झारखंड पुलिस ने झारखंड के बोकारो जिले में पुलिस और सीआरपीएफ की संयुक्त कार्रवाई में 8 संदिग्ध माओवादियों के मारे जाने का दावा किया है.
दरअसल, रविवार 20 अप्रैल को सीआरपीएफ की कोबरा 209 यूनिट और राज्य पुलिस बल की झारखंड जगुआर टीम माओवादियों की मौजूदगी की सूचना पर अभियान के लिए निकली थी.
झारखंड पुलिस और सीआरपीएफ को ख़ुफ़िया सूचना मिली थी कि लुगु पहाड़ी इलाके में नक्सलियों का एक समूह बड़ी घटना को अंजाम देने की योजना बना रहा है. इसके बाद एक विशेष टीम का गठन कर इस क्षेत्र में सर्च अभियान शुरू किया गया.
झारखंड पुलिस के इंस्पेक्टर जनरल अमोल विनुकांत होमकर ने बीबीसी हिंदी को बताया कि, “हमारी संयुक्त टीमें आज सुबह जब माओवादियों के मूवमेंट की जानकारी पर बोकारो के जंगलों में पहुंची तो माओवादियों ने उन पर हमला बोल दिया. जवाबी कार्रवाई में अब तक 8 माओवादियों को मार गिराया गया है. जंगल में अभी भी कई जगहों पर रुक रुक कर माओवादियों और पुलिस के बीच गोलीबारी जारी है”.
यह मुठभेड़ सोमवार को सुबह 5:30 बजे बोकारो के जगेश्वर विहार थाना क्षेत्र में लालपनिया स्थित लुगु पहाड़ी पर हुई.
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, मारे गए माओवादियों के पास से एके 47, इंसास राइफल समेत और भी हथियार भारी मात्रा में बरामद किए गए हैं.
पुलिस के उच्चाधिकारी ने बीबीसी को बताया कि सुरक्षाबलों को सीपीई (माओवादी) संगठन के कोर कमेटी के सदस्य प्रयाग मांझी उर्फ विवेक, जिन पर एक करोड़ का इनाम घोषित है. उनके बोकारो के जंगलों में मौजूद होने की ख़बर मिली थी.
पुलिस अधिकारी ने बीबीसी से कहा, “इसी सूचना पर कल एक संयुक्त अभियान चलाया गया था. अब तक की सूचना में मारे गए माओवादियों में एक करोड़ रुपये का इनामी माओवादी विवेक, विशेष क्षेत्र समिति (एसएसी) सदस्य साहेब राम मांझी और 10 लाख के इनामी माओवादी अरविंद यादव शामिल हैं.”