चुनावों में जीत के बाद मार्क कार्नी ने कहा- अमेरिका से अपनी शर्तों पर समझौता करेगा कनाडा

कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी का कहना है कि उनका देश अमेरिका से सम्मान का हक़दार है और अगर कनाडा-अमेरिका के बीच कोई व्यापार या सुरक्षा समझौता होगा, तो वह सिर्फ़ उनकी शर्तों पर ही होगा.

सारांश

  • मार्क कार्नी : अमेरिका से अपनी शर्तों पर समझौता करेगा कनाडा
  • अमेरिका ने कहा, भारत से डील करना बाक़ी देशों की तुलना में ज़्यादा आसान
  • महबूबा मुफ़्ती ने पाकिस्तानी नागरिकों की वापसी के फै़सले पर भारत सरकार से पुनर्विचार करने की अपील की
  • पीएम मोदी पर कांग्रेस पार्टी के सोशल मीडिया पोस्ट 'ग़ायब' पर बीजेपी ने जताई कड़ी आपत्ति
  • पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ़ का एक्स अकाउंट भारत में बंद
  • कनाडा की लिबरल पार्टी ने जीता चुनाव

लाइव कवरेज

सुरभि गुप्ता, कीर्ति रावत

  1. पहलगाम हमले को लेकर टिप्पणी करने पर डॉ. माद्री काकोटी के ख़िलाफ़ एफ़आईआर, सैयद मोज़िज इमाम, बीबीसी संवाददाता, लखनऊ

    डॉ माद्री काकोटी

    इमेज स्रोत, X/@ms_medusssa

    इमेज कैप्शन, अपने बचाव में डॉ काकोटी ने कहा है कि उनकी पोस्ट का ग़लत मतलब निकाला गया

    सोशल मीडिया पर डॉ. मेडुसा के नाम से वीडियो बनाने वालीं डॉ. माद्री काकोटी के ख़िलाफ़ पहलगाम हमले को लेकर टिप्पणी करने पर लखनऊ में केस दर्ज किया गया है.

    डॉ. काकोटी लखनऊ यूनिवर्सिटी में भाषा विभाग में असिस्टेंट प्रोफ़ेसर हैं. उनके ख़िलाफ़ छात्र संगठन अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) ने यूनिवर्सिटी में धरना दिया था.

    डॉ. काकोटी के ख़िलाफ़ हसनगंज थाने में एफ़आईआर दर्ज कराया गया है. इसके अलावा लखनऊ यूनिवर्सिटी ने भी उनको कारण बताओ नोटिस जारी किया है और पांच दिनों के अंदर जवाब देने को कहा है.

    अपने बचाव में काकोटी ने मीडिया से कहा, "मेरी पोस्ट का ग़लत मतलब निकाला गया है. नोटिस पाकर मैं हैरान हूं. मैं नोटिस का जवाब दूंगी, मेरे वीडियो में कुछ भी आपत्तिजनक नहीं है."

    काकोटी ने पहलगाम हमले के बाद कहा था, "धर्म पूछकर गोली मारना आतंकवाद है, लेकिन धर्म पूछकर लिंच करना, नौकरी से निकाल देना, मकान न देना ,धर्म पूछकर बुलडोज़र चलाना वगैरह-वगैरह भी आतकंवाद है."

    लखनऊ में एसीपी (सहायक पुलिस आयुक्त) महानगर नेहा त्रिपाठी ने कहा, "पुलिस इस मामले की जांच कर रही है. इसके बाद प्रोफ़ेसर को नोटिस दिया जाएगा."

    इससे पहले गायिका नेहा सिंह राठौर पर भी सोशल मीडिया पर पहलगाम हमले को लेकर टिप्पणी करने पर लखनऊ में एफ़आईआर दर्ज कराई गई थी.

  2. कनाडा के आम चुनावों में मतगणना जारी, मार्क कार्नी की लिबरल पार्टी की जीत के रुझान

    मार्क कार्नी

    इमेज स्रोत, Dave Chan / AFP) (Photo by DAVE CHAN/AFP via Getty Images)

    इमेज कैप्शन, मार्क कार्नी

    कनाडा के पब्लिक ब्रॉडकास्टर सीबीसी न्यूज़ के अनुसार देश के आम चुनावों में लिबरल पार्टी को बहुमत मिलने के आसार हैं.

    सीबीसी न्यूज़ ने ये भी कहा है कि 343 सीटों वाली संसद में पार्टी को पूर्ण बहुमत मिलेगा कि नहीं ये साफ़ नहीं हुआ है.

    लिबरल पार्टी के मुख्यालय में समर्थकों में काफ़ी जोश दिख रहा है. सीबीसी को रुझानों के बाद पार्टी के एक समर्थक ने कहा, "ये कनाडा के इतिहास में सबसे बड़ा कमबैक है. जब कनाडा को ज़रूरत थी तब कार्नी आगे आए, ये बहुत अहम बात है."

    सीबीसी के अनुसार मार्क कार्नी की पार्टी कनाडा में सरकार बनाने के लिए पर्याप्त सीटें जीत सकती है. भले ही उसे पूर्ण बहुमत न मिले.

    कनाडा की राजनीति में लिबरल पार्टी बीते कुछ महीनों से काफ़ी दवाब में थी. जस्टिन ट्रू़डो को बीच में इस्तीफ़ा देना पड़ा था.

    कुछ महीने पहले तक जिस पार्टी को लगभग ख़त्म हुआ समझा गया था, वो अब चौथी बार सत्ता में आ सकती है.

    बीबीसी संवाददाता एंथनी ज़र्कर को लगता है कि लिबरल पार्टी की जीत में डोनाल्ड ट्रंप की नीतियों का भी हाथ रहा है.

    उनके मुताबिक ट्रंप ने बार-बार कनाडा को उकसाया और उसे अमेरिका का 51वां राज्य बनने को कहा, इसके कनाडा के मतदाता एकजुट हो गए.

  3. पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख़्वाजा आसिफ़ के बयान पर भारत ने संयुक्त राष्ट्र में क्या कहा

    संयुक्त राष्ट्र में भारत की उप स्थायी प्रतिनिधि योजना पटेल

    इमेज स्रोत, X/@PatelYojna

    इमेज कैप्शन, विक्टिम्स ऑफ टेररिज़्म एसोसिएशन्स नेटवर्क के लॉन्च पर भारत की उप स्थायी प्रतिनिधि योजना पटेल का बयान

    संयुक्त राष्ट्र में भारत की उप स्थायी प्रतिनिधि योजना पटेल ने पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख़्वाजा आसिफ़ के एक हालिया इंटरव्यू का हवाला देते हुए पाकिस्तान पर निशाना साधा है.

    योजना पटेल 28 अप्रैल को यूएन ऑफ़िस ऑफ़ काउंटर टेररिज़्म (यूएनओसीटी) के विक्टिम्स ऑफ़ टेररिज़्म एसोसिएशन्स नेटवर्क की लॉन्चिंग पर भारत का पक्ष रख रही थीं.

    इस दौरान उन्होंने पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख़्वाजा आसिफ़ के एक हालिया इंटरव्यू का ज़िक्र किया.

    योजना पटेल ने कहा, "पूरी दुनिया ने हाल ही में एक टेलीविज़न इंटरव्यू में पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख़्वाजा आसिफ़ को आतंकवादी संगठनों को समर्थन, प्रशिक्षण और धन देने के पाकिस्तान के इतिहास को स्वीकार करते हुए सुना है."

    उन्होंने आगे कहा, "यह खुला कबूलनामा पाकिस्तान को एक धूर्त देश के तौर पर उजागर करता है जो वैश्विक आतंकवाद को बढ़ावा दे रहा है और क्षेत्र को अस्थिर कर रहा है. दुनिया अब और आंखें बंद कर नहीं रह सकती."

    बता दें कि स्काई न्यूज़ पर एक इंटरव्यू के दौरान ख़्वाजा आसिफ़ से पूछा गया था, "क्या आप मानेंगे कि पाकिस्तान अरसे से इन आतंकवादी संगठनों को फंडिंग और ट्रेनिंग देता रहा है?"

    ख़्वाजा आसिफ़ ने जवाब में कहा था, "हम ये 'डर्टी वर्क' तीन दशकों से अमेरिका के कहने पर कर रहे हैं...इसमें ब्रिटेन समेत पश्चिमी देश भी शामिल हैं. वो एक ग़लती थी और हम उसी का खामियाजा भुगत रहे हैं."

    विक्टिम्स ऑफ़ टेररिज़्म एसोसिएशन्स नेटवर्क की लॉन्चिंग पर योजना पटेल ने पहलगाम हमले का भी ज़िक्र किया.

    उन्होंने कहा, "भारत, केंद्र शासित प्रदेश जम्मू और कश्मीर के पहलगाम में हाल ही में हुए आतंकवादी हमले के मद्देनज़र दुनिया भर के नेताओं और सरकारों की ओर से दिए गए मजबूत समर्थन और एकजुटता की सराहना करता है. यह आतंकवाद के प्रति अंतर्राष्ट्रीय समुदाय के ज़ीरो टोलरेंस का प्रमाण है."

    पिछले हफ़्ते जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए चरमपंथी हमले में 26 लोगों की जान चली गई जबकि कई लोग घायल हो गए. इसके बाद से भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव बढ़ गया है.

  4. कनाडा चुनाव: शुरू हुई मतगणना, लिबरल और कंज़र्वेटिव पार्टी के बीच कांटे की टक्कर

    कनाडा चुनाव

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, कनाडा में 28 अप्रैल को वोटिंग

    अमेरिका के साथ टैरिफ़ वॉर में उलझे कनाडा में आम चुनाव हो रहे हैं. इन चुनावों के नतीजे तय करेंगे कि कनाडा का अगला प्रधानमंत्री कौन बनेगा.

    इस वक़्त मतदान अपने आख़िरी चरण में है, इसी के साथ शुरुआती रुझान भी आने शुरू हो गए हैं. कनाडा के इस चुनाव में मुख्य टक्कर लिबरल पार्टी और कंज़र्वेटिव पार्टी के बीच है.

    इन दो मुख्य पार्टियों के अलावा ब्लॉक क्यूबेकॉइस, एनडीपी (न्यू डेमोक्रेटिक पार्टी) और ग्रीन पार्टी भी चुनाव लड़ रही हैं.

    कनाडा की हाउस ऑफ कॉमन्स में 343 सीटें हैं.

    कनाडा के सरकारी ब्रॉडकास्टर सीबीसी (कनाडाई ब्रॉडकास्टिंग कॉरपोरेशन) न्यूज़ के मुताबिक शुरुआती रुझानों में लिबरल पार्टी 19 सीटों पर आगे चल रही है.

    छह सीटों पर बढ़त के साथ कंज़र्वेटिव पार्टी दूसरे स्थान पर है.

  5. नमस्कार!

    बीबीसी हिंदी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता सुरभि गुप्ता अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगी.

    कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें. आप कल की कुछ अहम ख़बरें भी नीचे दिए लिंक्स पर क्लिक कर पढ़ सकते हैं.