कौन हैं ईरान के नए कार्यवाहक विदेश मंत्री अली बाग़ेरी कानी

ईरान के डिप्टी विदेश मंत्री अली बाग़ेरी कानी को नया कार्यवाहक विदेश मंत्री नियुक्त किया गया है.

सारांश

  • ईरान के सरकारी मीडिया के मुताबिक़ हेलिकॉप्टर हादसे में ईरान के राष्ट्रपति इब्राहिम रईसी और विदेश मंत्री हुसैन अमीर-अब्दुल्लाहियन की मौत हो गई है.
  • ईरान ने कहा है कि इब्राहिम रईसी और उनके साथ सफर कर रहे लोगों के शवों को दफ़न करने के लिए तबरेज़ से तेहरान ले जाया जाएगा.
  • इब्राहिम रईसी की मौत के बाद उप राष्ट्रपति मोहम्मद मोख़बर देज़फुली को चुनाव तक राष्ट्रपति पद की ज़िम्मेदारी दी गई है.
  • भारत में चल रहे लोकसभा चुनाव में सोमवार को पांचवें चरण में 8 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों की 49 सीटों पर मतदान हुआ.
  • अंतरराष्ट्रीय अपराध न्यायालय (आईसीसी) ने इसराइल के प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू और हमास के शीर्ष नेताओं का गिरफ़्तारी वारंट जारी करने की मांग की है.

लाइव कवरेज

प्रवीण

  1. तुर्की के ड्रोन ने ईरानी राष्ट्रपति इब्राहिम रईसी के हेलिकॉप्टर क्रैश होने की जगह का पता लगाया

    ईरानी राष्ट्रपति इब्राहिम रईसी (फाइल फोटो)

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, ईरानी राष्ट्रपति इब्राहिम रईसी (फाइल फोटो)

    ईरानी राष्ट्रपति इब्राहिम रईसी की खोज में चलाए जा रहे अभियान में तुर्की के ड्रोन ने हेलिकॉप्टर कहां क्रैश हुआ इस बात का पता लगा लिया है.

    समाचार एजेंसी अनादोलु के मुताबिक़ तुर्की ने राष्ट्रपति रईसी के हेलिकॉप्टर क्रैश की खोज अभियान में मदद के लिए ड्रोन भेजा था.

    एजेंसी ने ड्रोन की जो फुटेज जारी की है, उसमें रात को एक पहाड़ी पर काले निशान दिखाई दिए हैं.

    एजेंसी के मुताबिक़ फुटेज से जो भी जानकारी मिली है, उसे ईरान के अधिकारियों के साथ साझा कर दिया गया है.

    रविवार को ईरानी राष्ट्रपति इब्राहिम रईसी और विदेश मंत्री हुसैन अमीर-अब्दुल्लाहयान को ले जा रहा हेलिकॉप्टर दुर्घटना का शिकार हुआ है.

    ईरान के गृह मंत्री अहमद वाहिदी ने राष्ट्रपति रईसी और विदेश मंत्री के हेलिकॉप्टर में सवार होने की पुष्टि की है.

    इस हेलिकॉप्टर में ईरान के पूर्वी अज़रबैजान प्रांत के गवर्नर मलिक रहमती समेत कई अन्य लोग भी सवार थे.

    ये हेलिकॉप्टर काफ़िले में चल रहे तीन हेलिकॉप्टरों में से एक है.

    राष्ट्रपति रईसी की खोज में रविवार से ही व्यापक अभियान चलाया जा रहा है.

    ईरान के सर्वोच्च नेता अयातोल्लाह ख़ामेनई ने कहा है कि ईरान का प्रशासन इस हादसे से प्रभावित नहीं होगा.

    भारत समेत दुनियाभर के नेताओं ने ईरान के राष्ट्रपति की सलामती के लिए दुआ की है.

  2. नमस्कार !

    बीबीसी हिंदी के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है.

    19 मई की ख़बरों को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.