You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

बहराइच में अपने छह साल के बच्चे को बचाने के लिए तेंदुए से भिड़ी मां

गुरुवार सुबह तेंदुआ बच्चे को पास के गन्ने के खेत में घसीटकर ले जाने की कोशिश कर रहा था, तभी बच्चे की मां तेंदुए से भिड़ गईं.

सारांश

लाइव कवरेज

अरशद मिसाल, दीपक मंडल

  1. ट्रंप ने कहा, 'नेतन्याहू के साथ इसराइल में अच्छा बरताव नहीं हो रहा है'

    इसराइल के प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू के बारे में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा, "वो वही करेंगे जो मैं चाहूंगा."

    डोनाल्ड ट्रंप ने यह बयान अमेरिका-ईरान तनाव और संभावित सैन्य कार्रवाई के संदर्भ में दिया.

    ट्रंप से पत्रकारों ने पूछा था कि उन्होंने इसराइल के प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू से ईरान पर हमले और आगे की रणनीति को लेकर क्या बात की है.

    इसी के जवाब में ट्रंप ने कहा, "वो वही करेंगे जो मैं चाहूंगा. वो बहुत अच्छे इंसान हैं. मेरी राय में इसराइल में उनके साथ सही व्यवहार नहीं हो रहा है. इस समय इसराइल में मेरी लोकप्रियता 99 फीसदी है. मैं वहां प्रधानमंत्री पद का चुनाव भी लड़ सकता हूं."

    रिपोर्ट्स के मुताबिक, ट्रंप और नेतन्याहू के बीच ईरान को लेकर लंबी बातचीत हुई थी. उस समय अमेरिका और ईरान के बीच तनाव कम करने और बातचीत आगे बढ़ाने की कोशिशें चल रही थीं, जबकि इसराइल ईरान के खिलाफ सख्त रुख बनाए हुए था.

  2. इटली की पीएम मेलोनी ने इस वीडियो पर क्यों जताई नाराज़गी

    इटली की प्रधानमंत्री जियोर्जिया मेलोनी ने इसराइल के राष्ट्रीय सुरक्षा मंत्री इतामार बेन-ग्विर की ओर से पोस्ट किए गए वीडियो की कड़ी आलोचना की है.

    उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा, ''इसराइली मंत्री बेन ग्विर की ओर से शेयर की गई तस्वीरें नामंजूर हैं. यह बिल्कुल भी मंजूर नहीं किया जा सकता कि इन प्रदर्शनकारियों, जिनमें कई इतालवी नागरिक भी शामिल हैं, के साथ ऐसा व्यवहार किया जाए. ये मानवीय गरिमा का उल्लंघन है.''

    ''इटली सरकार इसमें शामिल इतालवी नागरिकों की तत्काल रिहाई सुनिश्चित करने के लिए सर्वोच्च स्तर पर सभी जरूरी कदम उठा रही है.''

    ''इटली इन प्रदर्शनकारियों के साथ किए गए व्यवहार और इटली सरकार की स्पष्ट मांगों की पूरी तरह अनदेखी किए जाने पर माफ़ी की भी मांग करता है. इसी कारण विदेश और अंतरराष्ट्रीय सहयोग मंत्रालय इस पूरे मामले पर औपचारिक स्पष्टीकरण मांगने के लिए तुरंत इसराइल के राजदूत को तलब करेगा.''

    इसराइल के दक्षिणपंथी राष्ट्रीय सुरक्षा मंत्री इतामार बेन-ग्विर ने एक वीडियो पोस्ट किया है जिसमें वो हथकड़ी पहने और घुटनों के बल बैठे कार्यकर्ताओं का मज़ाक उड़ाते दिखाई दे रहे हैं.

    इसराइल की नौसेना ने ग़ज़ा की ओर राहत सामग्री ले जा रही नावों के काफ़िले (फ़्लोटिला) में सवार फ़लस्तीन समर्थक कार्यकर्ताओं के साथ जो बरताव किया उसकी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आलोचना हो रही है.

  3. पश्चिम बंगाल की फाल्टा विधानसभा सीट पर वोटिंग शुरू, चुनाव आयोग ने दिए थे पुनर्मतदान के आदेश

    पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दौरान फाल्टा सीट पर अनियमितताओं की रिपोर्ट के बाद यहां 21 मई को दोबारा चुनाव कराने का आदेश दिए गए थे. इस सीट के लिए डाले जा रहे वोटों की गिनती 24 मई को होगी.

    हाल में ये सीट चर्चा में रही है क्योंकि पुनर्मतदान से दो दिन पहले तृणमूल कांग्रेस के उम्मीदवार जहांगीर खान चुनावी प्रक्रिया से हट गए थे.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़, उनकी इस घोषणा पर राज्य के नए मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने कहा है कि जहांगीर ख़ान भाग गए हैं क्योंकि उन्हें कोई पोलिंग एजेंट नहीं मिल रहा है.

    वहीं जहांगीर ख़ान के पीछे हटने पर टीएमसी ने कहा था कि यह उनका निजी फ़ैसला है, यह पार्टी का फ़ैसला नहीं है.

    पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव दो चरणों में 23 और 29 अप्रैल को हुए थे और चार मई को परिणाम आए थे. दूसरे चरण के मतदान के दौरान फाल्टा सीट पर भी मतदान हुआ था.

    हालांकि, चुनाव आयोग ने इस सीट के सभी 285 मतदान केंद्रों पर अनियमितताएं पाईं थी और उसके बाद 21 मई को दोबारा मतदान कराने की की घोषणा की थी

    4 मई को आए चुनाव परिणामों में बीजेपी ने 207 सीटें और टीएमसी ने 80 सीटें जीती थीं. इसके बाद शुभेंदु अधिकारी ने राज्य में बीजेपी के पहले मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली थी.

  4. तेल और गैस की कमी की ख़बरों पर हिन्दुस्तान पेट्रोलियम ने क्या कहा

    देश की प्रमुख तेल कंपनियों में से एक हिन्दुस्तान पेट्रोलियम कॉरपोरेशन लिमिटेड (एचपीसीएल) ने उन रिपोर्टों को ख़ारिज किया है, जिनमें तेल और गैस की कमी की बात की गई है.

    इसके साथ उसने ये भी कहा है कि देश भर में इसके रिटेल नेटवर्क में सप्लाई को लेकर कोई दिक्कत नहीं है.

    कंपनी ने कहा है कि इसका ऑपरेशन सामान्य है. कंपनी का काम बगैर किसी अड़चन के चल रहा है.

    ईरान संकट की वजह से देश में तेल और गैस की सप्लाई में कमी आई है. देश के कई इलाकों में लोग गैस की कमी का सामना कर रहे हैं.

    हालांकि एचपीसीएल ने कहा है कि ईंधन की कमी से जुड़ी ख़बरें गुमराह करने वाली हैं. जैसा संकट बताया जा रहा है, वैसा कुछ भी नहीं है.

    कंपनी ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा, ''एचपीसीएल यह स्पष्ट करना चाहती है कि ईंधन की कमी और आपूर्ति बाधित होने संबंधी रिपोर्टें भ्रामक हैं और वास्तविक स्थिति को प्रतिबिंबित नहीं करती हैं.''

    ''एचपीसीएल के रिटेल आउटलेट्स पर ईंधन आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है और नियमित रीप्लेनिशमेंट और निर्बाध संचालन सुनिश्चित किया जा रहा है.''

    ''कुछ स्थानों पर ग्राहकों की संख्या और कतारों में अस्थायी वृद्धि मुख्यतः मई माह के दौरान मौसमी मांग बढ़ने के कारण है. इसके अतिरिक्त, कई ग्राहक एचपीसीएल रिटेल आउटलेट्स को प्राथमिकता दे रहे हैं क्योंकि कुछ निजी रिटेल आउटलेट्स पर ईंधन अपेक्षाकृत अधिक कीमत पर बेचा जा रहा है.''

  5. ट्रंप सरकार ने लगाया क्यूबा के नेता राउल कास्त्रो पर अमेरिकी नागरिकों की हत्या का आरोप, कायला एपस्टीन, सिसिलिया बारिया और पास्कल फ़्लेचर

    अमेरिका ने क्यूबा के नेता राउल कास्त्रो पर 1996 में दो विमानों को गिराने और अमेरिकी नागरिकों की हत्या की साजिश रचने समेत कई गंभीर आरोप लगाए हैं.

    अमेरिकी न्याय विभाग ने बुधवार को पेश किए गए मामले में कहा कि कास्त्रो और पांच अन्य लोगों ने क्यूबा-अमेरिकी संगठन ब्रदर्स टु द रेस्क्यू के दो विमानों को गिराने में भूमिका निभाई थी.

    इस घटना में चार लोगों की मौत हुई थी, जिनमें तीन अमेरिकी नागरिक शामिल थे.कास्त्रो फ़

    94 साल के कास्त्रो उस समय क्यूबा की सेना के प्रमुख थे.

    विमान गिराए जाने की इस घटना की अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कड़ी आलोचना हुई थी.

    अमेरिका की ओर से क्यूबा की कम्युनिस्ट सरकार पर दबाव बढ़ाने के बीच क्यूबा के राष्ट्रपति मिएल दिएस-कनेल ने इन आरोपों को ''राजनीतिक चाल'' बताया''.

    उन्होंने कहा कि इनका कोई कानूनी आधार नहीं है.

    मयामी के फ्रीडम टॉवर में बोलते हुए अमेरिकी कार्यवाहक अटॉर्नी जनरल टोड ब्लांश ने कहा कि राउल कास्त्रो पर विमान नष्ट करने और चार अलग-अलग हत्या के आरोप भी लगाए जाएंगे.

    मारे गए लोगों में आर्मांडो अलेजांद्रे जूनियर, कार्लोस अल्बर्टो कोस्टा, मारियो मैनुअल डे ला पेना और पाब्लो मोरालेस शामिल थे.

    ब्लांश ने कहा, ''अमेरिका और राष्ट्रपति ट्रंप अपने नागरिकों को भूलते नहीं हैं और न भूलेंगे.''

    इन आरोपों पर अमेरिकी अदालत में सुनवाई होगी. कुछ आरोपों में उम्रकैद तक की सजा हो सकती है, जबकि हत्या के आरोपों में अधिकतम सजा मौत या आजीवन कारावास है.

    यह मामला ऐसे समय सामने आया है जब अमेरिका क्यूबा की एकदलीय कम्युनिस्ट व्यवस्था पर राजनीतिक और आर्थिक सुधारों के लिए दबाव बढ़ा रहा है.

  6. नमस्कार!

    बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता दीपक मंडल अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.

    कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    बीबीसी हिन्दी की वेबसाइट पर अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए उनके साथ दिए लिंक पर क्लिक करें.

    राहुल गांधी ने पीएम मोदी, अमित शाह और आरएसएस को कहा- 'ग़द्दार', बीजेपी ने बताया 140 करोड़ जनता का 'अपमान'

    पश्चिम बंगाल: जहाँगीर ख़ान मामले को टीएमसी के बड़े संकट के तौर पर क्यों देखा जा रहा है?