिंग मामले में गिरफ़्तार किया था. इसके बाद सीबीआई ने उन्हें 20 फरवरी 2023 को पश्चिम बंगाल शिक्षक भर्ती में भ्रष्टाचार से जुड़े मामले में गिरफ़्तार किया था.
ब्रेकिंग न्यूज़, संभल की शाही जामा मस्जिद मामले में सुप्रीम कोर्ट ने निचली अदालत को किसी भी कार्रवाई से रोका
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, सुप्रीम कोर्ट ने उत्तर प्रदेश प्रशासन से कहा है कि शांति और सद्भाव बना रहना चाहिए
सुप्रीम कोर्ट ने शुक्रवार को संभल की शाही जामा मस्जिद मामले पर सुनवाई करते हुए निचली अदालत के आगे की सुनवाई करने पर रोक लगा दी है.
कानूनी मामलों को रिपोर्ट करने वाली लाइव लॉ वेबसाइट के मुताबिक़, सुप्रीम कोर्ट ने याचिकाकर्ता को हाई कोर्ट जाने को कहा है.
साथ ही शीर्ष अदालत ने कहा है, "जब तक सर्वे के आदेश को चुनौती देने वाली मस्जिद कमिटी की याचिका हाई कोर्ट में सूचीबद्ध नहीं हो जाती तब तक निचली अदालत इस मामले में कोई कार्रवाई नहीं करेगी."
सुप्रीम कोर्ट ने आदेश दिया है कि एडवोकेट कमिश्नर की रिपोर्ट को सील बंद लिफाफे में रखा जाए, उसे बीच में नहीं खोला जाए.
शीर्ष अदालत ने उत्तर प्रदेश प्रशासन से कहा, "शांति और सद्भाव बना रहना चाहिए."
इस मामले पर हिंदू पक्ष के वकील विष्णु शंकर जैन ने बताया, "सुप्रीम कोर्ट ने मस्जिद कमिटी से कहा है कि इस मामले की याचिका इलाहाबाद हाई कोर्ट में दायर करिए. जब भी याचिका दायर की जाएगी, उसके तीन दिन के भीतर वो लिस्ट हो."
विष्णु शंकर जैन ने कहा, "तब तक के लिए ट्रायल कोर्ट की सुनवाई रुकी रहेगी और एडवोकेट कमिश्नर अपनी रिपोर्ट बंद लिफाफे में दायर करेंगे."
वहीं मुस्लिम पक्ष के वकील सुलेमान खान ने बताया, "सुप्रीम कोर्ट ने जिला प्रशासन को निर्देश दिया है कि संभल में शांति और सद्भाव बना रहे."
उन्होंने कहा, "जब तक जामा मस्जिद कमिटी की याचिका की सुनवाई हाई कोर्ट में नहीं हो जाती तब तक निचली अदालत कोई कार्रवाई नहीं करेगी."
संभल की अदालत में सुनवाई के बाद शाही जामा मस्जिद के वकील ने क्या कहा?
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, शाही जामा मस्जिद कमिटी के वकील शकील अहमद वसीम ने बताया कि एएसआई ने रिपोर्ट पेश करने के लिए और समय मांगा है
यूपी के संभल की अदालत में शाही जामा मस्जिद मामले की सुनवाई के बाद मस्जिद कमिटी के वकील शकील अहमद वसीम ने बताया कि भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) ने सर्वे की रिपोर्ट पेश नहीं की है.
शाही जामा मस्जिद कमिटी के वकील ने कहा, "हम मस्जिद की तरफ़ से अदालत में पेश हुए. हमने इस मामले से जुड़े दस्तावेज़ों की मांग की थी, अदालत ने इसके लिए आदेश दे दिए हैं."
"एएसआई की सर्वे टीम ने रिपोर्ट पेश नहीं की है. उन्होंने रिपोर्ट पेश करने के लिए और समय मांगा है. इस पर हमने आपत्ति दायर की."
कमिटी के वकील ने कहा, "अब मस्जिद का कोई सर्वे नहीं होगा."
इस मामले की सुनवाई से पहले कहा जा रहा था कि एएसआई अपनी सर्वे रिपोर्ट अदालत में पेश करेगा.
मामले की सुनवाई के मद्देनज़र प्रशासन ने अदालत परिसर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए थे.
हिंसा के बाद पहली जुमे की नमाज के चलते शाही जामा मस्जिद के आस पास भारी संख्या में पुलिस तैनात है.
विपक्ष की नारेबाज़ी के बाद लोकसभा और राज्यसभा की कार्यवाही स्थगित
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, गुरुवार को भी विपक्ष ने हंगामा किया था
शुक्रवार को लोकसभा और राज्यसभा में हंगामे की वजह से कार्यवाही को स्थगित कर दिया गया है.
सुबह 11 बजे लोकसभा की कार्यवाही शुरू होते ही प्रश्नकाल के दौरान विपक्ष के सांसदों ने नारेबाज़ी शुरू कर दी थी.
लोकसभा अध्यक्ष ओम प्रकाश बिरला ने सांसदों से अपील की कि प्रश्नकाल को सुचारु रूप से चलने दें. करीब 10 मिनट की कार्यवाही के बाद लोकसभा अध्यक्ष ने कार्यवाही को 12 बजे तक के लिए स्थगित कर दिया.
वहीं राज्यसभा में भी हंगामे की वजह से कार्यवाही स्थगित कर दी गई है.
राज्यसभा सभापति जगदीप धनखड़ ने प्रश्नकाल पूरा होने देने की अपील की. इसके बाद उन्होंने सोमवार (2 दिसंबर) सुबह 11 बजे तक के लिए सदन को स्थगित कर दिया.
राज्यसभा में हंगामे को लेकर सभापति जगदीप धनखड़ ने कहा, "इसकी (हंगामे की) सराहना नहीं की जा सकती. हम बहुत ख़राब मिसाल पेश कर रहे हैं. हम देश के लोगों का अपमान कर रहे हैं."
उन्होंने कहा, "हम आशा के मुताबिक़ काम नहीं कर रहे हैं. हमारे काम जनता के लिए नहीं हैं. हम अप्रासंगिकता की ओर बढ़ रहे हैं."
मध्य प्रदेश के मऊगंज में सरकारी एम्बुलेंस में नाबालिग से कथित रेप, 2 गिरफ़्तार
इमेज कैप्शन, डीआईजी साकेत प्रकाश ने बताया कि अन्य लोगों की मौजूदगी और सहायता से ये घटना हुई है इसलिए उन्हें भी अभियुक्त बनाया गया है
मध्य प्रदेश के मऊगंज ज़िले में एक नाबालिग लड़की के साथ कथित रेप का मामला सामने आया है.
नाबालिग लड़की अपनी ममेरी बहन और उसके पति समेत कुछ और लोगों के साथ बाहर गई थी जब उसके साथ कथित बलात्कार की घटना हुई.
पुलिस के अनुसार, ये घटना 22 नवम्बर की है, जिसकी जानकारी गुरुवार को सामने आई है. घटना के बाद अगली सुबह लड़की को उसके घर के पास छोड़ दिया था जिसके बाद लड़की ने परिवार को इसकी जानकारी दी थी.
लड़की के परिजनों ने पुलिस को इस मामले की जानकारी दी जिसके बाद चार व्यक्तियों जिसमें लड़की के मामा, उनकी बेटी और दामाद सहित सरकारी एम्बुलेंस के ड्राइवर के ख़िलाफ़ मामला दर्ज किया गया है.
पत्रकारों से बात करते हुए रीवा के डीआईजी साकेत प्रकाश पांडे ने बताया, "लड़की अपने ननिहाल में थी, जहां उसकी मामा की बेटी ने घूमने का प्लान बनाया था. एक वैन गाड़ी में लड़की, उसके मामा की बेटी और पति और दो अन्य लोग घूमने निकले थे."
"बीच में मामा की बेटी उतर गई और जिसके बाद लड़की ने बताया कि उसके साथ एक व्यक्ति ने गंदा काम किया है. अभी तक इस मामले में दो आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है. शेष को भी जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा."
डीआईजी साकेत प्रकाश ने बताया, "मामले में सामूहिक बलात्कार की बात नहीं आ रही है, लेकिन क्योंकि अन्य लोगों की मौजूदगी और सहायता से ये घटना हुई है, इसलिए उन्हें भी अभियुक्त बनाया गया है."
मामले की जांच में शामिल मऊगंज के एडिशनल सुप्रिटेंडेंट अनुराग पांडे ने बताया, "लड़की के साथ एक शासकीय वाहन एम्बुलेंस में रेप की घटना होना पाया गया है. इसकी जांच की जा रही है कि वाहन गांव में कैसे पहुंचा, किस कारण गया था. इसमें चार लोगों के ख़िलाफ़ मामला दर्ज किया गया है."
मध्य प्रदेश राज्य अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो के आंकड़ों के अनुसार साल 2023 में राज्य में हर दिन यौन उत्पीड़न के 14 मामले दर्ज हुए हैं. पूरे साल में 5,348 महिलाओं के साथ यौन उत्पीड़न के मामले दर्ज हुए है.
संभल की शाही जामा मस्जिद के सर्वे की रिपोर्ट आज कोर्ट को सौंपेगी एएसआई
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, अदालत परिसर में भारी पुलिस बल तैनात
संभल की चन्दौसी अदालत में आज शाही जामा मस्जिद मामले में सुनवाई होगी. इस दौरान भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) अपनी जांच रिपोर्ट कोर्ट के सामने पेश करेगा.
प्रशासन ने अदालत परिसर में सुरक्षा के पुख्ता इंतज़ाम किए हैं.
चन्दौसी के सर्कल ऑफिसर (सीओ) संतोष कुमार सिंह ने अदालत परिसर की सुरक्षा के बारे में बताया.
उन्होंने कहा, "चारों तरफ से कवर कर लिया गया है. कोई भी बाहरी व्यक्ति अंदर नहीं जाएगा. मीडिया भी अंदर नहीं जाएगी. केवल वकील ही अंदर जा सकते हैं. ड्रोन और कैमरों से निगरानी की जा रही है."
गुरुवार को चन्दौसी बार एसोसिएशन के अध्यक्ष मोहम्मद नज़र क़ुरैशी ने बताया था, "हमने घोषणा की है कि जो बाहरी लोग हैं और पंजीकृत वकील नहीं हैं वो अदालत परिसर में ना आएं."
आज जुमे की नमाज़ को लेकर भी प्रशासन सतर्क है. जामा मस्जिद के आसपास पुलिस बल को तैनात किया गया है.
ट्रंप से बातचीत के बाद मेक्सिको की राष्ट्रपति को क्यों देना पड़ा बयान?
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, मेक्सिको की राष्ट्रपति ने ट्रंप के साथ हुई बातचीत को लेकर स्पष्टीकरण दिया है
मेक्सिको की राष्ट्रपति क्लाउडिया शिनबाम ने कहा है कि अमेरिका अपने नवनिर्वाचित राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ हुई उनकी बातचीत के बारे में स्पष्ट जानकारी दे.
दरअसल, दोनों देशों के नेताओं ने इस बातचीत को लेकर अलग-अलग बयान दिया है.
बुधवार को ट्रंप ने कहा था कि शिनबाम ने 'मेक्सिको से अवैध प्रवासन को रोकने पर सहमति जताई है', जिससे अमेरिका की दक्षिणी सीमा बंद हो जाएगी.
ट्रंप के इस बयान के बाद मेक्सिको की राष्ट्रपति को बयान देना पड़ा. शिनबाम ने कहा है कि उन्होंने केवल मेक्सिको की स्थिति को दोहराया है, जिसमें उन्होंने "सीमा को बंद करने की बजाय दोनों देशों की सरकारों और लोगों के बीच मज़बूत संबंध बनाने की बात कही."
इससे पहले सोमवार को ट्रंप ने घोषणा की थी कि जनवरी में कार्यकाल शुरू होने के बाद वे मेक्सिको और कनाडा पर 25 फ़ीसदी का टैरिफ़ लगाएंगे. साथ ही उन्होंने चीन पर 10 फ़ीसदी टैरिफ़ लगाने की घोषणा की है.
ट्रंप ने कहा कि इम्पोर्ट ड्यूटी में मेक्सिको और कनाडा को केवल तब छूट दी जाएगी जब दोनों देश अमेरिका की तरफ़ हो रहे अवैध प्रवासन और ड्रग तस्करी को रोकेंगे.
मध्य प्रदेश के खंडवा में जुलूस के दौरान भड़की आग, 30 लोग झुलसे
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, सांकेतिक तस्वीर
मध्य प्रदेश के खंडवा में एक जुलूस के दौरान आग भड़कने से 30 लोग झुलस गए हैं. घायलों का इलाज ज़िला अस्पताल में किया जा रहा है.
खंडवा के पुलिस अधीक्षक (एसपी) मनोज कुमार राय ने घटना की जानकारी देते हुए बताया, "सभा के रूप में एक कार्यक्रम रखा गया था, जुलूस की अनुमति ली गई थी. घंटाघर पर जब कार्यक्रम समाप्त हो रहा था, लोगों के हाथ में जो मशाल थी वह रखते समय कुछ मशाल उल्टी हो गईं, जिसकी वजह से उसमें जो बुरादा और तेल था उसके कारण आसपास की मशाल में आग भड़क गई."
उन्होंने कहा, "इस दौरान आसपास जो लोग घेरा बनाकर खड़े थे, उनमें से कुछ महिलाएं, बच्चे और पुरुष थे. इन लोगों के चेहरे और हाथ हल्का झुलस गए हैं."
पुलिस अधीक्षक ने बताया, "जिला अस्पताल में लगभग 30 लोगों का लाया गया था, उसमें से 18 लोग प्राथमिक उपचार के बाद अपने घर चले गए हैं. अभी 12 लोग हैं जिनका प्राथमिक उपचार किया जा रहा है. कोई भी व्यक्ति ख़तरे में नहीं है."