चीन पर अब कुल 145 फ़ीसदी टैरिफ़, व्हाइट हाउस ने बताया गणित

अमेरिका ने चीन पर लगने वाले टैरिफ़ को 125 फ़ीसदी से बढ़ाकर 145 फ़ीसदी कर दिया है.

सारांश

लाइव कवरेज

सुरभि गुप्ता और इफ़्तेख़ार अली

  1. चीन ने अपने नागरिकों को जारी की एडवाइज़री- 'अमेरिका जाने से पहले सोच लें'

    शी जिनपिंग और ट्रंप

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, टैरिफ़ को लेकर अमेरिका और चीन के बीच ट्रेड वॉर की आशंका बढ़ गई है.

    अमेरिका के साथ बढ़ते ट्रेड वॉर के बीच चीन ने अपने नागरिकों को अमेरिका की यात्रा के लिए आगाह किया है.

    चीन के संस्कृति और पर्यटन मंत्रालय ने एक ट्रैवल एडवाइज़री ज़ारी की है. इसमें मंत्रालय ने अपने नागरिकों को 'सावधानी से यात्रा करने' और अमेरिका जाने से पहले 'जोखिमों का पूरी तरह से आकलन' करने और 'सोच समझकर यात्रा करने' का सुझाव दिया है.

    इसमें 'चीन-अमेरिका आर्थिक और व्यापार संबंधों में गिरावट और संयुक्त राज्य अमेरिका की घरेलू सुरक्षा स्थिति' का हवाला दिया गया है.

    वहीं चीन के शिक्षा मंत्रालय ने एक अलग चेतावनी जारी की है. इसमें छात्रों को अमेरिका में पढ़ाई का फ़ैसला करने से पहले 'सुरक्षा जोखिम का आकलन' करने के लिए कहा गया है.

    बता दें कि टैरिफ़ को लेकर चीन और अमेरिका आमने-सामने आ गए हैं. चीन ने अमेरिका की वस्तुओं पर 84 फ़ीसदी टैरिफ़ की घोषणा की है. वहीं अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ने चीन के सामानों पर 125 फ़ीसदी टैरिफ़ लगा दिया है.

  2. अमेरिका के ख़िलाफ़ चीन की अपील पर ऑस्ट्रेलिया ने क्या कहा?

    ऑस्ट्रेलिया के उप प्रधानमंत्री और रक्षा मंत्री रिचर्ड मार्ल्स

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, ऑस्ट्रेलिया के उप प्रधानमंत्री और रक्षा मंत्री रिचर्ड मार्ल्स

    ऑस्ट्रेलिया के उप प्रधानमंत्री और रक्षा मंत्री रिचर्ड मार्ल्स ने ट्रंप के टैरिफ़ और आर्थिक अनिश्चितता के सामने एकजुट होने की चीन की अपील को ख़ारिज कर दिया है.

    ऑस्ट्रेलियाई अखबारों के लिए अपने एक लेख में, ऑस्ट्रेलिया में चीन के राजदूत शाओ चिन ने लिखा, "नई परिस्थितियों में, चीन ऑस्ट्रेलिया और अंतर्राष्ट्रीय समुदाय के साथ काम करने के लिए तैयार है."

    वहीं रिचर्ड मार्ल्स ने ऑस्ट्रेलिया के नाइन न्यूज़ से कहा, "मुझे नहीं लगता कि हम चीन के साथ जाएंगे."

    उन्होंने कहा, "हम अमेरिका और चीन के बीच व्यापार युद्ध नहीं देखना चाहते हैं, इसके बजाए हमारा ध्यान इन दोनों शक्तियों से इतर हमारे व्यापार में विविधता लाने पर है."

    अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने चीन पर 125 फ़ीसदी टैरिफ़ लगा दिया है. वहीं, दुनिया के बाकी देशों के लिए उन्होंने टैरिफ़ पर 90 दिनों की 'रोक' लगाई दी.

    चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने कहा है कि अमेरिका के टैरिफ़ का सामना करने के लिए चीन को अपने पड़ोसी देशों के साथ रिश्ते मज़बूत करने चाहिए.

  3. ट्रंप के सख़्त टैरिफ़ पर चीन का जवाब- 'हम चुप नहीं बैठेंगे'

    चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, चीन ने अमेरिका के टैरिफ़ के ख़िलाफ़ पूरी दुनिया से एकजुट होने की अपील की है

    अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की ओर से 125 फ़ीसदी टैरिफ़ लगाए जाने के बाद चीन ने भी सख़्ती दिखाई है. एक अधिकारी ने कहा है कि चीन 'चुप नहीं बैठेगा'.

    अमेरिका की ओर से चीन पर 104 फ़ीसदी टैरिफ़ लगाए जाने की घोषणा के बाद चीन ने जवाबी कार्रवाई की थी. चीन के वित्त मंत्रालय ने अमेरिका से आयात होने वाली वस्तुओं पर शुल्क 34% से बढ़कर 84% करने की घोषणा की.

    इस जवाबी कार्रवाई पर ट्रंप ने चीन की चीज़ों पर आयात शुल्क 104 फ़ीसदी से बढ़ाकर 125 फ़ीसदी कर दिया.

    चीन का जवाब

    चीन की न्यूज़ एजेंसी शिन्हुआ ने वाणिज्य मंत्रालय के एक अधिकारी के हवाले से कहा, "जब उसके लोगों के अधिकारों और हितों को चोट पहुंचाई जा रही हो, तो चीनी सरकार किसी भी तरह से चुप नहीं बैठेगी."

    चीन के एक सरकारी अख़बार ने अपने संपादकीय में लिखा, "वैश्विक एकजुटता व्यापार अत्याचार पर जीत दिला सकती है."

    इस लेख में जापान, दक्षिण कोरिया और दूसरी एशियाई अर्थव्यवस्थाओं के साथ बीजिंग के सहयोग का उल्लेख किया गया है.

    इसी बीच चीन के वाणिज्य मंत्री वांग वेंटाओ ने यूरोपीय व्यापार आयुक्त मारोस सेफकोविच और मलेशिया के व्यापार मंत्री ज़फ़रुल अज़ीज़ के साथ बातचीत की है.

  4. ट्रंप के टैरिफ़ पर रोक के बाद एशियाई शेयर बाज़ारों में लौटी रौनक

    एशिया-प्रशांत क्षेत्र के शेयर बाज़ारों में उछाल

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, एशिया-प्रशांत क्षेत्र के शेयर बाज़ारों में उछाल

    अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने टैरिफ़ की घोषणा पर 90 दिनों की रोक लगा दी है. इसके बाद एशिया-प्रशांत क्षेत्र के शेयर बाज़ार गुरुवार को बढ़ोतरी के साथ खुले.

    जापान, दक्षिण कोरिया और ऑस्ट्रेलिया के शेयर बाज़ारों के शुरुआती कारोबार में उछाल देखा जा रहा है.

    जापान के निक्केई 225 सूचकांक में 8% से ज़्यादा की शुरुआती वृद्धि हुई है. वहीं दक्षिण कोरिया के कोस्पी सूचकांक और ऑस्ट्रेलिया के एएसएक्स 200 में लगभग 5% की बढ़ोतरी दर्ज़ की गई है.

    वहीं, इससे पहले बुधवार को ट्रंप की ओर से ज़्यादातर देशों के लिए टैरिफ़ पर 90 दिनों की 'रोक' की घोषणा के बाद अमेरिकी शेयर बाज़ार में उछाल आया.

    अमेरिकी शेयर सूचकांक एसएंडपी 500 में 9.5%, नैस्डैक में 12.2% और डॉव जोन्स में 7.9% का उछाल दर्ज़ किया गया.

    बता दें कि अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने चीन से आयात होने वाले सामान पर टैरिफ़ बढ़ाकर 125 फ़ीसदी कर दिया है. वहीं, दुनिया के बाकी देशों के लिए उन्होंने हाई टैरिफ़ पर 90 दिनों की 'रोक' को मंज़ूरी दी है.

  5. नमस्कार!

    बीबीसी हिंदी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता सुरभि गुप्ता अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगी.

    कल के लाइव पेज़ की ख़बरें आप यहां क्लिक कर पढ़ सकते हैं.

    फ़िलहाल, हमारे होम पेज पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को आप नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करके पढ़ सकते हैं.