You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

नेतन्याहू ने ग़ज़ा में सैन्य अभियान तेज़ करने के फ़ैसले के समर्थन में दी ये दलील

ग़ज़ा में इसराइल के सैन्य अभियान तेज़ करने के फै़सले पर इसराइली प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू ने अपना पक्ष रखा है.

सारांश

लाइव कवरेज

आनंद मणि त्रिपाठी और सौरभ यादव

  1. सीआईए अधिकारी के बेटे को पुतिन ने दिया सोवियत काल का यह अवॉर्ड

    रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने अमेरिकी ख़ुफ़िया एजेंसी सीआईए के एक अधिकारी के बेटे को मरणोपरांत ‘ऑर्डर ऑफ़ लेनिन’ अवॉर्ड से सम्मानित किया है.

    राष्ट्रप​ति पुतिन ने यह अवॉर्ड अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के विशेष दूत स्टीव विटकॉफ़ को सौंपा है.

    इस सीआईए अधिकारी के बेटे की यूक्रेन में रूस की तरफ़ से लड़ते हुए मौत हो गई थी.

    ट्रंप के विशेष दूत स्टीव विटकॉफ़ ने इस हफ़्ते की शुरुआत में यूक्रेन युद्ध को समाप्त करने की योजना को लेकर राष्ट्रपति पुतिन से मुलाक़ात की थी.

    इसी दौरान उन्हें यह अवॉर्ड सौंपा गया.

    सीआईए में डिजिटल इनोवेशन के उप-निदेशक जूलियन गैलिना के 21 वर्षीय पुत्र माइकल ग्लॉस की पिछले साल यूक्रेन में मौत हुई थी.

    यह ख़बर ऐसे समय आई है, जब अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप 15 अगस्त को रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से अलास्का में शिखर बैठक करने जा रहे हैं.

    हालांकि रूस ने ग्लॉस को मरणोपरांत यह अवॉर्ड देने की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है.

    ‘ऑर्डर ऑफ़ लेनिन’ सोवियत काल का उत्कृष्ट नागरिक सेवा के लिए दिया जाने वाला अवॉर्ड है.

  2. इसराइल की ग़ज़ा सिटी योजना के ख़िलाफ़ तुर्की की मुस्लिम देशों से अपील

    तुर्की के विदेश मंत्री हकान फ़िदान ने इसराइल की ग़ज़ा सिटी को नियंत्रण में लेने की योजना के ख़िलाफ़ मुस्लिम राष्ट्रों से एकजुटता की अपील की है.

    समाचार एजेंसी रॉयटर्स के मुताबिक़, शनिवार को मिस्र में वार्ता के बाद फ़िदान ने कहा कि इसराइल की योजना का अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विरोध किया जाना चाहिए.

    मिस्र और तुर्की दोनों ने शुक्रवार को इसराइल की ग़ज़ा सिटी पर नियंत्रण की योजना की निंदा की थी.

    अंकारा ने इसे इसराइल की 'नरसंहारकारी और विस्तारवादी नीतियों का नया दौर' बताते हुए इसे रोकने के लिए वैश्विक स्तर पर क़दम उठाने की आवश्यकता पर ज़ोर दिया.

    इसराइल की सुरक्षा कैबिनेट ने शुक्रवार को ग़ज़ा सिटी पर नियंत्रण की योजना को मंज़ूरी दी थी और इस पर अमल करने के लिए पांच सिद्धांत तय किए थे.

    इसराइली सेना ने कहा था कि वह ग़ज़ा सिटी पर नियंत्रण और युद्ध समाप्त करने के लिए इन्हीं सिद्धांतों के तहत काम करेगी.

  3. पुतिन के साथ बातचीत से पहले अमेरिका और ब्रिटेन की यूक्रेन के साथ हुई बैठक

    अमेरिकी उप राष्ट्रपति जेडी वेंस और ब्रिटेन के विदेश मंत्री डेविड लैमी ने यूक्रेन में युद्ध पर चर्चा करने के लिए सुरक्षा अधिकारियों के साथ एक बैठक की है.

    यह बैठक शनिवार को लंदन के नज़दीक केंट में लैमी के आधिकारिक निवास पर हुई.

    इसमें यूक्रेन की राष्ट्रीय सुरक्षा और रक्षा परिषद के सचिव रुस्तम उमेरोव, ज़ेलेंस्की के कार्यालय के प्रमुख एंड्री यरमक और ब्रिटेन, अमेरिका, यूरोपीय संघ, फ्रांस, जर्मनी, इटली, फ़िनलैंड और नेटो के अधिकारी शामिल हुए.

    बताया जा रहा है कि यह बैठक अमेरिका की पहल पर बुलाई गई थी.

    इस अवसर पर यूक्रेनी अधिकारियों और यूरोप के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकारों की भी मौजूदगी थी.

    लैमी ने कहा, "यूक्रेन को ब्रिटेन का पूर्ण समर्थन है और हम न्यायपूर्ण और स्थायी शांति के लिए काम करना जारी रखेंगे."

    यह बयान ऐसे समय पर आया है जब यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की ने स्पष्ट किया है कि वह रूस को कोई क्षेत्रीय रियायत नहीं देंगे.

    ज़ेलेंस्की ने यह बात अगले सप्ताह अलास्का में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के बीच होने वाली शिखर वार्ता से पहले कही है.

  4. नमस्कार!

    बीबीसी हिंदी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है.

    मैं बीबीसी संवाददाता आनंद मणि त्रिपाठी अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.

    कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    हमारे होम पेज पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.