त्रिपुरा में भारी बारिश के बाद भूस्खलन, कम से कम सात लोगों की मौत

त्रिपुरा के राजस्व विभाग के सचिव बृजेश पांडे ने समाचार एजेंसी पीटीआई को बताया कि दक्षिण त्रिपुरा जिले में पांच लोगों के मौत की ख़बर है. वहीं गोमती और खोवाई जिलों में एक-एक व्यक्ति की मौत हुई है. इन जिलों में दो लोगों के लापता होने की भी ख़बर है.

सारांश

  • सुप्रीम कोर्ट ने कोलकाता मामले की सुनवाई की, राज्य सरकार को लगाई फटकार
  • महाराष्ट्र के बदलापुर में नाबालिग बच्चियों के यौन शोषण के ख़िलाफ़ प्रदर्शन, सीएम ने कहा-फास्ट ट्रैक अदालत में चलेगा मामला
  • लेटरल एंट्री पर विवाद के बीच केंद्रीय मंत्री ने यूपीएससी से इसे रद्द करने का अनुरोध किया
  • बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी ने शेख़ हसीना के मामले में भारत पर लगाए नए आरोप
  • बीजेपी ने लुधियाना से हारे केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू को राजस्थान से राज्यसभा उम्मीदवार बनाया

लाइव कवरेज

अश्वनी, शिल्पा और दीपक मंडल

  1. त्रिपुरा में भारी बारिश के बाद भूस्खलन, कम से कम सात लोगों की मौत

    त्रिपुरा

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, त्रिपुरा में भारी बारिश के कारण भूस्खलन से कम से कम सात लोगों की मौत की ख़बर है, (फ़ाइल फ़ोटो)

    त्रिपुरा में भारी बारिश के बाद भूस्खलन से कम से कम सात लोगों की मौत हो गई है.

    इनमें एक ही परिवार के तीन लोग हैं. त्रिपुरा में तीन से चार जगहों पर भारी बारिश हुई है.

    त्रिपुरा के राजस्व विभाग के सचिव बृजेश पांडे ने समाचार एजेंसी पीटीआई को बताया कि दक्षिण त्रिपुरा जिले में पांच लोगों के मौत की ख़बर है. वहीं गोमती और खोवाई जिलों में एक-एक व्यक्ति की मौत हुई है. इन जिलों में दो लोगों के लापता होने की भी ख़बर है.

    इस बीच त्रिपुरा के मुख्यमंत्री माणिक साहा ने दिल्ली से लौटकर वरिष्ठ अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की. इस दौरान पूरे राज्य में बाढ़ की स्थिति की जानकारी उन्हें दी गई.

  2. जापान के एयरपोर्ट पर कैंची गायब होने से 36 उड़ानें रद्द, क्या है मामला

    जापान

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, न्यू चिटोज़ जापान के सबसे व्यस्त हवाईअड्डों में से एक है

    इस सप्ताहंत जापान के एक एयरपोर्ट में बोर्डिंग गेट के पास एक स्टोर में रखी कैंची गायब होने के बाद 36 उड़ानें रद्द कर दी गईं और 201 में देरी हुई.

    इस वजह से शनिवार की सुबह होक्काइदो के न्यू चिटोज़ हवाई अड्डे के घरेलू टर्मिनल पर सुरक्षा जांच दो घंटे के लिए टाल दी गई. इससे सैकड़ों यात्री वहां फंसे रहे.

    डिपार्चर लाउंज में मौजूद यात्रियों को दोबारा सुरक्षा जांच कराने को कहा गया और इससे वहां लंबी कतारें लग गईं.

    अधिकारियों ने गायब कैंची का पता लगाने की कोशिश की लेकिन ये नहीं मिली. हालांकि अगले दिन ये उसी स्टोर में मिली.

    इससे जापान के वार्षिक बोन उत्सव मना कर घर लौट रहे यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा.

    इनमें से एक यात्री ने कहा, ''हमारे पास इंतजार करने के अलावा और कोई चारा नहीं था. लेकिन मुझे लगता है कि एयरलाइंस को थोड़ा सावधान रहना चाहिए.''

    हालांकि कई लोग एयरपोर्ट अधिकारियों की तारीफ कर रहे रहे हैं. कई लोगों ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि ये हवाईअड्डा यात्रियों की सुरक्षा को लेकर कितना चिंतित है.

    2022 में इस एयरपोर्ट से एक करोड़ पचास लाख लोगों ने हवाई यात्रा की थी.

  3. बांग्लादेश में नहीं होगा महिलाओं का टी-20 वर्ल्ड कप, अब इस देश को मिला ज़िम्मा

    क्रिकेट

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, वर्ल्ड कप के एक क्वालिफायर मैच में स्कॉटलैंड और श्रीलंका के बीच मुक़ाबला (फ़ाइल फ़ोटो)

    इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (आईसीसी) ने कहा है कि महिलाओं का 2024 का टी-20 वर्ल्ड कप अब बांग्लादेश में नहीं होगा. इस साल अक्टूबर में ये संयुक्त अरब अमीरात में होगा.

    हालांकि मेजबानी बांग्लादेश क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ही करेगा. आईसीसी ने एक ट्वीट कर ये जानकारी दी है.

    महिलाओं के टी-20 वर्ल्ड कप के मैच संयुक्त अरब अमीरात में दो जगहों,दुबई और शरजाह में होंगे. ये मैच 3 अक्टूबर से 20 अक्टूबर तक होंगे. टूर्नामेंट में भारत और बांग्लादेश समेत दस देशों की टीमें हिस्सा लेंगीं.

    आईसीसी के सीईओ ज्यॉफ एलारडिस ने एक बयान में कहा,'' बांग्लादेश में महिलाओं का टी20 वर्ल्ड कप न करा पाना शर्म की बात है. हमें मालूम था कि बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड इसका शानदार ढंग से आयोजन कराता.’’

    टूर्नामेंट बांग्लादेश में होना तय था और उसके लिए तैयारियां भी लगभग पूरी हो चुकी थीं. लेकिन जुलाई में बांग्लादेश में आरक्षण को लेकर सरकार के फैसले के खिलाफ छात्रों का आंदोलन शुरू हुआ, जो धीरे-धीरे हिंसक प्रदर्शन में बदल गया था.

    इसके बाद प्रधानमंत्री शेख़ हसीना देश छोड़ कर भारत आ गई थीं. इस घटनाक्रम के बाद देश के मौजूदा हालात को देखते हुए टूर्नामेंट संयुक्त अरब अमीरात में कराने का फैसला किया गया.

  4. बदलापुर यौन उत्पीड़न मामला: पुलिस ने लाठियां भांजकर प्रदर्शनकारियों को रेलवे ट्रैक से हटाया

    महाराष्ट्र

    इमेज स्रोत, RAHUL RANSUBHE/BBC

    इमेज कैप्शन, महाराष्ट्र के बदलापुर में दो नाबालिग लड़कियों के कथित यौन उत्पीड़न के दोषियों को सजा देने की मांग करते प्रदर्शनकारी

    महाराष्ट्र में ठाणे जिले के बदलापुर में एक स्कूल में दो नाबालिग लड़कियों के साथ कथित यौन उत्पीड़न के ख़िलाफ़ रेल रोकने वालों को पुलिस ने लाठियां भांज कर हटा दिया है.

    प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर पथराव किया. जवाब में पुलिस ने बल प्रयोग किया और रेलवे ट्रैक पर जमे लोगों को खदेड़ दिया.

    महाराष्ट्र सरकार के मंत्री और बीजेपी नेता गिरीश महाजन ने रेलवे ट्रैक पर धरना दे रहे लोगों के सामने जाकर कुछ बोलने की कोशिश लेकिन गुस्से से भरे प्रदर्शनकारियों के सामने वह ज्यादा कुछ नहीं बोल पाए.

    गिरीश महाजन ने कहा ,’’ ऐसा लगता है कि यह आंदोलन राजनीति से प्रेरित है. लेकिन सरकार इसकी जांच के लिए प्रतिबद्ध है. सरकार ने इसके लिए एसआईटी का गठन किया है.''

    महाराष्ट्र

    इमेज स्रोत, RAHUL RANSUBHE/BBC

    प्रदर्शनकारियों ने इस मामले के अभियुक्तों को कड़ी सजा देने की मांग की है. महाराष्ट्र के गृह मंत्री देवेन्द्र फडणवीस ने भी सख्त कार्रवाई के आदेश दिए हैं.

    बदलापुर के एक प्रतिष्ठित स्कूल में चार और छह साल की दो बच्चियों के कथित यौन उत्पीड़न की घटना के बाद लोगों ने 'बदलापुर बंद' का आह्वान किया है.

    हजारों नागरिकों ने स्कूल के सामने विरोध प्रदर्शन किया और अभियुक्तों को कड़ी सजा देने की मांग की.

  5. दिनभर-पूरा दिन,पूरी ख़बर - शाहिद और सुमिरन प्रीत कौर से..

    सुप्रीम कोर्ट

    पूरा पॉडकास्ट सुनने के लिए यहां क्लिक करें

  6. बीजेपी ने लुधियाना से हारे केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू को राजस्थान से राज्यसभा उम्मीदवार बनाया

    रवनीत सिंह बिट्टू

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, रवनीत सिंह बिट्टू

    भारतीय जनता पार्टी ने राज्यसभा उपचुनाव के लिए नौ उम्मीदवारों की लिस्ट जारी कर दी है.

    पार्टी ने हरियाणा से किरण चौधरी को मैदान में उतारा है. वहीं राजस्थान की एक सीट के लिए रवनीत सिंह बिट्टू को अपना उम्मीदवार घोषित किया है.

    बिहार की एक सीट के लिए मनन मिश्रा को उम्मीदवार बना गया है. वहीं असम की दो सीटों के लिए भी उम्मीदवारों का एलान कर दिया गया है. यहां से रामेश्वर तेली और मिशन रंजन दास को उम्मीदवार बनाया गया है.

    बीजेपी

    इमेज स्रोत, BJP

    मध्य प्रदेश की एक सीट पर जॉर्ज कुरियन को उम्मीदवार बनाया गया है. ओडिशा से ममता मोहंता पार्टी की उम्मीदवार हैं. त्रिपुरा से राजीब भट्टाचार्जी को उम्मीदवार बनाया गया है.

    सात राज्यों में दस सीटों पर नामांकन का कल यानी बुधवार को आखिरी तारीख है. महाराष्ट्र में दो सीटें खाली हो रही हैं, लेकिन बीजेपी वहां गठबंधन में है.यहां एक सीट एनसीपी मुखिया अजित पवार के खाते में गई है. एक सीट पर बीजेपी ने धैर्यशील पाटिल को उम्मीदवार बनाया है.

  7. एमपॉक्स की कोविड से तुलना पर डब्ल्यूएचओ विशेषज्ञ ने क्या कहा?

    एमपॉक्स के लिए इलाज की जा रही वैक्सीन

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, एमपॉक्स के लिए इलाज की जा रही वैक्सीन

    वर्ल्ड हेल्थ ऑर्गेनाइेजशन (डब्ल्यूएचओ) के एक प्रमुख विशेषज्ञ ने कहा है कि एमपॉक्स ‘नया कोविड’ नहीं है क्योंकि इसे नियंत्रित करने के तरीके के बारे में पता है.

    डब्ल्यूएचओ के यूरोप डायरेक्टर डॉक्टर हेन्स क्लुगे ने पत्रकारों से कहा कि एमपॉक्स वायरस के नए वैरिएंट को लेकर चिंताएं हैं और इस बारे में ग्लोबल अलर्ट जारी कर दिया गया है. लेकिन मिलजुल कर एमपॉक्स को नियंत्रित किया जा सकता है.

    उन्होंने कहा कि सबसे जरूरी चीज तो ये है कि इसके टीके सबसे जरूरतमंद इलाकों तक पहुंचे ताकि घबराहट और उपेक्षा के एक और चक्र को तोड़ा जा सके.

    पिछले सप्ताह स्वीडन में मंकीपॉक्स का न्यू वैरिएंट क्लैड आईबी मिला था. इसे अफ्रीका में इसके बढ़ते प्रकोप से जोड़ कर देखा जा रहा है.

    मध्य और पूर्वी अफ़्रीका में संक्रामक मंकी पॉक्स (एमपॉक्स) के मामले तेज़ी से बढ़ रहे हैं.

    इसे देखते हुए विश्व स्वास्थ्य संगठन ने इसे पब्लिक हेल्थ इमरजेंसी घोषित कर दिया है.

    संगठन के महानिदेशक टेड्रॉस एडोनम गेब्रीयेसुस ने कहा था, "एमपॉक्स के एक नए वैरिएंट का उभरना और इसका तेज़ी से फैलना काफी चिंताजनक है."

    इससे पहले अफ़्रीका सेंटर फॉर डिज़ीज़ कंट्रोल एंड प्रिवेंशन (सीडीसी) ने इसे पब्लिक हेल्थ इमरजेंसी घोषित कर दिया था.

    सेंटर ने कहा था कि मंकी पॉक्स पिछली बार से ज़्यादा चिंताजनक है. ऐसा इसलिए क्योंकि नया वैरिएंट ज़्यादा घातक है.

  8. बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी ने शेख़ हसीना के मामले में भारत पर लगाए नए आरोप, क्या कहा

    बांग्लादेश

    इमेज स्रोत, SCREEN GRAB

    इमेज कैप्शन, बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी के महासचिव मिर्ज़ा फख़रुल आलमगीर (बीच में)

    बांग्लादेश के प्रमुख विपक्षी दल बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी ने पूर्व प्रधानमंत्री शेख़ हसीना को शरण देने के लिए भारत पर निशाना साधा है.

    बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी के महासचिव मिर्ज़ा फख़रुल आलमगीर ने कहा है कि शेख़ हसीना को शरण देकर भारत ने लोकतंत्र के प्रति अपनी प्रतिबद्धता के वादे से पीछे हट गया है.

    उन्होंने कहा,’’बांग्लादेश में क्रांति को कुचलने के लिए भारत से कई योजनाएं बनाई जा रही हैं.

    उन्होंने कहा कि देश में अवामी लीग ने तबाही मचाई उसे ठीक करने में थोड़ा वक़्त लगेगा. उनकी पार्टी इसके लिए अंतरिम सरकार को पर्याप्त समय देगी.

    बांग्लादेश में आरक्षण के विरोध में छात्रों के आंदोलन और हिंसा के बीच शेख़ हसीना अपने पद से इस्तीफा देकर भारत आ गई थीं और तब से यहीं हैं.

    शेख़ हसीना

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख़ हसीना (फ़ाइल फ़ोटो)

    इस बीच, इंटरनेशलन क्रिमिनल ट्रिब्यूनल (आईसीटी) ने बांग्लादेश में आरक्षण विरोधी आंदोलन से जुड़े मामलों में शेख़ हसीना समेत नौ लोगों के खिलाफ जांच करने का फैसला लिया है.

    सभी पर हत्या, नरसंहार और यातना के आरोप लगाए गए हैं. आरक्षण विरोधी आंदोलन के दौरान एक छात्र के पिता ने बुधवार को यह याचिका लगाई थी.

    अंतरिम सरकार के कानून, न्याय और संसदीय मामलों के सलाहकार प्रोफेसर आसिफ नज़रूल ने बुधवार को कहा कि अभियुक्तों के ख़िलाफ़ इंटरनेशलन क्रिमिनल ट्रिब्यूनल में मुक़दमा शुरू किया जाएगा.

  9. हिलेरी क्लिंटन ने कमला हैरिस पर जताया भरोसा, तारीफ में क्या कहा

    हिलेरी क्लिंटन

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, डेमोक्रेटिक पार्टी के सम्मेलन में हिलेरी क्लिंटन

    अमेरिका की पूर्व विदेश मंत्री हिलेरी क्लिंटन ने डेमोक्रेटिक पार्टी के सम्मेलन में राष्ट्रपति चुनाव की पार्टी उम्मीदवार कमला हैरिस की जमकर तारीफ की है.

    उन्होंने उम्मीद जताई कि मौजूदा उप राष्ट्रपति कमला हैरिस अमेरिका में महिलाओं के लिए बने ‘सबसे ऊंचे और मुश्किल दायरे’ को तोड़ कर देश की पहली महिला राष्ट्रपति बन जाएंगीं.

    हिलेरी क्लिंटन ने कहा कि उन्होंने भी उस दायरे को तोड़ा था जब उन्हें 2016 में राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार के तौर पर नामिनेट किया गया था.

    उन्होंने कहा, ''जब एक महिला के लिए बैरियर टूटता है तो सारी महिलाओं के लिए रास्ता साफ होता है.''

    हिलेरी क्लिंटन 2016 में अमेरिकी राष्ट्रपति पद के लिए डेमोक्रेटिक पार्टी की उम्मीदवार थीं. लेकिन उन्हें रिपब्लिकन पार्टी के उम्मीदवार डोनाल्ड ट्रंप से हार का सामना करना पड़ा था.

    शिकागो में डेमोक्रेटिक पार्टी के सम्मेलन में हिलेरी क्लिंटन ने कहा कि अब पार्टी व्हाइट हाउस में पहली महिला को भेजने के लिए कदम उठा लिया है.

  10. महाराष्ट्र के बदलापुर में नाबालिग बच्चियों के यौन शोषण के ख़िलाफ़ प्रदर्शन, सीएम ने क्या कहा

    महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे
    इमेज कैप्शन, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे (फ़ाइल फ़ोटो)

    कोलकाता में ट्रेनी डॉक्टर के रेप और हत्या के ख़िलाफ़ पूरे भारत में विरोध प्रदर्शनों के बीच महाराष्ट्र के ठाणे जिले के बदलापुर में दो नाबालिग लड़कियों के साथ कथित यौन शोषण की घटना सामने आई है. इस मामले में एक शख़्स को गिरफ़्तार किया गया है.

    बदलापुर के एक मशहूर स्कूल के वॉशरूम में चार और छह साल की दो बच्चियों के साथ कथित यौन शोषण की घटना के बाद हर तरफ गुस्से की लहर है और हजारों नागरिक सड़कों पर उतरकर विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं.

    महाराष्ट्र

    इस घटना के विरोध में मंगलवार को लोगों ने बदलापुर स्टेशन पर रेल रोको प्रदर्शन शुरू कर दिया. सेंट्रल रेलवे ने बताया कि इस वजह से इस रूट पर लंबी दूरी की 10 ट्रेनों का रास्ता बदल दिया गया.

    आक्रोशित भीड़ को नियंत्रित करने के लिए भारी पुलिस बल को तैनात किया गया है.

    महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने शिक्षा मंत्री दीपक केसरकर से इस मामले में बात की है और तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए हैं. उन्होंने कहा है कि इस मामले को फास्ट ट्रैक कोर्ट में चलाया जाए ताकि आरोपियों को कड़ी सजा दी जा सके.

  11. लेटरल एंट्री से नियुक्तियों के मामले में केंद्रीय मंत्री की चिट्ठी पर राहुल गांधी ने क्या कहा

    राहुल गांधी

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, राहुल गांधी (फ़ाइल फ़ोटो)

    कार्मिक और प्रशिक्षण विभाग के मंत्री जितेंद्र सिंह की ओर यूपीएससी अध्यक्ष को पत्र लिख कर लेटरल एंट्री से होने वाली भर्तियों को रद्द करने की मांग पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने प्रतिक्रिया दी है.

    कांग्रेस नेता और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा,’’ संविधान और आरक्षण व्यवस्था की हम हर कीमत पर रक्षा करेंगे. भाजपा की ‘लेटरल एंट्री’ जैसी साजिशों को हम हर हाल में नाकाम कर के दिखाएंगे. मैं एक बार फिर कह रहा हूं - 50 फीसदी आरक्षण सीमा को तोड़ कर हम जातिगत गिनती के आधार पर सामाजिक न्याय सुनिश्चित करेंगे.’’

    कांग्रेस का कहना है कि लेटरल एंट्री से भर्तियों में आरक्षण के नियमों का पालन नहीं होगा. लिहाजा पिछड़ों, दलितों और आदिवासियों का हक मारा जाएगा.

    राहुल गांधी

    इमेज स्रोत, TWITTER

    संघ लोक सेवा आयोग ने हाल में वरिष्ठ अफ़सरों के 45 पदों पर नियुक्तियों के लिए विज्ञापन निकाला था.ये पद संयुक्त और उप सचिव स्तर के हैं.

    इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से बातचीत के बाद कार्मिक और प्रशिक्षण विभाग मंत्री ( डीओपीटी ) जितेंद्र सिंह ने यूपीएससी अध्यक्ष को पत्र लिखा. इसमें लेटरल एंट्री से होने वाली भर्ती के विज्ञापन को रद्द करने का अनुरोध किया गया है.

    पत्र में लिखा है कि पीएम का मानना है कि लेटरल एंट्री की प्रक्रिया हमारे संविधान में निहित समानता और सामाजिक न्याय के आदर्शों पर आधारित होनी चाहिए, खासकर आरक्षण के प्रावधानों को लेकर.

  12. इसराइली सेना ने कहा- 'ग़ज़ा पट्टी से छह बंधकों के शव बरामद किए'

    इसराइल

    इमेज स्रोत, Hostage Families Forum

    इमेज कैप्शन, इसराइली सेना ने कहा है कि उसने 7 अक्टूबर 2023 के हमले में हमास की ओर से बंधक बनाए गए छह लोगों के शव बरामद किए हैं

    इसराइली सेना ने कहा है कि उसने ग़ज़ा पट्टी से छह बंधकों के शव बरामद किए हैं.

    इसराइल डिफेंस फोर्सेज (आईडीएफ) ने एक बयान जारी कर कहा है कि यागेव बुश्ताब, एलेक्ज़ेंडर डानसिग, अवराहम मंडर, योराम मेत्ज़गर, हेम पेरी और ब्रिटिश-इसराइली नादव पोपलवेल के शव सोमवार को ख़ान यूनिस से बरामद किए गए.

    इसराइल इनमें से पांच लोगों की मौतों के बारे में पहले ही बता चुका था. जबकि अवराहम मंडर को जीवित समझा जा रहा था.

    आईडीएफ ने सिक्योरिटी एजेंसी शिन बेट के साथ मिलकर इस रेस्क्यू ऑपेरशन को अंजाम दिया था.

    बंधकों के परिवारों के एक फोरम ने कहा है कि जिन लोगों के शव बरामद किए गए हैं उन्हें हमास ने 7 अक्टूबर 2023 को दक्षिणी इसराइल पर हमले के दौरान बंधक बना लिया था. हमलावर इन्हें अपने साथ ग़ज़ा ले गए थे.

    आईडीएफ ने हमास की ओर से बंधक बनाए गए इसराइली नागरिकों के परिवारों से कहा है कि बाकी 109 बंधकों की वापसी बातचीत के जरिये ही हो सकती है.

  13. लेटरल एंट्री पर विवाद के बीच केंद्रीय मंत्री ने यूपीएससी से इसे रद्द करने का अनुरोध किया

    यूपीएससी

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, लेटरल एंट्री के मामले में कार्मिक और प्रशिक्षण विभाग के मंत्री ने यूपीएससी अध्यक्ष को पत्र लिखा है.

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से बातचीत के बाद कार्मिक और प्रशिक्षण विभाग मंत्री ( डीओपीटी ) जितेंद्र सिंह ने यूपीएससी अध्यक्ष को पत्र लिखा है.

    इसमें लेटरल एंट्री से होने वाली भर्ती के विज्ञापन को रद्द करने का अनुरोध किया गया है.

    पत्र में लिखा है कि पीएम का मानना है कि लेटरल एंट्री की प्रक्रिया हमारे संविधान में निहित समानता और सामाजिक न्याय के आदर्शों पर आधारित होनी चाहिए, खासकर आरक्षण के प्रावधानों को लेकर.

    इसमें लिखा है कि प्रधानमंत्री का मानना है कि सरकारी नौकरी में आरक्षण हमारे सामाजिक न्याय ढांचे की आधारशिला है, जिसका उद्देश्य समावेशिता को बढ़ावा देना है.

    यूपीएससी ने हाल में वरिष्ठ अफ़सरों के 45 पदों पर नियुक्तियों के लिए विज्ञापन जारी किया था.

    ये पद संयुक्त और उप सचिव स्तर के हैं. इस तरह की नियुक्तियों का विरोध करने वालों का कहना है इनमें आरक्षण का प्रावधान न होने से पिछड़ों, दलितों और आदिवासियों का हक़ मारा जाएगा.

    कांग्रेस ने क्या कहा?

    कांग्रेस ने अपने आधिकारिक एक्स अकाउंट पर पोस्ट किया है. उसने लेटरल एंट्री को रद्द करने के अनुरोध वाले इस पत्र पर प्रतिक्रिया दी.

    कांग्रेस ने पोस्ट में लिखा, "संविधान की जीत हुई. मोदी सरकार लेटरल एंट्री में बिना आरक्षण के भर्ती की साज़िश कर रही थी, लेकिन अब इस फैसले को वापस लेना पड़ा है. एक बार फिर मोदी सरकार को संविधान के आगे झुकना पड़ा है."

    पोस्ट में आगे लिखा है, "आरक्षण विरोधी इस फैसले का कांग्रेस अध्यक्ष और नेता विपक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, राहुल गांधी और INDIA गठबंधन ने खुलकर विरोध किया. इसकी वजह से मोदी सरकार को ये फैसला वापस लेना पड़ा है. ये बाबा साहेब के संविधान की जीत है. ये हर दलित, शोषित, पिछड़ों की जीत है."

  14. कोलकाता आरजी कर मेडिकल कॉलेज की सुरक्षा की ज़िम्मेदारी सीआईएसएफ़ को मिली

    कोलकाता आरजी कर अस्पताल

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, सीआईएसएफ को मिली अस्पताल की सुरक्षा की ज़िम्मेदारी

    सुप्रीम कोर्ट ने मंगलवार को कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में एक महिला डॉक्टर के साथ रेप और हत्या मामले की सुनवाई की. कोर्ट ने मामले का स्वत: संज्ञान लिया था.

    सुप्रीम कोर्ट ने निर्देश दिया है कि अब से इस कॉलेज और अस्पताल की सुरक्षा की ज़िम्मेदारी सीआईएसएफ की होगी ताकि डॉक्टर अपना काम फिर से शुरू कर सकें.

    दरअसल रेप-हत्या मामले को लेकर विरोध प्रदर्शन कर रहे डॉक्टरों पर भी हमला हुआ था. सैकड़ों की तादाद में भीड़ अस्पताल के भीतर घुसी और तोड़फोड़ की थी. इसके बाद से डॉक्टरों की सुरक्षा सवालों के घेरे में आ गई थी.

    इसके साथ ही मामले की एफआईआर देरी से दर्ज होने को लेकर कोर्ट ने पश्चिम बंगाल सरकार को फटकार लगाई है.

    कोलकाता पुलिस के लिए कहा कि बिना उसकी जानकारी के सैकड़ों लोग अस्पताल में प्रवेश नहीं कर सकते.

    सुप्रीम कोर्ट ने सीबीआई से रेप-मर्डर मामले में जांच की स्टेटस रिपोर्ट देने और पश्चिम बंगाल सरकार से आरजी कर अस्पताल पर भीड़ के हमले की जांच को लेकर स्टेटस रिपोर्ट देने को कहा है. इसकी तारीख 22 अगस्त रखी गई है.

  15. मलयालम सिनेमा पर आई हेमा कमिटी की रिपोर्ट, शशि थरूर ने क्या कहा

    शशि थरूर

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, हेमा कमेटी रिपोर्ट पर बोले शशि थरूर

    हेमा कमिटी रिपोर्ट लंबे वक़्त के इंतज़ार के बाद जारी हो गई है. रिपोर्ट में बताया गया है कि मलयालम सिनेमा में महिलाओं की कामकाज़ी स्थितियां कैसी हैं.

    रिपोर्ट देरी से जारी किए जाने को लेकर कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने केरल सरकार के प्रति नाराज़गी व्यक्त की.

    शशि थरूर ने कहा, "ये बेहद शर्मनाक है कि सरकार ने रिपोर्ट को पाँच साल तक दबाए रखा और अब दबाव में आकर जारी किया है. वो इसके परिणामों का सामना करने के लिए तैयार नहीं है."

    उन्होंने कहा कि सरकार को खुद पर शर्म आनी चाहिए. केरल फिल्म इंडस्ट्री की देश और दुनिया भर में प्रसिद्ध निर्देशकों और कलाकारों के साथ प्रतिष्ठा है और यह एक सम्मानित इंडस्ट्री है.

    थरूर ने कहा कि इस तरह की इंडस्ट्री को कलंकित होते देखना, महिलाओं के लिए असुरक्षित कामकाजी माहौल बनाना और डराने-धमकाने और इससे भी बदतर कार्यों के ज़रिए इसे जारी रखना माफी के योग्य नहीं है.

    शशि थरूर ने कहा, "ये वो नहीं है जो केरल के लिए होना चाहिए. हमें एक ऐसा राज्य होने पर गर्व है, जो 200 साल से अधिक वक्त से लड़कियों को प्राथमिक स्तर पर शिक्षित करने के मामले में पहले स्थान पर है. जिसने महिलाओं को सशक्त बनाया है."

    उन्होंने कहा, "इस रिपोर्ट को पूरी तरह प्रसारित करने, चर्चा करने और इस पर कार्रवाई किए जाने ज़रूरत है. इससे फ़र्क़ नहीं पड़ता कि किनकी प्रतिष्ठा प्रभावित होती है. एक महिला के लिए शिकायत करना आसान नहीं होता. जिन्होंने शिकायत की उनकी भी प्रतिष्ठा और करियर था. लेकिन उन्होंने ऐसा इसलिए किया क्योंकि वो जानते हैं कि तथ्यों का सामने आना ज़रूरी है."

    क्या है हेमा कमिटी रिपोर्ट?

    इस रिपोर्ट में बताया गया है कि मलयालम सिनेमा में महिलाएं किस स्थिति में काम करती हैं.

    रिपोर्ट में यौन शोषण, अवैध प्रतिबंध, भेदभाव, नशीली दवाओं और शराब का दुरुपयोग, वेतन में असमानता और कुछ मामलों में अमानवीय कामकाज़ी परिस्थिति की भयानक कहानियां बताई गई हैं.

    235 पन्नों की ये रिपोर्ट पीड़ितों और अभियुक्तों के नाम के बिना सोमवार को जारी की गई है. इस रिपोर्ट में इंडस्ट्री के भीतर "कास्टिंग काउच" की अफवाह की पुष्टि भी की गई है.

  16. कोलकाता रेप-मर्डर केस पर सुप्रीम कोर्ट की सख़्त टिप्पणी, उठाए गंभीर सवाल

    सुप्रीम कोर्ट ने सुनवाई की

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, कोलकाता केस पर सुप्रीम कोर्ट ने सुनवाई की

    कोलकाता रेप-मर्डर मामले में मंगलवार को सुप्रीम कोर्ट ने सुनवाई की. कोर्ट ने मामले का स्वत: संज्ञान लिया है.

    ये सुनवाई चीफ जस्टिस डीवाई चंद्रचूड़ की अध्यक्षता वाली बेंच ने की.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार, कोर्ट ने कहा, "ऐसा लगता है कि अपराध का पता शुरुआती घंटों में ही चल गया था. मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल ने इसे आत्महत्या बताने की कोशिश की."

    कोर्ट ने कहा, "अधिकतर युवा डॉक्टर 36 घंटे तक काम करते हैं. हमें कामकाज़ के सुरक्षित माहौल सुनिश्चित करने के लिए एक नेशनल प्रोटोकॉल विकसित करना चाहिए."

    सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि अगर महिलाएं काम पर नहीं जा पाएंगी और कार्यस्थल पर सुरक्षित नहीं होंगी, तो ऐसा कर हम उन्हें समानता के अधिकार से वंचित कर रहे हैं.

    कोर्ट ने इस बात पर भी चिंता ज़ाहिर की कि पीड़िता का नाम मीडिया में हर जगह छप चुका है.

    सुप्रीम कोर्ट ने पूछा कि जब आरजी कर अस्पताल के प्रिंसिपल का आचरण जांच के दायरे में था, तो उन्हें तुरंत दूसरे कॉलेज में कैसे नियुक्त कर दिया गया.

    साथ ही कोर्ट ने कोलकाता पुलिस पर भी सवाल उठाए. उसने कहा कि कैसे हज़ारों की भीड़ आरजी कर मेडिकल कॉलेज में घुस गई.

    राज्य सरकार को लगाई फटकार

    सुप्रीम कोर्ट ने मामले में एफआईआर देरी से दर्ज करने को लेकर पश्चिम बंगाल सरकार को फटकार लगाई है. कोर्ट ने पूछा कि अस्पताल प्रशासन क्या कर रहा था.

    सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने कहा कि राज्य में क़ानून-व्यवस्था पूरी तरह से विफल हो गई है.

    मेहता ने कहा, "कोलकाता पुलिस की जानकारी के बिना 7,000 लोगों की भीड़ आर जी कर अस्पताल में प्रवेश नहीं कर सकती."

    10 सदस्यीय टास्क फोर्स का गठन

    सुप्रीम कोर्ट ने राष्ट्रीय प्रोटोकॉल तैयार करने के लिए 10 सदस्यीय टास्क फोर्स का गठन किया है. इसका काम डॉक्टरों की सुरक्षा और सुविधाएं सुनिश्चित करना होगा.

    सुप्रीम कोर्ट ने सीबीआई से रेप-मर्डर मामले में जांच की स्टेटस रिपोर्ट देने और पश्चिम बंगाल सरकार से आरजी कर अस्पताल पर भीड़ के हमले की जांच को लेकर स्टेटस रिपोर्ट देने को कहा है. इसकी तारीख 22 अगस्त रखी गई है.

    कोर्ट ने कहा कि पश्चिम बंगाल सरकार से कानून-व्यवस्था बनाए रखने और घटना स्थल को सुरक्षित रखने की अपेक्षा की गई थी. लेकिन ये समझ नहीं आ रहा कि राज्य ऐसा क्यों नहीं कर सका.

    कोर्ट ने कहा कि सरकार को सुनिश्चित करना चाहिए कि आरजी कर अस्पताल पर हमला करने वाले उपद्रवियों को गिरफ्तार किया जाए और उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज हो.

  17. एलन मस्क को सलाहकार बनाने के सवाल पर क्या बोले ट्रंप?

    डोनाल्ड ट्रंप

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, एलन मस्क को सलाहकार बनाने को लेकर बोले ट्रंप

    पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति और इस बार के अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव में रिपब्लिकन पार्टी के उम्मीदवार डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि वो टेस्ला के मालिक एलन मस्क को सलाहकार बनाने के लिए तैयार हैं.

    न्यूज़ एजेंसी रॉयटर्स से बातचीत के दौरान ट्रंप से पूछा गया कि क्या वो मस्क को सलाहकार या कैबिनेट पद देने पर विचार करेंगे? इसके जवाब में ट्रंप ने कहा कि वो ऐसा बिलकुल करेंगे.

    उन्होंने कहा कि मस्क बहुत ही बुद्धिमान व्यक्ति हैं. अगर वो चाहेंगे तो ऐसा ज़रूर किया जाएगा.

    टेस्ला और स्पेस एक्स के मालिक एलन मस्क ने हाल में ही सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर डोनाल्ड ट्रंप का इंटरव्यू लिया था.

    इस दौरान उन्होंने डेमोक्रेटिक पार्टी की राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार और उपराष्ट्रपति कमला हैरिस सहित कई मुद्दों पर बात की थी.

  18. फेयरवल स्पीच में भावुक हुए बाइडन, गिनाईं अपनी उपलब्धियां

    जो बाइडन

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, जो बाइडन ने फेयरवल स्पीच दी

    अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन ने सोमवार को फेयरवल स्पीच दी है. स्टेज पर आकर वो भावुक हो गए. उन्होंने सबसे पहले अपनी बेटी एशले बाइडन को गले लगाया.

    पूरी स्पीच के दौरान उन्होंने अपने हर काम के साथ उपराष्ट्रपति कमला हैरिस का नाम जोड़ा. वो कई बार हैरिस की तारीफ करते दिखे.

    बाइडन ने वहां मौजूद भीड़ को धन्यवाद कहा. उन्होंने कहा, "अमेरिका, आई लव यू."

    बाइडन ने भीड़ से पूछा, "क्या आप कमला हैरिस और टिम वॉल्ज़ को चुनने के लिए तैयार हैं? "

    डोनाल्ड ट्रंप पर क्या बोले

    बाइडन ने ट्रंप को लोकतंत्र के लिए ख़तरा बताया. उन्होंने 6 जनवरी 2021 को हुई कैपिटल हिल हिंसा का भी ज़िक्र किया.

    उन्होंने कहा, "अमेरिका में राजनीतिक हिंसा के लिए कोई स्थान नहीं है." उन्होंने ट्रंप का ज़िक्र करते हुए कहा कि आप केवल जीतने पर ही ये नहीं बोल सकते कि आपको इस देश से प्यार है.

    उन्होंने कहा, "उस दिन (कैपिटल हिल हिंसा वाला दिन), हमने लगभग वो सब खो दिया था जो एक देश के रूप में हम हैं. वो खतरा आज भी मौजूद है. उन्होंने (ट्रंप) खून-खराबे का वादा किया है, अगर वो हारते हैं, ये उन्हीं के शब्द हैं. ये भी कि वो पहले ही दिन से तानाशाह होंगे, उनके ही शब्द हैं... उनके कहने का मतलब यही है."

    बाइडन ने कहा, "लोकतंत्र की रक्षा की जानी चाहिए. हम अमेरिका की आत्मा के लिए हो रही लड़ाई में शामिल हैं."

    अपनी उपलब्धियां गिनाईं

    जो बाइडन ने अपनी उपलब्धियां भी गिनाईं. उन्होंने कहा कि ये काम उन्होंने कमला हैरिस के साथ मिलकर किए हैं.

    बाइडन ने कहा कि उन्होंने मिडिल क्लास के लिए काम किया. कोविड-19 महामारी के वक्त "दुनिया की सबसे मज़बूत अर्थव्यवस्था बनाने" का काम किया गया.

    बंदूक हिंसा पर बोले बाइडन

    जो बाइडन ने बंदूकों को लेकर रिपब्लिकन पार्टी का रुख स्पष्ट किया.

    उन्होंने कहा, "अन्य जगहों की तुलना में अमेरिका में बंदूक से सबसे अधिक बच्चे मारे जाते हैं. इसलिए कमला और मुझे बंदूक कानून पारित करने पर गर्व है. अब वक्त आ गया है, जब हथियारों पर प्रतिबंध लगाया जाए."

    ग़ज़ा-इसराइल को बताया चुनौतीपूर्ण मुद्दा

    उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी के लिए सबसे चुनौतीपूर्ण मुद्दा ग़ज़ा इसराइल युद्ध रहा है. उन्होंने इस मुद्दे पर प्रदर्शन कर रहे लोगों के लिए कहा कि उनकी बात में भी दम है.

    बाइडन ने ग़ज़ा में हो रही लोगों की मौत को स्वीकार किया. उन्होंने कहा, "दोनों तरफ ही बहुत से निर्दोष लोग मारे जा रहे हैं."

  19. कोलकाता डॉक्टर रेप-हत्या मामले की सुप्रीम कोर्ट आज करेगा सुनवाई

    सुप्रीम कोर्ट सुनवाई करेगा

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, कोलकाता डॉक्टर रेप-हत्या मामले में सुप्रीम कोर्ट सुनवाई करेगा

    कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज में ट्रेनी डॉक्टर के साथ रेप के बाद हत्या के मामले में सुप्रीम कोर्ट मंगलवार को सुनवाई करेगा.

    सुप्रीम कोर्ट की वेबसाइट पर अपलोड की गई 20 अगस्त की लिस्ट के अनुसार, मामले की सुनवाई चीफ जस्टिस डीवाई चंद्रचूड़ की अध्यक्षता वाली बेंच करेगी. कोर्ट ने मामले का स्वत: संज्ञान लिया है.

    कोलकाता हाई कोर्ट ने हाल ही में मामले को पश्चिम बंगाल पुलिस से लेकर सीबीआई को सौंप दिया था.

    कोलकाता की घटना को लेकर देश के कई हिस्सों में विरोध प्रदर्शन जारी हैं.

    वहीं, पूरे मामले को लेकर बीजेपी और टीएमसी एक दूसरे पर हमलावर हैं. बीजेपी के प्रवक्ता गौरव भाटिया ने पार्टी की ओर से प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए सोमवार को कहा था कि ममता बनर्जी अराजकतावादी हैं.

    इसके जवाब में टीएमसी के प्रवक्ता कुणाल घोष ने कहाथा कि गौरव भाटिया कौन हैं? पहले उन्हें (बीजेपी) उन्नाव, हाथरस और मणिपुर को लेकर माफी मांगनी चाहिए.

  20. कोलकाता रेप-मर्डर केस पर सौरव गांगुली ने अब क्या कहा?

    सौरव गांगुली ने अपने बयान पर दी सफाई

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, सौरव गांगुली ने अपने बयान पर दी सफाई

    कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज अस्पताल में एक ट्रेनी डॉक्टर से रेप के बाद हत्या मामले में भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान सौरव गांगुली ने एक बयान दिया था.

    बीसीसीआई के पूर्व अध्यक्ष गांगुली ने अब सोशल मीडिया पर अपनी आलोचना देख अपने ही बयान पर स्पष्टीकरण दिया है.

    उन्होंने अभियुक्तों को सख्त सज़ा दिए जाने की मांग की थी. उनका बयान काफी सुर्खियों में रहा.

    11 अगस्त को कोलकाता में आयोजित एक इवेंट में सौरव गांगुली ने मीडिया से बात की थी.

    उन्होंने कहा था कि एक बेटी का पिता होने के नाते वो इस घटना से गहरे सदमे में हैं.

    उन्होंने कहा था कि पश्चिम बंगाल और भारत को सुरक्षित माना जाता है और किसी एक बार की घटना के आधार पर पूरे सिस्टम को लेकर कोई निर्णय नहीं दिया जाना चाहिए.

    उनकी कही यही बात लोगों को पसंद नहीं आई. उन्होंने सोशल मीडिया पर इसकी निंदा की.

    गांगुली ने बिस्व-बांग्ला कन्वेंशन सेंटर में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान ये बयान दिया था.

    सौरव गांगुली ने कहा था, "ये बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है. सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए. ये एक भयानक घटना है. वाकई में डरावनी... कहीं भी कुछ भी संभव है. ये घटना कहीं भी हो सकती है."

    उन्होंने कहा था, "ये सोचना गलत है कि कोई सुरक्षित नहीं है. ऐसी घटनाएं पूरी दुनिया में कहीं भी हो सकती हैं."

    अपने बयान पर दिया स्पष्टीकरण

    सोशल मीडिया पर कुछ लोगों ने उनकी आलोचना की. इसके बाद सौरव गांगुली ने अपने बयान पर सफ़ाई दी है.

    उन्होंने रविवार को कहा कि उनके बयान का ग़लत मतलब निकाला गया.

    उन्होंने कहा, "मुझे नहीं पता कि मेरे बयान का क्या मतलब निकाला गया. मैंने कहा था कि ये एक भयानक घटना है. दोषियों को ऐसी सज़ा मिलनी चाहिए कि भविष्य में कोई ऐसा न कर पाए. पुलिस और सीबीआई इसकी जांच कर रही हैं. जो हुआ वो शर्मनाक है."