इमेज कैप्शन, ब्रिटेन के प्रधानमंत्री किएर स्टार्मर (फ़ाइल फ़ोटो)
ब्रिटेन के प्रधानमंत्री किएर स्टार्मर ने सोमवार को यूके-ईयू शिखर सम्मेलन में ग़ज़ा की स्थिति को 'असहनीय' बताया.
यूके-ईयू शिखर सम्मेलन में उनके साथ मौजूद यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन ने कहा, "ग़ज़ा में जो मदद पहुंचने से रोकी जा रही है,उस नाकेबंदी को तुरंत ख़त्म किया जाना चाहिए."
उन्होंने ग़ज़ा में मौजूद इसराइली बंधकों की रिहाई और संघर्षविराम की भी अपील की.
सोमवार को लंदन में ब्रिटेन के प्रधानमंत्री किएर स्टार्मर ने ब्रिटेन और ईयू के संयुक्त सम्मेलन को होस्ट किया.
इस सम्मेलन में यूके और ईयू के बीच रक्षा, व्यापार और फ़िशिंग जैसे मुद्दों पर चर्चा हुई.
ग़ज़ा में 20 लाख लोगों को खाने की कमी- डब्ल्यूएचओ
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, विश्व स्वास्थ्य संगठन के महानिदेशक डॉ. टेड्रोस एडनॉम घेब्रेयसस (फ़ाइल फ़ोटो)
विश्व स्वास्थ्य संगठन के महानिदेशक ने चेतावनी दी है कि ग़ज़ा में 20 लाख लोग भुखमरी जैसे हालातों का सामना कर रहे हैं.
डब्ल्यूएचओ महानिदेशक डॉ. टेड्रोस एडनॉम घेब्रेयसस ने सोमवार को दुनियाभर से आए डब्ल्यूएचओ प्रतिनिधियों की बैठक को संबोधित किया.
उन्होंने कहा, "इसराइल की नाकेबंदी, जगहों को खाली करवाने के आदेश और मानवीय सहायता के लिए कम होती जगह ने ग़ज़ा के पहले से ही कमजोर स्वास्थ्य तंत्र को बुरी तरह प्रभावित किया है."
उन्होंने चेतावनी दी, "लोग ऐसी बीमारियों से मर रहे हैं जिनका इलाज आसानी से किया जा सकता है, लेकिन ज़रूरी दवाएं बॉर्डर पर फंसी हुई हैं."
डब्ल्यूएचओ महानिदेशक ने यह भी बताया कि 'साल 2023 से अब तक डब्ल्यूएचओ ने ग़ज़ा से 7,300 से ज़्यादा मरीज़ों को बाहर निकाला है, लेकिन अभी भी 10,000 से ज़्यादा लोगों को मदद की ज़रूरत है ताकि उन्हें ग़ज़ा से बाहर इलाज के लिए ले जाया जा सके.'
इसी के साथ इसराइल ने सोमवार को कहा है कि वह ग़ज़ा में 'ज़रूरी मात्रा में भोजन' ले जाने की मंज़ूरी देगा, ताकि 10 हफ़्ते की नाकाबंदी के बाद वहां भुखमरी का संकट न पैदा हो.
इसराइली हमले से पहले ख़ान यूनिस को छोड़कर जाते फ़लस्तीनी, देखें तस्वीरें
इमेज स्रोत, Reuters
इमेज कैप्शन, इसराइली डिफ़ेंस फ़ोर्सेज़ के प्रवक्ता अविचाय अड्राई ने कहा कि ख़ान यूनिस को अब खतरनाक युद्ध क्षेत्र माना जाएगा
इसराइली सेना ने सोमवार को ख़ान यूनिस में रह रहे फ़लस्तीनियों को तुरंत वहां से चले जाने के लिए कहा.
इसराइली डिफ़ेंस फ़ोर्सेज़ (आईडीएफ़) के प्रवक्ता अविचाय अड्राई ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर जानकारी दी कि, 'आईडीएफ़ ख़ान यूनिस पर हमला करने जा रहा है.'
उन्होंने बताया कि, 'आईडीएफ़ इस क्षेत्र में आतंकवादी संगठनों की ताकत को ख़त्म करने के लिए एक अभूतपूर्व हमला शुरू करेगा.'
इमेज स्रोत, Reuters
इमेज कैप्शन, ग़ज़ा पट्टी के दक्षिण में स्थित ख़ान यूनिस को छोड़ कर जाते लोग
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, हमास का कहना है कि ग़ज़ा में जंग शुरू होने के बाद से अब तक कम से कम 53 हज़ार लोग मारे गए हैं और उससे कहीं ज़्यादा घायल हुए हैं
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, इसराइल ने कहा था कि अगर अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की खाड़ी देशों की यात्रा पूरी होने तक हमास के साथ शांति समझौता नहीं हुआ, तो वो पूरे ग़ज़ा पर क़ब्ज़ा कर लेगा
हरियाणा महिला आयोग की अध्यक्ष रेणु भाटिया ने प्रोफ़ेसर अली ख़ान पर क्या कहा?
इमेज स्रोत, ANI/X
इमेज कैप्शन, हरियाणा महिला आयोग की अध्यक्ष रेणु भाटिया
हरियाणा महिला आयोग की अध्यक्ष रेणु भाटिया ने अशोका यूनिवर्सिटी के प्रोफ़ेसर अली ख़ान को नोटिस भेजे जाने के संबंध में सोमवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस की.
उन्होंने कहा, "हमने अली ख़ान को एक नोटिस भेजा था, हालांकि मुझे उन्हें प्रोफ़ेसर कहना भी अच्छा नहीं लग रहा है.अली ख़ान, जो कि अशोका यूनिवर्सिटी, सोनीपत से जुड़े हुए हैं, उनकी वजह से मैं आज दोबारा आपके बीच में हूं."
"उन्होंने अपने शब्दों का दुरुपयोग किया है. उनकी जो मानसिकता हमारे सामने आई है, वह मुझे महिलाओं का अपमान लगती है. हम सिर्फ़ महिलाएं हैं, तो क्या किसी का ये अधिकार है कि अगर हम कहीं फ्रंट पर काम कर रहे हैं तो कोई हम पर उंगली उठाकर कुछ भी कह दे."
उन्होंने कहा कि मैं मानती हूं कि अनुच्छेद 19 के तहत आपके पास अभिव्यक्ति की आज़ादी है, लेकिन इसका मतलब नहीं है कि आप कुछ भी बोल सकते हैं.
रेणु भाटिया ने आगे कहा, "जिस बेटी के लिए इस अली ख़ान ने उन शब्दों का प्रयोग किया है, वो हमारे देश की आन, बान और शान है."
भारत-पाकिस्तान संघर्ष पर टिप्पणी को लेकर गिरफ़्तार किए गए अशोका यूनिवर्सिटी के प्रोफ़ेसर अली ख़ान महमूदाबाद ने सुप्रीम कोर्ट का रुख़ किया है.
इस मामले में सुप्रीम कोर्ट में 20 या 21 मई को सुनवाई हो सकती है.
इस लेख में Google YouTube से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले Google YouTube cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.
चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है. YouTube सामग्री में विज्ञापन हो सकते हैं.
पोस्ट YouTube समाप्त
जन सुराज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष बने बीजेपी के पूर्व सांसद उदय सिंह
इमेज स्रोत, @jansuraajonline/X
इमेज कैप्शन, उदय सिंह भारतीय जनता पार्टी के पूर्व सांसद रहे हैं
जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर ने सोमवार को घोषणा की कि बीजेपी के पूर्व सांसद उदय सिंह को पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष नियुक्त किया गया है.
उदय सिंह जन सुराज पार्टी के पहले राष्ट्रीय अध्यक्ष होंगे.
इसकी जानकारी जन सुराज पार्टी ने अपनी एक्स अकाउंट पर भी दी.
पोस्ट में लिखा, "जन सुराज पार्टी की 150 सदस्यीय कोर कमिटी ने सर्वसम्मति से उदय सिंह जी को राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के लिए चुना."
अध्यक्ष बनने के बाद समाचार न्यूज़ एजेंसी एएनआई से उदय सिंह ने बात की.
उन्होंने कहा, "पूरी मेहनत से काम करके अपनी बातों को अपनी जनता तक पहुंचाएंगे. आशा करेंगे कि जनता बात को समझे, सहयोग करे और बिहार में एक परिवर्तन करके एक अच्छी सरकार बनवाए."
उदय सिंह पूर्णिया लोकसभा सीट से बीजेपी से दो बार सांसद रह चुके हैं. उन्होंने साल 2004 और 2009 में बीजेपी के टिकट पर पूर्णिया से जीत दर्ज की थी.
रविवार को ही आरसीपी सिंह की पार्टी का भी जन सुराज पार्टी में विलय हो गया था.
इसराइल के वित्त मंत्री ने कहा- इसराइली सेना ग़ज़ा में सबकुछ तबाह कर रही है
इमेज स्रोत, Reuters
इमेज कैप्शन, इसराइल के वित्त मंत्री बेजेलेल स्मोट्रिच (फ़ाइल फ़ोटो)
इसराइल के वित्त मंत्री बेजेलेल स्मोट्रिच ने 'ग़ज़ा पट्टी को एक बड़ा आतंकी शहर बताते हुए कहा कि इसराइली सेना इस पट्टी में बचा-खुचा सब कुछ तबाह कर रही है.'
उन्होंने कहा कि आम नागरिकों को वहां से बाहर निकाल दिया जाएगा, क्योंकि इसराइली सेना वहां 'कोई कोर-कसर नहीं छोड़ेगी.'
इसराइली मंत्री ने कहा कि ग़ज़ा भेजा जा रहा खाने का सामान हमास तक नहीं पहुंचेगा.
उन्होंने कहा कि ग़ज़ा पट्टी में जो थोड़ी बहुत खाने-पीने की चीज़ें भेजी जा रही हैं, वो हमास को नहीं दी जाएंगी.
स्मोट्रिच कहते हैं, "सिर्फ़ ज़रूरत भर का सामान आम लोगों तक पहुंचेगा, ताकि हमें दुनिया न रोक पाए या हम पर युद्ध अपराध का आरोप न लगे."
"आने वाले दिनों में (ग़ज़ा में) बहुत ही कम सहायता पहुंचेगी: कुछ बेकरीज़ लोगों को ब्रेड बांटेंगी और कुछ सार्वजनिक रसोइयों से दिन में एक बार पका हुआ खाना दिया जाएगा."
भारत के ख़िलाफ़ संघर्ष में 'शाहीन मिसाइल के इस्तेमाल' के दावों पर क्या बोला पाकिस्तान?
इमेज स्रोत, AAMIR QURESHI/AFP via Getty Images
इमेज कैप्शन, पाकिस्तान के विदेश मंत्री मोहम्मद इसहाक़ डार (फ़ाइल फ़ोटो)
पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय ने भारत के ख़िलाफ़ सैन्य संघर्ष में शाहीन मिसाइल के इस्तेमाल को लेकर भारतीय मीडिया के दावों पर प्रतिक्रिया देते हुए इन्हें निराधार बताया है.
पाकिस्तान विदेश मंत्रालय ने भारतीय मीडिया के कुछ हिस्सों में प्रसारित उन 'निराधार' आरोपों को दृढ़ता से ख़ारिज कर दिया है, जिनमें दावा किया गया था कि पाकिस्तान ने अपने अभियान के दौरान शाहीन मिसाइल का उपयोग किया.
पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय ने कहा कि ये दावे भारतीय सेना के आधिकारिक एक्स हैंडल से एक वीडियो जारी होने के बाद सामने आए, जिसमें कथित तौर पर पाकिस्तान की शाहीन मिसाइल के इस्तेमाल को दिखाया गया था.
पाकिस्तान विदेश मंत्रालय ने कहा कि बाद में भारतीय सेना ने इस भ्रामक वीडियो को हटा दिया, लेकिन तब तक भारतीय मीडिया का कुछ वर्ग बिना किसी पुष्टि के इस 'झूठे नैरेटिव' को बढ़ा चुके थे. दुर्भाग्यवश, कुछ भारतीय समाचार संस्थान अब भी इस गलत सूचना का प्रसार कर रहे हैं.
पाकिस्तान विदेश मंत्रालय ने बयान में कहा कि भारतीय सेना के आधिकारिक हैंडल ने इस मुद्दे पर अब तक कोई स्पष्टीकरण या खंडन जारी नहीं किया है.
बयान में कहा गया है कि भारत के ख़िलाफ़ संघर्ष में पाकिस्तान की सशस्त्र सेनाओं ने अत्याधुनिक निर्देशित लंबी दूरी की "फतह सीरीज" मिसाइलें (एफ1 और एफ2), अत्याधुनिक गोला-बारूद, उच्च क्षमता वाले लंबी दूरी के "लॉइटरिंग किलर ड्रोन" और सटीक लंबी दूरी की तोपों का इस्तेमाल किया.
राहुल गांधी के विदेश मंत्री से पूछे गए सवालों पर क्या बोले केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान?
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, कांग्रेस नेता राहुल गांधी (बाएं) और केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान (दाएं) (फ़ाइल फ़ोटो)
कांग्रेस नेता और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर से पाकिस्तान पर हमले को लेकर किए गए सवालों पर केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने अपनी प्रतिक्रिया दी है.
उन्होंने कहा, “ ऐसे समय जब सारा देश पाकिस्तान, आतंक और दुश्मनों के ख़िलाफ़ एक साथ खड़ा है. तब कई ज़िम्मेदार पार्टियों के नेता किंतु-परंतु कर रहे हैं, ये अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है. मेरा इतना ही आग्रह है कि कम से कम जब देश की बात आए तो हम पार्टी की बात न करें.”
“आप मोदी जी का विरोध करते-करते देश का विरोध करने लगो. ये न आपके कद को बढ़ाएगा और न ही ये देशभक्ति है.”
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने 19 मई को विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर के उस वीडियो बयान पर दोबारा सवाल किए, जिस पर पीआईबी की सफ़ाई आ चुकी है.
राहुल गांधी ने एस जयशंकर के उस वीडियो पर अपने 17 मई के पोस्ट पर लिखा कि विदेश मंत्री एस जयशंकर की चुप्पी निंदनीय है.
उन्होंने लिखा था, "इसलिए मैं फिर से पूछूंगा: हमने कितने भारतीय विमान खोए क्योंकि पाकिस्तान को (हमले के बारे में पहले से) पता था? यह कोई चूक नहीं थी. यह एक अपराध था. और देश को सच्चाई जानने का हक है."
बता दें कि राहुल गांधी जिस वीडियो को लेकर सवाल कर रहे हैं, उस पर पीआईबी ने कहा था कि केंद्रीय मंत्री एस जयशंकर के बयान को गलत संदर्भ में पेश किया जा रहा है.
इस बीच, विदेश मंत्रालय ने कहा है कि पाकिस्तान को चेतावनी दी गई थी, जो कि ऑपरेशन सिंदूर शुरू होने के बाद का शुरुआती चरण था. यह कहना बिल्कुल गलत है कि ऑपरेशन सिंदूर शुरू होने से पहले (पाकिस्तान को चेतावनी) ऐसा किया गया. यह स्पष्ट तौर पर तथ्यों को गलत तरीके से पेश करना है.
इसराइली सेना ने फ़लस्तीनियों को ख़ान यूनिस को खाली करने की चेतावनी दी
इमेज स्रोत, Abed Rahim Khatib/Anadolu via Getty Images
इसराइली सेना ने ख़ान यूनिस, बानी सुहैला और अबासन में रह रहे फ़लस्तीनियों को तुरंत वहां से चले जाने के लिए कहा है.
इसराइली डिफ़ेंस फ़ोर्सेज़ (आईडीएफ़) के प्रवक्ता अविचाय अड्राई ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर बताया कि आईडीएफ़ इस क्षेत्र में आतंकवादी संगठनों की ताकत को ख़त्म करने के लिए एक अभूतपूर्व हमला शुरू करेगा.
उन्होंने एक्स पर लिखा, "आप सभी को तुरंत पश्चिम की ओर मवाई क्षेत्र के लिए निकल जाना चाहिए."
अड्राई ने कहा कि ख़ान यूनिस को अब खतरनाक युद्ध क्षेत्र माना जाएगा.
इससे पहले इसराइली सेना ने कहा था कि उसने ग़ज़ा में 'व्यापक ज़मीनी अभियान' शुरू कर दिया है.
इसी के साथ इसराइल ने कहा है कि वह ग़ज़ा में 'ज़रूरी मात्रा में भोजन' जाने की मंज़ूरी देगा, ताकि 10 हफ़्ते की नाकाबंदी के बाद वहां भुखमरी का संकट न पैदा हो.
बेंगलुरु में भारी बारिश की वजह से कई इलाकों में पानी भरा, इमरान क़ुरैशी, बीबीसी संवाददाता, बेंगलुरु से
इमेज स्रोत, BNP
बेंगलुरु के कई इलाकों में भारी बारिश की वजह से पानी भर गया है. कहा जा रहा है कि पिछले 15 सालों में यह दूसरी बार है जब यहां इतनी बारिश हुई है.
हालांकि अभी तक किसी के भी हताहत होने की खबर नहीं है, लेकिन कल रातभर हुई भारी बारिश (10 सेंटीमीटर) ने उन इलाकों को सबसे ज़्यादा प्रभावित किया है जो पहले से ही जलभराव के लिए जाने जाते हैं.
बच्चों और बुज़ुर्गों सहित कई परिवारों को दमकल विभाग के कर्मचारियों ने नावों और ट्रैक्टरों की मदद से सुरक्षित जगहों पर पहुंचाया. यह राहत कार्य दोपहर तक जारी रहा.
इमेज स्रोत, BNP
यह बारिश प्री-मानसून की है और इससे शहर के ऐसे इलाके भी डूब गए है जिन्हें आमतौर पर साफ-सुथरा और बेहतर माना जाता है, जैसे बस स्टॉप और मुख्य सड़कें.
बेंगलुरु में मौसम विभाग की वैज्ञानिक लता श्रीधर ने बीबीसी हिंदी को बताया, "शहर में पिछले 24 घंटों में 10 सेंटीमीटर (112.5 मिमी) बारिश हुई. इससे पहले इतनी भारी बारिश 18 मई 2022 को (114.6 मिमी) दर्ज की गई थी. अब तक प्री-मानसून की सबसे ज़्यादा बारिश 15 सेंटीमीटर रही है."
इस बारिश में सबसे ज़्यादा नुकसान साई लेआउट को हुआ है, जो झील की जमीन पर बसा है और पहले से ही जलभराव के लिए जाना जाता है.
इमेज स्रोत, BNP
रविवार को जब ब्रुहत बेंगलुरु महानगर पालिके (बीबीएमपी) के नव नियुक्त आयुक्त महेश्वर राव इस लेआउट का दौरा करने पहुंचे, तो वहां के निवासियों ने उनसे सवाल भी किए.
कर्नाटक के शहरी विकास विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव तुषार गिरिनाथ ने बीबीसी हिंदी को बताया, "समस्या यह है कि पास में जो एक स्टॉर्म वॉटर ड्रेन है, वह ऊंचाई पर है. उसके नीचे एक संकरा रेलवे वेंट है जिससे पानी बहता है. अब हम एक और रेलवे वेंट बना रहे हैं ताकि आसानी से पानी निकल सके. लेकिन इसके लिए रेलवे की अनुमति का इंतजार है और इसे पूरा करने में दो महीने लग सकते हैं. हमारा लक्ष्य है कि 31 अगस्त तक काम पूरा हो जाए."
इमेज स्रोत, BNP
तुषार गिरिनाथ ने दो हफ़्ते पहले बीबीएमपी के मुख्य आयुक्त का कार्यभार महेश्वर राव को सौंपा था.
गिरिनाथ ने कहा, "शहर के अन्य हिस्सों में जलभराव की समस्या इसलिए हो रही है क्योंकि ड्रेनेज आउटलेट्स पर ठोस कचरे का ढेर जमा हो गया है."
ईडी ने मनी लॉन्ड्रिंग मामले में यूको बैंक के पूर्व चेयरमैन को गिरफ़्तार किया
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, यूको बैंक (फ़ाइल फोटो)
प्रवर्तन निदेशालय के कोलकाता ज़ोन ऑफिस ने यूको बैंक के पूर्व चेयरमैन और प्रबंध निदेशक सुबोध कुमार गोयल को गिरफ़्तार किया है.
सोमवार को जारी एक प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है कि गोयल को मनी लॉन्ड्रिंग मामले में 16 मई को नई दिल्ली स्थित उनके घर से गिरफ़्तार किया गया.
कोनकास्ट स्टील एंड पावर लिमिटेड और अन्य के ख़िलाफ़ बैंक धोखाधड़ी के मामले में गोयल भी जाँच के दायरे में हैं. उन्हें 17 मई को कोलकाता की विशेष पीएमएलए कोर्ट में पेश किया गया.
कोर्ट ने गोयल को 21 मई तक ईडी की हिरासत में भेजने का आदेश दिया है.
संभल जामा मस्जिद सर्वे मामला: इलाहाबाद हाईकोर्ट ने मुस्लिम पक्ष की रिव्यू याचिका ख़ारिज की
इमेज स्रोत, Zaki Rahman
उत्तर प्रदेश के संभल में शाही जामा मस्जिद विवाद मामले में इलाहाबाद हाई कोर्ट ने मुस्लिम पक्ष की पुनर्विचार याचिका खारिज कर दी है.
यह याचिका सिविल कोर्ट के आदेश को चुनौती देते हुए की गई थी. इसके साथ ही हाईकोर्ट ने सर्वे पर रोक से भी इनकार कर दिया है.
हाईकोर्ट ने सर्वेक्षण के ख़िलाफ़ मुस्लिम पक्ष की ओर से दायर की गई याचिका को ख़ारिज कर दिया है.
इस शाही जामा मस्जिद के हिंदू मंदिर होने का दावा कर अदालत में वाद दायर किया गया था, जिसके बाद इस धर्मस्थल को लेकर क़ानूनी विवाद पैदा हो गया है.
ये वाद 19 नवंबर 2024 को दायर किया गया था और इसी दिन शाम को एडवोकेट कमिश्नर ने पुलिस और प्रशासन की मौजूदगी में मस्जिद का सर्वे किया गया था.
अभी तक बीबीसी संवाददाता सुरभि गुप्ता आप तक ख़बरें पहुंचा रही थी.
अब से रात 10 बजे तक बीबीसी संवाददाता कीर्ति रावत आप तक अहम ख़बरें पहुंचाएंगी.
बीबीसी हिंदी के पन्ने पर लगी कुछ अहम ख़बरें पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.
कर्नल सोफ़िया क़ुरैशी पर विजय शाह की टिप्पणी मामले में सुप्रीम कोर्ट ने एसआईटी गठित करने का दिया आदेश, उमंग पोद्दार, बीबीसी संवाददाता
इमेज स्रोत, @KrVijayShah/X
इमेज कैप्शन, मध्य प्रदेश की बीजेपी सरकार में मंत्री विजय शाह ने अपने बयान के लिए माफ़ी मांगी थी
मध्य प्रदेश की बीजेपी सरकार में मंत्री विजय शाह के कर्नल सोफ़िया क़ुरैशी पर बयान के मामले में सुप्रीम कोर्ट ने विशेष जांच दल (एसआईटी) के गठन का आदेश दिया है.
जस्टिस सूर्यकांत की अध्यक्षता वाली दो जजों की बेंच ने कहा कि इस मामले की जांच एसआईटी से करानी चाहिए.
सुप्रीम की बेंच ने कहा, "एसआईटी में मध्य प्रदेश कैडर के तीन वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी शामिल हों, जो मध्य प्रदेश राज्य से संबंधित न हों. तीन अधिकारियों में से एक महिला आईपीएस अधिकारी होनी चाहिए."
सुप्रीम कोर्ट ने मध्य प्रदेश के डीजीपी को कल सुबह 10 बजे तक एसआईटी गठित करने का निर्देश दिया है.
कोर्ट ने कहा है, "इस एसआईटी का नेतृत्व आईजी रैंक से नीचे का अधिकारी न करे और बाकी दोनों सदस्य एसपी या उससे ऊपर के रैंक के होने चाहिए."
कोर्ट ने यह भी निर्देश दिया है कि विजय शाह को जांच में सहयोग करना होगा. कोर्ट ने फ़िलहाल उनकी गिरफ़्तारी पर रोक लगा दी है. वहीं एसआईटी को 28 मई तक अपनी स्टेटस रिपोर्ट पेश करनी है.
सुप्रीम कोर्ट के वकील वरुण ठाकुर ने मीडिया को बताया, "सुप्रीम कोर्ट ने मध्य प्रदेश के मंत्री विजय शाह की गिरफ़्तारी पर 28 मई तक रोक लगाई है. इसके बाद रिपोर्ट का अध्ययन करने के बाद ही सुप्रीम कोर्ट आगे की कार्रवाई करेगा."
राहुल गांधी ने विदेश मंत्री से पूछा- पाकिस्तान को हमले की पहले जानकारी देने से देश को कितना नुक़सान हुआ?
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, कांग्रेस नेता राहुल गांधी (फ़ाइल फ़ोटो)
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर के उस वीडियो बयान पर दोबारा सवाल किए हैं, जिस पर पीआईबी की सफ़ाई आ चुकी है.
राहुल गांधी ने एस जयशंकर के उस वीडियो पर अपने 17 मई के पोस्ट पर लिखा कि विदेश मंत्री एस जयशंकर की चुप्पी निंदनीय है.
उन्होंने लिखा, "इसलिए मैं फिर से पूछूंगा: हमने कितने भारतीय विमान खोए क्योंकि पाकिस्तान को (हमले के बारे में पहले से) पता था? यह कोई चूक नहीं थी. यह एक अपराध था. और देश को सच्चाई जानने का हक है."
इससे पहले राहुल गांधी ने विदेश मंत्री के वीडियो को लेकर पोस्ट किया था, "हमारे हमला शुरू करने से पहले पाकिस्तान को जानकारी देना अपराध था. विदेश मंत्री इस बात को सार्वजनिक रूप से स्वीकार कर रहे हैं कि भारत सरकार ने ऐसा किया."
राहुल गांधी ने सरकार से दो सवाल किए थे. उन्होंने पूछा था, "पहला, इस बात की अनुमति किसने दी? दूसरा, इसके कारण हमारी एयरफोर्स ने कितने एयरक्राफ्ट गंवाए?"
इस मामले पर कांग्रेस प्रवक्ता पवन खेड़ा ने कहा, "विदेश मंत्री जयशंकर इस तरह का बयान दे रहे हैं जिससे पाकिस्तान और पूरे विश्व में हमारी हंसी उड़ रही है. इसलिए राहुल गांधी बार-बार कह रहे हैं कि आप जवाब दीजिए... कि पाकिस्तान को पहले चेतावनी देने से देश को क्या नुक़सान हुआ. ये हमारे लिए जानना बहुत ज़रूरी है. देश के कितने हवाई जहाज गिरे? और कितने आतंकी बचकर भाग गए?"
बता दें कि राहुल गांधी जिस वीडियो को लेकर सवाल कर रहे हैं, उस पर पीआईबी ने कहा था कि केंद्रीय मंत्री एस जयशंकर के बयान को गलत संदर्भ में पेश किया जा रहा है.
इस बीच, विदेश मंत्रालय ने कहा है कि पाकिस्तान को चेतावनी दी गई थी, जो कि ऑपरेशन सिंदूर शुरू होने के बाद का शुरुआती चरण था. यह कहना बिल्कुल गलत है कि ऑपरेशन सिंदूर शुरू होने से पहले (पाकिस्तान को चेतावनी) ऐसा किया गया. यह स्पष्ट तौर पर तथ्यों को गलत तरीके से पेश करना है.
सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल में किस पार्टी से कौन जाएगा ये बीजेपी तय नहीं कर सकती: टीएमसी
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, टीएमसी के राष्ट्रीय महासचिव और सांसद अभिषेक बनर्जी (फ़ाइल फ़ोटो)
केंद्र सरकार ने 'ऑपरेशन सिंदूर' के बाद सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल की सात टीमों को अलग-अलग देशों में भेजने की घोषणा की है. इस लिस्ट में तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) सांसद यूसुफ़ पठान का भी नाम है, हालांकि टीएमसी ने इस लिस्ट पर आपत्ति जताई है.
टीएमसी की ओर से कहा गया है कि उन्हें प्रतिनिधिमंडल को भेजे जाने से कोई दिक्कत नहीं है, लेकिन किस पार्टी से कौन जाएगा ये फ़ैसला अकेले केंद्र सरकार या बीजेपी नहीं कर सकती है.
सोमवार को टीएमसी के राष्ट्रीय महासचिव और सांसद अभिषेक बनर्जी से पूछा गया था कि क्या उनकी पार्टी ने इस मिशन से बाहर निकलने का विकल्प चुना है.
इस पर अभिषेक बनर्जी ने कहा, "मुझे नहीं पता कि आपको यह जानकारी कहां से मिल रही है."
उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय हित की रक्षा के लिए केंद्र सरकार जो भी निर्णय लेगी, टीएमसी केंद्र के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी रहेगी.
अभिषेक बनर्जी ने कहा, "पाकिस्तान की तरफ से आतंकवाद को बढ़ावा देकर भारत की शांति को भंग करने की जो कोशिश हो रही है, उसकी हम निंदा करते हैं. इस बात को वैश्विक मंच पर रखना भी चाहिए, लेकिन हमारी पार्टी से कौन जाएगा, ये फ़ैसला पार्टी का है."
उन्होंने कहा, "केंद्र सरकार एकतरफा फैसला नहीं कर सकती कि किस पार्टी से कौन जाएगा."
अशोका यूनिवर्सिटी के प्रोफ़ेसर अली ख़ान महमूदाबाद सुप्रीम कोर्ट पहुँचे, इस दिन होगी सुनवाई
इमेज स्रोत, Ali Khan Mahmudabad/FB
इमेज कैप्शन, प्रोफ़ेसर अली ख़ान को हरियाणा पुलिस ने रविवार को गिरफ़्तार किया
भारत-पाकिस्तान संघर्ष पर टिप्पणी को लेकर गिरफ़्तार किए गए अशोका यूनिवर्सिटी के प्रोफ़ेसर अली ख़ान महमूदाबाद ने सुप्रीम कोर्ट का रुख किया है.
लाइव लॉ की रिपोर्ट के मुताबिक सीनियर एडवोकेट कपिल सिब्बल ने आज मुख्य न्यायाधीश बीआर गवई के सामने प्रोफ़ेसर अली ख़ान की याचिका तुरंत लिस्ट करने की अपील की.
सिब्बल ने कहा, "अशोका यूनिवर्सिटी के एक प्रोफ़ेसर पर ऑपरेशन सिंदूर पर उनके पूरी तरह से देशभक्ति वाले बयान के बावजूद कार्रवाई की गई है, इस मामले को तुरंत लिस्ट किया जाना चाहिए."
रिपोर्ट के मुताबिक सीजेआई गवई इस मामले को 20 मई या 21 मई को लिस्ट करने के लिए तैयार हुए हैं.
प्रोफ़ेसर अली ख़ान महमूदाबाद ने भारत-पाकिस्तान संघर्ष के संदर्भ में टिप्पणी की थी. उन्होंने कर्नल सोफ़िया क़ुरैशी और विंग कमांडर व्योमिका सिंह से प्रेस ब्रीफ़िंग कराने को लेकर सोशल मीडिया पर एक पोस्ट भी लिखा था.
हरियाणा की सोनीपत पुलिस ने स्थानीय निवासी योगेश की शिकायत के आधार पर उन्हें रविवार को गिरफ़्तार किया.
पाकिस्तान के विदेश मंत्री इसहाक़ डार तीन दिन के चीन दौरे के लिए रवाना
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, पाकिस्तान के विदेश मंत्री मोहम्मद इसहाक़ डार (फ़ाइल फ़ोटो) 19 मई से 21 मई तक चीन का दौरा करेंगे
पाकिस्तान के विदेश मंत्री मोहम्मद इसहाक़ डार अपनी तीन दिन की चीन यात्रा के लिए सोमवार को रवाना हुए.
इस यात्रा के दौरान इसहाक़ डार चीन के विदेश मंत्री वांग यी के साथ-साथ चीनी कम्युनिस्ट पार्टी के प्रमुख सदस्यों सहित दूसरे वरिष्ठ चीनी नेताओं से मुलाकात करेंगे.
पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय के मुताबिक ये बैठकें क्षेत्रीय विकास और पाकिस्तान-चीन संबंधों के कई आयामों पर केंद्रित होंगी.
इससे पहले पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय की ओर से प्रेस रिलीज़ जारी कर कहा गया था कि चीन ने पाकिस्तानी विदेश मंत्री इसहाक़ डार को तीन दिन के दौरे के लिए आमंत्रित किया है.
इसहाक़ डार 19 मई से 21 मई तक चीन का दौरा करेंगे. इस दौरान चीन के विदेश मंत्री वांग यी के साथ दक्षिण एशिया की स्थिति पर गहन चर्चा करेंगे.