कांग्रेस ने कहा- ये 60वीं बार है, पीएम मोदी चुप क्यों हैं?
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की ओर से भारत और पाकिस्तान के बीच युद्ध रोकने के दावे दोहराने के बाद कांग्रेस पार्टी ने मोदी सरकार पर निशाना साधा है.
ट्रंप ने मंगलवार को सऊदी अरब के क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान के साथ हुई बैठक में भारत और पाकिस्तान के बीच युद्ध रोकने के अपने दावे को दोहराया.
इस पर प्रतिक्रिया देते हुए कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने कहा, "ट्रंप ने 60वीं बार कहा है कि उनकी वजह से भारत और पाकिस्तान के बीच में युद्ध रोका गया. भारत को ऑपरेशन सिंदूर रोकना पड़ा. 60 बार उन्होंने दोहराया है और हमारे प्रधानमंत्री चुप हैं."
जयराम रमेश ने कहा, "राष्ट्रपति ट्रंप 60 बार कहते हैं कि मेरी वजह से ऑपरेशन सिंदूर रोका गया क्योंकि मैंने व्यापार समझौते को हथियार के रूप में इस्तेमाल किया, पर हमारे प्रधानमंत्री चुप हैं."
"मुझे समझ नहीं आता, क्यों डरे हुए हैं? किस बात से डरे हुए हैं? क्यों नहीं खुलकर कहते कि राष्ट्रपति ट्रंप गलत कह रहे हैं. प्रधानमंत्री को अपनी चुप्पी तोड़नी चाहिए."