You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

अमेरिका और ईरान के बीच वार्ता का दूसरा दौर समाप्त, ईरानी विदेश मंत्री ने बताया क्या हुआ?

अमेरिका और ईरान के बीच 'अप्रत्यक्ष' वार्ता का दूसरा दौर जिनेवा में समाप्त हो गया. ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराग़ची ने इसे पहले दौर की तुलना में अधिक सकारात्मक बताया.

सारांश

लाइव कवरेज

संदीप राय, रौनक भैड़ा

  1. बांग्लादेशः बीएनपी सांसदों ने संवैधानिक सुधार परिषद के पद की शपथ नहीं ली

    बांग्लादेश में आज नई सरकार का गठन हो रहा है और नए सांसदों को संसद सदस्य की शपथ दिलाई गई.

    लेकिन बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) के निर्वाचित संसद सदस्यों ने संवैधानिक सुधार परिषद के पद की शपथ नहीं ली.

    बीबीसी बांग्ला के अनुसार, संसद भवन में निर्वाचित बीएनपी सदस्यों के शपथ ग्रहण समारोह से पहले, बीएनपी स्थायी समिति के सदस्य सलाहुद्दीन अहमद ने कहा कि 'वे आज संवैधानिक सुधार परिषद के पद की शपथ नहीं ले रहे हैं.'

    अहमद ने कहा, "हममें से कोई भी संवैधानिक सुधार परिषद का निर्वाचित सदस्य नहीं है और इसे अभी तक संविधान में शामिल नहीं किया गया है. यदि जनमत संग्रह के फैसले के अनुसार संवैधानिक सुधार परिषद का गठन होता है, तो इसे पहले संविधान में शामिल किया जाना चाहिए और यह प्रावधान किया जाना चाहिए कि संवैधानिक सुधार परिषद के सदस्य के रूप में कौन शपथ लेगा."

    हालांकि जमात-ए-इस्लामी के सांसदों ने संसद सदस्य के साथ-साथ संवैधानिक सुधार परिषद के सदस्य के रूप में भी शपथ ली है.

    ग़ौरतलब है कि 12 फ़रवरी को हुए आम चुनाव के दिन ही संवैधानिक सुधार के लिए एक जनमत संग्रह भी कराया गया था.

    बांग्लादेश में डेढ़ साल से अधिक समय के बाद आज से निर्वाचित राजनीतिक सरकार की यात्रा शुरू हो रही है. सुबह संसद भवन में नए सांसदों के शपथ ग्रहण समारोह के बाद, दोपहर में नई सरकार के सदस्यों का शपथ ग्रहण समारोह निर्धारित है.

    इससे पहले बीएनपी के सांसदों ने सर्वसम्मति से तारिक रहमान को संसद नेता और प्रधानमंत्री चुना.

    13वें संसदीय चुनाव में विजयी रहे बीएनपी अध्यक्ष तारिक़ रहमान मंगलवार दोपहर बाद प्रधानमंत्री के रूप में शपथ लेंगे. इसी समारोह में राष्ट्रपति मोहम्मद शहाबुद्दीन नए मंत्रिमंडल को भी शपथ दिलाएंगे.

  2. ईरान के साथ बातचीत से पहले राष्ट्रपति ट्रंप ने दिया ये अहम बयान

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि वह ईरान और अमेरिका के बीच जिनेवा में होने वाली वार्ता में 'अप्रत्यक्ष' रूप से शामिल रहेंगे.

    एयर फ़ोर्स वन में पत्रकारों से बातचीत में ट्रंप ने कहा कि उन्हें लगता है कि ईरान अपने परमाणु कार्यक्रम को लेकर समझौता करना चाहता है.

    जिनेवा में वार्ता का दूसरा दौर मंगलवार को आयोजित हो रहा है.

    सोमवार को तेहरान में विदेश मंत्रालय ने कहा था कि परमाणु मुद्दे पर अमेरिका का रुख़ अब "अधिक यथार्थवादी" दिशा में बढ़ता दिख रहा है.

    उधर, इन वार्ताओं को "बहुत महत्वपूर्ण" बताते हुए ट्रंप ने संकेत दिया कि इस बार तेहरान समझौते के लिए गंभीर है.

    ट्रंप ने कहा, "मुझे नहीं लगता कि वे समझौता न करने के नतीजे झेलना चाहते हैं."

    उन्होंने यह भी कहा कि पिछले साल वार्ता के दौरान सख्त रुख अपनाने के परिणाम ईरान देख चुका है, जब अमेरिका ने उसके परमाणु ठिकानों पर बमबारी की थी.

    उन्होंने कहा, "हम बी-2 बमवर्षक भेजकर उनके परमाणु क्षमता को नष्ट करने के बजाय समझौता कर सकते थे. लेकिन हमें बी-2 भेजने पड़े."

    उन्होंने इन हमलों को अंजाम देने वाले स्टेल्थ बमवर्षकों का जिक्र करते हुए कहा, "मुझे उम्मीद है कि वे अब अधिक व्यावहारिक होंगे."

    पिछले कुछ हफ़्तों में अमेरिका ने मध्य-पूर्व में अपनी सैन्य मौजूदगी बढ़ाई है.

    बीबीसी वेरिफाई ने सैटेलाइट चित्रों के आधार पर ईरान के पास अमेरिकी विमानवाहक पोत यूएसएस अब्राहम लिंकन की मौजूदगी की पुष्टि की है.

  3. चीन समेत दुनिया भर में आज न्यू लूनर ईयर का जश्न, देखें तस्वीरों में

    न्यू लूनर ईयर की शुरुआत मंगलवार, 17 फ़रवरी से हो रही है और पूरी दुनिया में इसे बहुत गर्मजोशी से मनाया जा रहा है.

    इस नव वर्ष को ईयर ऑफ़ फ़ायर हॉर्स का नाम दिया गया है, जो अमावस्या और सूर्य ग्रहण के साथ पड़ रहा है.

    इस मौके पर एशिया सहित दुनिया भर में लाखों लोग परिवार और अपने दोस्तों के साथ नृत्य और पारंपरिक भोजन के साथ इसका स्वागत करते हैं.

    लूनर न्यू ईयर (चंद्र नव वर्ष) चंद्र कैलेंडर के पहले अमावस्या के साथ शुरू होता है, यह लगभग एक पखवाड़े तक मनाया जाने वाला समारोह है.

    चीन और दुनिया के अन्य हिस्सों में रह रहे चीनी समुदाय इसे साल का सबसे महत्वपूर्ण त्योहार मानते हैं. इसे तिब्बत, कोरिया, वियतनाम, थाईलैंड और एशिया के अन्य क्षेत्रों में भी बड़े स्तर पर मनाया जाता है.

    नए साल के पहले दो दिन परिवार और मित्रों के साथ दावत के लिए एकत्र होने के होते हैं. इस दौरान उपहार दिए जाते हैं और नकदी से भरे लाल लिफाफे देने का चलन है.

    चीनी ज्योतिष में 12 पशु एक चक्र में क्रम से आते हैं. चूहा, बैल, बाघ, खरगोश, ड्रैगन, सांप, घोड़ा, बकरी, बंदर, मुर्गा, कुत्ता और सूअर. हर बार नए वर्ष को एक पशु के गुणों से जोड़कर मनाया जाता है. साल 2025 को सांप से जोड़कर मनाया गया था और इस बार 17 फ़रवरी से फ़ायर हॉर्स का वर्ष शुरू हो रहा है.

  4. इस साल का पहला सूर्य ग्रहण आज, जानिए कहाँ-कहाँ देगा दिखाई

    इस साल का पहला सूर्य ग्रहण आज लगने वाला है और यह दुनिया के कई हिस्सों में दिखाई देगा.

    इस ग्रहण की खास बात यह है कि यह पूर्ण ग्रहण नहीं बल्कि रिंग जैसा दिखाई देगा.

    इसे 'वलयाकार सूर्य ग्रहण' भी कहा जाता है, जिसमें सूर्य का लगभग 96 प्रतिशत भाग चंद्रमा से ढंक जाएगा.

    यह ग्रहण तब होता है, जब चंद्रमा पृथ्वी और सूर्य के बीच से गुजरता है, लेकिन चंद्रमा सूर्य से छोटा है, इसलिए वह सूर्य को पूरी तरह से ढक नहीं पाता है.

    सूर्यग्रहण भारतीय समयानुसार मंगलवार दोपहर 3.26 बजे शुरू होगा और शाम 7.57 बजे तक लगभग साढ़े चार घंटे तक रहेगा.

    कहां कहां दिखेगा

    हालांकि यह सूर्य ग्रहण भारत में दिखाई नहीं देगा.

    लेकिन दक्षिण अफ़्रीका, अंटार्कटिका और दक्षिण अमेरिका के कुछ हिस्सों में दिखाई देगा.

    इसके अलावा जिम्बाब्वे, मॉरीशस, मोज़ाम्बिक, तंजानिया, नामीबिया, चिली और अर्जेंटीना में भी यह दिखाई देगा.

    ग्रहण का आंशिक भाग हिंद महासागर के कुछ हिस्सों में दिखाई देगा.

  5. ईरान के पास अमेरिकी युद्धपोतों और लड़ाकू विमानों की बढ़ती मौजूदगी के मिले सबूत

    बीबीसी वेरीफ़ाई ने सैटेलाइट तस्वीरों के जरिए पुष्टि की है कि अमेरिकी विमानवाहक पोत 'यूएसएस अब्राहम लिंकन' ईरान के क़रीब पहुंच गया है.

    गौरतलब है कि वॉशिंगटन ईरान के परमाणु कार्यक्रम और हालिया विरोध प्रदर्शनों पर हुई हिंसक कार्रवाई को लेकर बातचीत के साथ-साथ उस पर सैन्य दबाव बढ़ा रहा है.

    इस बीच, अमेरिकी और ईरानी अधिकारी मंगलवार को जिनेवा में वार्ता का दूसरा दौर शुरू करने वाले हैं.

    ईरान का कहना है कि इस बैठक में ईरान के परमाणु कार्यक्रम और देश पर लगे अमेरिकी आर्थिक प्रतिबंधों को हटाने की संभावना पर ध्यान केंद्रित किया जाएगा, जबकि वॉशिंगटन ने संकेत दिया है कि वह वार्ता में अन्य मुद्दों पर भी चर्चा करना चाहता है.

    अब्राहम लिंकन पर तीन गाइडेड मिसाइल विध्वंसक, एफ़-35 लड़ाकू जेट सहित 90 विमान और 5,680 कर्मी सवार हैं.

    यह जनवरी के अंत में खाड़ी क्षेत्र में तैनात किए जाने के बावजूद हाल तक उपग्रह के चित्रों में दिखाई नहीं दे रहा था.

    ताज़ा जानकारी के अनुसार, जहाज इस समय ओमान के तट के पास और ईरान से लगभग 700 किलोमीटर दूर स्थित है.

  6. हिलेरी क्लिंटन ने एपस्टीन फ़ाइल्स को लेकर ट्रंप पर लगाया ये आरोप, जेसिका पार्कर, बर्लिन संवाददाता

    हिलेरी क्लिंटन ने बीबीसी के साथ एक ख़ास इंटरव्यू में ट्रंप प्रशासन पर एपस्टीन फ़ाइलों को 'छिपाने' का आरोप लगाया है.

    पूर्व अमेरिकी विदेश मंत्री ने बर्लिन में बीबीसी से बातचीत में कहा, "फ़ाइलें जारी कीजिए. इसे जान-बूझकर धीमा किया जा रहा है."

    वह बर्लिन में आयोजित वार्षिक वर्ल्ड फ़ोरम में शामिल होने पहुंची थीं.

    व्हाइट हाउस ने कहा कि फ़ाइलें जारी करके उन्होंने "पीड़ितों के लिए डेमोक्रेट्स से ज़्यादा काम किया है."

    इन फ़ाइलों में अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति बिल क्लिंटन का नाम भी है और क्लिंटन दंपति को कांग्रेस की एक समिति के सामने पेश होना है.

    बिल क्लिंटन 27 फ़रवरी को और हिलेरी क्लिंटन एक दिन पहले अमेरिकी संसद की एक समिति के सामने पेश होंगी.

    जेफ़री एपस्टीन 2019 में जेल में मृत पाए गए थे और बिल क्लिंटन का उनसे परिचय था. हालांकि उनका कहना है कि उन्होंने दो दशक पहले ही एपस्टीन से संपर्क ख़त्म कर लिया था.

  7. नवजोत कौर सिद्धू ने राहुल गांधी और कांग्रेस पर लगाए आरोप, अब ये कहा

    पिछले महीने कांग्रेस से इस्तीफ़ा देने वाली नवजोत कौर सिद्धू ने एक बार फिर पंजाब कांग्रेस और राहुल गांधी पर निशाना साधा है.

    तमिलनाडु के कोयंबटूर में समाचार एजेंसी एएनआई से बात करते हुए नवजोत कौर सिद्धू ने कहा, "राहुल गांधी अच्छी बातें करते हैं. वह समझदारी की बात करते हैं. लेकिन वह जो कहते हैं और जो करते हैं, उसमें बहुत फ़र्क है."

    उन्होंने कहा, "पिछले आठ महीनों से मैं उनसे समय मांग रही हूं ताकि उन्हें बता सकूं कि पंजाब में आपके लोग, आपके अध्यक्ष या आपके नियुक्त व्यक्ति पंजाब के साथ न्याय नहीं कर रहे हैं. वह पंजाब में कांग्रेस को ख़त्म कर रहे हैं."

    "मैं सिर्फ आपसे मुलाकात का समय मांग रही हूं ताकि बता सकूं कि आपकी पार्टी पंजाब में बर्बाद हो रही है. टिकट पहले ही बेचे जा चुके हैं... अगर आपको अपने नीचे क्या हो रहा है इसकी जानकारी नहीं है, तो मुझे खेद है. आप उस कुर्सी के हकदार नहीं हैं. आप जो कर रहे हैं उसके लिए जिम्मेदार हैं..."

    "हमने पंजाब के लिए सब कुछ छोड़ दिया, और आपने हमें सात विभागों के साथ उपमुख्यमंत्री पद और मुझे सांसद बनाने का वादा किया था, लेकिन आपने हमें कुछ नहीं दिया. आपने हमें स्थानीय निकाय और पर्यटन दिया और आप चाहते थे कि वे मुख्यमंत्री के अनुसार चलें... जब आपके अपने लोग भ्रष्ट हैं तो आप भ्रष्टाचार के ख़िलाफ़ क्यों बोलते हैं? और आप उन्हीं भ्रष्ट लोगों को अपने आसपास रख रहे हैं. जो ईमानदार लोग आपसे मिलकर बताना चाहते हैं कि यह ग़लत हो रहा है और आप पंजाब नहीं जीत पाएंगे, उनके लिए आपके पास समय नहीं है..."

    ग़ौरतलब है कि 31 जनवरी को इस्तीफ़े की घोषणा करने के बाद उन्होंने कांग्रेस की पंजाब इकाई के अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वडिंग पर पार्टी संगठन को 'नुकसान पहुंचाने' का आरोप लगाया था.

    नवजोत कौर, पूर्व क्रिकेटर और कांग्रेस नेता नवजोत सिंह सिद्धू की पत्नी हैं.

  8. फ़्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों पहुंचे मुंबई, आज होगी पीएम मोदी से मुलाक़ात

    फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों और प्रथम महिला ब्रिजिट मैक्रों भारत के अपने तीन दिवसीय दौरे पर सोमवार देर रात मुंबई पहुंचे.

    मंगलवार को उनकी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाक़ात होगी.

    मैक्रों 17 से 19 फ़रवरी तक भारत की आधिकारिक यात्रा पर हैं. यह यात्रा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निमंत्रण पर हो रही है.

    मुंबई में प्रधानमंत्री के साथ द्विपक्षीय शिखर बैठक भी करेंगे. बाद में, वे इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट 2026 में भाग लेने के लिए दिल्ली रवाना होंगे, जिसकी मेज़बानी भारत कर रहा है.

    यह राष्ट्रपति मैक्रों की भारत की चौथी यात्रा है और मुंबई की उनकी पहली यात्रा है.

    यह दौरा पिछले सप्ताह भारत सरकार के उस बयान के बाद हो रहा है जिसमें कहा गया था कि भारत रफ़ाल लड़ाकू विमानों का एक बड़ा ऑर्डर देने की योजना बना रहा है.

    बीते जनवरी में भारत और यूरोपीय संघ के बीच एक महत्वपूर्ण मुक्त व्यापार समझौते पर हस्ताक्षर भी हुए थे.

  9. पाकिस्तानः ख़ैबर पख़्तूनख़्वाह में सैन्य चौकी पर आत्मघाती हमला, 10 सुरक्षाकर्मियों की मौत

    पाकिस्तान के ख़ैबर पख़्तूनख़्वाह में एक सैन्य चौकी पर हुए आत्मघाती हमले में कम से कम 10 सैनिकों की मौत हो गई और कई घायल हुए हैं.

    बीबीसी उर्दू के मुताबिक़, बाजौर ज़िले के मलंगी इलाके में एक इमारत में विस्फोटकों से भरी एक गाड़ी में धमाका हो गया. इस इमारत में पहले एक मदरसा था, लेकिन बाद में यहां एक सुरक्षा चौकी बना दी गई थी.

    पुलिस अधिकारियों ने पुष्टि की है कि सुरक्षा चौकी पर हुए आत्मघाती हमले में कम से कम दस कर्मी मारे गए हैं. मरने वालों में एक पुलिसकर्मी और फ़्रंटियर कोर के नौ सैनिक शामिल हैं, जबकि मलबे के नीचे से अभी भी और शव निकाले जा रहे हैं.

    एक अधिकारी ने बीबीसी उर्दू को बताया कि अज्ञात व्यक्तियों ने विस्फोटकों से भरी एक गाड़ी से फ्रंटियर कोर की चौकी को टक्कर मार दी. सेना का अभी तक कोई बयान नहीं आया है लेकिन ख़ैबर पख़्तूनख़्वाह के मुख्यमंत्री सोहेल अफ़रीदी ने इस आत्मघाती हमले की निंदा की है.

  10. बांग्लादेश में आज शपथ ग्रहण, तारिक़ रहमान लेंगे प्रधानमंत्री पद की शपथ

    बांग्लादेश में आम चुनावों के बाद आज संसद सदस्यों और कैबिनेट सदस्यों का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित होने जा रहा है.

    बीबीसी बांग्ला के अनुसार, मुख्य चुनाव आयुक्त मंगलवार सुबह 10 बजे संसद भवन के साउथ प्लाजा में नव निर्वाचित संसद सदस्यों को शपथ दिलाएंगे. प्रधानमंत्री और मंत्रिमंडल के सदस्यों का शपथ ग्रहण समारोह शाम 4 बजे होगा.

    बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) ने कहा है कि पार्टी अध्यक्ष तारिक़ रहमान प्रधानमंत्री के रूप में शपथ लेंगे.

    अंतरिम सरकार 16 महीने बाद निर्वाचित सरकार को सत्ता सौंपने जा रही है. मुख्य सलाहकार मोहम्मद यूनुस ने सोमवार रात अपने विदाई भाषण में पद छोड़ने की घोषणा की है.

    12 फ़रवरी को हुए आम चुनावों में बीएनपी गठबंधन ने 212 सीटें जीतकर दो तिहाई बहुमत हासिल किया था जबकि जमात-ए-इस्लामी गठबंधन को 77 सीटें मिली हैं.

  11. नमस्कार!

    बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता संदीप राय अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.

    कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    हमारे पेज पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.