लेखिका अरुंधति रॉय के ख़िलाफ़ चलेगा यूएपीए के तहत मुक़दमा, दिल्ली के एलजी ने दी मंज़ूरी

दिल्ली के उपराज्यपाल वीके सक्सेना ने लेखिका अरुंधति रॉय और कश्मीर के डॉक्टर शेख़ शौकत हुसैन के विरुद्ध गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम यानी यूएपीए के तहत मुक़दमा चलाने की अनुमति दे दी है.

सारांश

  • दिल्ली के उपराज्यपाल वीके सक्सेना ने लेखिका अरुंधति रॉय और कश्मीर के डॉक्टर शेख़ शौकत हुसैन के विरुद्ध यूएपीए के तहत मुक़दमा चलाने की अनुमति दे दी है.
  • रूस के राष्ट्रपति पुतिन ने कहा कि रूस-यूक्रेन युद्ध ख़त्म हो सकता है बशर्ते यूक्रेन राज़ी हो. शांति वार्ता के लिए उन्होंने शर्तें सामने रखी हैं.
  • वरिष्ठ आरएसएस प्रचारक इंद्रेश कुमार ने कहा है कि देश नरेंद्र मोदी के तीसरे कार्यकाल में दिन दोगुनी और रात चौगुनी तरक्की करेगा. इससे पहले उन्होंने कहा था कि अहंकार के कारण बीजेपी 241 तक ही पहुँच पाई थी.
  • जी7 की बैठक के लिए इटली पहुंचे पीएम मोदी ने फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों और ब्रितानी पीएम ऋषि सुनक से मुलाक़ात की. उन्होंने यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेन्स्की से भी मुलाक़ात की.
  • नीट-यूजी पेपर लीक के आरोपों पर सुप्रीम कोर्ट ने शुक्रवार को केंद्र सरकार और नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) से जवाब मांगा है.

लाइव कवरेज

दीपक मंडल

  1. आंध्र में 16 हजार शिक्षकों की भर्ती प्रक्रिया शुरू,टीडीपी ने कहा- तेजी से होगा काम

    चंद्रबाबू नायडू

    इमेज स्रोत, FACEBOOK/NARA CHANDRABABU NAIDU

    आंध्र प्रदेश में चंद्रबाबू नायडू सरकार ने गुरुवार को राज्य में 16 हजार से अधिक शिक्षकों भर्ती की प्रक्रिया शुरू कर दी.

    राज्य सरकार ने एक जनरल ऑर्डर के जरिये 16,347 शिक्षकों की भर्ती की प्रक्रिया शुरू करने की हरी झंडी दे दी. शिक्षकों की भर्ती की प्रक्रिया 2024 के आखिर तक पूरी हो जाएगी. टीडीपी ने कहा कि ये काम जल्द से जल्द पूरा कर लिया जाएगा.

    राज्य के मुख्य सचिव नीरभ कुमार ने इसके लिए मेगा डीएससी (डिस्ट्रिक्ट सेलेक्शन कमेटी) कमेटी 2024 बनाने और शिक्षकों की भर्ती की प्रक्रिया 31 दिसंबर 2024 तक पूरी करने का निर्देश दिया है.

    आंध्र प्रदेश में चंद्रबाबू नायडू के मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ ग्रहण करते ही टीडीपी सरकार ने अपने चुनाव घोषणा पत्र पर काम करना शुरू कर दिया है.

    टीडीपी ने अमरावती को राजधानी के तौर पर विकसित करने के लिए काम को आगे बढ़ाने, पेंशन में इजाफा करने और स्किल सेन्सस की दिशा में काम करना शुरू कर दिया है. टीडीपी ने कहा था कि वो राज्य में रोजगार बढ़ाने पर पूरा जोर देगी.

  2. टी-20 वर्ल्ड कप: अफ़ग़ानिस्तान ने पापुआ न्यू गिनी को सात विकेट से हराया, न्यूज़ीलैंड हुआ बाहर

    अफ़ग़ानिस्तान

    इमेज स्रोत, Getty Images

    टी-20 वर्ल्ड कप में अफ़ग़ानिस्तान पापुआ न्यू गिनी को हरा कर दूसरे राउंड में पहुंच गया है.

    अफ़ग़ानिस्तान ने सात विकेट से जीत हासिल की. इस जीत के बाद न्यूज़ीलैंड का टूर्नामेंट से बाहर हो गया है.

    त्रिनिदाद के ब्रायन लारा स्टेडियम में खेले गए मैच में अफ़ग़ानिस्तान ने पापुआ न्यू गिनी को 19.5 ओवर महज 95 रनों पर समेट दिया था.

    बाद में बल्लेबाजी के लिए उतरी अफ़ग़ानिस्तान की टीम ने तीन विकेट के नुकसान पर 15.1 ओवर में 101 रन बना कर जीत हासिल कर ली.

    अफ़ग़ानिस्तान इस जीत के बाद वेस्टइंडीज के साथ ग्रुप सी से सुपर-8 में क्वालिफाई करने के दूसरे दौर में पहुंच गया है. दूसरी ओर न्यूज़ीलैंड, युगांडा और पापुआ न्यू गिनी बगैर कोई जीत हासिल किए टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं.

  3. अजित पवार की पत्नी ने राज्यसभा के लिए भरा पर्चा, पार्टी में नाराज़गी की आशंका

    सुनेत्रा पवार

    इमेज स्रोत, FACEBOOK/SUNETRA

    इमेज कैप्शन, सुनेत्रा पवार (फाइल फोटो)

    महाराष्ट्र में हाई-प्रोफाइल बारामती लोकसभा सीट से हारने के बावजूद एनसीपी ने अजित पवार की पत्नी सुनेत्रा पवार को राज्यसभा भेजने का फ़ैसला किया है.

    शरद पवार की बेटी सुप्रिया सुले ने अपनी भाभी सुनेत्रा पवार ( अजित पवार की पत्नी) को लोकसभा चुनाव में हरा दिया था.

    एनसीपी के इस फ़ैसले से पार्टी नेताओं में काफ़ी नाराज़गी की बात कही जा रही है. छगन भुजबल समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेता राज्यसभा की उम्मीदवारी हासिल करने की दौड़ में थे. हालांकि छगन भुजबल ने सुनेत्रा पवार की उम्मीदवारी का समर्थन किया है.

    कहा जा रहा है कि छगन भुजबल सुनेत्रा को राज्यसभा भेजने के फ़ैसले को लेकर खिन्न हैं. लेकिन उन्होंने कहा कि ये पार्टी का फ़ैसला है और सर्वसम्मति से लिया गया है.

    उन्होंने कहा, ''मैं, बाबा सिद्दीक़ी और अनंत परांजपे तीनों राज्यसभा की सदस्यता चाहते थे लेकिन पार्टी के फ़ैसले का तो सम्मान करना ही है. मैं कोई निर्दलीय तो हूं नहीं कि जो चाहे फ़ैसला करूं.''

    सूत्रों का कहना है कि अजित पवार की पत्नी सुनेत्रा पवार को राज्यसभा भेज कर उन्हें सार्वजनिक तौर पर उपस्थित रखना चाहते हैं ताकि अगली बार मतदाताओं के सामने उन्हें सुप्रिया सुले के सामने खड़ा किया जा सके. छगन भुजबल से जब ये पूछा गया कि क्या अजित पवार अपने परिवार के लोगों को पद बाँट रहे हैं तो इस पर उन्होंने कहा,''सबकी मर्जी नहीं चलती.''

    अजित पवार की पार्टी ने महाराष्ट्र में इस बार तीन सीटों पर चुनाव लड़ा था लेकिन उसे सिर्फ़ एक सीट पर जीत मिली. वहीं एनसीपी (शरद चंद्र पवार) गुट ने दस सीटों पर चुनाव लड़ा था और उसे आठ सीटों पर जीत मिली.

  4. बाइडन ने कहा- बेटे को मिली सज़ा माफ़ नहीं करूंगा

    जो बाइडन

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, जो बाइडन बेटे हंटर बाइडन (दाएं) के साथ -फाइल फोटो

    अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडन ने कहा है कि वो गन मामले में अपने बेटे हंटर बाइडन की सज़ा माफ़ नहीं करेंगे.

    बाइडन के बेटे को अवैध रूप से हथियार ख़रीदने और नशीली दवाओं के इस्तेमाल को लेकर झूठ बोलने के मामले में दोषी ठहराया गया है.

    फेडरल अदालत की ओर से पिछले सप्ताह हंटर को दोषी ठहराने के बाद पहली बार बाइडन ने इस मामले में टिप्पणी की है.

    उन्होंने कहा कि वो हटंर पर गर्व करते हैं. वह नशे की आदत से उबर चुके हैं. अब वो बहुत ही शालीन और प्रतिभाशाली व्यक्ति हैं.

    जी-7 सम्मेलन में हिस्सा लेने इटली पहुंचे बाइडन से पत्रकारों ने पूछा था कि क्या वो हंटर की सज़ा कम करने के क़दम उठाएंगे.

    इस पर बाइडन ने कहा, ’’मैं इस मामले को लेकर संतुष्ट हूं कि मैं इसमें कुछ करने नहीं जा रहा. मैंने कहा कि जूरी का जो फ़ैसला होगा वो मुझे मंजूर है. मैं इस पर कायम हूं और मैं हंटर को माफ़ नहीं करने जा रहा.’’

    हंटर बाइडन को नशा करने और बंदूक रखने से जुड़े तीन मामलों में दोषी ठहराया गया था. बाइडन ने अपने बेटे को दोषी ठहराए जाने से पहले भी कहा था कि वो अदालत की सज़ा में कमी नहीं करेंगे. उन्होंने इसे एक बार फिर दोहराया है.

    अमेरिका में राष्ट्रपति को अदालत से दोषी साबित लोगों की सजा माफ करने या उसे कम या उसमें बदलाव करने का अधिकार है

  5. कुवैत में मारे गए 45 भारतीयों के शव लेकर इंडियन एयरफोर्स का विमान कोच्चि रवाना

    कुवैती

    इमेज स्रोत, Getty Images

    कुवैत में एक बहुमंजिली इमारत में आग से मारे गए 45 भारतीयों के शवों लेकर भारतीय वायु सेना का एक विमान भारत में कोच्चि के लिए उड़ान भर चुका है.

    शुक्रवार को सुबह ये विमान कुवैत से रवाना हुआ. हालात का जायजा लेने कुवैत पहुंचे विदेश राज्य मंत्री कीर्तिवर्द्धन सिंह भी इस विमान में सवार थे.

    भारतीय दूतावास के अधिकारियों के मुताबिक़ कीर्ति वर्द्धन सिंह वहां कुवैती अधिकारियों से को-ऑर्डिनेशन करने और शवों को जल्दी स्वदेश लाने की वजह से कुवैत पहुंचे थे.

    कुवैती अधिकारियों के मुताबिक़ कुवैत के शहर मंगफ में हुई इस दुर्घटना में मारे गए सभी 45 भारतीयों के शव की पहचान कर ली गई है.

    इस हादसे में 45 भारतीयों के साथ ही फिलीपींस के तीन नागरिकों की मौत हुई है. कुल मिलाकर 49 लोगों की मौत हुई और 50 लोग घायल हो गए हैं.

    इससे पहले नॉन रेजिंडेट केरलाइट अफेयर्स के अधिकारी ने गैर आधिकारिक तौर पर बताया था कि इसकी हेल्प डेस्क की सूचना के मुताबिक हादसे में 24 मलयाली मारे गए हैं.

  6. पीएम नरेंद्र मोदी जी-7 समिट में हिस्सा लेने पहुँचे इटली

    नरेंद्र मोेदी

    इमेज स्रोत, Getty Images

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी-7 सम्मेलन के आउटरीच सेशन में हिस्सा लेने के लिए शुक्रवार को इटली के आपुलिया पहुंच गए.

    उन्होंने ट्वीट कर बताया, ''जी-7 में हिस्सा लेने के लिए इटली पहुंच गया हूं. उम्मीद है कि दुनिया भर के नेताओं से सकारात्मक और नतीजे देने वाली बातचीत होगी. हम मिलकर हम दुनिया के सामने चुनौतियों का हल खोजने की कोशिश करेंगे और बेहतर भविष्य के लिए सहयोग बढ़ाने पर जोर देंगे.''

    भारत जी-7 का सदस्य नहीं है लेकिन वो पांचवीं बार आमंत्रित सदस्य के तौर पर इसमें हिस्सा ले रहा है.

    बैठक में हिस्सा लेने के लिए जर्मनी के चांसलर ओलाफ़ शोल्त्ज़, फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों, कनाडा के पीएम जस्टिन ट्रूडो, इटली की पीएम जॉर्जिया मेलोनी, अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडन, जापान के पीएम फुमियो किशिदा और ब्रिटेन के पीएम ऋषि सुनक इटली पहुंच चुके हैं.

    इनके अलावा यूरोपीय कमिशन की अध्यक्ष उर्सुला फ़ॉन देर लेयन और यूरोपीय काउंसिल के अध्यक्ष चार्ल्स माइकल भी वहां पहुंच गए हैं.

    यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की और ईसाई धर्मगुरु पोप फ्रांसिस भी इस बैठक में शिरकत करने वाले हैं. ये बैठक तीन दिन तक चलेगी.

    जी-7 देशों के राष्ट्राध्यक्षों की बैठक में दो साल से भी अधिक वक्त से चल रहे रूस-यूक्रेन युद्ध, ग़ज़ा-इसराइल युद्ध, जलवायु परिवर्तन, प्रवासी मुद्दे, तकनीक और अन्य मुद्दों पर चर्चा होनी है.

  7. नमस्कार!

    बीबीसी हिंदी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है!

    13 जून की ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.